झारखंड

View All
Published / 2025-01-03 18:34:00
राज्य के सबसे बड़े राधा कृष्ण मंदिर का उद्घाटन 5 जनवरी को

तैयारियां पूरी, आध्यात्मिक गौरव का प्रतीक

टीम एबीएन, रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट  रांची के पुंदाग में झारखंड राज्य के सबसे बड़ा राधा- कृष्ण मंदिर का उद्घाटन 5 जनवरी को करने जा रहा है। संस्था के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, सचिव मनोज चौधरी एवं मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने संयुक्त रूप से बताया कि 5 जनवरी को प्रात: 10:30 बजे श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम मंदिर का शुभ उद्घाटन ट्रस्ट के संस्थापक एवं संरक्षक संत शिरोमणि स्वामी श्री सदानंद महाराज के कर-कमलों द्वारा होगा। 

श्री राधा- कृष्ण का  भव्य मंदिर परमहंस भागवत भास्कर डॉ संत शिरोमणि श्री श्री 108 स्वामी सदानंद जी महाराज के अथक प्रयास एवं गुरुजी राधिका दास जी महाराज के आशीर्वाद से विगत 8 वर्षों में मंदिर बनकर तैयार हुआ है। उद्घाटन के साथ मंदिर पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जायेगा। 5 जनवरी को राज्य मे एक ऐतिहासिक क्षण आने वाला है, क्योंकि राज्य का सबसे बड़ा राधा कृष्ण मंदिर उद्घाटन के लिए तैयार है। 

तैयारीयां पूरी कर ली गयी है। यह मंदिर न केवल धार्मिक महत्व का केंद्र बनेगा, बल्कि यहां का वातावरण भक्ति, शांति और एकता का प्रतीक होगा। यह भव्य मंदिर राधा और कृष्ण के दिव्य मिलन का प्रतीक है, जो भक्तों को परमात्मा से जुड़ने की राह दिखायेगा। इस मंदिर का निर्माण उन आस्थावान लोगों के लिए एक आदर्श स्थल होगा, जो भगवान श्री कृष्ण के प्रति अपनी श्रद्धा और भक्ति को प्रकट करना चाहते हैं। 

मंदिर के भीतर की भव्य वास्तुकला और धार्मिक चित्रकला श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति और आंतरिक संतुलन प्रदान करेगी। यहां पर आयोजित होने वाली आरतियां, पूजाएं और भजन-कीर्तन भक्तों को आध्यात्मिक उन्नति की ओर मार्गदर्शन करेंगे। 

ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं निर्मल जालान ने बताया कि राधा कृष्ण के भव्य मंदिर के अंदर शीश महल मे भगवान राधा कृष्ण विराजमान होंगे। मंदिर की नयनाभिराम अलौकिक श्रृंगार किया जा रहा है। मंदिर में श्री कृष्ण की जन्म से लेकर महाभारत कल तक की झांकियां दिखायी गयी है। जो मुख्य आकर्षण का केंद्र होगा। 

देश एवं विदेश के प्रमुख आचार्यगण और संत-महात्मा इस उद्घाटन समारोह में सम्मिलित होंगे, और मंदिर के उद्घाटन के साथ-साथ भगवान राधा कृष्ण के प्रति प्रेम और भक्ति को समर्पित होने वाली इस अर्चना में भाग लेंगे। यह कार्यक्रम एक अद्वितीय अवसर होगा, जहां धर्म, संस्कृति और भक्ति का संगम देखने को मिलेगा। 

यह मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं होगा, बल्कि यहां आने वाले भक्तों के लिए यह एक शिक्षण केंद्र भी बनेगा, जहां धार्मिक संस्कार और जीवन जीने के उच्चतम सिद्धांतों की शिक्षा दी जायेगी। तथा मंदिर के पहले तल्ले में सद्गुरु कृपा अपना घर सत्य प्रेम सभागार बनाया गया है जहां मानसिक रूप से कमजोर एवं निराश्रय और दिव्यांग प्रभु जी की सेवा की जाती है। निश्चित ही, यह मंदिर राज्य के धार्मिक और सांस्कृतिक गौरव को बढ़ाएगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। इस भव्य उद्घाटन के साथ, राज्य की धार्मिकता और सांस्कृतिक धरोहर में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है।

Published / 2025-01-02 21:58:42
पलामू : फर्जी एसडीएम ने जिले में मचाया तहलका

  • फर्जी एसडीएम ने बीडीओ से मांगे तीन लाख, थानेदार को भी हड़काया

एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। जिले के लेस्लीगंज के प्रखंड विकास पदाधिकारी से एक युवक द्वारा फर्जी एसडीएम बन पैसे मांगने का मामला सामने आया है। एक युवक ने फर्जी एसडीएम बनकर बी़डीओ से तीन लाख रुपये की मांग की है। 

युवक ने थाना प्रभारी को भी धमकाया। पुलिस ने जब पूरे मामले की जांच शुरू की तो पता चला कि युवक मानसिक रूप से थोड़ा कमजोर है और पत्नी से झगड़ा करने के बाद पिछले 15 दिनों से घर नहीं गया है।

दरअसल, गुरुवार को पलामू के लेस्लीगंज ब्लॉक के प्रखंड विकास पदाधिकारी को एक अनजान नंबर से फोन किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी को फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को एसडीएम बताया और तीन लाख रुपये की मांग की। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने पूरे मामले की जानकारी लेस्लीगंज थाने को दी।

लेस्लीगंज थाना प्रभारी राजू कुमार गुप्ता को भी एक अनजान नंबर से फोन आया, फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को आरडीएम बताया और एसपी का नंबर मांगा। थाना प्रभारी ने पूछा आरडीएम कौन सा पद है? तो फोन करने वाले व्यक्ति ने कहा कि आपको नहीं पता आरडीएम क्या होता है, कॉल रिकॉर्डिंग में है, एसपी का नंबर दीजिये। बाद में उस व्यक्ति ने फोन काट दिया।

लेस्लीगंज थाने की पुलिस ने जब पूरे मामले की जांच शुरू की तो पता चला कि फोन करने वाला शख्स एक युवक है और मानसिक रूप से विक्षिप्त है। लेस्लीगंज थाना प्रभारी राजू कुमार गुप्ता ने घटना की जानकारी दी।

Published / 2025-01-02 18:26:28
छह को 56 लाख महिलाओं के खाते में आयेंगे 2500 रुपये खटाखट

  • 6 जनवरी को मंईयां सम्मान समारोह का आयोजन
  • 56 लाख महिलाओं के खाते में ट्रांसफर होंगे 2500 रुपये

टीम एबीएन, रांची। आगामी 6 जनवरी को मंईयां सम्मान समारोह का आयोजन किया जायेगा। इस दौरान सीएम हेमंत सोरेन 56 लाख महिलाओं के खाते में 2500 ट्रांसफर करेंगे। दरअसल, 6 जनवरी को रांची के नामकुम के खोजा टोली मैदान में मंईयां सम्मान समारोह होगा। 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दोपहर 1 बजे समारोह की शुरुआत करेंगे। इस समारोह में राज्यभर से करीब 3 लाख महिलाओं के जुटने की उम्मीद है। इसके लिए महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग ने सभी जिलों को पहले से ही पैसा उपलब्ध करा दिया है। 

वहीं, बता दें कि राज्य सरकार पहले अपनी इस अहम मंईयां सम्मान योजना समारोह का आयोजन दिसंबर में ही करने वाली थी, लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के बाद 7 दिन के राजकीय शोक की वजह से इसे 6 जनवरी तक के लिए टाल दिया गया। 

पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार इसे 28 दिसंबर से शुरू किया जाना था। बता दें कि अगस्त में शुरू की गई इस अहम योजना के जरिए 18 से 50 साल की आयु की महिलाओं को शुरू में 1,000 रुपये दिए गए, जिससे राज्य की करीब 55 लाख महिलाओं को लाभ मिला। 

हालांकि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधानसभा चुनाव के दौरान दिसंबर से महिलाओं को यह सम्मान राशि एक हजार से बढ़ाकर 2,500 रुपये करने का वादा किया था। विधानसभा चुनाव की घोषणा से एक दिन पहले सोरेन कैबिनेट ने दिसंबर से 1,000 की जगह 2,500 रुपये बढ़ाने का ऐलान किया था।

Published / 2025-01-02 18:23:06
झारखंड : नववर्ष पर करोड़ों की शराब गटक गये लोग

  • नये साल पर करोड़ों की शराब गटक गये झारखंड के लोग, सबसे ज्यादा रांची में हुई बिक्री

टीम एबीएन, रांची। नया साल का पहला दिन लोगों के लिए काफी खास होता है। यह हमारे लिए एक नई उम्मीद लेकर आता है। नये साल के पहले दिन लोग धूमधाम से पार्टी करते हैं। इस दौरान शराब की भी खूब बिक्री होती है।

जानकारी के मुताबिक इस नये साल के पहले दिन झारखंड में खूब शराब की बिक्री हुई। 30 दिसंबर से 1 जनवरी 60 करोड़ की शराब बेची गयी। विभाग के अनुमानित आंकड़े के मुताबिक 30 दिसंबर को 14.58 करोड़ और 31 दिसंबर को 27.52 करोड़ रुपए की शराब बिकी है। इसके बाद 1 जनवरी को 18 से 19 करोड़ रुपए की शराब बेचने का अनुमान है। वहीं, पिछले साल 2023 में 31 दिसंबर को 24 करोड़ रुपये की शराब बिकी थी।  

शराब बेचने में रांची जिला नंबर वन पर आया है। 31 दिसंबर को राज्य में सबसे अधिक शराब की बिक्री रांची में ही हुई है। यहां 5.10 करोड़ रुपये की शराब बिकी। 1 जनवरी को रांची में लगभग 3 करोड़ रुपये से अधिक की शराब बिकी। 31 दिसंबर और 1 जनवरी को मिलाकर रांची में कुल आठ करोड़ रुपए से अधिक की शराब की बिक्री हुई।

Published / 2025-01-02 18:14:14
झारखंड मंत्रिपरिषद् की बैठक सात को

  • झारखंड मंत्रिपरिषद् की बैठक 07 जनवरी (मंगलवार ) 2025 को अपराह्न 4 बजे से

टीम एबीएन, रांची। मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) द्वारा सूचित किया गया है कि मंत्रिपरिषद् की बैठक मंगलवार दिनांक 07 जनवरी 2025 को अपराह्न 4 बजे से झारखंड मंत्रालय (प्रोजेक्ट भवन) स्थित मंत्रिपरिषद कक्ष में होगी।

Published / 2025-01-02 18:12:01
सीएम हेमन्त सोरेन से मिले कई प्रशासनिक अधिकारी

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में डीजी होमगार्ड अनिल पालटा, एडीजी जैप प्रिया दुबे, जैप-2 कमांडेंट सरोजिनी लकड़ा, वरीय पुलिस अधीक्षक जमशेदपुर किशोर कौशल ने मुलाकात कर उन्हें नव वर्ष 2025 की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। मौके पर मुख्यमंत्री ने भी अपनी ओर से उन्हें नव वर्ष की बधाई एवं मंगलकामनाएं दी।

Published / 2025-01-02 18:09:22
झारखंड : राज्य के सबसे बड़े राधा-कृष्ण मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा पांच को

  • झारखंड राज्य का सबसे बड़ा श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम मंदिर का उद्घाटन एवं श्री राज श्यामा जी (राधा कृष्ण) मंदिर की पूजा पधरावणी (प्राण प्रतिष्ठा) 5 जनवरी 2025 को

टीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची मे कटहल मोड़ रोड पर पुंदाग मे झारखंड राज्य का सबसे बड़ा राधा कृष्ण का मंदिर का उद्घाटन एवं श्री राजश्यामा जी (राधा कृष्ण) मंदिर की पूजा पधरावणी ( प्राण प्रतिष्ठा) 5 जनवरी 2025 को होने जा रहा है। 

श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल निर्मल जालान, सचिव मनोज चौधरी एवं मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित प्रेस वार्ता मे विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम मंदिर का शुभारंभ 5 जनवरी दिन रविवार को प्रातः 10 बजे ट्रस्ट के संस्थापक एवं संरक्षक संत शिरोमणि श्री श्री 1008 स्वामी श्री सदानंद जी महाराज के कर कमलों द्वारा किया जायेगा। इस अवसर पर प्रणामी समाज के 20 संत- महात्मा उपस्थित रहेंगे। 

वृंदावन से संत शिरोमणि डॉ स्वामी सदानंद महाराज एवं सिलीगुड़ी से परम पूज्य मोहन प्रियाचार्य महाराज के सानिध्य में संपूर्ण पूजन अनुष्ठान होगा। तथा शहर के 1500 से भी अधिक गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे। तथा झारखंड के साथ-साथ दूसरे राज्यों से भी भक्तगण पधार रहे हैं। इस पूजा पधरावणी के मुख्य यजमान सरिता- विजय अग्रवाल (सुपुत्र श्रीमती विद्या देवी अग्रवाल- स्व० दौलत राम अग्रवाल) होंगे। 5 जनवरी से यह मंदिर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जायेगा। 

श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के सौजन्य से श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम मंदिर बना है। तथा इस मंदिर का निर्माण 7 वर्षों मे पूर्ण हुआ है। लगभग 30 डिसमिल भूखंड पर मंदिर का निर्माण हुआ है जिसकी ऊंचाई 40 फीट और लंबाई 80 फिट है। निर्माण 3500 वर्ग फीट में किया गया है। मंदिर राजस्थान के संगमरमर सफेद पत्थर एवं टाइल्स से मंदिर बना है। यह झारखंड में सबसे बड़ा श्री राधा कृष्ण का मंदिर है। 

श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम मंदिर में श्री कृष्ण की जन्म से लेकर महाभारत काल तक की झांकियां दिखायी गयी है। मंदिर के मुख्य द्वार के ऊपर गोवर्धन पर्वत उठाएं भगवान श्री कृष्ण की वृहद प्रतिमा है। तो दूसरे द्वार में भगवान श्री कृष्ण की गोपियां के संग रासलीला करते भगवान सुदर्शन की प्रतिमाएं है। मंदिर में ग्रंथ भगवान के वस्त्र, मुकुट, मुरली, आदि की पूजा की जायेगी।

मंदिर के पहले तल्ले पर सद्गुरु कृपा अपना घर सत्य प्रेम सभागार बनाया गया है, जहां मानसिक रूप से कमजोर एवं निराश्रय और दिव्यांग प्रभु जी की सेवा की जाती है। वहां उन्हें आश्रय दिया गया है तथा भोजन, इलाज की निःशुल्क व्यवस्था की गयी है। अभी इस अपना घर में 32 जरूरतमंदों की सेवा की जा रही है। ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य सिर्फ सेवा कार्य करना है। समय-समय पर ट्रस्ट द्वारा गरीबों को कंबल वितरण, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, तथा अन्य कई जन कल्याणकारी कार्य किये जाते हैं। 

मंदिर परिसर में विगत 182 सप्ताह से लगातार प्रत्येक रविवार को निःशुल्क श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा भंडारे का आयोजन किया जा रहा है तथा प्रत्येक सप्ताह 1000 से 1500 लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया जाता है। मंदिर के शुभारंभ एवं श्री राज श्यामा जी की पूजा पधरावनी प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर श्रीमद् भागवत सार कृष्ण अमृत कथा होगी। 

जिसमें परमहंस संत शिरोमणि श्री सदानंद जी महाराज श्रीमद् भागवत सार कृष्ण अमृत कथा तथा परम पूजनीय श्री मोहन प्रियाचार्य जी महाराज के मुखारविंद से तारतम वाणी तथा अन्य महात्माओं के द्वारा दिव्य प्रवचन होगा। 5 जनवरी से 8 जनवरी तक चार दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा वाणी चर्चा एवं बीतक कथा श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम मंदिर में दोपहर 2 बजे से 5  बजे तक होगा इस आयोजन के आयोजक एवं व्यवस्थापक श्री कृष्ण प्रणामी सेवा समिति है।

प्रेस वार्ता में मनीष जालान, सुरेश चौधरी, नवल अग्रवाल, चिरंजी लाल खंडेलवाल, वेंकट गाड़ोदिया, सज्जन पाड़िया, पूरणमल सर्राफ, विशाल जालान,अजय खेतान, ओम सरावगी, अमित पोद्दार, अशोक लाठ, गोविंद अग्रवाल, जगदीश अग्रवाल, जयप्रकाश मित्तल, दीपक चौधरी, नंदू चौधरी, मनीष सोनी, दीपेश निराला, नितिन मोदी, निर्मल छावनिका, प्रभास गोयल, प्रेमचंद श्रीवास्तव, मोहनलाल खंडेलवाल, विष्णु सोनी, शिव भगवान अग्रवाल, सुनील पोद्दार, सुरेश अग्रवाल, सुरेश भगत, आदि उपस्थित थे। उक्त श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।

Published / 2025-01-01 19:56:13
गिरिडीह : पुलिस के हत्थे चढ़े चार शातिर साइबर अपराधी, भेजे गये जेल

एबीएन न्यूज नेटवर्क, गिरिडीह। गिरिडीह पुलिस ने फर्जी अधिकारी बनकर लोगों को ठगने वाले चार शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अहिल्यापुर के पंडरिया निवासी अफजल अंसारी, मो शमीम, गांडेय के घाटकुल निवासी मो मनीर अंसारी और रयूफ अंसारी शामिल हैं। 

पुलिस ने गांडेय थाना क्षेत्र के मोहनपुर जंगल में छापेमारी कर उन्हें रंगे हाथ पकड़ा। उनके पास से 14 मोबाइल फोन और 20 सिम कार्ड बरामद किये गये हैं। साइबर डीएसपी आबिद खान ने प्रेसवार्ता में बताया कि एसपी डॉ विमल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी जंगल में छिपकर साइबर अपराध को अंजाम दे रहे हैं। 

टीम ने तुरंत कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार किया। ये अपराधी कुरियर कंपनियों की वेबसाइट पर फर्जी नंबर डालकर और एयरटेल पेमेंट बैंक के फर्जी अधिकारी बनकर लोगों को ठगते थे।

Page 459 of 1695

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse