झारखंड

View All
Published / 2024-09-17 19:19:04
रामगढ़ : एटीएम काट पैसे ले भागे चोर

  • रामगढ़ में फिर एटीएम काटकर कैश ले गये चोर, पुलिस कर रही जांच

टीम एबीएन, रामगढ़। जिले में पिछले 72 घंटे की बारिश ने जनजीवन को अस्त व्यस्त कर दिया। इसका फायदा कुजू थाना क्षेत्र के तोपा में चोरों ने उठाया। तोपा बाजार में लगे एसबीआई के एटीएम में घुसने से पहले शटर में जहां लॉक किया जाता है वहीं लॉक को काट दिया फिर अंदर घुस गये। 

अंदर गैस कटर से एटीएम को काट दिया और उसमें से पूरा कैश ले गये। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने पहले तहकीकात की और फिर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर एक्सपर्ट की मदद से फिंगरप्रिंट्स का नमूना कलेक्ट किया। वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि लगातार क्षेत्र में चोरी की घटना बढ़ी हुई है। 

अभी तो यह मालूम नहीं कि कितने की चोरी हुई है लेकिन एटीएम को चोरों ने काट लिया है और उसमें जितना भी पैसा था वह लेकर फरार हो गये हैं। पुलिस आयी थी लेकिन उन्होंने कुछ भी नहीं बताया। घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम के गोला थाना प्रभारी अभिषेक कुमार ने पूरे मामले में कुछ भी कहने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि पूरे मामले में कुछ भी नहीं कहेंगे, वे सक्षम नहीं हैं सीनियर अधिकारी से बात कर लें।

थाना प्रभारी दिगंबर पांडे ने फोन पर बताया कि घटना देर रात दो तीन बजे की है। एटीएम संचालक कंपनी के लोगों से बात हुई है। कितना कैश था यह जानकारी नहीं मिल पायी है और न ही सीसीटीवी का वीडियो मिल पाया है। पुलिस अपने स्तर से तकनीकी रूप से पूरे घटना की छानबीन कर रही है। कंपनी की ओर से अभी आवेदन नहीं दिया गया है।

Published / 2024-09-17 19:15:01
मुरी : मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, कोई हताहत नहीं

  • रांची से सटे मुरी स्टेशन के पास मालगाड़ी का एक इंजन डिरेल तो दूसरा पलट गया, जान-माल की क्षति नहीं

टीम एबीएन, रांची। रांची से सटे मुरी स्टेशन के पास एक मालगाड़ी के दोनों इंजन मंगलवार को हादसे का शिकार हो गये। एक इंजन डिरेल हो गया तो दूसरा पलट गया है। इस हादसे में किसी भी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। 

बताया जा रहा है कि मुरी स्टेशन से करीब 10 किलोमीटर की दूरी पर यह हादसा हुआ है। हादसे की सूचना मिलने के बाद मुरी पुलिस भी मौके पहुंच चुकी है। रेलवे की ओर से दी गयी जानकारी के अनुसार, लोहरदगा से चलकर मुरी के हिंडाल्को स्थित प्लांट तक मालगाड़ी पहुंची थी। 

वहां अनलोड कर मालगाड़ी वापस आ रही थी। उसी दौरान लगाम नामक जगह पर मालगाड़ी के दोनों इंजन पटरी से उतर गये। इसमें एक इंजन डिरेल हो गया तो दूसरा पलट गया। जिस जगह मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हुई है, वह सुइसा रेल डिवीजन के तहत आता है।

Published / 2024-09-17 17:04:41
सीएम से मिला दरगाह कमेटी का प्रतिनिधिमंडल

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से डोरंडा दरगाह कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में डोरंडा दरगाह कमेटी के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री को प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने आगामी 19 से 23 सितंबर 2024 तक डोरंडा में आयोजित हजरत रिसालदार शाह बाबा का उर्स में सम्मिलित होने हेतु सादर आमंत्रित किया। 

मौके पर मुश्ताक आलम, डोरंडा दरगाह कमेटी के अध्यक्ष अयूब गद्दी, महासचिव जावेद अनवर, आसिफ नईम, पप्पू गद्दी, बबलू पंडित, बेलाल अहमद, आफताब, मो रिज़वान, जुल्फिकार अली सहित अन्य उपस्थित थे।

Published / 2024-09-17 16:31:12
भारी बारिश का असर : सातगुड़ुम पुल डूबने से पश्चिम बंगाल जाने का संपर्क कटा

  • झारखंड में लगातार भारी बारिश के बाद डूबा सातगुड़ुम पुल
  • आवागमन ठप, पश्चिम बंगाल जाने का कटा संपर्क

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में बारिश रुकने का नाम ही नहीं ले रही। लगातार बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। इसी बीच पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला प्रखंड की बाघुड़िया पंचायत स्थित नरसिंहपुर के पास झारखंड से बंगाल को जोड़ने वाला सातगुड़ुम पुल डूब गया है। 

पुल डूबने से झारखंड का बंगाल से संपर्क कट गया है। दरअसल, राज्य में लगातार हो रही बारिश से सारी नदियां उफान पर है। इसी बीच जिले के सातगुड़ुम पुल डूब गया जिससे इस पुल पर लोगों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। पुल के दोनों छोर पर लोग और वाहन ठहर गये।

इस कारण बंगाल के लोग झारखंड नहीं आ पाए और झारखंड के लोग बंगाल नहीं जा पाए। लोगों को बाजार या प्रखंड मुख्यालय जाने के लिए दूसरे रास्ते को अपनाना पड़ा। कई लोग पुल पर पानी भरा होने के बावजूद जान हथेली पर लेकर आवागमन कर रहे हैं। 

जानकारी के मुताबिक गालूडीह से पश्चिम बंगाल जाने की मुख्य सड़क पर नरसिंहपुर घाटी पर ही सातगुड़ुम पुल है, जो काफी नीचा है। पहाड़ी नदी होने के कारण लगातार बारिश होने से यह पुल डूब जाता है। इसके निर्माण की मांग कई वर्षों से ग्रामीण कर रहे हैं।

Published / 2024-09-16 23:31:27
संथाल परगना से बांग्लादेशी घुसपैठियों को निकाल फेंकेंगे : चम्पाई सोरेन

  • मांझी परगना महासम्मेलन में बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ हुंकार
  • बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ आंदोलन करेगा आदिवासी समाज

एबीएन न्यूज नेटवर्क, पाकुड़। संथाल परगना में लगातार हो रही बांग्लादेशी घुसपैठ के मुद्दे पर आदिवासी समाज गंभीर है। इसी मुद्दे पर आज समाज द्वारा पाकुड़ जिले के हिरणपुर प्रखंड अंर्तगत डांगापाड़ा फुटबॉल मैदान में मांझी परगना महासम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें झारखंड के पूर्व सीएम चम्पाई सोरेन शामिल हुए।

पिछले दो दिनों से लगातार हो रही तेज बारिश के बावजूद हजारों की संख्या में जुटे आदिवासी समाज के पारंपरिक ग्राम प्रधानों तथा मार्गदर्शकों ने खुल कर स्वीकार किया कि घुसपैठ के कारण आदिवासी समाज का अस्तित्व संकट में है तथा घुसपैठिए हमारी जमीनों को हड़प रहे हैं, और उनकी वजह से समाज की बहन- बेटियों की अस्मत खतरे में है।

इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने बाबा तिलका मांझी, वीर सिदो-कान्हू, चांद-भैरव एवं फूलो-झानो को नमन करते हुए बताया कि हमारे आदिवासी समाज ने जल-जंगल-जमीन तथा भाषा-संस्कृति एवं अस्तित्व की लड़ाई में कभी आत्म सम्मान से समझौता नहीं किया। हम उस समाज से आते हैं, जिसने अंग्रेजों के खिलाफ पहला विद्रोह किया।

उन्होंने कहा कि आज पाकुड़ में आदिवासी समाज अल्पसंख्यक हो चुका है, जबकि कुछ राजनीतिक दल वोट बैंक के लिए इस मुद्दे को नकार रहे हैं। उन्होनें बताया कि इस क्षेत्र में संथाल परगना काश्तकारी अधिनियम लागू है तथा आदिवासी परंपरा के अनुसार बेटियों को पैतृक सम्पत्ति में कोई अधिकार नहीं मिलता, फिर ये लोग कैसे जमीनें लूट रहे हैं? इस दिशा में जांच करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के कई गांवों में अब आदिवासी परिवार विलुप्त हो चुके हैं। भोले-भाले आदिवासियों से जमीन हड़पने एवं बेटियों को फंसा कर, उनके सहारे जमाई टोला में बसने तथा उनके जरिए आरक्षित पदों पर कब्जा करने के मामले अब आम हो चुके हैं। बारिश के बावजूद हजारों की संख्या में जुटी भीड़ इस बात का प्रमाण है कि संथाल समाज अब इसे बर्दास्त नहीं करेगा। इसलिए आज, यहीं से हमें वीर शहीदों से प्रेरणा लेकर एक सामाजिक जन-आंदोलन शुरू करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि संथाल परगना की सामाजिक व्यवस्था को बनाए रखने के लिए हम एक बार फिर लड़ाई लड़ेंगे। समाज की संस्कृति, सभ्यता की पहचान बनाए रखने के लिए हम सबको एकजुट होकर आदिवासी, मूलवासी को अपनी जमीन के साथ-साथ अपनी अस्मिता को भी बचाना जरूरी है।

  • आदिवासी संस्कृति और सभ्यता को बचाने के लिए आंदोलन करना होगा : लोबिन हेम्ब्रम

बोरियो के पूर्व विधायक लोबिन हेंब्रम ने महासम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि आज हमारी जमीन मनमाने भाव में खरीद कर हमारी संस्कृति को उजाड़ा जा रहा है। जब हमारा जमीन नहीं बचेगा, हमारी संस्कृति और सभ्यता भी नहीं बचेगी, तो हमारा अस्तित्व खत्म हो जायेगा। ऐसी स्थिति में हमें समाज को संगठित कर एक सामाजिक लड़ाई लड़ने की जरूरत है। एसपीटी एक्ट के प्रावधानों को कड़ाई से पालन कराना होगा तभी हमारा जल, जंगल और जमीन बचेगा।

  • वोट बैंक के लिए बांग्लादेशी घुसपैठ को संरक्षण दे रही है हेमंत सरकार : सीता सोरेन

जामा की पूर्व विधायक रही सीता सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार झारखंड में बांग्लादेशी घुसपैठ को संरक्षण देकर अपना वोट बैंक बना रही है। यहां बड़ी-बड़ी कंपनी खोली जा रही है लेकिन रोजगार यहां के लोगों को नहीं मिल रहा है। साढ़े चार साल की हेमंत की सरकार में सिर्फ दलालों का ही विकास हुआ है। 

उन्होंने कहा कि यहां के आदिवासियों एवं  मूलवासियों के संरक्षण हेतु गंभीरता से प्रयास करने की जरूरत है। इस महासम्मेलन का संचालन निर्मल टुडू ने किया जबकि इसे दुर्गा मरांडी, बाबूधन मुर्मू, प्रोफेसर निर्मल मुर्मू, श्याम दे हेंब्रम, विकास गौड़ एवं गमलियम हेंब्रम ने भी संबोधित किया।

Published / 2024-09-16 21:29:36
भंडरा : अमदरी गांव के ग्रामीण ढिबरी युग में जीने को विवश

एबीएन न्यूज नेटवर्क, भंडरा। भंडरा के गडरपो पंचायत अन्तर्गत अमदरी गांव के ग्रामीण पिछले तीन माह से अंधेरे में हैं। तीन तरफ से पहाड़ों से घिरे इस गांव में आंधी तूफान से बिजली के हाई वोल्टेज तार सहित खंभे भी टूट कर बिखर गये थे। 

तब से गांव में बिजली नहीं है। लोग अंधेरे में रहने को विवश हैं। विभाग को लगातार सूचना देने के बाद भी इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। बिजली के अभाव में करमा पर्व भी लोगों को अंधेरे में मनाना पड़ा। 

गांव के इंद्राज गोप, संतोष उरांव, प्रकाश महतो, जितराम उरांव, देवठान उरांव, कृष्णा महतो, बंधना उरांव आदि ने बताया कि अमदरी से तिलसिरी तक बिजली के सभी खंभे तार सहित आंधी तूफान से टूट कर बिखर गये हैं। इसकी लिखित सूचना विभाग को कई बार दिया गया। लेकिन विभाग द्वारा तार की अनुपलब्धता बता कर गांव को अबतक बिजली से वंचित रखा गया है। 

करीब सौ घरों के आदिवासी बहुल इस गांव में बिजली नहीं रहने से लोगों को हमेशा सांप आदि का भय बना रहता है। बच्चों के पढ़ाई लिखाई में भी परेशानी हो रही है। साथ ही लोग देश दुनिया के खबरों से भी बेखबर हैं। मोबाईल चार्ज कराने के लिये भी लोगों को रोजाना दूसरे गांव जाकर घंटों इंतजार करना पड़ता है। 

बता दें कि कोरोना काल से पहले भी आंधी तूफान से उक्त बिजली के खंभे टूट गये थे। इससे ग्रामीण करीब चार माह तक बिजली से वंचित हो गये थे। काफी प्रयासों के बाद गांव में बिजली आई थी। ग्रामीणों के अनुसार पहाड़ों से घिरे होने के कारण उक्त क्षेत्र में तूफान की गति काफी तीव्र होती है। क्षेत्र में बिजली के मजबूत खंभों की जरुरत है।

Published / 2024-09-16 21:25:06
अधिवक्ता निरंजन राम को मातृशोक

टीम एबीएन, रांची। रांची सिविल कोर्ट के अधिवक्ता एवं अखिल झारखंड अधिवक्ता संघ के वरीय सदस्य निरंजन राम की माता भागो देवी 90 वर्ष का आज बरियातू हाउसिंग क्लोनी स्थित आवास में हृदय गति रुक जाने के कारण निधन हो गया। 

आज दोपहर को उनका अंतिम संस्कार हरमू स्थित मुक्ति धाम में किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उनके रिश्तेदार एवं अधिवक्ता शमिल हुए। 

श्रीमती भागो देवी एक धर्म परायण महिला थी। वह दो पुत्रों समेत भरा पूरा परिवार छोड़ कर चली गई। उनके निधन पर अखिल झारखंड अधिवक्ता संघ के प्रधान महासचिव भरत चन्द्र महतो ने गहरा दुःख व्यक्त किया है।

Published / 2024-09-16 19:31:14
पीएम नरेंद्र मोदी ने पहली वंदे मेट्रो को भुज से अहमदाबाद के लिए किया रवाना

  • पीएम नरेंद्र मोदी ने पहली वंदे मेट्रो को भुज से अहमदाबाद के लिए किया रवाना
  • 8000 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास

एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अहमदाबाद में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं की कुल लागत 8 हजार करोड़ रुपये से अधिक बतायी जा रही है।

पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में उन घरों के लाभार्थियों को सौंपा है, जिनका निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। इसके साथ ही उन्होंने पीएम आवास योजना ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) के तहत 30 हजार से ज्यादा नये घरों के निर्माण को मंजूरी दी। इसकी पहली किस्त जारी की गयी है।

पीएम मोदी ने देश की पहली वंदे मेट्रो को भुज से अहमदाबाद के लिए रवाना कर दिया है। इसके संग उन्होंने कई वंदे ट्रेनों को हरी झंडी दिखायी। नागपुर से सिकंदराबाद, कोल्हापुर से पुणे, आगरा कैंट से बनारस, दुर्ग से विशाखापत्तनम, पुणे से हुबली और पहली 20 कोच वाली  ट्रेनों को शामिल किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अहमदाबाद-गांधीनगर मेट्रो रेल में यात्रा के दौरान यात्रियों से बातचीत की।

उन्होंने कहा, 100 दिन के इन निर्णयों में देश के हर नागरिक, हर परिवार, हर वर्ग के कल्याण की गारंटी पक्की हो चुकी है। इन 100 दिनों में 15 लाख करोड़ रुपये अधिक की योजनाओं पर काम आरंभ हुआ। चुनाव के वक्त उन्होंने 3 करोड़ नए घर तैयार करने की गारंटी देश को दी। इस गारंटी पर तेजी से कार्य हो रहा है। गांव हो या शहर हम सभी के लिए अच्छी जिंदगी जीने की व्यवस्थाएं जुटा रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हर कोई आज गणेश उत्सव को मना रहा है। आज मिलाद-उन-नबी भी मनाया गया। उन्होंने कहा कि देशभर में कई त्योहारों को मनाया जा रहा है। इन उत्सवों के वक्त विकास का उत्सव भी जारी है। यहां पर आज 8,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ है। आज नमो रैपिड रेल का भी उद्घाटन हुआ।

Page 522 of 1698

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse