टीम एबीएन, रांची। झारखंड की राजधानी रांची में नशे का धंधा तेजी से पांव पसार रहा है। खासकर युवा वर्ग इसकी जद में आ रहा है। रांची पुलिस ने नशे का सौदा करने वाले चार युवकों को गिरफ्तार किया। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। इनके पास से करीब 17 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर सभी को दबोचा है।
गिरफ्तार युवकों में सुमन कुमार, ऋषिकेश कुमार पाहन और अभिषेक रंजन का नाम शामिल है। रांची के सिटी एसपी राजकुमार मेहता ने बताया कि सुमन कुमार की उम्र करीब 26 साल है। वह आदर्श नगर कोकर का निवासी है। ऋषिकेश कुमार पाहन की उम्र महज 19 साल है। वह होम्बई बस्ती, बीआईटी मेसरा का निवासी है। जबकि अभिषेक रंजन की उम्र महज 19 साल है। वह दीपाटोली का निवासी है। तीनों को पुलिस ने खेलगांव के पास से गिरफ्तार किया है।
सीटी एसपी ने बताया कि इनके साथ एक नाबालिग भी था। रांची के एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा को गुप्ता सूचना मिली थी कि कुछ ड्रग्स पेडलर खेलगांव थानाक्षेत्र के रामदयाल मुंडा कला केंद्र के पास ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करने वाले हैं। इस सूचना पर सदर डीएसपी संजीव कुमार बेसरा के नेतृत्व में एक छापेमारी टीम बनाई गई। पुलिस की टीम जब घटनास्थल पर पहुंची तो नशे के सौदागर भागने लगे। फिर पुलिस ने पीछा कर चार को धर दबोचा।
पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह से तार जुड़े होने की संभावना जतायी है। फिलहाल खेलगांव थाना में कांड संख्या 35/2024 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बरामद ड्रग्स को जांच के लिए एफएसएल को भेज दिया है। छापेमारी टीम में डीएससी सदर, थाना प्रभारी चंद्रशेखर सिंह, एएसआई अनिल हांसदा, एएसआई युद्धिष्ठिर महतो, आरक्षी शैलेंद्र कुमार और सात्विक कुमार शामिल थे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के पोची में नेशनल हाइवे 75 पर एक यात्री बस ने मोपेड सवार दो युवकों को कुचल दिया। इस घटना में दोनों युवकों की मौत हो गयी है।
दोनों युवकों के शव यात्री बस में 25 मीटर से अधिक दूर तक घसीटते चले गये। मृत युवकों की पहचान पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र के टेमराई निवासी बेने समद और महेश टोपनो के रूप में की गयी है। घटना के बाद पुलिस ने यात्री बस को जब्त कर लिया है।
सतबरवा थाना प्रभारी अंचित कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि यात्री बस को जब्त कर लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है। दोनों मृतकों के शवों को तुम्बागाड़ा नवजीवन अस्पताल में रखा गया है, शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेजा जायेगा।
परिजनों के अनुसार बेने समद की शादी लोहरदगा में हुई थी। बुधवार की देर शाम वह अपनी पत्नी को लेने मोपेड से लोहरदगा जा रहा था। इस दौरान उसके साथ उसका दोस्त महेश टोपनो भी था। इसी क्रम में पलामू के सतबरवा थाना क्षेत्र के पोची में यात्री बस ने बेने और महेश टोपनो को रौंद दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद सतबरवा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को इलाज के लिए नवजीवन अस्पताल तुम्बागाड़ा में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी ने बताया कि बेने ने शाम को फोन कर बताया था कि वह लातेहार पहुंचने वाला है। रात में सतबरवा थाने की पुलिस ने उन्हें फोन कर बताया कि बेने का एक्सीडेंट हो गया है।
टीम एबीएन, रांची। कांग्रेस में टिकट बंटवारे को लेकर अब भी मंथन चल रहा है। केंद्रीय नेतृत्व उलझन में फंसा है। रांची संसदीय सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय का नाम पहले आगे था, लेकिन केंद्रीय नेतृत्व ने धनबाद से ददई दुबे, गोड्डा से फुरकान अंसारी की दावेदारी उम्र ज्यादा होने के आधार पर खारिज कर दी। अब सुबोधकांत सहाय को टिकट देना आसान नहीं है। श्री सहाय की उम्र 72 हो गयी है। ऐसे में कांग्रेस आलाकमान ने इसका संकेत भी श्री सहाय को दे दिया है।
मंगलवार को श्री सहाय ने अपनी बेटी यशस्विनी सहाय का नाम आगे बढ़ाया है। केंद्रीय नेतृत्व के पास यशस्विनी का पूरा बायोडाटा भेजा गया है। केंद्रीय नेतृत्व भी इस नाम पर मंथन कर रहा है। आलाकमान श्री सहाय को नाराज नहीं करना चाहता है। वहीं केंद्रीय चुनाव समिति के पास मंत्री बन्ना गुप्ता का भी नाम गया है।
पहली बार स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक में एक ही नाम सुबोधकांत का भेजा गया था। लेकिन उम्र की अड़चन को देखते हुए दूसरे नाम की बारी आयी, तो बन्ना गुप्ता का नाम जुटा। उस समय तक श्री सहाय बेटी को उम्मीदवार बनाने के पक्ष में नहीं थे। लेकिन दूसरी सूची के बाद भी रांची सीट पर फैसला नहीं हुआ, तो बेटी के नाम पर राजी हो गये।
सुबोधकांत सहाय की बेटी के नाम पर केंद्रीय नेतृत्व राजी होता है, तो चुनावी मैदान में कांग्रेस की तीन महिला उम्मीदवार होंगी। इसको लेकर भी केंद्रीय नेतृत्व पशोपेश में है। दरअसल प्रदेश कांग्रेस के नेताओं को भी इस उलटफेर का अंदाजा नहीं था।
गोड्डा से प्रदीप यादव का नाम आगे था, ऐसे में धनबाद से अनुपमा सिंह का नाम आगे बढ़ाया गया। इसके पीछे दलील थी कि एक महिला उम्मीदवार को मैदान में उतारा जाये। अनुपमा सिंह का नाम तय होने के बाद प्रदीप यादव का मामला फंसा गया। इसके बाद स्क्रीनिंग कमेटी ने दीपिका पांडेय सिंह का नाम आगे बढ़ाया और केंद्रीय नेतृत्व सहमत भी हो गया। अब इधर सुबोधकांत सहाय ने भी अपनी बेटी का नाम आगे बढ़ाया है।
टीम एबीएन, रांची। रामनवमी के शुभ अवसर पर पालकोट शाहदेव परिवार एवं देवी मंडप ने लगाया किशोर गंज चौक मे राम भक्त सेवा शिविर। शिविर मे प्रभु श्री राम के भक्तों को देवी मंडप का चना बतासा प्रसाद के साथ शीतल जल एवं सरबत की व्यवस्था की गयी।
तपती गर्मी में झांकी में आते-जाते बच्चे, महिला, एवं सभी राम भक्तों का प्यास मिटा कर राहत पहुंचाया गया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पालकोट शाहदेव परिवार के कार्यकर्ताओं द्वारा सेवा शिविर के माध्यम से हजारों राहगीरों को सेवा प्रदान किया गया।
मौके पर ऋषि नाथ शाहदेव, गंगा नाथ शाहदेव, हेमंत नाथ शाहदेव, लाल आदित्य नाथ शाहदेव, राजा राम नाथ शाहदेव, आशुतोष शाहदेव, गिरेंद्र शाहदेव, आलोक शाहदेव, बबलू शाहदेव, युवराज शाहदेव, सत्यम शाहदेव, सक्षम शाहदेव, हर्षवीर शाहदेव, राज्यवीर शाहदेव, रुद्र शाहदेव, कीर्तिमान शाहदेव संग अन्य शाहदेव परिवार के सदश्यों ने सेवा शिविर के आयोजन में अपना बहुमूल्य सहयोग दिया।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लातेहार। जिले में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। जिसमें बाइक सवार चार युवकों की मौत हो गयी है। वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घटना मंगलवार देर रात बालूमाथ थाना क्षेत्र की है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, घायलों को इलाज के लिए बालूमाथ अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, खूंटी। खूंटी संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी अर्जुन मुंडा और इंडिया अलायंस से कांग्रेस प्रत्याशी कालीचरण मुंडा एक ही दिन अपना नामांकन दाखिल करेंगे। दोनों 23 अप्रैल को नामांकन दाखिल करेंगे और उसी दिन दोनों नेता लोकसभा क्षेत्र में कार्यकतार्ओं के साथ पदयात्रा भी करेंगे।
नामांकन से पहले दोनों प्रत्याशी पदयात्रा के बहाने अपना शक्ति प्रदर्शन करेंगे, जिसकी तैयारी दोनों पार्टियों ने शुरू कर दी है। नामांकन के दिन भाजपा और कांग्रेस के राष्ट्रीय स्तर के नेता भी पहुंचे वाले हैं, जो अपने-अपने प्रत्याशियों को विजयी बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
खूंटी लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन की तारीख से पहले राष्ट्रीय और क्षेत्रीय राजनीतिक दलों की सक्रियता बढ़ गयी है। खूंटी लोकसभा सीट से बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा को अपना उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने एक बार फिर कालीचरण मुंडा को उम्मीदवार बनाया है।
नामांकन को लेकर दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता व्यापक तैयारियों में जुटे हुए हैं। भाजपा और कांग्रेस के चुनाव कार्यालयों में हलचल देखी जा रही है। 23 अप्रैल को नामांकन के दिन खूंटी, तोरपा, तमाड़, कोलेबिरा, सिमडेगा और खरसावां से भी बड़ी संख्या में राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के जुटने की उम्मीद है।
कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा ने बताया कि नामांकन की तिथि 23 अप्रैल तय की गयी है, लेकिन अभी यह तय नहीं हुआ है कि नामांकन के समय कांग्रेस समर्थक कहां जुटेंगे और पैदल मार्च करेंगे। नामांकन के समय पूरे लोकसभा के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ता खूंटी पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि लोग जुटेंगे और पैदल मार्च करेंगे, चाहे मीडिया कुछ भी कहे, लेकिन इसे शक्ति प्रदर्शन नहीं कहा जा सकता।
वहीं, भाजपा के जिलाध्यक्ष चन्द्रशेखर गुप्ता ने कहा कि 23 अप्रैल को भाजपा प्रत्याशी के नामांकन की तिथि भी निर्धारित कर दी गयी है। सभी जिलों से कार्यकर्ता खूंटी आकर नामांकन में भाग लेंगे। पूरे लोकसभा में उत्साह का माहौल है, कार्यकर्ता जोर-शोर से तैयारी में जुटे हुए हैं।
पैदल मार्च की योजना बनाई जा रही है और इसमें प्रदेश स्तर के भाजपा पदाधिकारी भी शामिल होंगे। जिला प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद एक सभा भी आयोजित की जायेगी और राष्ट्रीय स्तर के नेता इसे संबोधित करेंगे। अभी बैठक स्थल का चयन नहीं किया गया है।
टीम एबीएन, बरकट्ठा/ हजारीबाग। हजारीबाग में लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा को एक बड़ा झटका लगा है। बरकट्ठा विधानसभा के पूर्व भाजपा विधायक जानकी प्रसाद यादव समेत 117 कार्यकर्ताओं ने भाजपा पार्टी के प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। विधानसभा स्तरीय कार्यकर्त्ताओं की बैठक कर सामूहिक इस्तीफा सौंपा है।
जानकी प्रसाद यादव ने कार्यकर्ताओं के साथ उपेक्षा का आरोप भी लगाया है। जानकी प्रसाद यादव ने कहा कि कोडरमा लोकसभा चुनाव में चुनाव समिति में जगह नहीं मिलने से बेहद दुखी हूं। 2019 के लोकसभा चुनाव मे उनके नेतृत्व में बरकट्ठा विधानसभा से भारी मत प्राप्त हुआ था।
5 साल बीत जाने के बाद भी कार्यकर्ताओं से पार्टी ने जानकारी प्राप्त नहीं की और न ही सांसद ने। 2024 लोकसभा चुनाव में चुनाव समिति से नाम काटकर स्थानीय निर्दलीय विधायक अमित यादव को जगह दिया गया है। इस बात से कार्यकर्ता नाराज हैं। नाराज होने के बाद कार्यकर्ताओं ने बैठक कर यह निर्णय लिया कि वो पार्टी से अपना सारा संबंध तोड़ते हुए सामूहिक रूप से इस्तीफा देंगे।
वहीं जानकी प्रसाद यादव ने आगे किस पार्टी का दामन थामेंगे इसे लेकर किसी भी तरह का बयान नहीं दिया है और कहा है कि इसका खुलासा भी बहुत जल्द हो जायेगा। माना जा रहा है कि वो राजद या झामुमो का दामन थाम सकते हैं। लोकसभा चुनाव में अपनी भूमिका को लेकर उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने के बाद वो फैसला करेंगे।
इस चिंतन बैठक में बरकट्ठा प्रखंड उपप्रमुख सूरजी देवी, चलकुशा मुखिया संघ प्रखंड अध्यक्ष आलोक सिंह, चलकुशा प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि दीपक चौधरी, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष चंदन देवी, केदार यादव, चंपा देवी, बीरेंद्र यादव, बाबूलाल बिहारी, देवीलाल साव, राजकुमार नायक, केदार यादव, पूर्व मुखिया गोपाल प्रसाद, पूर्व मुखिया बसंत साव, कुमार रवि चौधरी, सांसद प्रतिनिधि सुखदेव यादव, महेंद्र प्रसाद, सुरेश कुमार पाण्डेय, अनुज कुमार पाण्डेय, जितेंद्र रवानी, रिंकू राम, शेषनाथ सिंह, सत्या गुप्ता, मुन्ना पाण्डेय, देवानंद प्रसाद आदि शामिल रहे।
टीम एबीएन, रांची। रांची में इस वक्त राम नवमी की धूम देखने को मिल रही है। चारों तरफ शहर भगवा झंडे से सजा हुआ है । वहीं, सुबह से ही राम मंदिर में भक्तों का हुजूम देखने को मिल रही है। रांची के सर्जना चौक स्थित राम मंदिर में भी सुबह से ही लोगों की भीड़ देखने को मिल रही है। राम मंदिर में युवाओं का उत्साह सिर चढ़ कर बोल रहा है। भगवान राम के दर्शन करने के लिए भारी संख्या में युवाओं की टोली भी राम मंदिर पहुंचती नजर आई। भगवान राम में दर्शन कर हर कोई आज के दिन की शुरूआत कर रहा है।
शहर के तमाम मंदिरों में भी विधि विधान के साथ पूजा की जा रही है। प्रसिद्ध तपोवन मंदिर में भी पूरे अनुष्ठान के साथ पूजा की गई. वहां भी बड़ी संख्या में भगवान राम और हनुमान जी के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ देखने को मिल रही है। राम नवमी को लेकर तपोवन मंदिर में भी तैयारियां पूरी हो गई है। वहां भी भक्तों को तांता लगा हुआ है। गौरतलब है कि अयोध्या में प्रभु श्री राम के मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह पहला मौक है जब देश में रामनवमी मनाई जा रही है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse