झारखंड

View All
Published / 2024-08-29 20:11:31
भाजपा ने शुरू किया घोषणा पत्र सुझाव अभियान

जनता की राय के लिए जारी हुआ व्हाट्सएप नंबर, शहीद मैदान में भाजपा में शामिल होंगे चंपाई 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने आज से घोषणा पत्र सुझाव अभियान की शुरूआत कर दी। पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा झारखंड प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और घोषणा पत्र सुझाव अभियान समिति के संयोजक विधायक अनंत ओझा की उपस्थिति में इस अभियान की शुरूआत की गयी। इस अभियान के तहत पार्टी के पदाधिकारी जिला, प्रखंड और मंडल स्तर तक जाकर युवाओं, महिलाओं, किसान, मजदूर, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका, पारा शिक्षक, सहिया दीदी से मिलकर उनकी सलाह लेंगे कि वह कैसा घोषणा पत्र चाहते हैं। इसी को पार्टी अपने संकल्प पत्र में स्थान देगी। 

राजनीतिक दलों के संकल्पों का दस्तावेज होता है घोषणा पत्र 

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रदेश कार्यालय में घोषणा पत्र सुझाव अभियान की शुरूआत करते हुए कहा कि घोषणा पत्र किसी भी राजनीतिक दल के संकल्पों का दस्तावेज होता है। उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक दलों के दृष्टिकोण को भी बताती है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा अपने घोषणा पत्र को संकल्प पत्र कहती है। हम जो संकल्प पत्र जारी करते हैं उसी के साथ जनता के बीच जाते हैं और जब जनता का विश्वास जीतकर सरकार बनाते हैं तो उसे पूरा भी करते हैं। 

हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करेंगे 

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जनता के बीच जाकर, उनसे सुझाव लेकर उसे घोषणा पत्र में जगह देंगे। पार्टी यह सुनिश्चित करेगी कि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी हो ताकि घोषणा पत्र जन भावनाओं के अनुरूप बन सके। उन्होंने कहा कि व्हाट्सएप पर सुझाव देने के लिए भी 6202750671 नंबर पर अपना सुझाव दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि ट्वीट के माध्यम से भी सुझाव दिया जा सकता है। 

सपनों का झारखंड बनाने वाला होगा संकल्प पत्र :  अनंत ओझा 

झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए बनाई गई घोषणा पत्र सुझाव अभियान समिति के संयोजक अनंत ओझा ने कहा कि सपनों का झारखंड कैसे बने इसके लिए भाजपा काम कर रही है। महिला, युवा, किसान सभी की भावनाओं को संकल्प पत्र में समाहित किया जाएगा। सोशल मीडिया प्लेटफार्म के जरिये भी सुझाव दिया जा सकता है। 

कल तीन बजे धुर्वा के शहीद मैदान में भाजपा का दामन थामेंगे चंपाई : बाबूलाल मरांडी 

झारखंड प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि चम्पाई सोरेन के भाजपा में शामिल होने से पार्टी को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि कल तीन बजे शहीद मैदान में हिमंता बिस्वा सरमा और शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में चम्पाई सोरेन पार्टी में शामिल होंगे। पार्टी कार्यालय में आज के घोषणा पत्र सुझाव अभियान की शुरुआत कार्यक्रम के दौरान प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव, विजय चौरसिया और मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक भी उपस्थित थे।

Published / 2024-08-29 20:10:16
एक को धरती आबा की जन्मस्थली से शुरू होगी झारखंड नवनिर्माण यात्रा : देवेंद्रनाथ महतो

  • उलिहातु से सिल्ली तक न्याय अधिकार सह झारखंड नवनिर्माण यात्रा से अबुआ दिशुम - अबुआ राज होगा स्थापित : देवेंद्र नाथ महतो

टीम एबीएन, रांची। झारखंड गठन के उद्देश्य, शहीदों का सपना, आंदोलनकारियों का अरमान अबुआ दिशुम अबुआ राज स्थापित करने को लेकर जेबीकेएसएस  जेएसएसयू के बैनर तले केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो के नेतृत्व में आगामी 1 सितंबर 2024 दिन रविवार को धरती आबा बिरसा मुंडा जन्मस्थल उलिहातु खूंटी से लेकर शहीद रघुनाथ महतो शहादत स्थल लोटा सिल्ली तक न्याय अधिकार सह झारखंड नवनिर्माण यात्रा करने का निर्णय लिया गया है।

यात्रा में पारंपरिक वेश भूषा पारंपरिक हथियार के साथ विभिन्न क्षेत्र से हजारों लोग शामिल होंगे। यात्रा को सफल बनाने को लेकर सिल्ली, सोनाहातू, राहे, बुंडू, तमाड़, अड़की, ईचागढ़, कुकडू, नीमडीह, चांडिल प्रखंड में बैठक की गयी। उक्त जानकारी नकुल कुमार मुकेश ने दी।

Published / 2024-08-28 20:45:47
पलामू : नुक्कड़-नाटक से जागरूक किये गये लाभुक

मेला प्रदर्शनी एवं नुक्कड़-नाटक के माध्यम से झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना को लेकर किया गया जागरूक 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। प्रमंडलीय जनसंपर्क इकाई, पलामू प्रमंडल के सौजन्य से आज मेला प्रदर्शनी एवं नुक्कड़-नाटक का आयोजन किया गया। मेदिनीनगर सदर प्रखंड कार्यालय परिसर में मेसर्स उत्थान कला दल द्वारा आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से झारखंड की महत्वाकांक्षी योजना झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना एवं सरकार की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में उपस्थित जनसमूह को जागरूक किया गया।

मेला प्रदर्शनी एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजनों को बताया गया कि इस योजना के तहत 21 से 50 वर्ष तक की उम्र की हर बहनों को खुशियों का उपहार के रूप में साल में 12 हजार रुपए दिया जा रहा है। हर महीने एक हजार की सम्मान राशि दिया जा रहा है। इस योजना के तहत लाभुकों द्वारा प्राप्त आवेदन की स्वीकृति के उपरांत सरकार द्वारा बहनों के बैंक अकाउंट में सीधे राशि का स्थानांतरण किया जा रहा है।

Published / 2024-08-28 18:24:36
कल चार बजे से प्रोजेक्ट भवन में होगी हेमंत सोरेन कैबिनेट की बैठक

टीम एबीएन, रांची। झारखंड मंत्रिपरिषद की बैठक गुरुवार (29 अगस्त) को होगी। बैठक शाम 4 बजे से झारखंड मंत्रालय (प्रोजेक्ट भवन) में होगी। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे। 

विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा से पहले हो रही इस कैबिनेट में कई अहम फैसलों पर मुहर लग सकती है। मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) ने बुधवार को बैठक की जानकारी दी।

Published / 2024-08-28 11:13:02
अपने पैरों पर खुद कुल्हाड़ी मारने का काम कर रहे चंपाई : राजद

  • पूर्व में झामुमो छोड़ने वाले आज राजनीतिक पहचान के मोहताज : धर्मेंद्र महतो

टीम एबीएन, रांची। झामुमो के कद्दावर नेताओं में शुमार हैं चंपाई सोरेन। उन्होंने लगभग 40 वर्षों तक एसटी, एससी, ओबीसी, अल्पसंख्यकों, गरीबों, मजदूरों, दलितों के हक की लड़ाई लड़ी। सामंतवादी शक्तियों के खिलाफ दिशोम गुरु शिबू सोरेन के साथ संघर्षशील रहे। 

आज कुर्सी के लोभ में उन्होंने भाजपा में जाने की ठानी है। जिस मजदूर विरोधी, गरीब विरोधी, सामाजिक न्याय विरोधी, किसान विरोधी, आदिवासी विरोधी पार्टी भाजपा के खिलाफ वे वर्षों तक लड़ाई लड़े, आज उसी पार्टी की गोद में बैठने की घोषणा कर वे अपने ही पैरों में कुल्हाड़ी मारने का काम कर रहे हैं। 

इतने परिपक्व नेता चंपाई को शायद यह नहीं पता कि झामुमो छोड़कर जाने वाले सूरज मंडल, कृष्ण मार्डी, हेमलाल मुर्मू, सीता सोरेन, शैलेंद्र महतो सहित दर्जनों नेता आज अपनी राजनीतिक पहचान के मोहताज हो गए हैं। अभी भी वक्त है चंपाई सोरेन अपने फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए।

Published / 2024-08-27 21:10:12
पंचमुखी विश्वकर्मा पूजा समिति जय प्रकाश नगर, चुना भट्ठा, रांची की नयी कमेटी गठित

टीम एबीएन, रांची। दिनांक 27.08.2024 को जय प्रकाश नगर में पंचमुखी विश्वकर्मा पूजा समिति की बैठक हुई। जिसकी अध्यक्षता शशिकांत कुमार एवं बैठक का संचालन राकेश कुमार शर्मा ने किया। बैठक में पिछले वर्ष विश्वकर्मा पूजा की समीक्षा कर एंव लेखा जोखा प्रस्तुत कर इस वर्ष भी 17 सितम्बर को विश्वकर्मा पूजा धूमधाम से पूजा मनाने का निर्णय गया। 

आज की बैठक में पूर्व की तरह पदाधिकारियों का चयन किया गया। जिसमें संरक्षक डॉ दिलीप कुमार सोनी, अनिल कुमार गुप्ता, दिनेश प्रजापति, राम प्यारे शर्मा एवं अशोक विश्वकर्मा को चुना गया है। वहीं सर्वसम्मति से अध्यक्ष पद के लिए निरंजन कुमार शर्मा, उपाध्यक्ष  विनोद शर्मा एवं अवधेश कुमार कार्यकारी अध्यक्ष, शशिकांत  कुमार, विक्रांत विश्वकर्मा, महासचिव राकेश शर्मा,  सचिव आकाश कुमार विश्वकर्मा, सहसचिव उदय कुमार, संगठन सचिव सुरेश शर्मा, प्रदीप विश्वकर्मा, अनिल प्रजापति, जगदेव विश्वकर्मा एवं विकास कुमार साव, कोषाध्यक्ष अजय सिन्हा, सह कोषाध्यक्ष उमेश शर्मा कार्यकारिणी सदस्य मनोज शर्मा, रमेश शर्मा, प्रदीप विश्वकर्मा, विजय प्रजापति, प्रकाश सोनी, सौरभ विश्वकर्मा, उपेंद्र विश्वकर्मा, कृष्ण शर्मा, राजेश विश्वकर्मा, रामाशंकर शर्मा और रंजीत शर्मा को रखा गया है। धन्यवाद ज्ञापन रमेश शर्मा ने किया। उक्त जानकारी पंचमुखी विश्वकर्मा पूजा समिति के महासचिव राकेश कुमार शर्मा (9835166775) ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

Published / 2024-08-27 21:09:03
विधानसभा चुनाव से पहले हेमंत सोरेन का बड़ा ऐलान, इन लोगों का बिजली बिल होगा माफ

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में आगामी विधानसभा चुनावों की सुगबुगाहट के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रदेश के लोगों को राहत देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। चुनाव से पहले राज्य सरकार द्वारा उठाये गये इन कदमों को जनता का समर्थन हासिल करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। 

दुमका में आयोजित मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान कार्यक्रम में हेमंत सोरेन ने अपने हालिया ऐलान में गरीबों और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बिजली बिल माफी की योजना का ऐलान किया, जिससे इनकम टैक्स न चुकाने वाले उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी। आपको बता दें कि दुमका में आयोजित कार्यक्रम में हेमंत सोरेन ने स्पष्ट किया कि जिन उपभोक्ताओं पर बकाया बिजली बिल है और जो इनकम टैक्स का भुगतान नहीं करते, उनका बिल माफ किया जायेगा। 

उन्होंने कहा कि सरकार गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के बिजली बिलों का आकलन करेगी और उनके लिए भी राहत के उपाय किये जायेंगे। सीएम सोरेन ने कहा, हम समझते हैं कि हर व्यक्ति की जेब में सीमित साधन होते हैं। ऐसे में एक हाथ से कमाना और दूसरे हाथ से देना जरूरी हो जाता है। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए, हमारी सरकार गरीबों के बाद मध्यमवर्गीय परिवारों को भी इस योजना का लाभ पहुंचाने की दिशा में कदम उठायेगी। 

वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने एक्स अकाउंट पर भी इस योजना की घोषणा की। उन्होंने कहा, पहले चरण में हम गरीब परिवारों के बकाया बिजली बिल को माफ करेंगे। इसके बाद, मध्यमवर्गीय परिवारों के बिजली बिलों का भी आकलन किया जाएगा और जो उपभोक्ता इनकम टैक्स का भुगतान नहीं करते, उन्हें भी इस योजना का लाभ मिलेगा।

Published / 2024-08-27 21:06:28
कोडरमा : विधवा व बच्चा का शव पुलिस ने कुआं से बरामद

थाना में प्राथमिकी दर्ज़ कर जांच में जुट गयी है पुलिस

मायके वालों ने संपत्ति हड़पने के नियत से हत्या कर शव को कुआं में फेंकने का लगाया आरोप

टीम एबीएन, कोडरमा। जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ककरचोली पंचायत के तरवन में मंगलवार का पुलिस ने कुआं से एक विधवा और उसके बच्चे का शव बरामद किया है। इस बारे में प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह ग्रामीणों ने एक कुआं में शव को तैरता हुआ देखा, जिसे देख ग्रामीणों शोर मचाया। गांव के लोग कुआं के पास जमा हो गये। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इधर, इस घटना से पूरे गांव में मातम छा गया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने कुआं से महिला एवं एक बच्चे का शव बरामद किया। शवों की पहचान 36 वर्षीय सुमन देवी, पति स्व उपेंद्र यादव एवं 8 वर्षीय प्रेम कुमार, पिता स्व. उपेंद्र यादव के रूप में की गयी है। मृतका के पिता कटिया परसाबाद निवासी टीपन महतो ने अपनी बेटी और नाती की हत्या का ससुराल वालों आरोप लगाते हुए थाना मे आवेदन दिया है।

श्री महतो ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी लगभग 18 वर्ष पूर्व जयनगर थाना क्षेत्र के तरवन निवासी दिलीप यादव के पुत्र उपेंद्र यादव के साथ हिंदू रीति-रिवाज से किया था। बेटी के ससुरालवाले बराबर मारपीट प्रताड़ित करते थे। इसको लेकर कई बार पंचायत हुआ था। इसी क्रम में उपेंद्र यादव को किरोसन तेल छिड़क कर जलाकर हत्या लगभग 4 वर्ष पूर्व उसके घर वाले कर दिया था। 

बेटी का देवरा राजेश यादव, पिता दिलीप यादव, उम्र 30 वर्ष, ससुर दिलीप यादव, पिता स्वर्गीय रामेश्वर महतो, उम्र 58 वर्ष, सास जसवा देवी, पति दिलीप यादव, उम्र 52 वर्ष, गोतनी सरिता देवी, पति राजेश यादव, उम्र 28 वर्ष, ननद कंचन देवी, पिता दिलीप यादव, उम्र 35 वर्ष जगह-जमीन संपत्ति हड़काने की नीयत से मारपीट वा पड़ताडान करने लगे और जमीन का हिस्सा भी नहीं दिए। 

इस मामले को लेकर भी पंचायत हुआ था। कुछ दिन पूर्व एक समधी ने जमीन की बिक्री बिना जानकारी के कर दी थी। इसको लेकर मेरी बेटी व उसके ससुराल वालों से एक सप्ताह से झगड़ा चल रहा था। जिसकी जानकारी मेरी बेटी फोन पर दी थी। 26 अगस्त को संध्या में फोन से सूचना मिला की मेरी बेटी सुमन देवी और उसके 8 वर्षीय पुत्र प्रेम कुमार की हत्या कर शव छुपाने के नियत से कुआं में उसके ससुराल वाले डाल दिया है। 

बताया कि राजेश यादव मेरे बड़े नाती प्रीत कुमार को बिजली के खंभे में बांध कर मारपीट भी किया था, तो मेरे बड़े नाती अपने मौसा के घर मरकच्चो थाना क्षेत्र के चक बराडीह निवासी त्रिवेणी यादव के घर चला गया। राजेश यादव उसे भी मारने के उद्देश्य से वहां खोजने चला गया। कहा है कि मेरी नतनी 12 वर्षीय प्रियांशु कुमारी भी नही मिल रही है। 

आगे मृतका के मायके वालों ने दावा किया है कि मेरी बेटी का नाती की हत्या कर उसके ससुराल वाले लोग मारकर सबको कुएं में डाल दिया। थाना प्रभारी विकास पासवान ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की हर पहलू को जांच किया जा रहा है। बच्ची की भी तलाश की जा रही है। आरोपियोंं की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Page 535 of 1698

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse