झारखंड

View All
Published / 2026-05-31 18:52:24
रांची : हिनू में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, क्षेत्र में शोक

  • हिनू में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, क्षेत्र में शोक
  • मौके पर डोरंडा थाना की पुलिस मौजूद

टीम एबीएन, रांची। हिनू रजिस्ट्री ऑफिस के समीप महावीर मंदिर के गेट पर एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की दुखद घटना सामने आई है। मृतक की पहचान सोनू कुमार उर्फ पांडु (पिता स्वर्गीय रमेश लोहरा) के रूप में हुई है। 

वह लोअर हिनू का निवासी था। परिजनों के अनुसार मृतक की माता पिंकी देवी हैं। परिवार में तीन भाई-बहन हैं। बताया जाता है कि मृतक के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी गई। 

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। इस घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Published / 2026-05-31 18:48:21
लोहरदगा : छोटानागपुर बॉक्साइट एंड कोल वर्कर्स यूनियन (इंटक) का ऐतिहासिक अधिवेशन सफलतापूर्वक संपन्न

  • लोहरदगा : छोटानागपुर बॉक्साइट एंड कोल वर्कर्स यूनियन (इंटक) का ऐतिहासिक अधिवेशन सफलतापूर्वक संपन्न
  • यूनियन ने जताया सभी का आभार

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। किस्को मिडिल स्कूल मैदान में आज संपन्न हुए छोटानागपुर बॉक्साइट एंड कोल वर्कर्स यूनियन (इंटक) के महाधिवेशन की अभूतपूर्व सफलता पर यूनियन परिवार ने हर्ष व्यक्त किया है। 

यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरज प्रसाद साहू एवं अध्यक्ष निशित जायसवाल ने अधिवेशन में पधारे हजारों-हजार मजदूर भाइयों-बहनों, झारखंड सहित अन्य राज्यों से आये इंटक के वरिष्ठ नेताओं एवं ट्रेड यूनियन प्रतिनिधियों, क्षेत्र के सभी सम्मानित नागरिकों, जिला स्तर के यूनियन पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं, सभी मजदूरों, कानून-व्यवस्था बनाये रखने वाले पुलिस प्रशासन तथा अधिवेशन को जन-जन तक पहुंचाने वाले प्रेस एवं मीडिया के सभी साथियों का हृदय की गहराइयों से आभार एवं साधुवाद व्यक्त किया है।

यूनियन के अध्यक्ष निशित जायसवाल ने कहा है कि रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और नागपुरी गीत संगीत के बीच मजदूरों की आवाज बुलंद हुई है। यूनियन सभी के सहयोग के लिए दिल से आभारी है और आगे भी मजदूर हित की लड़ाई इसी एकता के साथ जारी रहेगी मजदूर एकता, सांस्कृतिक गरिमा और हक की आवाज का यह महासंगम तभी सफल हो सका जब आप सभी ने तन-मन-धन से सहयोग किया। 

किस्को की धरती पर उमड़ा यह जनसैलाब माइंस मजदूरों की ताकत और एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने विशेष रूप से यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरज प्रसाद साहू के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन के लिए कृतज्ञता जतायी, जिनकी प्रेरणा से किसको की धरती पर मजदूर एकता का यह महाकुंभ संभव हुआ। उन्होंने कहा है कि यूनियन आप सभी के इस स्नेह, समर्थन और सहभागिता के लिए कृतज्ञ है और भविष्य में भी मजदूर हित की लड़ाई में आपके सहयोग की अपेक्षा करती है। 

Published / 2026-05-31 16:24:04
श्री राम लला पूजा समिति पंडाल में दुर्गा पूजा पर वाराणसी के स्वरवेद महामंदिर धाम के प्रारूप का दर्शन कर सकेंगे

  • श्री राम लला पूजा समिति पंडाल में दुर्गा पूजा पर वाराणसी के स्वरवेद महामंदिर धाम के प्रारूप का दर्शन कर सकेंगे
  • पंडाल बनाने की तैयारी के लिए अगस्त को करेंगे भूमि पूजन
  • रांची जिला स्कूल में श्री दुर्गा पूजा के सफल आयोजन में सहयोग के लिए रांची के उपायुक्त, एडीएम एवं अन्य प्रशासनिक पदाधिकारीयो का बैठक में की गयी प्रशंसा

टीम एबीएन, रांची। श्री दुर्गा पूजा की तैयारी को लेकर श्री राम लला पूजा समिति की एक बैठक मेन रोड स्थित संकट मोचन मंदिर के तीसरे तल के सभागार में समिति के अध्यक्ष अशोक चौधरी के अध्यक्षता में हुई। उपरोक्त बैठक में समिति की ओर से सेकड़ो की संख्या में पदाधिकारीयो और सदस्यों की उपस्थिती थी।

आये हुए सभी माँ के भक्तों का स्वागत समिति के अध्यक्ष अशोक चौधरी ने किया।
इस अवसर पर महासचिव कुणाल अजमानी ने बताया की गत दो वर्षों से श्री राम लला पूजा समिति श्री दुर्गा पूजा का आयोजन बड़े ही धूमधाम से मनाता आ रहा है। इस बार भी हम सभी तन मन और धन के साथ श्री दुर्गा पूजा का आयोजन बड़े ही धूम धाम से मनाएंगे। जैसा कि ज्ञात है आगामी 11 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक पूजा का आयोजन है।

उन्होंने बताया गत दिनों  समिति के अध्यक्ष अशोक चौधरी के सानिध्य में अन्य पदाधिकारी के संग वाराणसी के स्वरवेद महामंदिर धाम का भ्रमण भ्रमण किया गया।
सर्व सम्मति से यह तय किया गया की इस बार श्री रामलला पूजा समिति के तृतीय वर्ष पर रांची जिला स्कूल के प्रांगण में स्वरवेद महामंदिर धाम (वाराणसी) का प्रारूप हम दशहरे के शुभ अवसर पर लेकर आ रहे हैं। 

श्री चौधरी व आजमानी ने बताया कि अयोध्या के श्री राम मंदिर के प्रारूप के संग 2024 में हमने श्री दुर्गापूजा के प्रथम वर्ष में प्रवेश किया था।द्वितीय वर्ष (2025) रांची जिला स्कूल के प्रांगण में स्वामीनारायण मंदिर भुज (गुजरात) के प्रारूप को लोगों के समक्ष प्रस्तुत किया था। लाखों लाख की संख्या में श्रद्धालु भक्तों ने इन दोनों मंदिरों का अवलोकन कर समिति के पूजा पंडाल की सराहना की थी।

अध्यक्ष अशोक चौधरी ने बताया कि स्वरवेद महामन्दिर के प्रारूप को बनाने में 60 दिन लगेंगे इस लिए आगामी अगस्त को समिति भूमि पूजन कर इस कार्य को प्रारंभ करेगी।
कुणाल आजमानी ने कहा बिगत वर्ष श्री दुर्गा पूजा के शांतिपूर्ण सफल आयोजन में पूर्ण सहयोग के लिए रांची के उपायुक्त, एडीएम एवं अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी को धन्यबाद सहित बधाई दी गई कि उन्होंने श्री दुर्गा पूजा के आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभायी।

स्वरवेद महामंदिर के निर्माण और क्षमता सहित वास्तु कला का उल्लेख महामंदिर  की विशेषता वाराणसी के सारनाथ से 4 किलोमीटर की दूरी पर उमरा गांव है जहां यह विशाल और सुंदर स्वरवेद महामंदिर धाम कई वर्षों की मेहनत के बाद 2023 में बनकर तैयार हुआ है।

लगभग 3 लाख वर्ग फुट के कुल क्षेत्रफल में फैला यह सात मंजिला विशाल संरचना महामंदिर दुनिया का सबसे बड़ा ध्यान केंद्र है, जहां एक साथ 20000 लोग बैठकर ध्यान कर सकते हैं इसकी ऊंचाई 180 फिट है निर्माण की झलक इसकी दीवारों पर मकराना संगमरमर और गुलाबी बलुआ पत्थर का इस्तेमाल कर किया गया है। जिन पर स्वरवेद के हजारों श्लोक दीवारों पर उत्कीर्ण है।

यह मंदिर हजारों वर्षों तक आध्यात्मिक रूप से ऊर्जावान बना रहेगा। वही स्वरवेद महामंदिर धाम का उद्घाटन भारत के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के हाथों 2023 में 100 वे वार्षिकोत्सव के अवसर पर किया गया था। इस मंदिर के अंदर  छोटी-छोटी कलाकृतियों का संगम है जिसे हम देखकर आत्मसात करेंगे। मंदिर के गर्भगृह में स्वामी जी की मूर्ति है।

अलौकिक अद्भुत महामंदिर को सूर्य प्रकाश में देख हम अभिभूत होंगे। वहीं रात्रि में रोशनी के कई कलर में मंदिरों का स्वरूप ओर भी सुंदर दिखायी देगा। रामलाल पूजा समिति के मुख्य संरक्षक संजय सेठ, संरक्षक दीपक प्रकाश, प्रदीप वर्मा, योगेंद्र प्रसाद, राजेश कश्यप, संजय यादव, सी पी सिंह और नवीन जायसवाल है । इस अवसर पर समिति के संरक्षक श्री सी पी सिंह भी मौजूद थे।

उन्होंने कहा कि श्री राम लला पूजा समिति, झारखंड का सबसे बड़ा पूजा समिति है इसमे सभी का तन, मन, धन से सेवा देना अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पूजा समिति को किसी भी चीज की आवश्यकता होने पर मैं समिति में हमेशा उपलब्ध रहूंगा। इस अवसर पर कई मुख्य सदस्यों ने अपने सुझाव रखे।

इस अवसर पर समिति के महामंत्री श्री कुणाल अजमानी का पंजाबी हिंदू बिरादरी में अध्यक्ष मनोनीत होने पर उनको समिति की ओर से पुष्प गुच्छ और माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन और स्वागत किया गया। धुर्वा से नीलम चौधरी जी (पार्षद) को  पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित और अभिनंदन किया गया।

आज की बैठक में मुख्य रूप से समिति की ओर से अध्यक्ष अशोक चौधरी, महासचिव कुणाल आजवानी, कोषाध्यक्ष प्रकाश धेलिया, उपाध्यक्ष प्रेमचंद श्रीवास्तव, धीरज तनेजा, रोहित अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, सह सचिव राजू पोद्दार, मनीष सराफ, प्रवीण सिंह, सह कोषाध्यक्ष दीपक चौधरी,  प्रवक्ता प्रमोद सारस्वत , सह बादल सिंह, दिलीप सोनी, रवि प्रकाश टूंना, विकास सिंह, रोहित पांडेय, सुनील जायसवाल, रोहित पांडेय, अनिल गोयल, नीलम चौधरी, अनिल चौधरी, निर्मल जालान, महेश सोनी, पवन शर्मा, जितेन्द्र सिंघा, राजीव कुमार,अमन प्रसाद, शुभम मित्तल,रोहित शारदा, मनीष लोधा, शंभु प्रसाद, गोपाल सोनी, सोनू भारद्वाज सहित काफी संख्या में सदस्य मौजूद थे। उक्त जानकारी श्री रामलला पूजा समिति रांची के प्रवक्ता प्रमोद सारस्वत और मीडिया प्रभारी बादल सिंह ने दी। 

Published / 2026-05-31 16:15:25
नंदलाल अग्रवाल जी का स्वागत और अभिनंदन

नंदलाल अग्रवाल जी का स्वागत और अभिनंदन

टीम एबीएन, रांची। गोविंदपुर, धनबाद के प्रतिष्ठित समाजसेवी एवं उद्योगपति, मीठे सरल स्वभाव रहित ब्यक्तित्व के धनी श्री नंदलाल अग्रवाल जी को अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन का राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष मनोनीत किए जाने पर उनको बहुत बहुत हार्दिक बधाई ढेर सारी शुभकामनाएं।

जैसा कि ज्ञात है श्री नंदलाल अग्रवाल जी झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके है। उनके मनोनयन से झारखंड के युवाओं में नया उत्साह सहित राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का भरपूर सम्मान भी बढ़ा है।

धनबाद यात्रा के क्रम में धार्मिक व सामाजिक सहित विभिन्न संस्थाओ से जुड़े ब्यवसायी  प्रमोद सारस्वत ने माननीय  नंदलाल जी अग्रवाल को अंग वस्त्र से सम्मानित, स्वागत और उनका अभिनंदन कर उन्हें बधाई दी।

श्री सारस्वत ने बताया कि निश्चित ही  नंदलाल जी अग्रवाल अपने इस कार्यकाल को स्वर्णिम कार्यकाल बनाने में अपनी सकारात्मक भूमिका के संग समाज हित में अपना भरपूर योगदान देकर समाज को एक जुट बनाने में सहयोग करेंगे। उक्त जानकारी प्रमोद सारस्वत ने दी। 

Published / 2026-05-30 21:44:10
धनबाद : रोड निर्माण कार्य में भारी घोटाला, गुणवत्ता पर गंभीर सवाल!

एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। धनबाद नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत लोयाबाद वार्ड संख्या-8 में नगर निगम द्वारा कराये जा रहे सड़क निर्माण कार्य में भारी अनियमितता और गुणवत्ता में कमी देखी जा रही है। निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। 

सड़क निर्माण में घटिया सामग्री जैसे घटिया क्वालिटी के सीमेंट बालू जैसे सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिससे सड़क की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। ठेकेदार ओर वार्ड नंबर 8 के जेई की मिलीभगत से इतना बड़ा घोटाला किया जा रहा है। निर्माण कार्य की उचित निगरानी नहीं होने के कारण ठेकेदार मनमानी कर रहे हैं। 

नगर निगम के संबंधित जेई (जूनियर इंजीनियर) निर्माण स्थल पर नियमित निरीक्षण के लिए नहीं पहुंचते हैं। कार्य पूर्ण होने के बाद केवल औपचारिक जांच कर ठेकेदारों के बिल पास कर दिये जाते हैं, जांच के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जाती है, जिससे निर्माण कार्य की वास्तविक गुणवत्ता की जांच नहीं हो पाती। 

ठेकेदार और वार्ड नंबर 8 के जेई  की मिलीभगत के कारण सरकारी राशि का दुरुपयोग हो रहा है तथा नगर निगम को आर्थिक नुकसान पहुंचाया जा रहा है। यदि निर्माण कार्य की जांच करायी जाये जाए तो कई अनियमितताओं का खुलासा हो सकता है। 

Published / 2026-05-30 21:42:31
झारखंड : वज्रपात से पांच की मौत

झारखंड में प्रकृति का कहर, आकाशीय बिजली की चपेट में आने से पांच लोगों की मौत 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के चार जिलों में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से पिछले 24 घंटों में एक लड़की और दो महिलाओं सहित पांच लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को गढ़वा जिले से दो लोगों की मौत तथा रांची, धनबाद और बोकारो से एक-एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली। 

एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को रांची के इटकी थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुल्ली गांव में अपने माता-पिता के साथ पेड़ से आम तोड़ रही 12 वर्षीय लड़की आश्रिता की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गयी। 

उन्होंने बताया कि उसके माता-पिता घायल हो गये और उन्हें स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि गढ़वा में कंडी थाना अंतर्गत गराखुर्द गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 45 वर्षीय महिला की मौत हो गयी, जबकि बनजंघा गांव में 32 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गयी। 

उन्होंने बताया कि धनबाद के राजगंज थाना क्षेत्र के चुंगी गांव में 44 वर्षीय महिला की मौत हो गयी जबकि बोकारो के पिंडराजोरा थाना क्षेत्र के बाबूडीह गांव में बिजली गिरने से 21 वर्षीय युवक की मृत्यु हो गयी। शुक्रवार को झारखंड के अधिकतर हिस्सों में भारी बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं हुईं जो शनिवार सुबह भी जारी रही। इससे राज्य भर में अधिकतम तापमान में गिरावट आयी।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रांची, रामगढ़, बोकारो, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद और गोड्डा सहित 13 जिलों के लिए रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक गरज के साथ बारिश का अनुमान जताते हुए आरेंज अलर्ट (तैयार रहें) जारी किया है। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि मौसम में यह बदलाव दो निम्न दबाव प्रणालियों के कारण हुआ है।  

उन्होंने कहा, झारखंड में अधिकतम तापमान में सात डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आयी है। अगले चार दिनों में तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।

शुक्रवार को डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से 6.2 डिग्री कम था। वहीं, चाईबासा में यह 33.4 डिग्री सेल्सियस और रांची में 27.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

Published / 2026-05-30 21:24:56
नेतरहाट की तलहटी में बसे नैना के ग्रामीणों को आ रही टूरिज्म के सपने से चिढ़

  • टूरिज्म में ख्याति पाने की ख्वाहिश रखने वाले झारखंड के पेयजल के लिए तरस रहे 
  • वर्ल्ड क्लास टूरिज्म का सपना, लेकिन गांव में पानी नहीं! नेतरहाट की तलहटी में 12 दिन से प्यासे ग्रामीण 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नेतरहाट, जहां एक ओर अपनी प्राकृतिक सुंदरता और ठंडे मौसम के लिए देशभर में पहचान बना रहा है, वहीं उसकी तलहटी में बसे नैना गांव के लोग पिछले 12 दिनों से बूंद-बूंद पानी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। लातेहार जिले के इस आदिवासी बहुल गांव में करीब 300 की आबादी निवास करती है। गांव का एकमात्र सरकारी कुआं धंस जाने के बाद यहां 60 परिवारों के सामने गंभीर पेयजल संकट खड़ा हो गया है। 

12 दिनों से पेयजल संकट, ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी 

ग्रामीणों का आरोप है कि जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंड स्तर तक के अधिकारियों को मामले की जानकारी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक राहत के नाम पर सिर्फ आश्वासन ही मिला है। गांव में न तो पानी का टैंकर भेजा गया और न ही वैकल्पिक जलापूर्ति की कोई ठोस व्यवस्था की गयी। भीषण गर्मी के बीच महिलाएं और छोटे-छोटे बच्चे सुबह चार बजे उठकर करीब दो किलोमीटर दूर नदी से पानी ढोने को मजबूर हैं। 

अधिकारियों पर अनदेखी का आरोप 

ग्रामीण नरेश महतो, उमेश महतो और सोनू महतो ने बताया कि पिछले कई दिनों से अधिकारी गांव पहुंचकर केवल निरीक्षण कर रहे हैं। वे फोटो खींचते हैं, समस्या सुनते हैं और जल्द समाधान का भरोसा देकर लौट जाते हैं। गांव की मनीता देवी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि पानी के बिना गांव का जीवन पूरी तरह प्रभावित हो चुका है, लेकिन प्रशासन की संवेदनहीनता लगातार बनी हुई है। 

तैयार किया जा रहा है बोरिंग का एस्टीमेट 

इस मामले में पीएचईडी एवं स्वच्छता विभाग, लातेहार के कार्यपालक अभियंता दीपक कुमार महतो ने कहा कि विभाग के संज्ञान में मामला है और अस्थायी समाधान के लिए बोरिंग का एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है। 

हर घर जल के दावों पर उठे सवाल 

विडंबना यह है कि राज्य सरकार नेतरहाट को वर्ल्ड क्लास टूरिज्म स्पॉट बनाने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन उसी क्षेत्र के ग्रामीण आज भी अपनी बुनियादी जरूरत पानी के लिए संघर्ष कर रहे हैं। नैना गांव की स्थिति सरकार के हर घर जल अभियान के दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

Published / 2026-05-30 21:23:39
साहित्य संगम संस्थान का वार्षिकोत्सव भव्यता के साथ संपन्न

देश-विदेश के दिग्गज साहित्यकार हुए सम्मानित  

रूप माला और स्वाति मानधना की पुस्तक का लोकार्पण  

टीम एबीएन, रांची। साहित्य, संस्कृति और भाषा के उत्थान में अग्रणी राष्ट्रीय संस्था साहित्य संगम संस्थान का भव्य वार्षिकोत्सव आज संपन्न हुआ। डिजिटल और जमीनी स्तर पर साहित्य की अलख जगाने वाले इस संस्थान के वार्षिकोत्सव में देश के विभिन्न कोनों से आये नामचीन रचनाकारों, विद्वानों और भाषा-प्रेमियों ने सहभागिता दी। 

कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी वेदानंद सरस्वती रामावतार बिंजराजका निश्छल ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद सुमधुर सरस्वती वंदना स्वाति जैसलमेरिया एवं स्वाति मानधना की प्रस्तुति से हुआ। कार्यक्रम के आरंभ में साहित्यकारों की पुस्तकों का विमोचन किया गया। 

रूपा माला की पुस्तक बस दो कदम और स्वाति मानधना की पुस्तक स्वाति के मंथन मोती का भव्य लोकार्पण हुआ। इस गौरवशाली अवसर पर संस्थान द्वारा साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशिष्ट रचनाकारों को राजा रंतिदेव सम्मान, साहित्य साधक सम्मान का प्रमाण पत्र एवं उत्कृष्ट विधाओं में महारत हासिल करने वाले वरिष्ठ साहित्यकारों को मानद उपाधि से अलंकृत किया गया। 

उत्कृष्टता प्रमाण पत्र से नवाजे गये साहित्यकार 

संस्थान की साहित्यिक गतिविधियों में निरंतर सक्रियता और श्रेष्ठ सृजन के लिए रचनाकारों को मुख्य मंच से सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया : 1. दिनेश मिश्रा,  2.  सरोज शुक्ला, 3. रूपमाला सिन्हा, 4. तरुण कुमार सिंह, 5. राजीव रंजन पांडेय, 6. डॉ. प्रशांत करण, 7. डॉ भावना दीक्षित

ज्ञानश्री मानद उपाधि से विभूषित शीर्ष रचनाकार साहित्य जगत में अपने दीर्घकालीन साधना, विशिष्ट लेखन और भाषा की सेवा के लिए संस्थान की चयन समिति द्वारा देश के छह शीर्ष मूर्धन्य साहित्यकारों को सर्वोच्च मानद उपाधि से विभूषित किया गया।  

सम्मानित होने वाले विभूतियों के नाम 

  • रामावतार बिंजराजका निश्छल 
  • रितेश कुमार शर्मा पथिक 
  • स्वाति मानधना 
  • स्वाति सरु जैसलमेरिया 
  • गणेश चंद्र केष्टवाल प्रखर 
  • नवीन कुमार भट्ट नीर 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और संस्थान के अध्यक्ष राज वीर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि साहित्य समाज का दर्पण ही नहीं, बल्कि दिशा दिखाने वाली मशाल भी है। आज जिन भी साधकों को सम्मानित किया गया है, उन्होंने अपनी लेखनी से समाज को वैचारिक समृद्धि दी है। वार्षिकोत्सव के अंतिम चरण में एक भव्य बहुभाषी कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया गया। 

जिसमें देशप्रेम, श्रृंगार और समसामयिक विषयों पर उत्कृष्ट रचनाओं का पाठ हुआ। सभी प्रस्तोताओं को काव्य शिरोमणि सम्मान से नवाजा गया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य संयोजक डॉ प्रशांत करण ने सभी आगंतुक अतिथियों, सम्मानित साहित्यवादियों और पटल से जुड़े दर्शकों का सहृदय आभार व्यक्त किया। शांति पाठ के साथ इस ऐतिहासिक वार्षिकोत्सव का समापन हुआ।

Page 54 of 1686

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse