टीम एबीएन, रांची। झारखंड में वोटरों की संख्या 2 करोड़, 57 लाख, 78 हजार, 149 हो गयी है। चुनाव आयोग की ओर से मतदाता सूची पुनरीक्षण कराने के बाद मंगलवार को नयी मतदाता सूची जारी की गयी है। नये वोटर लिस्ट में पुरुष और महिला मतदाताओं की संख्या 1 करोड़, 27 लाख, 12 हजार, 266 हो गयी है। इसके अलावे राज्य में थर्ड जेंडर की संख्या 434 है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने नयी वोटर लिस्ट जारी करते हुए कहा कि 1 जनवरी 2024 को प्रकाशित वोटर लिस्ट से 1.54% की वृद्धि हुई है, जबकि 25 जुलाई को जारी प्रारूप से 0.49% की कमी है। आयोग के आंकड़ों के मुताबिक वोटर लिस्ट पुनरीक्षण के दौरान 3,89,595 वोटर जिसमें 1,82,655 मृत पाये गये हैं, 1,31,786 शिफ्टिंग और 75,154 एक से अधिक स्थानों पर वोटर होने की वजह से हटाये गये हैं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के अनुसार 1 अक्टूबर को अहर्ता मानकर 18 वर्ष के होने वाले युवाओं के 55,189 आवेदन प्राप्त हुए हैं। गौरतलब है कि 22 जनवरी 2024 को राज्य में 2 करोड़ 53 लाख 86 हजार 152 वोटर राज्य में थे। पुनरीक्षण के बाद राज्य में मतदान केंद्रों की संख्या 29562 हो गयी है। कुछ जिलों में मतदान केंद्र में बदलाव भी हुआ है, वहीं कुछ स्थानों पर नए सिरे से मतदान केंद्र बनाये गये हैं।
इस तरह से राज्य में 41 मतदान केंद्र पिछले मतदान केंद्र की संख्या से अधिक है। नये वोटर लिस्ट में 18 से 19 आयु वर्ग में पुरुष मतदाताओं की संख्या 4 लाख, 80 हजार, 760 है। वहीं महिला मतदाताओं की संख्या 5 लाख, 93 हजार, 959 है और थर्ड जेंडर मतदाता की संख्या 13 है। इस प्रकार 18 से 19 आयु वर्ग में मतदाताओं की कुल संख्या 10 लाख, 74 हजार, 732 है।
टीम एबीएन, रांची। रांची ट्रैफिक पुलिस और आरटीए सचिव ने राजधानी को चार जोन में बांट कर आटो के लिए 17 और ई-रिक्शा के लिए 113 रूट का निर्धारण किया है। आटो और ई-रिक्शा चालकों ने इसका विरोध शुरू कर दिया है और 27 अगस्त से बेमियादी हड़ताल की घोषणा कर दी है। यानी मंगलवार से राजधानी में आटो और ई-रिक्शा का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा।
हालांकि, आपातकाल में बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचानेवाले आटो व ई-रिक्शा इस हड़ताल से छूट रहेगी। वहीं, मालवाहक आटो भी इस हड़ताल से प्रभावित नहीं होंगे। आटो और ई-रिक्शा चालकों ने सोमवार को रातू रोड न्यू मार्केट स्थित आटो स्टैंड से जुलूस निकाल कर विरोध-प्रदर्शन किया।
जुलूस का नेतृत्व प्रदेश सीएनजी आटो चालक महासंघ के अध्यक्ष दिनेश सोनी, रांची जिला आटो चालक यूनियन के अध्यक्ष अर्जुन यादव और रांची जिला ई-रिक्शा चालक यूनियन के संरक्षक उत्तम यादव ने किया। जुलूस रातू रोड से किशोरी यादव चौक और जाकिर हुसैन पार्क होते हुए कचहरी चौक पहुंचा और यहां सभा में तब्दील हो गया। यहां विरोध स्वरूप आरटीए सचिव और ट्रैफिक एसपी का पुतला भी जलाया गया।
तीनों यूनियनों के अध्यक्षों ने कहा कि कई बार अधिकारियों से वार्ता करने की कोशिश हुई, लेकिन जब बात नहीं बनी, तो हड़ताल के सिवाय कोई रास्ता नहीं था। मंगलवार सुबह 5 बजे से ही आॅटो का परिचालन शहर में बंद कर दिया जायेगा। जब तक मांगें नहीं मानी जाती हैं, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि वह अपने बेटे बाबू लाल सोरेन के साथ 30 अगस्त को भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं। चंपई सोरेन ने कहा कि आज मैंने एक नया अध्याय शुरू किया है।
पहले मैंने संन्यास लेने के बारे में सोचा था, लेकिन बाद में कार्यकर्ताओं और जनता के उत्साह को देखते हुए मैंने सक्रिय राजनीति में शामिल होने के बारे में सोचा। बाद में मैंने एक नया संगठन बनाने के बारे में भी सोचा, लेकिन समय की कमी और झारखंड की अनूठी गतिशीलता के कारण मैंने काफी चिंतन के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने का फैसला किया।
चंपई सोरेन ने कहा- मुझे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर पूरा भरोसा है, मैंने भाजपा में शामिल होने का फैसला किया। मैं 30 तारीख को भाजपा में शामिल होऊंगा। मैं और मेरा बेटा बाबूलाल सोरेन रांची में भाजपा में शामिल होंगे। हम कल झारखंड जायेंगे। जब उनसे झामुमो के इस बयान के बारे में पूछा गया कि उनका पर्दाफांश हो गया है, तो चंपई सोरेन ने कहा, मुझे नहीं लगता कि इसपर प्रतिक्रिया देना उचित होगा।
मैंने बहुत संघर्ष किया है और झारखंड में हमारा इतिहास स्पष्ट है। लेकिन हम भाजपा में शामिल होंगे। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने चंपई सोरेन के भाजपा में शामिल होने का स्वागत करते हुए कहा कि उन्होंने सही विकल्प चुना है।
जीतन मांझी ने कहा- चंपई सोरेन झारखंड के सीएम थे और अच्छा काम कर रहे थे। यह सही है कि उन्हें सीएम बनाया गया, लेकिन उनसे इस्तीफा मांगने के बजाय उनके सारे काम रद्द कर दिये गये और नया नेता चुन लिया गया। उनका अपमान किया गया, जिसके बाद चंपई सोरेन ने दूसरा विकल्प चुना है। उन्होंने सही काम किया है।
झामुमो नेता मनोज पांडे ने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि वे अन्य दलों पर निर्भर हैं और उनका अपना कोई चेहरा नहीं है। मनोज पांडे ने कहा, यह दुखद है, लेकिन अब स्थिति स्पष्ट है। वह किसी दूसरी पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं।
इसका क्या असर होगा, यह तो समय ही बतायेगा। इतिहास ने साबित कर दिया है कि जो लोग झामुमो छोड़कर किसी दूसरी पार्टी में शामिल हुए हैं, उन्हें वह सम्मान नहीं मिला है... भाजपा का अस्तित्व हमारे नेताओं पर निर्भर है...उनके (भाजपा) पास अपना कोई चेहरा नहीं है।
टीम एबीएन, रांची। तिरुपति अपार्टमेंट कांके रोड स्थित संजय सर्राफ के आवास में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मौके पर बाल गोपाल श्रीकृष्ण को मनमोहक रूप से फूलों एवं बैलूनों से सजाया गया। पूजा अर्चना की गयी।
प्रसाद में धनिया, आटे की पंजीरी, बादाम, किशमिश, काजू, मिश्री, मक्खन, पंचामृत एवं साबूदाने की खीर, नारियल के लड्डू, पेड़ा, चॉकलेट का भोग अर्पित किया गया।
शाम को भजन-कीर्तन किया गया। रात्रि 12 बजे शंखनाद के बीच श्रीकृष्ण का जन्म हुआ। लड्डू गोपाल को झूलन में झुलाया गया। सामूहिक रूप से आरती की गयी एवं प्रसाद वितरण किया गया।
टीम एबीएन, रांची। आज दिनांक 27/8/2024 को अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा के नेतृत्व में रांची राज्य पुस्तकालय में जाकर आगामी नवनिर्माण संकल्प सभा हेतु बेरोजगार युवाओं का बायोडाटा लिया गया। राज्य सरकार को इस बायोडाटा के माध्यम से ध्यान आकृष्ट कराया जायेगा कि राज्य में कितने छात्र एवं युवा बेरोजगारी का झेल रहे हैं?
वर्तमान की महागठबंधन वाली सरकार सबसे ज्यादा छात्रों को ठगा है। बेरोजगारी भत्ता के नाम पर नौकरी के नाम पर वोट लेकर अपना वादा से मुकर गयी। ये बायोडाटा संग्रह अभियान पूरे राज्य के विभिन्न कॉलेज, विश्वविद्यालय, लॉज, हॉस्टल लाइब्रेरी, प्रखंड पंचायत में चलेगी और फिर आगामी नव निर्माण संकल्प सभा के माध्यम से राज्य सरकार को सौंपने का काम आजसू करेगी।
मौके पर युवा चेतन प्रकाश, अजीत कुमार, प्रियांशु सिन्हा जमाल गद्दी, सौरभ शर्मा, अरविंद सेठ, आनंद यादव, राजेश सिंह, बबलू मंडल, सिंटू कुमार इत्यादि उपस्थित थे। उक्त जानकारी अखिल झारखंड छात्र संघ (आजसू) के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।
टीम एबीएन, रांची/ नयी दिल्ली। भाजपा और आजसू (आल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन) मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ेगी। गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद सुदेश महतो ने ये ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि हम झारखंड में विधानसभा चुनाव एक साथ लड़ेंगे। आसजू 2019 में विधानसभा चुनाव अलग लड़ी थी। करीब डेढ़ घंटे तक आजसू प्रमुख सुदेश महतो और गृह मंत्री अमित शाह के बीच झारखंड चुनाव को लेकर चर्चा हुई।
बैठक के बाद सुदेश महतो ने कहा कि चंपई सोरेन का स्वागत है। अगर वो हम लोगों के साथ आते हैं तो विधानसभा चुनाव में इसका फायदा होगा। चंपई जी से भावनात्मक लगाव है। आंदोलन के नाते उनका सम्मान भी है। सुदेश महतो ने कहा कि उन्होंने जिस तरह से अपनी वेदना पत्र के माध्यम से शेयर की है, वह काफी दुखदायक है। राज्य के हित में वो आगे बढ़ते हैं तो साथ आगे बढ़ें तो बहुत अच्छा रहेगा।
हम उन्हें कोई सुझाव नहीं दे सकते हैं लेकिन झारखंड के लिए वह लड़े हैं। झारखंड के बड़े चेहरे हैं। आजसू नेता ने कहा, अगर वह (चंपई सोरेन) अपनी बात मंच पर आकर कहेंगे, उनके काम करने का जो स्वभाव रहा है और राज्य को केंद्र बनाकर काम करेंगे तो निश्चित रूप से अच्छा प्रभाव रहेगा। चंपई जी का हम लोग स्वागत करते हैं। अगर वो गठबंधन में आते हैं तो अमित शाह के साथ सभी राजनीतिक मुद्दों पर चर्चा हुई है तो निश्चित रूप से उस मुद्दे पर भी चर्चा हुई है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नूपूर्णा देवी ने पश्चिम बंगाल में बाल यौन अपराध संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) के अंतर्गत आवंटित त्वरित विशेष न्यायालय स्थापित करने पर जोर देते हुए कहा है कि राज्य सरकार को महिलाओं और बच्चों के लिए सुरक्षित परिवेश बनाने पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
केंद्रीय मंत्री ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को रविवार को लिखे एक पत्र में कहा कि वर्ष 2019 में राज्य के लिए 123 त्वरित विशेष न्यायालय आवंटित किये गये थे, लेकिन जून 2023 तक एक भी न्यायालय आरंभ नहीं किया जा सका। राज्य में 48 हजार 600 से ज्यादा दुष्कर्म और पॉक्सो से संबंधित मुकदमे लंबित है।
बाद में राज्य सरकार के अनुरोध पर 17 त्वरित विशेष न्यायालय आवंटित किये गये, जिनमें से मात्र छह पॉक्सो न्यायालय आरंभ हो पाये हैं। शेष 11 त्वरित विशेष न्यायालय स्थापित करने के लिए राज्य सरकार ने अभी तक कोई कदम नहीं उठाया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को बच्चों और महिलाओं को सुरक्षित परिवेश उपलब्ध कराने के लिए इस दिशा में शीघ्रता से कदम उठाने चाहिए। इस पत्र की प्रति सोमवार को यहां जारी की गयी।
इससे पहले सुश्री बनर्जी ने महिला सुरक्षा को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को एक पत्र लिखा था और महिलाओं के प्रति अपराध रोकने के लिए एक सख्त केंद्रीय कानून की मांग की थी। पत्र में अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि 30 जून 2024 तक 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 752 त्वरित विशेष न्यायालय कार्यरत हैं, जिनमें से 409 न्यायालय पॉक्सो के लिए निर्धारित हैं। इनमें दो लाख 53 हजार से ज्यादा मामलों का निपटारा किया गया है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि संकटापन्न महिलाओं और बच्चों के लिए हेल्पलाइन नंबर 181, 112, 1098 और 1930 पिछले कुछ वर्ष में आरंभ किये गये हैं, लेकिन पश्चिम बंगाल के निवासियों को इनका लाभ नहीं मिल पा रहा है क्योंकि राज्य सरकार ने संबंधित योजनाओं को लागू ही नहीं किया है।
श्रीमती देवी ने कहा कि एक जुलाई 2024 से भारतीय न्याय संहिता 2023 पूरे देश में लागू की जा चुकी है जिसमें महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराधों के लिए उम्र कैद तथा आजीवन कैद और भारी जुमार्ने का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को संबंधित प्रावधानों और व्यवस्थाओं को लागू करना चाहिए जिससे महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित और भयमुक्त परिवेश उपलब्ध कराया जा सके।
टीम एबीएन, रांची। झामुमो से बगावत करने के बाद चंपाई सोरेन की भाजपा में शामिल होने की खबरें आम हो रही है। असम के सीएम से जब इसके बारे में पूछा गया तो सरमा ने कहा कि मैं चाहता हूं कि चंपाई सोरेन भाजपा में शामिल हों। लेकिन वह बड़े नेता हैं, इसलिए उनके बारे में वह टीका-टिप्पण्णी नहीं करेंगे।
सरमा ने कहा कि चंपाई सोरेन दिल्ली आये हैं तो उनसे बात करने की कोशिश करेंगे। चंपाई के भाजपा में आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी। हिमंता ने कहा कि चंपाई सोरेन ने खुद स्वीकार किया है कि उनके पास तीन विकल्प हैं। पहला राजनीति से संन्यास लेना, दूसरा खुद की पार्टी बनाना और तीसरा कोई अच्छा साथी मिलेगा, तो उनके साथ आगे चलना।
हिमंता ने आगे कहा कि चंपाई सोरेन के साथ बातचीत का रास्ता खुला हुआ है। असम सीएम ने कहा कि अगर हेमंत सोरेन सितंबर तक अपने द्वारा किये गये 5 लाख वादे को पूरा कर देते हैं और सारे घुसपैठियों को झारखंड से निकाल देते हैं तो हो सकता है भाजपा विधानसभा चुनाव भी नहीं लड़ेगी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse