झारखंड

View All
Published / 2024-06-18 12:13:33
जेबीकेएसएस का साथ देने और विश्वास बनाये रखने के लिए धन्यवाद : धीरन महतो

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोयाबाद (धनबाद)। झारखंडी भाषा खतियान संघर्ष समिति के द्वितीय वर्ष पूर्ण होने पर जेबीकेएसएस युवा मोर्चा के धनबाद जिला संगठन मंत्री धीरन महतो ने सभी कार्यकर्ताओं और झारखंडवासियों को धन्यवाद दिया। 

उन्होंने कहा कि जेबीकेएसएस का दूसरा स्थापना दिवस 18 जून को है। आज ही के दिन 2 वर्ष पहले संगठन की स्थापना की गयी थी और लोगों का साथ व विश्वास भरपूर मिला। साथ ही कार्यकर्ताओं ने भी नि:स्वार्थ भाव से मेहनत और लगन के साथ जेबीकेएसएस के लिए कार्य किया। जिसके लिए उन्होंने सभी को बधाई दी व धन्यवाद दिया। 

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से विगत दो वर्षों से विश्वास और साथ बना हुआ है। यह साथ और विश्वास आगे भी बनाये रखना है और केंद्रीय अध्यक्ष जयराम महतो के हाथों को मजबूत करते हुए झारखंड नवनिर्माण का सपना पूरा करना है, जो सपना झारखंड के लिए हमारे वीर शहीद आंदोलनकारियों व महापुरुषों ने देखा है। 

उसे सभी को मिल कर पूर्ण करना हैं। शहीद भगत सिंह ने कहा था कि असली आज़ादी सिर्फ अंग्रेजों से नहीं बल्कि पूंजीपतियों के हाथों से भी लेनी हैं। ठीक उसी प्रकार हमारे पूर्वजों ने संघर्ष और बलिदान देकर झारखंड अलग राज्य का निर्माण तो कर लिया। 

लेकिन आज भी झारखंड वासी अपने अधिकारों से वंचित हैं। आदिवासी मूलवासियों का सिर्फ और सिर्फ शौषण हुआ हैं। जिसके लिए हमें एकजुट होकर जयराम महतो का साथ देना, ताकि झारखंड नवनिर्माण का अधूरा सपना पूरा हो।

लोकसभा चुनाव में जेबीकेएसएस के प्रति लोगों का रुझान देखकर विरोधियों में भय का माहौल है।जिस प्रकार से लाखों की संख्या में मत प्राप्त हुए हैं। उम्मीद की जा रहीं हैं और आंकड़ों से स्पष्ट होता हैं कि विधानसभा चुनाव में भारी सीटों की संख्या में जेबीकेएसएस की जीत होगी।

धीरन महतो के साथ बधाई और धन्यवाद देने वालों में राहुल महतो, अमृत महतो, योगेंद्र महतो, चंदन महतो, आशीष महतो, अमित महतो, सुजीत महतो, महेश कुमार महतो, मो नसीम आदि शामिल हैं।

Published / 2024-06-17 20:57:08
धनवंती देवी की पुण्यतिथि पर श्री लक्ष्मी वेंकटेश्वर अन्नपूर्णा सेवा में 185 लोगों ने किया भोजन

टीम एबीएन, रांची। रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन के द्वारा संचालित पहाड़ी मंदिर रोड स्थित श्री लक्ष्मी वेंकटेश्वर अन्नपूर्णा सेवा में 185 लोगों ने भोजन ग्रहण किया। आज की सेवा स्व धनवंती देवी की पुण्य स्मृति में उनके पुत्र नीरज भट्ट, धीरज भट्ट, राजेश भट्ट एवं ममता राय के द्वारा प्रायोजित थी। 

मौके पर भट्ट परिवार जनों ने धनवंती देवी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन के द्वारा संचालित पुरुलिया रोड स्थित स्वर्ण भूमि अन्नपूर्णा सेवा केंद्र में 175 लाभुकों ने भोजन ग्रहण किया।

मौके पर अन्नपूर्णा सेवा के संयोजक सुरेश चंद्र अग्रवाल ने कहा कि माता अन्नपूर्णा लोगों को इसी प्रकार सेवा करने की प्रेरणा प्रदान करें और प्रभु की कृपा सदैव इनके परिवार पर बनी रहे। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए अन्नपूर्णा सेवा निरंतर चलती रहेगी।

मौके पर मारवाड़ी सम्मेलन के जिलाध्यक्ष ललित पोद्दार, महामंत्री विनोद जैन, प्रमोद अग्रवाल, प्रदीप नारसरिया, संजय सर्राफ, मनोज रुइया, द्वारका प्रसाद अग्रवाल, बबलू हरित, सांवरमल बुधिया, रमेश बंका   सहित कई सदस्य उपस्थित थे।

रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा कि दोनों अन्नपूर्णा सेवा स्व सत्यनारायण नारसरिया एवं स्व शारदा देवी नारसरिया की स्मृति में एवं रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन के द्वारा संचालित है।

Published / 2024-06-17 20:53:06
समय कम और जिम्मेदारी बड़ी, संकल्पित होकर करें काम : सुदेश महतो

आजसू सुप्रीमो ने कहा- झारखंड राज्य में मौजूदा हालात बदलने के लिए संकल्पित होकर करें काम

टीम एबीएन, रांची। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा है कि राज्य में मौजूदा राजनीतिक हालात बदलने के लिए पार्टी के सभी कार्यकर्ता संकल्पित होकर काम करें। सुदेश कुमार महतो ने रांची कांके रिंग रोड स्थित सुनैना बैंक्वेट हॉल में आयोजित केंद्रीय समिति की बैठक में कहा कि समय कम है और हमारी जिम्मेदारी बड़ी है। राज्य के विषय विचार और भावना की रक्षा करने की प्रतिबद्धता को मजबूती प्रदान करें। 

जनता के बीच अपनी मौजूदगी को रिश्ते में बदलना है। इस दौरान पार्टी की भावी रणनीतियों और कार्यक्रमों पर पार्टी पदाधिकारियों ने विस्तृत चर्चा की। आजसू अध्यक्ष ने कहा कि संघर्ष ही हमारी पहचान है। संघर्ष के बूते ही हम अपने संकल्पों को पूरे करेंगे। इस राज्य ने पिछले साढ़े चार साल में खोया बहुत कुछ है। उसे वापस लाना है। इसलिए एक-एक कार्यकर्ता ईमानदारी से काम करें। 

पार्टी के पदाधिकारियों से भी उन्होंने जोर देकर कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर वे हर वर्ग में पहुंचे। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व में दिए गए निदेर्शों और तय कार्यक्रमों पर चर्चा की और कहा नेतृत्व तथा पार्टी के फैसले के साथ खड़े रहें। मेहनत का कोई दूसरा विकल्प नहीं। हम सभी को अपने राजनीतिक अनुभव को राज्य के हित में लगाना है।

Published / 2024-06-17 20:48:15
झारखंड : मामा बने चुनाव प्रभारी, हिमंत सह प्रभारी

शिवराज सिंह चौहान झारखंड के चुनाव प्रभारी नियुक्त, हिमंत विश्व सरमा सह-प्रभारी बनाये गये

टीम एबीएन, रांची। झारखंड विधासनभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कमर कस ली है। सोमवार (17 जून) को मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को झारखंड का चुनाव प्रभारी बनाया गया है। उनके साथ भाजपा के फायरब्रांड नेता और असम के सीएम हिमंतत विश्व सरमा को सह-प्रभारी बनाया गया है।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने यह जानकारी दी है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सह मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने संगठनात्मक नियुक्ति से संबंधित एक विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आगमी विधानसभा चुनावों के लिए प्रदेश चुनाव प्रभारी एवं सह-प्रभारियों की नियुक्ति की है।

झारखंड विधानसभा का चुनाव इस साल के अंत में नवंबर-दिसंबर में होने की संभावना है। लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा को झारखंड में बड़ा नुकसान हुआ था। इसलिए पार्टी ने विधानसभा चुनाव की तैयारी पहले से तेज कर दी है। बता दें कि लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा को सिर्फ 8 सीटों पर जीत मिली, जबकि वर्ष 2014 और वर्ष 2019 में उसने 11-11 सीटों पर जीत दर्ज की थी। आदिवासी बहुल किसी भी सीट पर भाजपा को इस बार जीत नहीं मिली।

Published / 2024-06-16 21:45:22
70 संस्थाओं ने किया केंद्रीय राज्य मंत्री सह सांसद संजय सेठ का सम्मान

महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित सम्मान समारोह मे 70 संस्थाओं ने रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ को किया सम्मानित

टीम एबीएन, रांची। नई दिशा के तत्वाधान मे महाराजा अग्रसेन भवन रांची मे एक भव्य सम्मान समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। सम्मान समारोह मे मंत्री बनने के बाद पहली बार रांची पधारने पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह रांची के सांसद श्री संजय सेठ का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। 

सभागार मे संजय सेठ के आगमन पर पुष्पों की वर्षा की गई, मारवाड़ी महिला मंच की महिलाओं ने आरती की थाली सजाकर पूरे पारंपरिक तरीके से तिलक लगाकर स्वागत की। बच्चों ने मनमोहक नृत्य कर अभिनंदन के गीत गाकर पूरे माहौल को खुशनुमा बना दी। सम्मान समारोह में नई दिशा एवं श्री कृष्ण जन्मोत्सव समिति की ओर से सांसद को पुष्प गुच्छ, प्रतीक चिन्ह एवं अंग वस्त्र ओढ़ाकर कर सम्मानित किया। 

कार्यक्रम संयोजक मुकेश काबरा ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए  कहा रांची के सांसद को रक्षा राज्य मंत्री का विशिष्ट स्थान मिलना पूरे झारखंड के लिए गौरव की बात है। तथा देश के लिए कार्य करने का उन्हें बहुत बड़ा अवसर मिला है। तथा इनको रक्षा राज्य मंत्री बनाए जाने से सभी लोग गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं।

सम्मान समारोह में रांची के करीब 70 सामाजिक, व्यवसायिक एवं धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने श्री संजय सेठ का पुष्प गुच्छ, प्रतीक चिन्ह व तलवार देकर एवं साफा पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया। कई प्रबुद्धजनों एवं शहर के प्रतिष्ठित लोगों ने भी उनका स्वागत किया। सभी लोग खूब उत्साहित एवं प्रफुल्लित थे। 

अग्रसेन भवन मे उत्साह एवं उल्लास का माहौल था।  सांसद संजय सेठ ने सभी संस्थाओं एवं प्रबुद्धजनों के प्रति  आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सबों से मिले स्नेह और सम्मान से अभिभूत हूं, उन्होंने कहा कि ईश्वर जब तक जीवन दिया है, नि:स्वार्थ भाव से समाज का कार्य करता रहूंगा। कल भी कार्यकर्ता था आज भी हूं और कल भी कार्यकर्ता रूप में कार्य करता रहूंगा। 

रांची के लोगों ने मुझे जो प्यार दिया है अब प्यार लौटने का समय मेरा आ गया है। तथा मेरे लायक जो भी कार्य होगा मै हमेशा करने में तत्पर रहूंगा, तथा सभी लोगों से हमेशा संपर्क में रहूंगा। उन्होंने कहा कि जितनी भी विकास की योजनाएं हैं उसे शीघ्र ही पूरा किया जाएगा। उन्होंने पहाड़ी मंदिर का जणोर्धार करने तथा सभी विकास कार्यों में तेजी लाने के बात कही। कार्यक्रम में सभी लोगों के साथ संजय सेठ ने अल्पाहार का भी आनंद लिया। 

कार्यक्रम के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि सम्मान समारोह कार्यक्रम सफल बनाने मे नई दिशा के मुकेश काबरा, अमित चौधरी, मनीष लोधा, सौरभ बजाज, सनी टिबडेवाल, सुनील पोद्दार, संतोष सेठ, यश सुरेखा, ललित ओझा श्रीराम शर्मा, मनोज कुमार, संजय सर्राफ, ने प्रमुख भूमिका निभाई।  

कार्यक्रम में भागचंद पोद्दार, पूर्व सांसद अजय मारू, महेश पोद्दार,  संजीव विजयवर्गीय,चंद्रकांत रायपत,किशोर मंत्री, बसंत मित्तल, ललित कुमार पोद्दार, विनोद जैन, सुरेशचंद्र अग्रवाल, अशोक नारसरिया, नंदकिशोर पाटोदिया, मनोज चौधरी, रमेश शर्मा, नरेंद्र गंगवाल, आशीष अग्रवाल, विनीता सिंघानिया, राजीव केडिया, प्रवीण लोहिया, महावीर सोमानी, किशन साबू, नरेंद्र लखोटिया,रतन अग्रवाल, रौनक झुनझुनवाला, विटुल वर्मा, रोहित शारदा, अशोक चौधरी, कुणाल अजमानी, अमर चंद्र बेगानी, राजेश खन्ना, उदय चौधरी, प्रमोद सिन्हा ,महेंद्र भगनिंया, धर्मचंद पोद्दार, निरंजन शर्मा, अनिल अग्रवाल, संजय जयसवाल, कुलतार सिंह, मस्तान सिंह, कमलेश संचेती, निर्मल बुधिया, कौशिक बदानी, प्रमोद अग्रवाल, सुनील माथुर, श्यामसुंदर गोयल, गौतम बियानी, दीपक मारु, ओमप्रकाश प्रणव, संजय पोद्दार, वासुदेव भल्ला, किशन शर्मा, पवन शर्मा, पवन पोद्दार, विकास अग्रवाल, अरुण बुधिया, विनय सरावगी, नरेश बंका,रवि शंकर शर्मा, सरवन अग्रवाल, सुनील केडिया, कमल खेतावत, राजकुमार मित्तल, श्यामसुंदर शर्मा, अंजय सरावगी, नीरज भट्ट, राजेंद्र केडिया, राम बांगड़, अजय खेतान, रोहित पोद्दार अमित शर्मा, शैलेश अग्रवाल, विनोद टिबडेवाल, विशाल पाड़िया,प्रमोद बगड़िया, किशन पोद्दार, किशन अग्रवाल, ललित पोद्दार, आकाश अग्रवाल, सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Published / 2024-06-16 21:43:56
जेसीआई यूथ रांची ने मनाया एक शाम बुजुर्गों के नाम

वृद्धाश्रम के बुजुर्गों को समर्पित

टीम एबीएन, रांची। रांची एक शाम पूज्य बुजुर्गों के नाम कार्यक्रम का आयोजन जेसीआई यूथ रांची ने बरियातू स्थित सीनियर सिटीजन ओल्ड ऐज होम में आयोजित किया। संस्था की अध्यक्ष सोनल अग्रवाल ने कहा कि वृद्धों को भोजन करा कर सेवा कर सभी वृद्धजनों का आशीर्वाद प्राप्त किया। वृद्ध जनों के सम्मान एवं मनोरंजन हेतु कार्यकम प्रस्तुत किये। जिसमें गाने गाये, उनके साथ डांस, अंताक्षरी खेली। 

अपनों के प्यार से दूर वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों को जब मनोरंजन के साथ अपनेपन का प्रेम माहौल मिला, तो उनकी खुशी का ठिकाना न रहा। जो लोग बुजुर्गों की सेवा करते हैं, उनकी आयु, विद्या, यश और बल में वृद्धि होती है। जिसके मार्ग दर्शन में हम काफी उन्नति कर सकते हैं। 

यदि हमारा धरती पर कोई वजूद है तो उसमे हमारे माता पिता एवं बुजुर्ग का योगदान है। कार्यक्रम को सफल बनाने में कार्यक्रम संयोजक सचिन ड्रोलिया, मोनिका गोयनका, विकास झाजारिया व अन्य सदस्य मौजूद थे।

Published / 2024-06-16 21:29:29
गुमला : कुएं की सफाई में एक की मौत, एक गंभीर

कुएं की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आए दो लोग, एक की मौत

एबीएन न्यूज नेटवर्क, गुमला। जिले में कुआं सफाई के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। जिले के चैनपुर मुख्यालय के कुरूपगढ़ रोड में कुआं की सफाई करने कुआं में उतरा एक युवक जहरीली गैस की चपेट में आ गया। जिसे बचाने के लिए पड़ोसी भिसेंट टोप्पो का 40 वर्षीय पुत्र विनय टोप्पो कुआं में उतरा। पहले युवक को बचाने के दौरान विनय जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया। 

जिसे पुलिस एवं सीआरपीएफ के जवानों ने करीब 1 घंटा कड़ी मशक्कत के बाद कुएं से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में विनय की गंभीर हालत को देखते हुए सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया जहां इलाज के दौरान विनय टोप्पो की मौत हो गयी। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 

जानकारी के अनुसार शनिवार को चांदसी दवाखाना के पास जमगाई गांव का एक युवक अशोक एक्का उर्फ गेड़ू कुआं की सफाई के लिए उतरा। जहां जहरीली गैस की चपेट में आकर छटपटाने लगा। जिसे बचाने के लिए विनय कुएं में उतरकर रस्सी के सहारे ग्रामीणों ने अशोक एक्का को सकुशल बाहर निकाल लिया। 

इस दौरान नीचे उतरा विनय जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया। जिसे बचाने एक अन्य युवक कुआं में उतरने लगा पर जहरीली गैस के कारण दम घुटने लगा। जिससे वह युवक किसी प्रकार बाहर आ गया। वहीं लगभग 1 घंटे के प्रयास के बाद पुलिस, सीआरपीएफ के जवान एवं ग्रामीणों ने बड़ी मुश्किल से विनय को हुक में फंसा कर बाहर निकाला एवं एंबुलेंस की मदद से चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाकर भर्ती कराया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत में गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान विनय की मौत हो गयी।

Published / 2024-06-16 21:27:21
गढ़वा : लाभुकों को महीनों से नहीं मिल रहा राशन

डीलर की मनमानी से लाभुक परेशान

एबीएन न्यूज नेटवर्क, गढ़वा। झारखंड सरकार के लाख प्रयास के बावजूद भी डीलर की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसके लिए जिले के अधिकारियों द्वारा भी कई बार दिशा निर्देश दिये जाने के बाद भी जनवितरण प्रणाली के दुकानदार सुधरने को तैयार नहीं है। यहां तक कि लाभुकों के साथ मारपीट व गाली गलौज तो उनके द्वारा आम बात हो गयी है।

वैसे ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी घटनाएं आम हो गया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रो में डीलर द्वारा लाभुकों को महीनों तक राशन नहीं दिया जाता। इतना ही नही ग्रामीण क्षेत्रों में किसी भी लाभुक का राशन कार्ड मेंशन नहीं किया जाता। लाभुक भूखे मरते हैं, पदाधिकारियों के पास दौड़ते हैं। इसका लाख प्रयासों के बाद भी ग्रामीणों को सिर्फ आश्वासन ही मिलता है। थक हार कर लाभुक डीलर के रहमोकरम पर आश्रित होकर रह जाते हैं।

ऐसा ही एक मामले का खुलासा गढ़वा जिले के सगमा प्रखंड के सोनडीहा गांव में हुआ है, जहां महीनों भर का राशन लाभुकों को दिया ही नहीं गया। लाभुकों को मारने के लिए लाठी तक उठ जाता है। गाली गलौज तो वहां के लाभुकों के लिए रोज की बात हो गया है। सोनडीहा ग्राम स्थित डीलर ज्योति-जागो समूह के द्वारा लाभुकों को कई महीनों से राशन नहीं दिया जा रहा है।

इतना ही नहीं डीलर द्वारा किसी भी लाभुक के कार्ड को सालों से मेंशन नहीं किया गया। इसी बात से आक्रोशित ग्रामीणों का गुस्सा इस बार सातवें आसमान पर है और ग्रामीण इस बार किसी भी हालत में वे उस डीलर से छुटकारा पाना चाहते हैं। 

वहीं सोनडीहा गांव के दर्जनों ग्रामीणों ने इस बार तंग आकर डीलर के विरुद्ध लिखित शिकायत अनुमंडल पदाधिकारी को दिया है। ग्रामीणों ने कहा कि एसडीओ से ग्रामीण काफी उम्मीद लगाये हैं। इस बार कार्रवाई करते हुए हम लोग को उस डीलर से निजात चाहिए और दूसरे डीलर के पास अब हम लोग का राशन मिले इसी उम्मीद से हम लोग इस बार नगर बंशीधर एसडीओ को दर्जनों महिला पुरुष एक साथ लिखित रूप से आवेदन दिये हैं। 

ताकि न्याय मिल सके। लेकिन गढ़वा जिला का ये कोई पहला मामला नहीं इस तरह का मामला लगातार आते रहते है, लेकिन इस बार इस डीलर पर क्या कार्रवाई होती है और ग्रामीणों को उनकी शिकायत पर कितना पहल होता है यह एक बड़ा सवाल जरूर है।

Page 573 of 1699

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse