टीम एबीएन, रांची। राज्य में देवेंद्रनाथ महतो पर गंभीर लाठीचार्ज प्रकरण थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते शनिवार को राजधानी रांची के अल्बर्ट एक्का चौक, धनबाद, बोकारो, हजारीबाग, कोडरमा समेत राज्य के सभी जिला मुख्यालय में पुलिस प्रशासन और राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन एवं पुतला दहन किया गया। साथ ही सोशल साइट में विरोध प्रदर्शन जारी है।
रांची लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं झारखंडी भाषा खतियान संघर्ष समिति के वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्रनाथ महतो पिछले चार दिनों से रिम्स रांची में इलाजरत हैं। शरीर में अंदरूनी जख्म है। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार शरीर कुल 18 जगह जख्मी है। अस्पताल में पुलिस प्रशासन की विशेष टीम के निरीक्षण में इलाज चल रही है। प्रशासन की ओर से निरीक्षण में प्रतिदिन 30 पुलिस कर्मियों को लगाया गया है। शुभचिंतक एवं परिजनों को मिलने से पूर्व पहचान-पत्र आदि जांच भी की जा रही है।
आज सोमवार को झारखंड राज्य अलग आंदोलनकारी सह पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा भी तबीयत की स्थिति जानने अस्पताल पहुंचे। मुलाकात के बाद मीडिया वार्ता में श्री बेसरा ने कहा कि रांची लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी पर पुलिस का इस तरह से घेरकर जानलेवा लाठीचार्ज की हम निंदा करते हैं। मानव अधिकार आयोग के समक्ष पुलिस प्रशासन के इसका अमानवीय व्यवहार खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करेंगे। बताते चलें कि बिते शुक्रवार को राज्य के आंदोलनरत सहायक पुलिस कर्मियों का सशरीर समर्थन देने दौरान प्रशासन ने लाठी चार्ज किया था, जिसमें देवेंद्र जख्मी हो गये थे।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में लालू प्रसाद की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल, झामुमो और कांग्रेस के साथ महागठबंधन में है। हेमंत सोरेन सरकार 3.0 में भी पार्टी के एकमात्र विधायक सत्यानंद भोक्ता बतौर श्रम मंत्री शामिल हैं। इसके बावजूद गाहे-बगाहे राजद के नेता ऐसे बयान दे देते हैं। जिससे विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में इंडिया ब्लॉक और महागठबंधन के बिखरने के कयास लगने लगते हैं।
ताजा मामला राष्ट्रीय युवा जनता दल के झारखंड प्रदेश प्रभारी राजीव झा के उस बयान का है। जिसमें उन्होंने कहा है कि सीट शेयरिंग का क्या फॉर्मूला होगा यह हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद और नेता प्रतिपक्ष बिहार तेजस्वी यादव तय करेंगे लेकिन इतना भरोसा हम दिलाते हैं कि इस बार राष्ट्रीय जनता दल अपने सेल्फ रेस्पेक्ट (स्वाभिमान) से समझौता नहीं करेगा। युवा राजद के झारखंड प्रदेश प्रभारी राजीव झा ने कहा कि हमारे वरिष्ठ नेता झारखंड विधानसभा चुनाव में सीट को लेकर उचित प्लेटफार्म पर बात कर रहे हैं।
युवा राजद के प्रदेश प्रभारी ने कहा कि सिर्फ सत्ता पाना राजद के लक्ष्य नहीं है। यही वजह है कि मणिपुर, उत्तर प्रदेश में भी हमने फिरकापरस्त ताकतों को रोकने के लिए चुनाव नहीं लड़ा। लेकिन झारखंड में वह फिर एक बार कह रहे हैं कि राजद सेल्फ रेस्पेक्ट से समझौता नहीं करेगा, नहीं करेगा, नहीं करेगा। उत्तर प्रदेश में दुकानदार का नाम उजागर करने के आदेश और मंत्री गिरिराज सिंह के बयान को राजीव झा ने मूल मुद्दा से भटकाने वाला बयान करार दिया।
आज पार्टी के प्रदेश कार्यालय में युवा राजद के प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक हुई। जिसमें युवा राजद के सभी जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, नगर और महानगर के युवा राजद पदाधिकारी ने शिरकत की। कार्यकारिणी की बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव के बेहद नजदीक आ जाने का जिक्र करते हुए प्रदेश अध्यक्ष रंजन यादव ने कहा कि हर बूथ तक अपनी पहुंच बनाएं और यह सुनिश्चित करें कि हर बूथ पर कम से कम 10 यूथ जरूर हों।
रंजन यादव ने प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में भाग लेने आये पदाधिकरियों से कहा कि जनसरोकार के मुद्दे पर वह जनता से जुड़ें, उनकी समस्याओं को दूर करने की कोशिश करें, अगर प्रखंड और जिला स्तर पर समस्याएं नहीं दूर होती है। प्रदेश राजद के पदाधिकारियों को इसकी सूचना दें। उन्होंने कहा कि संगठन को धारदार बनाने के लिए बहुत जरूरी है कि हम जनता की आवाज बनें।
टीम एबीएन, रांची। पहाड़ी मंदिर में सावन की शुरुआत और पहली सोमवारी पर रविवार की आधी रात के बाद से बाबा भोलेनाथ को जलाभिषेक के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ेगी। बाबा का दरबार सुबह साढ़े तीन बजे सरकारी पूजा-अर्चना के बाद से खोल दिया जायेगा। इस दिन अरघा के माध्यम से भक्त बाबा को जलाभिषेक करेंगे। यह अरघा दिन भर लगा रहेगा। शाम में इसे हटाकर बाबा का विशेष शृंगार किया जायेगा। इसके बाद बाबा का शृंगार दर्शन देख सकेंगे। इसके बाद बाबा का पट बंद कर दिया जायेगा।
रविवार को रांची एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा पहली सोमवारी को लेकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे और आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। सावन महीने में प्रत्येक सोमवार को यह अरघा लगाया जायेगा। सावन की पहली सोमवारी पर बाबा को छप्पन भोग लगाया जायेगा। यह भोग शाम की आरती के बाद लगाया जायेगा। पहाड़ी मंदिर को रंगबिरंगे बल्बों से सजाया गया है।
सावन को लेकर पहाड़ी मंदिर के समीप पूजा की दुकानें सज गयी हैं। यहां बानो मंजिल रोड से लेकर सती मंदिर रोड व कमलाकांत रोड में दुकानें सज गयी हैं। जहां नारियल, फूल और बेल पत्र से लेकर इलाइची दाना सहित अन्य पूजन सामग्री रखी गयी है। इसके अलावा बच्चों के खिलौने और खाने-पीने की भी दुकानें खुली हैं। बच्चों के लिए झूले भी लगाये गये हैं, जहां वह शुल्क अदा कर इसका आनंद ले सकेंगे।
मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार के समीप से भक्तों के मुख्य मंदिर में जाने की व्यवस्था की गयी है। यहां महिला व पुरुषों के लिए अलग-अलग कतार की व्यवस्था है।
रविवार की रात से ही भक्त चुटिया स्थित स्वर्णरेखा नदी तट जायेंगे। जहां भक्त स्नान-ध्यान करने के बाद जल लेकर पैदल कांवरिया व अन्य वेश भूषा में पहाड़ी मंदिर की ओर जायेंगे। वहीं कई भक्त आमरेश्वर धाम भी जायेंगे। जहां वह बाबा को जलाभिषेक करेंगे। इसके लिए अलबर्ट एक्का चौक सहित अन्य जगहों से बस और अन्य वाहन खुलेंगे। वहीं कई भक्त निजी वाहनों से भी वहां जायेंगे। कांवरियों की सुविधाओं के लिए कई जगहों पर रविवार की रात को सेवा शिविर लगाया जायेगा। कई लोग निजी स्तर पर भी सेवा शिविर लगाकर उनके लिए चाय, पानी आदि की व्यवस्था करते हैं।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, हज़ारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले में श्रद्धालुओं को ले जा रहे वाहन (वैन) के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गयी, जबकि 15 अन्य घायल हो गये। बरही उपमंडल के पुलिस अधिकारी सुरजीत कुमार ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना कार्सो गांव के पास उस समय हुई जब श्रद्धालु रजरप्पा स्थित छिन्नमस्तिका मंदिर के दर्शन के बाद बिहार के नवादा लौट रहे थे। मृतकों की पहचान देवानंद उर्फ देवचंद चौहान (50) और सौरव चौहान (30) के रूप में हुई है, दोनों एक ही परिवार के थे। तीसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
सभी घायलों को हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह दुर्घटना तब हुई जब चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराकर पलट गया।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लातेहार। सदर थाना क्षेत्र के करकट गांव के पास रविवार को लातेहार- डाल्टनगंज मुख्य मार्ग पर एक ट्रक और पिकअप वाहन में जोरदार टक्कर हो गयी। इस घटना में पिकअप पर सवार एक व्यक्ति की मौत हो गयी।
जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये हैं। मृतक की पहचान पलामू जिले के बारीदुआ गांव निवासी गोल्डन खान के रूप में हुई है। जबकि घायलों की पहचान पलामू निवासी नीरज कुमार और चंदन कुमार के रूप में हुई है। दरअसल, रांची से मछली लेकर पिकअप वाहन पलामू की ओर जा रही थी।
इसी दौरान लातेहार सदा थाना क्षेत्र के करकट के निकट विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक से पिकअप वाहन की सीधी टक्कर हो गयी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन के सामने का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जिस कारण पिकअप पर सवार सभी लोग गाड़ी में ही फंस गये।
बाद में स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। एक की मौत हो गयी थी और दो गंभीर रूप से घायल थे। स्थानीय लोगों की माने तो जिस स्थान पर वाहनों की टक्कर हुई है वहां पर सड़क पूरी तरह सीधी और सपाट है।
इसी कारण दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन की रफ्तार काफी तेज थी। ट्रक भी विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहा था। इसी बीच अचानक दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर हो गयी। स्थानीय लोगों के द्वारा ऐसी आशंका जतायी जा रही है कि वाहन चालक को झपकी आ गयी होगी। जिस कारण अनियंत्रित होकर दोनों वाहनों में टक्कर हो गयी।
इधर, शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। इधर, घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को भी दे दी गयी है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, देवघर। झारखंड के देवघर श्रावणी मेला की औपचारिक शुरुआत हो गयी। देवघर के दुम्मा गेट पर रविवार को राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर और कृषि मंत्री दीपिका पांडेय ने फीता काटकर श्रावणी मेला की शुरुआत की।
मेले का उद्घाटन करने के बाद मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि बाबा धाम में जलाभिषेक करने वाले श्रद्धालुओं के लिए पेयजल की व्यवस्था के साथ-साथ उनके ठहरने और आराम की भी व्यापक व्यवस्था जिला प्रशासन की ओर से की गयी है। उन्होंने कहा कि पिछले साल करीब 55 लाख श्रद्धालु जलाभिषेक करने आये थे लेकिन इस बार की तैयारियों के अनुसार ऐसा लग रहा है कि इस साल करीब 75 लाख श्रद्धालु जलाभिषेक करने आयेंगे
मंत्री दीपिका सिंह पांडेय ने कहा कि वे जिला प्रशासन से अनुरोध और निर्देश देती हैं कि लाखों की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को बाबा धाम में किसी तरह की परेशानी न हो इसका विशेष ध्यान रखें। क्योंकि जिला प्रशासन जिस तरह से श्रद्धालुओं के साथ व्यवहार करेगा, वैसी ही छवि पूरे झारखंड की बनेगी। सावन में झारखंड ही नहीं बल्कि बिहार, पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों से भी लोग जलाभिषेक करने आते हैं।
इसलिए जरूरी है कि जिला प्रशासन के लोग श्रद्धालुओं के साथ अच्छा व्यवहार करें ताकि पूरे देश में झारखंड की छवि अच्छी बन सके। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान जिले के उपायुक्त विशाल सागर के साथ-साथ देवघर एसपी अजीत पीटर डुंगडुंग, पर्यटन सचिव मनोज कुमार, डीडीसी नवीन कुमार, सिविल सर्जन रंजन सिन्हा विधायक नारायण दास समेत जिले के कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
टीम एबीएन, रांची। सहायक पुलिसकर्मी का आंदोलन जारी है। कल शुक्रवार को सहायक पुलिसकर्मी और प्रशासन की टीम के बिच वार्ता हुआ जिसमें वेतन में 25% बढ़ोतरी की बात कही गयी। जिसे आंदोलनरत्त सहायक पुलिस कर्मियों ने स्वीकार नहीं किया।
मोरहाबादी मैदान में धरना आज 19वां दिन भी जारी है। झारखंडी भाषा खतियान संघर्ष समिति के आह्वान पर घोषित सीएम आवास घेराव कल काफी संघर्षमय रहा। दोनों पक्षों में काफी नोकझोंक हुआ। दर्जनों घायल हुए।
आंदोलन का समर्थन दे रहे JBKSS उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ महतो भी अचेत हो गये। उन्हें रिम्स रांची रेफर किया गया। इलाजरत देवेंद्र नाथ महतो ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बाहरी पुलिस बल के द्वारा हमें टारगेट करते हुए घातक लाठी चार्ज किया है।
वहीं जेविकेएस के केंद्रीय अध्यक्ष टाइगर जयराम महतो ने अपने केंद्रिय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्रनाथ महतो और आंदोलनरत सहायक पुलिस कर्मियों पर लाठी चार्ज का कड़ी निंदा किया। टाइगर जयराम कुमार महतो के आह्वान पर आज शनिवार को राजधानी रांची समेत राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में राज्य सरकार के दमनकारी नीतियों का विरोध प्रदर्शन किया गया।
हेमंत सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गयी। देवेंद्र नाथ महतो पर घातक लाठी चार्ज वाले को चिन्हित कर गिरफ्तारी की मांग की गयी। एवं मुख्यमंत्री और पुलिस प्रशासन का पुतला दहन किया गया। बताते चलें कि बीते शुक्रवार को लाठी चार्ज के दौरान दर्जनों महिला सहायक पुलिसकर्मी भी बुरी तरह से घायल हुए हैं, जो फिलहाल इलाजरत हैं।
आज राजधानी रांची में शहीद चौक से लेकर अल्बर्ट एक्का चौक तक पैदल मार्च किया गया। वही अल्बर्ट एक चौक में मुख्यमंत्री और पुलिस प्रशासन का पुतला दहन किया गया। आज अल्बर्ट एक्का चौक के इस विरोध प्रदर्शन महिला मोर्चा अध्यक्ष दमयंती मुंडा, संजय मेहता, नवीन प्रसाद महतो, रविंद्र कुमार, चंदन, लकी रामू,आदि सैकड़ो मौजूद रहे।
टीम एबीएन, रांची। तीन दिवसीय उमंग सावन एग्जिबिशन का समापन शनिवार माहेश्वरी भवन में हुआ। इस तीन दिवसीय मेले में सभी स्टॉल वालों की खूब बिक्री हुई ग्राहकों को यहां के सब कलेक्शन बहुत पसंद आये। आने वाले त्योहार, राखी तीज, सिंजारा के लिए सभी ने खूब खरीदारी की।
चाहे वह हैंड मेड राखी हो या कॉटन बेडशीट सेट, प्योर साउथ सिल्क, मोडाल सिल्क, ट्रेंडी गाउन, सूट फैंसी साड़ी या फिर लजीज व्यंजन आने वाले सभी को सब कुछ बहुत पसंद आया, जिसे यहां के स्टाल वाले भी बहुत खुश हुए।
उमंग टीम की सुमन चितलांगिया, संगीता चितलांगिया, रेनू फलोर, शशि डागा ने बताया इन तीन दिन हर तीसरे घंटे लकी ड्रा एवं आखरी दिन 10,000/- की खरीद में गिफ्ट दिया गया जिससे उद्यमी एवं ग्राहक खुश हुए।
एग्जीबिशन के समापन में सभी स्टाल धारक को गिफ्ट दिया गया। वह अभी से ही उमंग के अगले मेले के लिए इंतजार में है। उमंग एग्जिबिशन को सफल बनाने में निधि बियानी, रश्मि मालपानी विनीता चितलांगिया, शारदा लड्डा एवं भवन सदस्य का साथ रहा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse