टीम एबीएन, रांची। राष्ट्रीय आह्वान पर आज एजी कॉलोनी डोरंडा स्थित अतिरिक्त निदेशक, सीजीएचएस कार्यालय के सामने 14 सूत्री मांगों के समर्थन में आल इंडिया पोस्टल/आर एम एस पेंशनर्स एसोसिएशन झारखंड के बैनर तले एम जेड खान, राज्य सचिव के नेतृत्व में एक दिवसीय धरना दिया गया। यह धरना देश के प्रत्येक अतिरिक्त निदेशक, सीजी एच एस कार्यालय के सामने दिया जा रहा है। इससे पूर्व 29 जुलाई को ईमेल कैंपेन के तहत प्रधानमंत्री, रेल मंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, कैबिनेट सचिव एवं महानिदेशक, सीजीएचएस को 14 सूत्री मांगों सहित ईमेल किया गया था।
आज के धरना में रांची एवं धनबाद के सीजी एच एस के लाभार्थी बड़ी संख्या में शामिल हुए। धरना में के डी राय व्यथित, त्रिवेणी ठाकुर, गौतम विश्वास, त्रिलोकीनाथ साहू, सुखदेव राम, रमेश सिंह, एस पी मंडल, एन के मंडल, फनी रजक, चंदेश्वर राम, धनेश्वर गोस्वामी, हसीना ग्रेस तिग्गा, बी बारा, कर्मेंद्र कुमार, राजेंद्र महतो, अवधेश पाठक, सर्वेश नायक, एस गोराई, महावीर सिंह, राज किशोर सिंह यादव, रफी अहमद, रामचंद्र प्रसाद, चंद्रप्रकाश, देवचरण साहू आदि शामिल हुए। धरना 11 बजे से तीन बजे तक चला। धरना को एम जेड खान, केडी राय व्यथित, त्रिवेणी ठाकुर, गौतम विश्वास ने संबोधित किया। उक्त जानकारी आॅल इंडिया पोस्टल/ आर एम एस पेंशनर्स एसोसिएशन झारखंड, रांची के राज्य सचिव एम जेड खान ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, हजारीबाग। जिला के बरही रियाडा कंपनी परिसर में संचालित पवन पुत्रा प्लांट के चिमनी में ब्लास्ट, आधा दर्जन मजदूरों की मौत की सूचना मिल रही है। दर्जन भर से अधिक घायल होने की सूचना है। घायलों को इलाज के लिए आरोग्यम अस्पताल लाया गया है।
टीम एबीएन, लोहरदगा। गायत्री परिवार लोहरदगा से जुड़ी सामाजिक नेत्री, धर्मनिष्ठ, मृदुभाषी और मिलनसार महिला किरण देवी नहीं रहीं। वह 54 वर्ष की थीं। सोमवार देर रात 12:30 बजे उन्होंने महादेव आश्रम नावाडीपाड़ा, लोहरदगा स्थित देवकुंज भवन में अंतिम सांस लिया।
किरण देवी लोहरदगा गायत्री परिवार और लोहरदगा गायत्री शक्तिपीठ के ट्रस्टी राजेंद्र प्रताप देव की पुत्रवधू और शहर के जाने-माने सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता बलबीर देव की धर्मपत्नी थीं। वह अपने पीछे एक पुत्र विश्वजीत देव और तीन पुत्रियां पूजा, अर्चना, निशा समेत भरापूरा परिवार छोड़ गयी हैं। वह पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रही थी।
उनका इलाज वेल्लोर और रांची में चल रहा था। उनका अंतिम संस्कार मंगलवार छह अगस्त को उनके पैतृक गांव सेन्हा प्रखंड के बदला पंचायत अंतर्गत आराहांसा नदी तट पर पूर्वाहन 11:30 बजे किया जायेगा।
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को झारखंड विधानसभा परिसर से अपनी महत्वाकांक्षी झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 10 एलईडी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर अलग-अलग जिलों के लिए रवाना किया था। वहीं, आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की शुरूआत पर एक्स हैंडल पर पोस्ट कर झारखंड की बहनों को बधाई दी है।
सीएम हेमंत ने कहा, योजना का लाभ लेने में बहनों को आ रही शुरूआती परेशानी के बारे में उन्हें जानकारी मिली है। योजना को लेकर आ रही तकनीकी समस्याओं के त्वरित निवारण के लिए उन्होंने निर्देश दिया है तथा इस मामले को लेकर वरीय पदाधिकारियों की भी बैठक हुई है। योजना को लेकर दिख रहे उत्साह को लेकर उन्होंने पूरे राज्य में प्रज्ञा केंद्रों की संख्या बढ़ाने का भी निर्देश दिया है।
सभी बहनों को यह बताना चाहता हूं कि यह हमेशा चलने वाली योजना है। योजना का लाभ लेने हेतु कोई समय सीमा नहीं है।
विशेष कैम्प के आयोजन के बाद भी जरूरतमंद बहनें कभी भी अपने नजदीकी प्रज्ञा केंद्र में जाकर इस योजना का लाभ ले सकेंगी। योजना से लोगों को आसानी से लाभ मिले, इसलिए 10 अगस्त तक विशेष कैम्प का आयोजन किया जा रहा है, जिसे और 5 दिन बढ़ाने का निर्देश दिया है। विशेष कैम्प के आयोजन के बाद भी आप जब भी चाहें, अपनी सुविधानुसार योजना का लाभ ले सकती हैं।
सीएम ने आगे कहा, उन्हें यह भी जानकारी मिली है कि योजना में बहनों को मिल रहे लाभ को देखते हुए कहीं-कहीं कुछ बिचौलिए भी सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने कहा कि वह सभी को बताना चाहते हैं कि इस योजना की पूरी प्रक्रिया नि:शुल्क है, इसलिए बिचौलियों से सावधान रहें। सभी जिला प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि कहीं भी बिचौलियों की सूचना मिले, तो उन पर कड़ी कार्रवाई करें।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, गिरिडीह। सावन के तीसरे सोमवार को लेकर गिरिडीह के हर शिव मंदिर में भक्तों की भीड़ भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए उमड़ी, लेकिन इसी बीच सोमवार को जिला मुख्यालय के औद्योगिक क्षेत्र जामबाद के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल बाबा दुखिया नाथ धाम में एक हादसे ने पूजा के माहौल को गम में बदल दिया।
बताया जा रहा है कि बाबा दुखहरण नाथ धाम में पूजा- अर्चना के लिए धनबाद के कतरास से परिवार के साथ आए एक 17 वर्षीय युवक गौतम दुखहर नाथ धाम के उसरी नदी में पानी के तेज धार में बह गया। युवक का अभी तक कोई अता पता नहीं चला, लेकिन स्थानीय गोताखोर युवक गौतम का पता लगाने में जुटे हुए हैं। दूसरी तरफ उसकी मां, दादा- दादी और चाची का रो रो कर बुरा हाल है। फिलहाल सकुशल गौतम के निकलने की उम्मीद लगाए सभी नदी तट पर ही रुके हुए है।
वहीं गौतम की मां मंदिर के भीतर शिवलिंग के पास बैठ कर बेटे को सुरक्षित वापसी की प्रार्थना रही है। इस दौरान जानकारी मिलने के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस भी दुखहरण नाथ धाम पहुंच कर युवकों के प्रयास से गौतम के तलाश में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार घटना सोमवार की सुबह करीब 11 बजे की है।
धनबाद के कतरास का युवक गौतम अपने दादा, दादी मां और चाची के साथ गिरिडीह के दुखहरण नाथ धाम पहुंचा था। इस दौरान सभी दुखहरण नाथ धाम के समीप उत्तर वाहिनी उसरी नदी में स्नान के लिए उतरे। नहाने के क्रम में गौतम नदी तट से कुछ दूर गहरे पानी में चला गया, इसकी जानकारी परिवार के सदस्यों को नहीं हो पाई।
इस दौरान जब सभी बाहर निकले और मंदिर में पूजा- अर्चना के लिए घुसे तो गौतम को न देख सभी परेशान हो गए। नदी में नहा रहे लोगों ने बताया कि एक युवक दूर जा बह गया। इसके बाद उसकी खोजबीन शुरू की गयी। वहीं, स्थानीय युवाओं के बजाय अब देवघर से गोताखोर बुलाये जा रहे हैं।
टीम एबीएन, रांची। रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन के द्वारा संचालित पहाड़ी मंदिर रोड स्थित श्री लक्ष्मी वेंकटेश्वर अन्नपूर्णा सेवा 285 लोगों ने भोजन प्राप्त किया। रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन के द्वारा संचालित पुरुलिया रोड स्थित स्वर्णभूमि अन्नपूर्णा सेवा केंद्र में 215 लाभुकों ने भोजन प्राप्त किया। दोनों अन्नपूर्णा सेवा में 500 लोगों ने भोजन किया।
अन्नपूर्णा सेवा के संयोजक सुरेश चंद्र अग्रवाल ने कहा की माता अन्नपूर्णा लोगों को इसी प्रकार सेवा करने की प्रेरणा प्रदान करें और प्रभु की कृपा सदैव सबों के परिवार पर बनी रहे। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए अन्नपूर्णा सेवा निरंतर चलती रहेगी। दोनों अन्नपूर्णा सेवा विगत 2 वर्षों से प्रतिदिन सफलतापूर्वक चलाया जा रहा है।
मौके पर मारवाड़ी सम्मेलन के जिला अध्यक्ष ललित कुमार पोद्दार, महामंत्री विनोद कुमार जैन, प्रमोद अग्रवाल, प्रदीप नारसरिया, संजय सर्राफ, मनोज रुइया, द्वारका प्रसाद अग्रवाल, निर्भय शंकर हरित, सांवरमल बुधिया, रमेश बंका, सहित कई सदस्य उपस्थित थे।
रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा कि दोनों अन्नपूर्णा सेवा स्व. सत्यनारायण नारसरिया एवं स्व. शारदा देवी नारसरिया की स्मृति में एवं रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन के द्वारा संचालित है।
टीम एबीएन, रांची। बिहार में जड़े जमाने के साथ-साथ केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की नजर झारखंड पर भी है। वे आगामी विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी उतारकर अपना दम दिखाने वाले हैं। दरअसल, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) सेक्युलर की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक रांची में संपन्न हुई। इस मीटिंग में देश के लगभग 12 से 13 राज्य के नेता शामिल हुए।
जीतन राम मांझी ने कहा कि अब हम सेकुलर जो है वह केवल बिहार की पार्टी नहीं रही बल्कि अब देश अस्तर की राष्ट्रीय स्तर की पार्टी हो गयी है। बैठक में कई यहां मुद्दों पर बात हुई है जिसमें कुल 6 से 7 जो है रेगुलेशन कार्य करने की बैठक में पास किये गये। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी का एक ही उद्देश्य है कि समाज में दो ही जाति के लोग होते हैं एक अमीर और दूसरे गरीब। हमारी पार्टी दलित व गरीबों के लिए बराबर काम करते हैं और बाबा भीमराव अंबेडकर ने कहा था कि जब तक राजनीति रूपी चाबी गरीबों को नहीं मिलेगी तब तक विकास रूपी ताला नहीं खुलेगा। इसी के तहत हम लोगों की मान्यता है कि बड़ी संख्या में मजदूर जो है वह माइग्रेट करते हैं वह चाहे बिहार हो, उड़ीसा हो, झारखंड हो या बंगाल हो और दूसरे राज्यों में जाकर काम करते हैं, लेकिन जब चुनाव की बेला आई है तो यह वापस वोट करने नहीं आ पाए क्योंकि मजदूरी मिलती है तो समय नहीं मिलता है या किसी कारण से वह लौटकर नहीं आ पाते हैं।
जीतन राम मांझी ने कहा कि विधानसभा की अगर बात करें तो विधानसभा में 10 से 15000 मजदूर आ नहीं पाते हैं। अगर लोकसभा की बात करें तो यह संख्या 70 से 80 हजार हो जाती है और वह अगर वोट कास्ट करते हैं तो इससे हिंदुस्तानी आता मोर्चा सेकुलर के सेहत पर बहुत अच्छा असर पड़ता है। इसलिए हम लोगों ने आज निर्णय लिया है कि हम भारत सरकार और राज्य सरकार से मांग करेंगे कि जब भी मजदूर बाहर जाते हैं तो उनका रजिस्ट्रेशन हो। बिना रजिस्ट्रेशन वह नहीं जाए और जो बिना रजिस्ट्रेशन के जाते हैं तो उन पर कार्रवाई करें।
जो लोग रजिस्ट्रेशन से जाते हैं तो हम सरकार से मांग करते हैं कि सरकार उन्हें अपनी व्यवस्था पर वोट देने के लिए राज्य लाए। वहीं हम पार्टी के संरक्षक व केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने ऐलान किया है कि झारखंड विधानसभा चुनाव में पार्टी लड़ेगी। अब यह कितने सीटों पर लड़ेगी और कैसे लड़ेगी, किस स्तर पर लड़ेगी इसका निर्णय आने वाले दिनों में पार्टी बतायेगी।
टीम एबीएन, रांची। आज दिनांक 5 अगस्त को आल इंडिया पोस्टल/आर एम एस पेंशनर्स एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल एम जेड खान, राज्य सचिव के नेतृत्व में मुख्य डाक महाध्यक्ष झारखंड परिमंडल व्ही सी राय से 4 सूत्री मांगों को लेकर मिला। जिसमें पोस्टमैन/ मेलगार्ड के जनवरी 1996 से बकाया भुगतान को सुनिश्चित करना, जनवरी 1986 से इंडक्शन ट्रेनिंग की अवधि को प्रोन्नति में समायोजित कर लाभ देना, रुल 9 के लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करना, 6 माह के अंतराल पर राज्य स्तरीय पेंशन अदालत का आयोजन करना शामिल था तथा पोस्टल कॉलोनी लालपुर में स्थित वेलनेस सेंटर के जर्जर भवन को प्राथमिकता सूची में मरम्मत करना आदि मुद्दे पर चर्चा की गयी।
भवन की मरम्मत को लेकर मुख्य डाकमहाध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि एग्रीमेंट की शर्तों के अनुसार मरम्मत का काम सी जी एच एस को करना है। क्योंकि डाक विभाग ने पोस्टल क्वार्टर सी जी एच एस को एक रुपया किराया पर कैबिनेट अप्रूवल के पश्चात ही दिया है। केंद्रीय स्वास्थ्य विभाग अपने स्तर से वेलनेस सेंटर के भवन की मरम्मत का उत्तरदायी है।
अन्य मांगों के संदर्भ में उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि इस पर शीघ्र उचित कार्यवाई की जाएगी। पोस्टमैन के बकाया भुगतान को लेकर चीफ पी एम जी ने विशेष रुचि दिखाई क्योंकि ये मामला मंडलों में 5 साल से अधिक समय से मंडलाध्यक्षों की अरुचि के कारण लंबित चला आ रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने चीफ पी एम जी का ध्यान आकृष्ट करते हुए रेखांकित किया कि सिंहभूम डिविजन में लंबित 98 मामलों, पलामू में 43 मामलों में एक भी मामले का निपटारा नहीं किया गया है। उसी प्रकार धनबाद के 120 में 2, दुमका के 85 मामलों में 8, हजारीबाग के 93 मामलों में 30, गिरिडीह के 43 में 2, रांची के 147 में 93 एवं देवघर के 23 लंबित मामलों में मात्र 2 मामलों का निपटारा किया गया है
चीफ पी एम जी ने गंभीरता से डेलिगेशन की बातें सुनी और उचित कार्यवाई का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में एम जेड खान के अलावा केडी राय व्यथित, त्रिवेणी ठाकुर, गौतम विश्वास, त्रिलोकी नाथ साहू, बी बारा, हसीना तिग्गा, रामचंद्र प्रसाद शामिल थे।
ज्ञात हो कि व्ही सी राय ने जुलाई के प्रथम सप्ताह में चीफ पी एम जी झारखंड सर्किल के पद पर योगदान दिया है। लगभग एक वर्ष से ये रिक्त था जिसके कारण झारखंड परिमंडल के कार्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था। उक्त जानकारी आॅल इंडिया पोस्टल/आर एम एस पेंशनर्स एसोसिएशन, झारखंड रांची के स्टेट सचिव एम जेड खान (मोबाईल नम्बर 6201143329) ने दी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse