झारखंड

View All
Published / 2024-11-12 21:00:07
कल्पना के आरोप पर भड़के हिमंता बिस्वा

बोले- अमित शाह ने भी फोन के माध्यम से सभा को संबोधित किया, लेकिन...

टीम एबीएन, रांची। कल्पना सोरेन द्वारा केंद्र सरकार पर उनके चुनाव प्रचार में बाधा डालने के आरोप पर भाजपा के स्टार प्रचारक और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने प्रतिक्रिया दी है। हिमंता बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर अपने पोस्ट में लिखा कि गृह मंत्री अमित शाह भी सिमडेगा में तीसरी बैठक में शामिल नहीं हो सके। 

हालांकि, इसके लिए हम चुनाव आयोग या झारखंड सरकार को दोष नहीं दे रहे हैं। हम विनम्रतापूर्वक स्वीकार करते हैं कि आज प्रचार का अंतिम दिन है और हमें समय पर अपनी चुनावी सभाएं पूरी करनी हैं। हिमंता बिस्वा सरमा ने आगे लिखा कि शाह ने फोन के माध्यम से सभा को संबोधित किया। न कोई शिकायत, न कोई आरोप और निश्चित रूप से कोई नाटक नहीं।

बता दें कि बीते सोमवार को मुसाबनी में सभा के बाद, कल्पना सोरेन का हेलीकॉप्टर उड़ान भरने के लिए तैयार था, लेकिन बैटरी डाउन होने से उसे कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। इसके बाद हेलीकॉप्टर को नो-फ्लाइंग जोन बताकर शाम 4 बजे तक उड़ने नहीं दिया गया। इस वजह से कल्पना सोरेन को करीब 1 घंटे तक मुसाबनी में रुकना पड़ा और उन्होंने फोन के माध्यम से लातेहार की सभा को संबोधित किया। 

इसके बाद कल्पना मुर्मू सोरेन ने एक्स पर अपने पोस्ट में लिखा कि भाजपा और केंद्र सरकार की साजिश के कारण उन्हें जगन्नाथपुर नहीं जाने दिया गया जबकि इसके बाद उन्हें तोरपा और लातेहार में भी चुनावी कार्यक्रम में जाना था, लेकिन फोन से ही लातेहार की जनता को संबोधित किया।

Published / 2024-11-12 20:54:54
आयुक्त ने गढ़वा के श्री सद्गुरु जगजीत सिंह नामधारी महाविद्यालय के डिस्पैच सेंटर का किया निरीक्षण

निर्भीकता के साथ स्वतंत्र, निष्पक्ष मतदान के लिए मतदानकर्मियों का किया उत्साहवर्धन

आयुक्त ने पलामू प्रमंडल के सभी मतदाताओं से मतदान की अपील की

एबीएन न्यूज नेटवर्क, गढ़वा। झारखंड विधानसभा आम निर्वाचन-2024 को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त बाल किशुन मुंडा आज गढ़वा जिले के श्री सद्गुरु जगजीत सिंह नामधारी महाविद्यालय स्थित डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने 80- गढ़वा एवं 81-भवनाथपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने हेतु ईवीएम, वीवीपैट एवं अन्य सभी आवश्यक सामग्री के साथ मतदान केंद्रों पर भेजे जा रहे मतदान कर्मियों का उत्साहवर्धन किया। 

उन्होंने मतदान कर्मियों से सीधा बातचीत की और उनके उत्साह की सराहना भी की। उन्होंने मतदान कर्मियों की सुविधा हेतु डिस्पैच सेंटर पर बने विभिन्न काउंटरों का निरीक्षण किया और डिस्पैच प्रक्रिया की पूरी जानकारी ली। साथ ही निर्वाचन आयोग के गाइडलाइन के अनुरूप डिस्पैच प्रक्रिया पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी मतदानकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए निर्वाचन आयोग के गाइडलाइन के अनुरूप निर्भिकता के साथ स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान कराने का निदेश देते हुए शुभकामनाएं दी।

आयुक्त ने पलामू प्रमंडल के सभी  विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं से भी अपील की है कि 13 नवंबर 2024 को होने वाले विधानसभा चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी महती भूमिका निभायें।  उन्होंने सभी मतदाताओं से उत्सवी माहौल में सपरिवार मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदान करने की अपील की।

निरीक्षण के क्रम में  जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त शेखर जमुआर, पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार पांडेय, आयुक्त के सचिव बिजय वर्मा, गढ़वा के अनुमंडल पदाधिकारी-सह- 80 गढ़वा के निवार्ची पदाधिकारी संजय कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Published / 2024-11-11 21:02:05
देवेंद्र नाथ महतो ने किया पंचायत दौरा

एबीएन न्यूज नेटवर्क, सोनाहातू। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा अपने चुनावी रेस में तेज है। आज सोमवार को सिल्ली विधानसभा के प्रत्याशी देवेंद्र नाथ महतो ने पंचायत का दौरा कर जनसंपर्क किया। सोनहातू प्रखंड के पश्चिमी क्षेत्र में दौरा किया। 

आज गलउ, सोनाहातु, बारुहातु ओर जिंतु पंचायत में कार्यकर्ताओं के साथ दौरा किया। प्रत्याशी ने नये बदलाव के लिए अपने चुनाव चिह्न कैंची छाप में मतदान करने की अपील की। लोगों में काफी जोश और उत्साह देखने को मिला।

Published / 2024-11-11 21:01:16
एचइसी जल्द बहाल करेगा अस्थायी सप्लाईकर्मी

एचइसी में सप्लाई कर्मियों की अस्थायी नियुक्ति जल्द

टीम एबीएन, रांची। एचइसी में सप्लाई कर्मियों की अस्थायी नियुक्ति की प्रक्रिया जारी है। इसके लिए कर्मियों से फॉर्म भरवाया गया है। जिसकी स्क्रूटनी व अन्य प्रक्रिया अंतिम चरण में है। एचइसी के अधिकारी ने बताया कि यह प्रक्रिया एक सप्ताह में पूरी कर ली जायेगी। 

वहीं अस्थायी कर्मियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। इसके बाद सप्लाई कर्मियों को उनके कार्यस्थल में प्रवेश दिया जायेगा। एचइसी की वित्तीय स्थिति खराब होने के कारण प्रबंधन ने पिछले एक वर्ष से सप्लाई कर्मियों के उनके कार्यस्थल पर जाने पर रोक लगा दी है। 

जिसे लेकर सप्लाई कर्मियों ने आंदोलन भी किया था। बाद में प्रबंधन के आश्वासन के बाद सप्लाई कर्मियों ने मुख्यालय, प्लांटों में स्थायी कर्मियों, निदेशकों को प्रवेश करने दिया। सप्लाई कर्मियों का लगभग 27 माह का वेतन भी बकाया है।

Published / 2024-11-11 20:57:52
झारखंड चुनाव : पहले चरण के रण की तैयारी पूर्ण

टीम एबीएन, रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 13 नवंबर को राज्य की 43 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। चुनाव आयोग ने पहले चरण के मतदान के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। इसके तहत प्रत्येक मतदान केन्द्र पर सुरक्षा बलों की तैनाती होगी। साथ ही सुरक्षा बलों के लिए प्रयुक्त पेट्रोलिंग गाड़ी और ईवीएम को ले जानेवाली गाड़ियां जीपीएस सिस्टम से लैस होगी। जिसकी आयोग और जिला मुख्यालय द्वारा मॉनिटर किया जाएगा। 

पहले चरण के लिए 13 नवंबर को सुबह सात बजे से 43 विधानसभा सीटों के 15 हजार 344 बूथों पर चुनाव मैदान में खड़े कुल 683 प्रत्याशी की किस्मत का फैसला कुल 1 करोड़ 37 लाख 10 हजार 717 वोटर करेंगे। पहले चरण में कुल वोटरों में 68 लाख 73 हजार 455 पुरुष, 68 लाख 36 हजार 959 महिला और 303 थर्ड जेंडर शामिल हैं। 

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने चुनाव तैयारी पूरी कर लेने की बात कही है। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्र पर सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। मॉडल बूथ के अलावे सभी मतदान केंद्र से वेब कॉस्टिंग की सुविधा होगी। जिसके जरिए आयोग और जिला मुख्यालय कंट्रोल रूम से नजर रखी जायेगी। 

झारखंड का पहला चुनावी रण 

  • 13 नवंबर सुबह सात बजे से 15 हजार 344 बूथों पर कुल 683 प्रत्याशी की किस्मत का होगा फैसला। 
  • पहले चरण में 43 सीटों पर होगा मतदान जिसमें सामान्य 17, एससी 6 और एसटी के लिए 20 सीटें हैं। 
  • सभी मतदान केन्द्रों पर होगी सुरक्षा बलों की तैनाती। 
  • जीपीएस सिस्टम से सुरक्षा बलों की गाड़ियों, ईवीएम ले जानेवाली गाड़ियों की होती रहेगी मॉनेटरिंग। 
  • क्षेत्रफल की दृष्टि से सबसे बड़ा विधानसभा- मनिका। 
  • क्षेत्रफल की दृष्टि से सबसे छोटा विधानसभा- रांची। 
  • मतदाता की दृष्टि से सबसे बड़ा विधानसभा- हटिया। 
  • मतदाता की दृष्टि से सबसे छोटा विधानसभा- जगरनाथपुर। 
  • इस चरण में कुल 1 करोड़ 37 लाख 10 हजार 717 वोटर करेंगे मतदान। 
  • कुल वोटर में 68 लाख 73 हजार 455 पुरुष, 68 लाख 36 हजार 959 महिला और 303 थर्ड जेंडर शामिल हैं। 
  • पहले चरण में एनआरआई 86, सर्विस वोटर 28 हजार 989, पीडब्ल्यूडी वोटर 1 लाख 91 हजार 988 करेंगे मतदान। 
  • इस चरण में 85 से अधिक उम्र के वोटर की संख्या 63 हजार 601 और 100 से अधिक उम्र की संख्या 957 है। 
  • इस चरण में 18-19 उम्र के 6 लाख 51 हजार 853 वोटर हैं, वहीं 20-29 में 35 लाख 56 हजार 551 और 30-40 उम्र के 36 लाख 1 हजार 890 वोटर हैं। 
  • इस चरण में कंट्रोल यूनिट 18 हजार 413, बैलेट यूनिट 27 हजार 437 और वीवीपैट 19 हजार 947 का होगा इस्तेमाल। 

आइये जाने पहले चरण के मतदान केंद्र के बारे में 

  • 15 हजार 344 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से ईवीएम के माध्यम से वोटिंग होगी। 
  • 12 हजार 716 ग्रामीण क्षेत्र और 2 हजार 628 शहरी क्षेत्र में मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 
  • सभी मतदान केंद्र से वेबकास्टिंग की व्यवस्था होगी। 
  • औसतन 894 मतदाता प्रत्येक बूथ पर होंगे। 
  • महिलाओं के द्वारा 1152 मतदान केंद्र संचालित होंगे। 
  • निशक्त निर्वाचनकर्मियों के द्वारा 24 बूथ संचालित होंगी। 
  • इस चरण में 50 यूनिक मतदान केंद्र होगी। 
  • युवाओं के द्वारा संचालित मतदान केंद्रों की संख्या 23 होगी। 

जानिये पहले चरण के प्रत्याशियों के बारे में 

  • 43 सीटों के लिए चुनाव मैदान में 683 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। 
  • कुल 683 प्रत्याशियों में 609 पुरुष, 73 महिला और अन्य एक शामिल हैं। 
  • प्रत्याशियों की संख्या के आधार पर सबसे ज्यादा जमशेदपुर पश्चिम, जहां 28 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। 
  • सबसे कम प्रत्याशियों की संख्या जगन्नाथपुर सुरक्षित सीट, जहां 8 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। 

पहले चरण के झारखंड विधानसभा चुनाव के महारथी 

  • सरायकेला- चंपाई सोरेन (बीजेपी) और गणेश महली (जेएमएम) 
  • जमशेदपुर पश्चिम- बन्ना गुप्ता (कांग्रेस) और सरयू राय (जदयू) 
  • जमशेदपुर पूर्वी- अजय कुमार (कांग्रेस) और पूर्णिमा साहू (बीजेपी) 
  • रांची- सी पी सिंह (बीजेपी) और महुआ माजी (जेएमएम) 
  • भवनाथपुर- अनंत प्रताप देव (जेएमएम) और भानू प्रताप शाही (बीजेपी) 
  • गढ़वा- मिथिलेश कुमार ठाकुर (जेएमएम) और सत्येंद्र नाथ तिवारी (बीजेपी) और गिरिनाथ सिंह (समाजवादी पार्टी) 
  • छतरपुर- पुष्पा देवी (बीजेपी) और राधाकृष्ण किशोर (कांग्रेस) और ममता भुइयां (समाजवादी पार्टी) 
  • हुसैनाबाद- कमलेश कुमार सिंह (बीजेपी) और कुशवाहा शिवपूजन मेहता (बसपा) 
  • डालटनगंज- केएन त्रिपाठी (कांग्रेस) और आलोक चौरसिया (बीजेपी) 
  • लातेहार- बैद्यनाथ राम (जेएमएम) और प्रकाश राम (बीजेपी) 
  • लोहरदगा- रामेश्वर उरांव (कांग्रेस) और नीरू शांति भगत (आजसू) 
  • हटिया- नवीन जायसवाल (बीजेपी) और अजयनाथ शाहदेव (कांग्रेस) 
  • कोडरमा- डॉ नीरा यादव (बीजेपी) और सुभाष प्रसाद यादव (राजद)

Published / 2024-11-11 20:52:23
झारखंड चुनाव : समाजसेवी डॉ दीपक गुप्ता रांची विस क्षेत्र में चला रहे व्यापक मतदाता जागरूकता अभियान

टीम एबीएन, रांची। आगामी विधानसभा आम चुनाव को लेकर रांची जिला निर्वाचन पदाधिकारी के सहयोग से समाजसेवी डॉ दीपक गुप्ता ने रांची विधानसभा क्षेत्र में व्यापक स्तर पर मतदाता जागरूकता अभियान का आयोजन किया। इस अभियान का उद्देश्य मतदाताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और चुनाव में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। 

रांची के विभिन्न गांवों जैसे- सरना टोली, कटहल गोंदा, हतमा और रांची नगर निगम के विभिन्न वार्डों में डॉ दीपक गुप्ता ने मतदाता जागरूकता के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये हैं। डॉ दीपक गुप्ता ने इस अभियान के तहत घर-घर जाकर लोगों से व्यक्तिगत संपर्क किया और उन्हें आगामी 13 नवंबर को होने वाले चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आह्वान किया। 

उन्होंने जोर देकर कहा, हर एक वोट महत्वपूर्ण है और हमारे समाज की आवाज को लोकतंत्र के मंच तक पहुंचाने में सहायक है। हमारे अभियान का उद्देश्य है कि हर नागरिक इस चुनाव में सक्रिय भूमिका निभायें और मतदान प्रतिशत को बढ़ाकर लोकतंत्र को सशक्त बनायें। इस विशेष अभियान के तहत डॉ गुप्ता ने मतदाताओं को उनके अधिकार और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के लिए कई पहल की। 

उन्होंने लोगों को शपथ दिलायी कि वे स्वयं मतदान करेंगे और अपने परिवार, मित्रों और पड़ोसियों को भी मतदान के लिए प्रोत्साहित करेंगे। अभियान के दौरान डॉ गुप्ता ने मतदान प्रक्रिया, मताधिकार का महत्व और इसके महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी कि प्रत्येक व्यक्ति का वोट कैसे लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में योगदान देता है। डॉ गुप्ता ने कहा कि एक मजबूत लोकतंत्र की नींव तभी बन सकती है जब अधिक से अधिक लोग इसमें भाग लें। 

हमारा प्रयास है कि प्रत्येक नागरिक को मतदान का महत्व समझाया जाये ताकि हम सभी मिलकर अपने समाज और राज्य के भविष्य को बेहतर बना सकें। डॉ दीपक गुप्ता का यह जागरूकता अभियान विभिन्न माध्यमों नुक्कड़ नाटक रंगोली और पोस्टर प्रतियोगिताओं आयोजन कर, डोर टू डोर आदि जागरुकता अभियान चलाकर से कई दिनों से चल रहा है, जो लोगों में जोश भरने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी के प्रति उत्साह को बढ़ाने का कार्य कर रहा है। इस अभियान को विभिन्न समुदायों और सामाजिक संगठनों का भी समर्थन मिल रहा है। डॉ गुप्ता ने विश्वास जताया कि इस बार के चुनाव में मतदाताओं की संख्या में वृद्धि होगी

Published / 2024-11-10 22:37:17
कल शाम थम जायेगा चुनावी शोर : के रवि कुमार

झारखंड में सोमवार की शाम को थम जायेगा पहले चरण के चुनाव प्रचार का शोर

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के सीईओ (मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी) के रवि कुमार ने कहा है कि पहले चरण के चुनाव प्रचार का शोर सोमवार (11 नवंबर) की शाम को थम जायेगा। 13 नवंबर को पहले चरण की वोटिंग 43 विधानसभा सीटों पर है। जिन विधानसभा क्षेत्रों में शाम पांच बजे तक मतदान होना है, वहां शाम पांच बजे और जहां शाम चार बजे तक मतदान का समय है, वहां चुनाव प्रचार का कार्य 48 घंटे पहले सोमवार को चार बजे बंद हो जायेगा। वे रविवार को धुर्वा के निर्वाचन सदन में प्रेस वार्ता कर रहे थे। 

सीईओ के रवि कुमार ने कहा कि पहले चरण के चुनाव प्रचार की समाप्ति के साथ चुनाव कार्य के लिए वहां गये (जो वहां के वोटर नहीं हैं) राजनीतिक लोगों को वहां से चले जाना होगा। कैंपेन की अवधि समाप्ति के बाद पकड़े जाने पर ऐसे लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी। सोमवार को पांच जिले पश्चिमी सिंहभूम, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और गढ़वा में हेलीड्रॉपिंग के माध्यम से 225 बूथों पर चुनाव कर्मियों को भेजा जायेगा।

Published / 2024-11-10 20:57:32
किसान मोर्चा का सम्मेलन संपन्न

टीम एबीएन, रांची। तोरपा विधानसभा क्षेत्र के सुंदारी गांव में किसान मोर्चा का सम्मेलन किया गया। सम्मेलन को मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप ने संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र की सरकार ने किसानों, महिलाओं और गरीबों के लिए अनेक योजनाएं दी है। सबका साथ सबका विकास के साथ काम हो रहा है।

उन्होंने भाजपा के पक्ष में मत देने की अपील की। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश प्रवक्ता मनोज कुमार सिंह ने कहा कि यह चुनाव झारखंड के विकास के लिए, झारखंड के भाग्य का फैसला इस चुनाव में होना है और यह फैसला का अधिकार आप सबों को है। आगामी 13 तारीख को कमल निशान पर बटन दबाकर झारखंड में सरकार बदलना है। 

भाजपा की डबल इंजन की सरकार बनानी है। प्रदेश महामंत्री अजय मुंडा ने कहा कि भाजपा की सरकार ही राज्य का हित कर सकती है। इस निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंकने का काम करना है। भाजपा खूंटी जिलाध्यक्ष सचिदानंद गुप्ता ने केंद्र की योजनाओं को विस्तार से बताया। 

अध्यक्षता जिलाध्यक्ष किसान मोर्चा संतोष त्रिपाठी ने की। मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता शिवराज बड़ाइक, धनंजय सिंह, प्रभारी प्रदीप साहू, संजय नायक, गनझु प्रधान, विरेंद्र यादव, दुर्ग विजय सिंह सहित हजारों की संख्या में माताएं, बहनें और बंधु जन उपस्थित थे।

Page 488 of 1697

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse