झारखंड

View All
Published / 2024-10-17 20:46:59
जमशेदपुर : स्कूल वाहन चालक की हत्या का खुलासा अबतक नहीं

जमशेदपुर में 25 वर्षीय स्कूल वैन चालक की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। जमशेदपुर के कीताडीह क्षेत्र में अज्ञात व्यक्तियों ने स्कूल वैन चालक रोहित कुमार सिंह (25) की गोली मारकर हत्या कर दी थी। जिसका खुलासा दो दिन बाद भी नहीं हो सका है। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि वह बागबेरा थाना क्षेत्र में अपने घर के सामने सो रहा था, तभी हमलावरों ने नजदीक से उसे गोली मार दी। 

उन्होंने बताया कि इस संबंध में पूछताछ के लिए एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। हालांकि इस संबंध में पुलिस जांच कर रही है, लेकिन मृतक के रिश्तेदारों ने दावा किया है कि रोहित ने कुछ दिन पहले क्षेत्र में झगड़ा कर रहे 2 युवकों को शांत कराने की कोशिश की थी। उनमें से एक युवक ने कथित तौर पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। 

अधिकारी ने बताया कि पुलिस सभी संभावित कारणों से मामले की जांच कर रही है। परिवार के सदस्यों को सिंह सोमवार सुबह खून से लथपथ मिला जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

Published / 2024-10-17 20:37:35
हिंदू समाज का शौर्य अवतार है बजरंग दल : अंबरीश सिंह

एबीएन न्यूज नेटवर्क, खूंटी/रांची। विश्व हिंदू परिषद की युवा इकाई बजरंग दल झारखंड प्रांत की दो दिवसीय बैठक आज खूंटी स्थित राजस्थान भवन में संपन्न हुई। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री एवं विशेष संपर्क केंद्रीय प्रमुख अंबरीश सिंह थे। 

समापन सत्र को संबोधित करते हुए विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री अंबरीश सिंह ने कहा कि श्री राम जन्मभूमि के आंदोलन के आरंभ में ही पूज्य संतों ने 1984 में संकल्प सभा की सुरक्षा की दृष्टिकोण से स्थापना की थी। बजरंग दल के कार्यकर्ता श्रीरामशिला पूजन कार्यक्रम में कवच की तरह खड़े थे। वहीं आतंकवाद की चुनौतियों को स्वीकार कर अमरनाथ यात्रा व बूढ़ा अमरनाथ यात्रा चलाया। 

उन्होंने कहा हिंदू समाज के मौन रहने के कारण ही समाज में निरंतर हिंदू चिंतन एवं हिंदुओं पर आक्रमण होता चला आ रहा है। रोहिंग्या एवं बांग्लादेशी घुसपैठियों के कारण हिंदू कन्याओं का अपहरण, लव जिहाद, लैंड जिहाद जैसे प्रतिदिन अनेकों घटनाएं हो रही है। इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए समाज को खड़ा होना होगा। उन्होंने कहा सामाजिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए अपने बच्चों को धर्म संस्कृति से जोड़कर रखना होगा। 

उन्हेंने कहा समाज के बीच से सैनिक, साधु एवं संत अधिक से अधिक निकले तभी हमारी धर्म एवं संस्कृतिऔर सुदृढ़ कर सकते हैं। उन्होंने कार्यकतार्ओं से कहा बजरंग दल हिंदू समाज का शौर्य अवतार है, अपने आत्मबल को लेकर समाज के बीच युवा शक्ति खड़ा कर समाज को सशक्त बनावें। 

समापन सत्र में विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्र सहमंत्री डॉ वीरेंद्र साहू ने कुछ नवीन दायित्व का घोषणा करते हुए कहा हिंदू समाज के लिए विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल एक ऐसी कड़ी है जो हिंदू समाज के विपत्ति निवारक के रूप में कार्य करते रहती है। विश्व हिंदू परिषद के प्रांत अध्यक्ष चंद्रकांत रायपत आए हुए आगंतुक सभी कार्यकतार्ओं का स्वागत एवं धन्यवाद किये। 

समापन सत्र में विश्व हिंदू परिषद के प्रांत उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह मुंडा, क्षेत्र संगठन मंत्री आनंद कुमार, बजरंग दल क्षेत्र संयोजक जन्मेजय कुमार, धर्मप्रसार प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा, बजरंग दल के प्रांत संयोजक रंगनाथ महतो, प्रांत सहसंयोजक जनार्दन पांडेय, संगठन मंत्री देवी सिंह, प्रान्त प्रशिक्षण प्रमुख विक्की सिंह, प्रांत महाविद्यालय छात्र प्रमुख अमित पासवान, खूंटी जिलाध्यक्ष विनोद जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष विकास मिश्रा, शिवराज सिंह, जिला मंत्री राजीव कुमार झा, कोषाध्यक्ष प्रवीण कुमार जायसवाल, जिला सामाजिक समरसता प्रमुख बीरेंद्र सोनी, अभिषेक कुमार, सचित मिश्रा, मनीष कश्यप सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे। उक्त जानकारी बजरंग दल झारखंड के प्रांत संयोजक रंगनाथ महतो और प्रांत प्रचार-प्रसार प्रमुख प्रकाश रंजन (9334433338) ने दी।

Published / 2024-10-17 20:33:24
शरद पूर्णिमा पर गायत्री शक्तिपीठ सेक्टर टू में गायत्री महामंत्र पर हुआ स्वाध्याय और दीपयज्ञ विधान

सुख और दुख का आधार मनुष्य की मन:स्थिति पर निर्भर रहता है : दीदी मंजू शर्मा 

टीम एबीएन, रांची। शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर महिला मंडल प्रतिनिधित्व में युगतीर्थ गायत्री शक्तिपीठ सेक्टर टू में गायत्री महामंत्र का सस्वर पाठ व गुरु-ईश नमन वंदन व भजन-कीर्तन युग-गायन और स्वाध्याय पाठ-संवाद हुआ। इसमें गायत्री महामंत्र, महामृत्युंजय मंत्र एवं  दीपयज्ञ की महत्ता, आज की आवश्यकता एवं उपयोगिता पर प्रकाश डाला गया। साथ ही सुखद व दुखद मनोभाव की मनोदशा पर प्रकाश डालकर दीपयज्ञ विधान हुआ। स्वाध्याय में मनुष्य जीवन में सुख दुख की मनस्थिति पर चर्चा हुई।

दीदी ने बताया कि यह सब अंतर के मनोभाव और विचारों के बदल जाने से ही उत्पन्न होता है। कहा कि गायत्री सद्बुद्धि की, ऋतंभरा प्रज्ञा की अधिष्ठात्री देवी है और उससे साधक सद्बुद्धि की याचना करता है। इस सद्बुद्धि के द्वारा सभी प्रकार के दु:खों का कारण मूल से दूर किया जा सकता है। बताया कि सद्बुद्धि के प्रकाश में वे सभी उपाय सुझाई देने लगते हैं, जिनको काम में लाने पर दु:खों के मुख्य कारण दूर हो जाते हैं। 

बताया कि  जीवन और जगत् में विद्यमान समस्त दु:खों के कारण तीन हैं-  अज्ञान, अशक्ति और अभाव। जो इन तीन कारणों को जिस सीमा तक अपने से दूर करने में समर्थ होगा, वह उतना ही सुखी बन सकेगा और आनंद का अनुभव कर सकेगा। महिला मंडल द्वारा स्वाध्याय पाठ-संवाद के बाद गायत्री दीपयज्ञ हुआ और विधिवत मंगलमय गायत्री स्तवन एवं स्वस्तिवाचन पाठ कर गायत्री महामंत्र एवं महामृत्युंजय के भावार्थ बताकर गुरुवरश्री वेदमूर्ति-तपोनिष्ठ पण्डित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा बतायी गयी युग की आवश्यकता, महत्ता एवं उपयोगिता पर प्रकाश डाला गया। 

पूर्णाहूति उपरांत सर्वत्र रचनात्मक वातावरण सृजन की मंगलमय वंदना व शुभकामना की गयी। उक्त जानकारी गायत्री परिवार के वरिष्ठ साधक जय नारायण प्रसाद ने दी।

Published / 2024-10-16 20:56:55
एक-दो दिनों में भाजपा करेगी प्रत्याशियों के नामों की घोषणा

दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में भाग लेकर वापस रांची लौटे बाबूलाल मरांडी ने दी जानकारी 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने बताया कब होगी प्रत्याशियों की घोषणा 

टीम एबीएन, रांची। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि एक-दो दिनों के अंदर भाजपा प्रत्याशियों की घोषणा हो सकती है। प्रदेश नेतृत्व ने झारखंड के राजनीतिक हालात व प्रत्याशियों के बारे में केंद्रीय नेतृत्व को अवगत करा दिया है। अब इस पर केंद्रीय नेतृत्व को निर्णय लेना है। एक दो दिनों के अंदर आप सभी को शुभ समाचार मिलेगा। 

दिल्ली से लौटने के बाद बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मरांडी ने कहा कि एनडीए में सीट शेयरिंग पर केंद्रीय नेतृत्व को निर्णय लेना है। इसको लेकर सहयोगी दलों के साथ बातचीत चल रही है। जल्द ही स्थिति स्पष्ट हो जायेगी। बाबूलाल मरांडी दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में भाग लेकर वापस रांची लौट आये हैं।

Published / 2024-10-16 20:53:22
हजारीबाग : चौपारण में महारानी बस से छह लाख रुपये बरामद

आचार संहिता के दौरान हजारीबाग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक बैग से 6 लाख रुपये बरामद

एबीएन न्यूज नेटवर्क, हजारीबाग। आदर्श आचार संहिता लगते ही प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट हो गया है। इसी क्रम में बुधवार को चौपारण थाना गेट के सामने संयुक्त वाहन चेकिंग के दौरान महारानी बस में रखे बैग से 6 लाख 22 हजार नकद के साथ एक व्यक्ति को पकड़ा है। दरअसल, झारखंड विधानसभा चुनाव की घोषणा होते ही राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू हो गयी है। 

आचार संहिता लगते ही चौपारण थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश अपने दल-बल के साथ सक्रिय भूमिका में आ गये हैं। इसी क्रम में थाना गेट के सामने जीटी रोड पर जा रही महारानी यात्री बस में सवार एक व्यक्ति से 6 लाख 22 हजार 970 रुपये नकद जब्त किया गया है। जब्त रकम किसकी है और किस उद्देश्य से ले जायी जा रही थी, इसकी जांच की जा रही है। पकड़ा गया व्यक्ति कमलेश प्रसाद शर्मा बिहार के गया जिले का रहने वाला है। 

इस संबंध में थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद वरीय पदाधिकारियों और एफएसटी टीम के दंडाधिकारी प्रदीप कुमार पासवान को सूचना दे दी गयी है। जब्त रकम को जब्ती सूची बनाकर विधिवत जब्त कर लिया गया है। जब्त रुपये और गिरफ्तार व्यक्ति को आगे की कार्रवाई के लिए एफएसटी टीम के दंडाधिकारी को सौंप दिया गया है। 

थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने यह भी कहा कि विधानसभा चुनाव को कदाचार मुक्त कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है। वरीय पदाधिकारियों के आदेश के बाद चुनाव आयोग द्वारा जारी आचार संहिता के नियमों का सख्ती से पालन किया जायेगा। छापेमारी टीम में सीओ संजय कुमार यादव के साथ सब इंस्पेक्टर बिंदेश्वर महतो, सब इंस्पेक्टर बादल कुमार महतो, सब इंस्पेक्टर मोहम्मद कमरुद्दीन और सशस्त्र बल शामिल थे।

Published / 2024-10-16 19:02:45
रांची : सुखदेवनगर सब्जी मंडी में लगी आग

टीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची के सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के सब्जी मंडी में बुधवार की सुबह अचानक आग लग गयी। आग लगने की वजह से सब्जी मंडी में अफरा तफरी मच गयी। सुबह का समय होने की वजह से काफी लोग सब्जी लेने के लिए मंडी पहुंचे थे। पुलिस, दमकल कर्मी और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। 

सब्जी कारोबारियों ने बताया कि आज की वजह से उन्हें भारी नुकसान हुआ है। किसी का आलू जल गया तो किसी का प्याज। आलू प्याज के साथ-साथ सबसे ज्यादा सब्जी रखने वाले कैरेट जले हैं। सब्जी कारोबारी को लाखों का नुकसान हुआ है।

Published / 2024-10-16 19:02:02
झारखंड भाजपा आज जारी कर सकती है प्रत्याशियों की पहली सूची

टीम एबीएन, रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव की घोषणा होते ही भाजपा एक्टिव हो गयी है। मंगलवार देर रात तक दिल्ली में भाजपा के संसदीय बोर्ड की बैठक हुई है। प्रत्याशियों के नाम पर मुहर भी लग चुकी है। एनडीए गठबंधन के तहत भाजपा, आजसू और जदयू के बीच सीटों का तालमेल फाइनल हो गया है। 

लिहाजा, आज ही उम्मीदवारों की लिस्ट जारी होने की पूरी संभावना है। वैसे झारखंड भाजपा के विधानसभा चुनाव सह प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा ने भी स्पष्ट कर दिया था कि चुनाव की तारीखों की घोषणा होने के 48 घंटे के भीतर लिस्ट जारी हो जायेगी। आजसू को 10, जदयू को दो और लोजपा (रामविलास) को एक सीट दिये जाने की संभावना है। 

13 नवंबर को पहले फेज में 43 सीटों पर चुनाव होना है। प्रत्याशियों के लिहाज से चुनाव की तैयारी करने के लिए बहुत कम समय बचा है। अब सवाल है कि कौन-कौन से सीटिंग विधायक का टिकट कट सकता है और कौन-कौन से नये चेहरे सामने आ सकते हैं। इस मामले में रांची और कांके सीट पर भाजपा नये नाम सामने ला सकती है। 

रांची से नवीन जायसवाल और कांके से कमलेश राम भाजपा के प्रत्याशी हो सकते हैं। हटिया सीट पर कोई नया चेहरा सामने आ सकता है। इसके अलावा चंदनकियारी से नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी, राजधनवार से बाबूलाल मरांडी, सरायकेला से चंपाई सोरेन, जगन्नाथपुर से गीता कोड़ा, बोकारो से बिरंची नारायण, निरसा से अपर्णा सेनगुप्ता, गिरिडीह से निर्भय शाहाबादी, खिजरी से रामकुमार पाहन, झरिया से रागिनी सिंह, बरकट्ठा से अमित यादव का चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है।

Published / 2024-10-15 20:29:02
बकाया मिलने के बाद ही काम पर लौटेंगे एंबुलेंस वाले

दूसरे दिन भी ठप रही 108 एंबुलेंस सेवा, परेशान रहे मरीज व परिजन 

टीम एबीएन, रांची। राज्य में दूसरे दिन भी 108 एंबुलेंस सेवा पूरी तरह ठप रही। एंबुलेंस सेवा को संभाल रही इएमआरआइ ग्रीन हेल्थ सर्विसेज के कर्मचारी सेवा बहाल करने पर राजी नहीं हो पाये। इससे सभी 500 एंबुलेंस का परिचालन नहीं हो पाया। 

कर्मचारियों का कहना है कि दो महीने का बकाया और सितंबर का वेतनमान मिलने पर ही वह काम पर लौटेंगे। इससे मरीज और उनके परिजनों को एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो पाया और निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ा। सबसे ज्यादा परेशानी ग्रामीण इलाकों में हुई। 

राज्य में फिलहाल मेसर्स जिकित्जा हेल्थ केयर लिमिटेड की जगह पर सिकंदराबाद की कंपनी इएमआरआइ ग्रीन हेल्थ सर्विसेज 108 एंबुलेंस की सेवा प्रदान कर रही है। कर्मचारियों को पुरानी कंपनी ने दो महीने का वेतन नहीं दिया है। वहीं, वर्तमान एजेंसी ने भी सितंबर महीना का वेतन अभी तक नहीं दिया है।

Page 504 of 1698

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse