झारखंड

View All
Published / 2024-08-17 23:26:36
प्रवीण चौधरी और आयुष चौधरी को गुरु नानक सेवक जत्था ने किया सम्मानित

  • रोजाना अपने पेट्रोल पंप में गुरवाणी के शबद कीर्तन बजाने वाले प्रवीण चौधरी और आयुष चौधरी को गुरु नानक सेवक जत्था ने किया सम्मानित

टीम एबीएन, रांची। गुरु नानक सेवक जत्था द्वारा आज  हरमू रोड स्थित शक्ति सर्विस स्टेशन पैट्रोल पंप के मालिक प्रवीण चौधरी एवं उनके सुपुत्र आयुष चौधरी को उनके पेट्रोल पंप जाकर वहीं सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें गुरबाणी से प्रभावित होकर रोजाना अपने पेट्रोल पंप में शबद कीर्तन बजाने के उपलक्ष में दिया गया। जत्था की ओर से रमेश तेहरी ने बुके और पंकज मिढ़ा ने मोमेंटो भेंट किया और तेजिंदर सिंह ने सारोपा ओढ़ाकर सम्मानित किया।

इस सम्मान कार्यक्रम में जत्था के मनीष मिढ़ा, पवनजीत सिंह खत्री, आशु मिढ़ा, नवीन मिढ़ा, रमेश तेहरी, अश्विनी सुखीजा, उमेश मुंजाल, सूरज झंडई, अनिल मिढ़ा, चंदन मुंजाल, भरत गाबा, ईशान काठपाल, जीतू मिढ़ा, किशोरी सरदाना, मनीष गिरधर, नीरज सरदाना, कमल धमीजा, गौरव गिरधर, पीयूष मिढ़ा, सरदार भूपिंदर सिंह, संतोष किंगर, चंचल ग्रोवर, दीपू खीरबाट, सुमित मिढ़ा, अमन सचदेवा समेत अन्य शामिल थे।

गुरुनानक सेवक जत्था के मनीष मिढ़ा ने बताया कि जब हमारी संस्था को इनके बारे पता चला तो हमने इनसे मुलाकात की और उनका सिख पंथ के प्रति लगाव और गुरवाणी के प्रति श्रद्धा देखी तो इन्हें सम्मानित करने का फैसला किया। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि हिंदू धर्म से ताल्लुकात रखने वाले और सिख पंथ के रागी जत्था भाई हरजिंदर सिंह, श्रीनगर वाले के मुरीद अपर बाजार, रांची के निवासी प्रवीण चौधरी हरमू रोड स्थित शक्ति सर्विस स्टेशन पेट्रोल पंप के मालिक हैं।

सन 1982 में अपने परिवार के साथ श्री दरबार साहिब अमृतसर दर्शन करने गये और वहां उन्होंने शबद कीर्तन श्रवण किया तो दरबार साहिब जी के माहौल की शांति, शबद कीर्तन की मिठास ने उन्हें काफी प्रभावित किया। इसके कुछ वर्षों बाद वे श्री हरमंदिर साहिब पटना भी दर्शन करने गये और वहां जब गुरु गोविंद सिंह जी की जीवनी के बारे में सुना तो वो सिख पंथ के कायल हो गये।

रांची पहुंचने के तुरंत बाद अगले दिन से ही उन्होंने अपने पेट्रोल पंप में भी रोजाना सुबह से रात तक शबद कीर्तन बजाना शुरू किया ताकि उनके पंप पर आने वाले ग्राहक और वहां से गुजरने वाले राहगीर भी इसका आनंद ले सकें और उनका कहना है कि शबद कीर्तन श्रवण करने से जो मानसिक शांति मिलती है उसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। वे अपने घर में हों या सफर में, नियमित रूप से रोजाना शबद कीर्तन श्रवण करते हैं। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी नरेश पपनेजा (8709349310) ने दी।

Published / 2024-08-16 23:43:13
लालपुर थाना प्रभारी की छापेमारी से लोगों में हड़कंप

टीम एबीएन, रांची। आज दिनांक 16 अगस्त 2024 को लालपुर थाना प्रभारी रुपेश कुमार सिंह मोराबादी टीओपी थाना प्रभारी हीरालाल साहू एवं तंबाकू नियंत्रण इकाई रांची के डिस्ट्रिक्ट कंसलटेंट सुशांत कुमार के संयुक्त तत्वाधान में मोराबादी स्थित रजिस्ट्री चौक एवं आसपास के क्षेत्र में नशीली, मादक एवं तंबाकू संबंधित पदार्थो का सार्वजनिक स्थानों पर इस्तेमाल किए जाने के विरुद्ध छापेमारी की गई।

प्रशासन द्वारा प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर मादक द्रव्य एवं तंबाकू जनित पदार्थ के विरोध मोराबादी स्थित 20 से ज्यादा प्रतिष्ठानों एवं सार्वजनिक क्षेत्र में सघन जांच की गई। 

वैसे प्रतिष्ठान एवं सार्वजनिक क्षेत्र जहां कोटपा एक्ट 2003 का उल्लंघन पाया गया उन पर कोटपा एक्ट 2003 की धारा 4 के तहत कुल 8 चलाने  काटा गया जिसे दंड स्वरूप राशि  के रूप में ₹2800 का जुर्माना लगाया गया।

Published / 2024-08-16 23:40:35
ममता सरकार महिला डॉक्टर के साथ भी घटना पर पर्दा डालने की कोशिश की : रीता अग्रवाल

  • लोहरदगा अग्रवाल सभा और महिला समिति ने श्रद्धांजलि अर्पित की न्याय मिलने तक आंदोलन करने की बात कही
  • बंगाल में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं, हर मामले में हाईकोर्ट को करना पड़ रहा है हस्तक्षेप
  • अग्रवाल सभा ने कहा हैवानियत की सारी हदें बंगाल के मेडिकल कॉलेज में हुई पर

सुदीप्ता मुखर्जी

टीम एबीएन, लोहरदगा। कभी कोलकाता सभ्य मानुष के शहर के रूप में जाना जाता था। आज वहां हैवानियत की हदें पार की जा रही है। सरकार के द्वारा घटनाओं पर पर्दा डालने की कोशिश की जा रही है। कोलकाता के प्रसिद्ध आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में वहां  तैनात महिला डॉक्टर के साथ सामुहिक बलात्कार और हत्या मामले में दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग लोहरदगा मारवाड़ी महिला समिति अध्यक्ष रीता अग्रवाल ने की है।

अग्रसेन भवन लोहरदगा में शुक्रवार को कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल की 31 वर्षीय डॉक्टर के साथ रेप की घटना कर गलाघोंट कर हत्या की पीड़िता को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।यह कार्यक्रम अग्रवाल महासभा और महिला समिति के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। महिलाओं ने कहा कि कभी इसी आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में देश के महान विभूति विधान चंद्र राय भी काम करते थे। वह बाद में पश्चिम बंगाल के पहले मुख्यमंत्री भी बने।

महिला समिति की कोषाध्यक्ष कनकलाता अग्रवाल ने कहा कि पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार तथ्यों पर पर्दा डालने का काम कर रही है। यही वजह है कि लाश मिलने के बाद कोलकाता पुलिस इसे आत्महत्या बता रही थी। उन्होंने कहा कि पुलिस ने तो अननेचुरल डेथ की घोषणा भी कर दी थी। उनके परिजनों को मिलने नहीं दिया गया। कोलकाता हाई कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद मामले की सीबीआई जांच की जा रही है। कोलकाता पुलिस से अब देशवासियों का भरोसा उठ गया है। पुलिस की जांच सुबूत मिटाने के लिए की जा रही थी।

नीति भारतीय ने कहा कि महिला डॉक्टर के साथ मानवीय कृत की गई है। परिस्थितिजन साक्ष्य चिख चिख कर कह रहा है, कि महिला के साथ गैंगरेप हुआ है। उसकी गला घोंट कर हत्या कर दी गई है। आंखों में चोट है‌ आरोपी के जूते पर खून के निशान है। ब्लूटूथ और हेडफोन आदि मिला है। उसमें कई आपत्तिजनक वीडियो हैं। वहीं पीड़िता के नाखून और चेहरे पर खून के निशान है। शरीर में चोट के कई निशान मौजूद हैं। बावजूद इसके सच्चाई को सामने लाने में कोलकाता पुलिस दिलचस्पी नहीं ले रही थी। महिला डॉक्टर को जब तक न्याय नहीं मिलता तब तक यहां आंदोलन जारी रहेगा।

राखी अग्रवाल और खुशबू अग्रवाल ने कहा की अपराधियों को ममता बनर्जी सरकार संरक्षण दे रही है। घटना की पारदर्शिता से जांच होनी चाहिए, क्योंकि कुछ लोग साक्ष्य मिटाने के नियत से अस्पताल में घुसकर तोड़फोड़ किए हैं। महिला डॉक्टर के साथ गैंगरेप किया गया है।जांच पूरी पारदर्शिता के साथ होनी चाहिए।

श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में अग्रवाल सभा  चंद्रशेखर अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, अजय मित्तल, राजेश अग्रवाल (टिंकू), अनीश अग्रवाल , अरविन्द अग्रवाल और अग्रवाल महिला समिति की रीता अग्रवाल,  लक्ष्मी अग्रवाल, राखी अग्रवाल, रीमा अग्रवाल, खुशबू अग्रवाल, रिया अग्रवाल, रेणु अग्रवाल, जय अग्रवाल (बबली) और रीना अग्रवाल आदि शामिल थीं। तमाम लोगों ने दो मिनट मौन रखकर महिला डॉक्टर कोलकाता की बेटी की आत्मा के शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

Published / 2024-08-16 23:18:20
कोडरमा में IMA ने निकाला कैंडल मार्च

  • कोलकाता में मेडिकल छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का विरोध
  • शनिवार सुबह 6 बजे से आइएमए का 24 घंटो का कार्य बहिष्कार

टीम एबीएन, कोडरमा। कोलकाता में मेडिकल पीजी की दूसरे वर्ष की छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना ने पूरे देश को हिला कर रख दिया है। इस जघन्य घटना का प्रभाव कोडरमा में भी देखने को मिला, जहां इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के सदस्यों ने झुमरी तिलैया में स्थित पूर्णिमा टॉकीज से झंडा चौक तक एक कैंडल मार्च निकाला। इस मार्च में जिले के सभी डॉक्टर शामिल थे, जिनके चेहरों पर साफ-साफ गुस्सा और आक्रोश झलक रहा था।

जब एक तरफ पूरा देश स्वतंत्रता दिवस के जश्न में रंगा हुआ था, वहीं दूसरी ओर इस कैंडल मार्च में शामिल आम और खास लोगों ने इस घिनौनी घटना के खिलाफ अपने विरोध की आवाज बुलंद की। यह घटना न केवल महिला सुरक्षा की गंभीर स्थिति को उजागर करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि आजादी के 78 साल बाद भी महिलाओं के खिलाफ इस तरह की मार्मिक और अमानवीय घटनाएं समाज को झकझोर कर रख देती हैं।

न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे डॉक्टर और आम जन

IMA के इस कैंडल मार्च में डॉक्टरों के साथ-साथ बड़ी संख्या में आम लोग भी शामिल हुए। उन्होंने न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर उतरकर डॉक्टरों का समर्थन किया। IMA कोडरमा के जिला सचिव डॉ. नरेश पंडित ने अपने संबोधन में कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर अपने 78 मिनट के भाषण में महिला सुरक्षा और न्यायपालिका के महत्व पर बात की थी। इस घटना ने एक बार फिर से साबित कर दिया कि हमें अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की जरूरत है। जब तक अपराधियों को सख्त सजा नहीं दी जाएगी, तब तक इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति होती रहेगी।

डॉ. नरेश पंडित ने यह भी कहा कि न्यायपालिका पर जनता का भरोसा कायम रखने के लिए सरकार और प्रशासन को त्वरित न्याय दिलाने की आवश्यकता है। कैंडल मार्च के दौरान डॉक्टरों ने नारे भी लगाए, जिनमें महिला सुरक्षा और न्याय की मांग की गई।

आईएमए की मांगें और कार्य बहिष्कार की घोषणा

डॉ. नरेश पंडित ने इस घटना के खिलाफ IMA की ओर से कुछ महत्वपूर्ण मांगें रखीं, जिनमें शामिल हैं:

  1. इस घटना की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई हो और दोषियों को फांसी की सजा दी जाए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
  2. सेंट्रल मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट को तुरंत लागू किया जाए।
  3. क्लीनिकल एस्टैब्लिशमेंट एक्ट में संशोधन किया जाए।

IMA ने यह भी घोषणा की कि शनिवार सुबह 6 बजे से रविवार सुबह 6 बजे तक केन्द्रीय IMA के आह्वान पर कार्य बहिष्कार रहेगा। इस दौरान सिर्फ आपातकालीन सेवा चालू रहेगी। उन्होंने कहा कि RG कर मेडिकल कॉलेज में एक डॉक्टर के साथ हुए गैंगरेप और हत्या और उसके बाद गुंडों द्वारा कॉलेज में दहशत फैलाने की घटनाओं से डॉक्टरों में भय का माहौल है।

घटना के खिलाफ बढ़ता आक्रोश और व्यापक समर्थन

कोडरमा में IMA के कैंडल मार्च में हिस्सा लेने वाले डॉक्टरों और आम लोगों का कहना था कि यह घटना समाज में महिलाओं की सुरक्षा के प्रति हमारी असफलता को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि जब तक दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा नहीं मिलेगी, तब तक इस तरह की घटनाओं का सिलसिला थमने वाला नहीं है।

कैंडल मार्च के दौरान, डॉक्टरों ने न केवल घटना की निंदा की, बल्कि उन्होंने समाज में महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता और सम्मान बढ़ाने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि एक सभ्य समाज में इस तरह की घटनाओं के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए।

सरकार और न्यायपालिका पर उठ रहे सवाल

इस घटना ने सरकार और न्यायपालिका पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। कैंडल मार्च में शामिल लोगों का कहना था कि अगर सरकार और न्यायपालिका ने समय रहते इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की होती, तो शायद आज यह स्थिति नहीं होती।

डॉक्टरों और आम लोगों ने यह भी कहा कि अब समय आ गया है कि सरकार और प्रशासन को महिलाओं की सुरक्षा के लिए सख्त कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर सरकार इस मामले में त्वरित और सख्त कार्रवाई नहीं करती है, तो इसका असर समाज में महिलाओं की सुरक्षा पर पड़ेगा।

कैंडल मार्च मे डॉ आरके दीपक, डॉ सुजीत राज, डॉ आर पी शर्मा,डॉ सागर मनी सेठ,डॉ आशिष चंद्, डॉ आशिष, डॉ रचना गुप्ता, डॉ रुपा पांडेय, डॉ अनामिका, डॉ अलंकृता, डॉ नम्रता प्रिया, डॉ नम्रता सेठ, डॉ पुनम, डॉ दिवाकर, डॉ रामसागर सिंह, डॉ तरुण, डॉ प्रशांत, डॉ श्रद्धा, डॉ अभिषेक, डॉ रुपेश, डॉ अनुराग, डॉ अभिजीत, डॉ स्नेहा, डॉ नीरज साहा, डॉ सुनील वर्णवाल, डॉ वर्षा, डॉ रंजीत वर्णवाल , डॉ बी रानी, डॉ संदीप,डॉ अभिलाषा गुप्ता, डॉ उमेश कुमार, डॉ कुलदीप, डॉ, अभिजीत रॉय, डॉ राजीव कांत डॉ रंजीत कुमार बरनवाल, डॉ सुनील कुमार मोदी सहिता सभी डॉक्टर्स व आम नागरिक शामिल थे।

Published / 2024-08-16 23:04:50
कोडरमा : परसाबाद में नाबालिग की मौत

परिजनों ने लगाया दोस्त पर हत्या का आरोप

टीम एबीएन, कोडरमा। जयनगर थाना क्षेत्र के परसाबाद में एक सत्र वर्षीय नाबालिक राहुल कुमार की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। हालांकि यह मौत कैसे हुई इसका खुलासा करने में जयनगर पुलिस जुट गई है। 

यह दुर्घटना है या फिर हत्या इसकी जांच पड़ताल की जा रही है। इधर कटिया निवासी मृतक राहुल कुमार के परिजनों ने उनके पुत्र की हत्या का आरोप उनके दोस्त पर लगा रहे हैं। घटना 15 अगस्त की संध्या लगभग 6 बजे से 7 के बीच बताई जा रही है। 

इस मामले में मृतक की मां शकुंती देवी ने जयनगर थाना में एक आवेदन देकर उनके बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है। दिए गए आवेदन में उन्होंने कहा है कि गुरुवार की शाम लगभग 6 बजे उनके बेटे राहुल कुमार के मोबाइल नंबर 9508808763 तथा 9263751386 पर फोन आया और उसे घर के बाहर बुलाया।

जब राहुल को जाने में देर हुआ तो गांव के ही रिशु कुमार पिता अभय सेठ (गुप्ता) ब्लू कलर का स्प्लेंडर लेकर आया और उनके बेटे को बैठा कर ले जाने लगा। जब शकुंती देवी ने पूछा कि कहां लेकर जा रहे हो तो उन्होंने बताया कि 10 15 मिनट के अंदर फाटक के पास से आते हैं। जब उसने अपने बेटे से पूछा कौन है तो बताया कि उसका दोस्त है। 

इसके ठीक 15 से 20 मिनट के बाद किसी ने उन्हें जानकारी दी कि, आपका बेटा डॉक्टर अंसारी के क्लीनिक में घायल अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही वह अपने परिजनों के साथ अंसारी क्लिनिक गए तो देखा कि राहुल कुमार की हालत काफी गंभीर है। गंभीर स्थिति देखते हुए परिजनों ने उसे आनन फानन में सदर अस्पताल कोडरमा ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

मृतक की मां ने इस संबंध में आरोप लगाते हुए कहा है कि उनके पुत्र का मोबाइल रात्रि 9:30 बजे दीपक चावला द्वारा उनके छोटे पुत्र पीयूष कुमार को लाकर दिया गया और कहा कि, यह मोबाइल रिशु ने दिया है। उन्होंने बताया कि उनके पुत्र राहुल कुमार की साजिश के तहत हत्या कर दी गयी है।

Published / 2024-08-16 20:15:19
पीएम को राखी बांधने झारखंड की बेटियां रवाना

झारखंड की बेटियों से राखी बंधवायेंगे पीएम मोदी 

रक्षाबंधन मनाने दिल्ली रवाना हुईं छात्राएं; राष्ट्रपति से भी करेंगे मुलाकात 

टीम एबीएन, रांची। रक्षाबंधन का त्योहार 19 अगस्त को मनाया जाना है। इस अवसर पर पूरे झारखंड से कस्तूरबा विद्यालय की बच्चियां दिल्ली में राष्ट्रपति और पीएम नरेंद्र मोदी को राखी बांधेंगी। दरअसल, पूरे राज्य से कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में पढ़ने वाली 30 छात्राओं को राष्ट्रपति भवन बुलाया गया है। राज्य से 30 केजीबीवी से पांच-पांच छात्राओं का 6 दल राष्ट्रपति भवन नई दिल्ली के लिए रवाना होगा। 

चयनित छात्राओं में धनबाद के बलियापुर की कस्तूरबा बालिका विद्यालय की 5 छात्राएं शामिल हैं। सभी छात्राएं आसनसोल आनंद विहार स्पेशल ट्रेन से दिल्ली के लिए रवाना हो चुकी है। ये सभी 19 अगस्त को पीएम मोदी को राखी बांधेंगी। यहां छात्राएं नई दिल्ली के विभिन्न ऐतिहासिक स्थल का भी भ्रमण करेंगी। 

चयनित छात्राओं में पायल कुमारी, लवली कुमारी, गुड़िया मोदी, सुमती कुमारी और राजश्री कुमारी शामिल हैं। इन छात्राओं को चयन क्यों हुआ इस पर एपीओ मीतू सिन्हा और वार्डन रीता कुमारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार बोर्ड परीक्षा में केजीबीवी बलियापुर की दसवीं और 12वीं दोनों परीक्षाओं में परिणाम 100 प्रतिशत रहा है।

 उन्होंने कहा कि सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि दोनों बोर्ड में सभी छात्राएं प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण रहीं। इसके साथ ही समग्रता में स्कूल का शैक्षणिक प्रदर्शन अन्य स्कूलों से बेहतर है। पांच चयनित छात्राओं में से एक राजश्री कुमारी का चयन अंडर-14 खो-खो स्टेट प्लेयर के तौर पर भी हुआ है।

Published / 2024-08-16 20:07:44
रविवार को होगी जेबीकेएसएस और जेएसएसयु की राज्य स्तरीय संगोष्ठी

सर्वसम्मति से आगामी आंदोलन की रणनीति होगी तय : देवेंद्र नाथ महतो 

टीम एबीएन, रांची। झारखंडी भाषा खतियान संघर्ष समिति एवं उसके छात्रविंग झारखंड स्टेट स्टूडेंट्स यूनियन द्वारा राज्य स्तरीय संगोष्ठी रखा गया है। यह संगोष्ठी रविवार को राजधानी रांची के माही प्लेस में रखा गया है। संगठन के द्वारा नोटिफिकेशन जारी करते हुए प्रेषित किया गया है कि राज्य के अलग हुए 24 वर्षों के उपरांत भी अब तक राज्य में भ्रष्टाचार मुक्त खतियान आधारित क्षेत्रीय आरक्षण से वंचित है।  

राज्य सरकार के गलत नीतियों के खिलाफ विधानसभा घेराव, मुख्यमंत्री आवास घेराव, राजभवन धरना, डिजिटल ट्विटर कैंपियन, संपूर्ण झारखंड बंदी के उपरांत भी अब तक सुचारू ढंग से क्रियान्वयन को लेकर कोई पहल नहीं किया गया है। राज्य के शोषित छात्र,किसान एवं संविदाकर्मियों की परेशानियां दिनों दिन बढ़ती जा रही है। 

जेबीकेएसएस केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष सह जेएसएसयु प्रमुख देवेंद्रनाथ महतो ने कहा कि उक्त महासनकोष्ठी में राज्य के तमाम क्रांतिकारी छात्र,शिक्षक अभिभावकों के सर्वसहमति के उपरांत आगामी आंदोलन के रणनीति एवं रूपरेखा को तय किया जाएगा।

Published / 2024-08-16 20:06:05
सावन सिंधारा उत्सव में भजनों की गूंज से झूम उठे श्रद्धालुगण

टीम एबीएन, रांची। श्री जीण माता प्रचार समिति रांची ने स्वर्ण भूमि बैंक्वेट हॉल में मां श्री जीण भवानी का सावन सिंधारा उत्सव धूम धाम से मनाया। जिसमे 351 से अधिक महिलाओं ने राजस्थानी वेश भूषा मारवाड़ी परिधान में माता के भजनों का आनंद लिया। 

कार्यक्रम की शुरुआत गणेश पूजन के साथ समिति के सदस्यों द्वारा माता की ज्योत प्रज्ज्वलित करके विशेष रूप से तैयार किये गये छप्पन भोग का प्रसाद लगा कर की गयी। पुरुलिया से आयी मशहूर भजन गायिका शीतल कटारूका ने भजनों की प्रस्तुति दी। इनके द्वारा प्रस्तुत 

भक्तों ने झूला डाला झूले पर जीण भवानी... 
मैया तेरे भक्तों को तेरा ही सहारा है... 
चौसठ योगिनी रे... 
मैया नही होती तो फिर मेरा क्या होता... 
आओ मां आओ मां... 
अपने बच्चों की नजर उतारती है मां...

भजनों का आये हुए सभी भक्तों ने भरपूर आनंद लिया। भजनों के साथ माता का जन्मोत्सव, मेहंदी महोत्सव, चुनरी महोत्सव, निशान यात्रा एवं गजरा महोत्सव मनाया गया। उत्सव में आये भक्तों ने मां श्री जीण भवानी को झूला झुलाया एवं माता का आशीर्वाद लिया। 

राजस्थान में सिंधारा का एक विशेष महत्त्व होता है। इस दिन बहू बेटियों को वस्र आभूषण देकर मीठे-मीठे पकवान खिलाकर झूला झुलाया जाता है। सिंधारा महोत्सव का समापन महाआरती के साथ हुआ। महोत्सव के दौरान माता के भक्तों ने महाप्रसाद ग्रहण किया। मौके पर संस्था के अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश अग्रवाल ने आए हुए सभी श्रद्धालुओं का स्वागत किया एवं सहयोग करने के लिए संस्था के सभी सदस्यों का धन्यवाद दिया।  

कार्यक्रम को सफल बनने में ओम अग्रवाल, विजय पालड़ीवाल, अजय अग्रवाल, विनय अग्रवाल, गौरव पालड़ीवाल, आनंद अग्रवाल, प्रदीप शर्मा, संदीप शर्मा, मनोज, कविता सोमानी, उषा शर्मा, सुनीता मित्तल, संगीता अग्रवाल, सविता शर्मा, शीतल अग्रवाल, नेहा शर्मा, नीरा शर्मा व सभी सदस्यगण का विशेष योगदान रहा। युवा कार्यकतार्ओं में मुख्य रूप से मोहित शर्मा, हिमांशु शर्मा, सिद्धार्थ बसावातिया ने योगदान दिया।

Page 542 of 1698

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse