एबीएन न्यूज नेटवर्क, हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले में अलग-अलग मामलों में कुल 3.4 करोड़ रुपये मूल्य का डोडा पोस्त और स्प्रिट जब्त कर 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बीते शनिवार को यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 2 तस्करों को गिरफ्तार किया और शुक्रवार रात चरही घाटी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर एक ट्रक से छह क्विंटल से अधिक डोडा पोस्त जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 1.9 करोड़ रुपये है।
उन्होंने बताया कि यह खेप अफीम बनाने के लिए रांची के बुंडू जंगल से राजस्थान ले जाई जा रही थी। पुलिस अधीक्षक अरविंद ने बताया कि रात जांच अभियान चलाया गया, जिसमें पुलिस ने राजस्थान के पंजीकरण संख्या वाले एक ट्रक को रोका और उसमें से 606 किलोग्राम डोडा पोस्त जब्त किया।
इस मामले में राजस्थान के बाड़मेर निवासी रमेश कुमार और पाली निवासी सुरेश बिश्नोई नामक 2 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। शुक्रवार रात चरही थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी मात्रा में स्प्रिट जब्त की और पंजाब, झारखंड और बिहार के 6 लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 1.50 करोड़ रुपये की अनुमानित कीमत वाली यह स्प्रिट शराब बनाने के लिए हजारीबाग से बिहार ले जायी जा रही थी। पुलिस ने दो मामले दर्ज किये हैं।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, रांची/ नयी दिल्ली। दीपक मुखर्जी को दोबारा निर्विरोध राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चुन लिया गया है। जिससे जिले के पत्रकारों में हर्ष का माहौल है।
बताते चलें कि नेशनल यूनियन का जर्नलिस्ट (इंडिया) के नये सत्र के लिए हुए चुनाव में पूर्वी क्षेत्र से झारखंड लोहरदगा के दीपक मुखर्जी को पुनः दो वर्षों के लिए निर्विरोध राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चुन लिया गया है। इस पद के लिए उनका चयन दूसरी बार हुआ है। उन्हें बिहार, झारखंड, उड़ीसा के संगठन प्रभारी भी बनाया गया है।
श्री मुखर्जी ने देश भर के पत्रकारों और संगठन से जुड़े अधिकारियों के प्रति कृतज्ञता जताते हुए संगठन को सर्वपरी बताया और कहा है कि इस राष्ट्रवादी संगठन से जुड़कर काम करने का अपना ही आनंद और सांगठनिक कामों को करने की अनुभूति है।
झारखंड के लोहरदगा से पत्रकारिता के लिए राष्ट्रीय परिदृश्य में विशेष पहचान बनाने वाले दीपक मुखर्जी को तमाम लोगों ने बधाई दी है। बधाई देने वालों में राष्ट्र के तमाम राज्यों के अलावा झारखंड, बिहार, असम, उड़ीसा और पूर्वोत्तर राज्यों के पत्रकारों के अलावा स्थानीय पत्रकारों ने बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।
टीम एबीएन, रांची। रांची में विधायक सदस्यता अभियान को लेकर भाजपा ने कार्यक्रम का आयोजन किया जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। दरअसल, विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद भारतीय जनता पार्टी अपने सदस्यता अभियान को पूरे राज्य में जोर- शोर से चला रही है।
सदस्यता अभियान के संगठन को मजबूत बनाने के लिए पार्टी ने कार्यक्रम का आयोजन किया। रांची के विधायक सीपी सिंह ने कहा कि सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। पार्टी की ओर से लक्ष्य रखा गया है उसे पूरा करना है।
उन्होंने कहा कि पहले सदस्यता अभियान को लेकर रसीद काटी जाती थी और 5 रुपये का शुल्क लगता था, लेकिन अब निशुल्क है और आनलाइन सदस्य बनाया जा रहा है। सीपी सिंह ने कहा कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश भाजपा को 60 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए पार्टी के सांसद-विधायक और पदाधिकारियों को विशेष रूप से जिम्मेदारी दी गयी है।
टीम एबीएन, झुमरी तिलैया/ कोडरमा। मंजिल उन्हीं को मिलती है जिनके सपनों में जान होती है, पंखों से कुछ नहीं, हौसलों से उड़ान होती है। इस प्रेरणादायक पंक्ति को साकार करते हुए झुमरी तिलैया के श्री अग्रसेन भवन में आयोजित तीन दिवसीय कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण शिविर ने 45 दिव्यांग जनों को नया जीवन दिया।
इस शिविर का आयोजन मारवाड़ी युवा मंच की प्रेरणा शाखा, अग्रवाल समाज और भगवान महावीर विकलांग सेवा समिति ने संयुक्त रूप से किया। इस शिविर में 11 लोगों को केलीपर, 39 जरूरतमंदों को कृत्रिम हाथ एवं पैर, 7 लोगों को सुनने की मशीन, 2 लोगों को छड़ी (स्टीक) और 10 लोगों को बैसाखी प्रदान की गई। कृत्रिम अंग लगवाने के बाद कई दिव्यांग अपने दम पर सीढ़ियां चढ़कर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे।
यह दृश्य देखकर वहां उपस्थित लोग भावविभोर हो गए। उपस्थित लोगों ने इस पहल को मानवता की अनमोल सेवा बताया और कहा कि प्रेरणा शाखा और अग्रवाल समाज का यह कार्य समाज के लिए एक प्रेरणा है।कार्यक्रम का उद्घाटन केटीपीएस के मुख्य अभियंता मनोज ठाकुर ने किया।
उन्होंने कहा, प्रेरणा शाखा ने दया और करुणा के साथ दिव्यांगों को मुख्य धारा से जोड़ने का जो कार्य किया है, वह अद्वितीय है। यह पहल न केवल उन्हें स्वावलंबी बना रही है, बल्कि समाज के प्रति उनकी भागीदारी को भी मजबूत कर रही है।
अग्रवाल समाज के उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल, सचिव संजीव खेतान, प्रेरणा शाखा की मंडल 1 की सहायक मंत्री श्रेया केडिया, मंडल अध्यक्ष सारिका लठ्ठा, सचिव शीतल पौद्दार, परियोजना निदेशक दीपा गुप्ता, प्रिया अग्रवाल, और रांची से आये रितेश पटवारी ने तीन दिवसीय कैंप को मानवता की मिसाल बताया।
शिविर के दौरान मिले कृत्रिम अंग और सहायक उपकरणों ने न केवल दिव्यांग जनों को नया जीवन दिया, बल्कि उनके चेहरों पर मुस्कान भी लौटायी। मुरझाये हुए चेहरे अब आत्मविश्वास से दमक रहे हैं। मारवाड़ी सम्मेलन के स्थानीय अध्यक्ष रामरतन, महिला विंग की अध्यक्ष उषा शर्मा, सचिव पायल जोशी, और अन्य सदस्यों ने इस शिविर को समाज के लिए एक मील का पत्थर बताया।
जयकुमार गंगवाल, उदय सोनी ने कहा कि कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण से दिव्यांग जनों का जीवन आसान होगा अब वह बिना किसी दूसरे के सहारे एक जगह से दूसरे जगह चल फिर सकते हैं कार्यक्रम का मंच संचालन संजय अग्रवाल ने किया।
समाज के पदम सरावगी संजय दारूका, अरविंद चौधरी, दीपक सिंघानिया, आयुष पौद्धर, संजय नरेड़ी, संतोष लड्ढा, प्रदीप हिसारिया, चंद्रशेखर जोशी, संजय भोजनवाला, प्रेरणा शाखा की नेहा हिसारिया, शालू चौधरी, मीना हिसारिया, नीतु चौधरी, कृतिका मोदी, प्रियंका बोटा, ज्योति परसरामपुरिया के अलावा संजय कुमार, कर्ण कुमार, पशुपति कुमार, सुभाष कुमार आदि उपस्थित थे।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बताया कि दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के सम्मान में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के स्थापना दिवस समारोह सहित सभी आधिकारिक कार्यक्रम अगले सात दिनों के लिए रद्द कर दिये गये हैं।
टीम एबीएन, रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट की एक बैठक ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल की अध्यक्षता मे ट्रस्ट के प्रधान कार्यालय शिवगंज हरमू रोड मे संपन्न हुई। बैठक में 5 जनवरी को अरगोड़ा पुंदाग मे श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम मंदिर का भाव शुभ उद्घाटन की तैयारीयों पर विस्तृत चर्चा की गयी एवं सदस्यों को विभिन्न कार्यों की जिम्मेवारी दी गई। बैठक में सर्वसम्मति से गुरु जी के परम शिष्य संजय सर्राफ को ट्रस्ट का मीडिया प्रभारी मनोनीत किया गया।
श्री कृष्ण प्रणामी शिव धाम मंदिर का शुभ उद्घाटन 5 जनवरी को प्रातः 10 बजे ट्रस्ट के संस्थापक संत शिरोमणि श्री श्री 1008 स्वामी श्री सदानंद जी महाराज के कर कमलों द्वारा तथा प्रणामी समाज के संत महात्माओं की उपस्थिति मे होगा।
साथ में 5 जनवरी से 8 जनवरी तक चार दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा, वाणी चर्चा एवं बीतक कथा, तथा परमहंस संत शिरोमणि डॉ स्वामी श्री सदानंद जी महाराज के द्वारा श्रीमद् भागवत कर कृष्ण अमृत कथा एवं परम पूज्य श्री श्री 108 श्री मोहन प्रियाचार्य जी महाराज के मुखारविंद से तारतम वाणी तथा अन्य संत महात्माओं के द्वारा दिव्य प्रवचन किया जायेगा।
बैठक में ट्रस्ट उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, सचिव मनोज चौधरी, पूरणमल सर्राफ, सज्जन पाड़िया, विशाल जालान, विष्णु सोनी, संजय सर्राफ, सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
टीम एबीएन, रांची। जेएलकेएम रांची टीम डुमरी विधायक जयराम महतो का जन्मदिन मोराबादी मैदान में मनाया। केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो द्वारा केक काटकर जश्न मनाया।
आज 27 दिसम्बर 2024 को जेएलकेएम सुप्रीमो सह डुमरी विधायक जयराम महतो का जन्मदिन के अवसर पर जेएलकेएम रांची टीम केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो द्वारा केक काटकर खुशियां मनाया।
मौके पर देवेन्द्र नाथ महतो ने टाईगर जयराम महतो को जन्मदिन का बधाई देते हुए ईश्वर से उज्वल भविष्य और बेहतर स्वास्थ्य का कामना किया। साथ अलग झारखंड राज्य का उद्देश्य को पूरा करने, शहीदों के सपनो को साकार करने , और आंदोलनकारियों के अरमान को पूरा करने के लिए साथ साथ संघर्ष करने की बातें कही।
मौके पर जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा के पार्वती कुमारी, शीला महतो, अहिल्या महतो, योगेश चन्द्र भारती, चंदन रजक, महेश, विक्की, बंटी, बिमल, के अलावा अन्य सैकड़ों लोग उपस्थित थे।
टीम एबीएन, रांची। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह के निधन पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मनमोहन सिंह की कैबिनेट सहयोगी रहे सुबोधकांत सहाय ने डॉ मनमोहन सिंह की मौत को देश दुनिया के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
उन्होंने कहा कि देश ने एक महान अर्थशास्त्री और ईमानदार नेता खो दिया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि उनका हम लोगों के बीच में रहना बेहद जरूरी था, क्योंकि उनका हम लोगों के बीच रहना ही देशवासियों में आशा की किरण को संचारित करता था।
सुबोधकांत सहाय ने कहा कि जब भी डॉक्टर मनमोहन सिंह का कंपैरेटिव स्टेटमेंट होता था, तब लगता था कि वह जो भी बोल रहे हैं उसमें सच्चाई है। सुबोधकांत सहाय ने कहा कि अर्थशास्त्र को लेकर उनकी गहरी समझ का ही नतीजा था कि पहले वित्त मंत्री के रूप में और बाद में प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देश को आर्थिक मंदी से बचाया।
जब दुनियां आर्थिक मंदी से घिरी थी तब भारत 8% GDP के साथ विकास की राह पर आगे बढ़ा। सुबोधकांत सहाय ने कहा कि उन्हें याद है कि कैबिनेट की ब्रीफिंग अक्सर प्रणब मुखर्जी किया करते थे, लेकिन जब कभी मामला फंसता था तो डॉ मनमोहन सिंह की कही बात पूरी साफ कर देती थीं।
सुबोधकांत सहाय ने कहा कि जब डॉ मनमोहन सिंह अर्थशास्त्र पर बोलते थे तो पूरी दुनिया सुनती थी। वह दुनिया के सम्मानित नेताओं में से एक थे। 2008 में जब पूरी दुनिया बैंक करप्ट हो रही थी, अमेरिका के सैकड़ों बैंक दिवालिया हो गये थे।
तब डॉक्टर मनमोहन सिंह के नेतृत्व में 8% जीडीपी के साथ देश आगे बढ़ा मानों अंगद की पैर की तरह उन्होंने अपनी आर्थिक नीतियों को स्थिर रखा था। उसी का नतीजा है कि देश आज दुनिया के सामने भारत एक प्रगतिशील विकसित और फ्यूचरिस्टिक देश के रूप में पहचान बन सका है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse