झारखंड

View All
Published / 2024-03-23 15:50:12
राजमहल : जेल में छापामारी के बाद जेलर को कड़ी हिदायत

  • राजमहल जेल में छापेमारी, जेलर को दिया गया ये निर्देश

एबीएन न्यूज नेटवर्क, राजमहल। एसडीओ कपिल कुमार एवं एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी के संयुक्त नेतृत्व में शुक्रवार एवं शनिवार की मध्य रात्रि को राजमहल जेल में छापेमारी की गयी। लगभग एक घंटे तक चली छापेमारी में बंदियो के सेल का जांच किया गया। हालांकि छापेमारी में कोई आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ है।

एसडीओ ने कहा कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर एवं रूटिंग जांच के तहत कार्रवाई की गयी है। सभी सेल का जांच किया गया। कोई आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुई है। जेलर को जेल मैनुअल का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया है। 

मौके पर राजमहल सीओ अशोक कुमार सिन्हा, उधवा बीडीओ विशाल पांडे, पुलिस इंस्पेक्टर श्यामलाल हांसदा, राजमहल थाना प्रभारी गुलाम सरवर, राधानगर थाना प्रभारी अमित कुमार सोनी व जेलर दिलीप कुमार मौजूद थे।

Published / 2024-03-23 15:47:08
जानें सरकारी दफ्तरों में होली की छुट्टी कब है

  • सरकारी कार्यालयों में होली की छुट्टी सिर्फ 25 को

टीम एबीएन, रांची। राज्य सरकार ने 25 मार्च को होली का अवकाश घोषित किया है। कार्मिक विभाग की ओर से जारी अवकाश तालिका के मुताबिक मंगलवार 26 मार्च को सभी सरकारी कार्यालय खुले रहेंगे।

इधर, ठाकुर प्रसाद कैलेंडर के मुताबिक 25 को काशी और 26 को अन्यत्र होली है, जबकि भारत सरकार की ओर से घोषित अवकाश तालिका में 25 को ही होली का अवकाश दिया गया है। ऐसे में लोगों के बीच होली की तिथि को लेकर असमंजस की स्थिति है।

सूत्रों के मुताबिक कार्मिक विभाग होली के अवकाश की तिथि में परिवर्तन कर सकता है। हालांकि, शुक्रवार को अवकाश की तिथि में बदलाव से संबंधित कोई आदेश जारी नहीं किया गया है।

Published / 2024-03-23 15:41:11
राजा नहीं होता नेतृत्वकर्ता : सुदेश महतो

  • मिलन समारोह में बोले सुदेश महतो- लोकतांत्रिक व्यवस्था में नेतृत्व करने वाला राजा नहीं हो सकता

टीम एबीएन, रांची। आजसू पार्टी के अध्यक्ष सुदेश महतो ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में नेतृत्व करने वाला राजा नहीं हो सकता है क्योंकि लोकतंत्र जनता से, जनता के लिए और जनता के द्वारा चलने वाली व्यवस्था है।

सुदेश महतो ने हरमू स्थित केंद्रीय कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में नेता, जनता के सेवक होते हैं। इस दौरान सैनिक प्रकोष्ठ कांग्रेस के नेता सह निलय इंजीनियरिंग कॉलेज के चेयरपर्सन भूतपूर्व सैनिक भीम मुंडा के साथ प्रदीप उरांव, प्रदीप कुमार, गंगाधर प्रसाद, अफरोज अंसारी (छोटू) समेत कई लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

वहीं आजसू अध्यक्ष ने कहा कि भ्रष्टाचार के आरोप जब सत्ता पर बैठे लोगों पर लगने लगे, तो राज्य के लिए दुखद होता है। नियमों का उल्लंघन करने और नीयत में खोट रहने की वजह से राज्य में अराजकता का माहौल बना है। इससे राज्य को बाहर निकालने की जिम्मेदारी हम सब पर है।

Published / 2024-03-22 18:59:57
पलामू : ग्रामीण बैंक से 5.50 लाख रुपये की लूट

टीम एबीएन, पलामू। जिले के पड़वा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने बैंक डकैती की घटना को अंजाम दिया है। अपराधियों ने भीड़भाड़ वाले इलाके में एक बैंक से 5.50 लाख रुपये लूट लिये। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी भाग निकले। पुलिस मौके पर पहुंच गयी है। सीसीटीवी के जरिए अपराधियों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

बैंककर्मियों को बनाया बंधक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पड़वा थाना क्षेत्र में झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक की लामी पतरा शाखा संचालन होता है। शुक्रवार को सुबह करीब साढ़े दस बजे कर्मचारियों ने बैंक खोला। इसी क्रम में दो अपराधी पहुंचे और बैंक कर्मियों को बंधक बनाकर बाथरूम में बंद कर दिया। 

जिसके बाद अपराधियों ने करीब 5.50 लाख रुपये लूट लिये। बाद में जब बाथरूम में बंद बैंक कर्मियों ने शोर मचाया तो अन्य ग्राहकों ने बाथरूम का दरवाजा खोला। घटना की जानकारी मिलने के बाद पड़वा थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गयी है और पूरे मामले की जांच कर रही है।

हथियार से लैस थे अपराधी

जानकारी के मुताबिक अपराधियों के पास हथियार भी थे, दो अपराधी बैंक के अंदर थे जबकि दूसरा प्रदीप बैंक के बाहर मौजूद था। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी बाइक से भाग गये। पुलिस बैंक और उसके आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। लंबे समय के बाद पलामू क्षेत्र में बैंक डकैती की घटना हुई है।

अपराधियों ने बैंक खुलते ही घटना को अंजाम दिया है। अपराधियों ने कैश रूम खोलकर पैसे लूट लिये, पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही है और अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। -चन्द्रशेखर यादव, पड़वा थाना प्रभारी।

घटना के बाद पुलिस ने नेशनल हाईवे और स्टेट हाईवे पर सुरक्षा बढ़ा दी है। वाहनों की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक लूट की रकम करीब 5.50 लाख रुपये है। लूट की पूरी रकम का आकलन किया जा रहा है।

Published / 2024-03-22 18:53:10
गिरिडीह : सड़क दुर्घटना में एक की मौत, दो गंभीर

एबीएन न्यूज नेटवर्क, खोरीमहुआ (गिरिडीह)। घोरथंभा ओपी के डोरंडा माल्डा- मुख्य सड़क स्थित लहरियाटांड़ गांव के पास घुमावदार मोड़ में शुक्रवार दोपहर हुई सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गयी, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये।

तिसरी थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर (पुरनाडीह) निवासी श्रीकांत रावत (पिता-विशेश्वर रावत), कुश कुमार रावत (पिता -अशोक राउत), मोहित कुमार (पिता-जलेश्वर राउत) डोरंडा बाजार से अपनी बाइक (जेएच 11 एएल 3737) से एक साथ घर के लिए निकले थे, लेकिन बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गयी।

घटना में बाइक चालक श्रीकांत रावत की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि दो बाइक सवारों को लोगों द्वारा एंबुलेंस से धनवार रेफरल अस्पताल इलाज के लिए भेजा गया, जहां दोनों की हालत चिंताजनक बतायी जा रही है। पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच-पड़ताल में जुट गयी है।

Published / 2024-03-22 18:44:48
शाश्वत इंस्टिट्यूट में धूमधाम से मना होली मिलन समारोह

टीम एबीएन, रांची। शाश्वत इंस्टिट्यूट ऑफ़ टीचर्स एडुकेशन, हुटुप, इरबा में सत्र :- 2022-2024 एवं सत्र सत्र :- 2023-2025 के प्रशिक्षु छात्र -छात्राओं ने होली मिलन समारोह ढ़ोल -नगाड़ों और पारंपरिक नृत्य के साथ धूमधाम से मनाया।

मौके पर महाविद्यालय के उपप्राचार्य रुपेश कुमार ने होली पर्व को सम्बोधित करते हुए कहा कि यह पर्व बसंत के आगमन और आपसी भाईचारा एवं प्रेम का प्रतीक है। 

इस अवसर पर शिक्षक एवं शिक्षकेत्तरकर्मी के रूप में डॉ. अंजली, डॉ रश्मि रती, डॉ. बिनीता, ममता कुमारी, अपर्णा कुमारी मिश्रा, सुरेश यादव एवं रोहित सिंह मौज़ूद थे।

Published / 2024-03-21 21:35:01
झारखंड : होली के बाद कैंडिडेट्स की घोषणा करेगी कांग्रेस

कांग्रेस होली के बाद लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा करेगी, बनायी ये रणनीति

टीम एबीएन, रांची। कांग्रेस होली के बाद झारखंड में लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करेगी। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का एकजुट होकर मुकाबला करने के लिए विपक्षी दलों द्वारा बनाये गये गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (इंडिया) के सहयोगी अपने उम्मीदवारों की घोषणा अलग-अलग करेंगे। 

कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नेता आलमगीर आलम ने बताया कि झारखंड में लोकसभा सीट के लिए पार्टी उम्मीदवारों के नामों की घोषणा होली के बाद 27 मार्च या 28 मार्च को करेगी। उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों के नामों की घोषणा राष्ट्रीय राजधानी में कांग्रेस मुख्यालय से की जायेगी। झारखंड में इंडिया गठबंधन के नेताओं ने दावा किया है कि राज्य की 14 लोकसभा सीट के बंटवारे को अंतिम रूप दे दिया गया है। 

विपक्षी गठबंधन के सूत्रों ने बताया कि सीट-बंटवारे के समझौते के अनुसार, कांग्रेस राज्य की सात सीट पर चुनाव लड़ेगी जबकि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) पांच पर,राष्ट्रीय जनता दल एवं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) शेष दो सीट पर अपने उम्मीदवार उतारेंगे। 

2019 के लोकसभा चुनावों में, भाजपा ने 11 सीटें जीती थीं जबकि आल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) पार्टी, कांग्रेस और झामुमो को एक-एक सीट पर जीती मिली थी। कांग्रेस को एकमात्र सिंहभूम सीट मिली थी लेकिन उसकी मौजूदा सांसद गीता कोरा हाल ही में भाजपा में शामिल हो गयी और उन्हें केंद्र में सत्तारूढ़ दल ने टिकट भी दे दिया है।

Published / 2024-03-21 21:34:03
ये कैसा कारोबार : बिल्डर नीरज ने खुद को मार ली गोली

बिल्डर नीरज सहाय ने खुद को मारी गोली, कारोबार में नुकसान के चलते किया सुसाइड

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के रांची जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां एक मशहूर बिल्डर नीरज सहाय ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। 

मामला जिले के डोरंडा थाना क्षेत्र के हिनू चौक के पास का है। बताया जा रहा है कि बिल्डर सहाय नीरज कर्जे में डूबा हुआ था। करीब 25 करोड़ का कर्ज उस पर था। पिछले कुछ समय से वह परेशान चल रहा था, जिसके चलते घर में ही उसने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार कर आत्महत्या कर ली। 

आनन-फानन में बिल्डर को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में परिजनों ने बताया कि गोली की आवाज सुनकर जब परिजन उनके कमरे की तरफ गये तो दरवाजा बंद था। नीरज की आत्महत्या के तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गयी। पुलिस ने पहुंचकर किसी तरह दरवाजा खोला तो अंदर नीरज का शव पड़ा था। उनकी लाइसेंसी पिस्तौल उनके हाथ में थी। 

उधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस नेता और रांची के पूर्व सांसद सुबोधकांत सहाय नीरज के आवास पहुंचे। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना से वो भी अचंभित है, क्योंकि नीरज जिंदादिल इंसान थे। मामले में सिटी एसपी रांची राजकुमार मेहता ने बताया कि व्यवसाय में हुए आर्थिक नुकसान की वजह से नीरज हाल के दिनों में परेशान थे और इस कारण ही इस आत्महत्या के घटना को उन्होंने अंजाम दिया है।

Page 617 of 1701

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse