झारखंड

View All
Published / 2024-08-21 20:33:45
कोडरमा : भीम आर्मी के भारत बंद का व्यापक असर

दोपहर तक सड़कों पर रहा सन्नाटा, बेबश रहे यात्री

टीम एबीएन, कोडरमा। सुप्रीम कोर्ट द्वारा एससी, एसटी के वर्गीकरण के फैसले के विरोध में 21 अगस्त को भीम आर्मी द्वारा आहूत भारत बंद का कोडरमा में व्यापक असर देखा गया। सुबह से ही भीम आर्मी के लोग बंद को सफल बनाने के लिए सड़कों पर उतर आये थे। दुकानों और विभिन्न संस्थानों को बंद करा रहे थे। दोपहर लगभग दो बजे तक सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। सारे प्रतिष्ठान बंद रहे। पेट्रोल पंप और मेडिकल सेवाओं को बंद से अलग रखा गया था। लेकिन रोड जाम होने से लोगों को काफी परेशानी हुई।    

एनएच घंटों रहा जाम 

भीम आर्मी के लोगें ने रैली निकाली और सुप्रीम कोर्ट के विरोध में नारे भी लगाये। रैली में प्रेम प्रकाश पासवान, प्रकाश अंबेडकर, प्रताश रजक आगे-आगे चल रहे थे। पूर्वाह्न लगभग 10 बजे के आसपास भीम आर्मी के लोग महाराणा प्रताप चौक पर धरना पर बैठ गये। इससे एनएच 20 रांची-पटना रोड लगभग दो घंटे तक जाम रहा। इससे आवागमन बाधत रहा। लंबी दूरी की बसें और ट्रक रोड के किनारे खड़े रहे।  

यात्री रहे परेशान 

सुबह में कोडरमा से रांची जानेवाली बसें खुली। लेकिन सुबह 8 बजे के बाद बसों का परिचालन भी बंद कर दिया गया। यात्री बस स्टैंड और रेलवे परिसर में परेशान दिखे। इस दौरान शहर में आटो और टोटो का परिचालन भी प्रभावित रहा।  

डीएसपी तो तोड़वाया जाम 

महाराणा प्रताप चौक पर लगे जाम को तोड़वाने के लिए डीएसपी दिवाकर कुमार पहुंचे। उन्होंने पब्लिक हित में जाम को हटाने का अनुरोध किया। इस क्रम में भीम आर्मी के दर्जनों को लोगों को गिरफ्तार कर थाना लाया गया। बाद में सबों को छोड़ दिया गया।  

प्रखंडों में भी बंद का प्रभाव 

भारत बंद का प्रभाव जिले के सगतावां, डोमचांच, मरकच्चो, जयनगर और चंदवारा में भी देखा गया। यहां भी पूर्वाह्न में प्रतिष्ठानें बंद रहीं और सड़कों पर सन्नाटा देखा गया।  

सुरक्षा के कड़े इंतजाम 

बंदी के दौरान किसी भी संभावित घटना-दुर्घटना को टालने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये थे। पुलिस शहर और प्रखंडों के चौक-चौराहों पर तैनात रही। साथ ही रैली के दौरान भी पुलिस सुरक्षा को लेकर मुस्तैद दिखी।

Published / 2024-08-21 18:20:43
नयी पार्टी बनायेंगे पूर्व सीएम चंपई सोरेन

चंपई सोरेन ने नई पार्टी बनाने का किया ऐलान

झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले लिया बड़ा फैसला

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता चंपई सोरेन ने नर्यी पार्टी बनाने का ऐलान किया है। उन्होंने ये फैसला राज्य विधानसभा चुनाव से पहले लिया है। हालांकि उन्होंने दो दिन पहले ही एक ट्वीट कर इस बात के इशारे किये थे कि वह नयी पार्टी बना सकते हैं। साथ ही उनके भाजपा में शामिल होने की भी राजनीतिक गलियारों में बातें होने लगी थीं। 

चंपई सोरेन ने जब ट्वीट किया, तब वह दिल्ली में ही थे। इसलिए ऐसा माना जा रहा था कि वह भाजपा में शामिल हो सकते हैं। यही नहीं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भी एक ट्वीट किया। जिसमें उन्होंने कहा एनडीए परिवार में आपका स्वागत है टाइगर। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के बागी तेवर तो पिछले कई दिनों से ही दिखायी दे रहे थे। लेकिन अब उन्होंने पार्टी बनाने का भी ऐलान कर दिया।

उन्होंने कहा कि वह राजनीति से संन्यास नहीं लेंगे और नयी पार्टी बनायेंगे। इसके साथ ही चंपई सोरेन ने गठबंधन के लिए भी दरवाजे खुले रखे हैं। उन्होंने कहा कि मैंने तीन विकल्प बताये थे- रिटायरमेंट, संगठन या दोस्त। चंपई सोरेन ने कहा कि मैं रिटायर नहीं होऊंगा। मैं पार्टी को मजबूत करूंगा, नयी पार्टी बनाऊंगा। पूर्व सीएम ने कहा कि अगर रास्ते में कोई अच्छा दोस्त मिलता है तो उसके साथ आगे बढ़ूंगा। 

बता दें कि हेमंत सोरेन के जनवरी में मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद चंपई सोरेन ने 2 फरवरी को राज्य के सातवें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी, लेकिन हेमंत सोरेन को जमानत मिलने के बाद जब वह जेल से बाहर आये तो 3 जुलाई को चंपई सोरेन ने इस्तीफा दे दिया। उसके बाद हेमंत सोरेन एक बार फिर से राज्य के मुख्यमंत्री बन गये। मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद से ही चंपई सोरेन की नाराजगी बढ़ने लगी थी। 

उसके बाद उनके बागी तेवर तब दिखायी देने लगे जब सियासी गलियारों में उनके बीजेपी में शामिल होने की बात होने लगी। तीन दिन पहले ही वह दिल्ली पहुंचे उसके बाद ये संभावना और बढ़ गयी कि अब वह बीजेपी में शामिल हो जायेंगे, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया और अब नयी पार्टी बनाने की घोषणा कर दी। हालांकि अभी तक उन्होंने पार्टी के नाम की घोषणा नहीं की है।

Published / 2024-08-21 18:18:22
रांची में भारत बंद का मिला-जुला असर

कई संगठनों ने किया प्रदर्शन

टीम एबीएन, रांची। सर्वोच्च न्यायालय के आरक्षण को लेकर दिये वक्तव्य को लेकर बुलाये गये भारत बंद का रांची सहित पूरे झारखंड में असर पड़ा है। रांची में सुबह से ही बंद समर्थक सड़कों पर हैं। रांची में ज्यादातर दुकानें बंद हैं। लंबी दूरी की गाड़ियां नहीं चल रही हैं। 

आज के भारत बंद का व्यापक असर रांची सहित राज्य भर में देखा जा रहा है। राजधानी में ज्यादातर दुकानें बंद हैं तो अलग अलग दलों से जुड़े नेताओं की टोली बारी बारी से बंद को सफल बनाने के लिये झंडे बैनर के साथ सड़क पर उतर रहे हैं। इमरजेंसी सेवा को छोड़ बाकी सभी सेवाएं बंद में शामिल है।

भारत बंद का राजधानी रांची में मिला जुला असर दिख रहा है। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सड़कों पर छिटपुट वाहन चल रहे हैं लेकिन ज्यादार दुकानें बंद है। अलग अलग राजनीतिक संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता पहुंच कर विरोध करते नजर आये। राज्य के कई इलाकों में सड़क और रेल सेवा भी बाधित करने की खबर है। वहीं रांची से अन्य जिलों के लिए खुलने वाली बस सेवा बंद है।

Published / 2024-08-21 18:15:34
भारत बंद के समर्थन में सिल्ली विधानसभा क्षेत्र और रांची की सड़कों पर उतरे देवेंद्रनाथ

  • ओबीसी आरक्षण से भी क्रीमिलियर हटाकर एसटी एससी ओबीसी आरक्षण को नवीं अनुसूची में शामिल किया जाये : देवेन्द्र नाथ महतो

टीम एबीएन, रांची। 21 अगस्त 2024 को एसटी एससी आरक्षण वर्गीकरण माननीय सुप्रीम कोर्ट फैसला मामले पर भारत बंद को समर्थन देते हुए जेबीकेएसएस केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष सह जेएसएसयू प्रमुख देवेन्द्र नाथ महतो सुबह से ही सिल्ली विधान सभा के राहे, सोनाहातु, सिल्ली प्रखंड के विभिन्न क्षेत्र और राजधानी रांची में एसटी एससी शोषित वंचित समाज के सैकड़ों लोगों के साथ सड़क पर उतरकर बंद को ऐतिहासिक सफल बनाया। 

मौके पर जगह जगह देवेंद्र नाथ महतो और पुलिस प्रशासन के बीच बकझोक हुआ फिर भी देवेंद्र नाथ महतो क्रांतिकारी स्टाईल में सभी दुकान होटल को बंद कराया। मौके पर देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि अगर आज एसटी एससी आरक्षण में क्रिमिलेयर को स्वीकार करते हैं तो आने वाले दिनों में ओबीसी वर्ग के साथ आरक्षण में क्रिमिलेयर लगाकर जैसे धोखा दिया जा रहा है वैसे ही एसटी एससी के साथ भी धोखा होगा। 

ओबीसी वर्ग को केंद्र में 27 प्रतिशत आरक्षण प्रावधान होने के बावजूद ओबीसी समाज से विभिन्न विभागों में आईएएस, आईपीएस, सचिव, जज, कुलपति शून्य हैं या नगण्य हैं।  आजादी के 78 साल बीतने के बावजूद आज भी एसटी एससी ओबीसी समाज के लोगों के साथ भेदभाव, शोषण, जुर्म, वंचित किया जाता है इसीलिए आरक्षण में क्रिमिलेयर को किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जायेगा। 

साथ देवेन्द्र नाथ महतो माननीय सुप्रीम कोर्ट से आरक्षण वर्गीकरण फैसला को वापस करने का मांग किया है। तथा केंद्र सरकार से मांग किया है कि ओबीसी आरक्षण से भी क्रीमीलियर को हटाकर एसटी एससी ओबीसी आरक्षण को नवीं अनुसूची में शामिल किया जाय। बंद को सफल बनाने में भारत आदिवासी पार्टी के प्रेमशाही मुंडा, कुंदरशी मुंडा, प्रवीण कच्छप के अलावा अन्य सैकड़ों साथियों अहम योगदान रहा।

Published / 2024-08-20 21:25:16
मेघातरी के आपदा प्रभावित परिवारों से मिला सीपीएम का प्रतिनिधिमंडल

टीम एबीएन, कोडरमा। सदर प्रखंड अंतर्गत मेघातरी पंचायत के कुसाहना में चैकडैम टूटने के कारण प्रभावित लोगों से मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी का प्रतिनिधिमण्डल मंगलवार को मिलकर व घर घर दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। ज्ञात हो कि रविवार की सुबह भारी बारिश के कारण कुसाहना में पचास साल पुराना चैकडैम टूट गया। जिसके कारण दर्जनों घरों में पानी घुस गया और उन घरों के अनाज, बर्तन, गाय, बकरी, बिछावन और खटिया तक पानी में बह गये। 

राहड़, मक्कई जैसे फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। खेती की जमीनें रेत से भर गया और खेत खराब हो गया। प्राथमिक विद्यालय कुसाहना में भी पानी घुस जाने और क्लास रूम में कीचड़ होने के कारण बच्चों का पढ़ाई भी बाधित हो गया है। इस प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए सीपीएम की फैक्ट फाइडिंग टीम परिवार के मुखिया, महिलाएं आदि लोगों से मिलकर घटना की जानकारी ली। 

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे माकपा के जिला सचिव असीम सरकार ने कहा कि यह प्राकृतिक आपदा कोडरमा जिला जैसे जगह के लिए बड़ी आपदा है। कुसाहना में गरीब, दलित और पिछड़े लोग रहते हैं। जो डेली मजदूरी कर और ढिबरा चुनकर अपना रोजी रोटी चलाते हैं। उन परिवारों का सबकुछ बह गया। उनके लिए बकरी और जानवर ही पूंजी था सब बर्बाद हो गया। 

दो साल पूर्व ही पार्टी के द्वारा आंदोलन के माध्यम से अन्य मांगों के साथ कुसाहना के इस चैकडैम की जर्जर स्थिति से जिला प्रशासन को अवगत कराया गया था और चेतावनी दी गई थी कि कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। लेकिन जिला प्रशासन ने इसे हल्के में लिया। जिसका नतीजा है कि इतना बड़ा हादसा हो गया।

राज्य सचिवमंडल सदस्य संजय पासवान ने कहा कि यह चैकडैम 1966 में फॉरेस्ट विभाग द्वारा बनाया गया था। मिट्टी का गार्डवाल था, जो एक दिन टूटना ही था। डैम का पानी स्टोर करने के लिए एक कुआं भी था। जो मिटी से भर गया था और टूट भी गया था। फॉरेस्ट विभाग और जिला प्रशासन की लापरवाही के कारण इतना बड़ा हादसा हुआ। 

राहत की बात है कि किसी को जान माल का नहीं नुकसान हुआ है, लेकिन काफी आर्थिक क्षति हुई है। विडियो और सीओ सिर्फ दौरा कर रहे हैं और सूची बना रहे हैं और खानापूर्ति कर रहे हैं। अभी प्रभावित परिवारों को राहत के लिए तुरंत अनाज चावल दाल आलू के साथ कुछ बर्तन देने की जरूरत है। जो नहीं किया जा रहा है। 

इस संबंध में बुधवार को पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त से मिलकर उन्हें वस्तुस्थिति से अवगत कराया जायेगा और तुरंत राहत कार्य चलाने की मांग की जायेगी। प्रतिनिधिमंडल में माकपा जिला कमिटी सदस्य सुरेन्द्र राम, भीखारी तुरी, मेघातरी पार्टी लोकल कमिटी सचिव मो ग्यासुद्दीन, भूना भूइयां और कन्हाई सिहं शामिल थे।

Published / 2024-08-20 20:49:41
राजद ने किया विशेष समिति के पदधारियों का जोरदार स्वागत

टीम एबीएन, रांची। आज दिनांक 20/08/2024 को झारखंड प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल कार्यालय रांची में विशेष समिति की दक्षिणी छोटानागपुर प्रमण्डल के सभी जिलों की बैठक रांची जिला राजद जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र महतो की अध्यक्षता में हुई। इस में विशेष समिति के संयोजक गिरधारी गोप, सदस्य आबिद अली का स्वागत किया गया। 

बैठक में विशेष समिति द्वारा रांची लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा तथा खुंटी जिला के विभिन्न ज्वलंत समस्याओं पर विचार विमर्श किया गया। जो दल के मेनोफेस्टो में जोड़ा जायेगा। इस बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि झारखंड विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल मजबूती से बूथ कमेटी का गठन कर रही है। 

बाक्साईट आधारित उद्योग की स्थापना करना एचईची को पुन: चालू करना तथा आरक्षण का पूर्ण समर्थन का निर्णय लिया गया। दक्षिणी छोटानागपुर से राष्ट्रीय जनता दल कम से कम 5-6 सीट पर चुनाव लड़ने को तैयार है। कई जिलों में ओबीसी का आरक्षण शून्य कर दिया गया है। जिसे राष्ट्रीय जनता दल पुरे जोर से विरोध करती है। इसे चुनावी घोषणा पत्र में सम्मिलित किया जायेगा। राष्ट्रीय जनता दल एसटी. एसी. ओबीसी आरक्षण को लेकर कल की बंदी का समर्थन देने का निर्णय लिया गया है।

बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष अनीता यादव युवा प्रदेश अध्यक्ष रंजन यादव, महासचिव मनोज पांडे प्रवक्ता डा० मनोज कुमार महासचिव कैलाश यादव, ज्ञानेश्वर यादव, सचिव रामकुमार यादव, अनिल शर्मा, कैशर जहाँ, महानगर अध्यक्ष कमलेश यादव, शलील अंसारी मो० गफार अर्जुन यादव, मनोज अग्रवाल, रामभजन सिंह, प्रणव कुमार बब्लू इम्तियाज हुसैन वारसी, यशवंत यादव, कमलेश कुमार, सूरज कुमार राय, राम प्यारे यादव, निरजन महतो, दिनेश बारला (जिलाध्यक्ष सिमडेगा), सहजादा अनवर (जिलाध्यक्ष खुंटी), सहित दल के कई पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे। उक्त जानकारी राजद के रांची जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र महतो ने दी।

Published / 2024-08-20 18:25:38
लौहनगरी में विमान हादसे के बाद पायलट की खोजबीन जारी

जमशेदपुर में विमान हादसा, पायलट की तलाश जारी

एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर/ रांची। जमशेदपुर के सोनारी एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद लापता ट्रेनी विमान की क्रैश लैंडिंग हुई है। विमान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। चालक दल का पता नहीं चल पाया है। विमान में दो चालक सवार थे। उम्मीद की जा रही है कि विमान की क्रैश लैंडिंग के वक्त दोनों पायलट इजेक्ट कर गये होंगे। फिलहाल, दोनों की खोजबीन में हेलीकॉप्टर की मदद ली जा रही है।

दरअसल, दिन के 11 बजे विमान ने उड़ान भरा था। लेकिन थोड़ी ही देर बाद एटीसी से संपर्क टूट गया। इसके बाद जमशेदपुर और सरायकेला की पुलिस और प्रशासन के अधिकारी खोजबीन में जुटे हुए थे। विमान का पता चल गया है। विमान का मलबा जिजिका पंचायत के बारुबेरा नामक जगह पर मिला है।

Published / 2024-08-20 18:23:05
22 को सीएम हेमंत पलामू में

22 अगस्त को पलामू आयेंगे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों के खाते में हस्तांतरित करेंगे राशि

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कल यानि 22 अगस्त को पलामू, गढ़वा और लातेहार के लाखों लाभुक महिलाओं के खाते में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की राशि ट्रांसफर करेंगे। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री चियांकी हवाई अड्डा से ही पलामू, गढ़वा और लातेहार के लाखों लाभुकों को मंईया योजना के तहत राशि की पहली किस्त जारी करेंगे। 

कार्यक्रम का आयोजन पलामू के चियांकी हवाई अड्डे पर होगा। समारोह में पलामू प्रमंडल के तीनों जिले के लोग पहुंचेंगे। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन द्वारा  तैयारियां की जा रही है। सोमवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे है। 3000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की जायेगी।

बता दें कि इस योजना की शुरूआत पाकुड़ से हो चुकी है। हेमंत सोरेन के द्वारा महिलाओं के उत्थान के लिए मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना को शुरू किया गया है। इस योजना के तहत महिलाओं को हर महीने 1000 की आर्थिक सहायता राशि का लाभ दिया जायेगा, जिससे महिलाएं अपनी आवश्यकताओं को पूरा कर आत्मनिर्भर हो सकें। झारखंड सरकार द्वारा इस योजना के माध्यम से पूरे राज्य में 48 लाख बहन-बेटियों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। 

जारी गाइडलाइन के अनुसार, 21 से 50 वर्ष की उम्र की जिन युवतियों का राशन कार्ड में नाम और आधार कार्ड पर झारखंड लिखा होगा, उसे योजना का लाभ मिलेगा। यदि महिलाओं का नाम राशन कार्ड में नहीं है, वह अपने पिता और पति के नाम के आधार पर भी योजना के लिए आवेदन कर सकती हैं।

गौरतलब हो कि  पहले 21 अगस्त को पलामू में  कार्यक्रम  का आयोजन किया जाना था। पर अब आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति के आह्वान पर 21 अगस्त को आयोजित भारत बंद के समर्थन में मुख्यमंत्री का यह कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है।

Page 540 of 1698

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse