झारखंड

View All
Published / 2024-03-31 10:19:50
ईडी ने पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व 4 अन्य के खिलाफ दायर किया आरोप पत्र

टीम एबीएन, रांची। प्रवर्तन निदेशालय ने यहां एक विशेष पीएमएलए अदालत में पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और चार अन्य के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया।
एक विशेष पीएमएलए अदालत ने 21 मार्च को कथित भूमि घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में सोरेन की न्यायिक हिरासत चार अप्रैल तक बढ़ा दी थी। विशेष पीएमएलए अदालत ने 15 फरवरी को उन्हें 22 फरवरी तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया था, जिसे बाद में 21 मार्च तक बढ़ा दिया गया था।
बता दें कि मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के तुरंत बाद 31 जनवरी को ईडी द्वारा उनकी गिरफ्तारी के बाद, सोरेन को रांची के होटवार में बिरसा मुंडा केंद्रीय जेल में रखा गया है।

Published / 2024-03-31 10:00:30
एचइसी को भेल से मिलेगा 20 क्रेन बनाने का कार्यादेश

टीम एबीएन, रांची। एचइसी को भेल से जल्द ही बड़ा कार्यादेश मिलने की संभावना है इसकी जानकारी पिछले दिनों सीएमडी केएस मूर्ति ने अधिकारियों को दी थी  इस संबंध में एचइसी के अधिकारी ने बताया कि भेल से एचइसी को करीब 20 क्रेन का कार्यादेश मिलना है। यह करीब 220 करोड़ रुपये का होगा।

भेल एचइसी को कच्चे माल की आपूर्ति और कार्यशील पूंजी भी मुहैया करायेगा अधिकारी ने यह भी बताया कि भेल के पास क्रेन का बड़ा ऑर्डर है वहीं, एचइसी को विभिन्न श्रेणी के क्रेन बनाने का महारत हासिल है एचइसी ने अभी तक विभिन्न क्षमता के 550 से अधिक क्रेन का डिस्पैच किया है अगर भेल से क्रेन का कार्यादेश मिलता है, तो एचइसी एक बार फिर पटरी पर आ जायेगा मालूम हो कि कार्यशील पूंजी के अभाव में एचइसी में लगभग सात माह से उत्पादन ठप पड़ा हुआ है कर्मी पिछले 74 दिनों से आंदोलनरत हैं

Published / 2024-03-30 19:23:14
डीएवी कपिलदेव रांची में अभिभावकों के लिए हुआ समन्वयन कार्यक्रम

टीम एबीएन, रांची। डीएवी कपिलदेव पब्लिक स्कूल कडरू में आज नर्सरी, एल के जी, यूकेजी, वर्ग एक तथा दो के अभिभावकों के लिए समन्वयन कार्यक्रम का आयोजन किया। सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी सह विद्यालय के प्राचार्य एम०के० सिन्हा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

शिक्षिका अर्पणा सिंह ने इस अवसर पर अभिभावकों से अनुरोध किया कि वे निरंतर बच्चों की डायरी की जांच करें। विद्यालय या शिक्षक द्वारा दिये गये दिशा-निर्देशों का पालन करें। वरिष्ठ शिक्षक नागेंद्र झा ने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चे की हर गतिविधि पर नजर रखें। एक निश्चित समय तक स्वयं और बच्चों को मोबाइल फोन से दूर रखें।

सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी सह विद्यालय के प्राचार्य श्री एम के सिन्हा ने कहा कि व्यक्ति को संस्कार घर से मिलते हैं लेकिन विद्यालय में उसे और संस्कारित किया जाता है। श्री सिन्हा ने कहा कि समय, परिस्थिति और स्थान के अनुसार उद्देश्य बदलते रहते हैं। 

उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों में भारतीय संस्कार भरें। उन्हें भारत की गौरवमयी संस्कृति और संविधान की जानकारी दें। सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी ने कहा कि आज प्रतिस्पर्धा का युग है और इसमें सफल होने के लिए कंफर्ट जोन (सुविधा क्षेत्र) से बाहर निकलने की जरूरत है।

श्री सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि डीएवी स्पोर्ट्स को अब खेल और युवा मामले विभाग से सीधा संबंधन मिल गया है और डीएवी स्पोर्ट्स में अच्छा प्रदर्शन करनेवाले खिलाड़ी सीधे देश के लिए चुने जा सकेंगे।

उन्होंने बताया कि डीएवी स्पोर्ट्स में गोल्ड मेडल जीतनेवाले खिलाड़ियों को महात्मा हंसराज दिवस 20.04.2024 को पानीपत में सम्मानित किया जायेगा। उन्होंने अभिभावकों से अच्छी पेरेंटिंग करने के लिए आग्रह भी किया।

मौके पर एस के राणा,एन झा,पी एन झा, संजय सिंह, विनीता वर्मा, अर्पणा सिंह,प्रिया राहा, मेनका रंजन, जयीता नियोगी, ज्योति समेत कई अन्य शिक्षक और अभिभावक मौजूद थे। उक्त जानकारी डीएवी कपिलदेव पब्लिक स्कूल कडरू, रांची के आलोक इंद्र गुरु ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

Published / 2024-03-30 19:19:14
रांची : श्रीराम जानकी मंदिर में भागवत कथा कल से

टीम एबीएन, रांची। श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन 31 मार्च से 7 अप्रैल तक श्रीराम जानकी मंदिर हाउसिंग कालोनी बरियातू में आयोजित किया जा रहा है। संगीतमयी कथा व्यास पंडित दीनानाथ शरण जी वृंदावन के द्वारा संध्या 7 से 10 बजे तक होगा। 

काशी से आचार्य कन्हैया द्विवेदी, कमलाकर द्विवेदी, अंबुज शुक्ला और कमलेश त्रिपाठी है। कथा आयोजन में विभा सिह, प्रतिमा सिंह, जय सिंह, पुनीत, शैलेश सिंह, प्रत्युष का सहयोग है। उक्त जानकारी पंडित रामदेव पाण्डेय ने दी है।

Published / 2024-03-30 19:17:29
गर्मी की शुरुआत से ही "अतिथि" बनने लगी बिजली रानी

  • गर्मी आते ही बिजली की लुकाछिपी का खेल शुरू
  • पावर कट की समस्या से रांची के लोग हो रहे परेशान

टीम एबीएन, रांची। गर्मी आते ही झारखंड में पावर कट की समस्या बढ़ने लगी है। शुक्रवार को भी राजधानी के कई मोहल्लों में पावर कट की समस्या देखने को मिली। रांची के कडरू, राजभवन इलाका, कोकर जैसे क्षेत्रों में शुक्रवार को दिनभर बिजली की आंखमिचौली देखने को मिली।

राजधानी रांची में इन दिनों सुबह से ही तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलती है। दोपहर होते ही गर्मी प्रचंड रूप में पहुंच जाती है। मार्च महीने में ही पारा 40 डिग्री तक पहुंच चुका है। जिस वजह से लोग पंखा, कूलर और एसी का उपयोग करते हैं। लेकिन बिजली नहीं रहने की वजह से गर्मी में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। 

बिजली विभाग से मिली जानकारी के अनुसार रांची में प्रतिदिन कम से कम ढाई सौ से तीन सौ मेगावाट बिजली की खपत है।
विभिन्न फीडर से पूरे राजधानी में बिजली सप्लाई कराई जाती है। लेकिन अप्रैल आने से पहले ही राजधानी के बढ़ते तापमान की वजह से लोगों ने अभी से ही पंखा, फ्रिज, एसी या कूलर जैसे संसाधनों का उपयोग शुरू कर दिया है, जिससे कहीं ना कहीं बिजली की खपत बढ़ गयी है।

बता दें कि शुक्रवार को कोकर जैसे बड़े इलाके में देर शाम लाइट की समस्या से लोगों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ा तो वही कडरू और राजभवन के आसपास जैसे वीआईपी इलाकों में पावर कट की समस्या से लोग परेशान रहे। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों को लाइट कटने से खास दिक्कतों का सामना करना पड़ा तो वहीं धुर्वा में भी कई सुदूर क्षेत्रों में पावर कट की समस्या से लोग परेशान रहे।

Published / 2024-03-29 20:19:25
गिरिडीह से चंद्रप्रकाश ही रहेंगे बरकरार

आम चुनाव 2024

  • भाजपा-आजसू में बंट गयी सीट, 13 और 1 पर बनी सहमति

टीम एबीएन, रांची। लोकसभा चुनाव के लिए झारंखड में भाजपा और आजसू के बीच सीटों का तालमेल हो गया है। बीजेपी जहां राज्य की 13 सीट पर चुनाव लड़ेगी। वहीं, ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन 1 सीट पर अपना प्रत्याशी उतारेगी। 

भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर एक पोस्ट लिखा। पोस्ट में उन्होंने लिखा कि भाजपा ने झारखंड की जनता के हित में बीजेपी और आजसू के पुराने, नैसर्गिक गठबंधन के तहत इस बार लोकसभा के चुनाव में झारखंड के 13 लोकसभा संसदीय क्षेत्र पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी और एक संसदीय क्षेत्र गिरिडीह में आजसू पार्टी को लड़वाने का फैसला किया है। 

भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि यह गठबंधन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि झारखंड के सभी 14 में से 14 संसदीय क्षेत्रों पर गठबंधन के उम्मीदवार चुनाव जीतकर 4 जून को 400 के पार लक्ष्य को हासिल करेंगे। भाजपा ने गिरिडीह को अपनी गठबंधन सहयोगी आजसू पार्टी के लिए छोड़कर 13 सीटों पर पहले ही उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। 

साल 2019 के चुनाव में गिरिडीह से चंद्रप्रकाश चौधरी ने जीत दर्ज की थी। झारखंड में भाजपा और आजसू का गठबंधन है। साल 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा ने 11 सीट हासिल की थीं। जबकि, आजसू पार्टी, कांग्रेस और झामुमो ने राज्य में एक-एक सीट पर जीत दर्ज की थी।

Published / 2024-03-29 20:15:46
धनबाद : पिकअप वैन और कंटेनर की टक्कर में एक युवक और चार मवेशियों की मौत

  • धनबाद में जीटी रोड पर सड़क हादसा, पिकअप वैन कंटेनर से टकरायी, एक युवक और चार मवेशियों की मौत 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। जिले के जीटी रोड हावड़ा-नई दिल्ली नेशनल हाइवे पर मवेशियों से लदी एक पिकअप वैन ने एक कंटेनर में टक्कर मार दी। घटना शुक्रवार की अहले सुबह तोपचांची थाना क्षेत्र के कांडीडीह में एनएच के पास घटी। कंटेनर सड़क किनारे खड़ी थी। इस हादसे में एक व्यक्ति और चार मवेशियों की मौत हो गयी। मृतक की पहचान 23 वर्षीय अखिलेश यादव के रूप में हुई है। वह बिहार के बक्सर का रहने वाला था।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि पिकअप वैन काफी तेज रफ्तार में थी। जिससे वह अनियंत्रित हो गयी और कंटेनर में पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि पिकअप वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

पिकअप वैन पर सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गयी। पिकअप वैन के अगले हिस्से में मौजूद होने के कारण युवक का सिर धड़ से अलग हो गया। इधर पिकअप वैन और कंटेनर का चालक मौके से फरार हो गया।

पिकअप वैन में लदे चार मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि एक मवेशी बुरी तरह से जख्मी हो गया है। वहीं वैन में लदे तीन अन्य मवेशी पूरी तरह से सुरक्षित हैं, जिसे तोपचांची पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। इधर, घटना के बाद तोपचांची पुलिस जांच में जुट गयी है।

Published / 2024-03-28 20:50:48
कांग्रेस के हुए "कमल के रामटहल"

  • रामटहल चौधरी कांग्रेस में शामिल, रांची से लड़ सकते हैं लोकसभा चुनाव

टीम एबीएन, रांची। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद रामटहल चौधरी कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गये हैं। इसके साथ ही यह तय हो गया कि सुबोधकांत सहाय की जगह लोकसभा चुनाव 2024 में रांची संसदीय सीट से रामटहल चौधरी कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे। 

उन्होंने दिल्ली में कांग्रेस पार्टी का दामन थामा। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा और झारखंड कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने उन्हें कांग्रेस की सदस्यता दिलायी। मौके पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार ठाकुर और मंत्री आलमगीर आलम भी मौजूद थे।

रामटहल चौधरी कुड़मियों के बड़े नेता हैं और लंबे अरसे तक भाजपा के कद्दावर नेता रहे। उन्होंने कई बार सुबोधकांत सहाय को चुनाव में पराजित किया। इस बार सुबोधकांत सहाय का टिकट काटकर रामटहल चौधरी को टिकट देने का फैसला कांग्रेस पार्टी ने किया है। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि रांची लोकसभा क्षेत्र में महतो वोटर्स की संख्या बहुत अधिक है।

3 सीटों के उम्मीदवारों की आज शाम तक हो सकती है घोषणा

महतो बहुल लोकसभा क्षेत्र होने की वजह से कांग्रेस ने इस बार सुबोधकांत का टिकट काटकर रामटहल चौधरी को पार्टी में शामिल कराने और उन्हें अपना उम्मीदवार बनाने का फैसला किया। गुरुवार (28 मार्च 2024) की शाम को कांग्रेस पार्टी रांची, धनबाद और गोड्डा के अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर देगी, इसकी प्रबल संभावना है।

Page 613 of 1701

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse