एबीएन न्यूज नेटवर्क, रांची/नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि डॉ मनमोहन सिंह के निधन के समाचार से मैं शोकाकुल हूं।
वे एक महान अर्थशास्त्री और उत्कृष्ट नेता थे। प्रधानमंत्री और वित्त मंत्री के रूप में देश के प्रति उनका योगदान हमेशा स्मरणीय रहेगा। श्री सहाय ने कहा कि वर्ष 2004 से लेकर वर्ष 2014 तक डॉ मनमोहन सिंह के मंत्रिमंडल में शामिल होकर कार्य करने का उन्हें अवसर प्राप्त हुआ।
प्रसिद्ध अर्थशास्त्री के रूप में देश के आर्थिक विकास में उनका अविस्मरणीय योगदान रहा है। झारखंड से भी उनका गहरा लगाव था। औद्योगिक विकास के प्रति उनकी सकारात्मक सोच अनुकरणीय है। एचईसी के पुनर्जीवन और रिवाइवल के प्रति भी उन्होंने गंभीरता दिखायी। एशिया प्रसिद्ध एचईसी कारखाना को उनके नेतृत्व में ही रिवाइवल पैकेज मिला।
अपने प्रधानमंत्रित्व काल में झारखंड के विकास के लिए वे सदैव तत्पर रहा करते थे। मनरेगा जैसी जनहित में बनायी गयी कल्याणकारी योजना को लॉन्च करने के लिए उन्होंने झारखंड को ही चयनित किया था। भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत करने की दिशा में डॉ सिंह द्वारा उठाये गये ऐतिहासिक कदम यादगार रहेंगे।
श्री सहाय ने उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शिता और नेतृत्व ने भारत को एक नई आर्थिक दिशा दी। देश में उनके द्वारा लायी गयी आर्थिक क्रांति और प्रगतिशील बदलावों के लिए उन्हें हमेशा याद किया जायेगा। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।
टीम एबीएन, रांची। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह का निधन दिनांक 26.12.2024 को AIIMS Hospital, New Delhi में हो गया है। दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री के सम्मान में भारत सरकार द्वारा दिनांक 26.12.2024 से 01.01.2025 तक सात दिवसीय राजकीय शोक मनाने का निर्णय लिया गया है।
झारखंड सरकार द्वारा भी सात दिनों के राजकीय शोक का निर्णय लिया गया है। उक्त अवधि में झारखण्ड राज्य के उन सभी भवनों, जहाँ नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराये जाते हैं।
पर राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे एवं किसी भी प्रकार के राजकीय समारोह का आयोजन नहीं किया जायेगा। दिनांक 28.12.2024 को खोजाटोली, नामकुम में आयोजित होनेवाले राज्यस्तरीय झारखंड मुख्यमंत्री मंइयां सम्मान योजना कार्यक्रम भी स्थगित किया गया है।
टीम एबीएन, गुमला/ रांची। झारखंड के गुमला, लोहरदगा और लातेहार जिला से सटे जंगलों में नक्सलियों ने आइइडी बम लगा रखे हैं। वहीं इन आइइडी बम के चपेट में आने से लोग बुरी तरह घायल हो रहे हैं। एक बार फिर गुमला जिले में आइइडी ब्लास्ट हुआ है। इस ब्लास्ट में एक मासूम बच्ची बुरी तरह से घायल हो गयी।
जानकारी के मुताबिक नक्सल प्रभावित कुरुमगढ़ थाना क्षेत्र के सकरा पानी गांव स्थित जंगल की है। घायल बच्ची की पहचान 5 साल की अनुष्का कुमारी के रूप में हुई है। बच्ची जंगल में लकड़ी चुनने गयी थी। तभी जंगल में नक्सलियों द्वारा बिछाया गया एक आइइडी विस्फोट हो गया।
इसी विस्फोट की चपेट में आकर बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गयी। वहीं, सूचना मिलते ही कुरुमगड़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर घायल बच्ची को गुप्त तरीके से इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंची, जहां से उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
डॉक्टरों ने बताया कि बच्ची के पेट से आंत बाहर आ गयी है। काफी खून भी बह रहा है। ऐसे में घायल बच्ची को बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स अस्पताल में रेफर कर दिया गया है।
टीम एबीएन, लातेहार/ रांची। झारखंड में अउइ की टीम ने गुरुवार की सुबह नेतरहाट आवासीय विद्यालय के प्रशासनिक पदाधिकारी को घूस लेते हुए रंगेहाथ दबोचा है। वहीं प्रशासनिक पदाधिकारी की गिरफ्तारी के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पलामू एसीबी टीम के एक अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है।
मामले के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, नेतरहाट आवासीय विद्यालय में प्रशासनिक पदाधिकारी के रूप में पदस्थापित रौशन कुमार बक्सी ने स्कूल में दूध सप्लाई करने वाले एक व्यक्ति से पैसे के भुगतान के बदले रिश्वत की मांग की। वहीं, सप्लायर ने इस संबंधी शिकायत पलामू एसीबी के एसपी से की। शिकायत दर्ज होने के बाद पलामू एसपी ने मामले की जांच पड़ताल की।
जांच में रिश्वत मांगने का मामला सही पाया गया। इसके बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाकर आज सुबह प्रशासनिक पदाधिकारी को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार करने के बाद एसीबी की टीम रोशन कुमार बक्शी को अपने साथ पलामू ले गयी, जहां उससे पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी।
टीम एबीएन, रांची। वर्तमान समय में टुसू परब की लहर संपूर्ण झारखंड में शुरू हो गयी है। बाजार में रंग बिरंग चौड़ल आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। सामूहिक टुसू गीत मांदर, ढोल, नगाड़ा के साथ सामूहिक टुसू नृत्य का उत्साह संपूर्ण झारखंड में दिखाई देने लगा है। 31 दिसंबर 2024 को धनबाद में 5 जनवरी 2025 को जमशेदपुर में तथा 11 जनवरी 2025 को राजधानी रांची के लोग सड़क पर निकलकर टुसू परब का जश्न मनायेंगे।
झारखंड की राजधानी रांची में आगामी 11 जनवरी 2025 को आयोजित राजधानी टुसू महोत्सव- 2025 को ऐतिहासिक सफल बनाने के लिए आज दिनांक 26/12/24 को आक्सीजन पार्क मोराबादी मैदान रांची में आंदोलनकारी देवेंद्रनाथ महतो के नेतृत्व में तैयारी बैठक का आयोजन किया गया।
मौके पर देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि 11 जनवरी 2025 को प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी झारखंडी भाषा खतियान संस्कृति समिति के बैनर तले अल्बर्ट एक्का चौक में पारंपरिक रीति रिवाज के अनुसार राजधानी टुसू महोत्सव - 2025 का आयोजन किया जायेगा। जिसमें 24 जिला से सभी जाति, धर्म, समाज के लाखों लोग शामिल होंगे।
आयोजन को सफल बनाने हेतु सेवानिवृत अधिकारी सह क्षेत्रीय भाषा लेखक अनंत कुमार महतो को संरक्षक तथा आमंत्रण पत्र वितरण टीम में पप्पू कुमार, चंदन रजक, रविन्द्र कुमार दीपक, अजहर, मोशीन, परशुराम मानकी, नवसाद को सर्व सम्मति से नियुक्त किया गया। कोष एकत्रित टीम में बंटी, विक्की, बिमल, महावीर साहू और मोनू को सर्वसम्मति से नियुक्त किया गया। गुड़पीठा व्यवस्था में पार्वती देवी और रम्भा देवी को नियुक्त किया गया।
श्री महतो ने बताया कि कार्यक्रम में झारखंड से सभी पद्मश्री से सम्मानित गण मान्य लोगों को, रांची जिला सभी महाविद्यालय, विश्व विद्यालय के क्षेत्रीय जनजातीय भाषा विभाग के विभागाध्यक्ष, प्रोफेसर और छात्रों को, रांची से सभी प्रशासनिक अधिकारी पदाधिकारी को, रांची जिला के सभी 18 प्रखंड के आम जन को आमंत्रण किया जायेगा। साथ ही देवेन्द्र नाथ महतो ने बताया कि कार्यक्रम पारंपरिक रीति रिवाज आधारित टुसू थापना, टुसू बंदना, सामूहिक टुसू गीत, सामूहिक टुसू नृत्य का आयोजन किया जायेगा।
टीम एबीएन, रांची। गुरुद्वारा श्री गुरूनानक सत्संग सभा, कृष्णा नगर कॉलोनी ने श्री गुरु गोविंद सिंह जी के 358वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आज दूसरे दिन 25 दिसंबर बुधवार को प्रभातफेरी निकली। प्रभात फेरी सुबह 5.45 बजे गुरुद्वारा साहिब के पार्किंग गेट से निकलकर सोनू मिढा, चंदन अरोड़ा, अर्जुन देव मिढा की गली होते हुए गुरूद्वारा श्री गुरू तेग बहादुर साहेब पहुंची और वहां से फेरी हरगोबिंद गिरधर, जीवन दास मिढा की गलियों से होते हुए वापस गुरुद्वारा साहिब के पार्किंग गेट पहुंचकर मनीष मिढ़ा केअरदास के साथ संपन्न हुई।
सत्संग सभा की कीर्तन मंडली की बबली दुआ, गीता कटारिया, शीतल मुंजाल, इंदु पपनेजा, मंजीत कौर, रेशमा गिरधर, बबीता पपनेजा, जसपाल मुजांल ने विसरु नाही दातार अपणा नाम देहु, गुण गावा दिनु रात नानक चाउ एहु... डिठा सब संसार सुख ना नाम बिन... तथा नासरो मंसूर गुर गोबिंद सिंह एजदी मंजूर गुर गोबिंद सिंह... जैसे अनेक शबद गायन कर गलियों के माहौल को गुरुवाणी मय कर दिया।
सरदार छोटू सिंह ने निशान साहिब उठाकर फेरी की अगुवाई की तथा मनीष मिढा ने श्रद्धालुओं के घरों के सामने कुशल क्षेम की अरदास की। श्रद्धालुओं ने अपने घरों के सामने साफ-सफाई कर तथा प्रभात फेरी में शामिल गुरु रुप साध संगत पर पुष्प वर्षा कर फेरी का श्रद्धाभाव से स्वागत किया। फेरी की समाप्ति पर गुरुद्वारा साहिब में संगत के लिए चाय नाश्ते का लंगर चलाया गया।
प्रभात फेरी में द्वारका दास मुंजाल, अर्जुन देव मिढा, जीवन मिढा, मोहन काठपाल, हरगोविंद सिंह, अशोक गेरा, अनूप गिरधर, रमेश पपनेजा, सुंदर दास मिढा, इंदर मिढा, हरीश तेहरी, अमर मदान, रौनक ग्रोवर, जगदीश मुंजाल, कमल मुंजाल, बसंत काठपाल, आशु मिढ़ा, नवीन मिढ़ा, अनूप गिरधर, बिनोद सुखीजा, महेंद्र अरोड़ा, जीतू काठपाल, गौरव मिढ़ा, मनीष मल्होत्रा, रमेश तेहरी, भगवान दास मुंजाल, अश्विनी सुखीजा, कमल अरोड़ा, कमल तलेजा, जितेश बेदी, कुणाल चूचरा, उमेश मुंजाल, हरविंदर सिंह, वंश डावरा, मोहित झंडई, अमन डाबरा, पीयूष तलेजा, उषा झंडई, गुड़िया मिढ़ा, सुषमा गिरधर, नीता मिढा, रूपा मिढ़ा, दुर्गी देवी मिढा, खुशबू मिढा, रानी तलेजा, बंसी मल्होत्रा, मनोहरी काठपाल, सावित्री दुआ, अमर मुंजाल, सपना काठपाल, श्वेता मुंजाल, बिमला मिढ़ा, मीना गिरधर, अमर बजाज, गूंज काठपाल, ममता थरेजा, नीतू किंगर, ममता सरदाना समेत अन्य शामिल थे।
सत्संग सभा के सचिन अर्जुन देव मिढ़ा ने कॉलोनी की संगत से इसी तरह रोजाना बढ़-चढ़कर प्रभात फेरी में हाजिरी भरकर गुरु घर की खुशियां प्राप्त करने का आह्वान किया है। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी नरेश पपनेजा (8709349310) ने दी।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड की राजधानी रांची में 24 दिसंबर 2024 को रात्रि में बड़ी धूम धाम से क्रिसमस महोत्सव मनाया गया। क्रिसमस का यह समारोह संत मारिया गिरिजा घर में संपन्न हुआ। जिसकी अगुवाई रांची कैथोलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने की और आज सुबह वे जेल रोड में स्थित निर्मल हृदय, मिशनरीस आफ चैरिटी सिस्टर्स के यहां पहुंचे जहां उन्होंने दिव्यांग, असंतुलित मानसिक रोग से ग्रसित जैसे लोगों के साथ क्रिसमस मनाया।
आज ख्रीस्त विश्वासी समुदाय के लिए बड़ा पर्व रहा क्योंकि आज वे प्रभु येसु ख्रीस्त के जन्म पर्व का महोत्सव मना रहे हैं। इसी खुशी को साझा करने के लिए आज रांची कैथोलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद रांची के जेल रोड में स्थित मिशनरीस आॅफ चैरिटी सिस्टर्स द्वारा संचालित निर्मल हृदय पहुंचे। जहां उन्होंने वहां के इनमेट्स और एम सी धर्मबहनों के साथ क्रिसमस मनाया।
निर्मल हृदय मिशनरीस आफ चैरिटी सिस्टर्स द्वारा संचालित एक ऐसी संस्था है जहां मानसिक रूप से असंतुलित, दिव्यांग, अनाथ बच्चों, और अविवाहित गर्भवती महिलाओं का निस्वार्थ भाव से सेवा किया जाता है। महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने मिशनरीस आफ चैरिटी सिस्टर्स का उनके समर्पण और सेवा कार्य के लिए उनकी सराहना की और उनके द्वारा समाज के उत्थान में योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया।
मौके पर महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने इनमेट्स और धर्मबहनों के लिए क्रिसमस का मिस्सा बलिदान अर्पित किया। मिस्सा की समाप्ति पर महाधर्माध्यक्ष ने केक काटा और अपने हाथों से सभी को भोजन परोसा। अंत में महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने सभी को क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं।
मौके पर महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद के अलावा फा असीम मिंज महाधर्माध्यक्ष के सचिव, मिशनरीस आॅफ चैरिटी सिस्टर्स की धर्म बहनें, येसु धर्मसंघ के धर्मबंधुगण, इनमेट्स और वहां के कर्मचारी मौजूद रहे।
टीम एबीएन, रांची। आज देश की दो महान विभूतियों की जयंती है। एक तरफ भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिन है तो दूसरी तरफ बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के संस्थापक मदन मोहन मालवीय की जयंती है। इन दोनों महान विभूतियों की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है।
इस अवसर पर प्रदेश भाजपा की ओर से कई कार्यक्रम आयोजित किये गये। प्रदेश भाजपा कार्यालय से लेकर विधानसभा तक अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि देने वालों की लंबी कतार लगी रही। भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने अटल जन्म शताब्दी पर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की।
मौके पर उन्होंने झारखंड निर्माण में स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की भूमिका को याद किया और उन्हें नमन किया। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष यदुनाथ पांडेय ने अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि मुझे उनके साथ काम करने का मौका मिला। अटल जी अद्भुत व्यक्ति थे। उन्होंने झारखंड अलग राज्य के सपने को साकार किया।
अलग राज्य के लिए आंदोलन 1914 में शुरू हुआ था, लेकिन जब भी अलग राज्य के लिए आंदोलन चरम पर होता था, तब नेता बिक जाते थे। अटल जी ने लोगों से वादा किया था कि अगर मुझे सरकार बनाने की ताकत दी जाये, तो मैं झारखंड के निर्माण के लिए काम करूंगा और उन्होंने ऐसा किया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse