झारखंड

View All
Published / 2024-09-12 20:24:39
बाबूलाल ने सीएम हेमंत को लिखा पत्र, जांच की मांग

इलाज के अभाव में हो रही मौतों पर की उच्च स्तरीय जांच की मांग 

टीम एबीएन, रांची। भाजपा की झारखंड इकाई के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने बीते बुधवार को विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) के कुछ लोगों की हाल ही में अपर्याप्त चिकित्सा उपचार के कारण हुई मौतों की उच्च स्तरीय जांच की मांग की। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को लिखे पत्र में मरांडी ने आरोप लगाया कि झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति बदतर हो गई है। 

उन्होंने कुछ ऐसे मामलों का हवाला दिया जहां समय पर उपचार नहीं मिलने के कारण मौतें हुई हैं। भाजपा नेता ने साहिबगंज सदर अस्पताल में डेंगू से छह वर्षीय पहाड़िया लड़की की मौत, समय पर एंबुलेंस सेवा उपलब्ध नहीं होने के कारण दुमका के कुंडा पहाड़ी गांव की 19 वर्षीय गर्भवती महिला की मौत और पिछले 22 दिनों में जामताड़ा के नेगरा टांड गांव में आठ पीवीटीजी सदस्यों की अज्ञात बीमारी से मौत पर प्रकाश डाला।

मरांडी ने कहा कि अभी भी 10 से अधिक लोग अलग अलग बीमारी से ग्रसित हैं। झारखंड में समय पर इलाज न हो पाने के कारण आए दिन प्रदेशवासियों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है। मरांडी ने मुख्यमंत्री सोरेन से इन घटनाओं की पड़ताल के लिए उच्च स्तरीय जांच समिति गठित करने का आग्रह किया।

Published / 2024-09-12 20:22:57
झारखंड +2 शिक्षक संघ का प्राचार्य पद सृजन को लेकर घोषित आंदोलन का आगाज

टीम एबीएन, रांची। सरकारी +2 विद्यालयों में प्राचार्य पद सृजन के मांग को लेकर झारखंड +2 शिक्षक संघ ने राज्यव्यापी आंदोलन प्रारंभ किया है। जिसके तहत राज्य के सभी प्लस टू विद्यालयों में कार्यरत सभी पीजीटी, प्रयोगशाला सहायक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों ने काला बिल्ला लगाकर कार्य किया। तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी के माध्यम से प्रधान शिक्षा सचिव को ज्ञापन सौंपा। 

संघ ने हैशटैग #Create_Principal_Post_InGovtPlus2School  के साथ एक ट्विटर अभियान चलाया, जिसमें मुख्यमंत्री को टैग करते हुए +2 विद्यालयों में जल्द से जल्द प्राचार्य पद सृजित कर बहाली करने की मांग की गयी। 

संघ के प्रांतीय अध्यक्ष योगेंद्र प्रसाद ठाकुर ने कहा कि एक तरफ सरकार +2 विद्यालयों को उत्कृष्ट और आदर्श विद्यालय बनाने का दावा कर रही है तो वहीं दूसरी ओर इन विद्यालयों का प्रशासन संभालने वाले प्राचार्य पद की नियुक्ति तो दूर की बात उन पदों का दशकों से सृजन भी नहीं किया है। यह सरकार के विरोधाभासी और खोखली नीति को दर्शाता है।  

प्रांतीय कोषाध्यक्ष उदय शंकर मंडल ने कहा कि राज्य में गुणात्मक शिक्षा की सुनिश्चितता एवं +2 विद्यालयों के समुचित संचालन हेतु आवश्यक है कि सभी +2 विद्यालयों में नियमावली के अनुरूप प्राचार्य पद का सृजन तथा नियुक्ति हो। साथ ही, संवर्गीय वरीयता को दृष्टिगत रखते हुए +2 विद्यालयों के संचालन का दायित्व +2 शिक्षक को ही दिया जाये।  

प्रांतीय संरक्षक सुनील कुमार ने कहा कि संघ पिछले कई वर्षों से लगातार उक्त दोनों विषयों को, जिला कार्यालय से लेकर सचिवालय तक प्रखरता से रखता आया है। परंतु विडंबनापूर्ण स्थिति है कि विभाग द्वारा इस पर सार्थक एवं धरातलीय कार्रवाई नहीं की जा रही है। विभागीय उदासीनता के कारण प्रचार्य पद सृजन की फाइल बीते कुछ वर्षों से शिक्षा विभाग और वित्त विभाग के बीच पेंडुलम बनाकर रख दी गयी है। अत: बाध्य होकर झारखंड +2 शिक्षक संघ ने चरणबद्ध आंदोलन का निर्णय लिया है। 

जिसके प्रथम चरण में आज का यह विरोध कार्यक्रम रखा गया। विभाग तथा सरकार ने यदि इस पर आवश्यक कदम यथाशीघ्र नहीं उठाया तो अगले चरण में इसे और भी तीव्र किया जायगा। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला अध्यक्ष  संतोष कुमार महतो, जिला सचिव अनिल कुमार नेतालियन, कोषाध्यक्ष भरत प्रसाद साहू, कुणाल महतो, लालचंद महतो, शंभू साहू, गणेश महतो, श्रीपति, मनीष, आदि शामिल हुए।

Published / 2024-09-12 20:21:05
लाखों बहनों को करम पर्व की पूर्व संध्या पर मिलेगा खुशियों का उपहार

झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत दूसरी किस्त का होगा हस्तांतरण 

टीम एबीएन, रांची। लुगुबुरु घंटाबाड़ी धोरोम गाढ़ की पवित्र भूमि ललपनिया, बोकारो से मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन करम पर्व की पूर्व संध्या पर झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत राज्य की 45 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खाता में दूसरी किस्त का हस्तांतरण करेंगे। 

इससे पहले विभिन्न चरणों में पहली किस्त का हस्तांतरण मुख्यमंत्री द्वारा किया जा चुका है। योजना का लाभ देने हेतु अबतक 48,15,048 महिलाओं का निबंधन हुआ है। 45,36,597 महिलाएं सम्मान राशि से अबतक आच्छादित हुईं हैं। हर महीने की 15 तारीख तक हर बहन के खाते में सम्मान राशि भेजने का आदेश मुख्यमंत्री द्वारा दिया जा चुका है।  

18 से 50 वर्ष की बहनों को लाभ

मुख्यमंत्री के आदेश और राज्य मंत्रिपरिषद की स्वीकृति के उपरांत अब राज्य की 18 से 20 वर्ष की बेटियों को भी झारखण्ड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना से जोड़ने की पहल शुरू हो चुकी है। जल्द इन्हें भी सम्मान राशि प्राप्त होने लगेगी। मालूम हो कि इससे पहले तक 21 से 50 वर्ष की महिलाओं को योजना से जोड़ने का प्रावधान था। 

ऐसे बढ़ रहा योजना का कारवां 

03 अगस्त 2024 से झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लिए आवेदन लेना प्रारंभ हुआ। 04 अगस्त 2024 को आनलाइन आवेदन जमा करने में आ रही परेशानी को मुख्यमंत्री ने दूर कर आफ लाइन आवेदन लेने का आदेश दिया। 18 अगस्त को पहली बार योजना के तहत पाकुड़ की 80 हजार से अधिक, 22 अगस्त को पलामू प्रमंडल के लातेहार, मेदिनीनगर और गढ़वा की 2.50 लाख से अधिक, 24 अगस्त को उत्तरी छोटानागपुर के रामगढ़, हजारीबाग, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद और बोकारो जिला की 13 लाख 94 हजार से अधिक, 27 अगस्त को संताल परगना के देवघर, गोड्डा, पाकुड़, साहेबगंज, दुमका और जामताड़ा की 07 लाख 32 हजार से अधिक, 28 अगस्त को कोल्हान प्रमंडल के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला - खरसावां की 07 लाख 32 हजार से अधिक, 04 सितंबर को दक्षिणी छोटानागपुर के रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला और लोहरदगा की 07 लाख से अधिक महिलाओं के बैंक खाते में ?70 करोड़ 50 लाख का हस्तांतरण किया गया है।

Published / 2024-09-11 20:55:16
मारवाड़ी समाज ने रोटी बैंक को दी रोटी बनाने वाली मशीन

टीम एबीएन, रांची। आज दिनांक 11 सितंबर 2024 को अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन की मारवाड़ी महिला सम्मेलन रांची शाखा ने रोटी बैंक रांची को रोटी बनाने वाली मशीन एवं आटा बॉल कटिंग मशीन दान में दी गयी। विदित हो कि रोटी बैंक के द्वारा साढ़े चार बर्षों से झारखंड के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स परिसर सहित अन्य स्थानों पर जरूरतमंदों को नि:शुल्क भोजन कराया जा रहा है। 

मारवाड़ी महिला सम्मेलन के पदाधिकारीगण ने कहा कि समाज में जो मानवीय कार्य कर रहे हैं। उनको सहयोग करना हमारा परम कर्तव्य है। रोटी बनाने वाली मशीन दान कर हमलोगों को सुखद अनुभूति हो रही है। रोटी बैंक रांची के संस्थापक विजय पाठक महिला मंच के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहे कि आपका  सहयोग हमें सदैव मानवीय कार्य करने के लिए  प्रेरित करता रहेगा। 

रोटी बनाने की मशीन मिल जाने से  कार्य करना और भी आसान होगा। इस मौके पर निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरा बथवाल, पूर्व प्रादेशिक अध्यक्ष रूपा अग्रवाल, प्रादेशिक उपाध्यक्ष अलका सरावगी, पूर्व अध्यक्ष गीता डालमिया, अनुसूईया नेवटिया, शाखा अध्यक्ष मधु सर्राफ, सचिव उर्मिला पाड़िया, नैना मोर, मीना अग्रवाल, मंजू तुलस्यान, सुनीता सरावगी, कुसुम पटवारी एवं लक्ष्मी सर्राफ जी की गरिमामय उपस्थिति रही। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी रीना सुरेखा ने दी।

Published / 2024-09-11 20:54:40
हजारों खेल प्रेमियों के बीच खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने पहुंचे माना पाठक

एबीएन न्यूज नेटवर्क, तोपचांची। स्व निर्मल सिंह चार दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन टुंडी विधानसभा अंतर्गत खरनी पांडेडीह में किया गया। हजारों खेल प्रेमियों के बीच बतौर मुख्य अतिथि झारखंड जनहित मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष माना पाठक सम्मिलित हुए। 

माना पाठक के पहुंचते ही ढोल नगाड़े के साथ पुष्प माला पहनाकर उनका स्वागत किया गया। सर्वप्रथम माना पाठक ने स्व निर्मल सिंह के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। रीमिक्स एफसी और मोहनपुर टीमों के बीच फाइनल मुकाबला खेलने के पूर्व माना पाठक ने खिलाडियों से परिचय प्राप्त कर खिलाडियों का हौसला बढ़ाया। 

राष्ट्रगान के साथ खेल की शुरूआत की गयी। मुख्य अतिथि पहुंचे माना पाठक ने विजेता टीम मोहनपुर को पुरस्कार राशि व ट्राफी प्रदान किया। माना पाठक ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल जगत में अनेक खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए देश एवं विदेशों में भी विजयी डंका बजाने का काम किया है।

अगर टुंडी के खिलाड़ियों को भी हौसला बढ़ाया जाए तो टुंडी की धरती से अनेक खिलाड़ी निकलेंगे।  मौके पर मितेंद्र दुबे, मनोज पांडे, नूनमनी सिंह, कन्हाई सिंह, मधुसुधन राय, उत्तम सिंह भगत सिंह सुशील रजक, मीरन रजक, मीतू ठाकुर,सुरज सिंह, विक्रम सिंह, रोहित सिंह, विशाल सिंह एवं हजारों खेल प्रेमी शामिल रहे।

Published / 2024-09-11 20:53:52
आप अपना आशीर्वाद बनाये रखें, हर व्यक्ति के चेहरे पर लायेंगे मुस्कान : हेमंत सोरेन

  • मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन गोड्डा जिला अंतर्गत महागामा में आयोजित आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में हुए सम्मिलित, लाभुकों  से किया सीधा संवाद  
  • मुख्यमंत्री ने गोड्डा एवं देवघर जिले को  लगभग  339 करोड़ 60 लाख रुपये की  147 विकास योजनाओं का दिया तोहफा, हजारों लाभुकों के बीच बांटी गयी परिसंपत्तियां 
  • मुख्यमंत्री ने राज्य वासियों से कहा- आपके  सहयोग से मजबूत झारखंड बनाने की दिशा में बढ़ रहे हैं आगे  
  • मुख्यमंत्री ने कहा आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम को लेकर लग रहे विशेष शिविरों में लोगों का दिख रहा जबरदस्त उत्साह  

...और क्या बोले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 

  • जन -जन तक  कल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने के प्रति सरकार प्रतिबद्ध 
  • राज्य यह राज्य तभी आगे बढ़ेगा, जब समाज का हर वर्ग मिलजुल कर  विकास में भागीदार बनेगा  
  • संवेदनशीलता और सजगता के साथ जनहित में काम कर रही सरकार सरकार

एबीएन न्यूज नेटवर्क, राजेंद्र स्टेडियम, ऊर्जा नगर, महागामा, गोड्डा। इस राज्य की जनता हमारी सबसे बड़ी ताकत है। आपके सहयोग से मजबूत झारखंड बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। आप अपना आशीर्वाद बनाए रखें,  इस राज्य के हर व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाने का काम हम करेंगे। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज गोड्डा जिला के महागामा स्थित राजेंद्र स्टेडियम, ऊर्जा नगर में गोड्डा एवं देवघर जिले के लिए आयोजित आपकी योजना- आपकी सरकार- आपके द्वार कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जन -जन तक राज्य सरकार की योजनाओं को पहुंचाने के प्रति अपना संकल्प दोहराया।

विशेष शिविरों में लोगों का दिख रहा जबरदस्त उत्साह

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का चौथा चरण चल रहा है। इस दौरान राज्य भर के पंचायतों और टोलों में लग रहे विशेष शिविरों में लोगों का जबरदस्त देखने को मिल रहा है। यहां उनकी समस्याओं का समाधान हो रहा है और उन्हें विभिन्न योजनाओं से आच्छादित किया जा रहा है। मैं भी  विभिन्न जिलों में आयोजित हो रहे शिविरों में शामिल हो रहा हूं, ताकि इस राज्य की जनता में में सरकार की विभिन्न योजनाओं से जुड़ने की खुशी को देख सकूं।

कई घरों में कई- कई योजनाओं का एक साथ मिल रहा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरी संवेदनशीलता और सजगता के साथ हमारी सरकार लोगों के कल्याण के लिए  कार्य करती आ रही है। हमारी सरकार जिस तरह अनेकों योजनाओं को धरातल पर उतरने का काम किया है, उससे एक ही घर- परिवार में  एक साथ कई योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। सभी बुजुर्गों को पेंशन मिल रहा है तो महिलाओं को सम्मान राशि। आज कोई भी घर- परिवार ऐसा नहीं है, जो सरकार की योजनाओं से वंचित है।

हर वर्ग को मदद और राहत देने का काम

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार हर वर्ग को मदद और राहत देने का काम कर रही है। किसानों के दो लाख रुपए तक के कर्ज माफ कर दिए गए हैं। लोगों को 200 यूनिट बिजली मुफ्त दी जा रही है। वकीलों को पेंशन, स्वास्थ्य बीमा और स्टाइपेंड की राशि देने का निर्णय हमारी सरकार ने लिया है। सावित्रीबाई फूले किशोरी समृद्धि योजना से बच्चियों को जोड़कर उन्हें पढ़ाई के लिए प्रेरित किया जा रहा है। यहां के बच्चे- बच्चियां डॉक्टर इंजीनियर और अफसर बनें, उन्हें गुरुजी क्रेडिट कार्ड के तहत 15 लाख रुपए तक की आर्थिक सहायता दी जा रही है। ऐसी अनेकों और योजनाएं हैं, जिसके जरिए राज्य वासियों को हम आगे बढ़ा रहे हैं।

20 वर्ष बनाम 4 वर्ष में हुए कार्यों का आकलन करें

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड अलग राज्य बनने के बाद 20 वर्षों में जो कार्य हुए और हमारी सरकार ने विगत साढ़े चार वर्षों में जितने कार्य किये हैं, उसका आप खुद आकलन कर लें। हमारी सरकार ने कोरोना के साथ-साथ कई अन्य चुनौतियों के बीच राज्य के विकास को गति देने का काम करती आ रही है। आज इस राज्य का कोई भी ऐसा घर नहीं है जो सरकार की योजनाओं से वंचित है।

50 लाख बहन- बेटियों को दे रहे सम्मान

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधी आबादी को सशक्त बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इस कड़ी में झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत 50 लाख बहन- बेटियों को सम्मान राशि देने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज भी यहां की एक बड़ी ग्रामीण आबादी गरीबी की जिंदगी जी रही है। वे  छोटी-छोटी जरूरतों के लिए कर्ज लेने को मजबूर होते हैं। लेकिन, हमारी सरकार आपको अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए संकल्पित है, ताकि किसी के आगे आपको हाथ फैलाने की जरूरत नहीं पड़े। इसके लिए अगले 5 वर्षों के दौरान हर घर में हर वर्ष एक लाख रुपए पहुंचने का काम हमारी सरकार करेगी।

अपने गांव- देहात को कर रहे मजबूत

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक हमारे गांव मजबूत नहीं होंगे, राज्य सशक्त नहीं होगा। इसीलिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रहे हैं। यहां के आदिवासी-मूलवासी, किसान-मजदूर और गरीब- वंचित वर्ग को पूरे मान-सम्मान के साथ उनका हक- अधिकार दे रहे हैं। उन्हें उनकी मंजिल तक पहुंचाने के लिए सरकार पूरी ताकत के साथ काम कर रही है।

समाज को तोड़ने वालों को नकारें

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य तभी आगे बढ़ेगा, जब समाज के सभी वर्ग  मिलजुल कर राज्य के विकास के भागीदार बनेंगे। समाज में बिखराव राज्य को कमजोर करता है । ऐसे में मैं आप सभी से यही कहना चाहता हूं कि समाज को तोड़ने वालों की पहचान कर उन्हें नकारें। हमारा प्रयास सभी का सहयोग लेकर इस राज्य की दशा और दिशा को बदलना है।

गोड्डा  को  29 और देवघर जिले 118 योजनाओं को मिली कई सौगातें

मुख्यमंत्री ने आपकी योजना- आपकी सरकार- आपके द्वार कार्यक्रम में गोड्डा एवं देवघर जिले को कुल 339 करोड़ 60 लाख 1 हजार रुपए की 147 योजनाओं का तोहफा दिया। इसमें गोड्डा जिला अंतर्गत 192 करोड़ रुपये की 29  योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास शामिल है, जबकि देवघर जिला अंतर्गत  6 करोड़ 81 लाख 66 हजार रुपये की 12  योजनाओं का उद्घाटन एवं 159 करोड़ 66 लाख 69 हजार रुपये की 106 योजनाओं का शिलान्यास संपन्न हुआ। इस अवसर पर इन दोनों जिलों के हजारों  लाभुकों के बीच करोड़ों रुपये की परिसंपत्तियां बांटी गयी।

इस कार्यक्रम में मंत्री सत्यानंद भोक्ता, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, विधायक प्रदीप यादव, जिला परिषद अध्यक्ष बेबी देवी,  पूर्व मंत्री हेमलाल मुर्मू, पूर्व विधायक संजय यादव, संताल परगना प्रमंडल के आयुक्त लालचंद दादेल, पुलिस  महानिरीक्षक क्रांति कुमार गड़िदेशी, पुलिस उप महानिरीक्षक संजीव कुमार तथा गोड्डा एवं देवघर जिले के उपायुक्त तथा पुलिस अधीक्षक समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

Published / 2024-09-11 20:50:09
हमें प्रकृति के संरक्षण की प्रेरणा देता है करमा पर्व : संजय सर्राफ

टीम एबीएन, रांची। विश्व हिंदू परिषद सेवा विभाग एवं राष्ट्रीय सनातन एकता मंच के प्रांतीय प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा है कि झारखंड के प्रमुख त्योहारों में से एक करमा पूजा पर्व 14 सितंबर दिन शनिवार को मनाया जायेगा। सर्राफ ने आज कहा कि आदिवासी समाज का प्रमुख पर्व करमा पूजा झारखंड बिहार के अलावे उड़ीसा बंगाल छत्तीसगढ़ एवं असम मे धूमधाम के साथ मनाया जाता है। 

करमा पर्व हमें प्रकृति के संरक्षण करने की प्रेरणा देता है। इस पर्व में बहनें अपने भाइयों की सुख- समृद्धि की कामना करती है एवं उनके दीर्घायु के लिए पूजन करती है। महिलाएं 24 घंटे उपवास करती है इस दौरान महिलाएं कर्म डाल की पूरे विधि विधान से पूजा करती है। करमा पर्व सृष्टि का पर्व है ये समस्त मानव, जीव जंतुओं का पर्व है क्योंकि इस संसार में कर्म ही धर्म है धर्म ही कर्म है आदिवासी समाज प्रकृति को ही आराध्य देव और भगवान मानते हैं।

उनका मानना है कि कर्म का वृक्ष 24 घंटा आॅक्सीजन देता है यही कारण है कि आदिवासी समुदाय करम वृक्ष को आराध्य देव के रूप में मानते हैं कर्म पूजा के दिन बांस की बनी डाली को सजाकर घर के आंगन के बीच में रखा जाता है। उसके साथ ही कर्म वृक्ष के पेड़ को भी घर के आंगन में गाड़ा जाता है और उसके चारों तरफ घर की महिलाएं बैठकर पूजा आराधना एवं अपने भाई के सुख समृद्धि की कामना करती है।

Published / 2024-09-11 19:33:26
फ्री मच्छरदानी के नाम पर लगवाया अंगूठा और बैंक बैलेंस साफ

मुफ्त मच्छरदानी वितरण के नाम पर ठगी 

अंगूठा लगवाकर बैंक खाते कर दिए साफ, पुलिस भी है हैरान 

टीम एबीएन, साहिबगंज/ रांची। झारखंड के साहिबगंज से ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पुलिस को भी सोचने पर मजबूर कर दिया। दरअसल, यहां वाहन से चार-पांच लोग आदिवासी गांव में आते हैं और खुद को स्वास्थ्य विभाग के एनजीओ का सदस्य बताते हैं। फिर मुफ्त मच्छरदानी देने का झांसा देकर दर्जनों लोगों को चूना लगा देते हैं। 

पूरा मामला गा थाना क्षेत्र स्थित तिलभीठा गांव का बताया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि ठगों ने जैसे ही गांव में मुफ्त मच्छरदानी वितरण का ऐलान किया वैसे ही गांव वालों की भीड़ जुट गयी। उन्होंने गांव के किसी भी व्यक्ति को मच्छरदानी नहीं दी बल्कि उनके आधार कार्ड और अंगूठे का निशान लेकर भाग निकले। 

इधर, ग्रामीण इस बात से खुश थे कि उन्हें मुफ्त में मच्छरदानी मिलेगी और वे चैन की नींद सोयेंगे। लेकिन अगली सुबह कुछ ग्रामीण बैंक पहुंचे तो उन्हें पता चला कि उनके बैंक से रकम साफ कर दी गयी है। बस फिर क्या था इस घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। 

थाने में पहुंचे पीड़ित

इस धोखाधड़ी की शिकायत ग्रामीणों ने स्थानीय थाने में दर्ज करवायी। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने शिकायत का संज्ञान लेते हुए एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम गठन कर जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया। फिलहाल पुलिस द्वारा गठित की गई टीम ठगों की तलाश कर रही है।

ठगों को पकड़ने के लिए टीम गठित

पुलिस ने बताया कि जालसाजों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए टीम जुटी हुई है। 150 रुपये की मच्छरदानी के बदले किसी के खाते से दो हजार तो किसी के खाते से तीन हजार तक की रकम बदमाशों ने साफ कर दी है।

Page 525 of 1698

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse