एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। झारखंड के घाटशिला में पीएम मोदी ने चुनावी जनसभा की। उनकी यह सभा मऊभंडार में आयोजित हुई। मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, जमशेदपुर प्रत्याशी विद्युत वरण महतो, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने पीएम मोदी का स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने इस मौके पर लोगों का आभार जताया और विपक्षियों पर जमकर निशाना साधा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जमशेदपुर मिनी हिंदुस्तान है। इसलिए जमशेदपुर के लोगों का आशीर्वाद मिलने से लगता है पूरा देश आशीर्वाद दे रहा है। भारत माता की जयकारे के साथ पीएम मोदी ने लोगों से कहा कि आपका उत्साह बता रहा है कि जमशेदपुर में क्या परिणाम आने वाला है।
उन्होंने कहा कि मैंने बहुत सालों तक बीजेपी संगठन का काम किया। जब कोई कहता कि चुनावी रैली है सुबह में रख लो, मैं मना कर देता था। आज सुबह-सुबह इतनी भीड़ देखकर काफी खुश हूं। यह अपने आप में नई जागृति है। आपका आभारी हूं।
पीएम मोदी ने कहा कि लोकसभा चुनाव देश के भविष्य को सशक्त बनाने, मजबूत बनाने, वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों का भी उज्ज्वल भविष्य निश्चित करने के लिए हैं। पीएम मोदी ने लोगों से पूछा कि क्या चुनाव में देश की अर्थव्यवस्था पर चर्चा पर होनी चाहिए की नहीं, उद्योगों की चर्चा होनी चाहिए की नहीं, कृषि और राष्ट्रीय सुरक्षा, युवाओं के लिए बनते नए अवसर, इंफ्रास्ट्रक्चर की बात होनी चाहिए कि नहीं।
उन्होंंने कहा कि कांग्रेस और झामुमो के लोगों को इसकी चिंता ही नहीं है। उन्हें विकास क्या है पता नहीं। इनका बस एक ही तरीका है झूठ बोलो, जोर से बोलो, हर तरह से केवल झूठ ही बोलो। इनके मुद्दे हैं गरीब की संपत्ति छिनेंगे, आरक्षण छिनेंगे, मुझे गाली देंगे। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के वाले आप लोगों से झूठ बोलते हैं, जिसे पूरा देश जान गया है।
टीम एबीएन, रांची। 12 मई को रांची स्टेशन से 9 माह के बच्चे की चोरी के मामले में रांची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चे को सुरक्षित बचा लिया है। वहीं बच्चा चोरी गिरोह के एक सदस्य को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। रांची एसएसपी चंदन सिन्हा ने इसकी जानकारी दी है।
उन्होंने बताया कि जैसे ही उन्हें यह सूचना मिली, उन्होंने सिटी एसपी की निगरानी में एक टीम गठित की और चुटिया थाना प्रभारी की बेहतर कार्यशैली की वजह से गिरोह के सदस्य को समय रहते पकड़ लिया गया। एसएसपी चंदन सिन्हा ने बताया कि रांची पुलिस और ओडिशा पुलिस के साथ-साथ रेलवे पुलिस के बेहतर प्रयास की वजह से बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया।
गौरतलब हो कि प्रदीप लोहरा और उनकी पत्नी वीणा देवी 12 मई को अपने बच्चे के साथ रांची रेलवे स्टेशन पर थे, इसी बीच बच्चा चोर गिरोह के कुछ सदस्यों ने वीणा देवी की नींद का फायदा उठाकर 9 माह के शुभम का अपहरण कर लिया और भाग गये। जिसके बाद परिजनों ने तुरंत रेलवे पुलिस को सूचना दी और चुटिया थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी।
बच्चा चोर गिरोह के बारे में बताया गया कि आशा कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत एक सरकारी कर्मचारी के निर्देश पर बच्चे का अपहरण किया गया था। बच्चे को बेंगलुरु भेजने की तैयारी थी लेकिन पुलिस ने समय रहते बच्चे को बरामद कर लिया।
इसके अलावा रातू थाना क्षेत्र से एक साढ़े चार साल की बच्ची के लापता होने के बाद पुलिस ने उसे भी मांडर से बरामद किया। एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि बच्ची का अपहरण किस मकसद से किया गया था। बच्ची का मेडिकल टेस्ट कराया जायेगा और उसके बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी।
टीम एबीएन, रांची। जेसीआई यूथ रांची के पिछले 3 दिनों से चल रहे समर कैंप का रविवार को समापन हो गया। मौके पर बच्चों ने अपनी प्रतिभा का बेहतरीन प्रदर्शन किया। जिसमें डांसिंग, ड्रामा, प्रिंटिंग आर्ट एंड क्राफ्ट तथा गेम्स आदि सिखाये गये। संस्था की अध्यक्ष सोनल अग्रवाल बताया कि समापन पर बच्चों ने अपनी विलक्षण प्रतिभा का परिचय देते हुए विभिन्न रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
बच्चों के साथ फूलों की होली खेली गयी। समापन पर प्रतिभागी बच्चों को प्रशस्ति पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। यह उनके विकास में मील का पत्थर साबित होगा। कैंप में बच्चों ने जो सीखा उसका बखूबी प्रदर्शन किया। कैंप में बच्चों को बताया गया कि कैसे वह पढ़ाई के साथ-साथ अपनी पसंद के गेम में अपना बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।
बच्चों को संबोधित करते हुए अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा के लिए तो हम अपनी पाठ्य पुस्तको से पूरे वर्ष शिक्षा प्राप्त करते ही हैं, लेकिन इसके अतिरिक्त भी हमारे जीवन के सर्वांगीण विकास के लिए समय समय पर कुछ हटकर भी अनेक गतिविधियां और क्रियाकलाप अत्यंत उपयोगी हो सकते हैं। समर कैंप इसका बेहतर विकल्प है, जिसमें हम अपना शारीरिक एवं मानसिक विकास कर सकते है।
समर कैंप में प्रतिभाग करने वाले सभी बच्चे बधाई के पात्र हैं। समर कैम्प के सफल समापन पर जेसीआई यूथ की ओर से सभी बच्चों और स्कूल की शिक्षिका को गिफ्ट दिया गया। कार्यक्रम मे सहयोग के लिए जेसीआई यूथ ने स्कूल की प्रधानाचार्य एवं उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त किया है। समापन समारोह मे पूर्व अध्यक्ष प्रतीक बदानी, अध्यक्ष सोनल अग्रवाल, मोनिका गोयनका, अदिति बदानी व अन्य सदस्य उपस्थित थे।
टीम एबीएन, कोडरमा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में कोषांग के वरीय व नोडल पदाधिकारी के साथ बैठक किया गया। बैठक में कोडरमा लोकसभा चुनाव के लिए ईवीएम वीवीपैट डिस्पैच को लेकर पूरी तैयारी की जानकारी ली। डिस्पैच सेंटर पर सभी प्रकार की जा रही तैयारी को लेकर आवश्यक दिशानिर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि ईवीएम वीवीपैट डिस्पैच से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को अच्छे से संधारण करेंगे। त्रुटिरहित चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराना सुनिश्चित करेंगे। चुनाव से संबंधी सभी प्रकार की सामग्री पोलिंग पार्टी को उपलब्ध करायेंगे। वाहन कोषांग को सभी से टैंगिग करने का निर्देश दिया गया।
स्वीप कोषांग के नोडल पदाधिकारी को मतदाता जागरूकता से संबंधित निर्देश देते हुए कहा कि बूथ अवेयरनेस ग्रुप के सदस्यों द्वारा घर घर जाकर मतदाताओं को मतदान करने के लिए प्रेरित करेंगे। कंट्रोल रूम से सभी वाहनों व पोलिंग पार्टियां की मॉनिटरिंग करने को कहा गया। किसी भी प्रकार की दिक्कत होने पर उच्च अधिकारियों को सूचित करेंगे। मतदान प्रक्रिया की सतत् निगरानी रखने का निर्देश दिये।
बैठक में उप विकास आयुक्त ऋतुराज, अपर समाहर्ता अनिल तिर्की, अनुमंडल पदाधिकारी रिया सिंह, जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अविनाश पुरेंदु, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रिंस गोडविन कुजूर, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी शिप्रा सिन्हा, जिला शिक्षा पदाधिकारी अजय कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो समेत पदाधिकारी व अन्य मौजूद रहे।
टीम एबीएन, पलामू। प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के खिलाफ पलामू पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पलामू पुलिस ने 15 लाख के इनामी माओवादी कमांडर नितेश यादव के करीबी सहयोगी कामेश्वर यादव उर्फ धनराज को गिरफ्तार कर लिया है। कमलेश यादव पर पलामू के इलाके में कई नक्सली घटनाओं को अंजाम देने का आरोप है।
गिरफ्तार कामेश्वर यादव पलामू के पांडू थाना क्षेत्र का रहने वाला है। कामेश्वर यादव ने पलामू पुलिस को कई जानकारियां दी हैं, जिसके बाद कई इलाकों में सर्च आपरेशन चलाया जा रहा है। सितंबर 2023 में शीर्ष माओवादी कमांडर नितेश यादव के दस्ते ने पलामू के छतरपुर थाना क्षेत्र के कालापहाड़ इलाके में आधा दर्जन से अधिक वाहनों को जला दिया था। आरोप है कि इस घटना में कामेश्वर यादव का हाथ रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कुछ दिन पहले चतरा के इलाके में पुलिस ने शीर्ष माओवादी बबन भोक्ता को गिरफ्तार किया था। बबन भोक्ता ने ही कामेश्वर यादव का नाम पुलिस को बताया था। इसके बाद से ही पलामू पुलिस कामेश्वर यादव की तलाश कर रही थी। छतरपुर थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए कामेश्वर यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
कामेश्वर यादव शीर्ष माओवादी कमांडर नितेश यादव का करीबी है। चतरा में गिरफ्तार नक्सली ने कामेश्वर के बारे में जानकारी दी थी। छतरपुर के कालापहाड़ इलाके में हुई आगजनी की घटना में कामेश्वर यादव शामिल रहा है। पूछताछ में काफी जानकारी मिली है, जिसके आधार पर सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 मई को जमशेदपुर लोकसभा के घाटशिला के ताम्र प्रतिभा मंच मैदान (मऊभंडार) में सभा को संबोधित करेंगे। पीएम की सभा को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं। एसपीजी (स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप) ने सभास्थल से लेकर चॉपर की लैंडिंग स्थल तक सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल ली है।
गुरुवार को ही एसपीजी की टीम घाटशिला पहुंच चुकी थी। एसपीजी ने शुक्रवार को गोल्फ मैदान एयरफोर्स के हेलीकॉप्टर की दो बार लैंडिग कराकर स्थल की जांच की। शनिवार को गोल्फ मैदान में प्री-रिहर्सल हुआ। रविवार की सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री के चॉपर की उक्त स्थल पर लैंडिंग होनी है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। बर्मामाइंस मिल एरिया लकड़ी टाल में शनिवार को सुबह-सुबह भीषण आग लग गयी। आग की वजह से इलाके में अफरा-तफरी मच गयी। धुआं का गुबार दूर-दूर से नजर आ रहा था। गोदाम के मालिक ने कहा है कि आग की वजह से 2 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
मिल एरिया लकड़ी टाल में स्थित श्री लक्ष्मी टिंबर के रबर गोदाम में लगी आग को बुझाने में 15 दमकल इंजन को करीब 5 घंटे लग गये। इस टिंबर के मालिक ओम प्रकाश जग्गी ने बताया कि टाटा स्टील में सप्लाई के लिए विदेश से रबर मंगाये गये थे। उसी में सुबह-सुबह आग लग गयी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
टीम एबीएन, कोडरमा। जिस तरह सवेरा होने से ठीक पहले के पहर में अंधेरा गहरा हो जाता है। लुटेरे और झूठे ठगबंधन का मिथ्या प्रचार गहरा हो गया है। लेकिन 4 जून को देश में एक नयी आभा फैलेगी जब जन जन के नेता आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री के रूप में अपनी तीसरी पारी शुरू करेंगे और विकसित भारत का सूर्योदय होगा।
नवलशाही से झुमरी तिलैया के झंडा चौक तक रोड शो के माध्यम से जनता का आशीर्वाद ग्रहण करने के पश्चात झुमरीतिलैया के झंडा चौक पर आयोजित सभा अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अनूप जोशी तथा संचालन शिवेंद्र नारायण सिन्हा ने किया। सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सह कोडरमा संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि झूठ की खेती करनेवालों ने शिशुपाल की तरह पूरे चुनाव प्रचार के दौरान लगातार छल, कपट और अमर्यादित आरोपों का सहारा लिया।
लेकिन भगवान कृष्ण की तरह हमारे परिवारजनों ने, कोडरमा के जनता जनार्दन ने बर्दाश्त किया। अब घमंडिया ठगबंधन ने कुटिल बयानबाजी का शतक पूरा कर लिया है और अब 20 मई को कोडरमा के हमारे परिवारजन कृष्ण की भांति शिशुपाल बने घमंडिया गठबंधन के सर्वनाश की पटकथा लिख देंगे। 4 जून को जो नयी सुबह होगी उसमें इन ठगों का नामोनिशान भी नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने मूलभूत सुविधाएं देकर गरीबों को सम्मानजनक जीवन दिया तो देश की सांस्कृतिक विरासतों को पुनर्जीवन देकर भारतीयता के सम्मान की रक्षा भी की। अर्थव्यवस्था को गति और दिशा दी तो सामरिक मोर्चे पर भारत को अजेय भी बनाया। वैश्विक स्तर पर भारत को सिरमौर बनाया तो घरेलू मोर्चे पर भी आत्मनिर्भरता और देशी स्वाभिमान को प्रोत्साहन दिया।
खुद ईमानदारी से जनता जनार्दन की सेवा की तो देश के संसाधनों और जनता की गाढ़ी कमाई लूटनेवालों पर शिकंजा भी कसा। अब जबकि चोरों को मिली लूट की छूट बंद हो गयीर् और लूटा हुआ माल हलक में हाथ डालकर निकाला जाने लगा तो सारे चोर एकजुट हो गये हैं। लेकिन जनता जागरूक है और चोरों को अंजाम तक पहुंचनेवाले चौकीदार की चौकीदारी बरकरार रखने को प्रतिबद्ध है।
डॉ नीरा यादव जी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के विकास कार्यों को घर-घर पर पहुंचने का जो काम किया है उसको देखते हुए हमारे प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी जी को रिकॉर्ड मतों से विजई बनाकर लोकसभा भेजने का कार्य करें। जिलाध्यक्ष अनूप जोशी ने कहा कि अन्नपूर्णा देवी जी को कोडरमा लोकसभा की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण, घर-घर शौचालय, आयुष्मान योजना, उज्ज्वला योजना, 80 करोड़ जनता को मुफ्त अनाज, जनधन योजना, महिलाओं को लखपति दीदी आदि अनेक विकास कार्य किए हैं।
आगे भी इसी तरह विकास कार्य चलता रहे उसके लिए प्रधानमंत्री जी के हाथों को मजबूत करें और अन्नपूर्णा देवी को रिकार्ड मतों से विजय बनाएं भैया अभिमन्यु प्रसाद, विनय सिंह, नितेश चंद्रवंशी, रवि मोदी, रमेश सिंह, प्रकाश राम, रमेश हर्षधर आदि नेताओं को भी सभा को संबोधित किया। धन्यवाद ज्ञापन डॉ नरेश पंडित ने किया कार्यक्रम में उपस्थित जिला महामंत्री राजकुमार यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष देवनारायण मोदी, जिला मीडिया प्रभारी चंद्रशेखर जोशी, शशिभूषण प्रसाद, सुभाष मोदी, विरेंद्र मेहता, सत्यनारायण यादव, बैजनाथ यादव, कान्ति देवी, सचिदानंद गॉधी, राजेश सिन्हा, संजय शर्मा, नवीन चौधरी, विजय यादव, नरेंद्र पाल, पप्पु पाण्डेय, दिनेश सिंह, सुरेंद्र यादव, मुकेश राम, सुरज मेहता, पिंटु मजुमदार, उदय सिंह, इन्द्रदेव मोदी, भरत पांडेय, महेश दारूका, कैलाश चौधरी, किशन संघई, वीरेंद्र यादव, गिरधारी सोमानी, आयुष पोद्दार, राकेश शर्मा, नीलु सिंह, विजय राम, श्याम सुंदर सिंघानिया, चंदन चक्रवर्ती, सुनिती सेठ, सबीता देवी, रीता लोहानी, पिंकी जैन, रेखा भदानी, लीना देवी,अंजु जैन,बलराम यादव, गंदौरी रजक, अविनाश चंद्रवंशी, पियूष सहल, अंकित गुप्ता, निरंजन कसेरा, नवीन जैन, सतीश कुमार, अरविंद वर्णवाल, अजीत चंद्रवंशी, राजु यादव समेत सैकड़ों कार्यकर्ता कार्यक्रम में उपस्थित हुए।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse