झारखंड

View All
Published / 2024-03-18 20:42:29
चांडिल : तेज रफ्तार ने बुझा दिये चार घरों के चिराग

झारखंड के चांडिल में सड़क हादसा, कार सवार चार लोगों की मौत

एबीएन न्यूज नेटवर्क, चांडिल। सरायकेला खरसावां जिले में सोमवार को सड़क हादसा हो गया। इसमें चार लोगों की मौत हो गयी है। जानकारी के अनुसार सभी मृतक जमशेदपुर के बताये जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा मोड़ के पास रोड एक्सीडेंट हुआ। इसमें चार लोगों की मौत हो गयी है। ये हादसा एनएच-33 पर हुआ है। 

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कार से बाहर निकाला। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना अंतर्गत टाटा-रांची मुख्य मार्ग एनएच-33 कांदरबेड़ा के पास सोमवार की शाम करीब 4 बजे सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकराकर अनियंत्रित हो गयी और पलट गयी। 

कार सवार चार लोगों की हादसे में मौत हो गयी। इसमें कार के परखच्चे उड़ गए हैं। चारों मृतक जमशेदपुर के बताये जा रहे हैं। घटना के बाद स्थानीय लोग पहुंचे और इसकी सूचना चांडिल पुलिस को दी। मौके पर पहुंची चांडिल पुलिस ने क्रेन की मदद से चारों युवकों के शवों को बाहर निकाला। शवों की पहचान की जा रही है।

Published / 2024-03-18 20:38:39
जेसीआई यूथ ने करायी स्कूल में शुद्ध पेयजल के साथ मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था

टीम एबीएन, रांची। जेसीआई यूथ ने बर्दवान कंपाउंड स्थित डीएवी बुद्धा स्कूल में मूलभूत सुविधा का उद्घाटन राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ईशान अग्रवाल ने किया। जेसीआई यूथ की अध्यक्ष सोनल अग्रवाल ने बताया कि स्कूल एक ऐसी जगह है, जहां बच्चों का सामाजिक विकास तेजी से होता है। 

हमउम्र बच्चों के साथ वे घुल-मिलकर चीजों को बेहतर तरीके से समझते हैं। वैसे तो समाजीकरण के मामले में घर को सबसे बड़ा स्कूल माना जाता है और पिछले कई वर्षों से हमारी संस्था के सदस्य स्कूल की देखभाल बहुत तन मन और धन से सेवा करती आ रही हैं। 

उन्होंने बताया कि स्कूल के बच्चों शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की गयी। स्कूल में लगभग 100 बच्चे पढ़ाई करते हैं। स्कूल मे विद्यार्थियों के बीच कापी पेंसिल और जरूरतों की वस्तु बांटी गयी। स्कूल मे रंगारंग कार्यक्रम के साथ तरह तरह के प्रतियोगिताएं करायी गयीं। बच्चे बहुत  उत्साहित दिख रहे थे। 

कार्यक्रम को सफल बनाने मे संस्था की अध्यक्ष सोनल अग्रवाल सचिव ऋचा जालान, मीडिया प्रभारी मोनिका गोएनका, पूर्व अध्यक्ष प्रतीक बदानी सदस्य प्रवीण कुमार, हर्ष सिंघानिया, गुणीत सिंह जेसीआई के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ईशान अग्रवाल, जोन अध्यक्ष वसुंधरा सिंह, जोन उपाध्यक्ष देवेश नागौरी, जोन डायरेक्टर मैनेजमेंट विशाल धोना उपस्थित थे।

Published / 2024-03-18 17:35:38
कोडरमा : वैश्य हलवाई महासभा ने किया होली मिलन सह सम्मान समारोह

टीम एबीएन, कोडरमा। कान्य-कुब्ज वैश्य हलवाई महासमा के तत्वधान में होली मिलन सह सम्मान समारोह का आयोजन पीजी विराज होटल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कान्य कब्ज वैश्य हलवाई महास‌भा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता, विशिष्ट अतिथि पूर्व जिप अध्यक्ष शालिनी गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। 

मौके पर झारखण्ड प्रदेश कान्यकुब्ज वैश्य समाज के महामंत्री दीनानाथ प्रसाद गुप्ता, गया की जिला परिषद अध्यक्ष नैना कुमारी भी उपस्थित थी। कार्यक्रम में सर्वप्रथम सभी सदस्यों ने एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। 

वहीं शैक्षणिक सत्र 2021-22 एवं 2022-23 में कक्षा 10 वीं एवं 12 वीं में 80% अंक से अधिक प्राप्त करने वाले मेघावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। समाज के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पर सतरंगी छटा बिखेरी। मौके पर मुख्य अतिथि डॉ राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता ने कहा कि हलवाई समाज की उत्थान उत्तरोतर बढ़ रहा है। इसे और बढ़ाने के लिए आपसी एकजुटता जरूरी है। 

उन्होंने होली की बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन से समाज में जहां एकजुटता दिखाई पड़ती है। वहीं बच्चे अपनी प्रतिभा को उजागर करते हैं। पूर्व जिप अध्यक्ष शालिनी गुप्ता ने कहा कि रंगो का पर्व होली जहां सारे गीले सिकवे भूलने व आपसी एकता का संदेश देता है, तो होली मिलन आपस में सौहार्द व भाईचारा का संगम दिखता है। 

मौके पर विनोद गुप्ता, संजीत साहा, विनोद प्रसाद गुप्ता, अमर गुप्ता, रणजीत गुप्ता, चंदन गुप्ता, विपिन गुप्ता, शशि गुप्ता, अनिल गुप्ता, कुणाल गुप्ता, ईशा गुप्ता, आशिष गुप्ता, मोनू गुप्ता, आकाश गुप्ता, मिक्कू गुप्ता, बिट्टू गुप्ता, प्रभु गुप्ता, मनिष गुप्ता, प्रिंस गुप्ता, संजय  गुप्ता आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का स‌मापन डॉ निरज साहा ने धन्यवाद ज्ञापन कर किया।

Published / 2024-03-18 17:23:18
जेपीएससी और जेएसएससी प्रश्न पत्र लीक का भंडाफोड़ करे राज्य सरकार : बंधु तिर्की

आपराधिक साजिश और लाखों छात्रों के भविष्य की हत्या का प्रयास है यह

अपराधी तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की कांग्रेस नेता की मांग

टीम एबीएन, रांची। पूर्व मंत्री, झारखण्ड सरकार की समन्वय समिति के सदस्य एवं झारखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कहा है कि झारखण्ड में अनेक परीक्षा केन्द्रो में तथाकथित रूप से झारखण्ड लोक सेवा आयोग की प्रतियोगिता परीक्षा के प्रश्न पत्र लीक की घटना या फिर ऐसी खबरें पूरी तरीके से एक सुनियोजित आपराधिक साजिश है।

आज अपने आवास पर संवाददाता सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए श्री तिर्की ने कहा कि कुछ सप्ताह पूर्व भी जेएसएससी का प्रश्नपत्र लीक हुआ था और उस मामले पर भी सरकार तेजी से कार्रवाई करते हुए अपराधियों की जल्द गिरफ़्तारी सुनिश्चित करे। श्री तिर्की ने कहा कि ऐसी घटनाओं से एक ओर, झारखण्ड के लाखों छात्र-छात्राओं, युवाओं का भविष्य बर्बाद करने की साज़िश होती है वहीं दूसरी ओर झारखण्ड की छवि भी धूमिल हो रही है। 

वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने सरकार से मांग की है कि यदि यह मामला सच है तो इसकी गहन जांच कर दोषी अपराधी तत्वों के विरुद्ध वह सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो साथ ही ऐसी साज़िश रचनेवालों के चेहरे से नक़ाब हटाने की भी जरूरत है।

श्री तिर्की ने कहा कि हर हाल में ब्लैकलिस्टेड शंकंपनियों को परीक्षा की सम्पूर्ण प्रक्रिया से अलग रखा जाना चाहिये क्योंकि वैसे संगठनों को जिम्मेदारी देना अपने-आप में दुर्भाग्यपूर्ण होगा और इस मामले में सरकार को किसी भी हाल में किसी के प्रति भी कोई रियायत नहीं बरतनी चाहिये।

श्री तिर्की ने कहा कि झारखण्ड में मौलिक रूप से कभी भी यह संस्कृति नहीं रही कि प्रश्न पत्र लीक जैसी घटनायें हो। इसके अतिरिक्त ऐसी किसी भी घटना में यहां के आदिवासियों-मूलवासियों का हाथ नहीं होता। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं की पृष्ठभूमि में जो भी मामला जांच के उपरांत पकड़ में आता है उसकी जड़ में कहीं-ना-कहीं, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान जैसे दूसरे प्रदेशों के दागी, अपराधी, अवांछित तत्वों का ही हाथ होता है। 

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता परीक्षा का क्वेश्चन लीक, बिहार-यूपी आदि की संपूर्ण बहाली प्रक्रिया का एक हिस्सा बन गया है जिसमें उन्हीं राज्यों के तत्व शामिल होते हैं और अब वैसे ही लोग झारखण्ड में भी अपनी जड़ जमा चुके हैं और यहां अपनी कारस्तानियों को अंजाम दे रहे हैं।

श्री तिर्की ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और उसके नेता केवल अपने स्वार्थ में अंधे होकर झारखण्ड में झूठा नैरेटिव गढ़ने का काम कर रहे हैं और वे वैसे नकारात्मक तत्वों के साथ या तो मिले हुए हैं या फिर उनकी भी मिलीभगत है। सरकार को इस मामले में भी जांच करनी चाहिए। कांग्रेस नेता ने कहा कि राज्य के युवाओं के प्रति भाजपा का रवैया कभी भी सकारात्मक नहीं रहा है और भारतीय जनता पार्टी और उसके नेता झारखण्ड की एक वैसी छवि बनाना चाहते हैं कि यहां कांग्रेस और गठबंधन सरकार बेहतर शासन व्यवस्था नहीं दे सकती। 

दूसरी ओर यहां के जनजातीय समाज की छवि खराब करने की भी यह गहरी साज़िश है जो दुर्भाग्यपूर्ण है और न केवल कांग्रेस बल्कि संपूर्ण गठबंधन सरकार भाजपा और उसके नेताओं की इस चाल को किसी भी हाल में, कभी भी सफल नहीं होने देगी।

श्री तिर्की ने कहा कि निष्पक्ष प्रतियोगिता परीक्षा के आयोजन के संदर्भ में झारखण्ड विधानसभा से पारित विधेयक को जल्द-से-जल्द लागू करने की दिशा में राज्य सरकार तुरंत कार्रवाई करे ताकि ऐसी किसी भी अवांछित घटना पर वैधानिक रूप से रोक लगायी जा सके।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और हमारे नेता राहुल गांधी ने अनेक अवसरों पर कहा है कि केन्द्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने के बाद पूरी निष्पक्षता के साथ प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन किया जायेगा और लाखों छात्र-छात्राओं और युवाओं के भविष्य की रक्षा करते हुए प्रश्न पत्र लीक की प्रवृत्ति पर सख़्ती से अंकुश लगाने का प्रावधान करते हुए कदम उठाया जायेगा।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सरकार की प्रशासनिक मशीनरी में भी वैसे बहुत सारे लोग हैं जो प्रतियोगिता परीक्षा के बाद चयनित और नियुक्ति के बाद आने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के बलबूते सरकार के कार्यक्रमों एवं उसकी योजनाओं को अमली जामा पहनाने की बजाय इस बात का प्रयास करते हैं कि वैसी नियुक्ति प्रक्रिया भले ही लंबित रहे या न हो। 

लेकिन अनुबंध के आधार पर वे अपने मन के अनुसार वैसे कर्मियों की अस्थायी आनुबंधिक नियुक्त करें जिससे मौके का फायदा उठाया जाये और समय देखकर स्थाई कर दिया जाये। श्री तिर्की ने जोर देकर कहा कि यह प्रवृत्ति झारखण्ड के साथ ही युवाओं के लिये भी खतरनाक है।

श्री तिर्की ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और आजसू के नेता क्वेश्चन लीक जैसे बेहद गंभीर और संवेदनशील मुद्दे का दुरुपयोग अपनी राजनीति को चमकाने के लिए कर रहे हैं और उन्हें अपने गिरेबान में झांककर झारखण्ड के छात्र-छात्राओं एवं युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए कुछ भी कहने से पहले गंभीरता के साथ सोचना चाहिये।
श्री तिर्की ने कहा कि ऐसी घटनाओं की फेहरिस्त में यह पहली बार नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि अनेक तत्वों की यह कोशिश रहती है कि सरकार के द्वारा यहां किसी भी परीक्षा का आयोजन ही नहीं किया जाये। 

नियुक्ति और परीक्षा आयोजन का सरकार पुरजोर प्रयास करती भी है तो वैसे ही लोग इस बात की साज़िश रचते हैं कि सम्पूर्ण प्रक्रिया में कोई ऐसी तकनीकी त्रुटि हो जिसे आधार बनाकर वे अदालत के माध्यम से संपूर्ण परीक्षा प्रक्रिया पर ही रोक लगा दें। उसके बाद फिर पैसा लेकर बहाली, सिंडिकेट की कारस्तानी, क्वेश्चन लीक जैसी बातें आती है और ऐसी घटनाएं अब एक प्रवृत्ति बन गयी है जो न केवल खतरनाक बल्कि दुर्भाग्यपूर्ण भी है।

श्री तिर्की ने सरकार से मांग की कि राज्य सरकार इस मामले में गहन जांच का आदेश दे और कड़ी कार्रवाई करें क्योंकि इससे ज़्यादा प्राथमिकता का काम कोई भी नहीं है। साथ ही वैसे अपराधी और दोषी तत्वों के प्रति भी कोई रियायत न बरती जाये भले ही वह कितना भी प्रभावशाली क्यों ना हो।

Published / 2024-03-17 22:20:24
अखिल भारतीय दसनाम गोस्वामी समाज, झारखंड ने किया भव्य होली मिलन समारोह

टीम एबीएन, रांची। अखिल भारतीय दसनाम गोस्वामी समाज, झारखंड का होली मिलन समारोह रविवार को कडरू स्थित शिव मंदिर के प्रांगण में आयोजित किया गया। होली मिलन समारोह में बड़ी संख्या में समाज के लोग सपरिवार शामिल हुए। समाज की महिलाओं एवं युवतियों की संख्या उत्साहित करने वाली थी।

अखिल भारतीय दसनाम गोस्वामी समाज, झारखंड के प्रदेश महासचिव एसएन भारती ने  मिलन समारोह को संबोधित करते हूं कहां कि किसी भी समाज के विकास के लिए एकजुटता सबसे महत्वपूर्ण है। जिस किसी भी समाज के लोग बिखरे हैं तो उस समाज का विकास तो असंभव है ही, समाज को हाशिये पर खड़े रहने पर विवश रहना पड़ेगा।

समाज के विकास के लिए चलाई जाने वाली गतिविधियों में महिलाओं एवं युवतियों के रूचि लेने एवं बढ़-चढ़कर भाग लेने पर प्रसन्नता व्यक्त की। महासचिव एसएन भारती ने कहा कि किसी भी घर या परिवार की तरह किसी भी समाज को संवारने में मातृशक्ति की सबसे अहम भूमिका होती है।

होली मिलन समारोह का संचालन करते हुए अध्यक्ष महेंद्र गिरि ने भी एकजुटता बनाये रखने पर जोर दिया। मिलन समारोह में रांची जिले के ग्राम्य अंचलों के अलावा अन्य जिलों से आए प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। उपाध्यक्ष राजकुमार गिरि ने सभी का स्वागत किया। 

रांची जिला अध्यक्ष कमलेश गिरि के अलावा दामोदर गिरि अरविंद गिरि ,बीरेंद्र गिरि, सतीश गिरि, शिव कुमार गिरि, भूषण भारती, प्रदीप गिरि, कृष्णा गिरि, अंत्येश गिरि, विजय पूरी, नन्द किशोर गिरि डा सुधीर गिरि सहित कई पदाधिकारियों ने अपने -अपने विचार व्यक्त किये।

Published / 2024-03-17 19:49:42
251 श्याम भक्तों ने किया ध्वजा निशान श्री श्याम प्रभु को अर्पित

  • डोरी खींच के राखिजे, यो हे बाबा को निशान, पैदल चालणिये के सागे, चाले बाबो श्याम

टीम एबीएन, रांची। श्री श्याम ध्वजा पद यात्रा समिति, रांची के तत्वाधान में आज रविवार को नेवरी, विकास से निज मंदिर खाटू श्याम जी, हरमू रोड के लिए श्री श्याम ध्वजा पद यात्रा बड़े ही धूमधाम से संपन्न हुई। यात्रा प्रातः 8 बजे नेवरी स्थित दुर्गा मंदिर में ध्वजा पूजन के साथ प्रारम्भ हुई। यात्रा में सर्वप्रथम रामगढ़ से आयी हुई मशहूर ताशा पार्टी  मार्ग में लोगों को झुमा रही थी। 

यात्रा का विशेष आकर्षण रामलला की अद्भुत प्रतिमा लोगों को बरबस ही अपनी ओर आकर्षित कर रही थी। कोलकाता से आए भजन गायक गणेश चौरसिया बाबा श्याम के प्रिय माह  फाल्गुन के धमाल भजन सुनाकर ध्वजा धारियों को झुमा रहे थे। 251 ध्वजा धारी महिलाएं एवं पुरूष पारंपरिक वेशभूषा में बाबा की धवजा अपने कांधे पर उठाकर नाचते झूमते हुए 17 किलोमीटर की इस यात्रा में शामिल हो कर अपने आप में बाबा की कृपा का अनुभव कर रहे थे। 

खाटू धाम की परंपरा के अनुसार 17 किलोमीटर की इस अनुपम यात्रा के स्वागत के लिए पूरे रास्ते में कदम कदम पर  श्याम प्रेमी भक्त पलक पावडे बिछाए हुए थे। सबसे अंत में दिव्य रथ में विराजमान श्री श्याम प्रभु की मनोहरी छवि की झांकी के अद्भुत दर्शन कर भक्त भाव विभोर हो रहे थे एवं अपने आपको धन्य महसूस कर रहे थे। यात्रा के मध्य में यात्रियों की सुविधा के लिए बूटी मोड़ के पास साहूं परिवार की और से अल्पाहार एवं करमटोली स्थित शिवांश हाइट्स में भोजन  प्रसादी की सुंदर  व्यवस्था एक श्याम भक्त परिवार के द्वारा की गई थी। 

नगर की विभिन्न प्रसिद्ध संस्थाओं यथा अग्रवाल सभा, मारवाड़ी सहायक समिति, गो सेवा समिति, अग्रवाल युवा सभा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ इत्यादि द्वारा मार्ग में यात्रियों के लिए पेय जल, डाब पानी, चाय, बिस्किट, टॉफी, छाछ इत्यादि की व्यवस्था की गई थी। यात्रा में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, रांची के लोकप्रिय सांसद  संजय सेठ, विधायक  सी पी सिंह, कांके विधायक  समरी लाल, पूर्व उप महापौर संजीव विजयवर्गीय एवं बीजेपी नेता रमेश सिंह भी शामिल हुए एवं बाबा का आशीर्वाद लिया। 

अपर बाजार में यात्रा के प्रवेश करने के बाद श्याम भक्तों का उत्साह अपने चरम पर था। शाम पांच बजे के लगभग यात्रा निज मंदिर खाटू श्याम जी, हरमू रोड पहुंची वहां पर सभी श्याम ध्वजा धारियों ने कतारबद्ध होकर बाबा को ध्वजा समर्पण की और अपनी मन्नत मांगी। ध्वजा समर्पण के साथ ही यात्रा बहुत ही आनन्द एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुई। 

उक्त जानकारी देते हुए समिति के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि यात्रा के सफल आयोजन में सर्वश्री गोपाल मुरारका, अशोक लडिया, मनोज खेतान, राजेश ढाढणिया, हरी परसरामपुरिया, ललित पोद्दार, आनंद चौधरी,  संजय सर्राफ, प्रमोद परसरामपुरिया, संजय परसरामपुरिया, रतन सिंघानिया, सूरज लोधा, प्रवीण सिंघानिया, विष्णु चौधरी, रोहित   अग्रवाल, अमित शर्मा, हेमंत जोशी, सहित अनेक कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा। समिति के गोपाल मुरारका ने सभी ध्वजा धारियों, स्वागतकर्ताओं का आभार व्यक्त किया है।

Published / 2024-03-17 18:53:59
एसआर डीएवी पुंदाग में कक्षा एकादश में नामांकन जारी

टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी.पब्लिक स्कूल, पुंदाग में एकादश वर्ग में नामांकन हेतु नामांकन फार्म विद्यालय में तथा विद्यालय के वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। नामांकन की प्रक्रिया जारी है। विज्ञान तथा वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों के नामांकन के लिए आगामी 27.3.24 को प्रातः 9 बजे नामांकन परीक्षा आयोजित की जायेगी।

ध्यातव्य है कि एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग रांची के लब्धप्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में से एक है, जहां सीबीएसई के द्वारा जारी दिशानिर्देशों के अनुसार आधुनिक तकनीकों का प्रयोग करते हुए मूल्य आधारित शिक्षा व सुसंस्कार दिया जाता है।

विद्यालय के दसवीं तथा बारहवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम हर वर्ष शत-प्रतिशत होते हैं। विद्यार्थियों की संख्या सीमित रखी जाती है, ताकि प्रत्येक विद्यार्थी पर ध्यान दिया जा सके। जेईई, नीट तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में भी विद्यालय के विद्यार्थियों का प्रदर्शन शानदार रहता है।

Published / 2024-03-17 18:48:06
11 मार्च को उमेदंडा में हुए प्रतिमा क्षतिग्रस्त कांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

टीम एबीएन, रांची। बुढ़मू थाना क्षेत्र के उमेदंडा में  11 मार्च को तीन मंदिरों में हुए प्रतिमा  क्षतिग्रस्त मामले का उद्भेदन करते हुए बुढ़मू पुलिस ने घटना के पांच दिनों बाद आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी युवक का नाम गंदुरा गंझू  42 वर्ष और वह मैकलुस्कीगंज थाना क्षेत्र के हरहू गांव का रहने वाला है।

पुलिस के समक्ष अपना बयान देते हुए उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने पूछताछ करने के बाद आज उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। इधर, आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है।

पैसे की लालच में दिया घटना को अंजाम

आरोपी युवक गंदूरा शुरू से ही असामाजिक प्रवृति का होने के कारण उसके परिजन भी उससे काफी परेशान रहते थे। मंदिरों से पैसे चुराने, पैसा चुनने जैसी आदत उसकी शुरू से ही है। गांजा व शराब का आदी होकर गंदुरा मंदिर मंदिर घूमकर मंदिरो में चढ़ाये पैसे चुनना व पैसे चुराने की प्रवृति ने ही आज उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया और 11मार्च को भी उसने गंजा के नशे में पैसा चुनने के मकसद से उमेदंडा मंदिर पहुंचा। 

परंतु पैसा नहीं मिलने से अक्रोशित गंदुरा भगवान पर ही अपनी भड़ास निकालते हुए  एक एक कर तीन मंदिर के प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर चलते बना। जहां मूर्ति क्षतिग्रस्त होने की सूचना पर क्षेत्र में तनाव उत्पन हो गया था और लोगों आठ घंटे तक बुढ़मू रांची मुख्य पथ को जाम कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी कर रहे थे।

Page 620 of 1701

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse