झारखंड

View All
Published / 2024-03-20 20:53:34
वाह रे सिस्टम : दिव्यांग. निहायत ही गरीब... लेकिन नहीं मिल रहा आवास

टीम एबीएन, पलामू/ रांची। इसे सिस्टम का दोष कहें या सरकारी कर्मचारियों के काहिलपन, जिन उद्देश्यों को लेकर सरकार योजना बनाती है और उन योजनाओं को धरातल पर उतारने की जिम्मेदारी जिन सरकारी कर्मचारियों के कंधे पर होती है उसे जमीन पर उतारने की बजाय दुधारू गाय समझ दूध दुहने में लग जाते हैं। 

कुछ इसी तरह हो रहा है केंद्र की  और राज्य की महत्वाकांक्षी योजना पीएम आवास और राज्य की अबुआ आवास योजना की। मामला लेस्लीगंज प्रखंड के ग्राम जामुनडीह गांव की है जहां एक विकलांग बुजुर्ग उद्देश्वर तिवारी को आवास का लाभ नहीं मिला। कायदे से प्राथमिकता सूची में रखकर पहले मिलना चाहिए था। 

उद्देश्वर तिवारी एक हाथ से विकलांग है और निहायत गरीब है पुरखों के बनाये मिट्टी के घर (जो अब खंडर हो चुका है) में रहने को मजबूर है। आर्थिक स्थिति यह कि खंडर हो रहे घर को मरम्मत भी नही करा सकते। वैसे यह घर अब मरम्मत लायक है भी नहीं। घर कभी भी ध्वस्त हो सकता है और परिवार के साथ एक बड़ी अनहोनी घट सकती है।

क्या कहते हैं मुखिया 

इस बाबत पूछे जाने पर पंचायत के मुखिया कृष्ण कांत चौबे ने बताया कि घर की स्थिति को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर आवास का लाभ मिलना चाहिए था, हमलोग भी सरकार के गाइडलाइन से बंधे हुए हैं। राज्य सरकार के अबुआ आवास योजना में नाम भेजा हुआ है। जल्द ही आवास का लाभ मिलेगा, जबकि प्रखंड विकास पदाधिकारी सुकेशनी केरकेट्टा ने कहा कि प्राथमिकता के आधार पर आवास योजना से आवास का लाभ दिलाया जायेगा। हम आवास  योजना के को-कॉर्डिनेटर से पता करते हैं।

Published / 2024-03-19 23:19:45
भाजपा में शामिल गीता कोड़ा झारखंड सरकार के खिलाफ उगली आग

  • फिल्म डेवलपमेंट काउंसिल ऑफ झारखंड में आदिवासियों को प्रतिनिधित्व नहीं मिलने पर विवाद
  • 15 मार्च को जारी हुई थी अधिसूचना

टीम एबीएन, रांची। राज्य में सरकार की ओर से हाल में गठित फिल्म डेवलपमेंट काउंसिल ऑफ झारखंड में आदिवासियों को प्रतिनिधित्व नहीं मिलने पर विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा के साथ-साथ सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल कांग्रेस के नेताओं ने इस पर विरोध दर्ज कराया है।

हाल में भाजपा में शामिल हुईं सिंहभूम की सांसद गीता कोड़ा ने कहा कि सरकार ने फिल्म डेवलपमेंट काउंसिल ऑफ झारखंड के गठन में आदिवासी समुदाय की घोर उपेक्षा की है।

उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है- झारखंड सरकार का संथाल, हो तथा मुंडा समुदाय के साथ सौतेला व्यवहार किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। 

सरकार ने फिल्म डेवलपमेंट काउंसिल में इन तीनों समुदायों के प्रतिनिधि को शामिल नहीं कर इनकी घोर उपेक्षा की है। यदि सरकार शीघ्र ही इन समुदाय के प्रतिनिधियों को काउंसिल में शामिल नहीं करती है तो इसका घोर विरोध किया जायेगा।

रांची के मांडर की कांग्रेस विधायक शिल्पी नेहा तिर्की ने काउंसिल में आदिवासियों को प्रतिनिधित्व नहीं मिलने पर गहरी निराशा जतायी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा है कि यह चिंताजनक स्थिति है कि इसमें एक भी आदिवासी सूचीबद्ध नहीं है। 

अब इस बात पर हम कैसे यकीन कर लें कि एक भी आदिवासी प्रतिभाशाली नहीं मिला। सीएम महोदय चंपई सोरेन जी कृपया इस महत्वपूर्ण समिति में आदिवासियों का उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करें। यह संवेदना के साथ ही अस्मिता से जुड़ा सवाल है।

उल्लेखनीय है कि झारखंड सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने झारखंड की फिल्म 2016 के अंतर्गत 15 मार्च को काउंसिल के गठन की अधिसूचना जारी की है. इसमें काउंसिल में अध्यक्ष सहित 24 लोगों का मनोनयन किया गया है।

Published / 2024-03-19 21:54:34
जेपीएससी परीक्षा प्रपत्र लीक मामले की जांच के पक्ष में भाजपा-कांग्रेस

भाजपा, कांग्रेस ने जेपीएससी परीक्षा में पर्चा लीक होने के आरोपों की जांच की मांग की 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के सत्तारूढ़ गठबंधन के घटक दल कांग्रेस और विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की प्रारंभिक परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों की जांच की मांग की। 

भाजपा की झारखंड इकाई के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोमवार को राज्य के मुख्य सचिव एल खियांग्ते को पत्र लिखकर कथित पर्चा लीक मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से करवाने और रविवार को आयोजित हुई परीक्षा को रद्द करने की मांग की है। 

उन्होंने पत्र में लिखा- पिछले चार वर्षों में ऐसी कोई परीक्षा नहीं हुई है, जिसमें नकल, अनियमितता या विसंगतियां सामने नहीं आयी हैं। भाजपा के राज्यसभा सदस्य दीपक प्रकाश ने बताया कि प्रश्नपत्र लीक होने का यह कोई साधारण मामला नहीं है, बल्कि एक सुनियोजित घोटाला है। इससे पहले, हमने जेएसएससी की संयुक्त स्नातक स्तरीय (सीजीएल) परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक होने का मामला देखा है। 

इस बीच, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कहा कि राज्य सरकार को इस मामले की गहन जांच का आदेश देना चाहिए और प्राथमिकता के आधार पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि ऐसी घटनाओं से लाखों छात्रों का भविष्य बर्बाद होता है और राज्य की छवि भी खराब होती है।

सरकार को बदनाम करने के लिए अफवाह फैलायी गयी : भट्टाचार्य 

झारखंड सरकार की समन्वय समिति के सदस्य तिर्की ने कहा, भाजपा और उसके नेता झारखंड में झूठी कहानी गढ़ने की कोशिश कर रहे हैं। इसलिए सरकार को तथ्य का पता लगाने के लिए गहन जांच करनी चाहिए। 

सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने संवाददाता सम्मलेन में कहा कि सरकार को बदनाम करने के लिए अफवाह फैलायी गयी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इसका खुलासा किया जायेगा।

Published / 2024-03-19 21:43:03
झारखंड : अब भाजपा ने शुरू की गुरुजी की घरफोरी

झारखंड मुक्ति मोर्चा को बड़ा झटका, जामा विधायक सीता सोरेन ने पार्टी से दिया इस्तीफा

टीम एबीएन, रांची। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने देशभर की विभिन्न पार्टी के नेताओं को अपनी पार्टी में जोड़ने का नायाब अभियान चला रखा है। झारखंड में अब पार्टी के नेताओं ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के घर में भी घरफोरी शुरू कर दी है। झारखंड मुक्ति मोर्चा को मंगलवार को बड़ा झटका लगा। जब जामा विधायक सीता सोरेन ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। 

वह झामुमो में महासचिव के पद पर काम कर रही थी। सीता सोरेन ने पत्र लिखकर झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन को इस्तीफे की जानकारी दी है। उन्होंने कहा है कि पूर्व सीएम हेमंत सोरेन के बड़े भाई दुर्गा सोरेन ने आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाई थी, लेकिन हमारे परिवार को अब अलग-थलग कर दिया गया है। 

हमें लगा कि हमारी स्थिति सुधरेगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मेरे पति दुर्गा सोरेन ने बहुत मेहनत से पार्टी का निर्माण किया था लेकिन अब पार्टी उनलोगों के हाथ में चली गयी है, जिनके विचार पार्टी की विचारधारा से मेल नहीं खाती है। झामुमो से जामा विधायक सीता सोरेन ने इस्तीफे की बड़ी वजह बतायी अपनी उपेक्षा को बतायी है। 

उन्होंने पत्र लिखकर कहा है कि कि दुर्गा सोरेन ने आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभायी थी लेकिन हमारे परिवार को अब अलग-थलग कर दिया गया है। हमें लगा कि हमारी स्थिति सुधरेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मेरे पति दुर्गा सोरेन ने बहुत मेहनत से पार्टी का निर्माण किया था लेकिन अब पार्टी उनलोगों के हाथ में चली गयी है, जिनके विचारधारा से पार्टी से मेल नहीं खाती है। 

सीता सोरेन आगे अपने पत्र में लिखती है कि गुरुजी शिबू सोरेन ने हम सब को एकजुट रखने का भरसक प्रयास किया। लेकिन मुझे अफसोस है कि उनका प्रयास भी विफल रहा। हाल ही में मुझे अहसास हुए कि मेरे और मेरे परिवार के खिलाफ गहरी साजिश रची जा रही है। मैं अत्यंत दुखी हूं। मैंने ये दृढ़ निश्चय किया है कि मुझे झारखंड मुक्ति मोर्चा और इस परिवार को छोड़ना होगा।

Published / 2024-03-19 21:42:09
तेंदुए ने मचाया कोहराम, जानें कहां...

आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया में तेंदुए का आतंक

टीम एबीएन, जमशेदपुर। आदित्यपुर-गम्हरिया औद्योगिक क्षेत्र में बीते 3 दिनों से घूम रहा तेंदुआ अब भी वन विभाग की टीम की पकड़ में नहीं आया है। हालांकि वन विभाग की टीम पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा से एक्सपर्ट को बुलाकर पूरे क्षेत्र में रेस्क्यू आपरेशन लगातार कर रही है। इस बीच सुरक्षा को लेकर गम्हरिया स्थित केरला पब्लिक स्कूल को बंद कर दिया गया है। 

मंगलवार सुबह गम्हरिया स्थित केरला पब्लिक स्कूल प्रबंधन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर स्कूल बंद कर दिया है। स्कूल प्रबंधन द्वारा बच्चों के अभिभावक को मैसेज कर इस बात की जानकारी दी गयी है। मंगलवार सुबह काफी संख्या में स्कूल पहुंचे। 

अभिभावक अपने बच्चों को लेकर वापस घर लौट गये, इधर गम्हरिया औद्योगिक क्षेत्र स्थित इंडिगो मोटर्स में तेंदुए के घूमने का सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हुआ है। सरायकेला डीएफओ आदित्य नारायण ने बताया है कि वन विभाग की टीम मुस्तैदी के साथ क्षेत्र पर नजर रखे हुए है।

 तेंदुआ दिन में नहीं दिख रहा है, जबकि रात होने पर उसकी गतिविधि देखी जा रही है। वहीं घनी आबादी वाले औद्योगिक क्षेत्र में तेंदुए के लगातार घूमने पर लोगों में भय और आतंक का माहौल देखा जा रहा है, कई अभिभावक अपने बच्चों को घर से बाहर नहीं निकलने दे रहे हैं, जबकि कुछ कंपनियों में प्रोडक्शन कार्य पूरी तरह बंद रखा गया है। 

घायल मजदूर का इलाज जारी 

आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र फेज एक स्थित आरसीबी प्लांट 1 में रविवार सुबह 9:29 पर तेंदुए की सूचना मिलने के बाद पूरे सरायकेला जिले में हड़कंप मचा हुआ है। इस कंपनी के मजदूर स्वरूप मिश्रा पर तेंदुए द्वारा हमला किए जाने के बाद उसे आदित्यपुर के निजी नर्सिंग होम में प्राथमिक उपचार के बाद ओडिशा के कटक में बेहतर इलाज के लिए भर्ती करा दिया गया है। 

हालांकि कंपनी प्रबंधन द्वारा तेंदुए के हमले की बात नहीं स्वीकारी गई है। इस बीच सोमवार शाम से तेंदुए के रेलवे ट्रैक पर कटकर मरने संबंधित पुराने फोटो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जबरदस्त तरीके से वायरल हुए हैं।

Published / 2024-03-19 21:38:57
हाथियों के उत्पात से दहशत में सिल्ली के लोग

सिल्ली में हाथियों का उत्पात जारी, ग्रामीण दहशत में

एबीएन न्यूज नेटवर्क, सिल्ली। प्रखंड के गांवों में हाथियों के आतंक से लोग परेशान हैं। पिछले कई दिनों से करीब 40 हाथियों का झुंड सिल्ली के अलग-अलग इलाके में शरण लिए हुए है। ये हाथी रात होते ही गांवों में धावा बोल रहे हैं और उत्पात मचा रहे हैं। 

बीती रात लोटा के चापाटांड़ में हाथियों ने धावा बोला और मंजीत साहू के एक एकड़ जमीन पर दी गयी चहारदीवारी को क्षतिग्रस्त कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक अभी भी हाथी अलग-अलग झुंड में आसपास के वनों में छिपे हुए हैं। वन विभाग के मुताबिक हाथी भगाओ दल हाथियों को भगाने में लगा हुआ है।

Published / 2024-03-19 21:38:15
अचानक लगी आग से बस में मची अफरातफरी

रांची से कोलकाता जा रही बस में लगी आग, बाल-बाल बचे यात्री

टीम एबीएन, रांची। रांची से कोलकाता जा रही यात्रियों से भरी बस दुगार्पुर के जीटी रोड पर जलकर खाक हो गयी। घटना देर रात की है। सूचना मिलते ही विधाननगर फाड़ी और फायर ब्रिगेड की दो गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची। करीब एक घंटे के प्रयास के बाद आग पर काबू लिया गया। बस में करीब पचास यात्री सवार होने की सूचना थी। 

हालांकि इस घटना में किसी यात्री को कोई नुकसान नहीं हुआ। समय रहते ही चालक एवं खलासी ने तत्परता से सभी यात्री को उतार कर पीछे से आ रही बसों में चढ़ाकर कोलकाता रवाना कर दिया गया। प्रत्यक्ष दर्शियों के मुताबिक रात करीब 3 बजे इंडो अमेरिकन मोड़ के समीप जीटी रोड से गुजर रहे लोगों ने देखा कि धू-धू करके बस जल रही है। उ

न्होंने इसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी। खबर मिलते ही विधाननगर फाड़ी के पुलिस अधिकारी प्रवीण मंडल एवं ट्रैफिक पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे और इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी। वहीं, जीटी रोड पर आग लगी की घटना देख सड़क से गुजर रहे दूसरे वाहनों के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई थी। 

वहीं, फायर बिग्रेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आग को नियंत्रण करने की कोशिश की। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आग लगने से पहले ही बस में बैठे सभी यात्रियों को बाहर निकाल दिया गया था। सभी यात्री कोलकाता जाने वाले थे। घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।

Published / 2024-03-19 21:37:30
22 से होनेवाली जिम्नास्टिक चैंपियनशिप के लिए झारखंड टीम रवाना

टीम एबीएन, रांची। जिम्नास्टिक्स फेडरेशन आॅफ इंडिया द्वारा दिनांक 22 से 25 मार्च 2024 को जम्मू में आयोजित होने वाली सीनियर नेशनल एरोबिक्स जिम्नास्टिक चैंपियनशिप में झारखंड की 23 सदस्यीय टीम रवाना। टीम में सभी वर्गों के कुल 22 खिलाड़ियों का चयन किया गया। 

चयनित खिलाड़ियों की सूची- अमित गोप, राजवीर केरकेट्टा ,सूरज केसरी, करण कुमार, राहुल टोप्पो, साहिल कच्छप, रोहित मुंडा श्रुति सेनगुप्ता, प्रिया यादव, नयन कच्छप, टोणु गोपाल, अनुराग कुमार, रिया कुमारी, सपना कुमारी, सृष्टि कुमारी राय, दशमी कुमारी, नेहा कुमारी, मुस्कान कुमारी, कंदा कुमारी, उज्जवल कुमार पंडित एवं रितु कुमारी, टीम के कोच : विकास कुमार।

वहीं प्रयागराज में दिनांक 22 एवं 23 मार्च 2024 को आयोजित होने वाली सब जूनियर आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु झारखंड सब जूनियर जिम्नास्टिक की टीम प्रयागराज पहुंची। झारखंड सब जूनियर की टीम में पीयूष रजक, अंकन घोष, अभिषेक बाउरी एवं दीप्तायन घोष चयनित हुए वहीं टीम के प्रशिक्षक श्री अरुण घोष एवं बेनोय विश्वास जज के रूप में झारखंड का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। 

झारखंड एरोबिक्स एवं सब जूनियर आर्टिस्टिक  जिमनास्टिक टीम को झारखंड ओलंपिक संघ के अध्यक्ष आरके आनंद, कार्यकारी अध्यक्ष शेखर बोस, महासचिव मधुकांत पाठक, कोषाध्यक्ष शिवे दुबे तथा झारखंड जिम्नास्टिक संघ के कार्यकारी अध्यक्ष रंजन कुमार, सचिव निशिकांत पाठक, उपाध्यक्ष तुलिका श्रीवास्तव, कार्यकारी सचिव राजीव रंजन, उपाध्यक्ष शशि कांत पाण्डेय, संयुक्त सचिव सरोज यादव, कोषाध्यक्ष गोविन्द झा, प्रशासनिक सचिव डॉ दीपक साहू तथा झारखंड जिम्नास्टिक संघ के सभी संबद्ध जिला के पदाधिकारियों ने इन्हें शुभकामनाएं दी। उक्त जानकारी प्रशासनिक सचिव दीपक साहू ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

Page 619 of 1701

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse