झारखंड

View All
Published / 2025-01-04 18:35:54
संत शिरोमणि स्वामी श्री सदानंद जी महाराज को झारखंड में मिलेगा राजकीय अतिथि सम्मान

टीम एबीएन, रांची। संत शिरोमणि श्री श्री 1008 स्वामी डॉ श्री सदानंद जी महाराज के पांच दिवसीय झारखंड दौरे पर 4 जनवरी को शाम को रांची पहुंचेंगे। श्री सदानंद महाराज रांची के पुंदाग झारखंड के सबसे बड़े मंदिर श्री राधा-कृष्ण मंदिर का उद्घाटन 5 जनवरी को करेंगे। चार दिवसीय श्रीमद्भागवत कृष्ण कथा मे भाग लेंगे। 

झारखंड में स्वामी सदानंद महाराज जी को राजकीय सम्मान मिलेगा। झारखंड के विशेष कार्य पदाधिकारी ने रांची के उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक को एक पत्र प्रेषित कर स्वामी डॉ सदानंद महाराज जी को झारखंड आगमन से लेकर प्रस्थान तक पूरे राजकीय अतिथि के रूप मे सम्मान देते हुए समुचित व्यवस्था देने की बात कही। 

ट्रस्ट के संस्थापक एवं संरक्षक स्वामी श्री सदानंद महाराज को झारखंड सरकार द्वारा राजकीय सम्मान दिए जाने पर श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के पदाधिकारीगण एवं सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए झारखंड सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है। उक्त जानकारी ट्रस्ट के मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।

Published / 2025-01-04 18:31:54
13 को रांची में होगा नमो पतंग महोत्सव

आयोजन रातू रोड के ओ टी सी मैदान में होगा

टीम एबीएन, रांची। आगामी 13 जनवरी 2025 को ओ टी सी ग्राउंड (रातू रोड) के मैदान में नमो पतंग महोत्सव का आयोजन रखा गया है नमो पतंग महोत्सव की शुरुआत 2006 में सांसद व रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने किया था। आयोजन के संरक्षक माननीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ रहेंगे। वहीं कार्यक्रम का संयोजक मुकेश काबरा को बनाया गया है।  

संयोजक मुकेश काबरा ने बताया हिंदू धर्म के अनुसार 13 तारीख को मकर संक्रांति के दिन नमो पतंग महोत्सव का आयोजन धार्मिक धरोहर को बनाये रखने के  लिए यह परंपरा बनाये रखी गयी है। 2006 से प्रारंभ इस उत्सव को लगातार किया जा रहा है। इस उत्सव को झारखंड के नगरवासी बड़े ही उत्साह पूर्वक सपरिवार इष्टमित्रों संग मनाते आ रहे हैं। समिति द्वारा प्रत्येक वर्ष इसको बड़े उत्साह पूर्वक झारखंड सहित रांची नगर वासियों के संग विभिन्न स्थानों में मनाया जाता है। 

इस प्रतियोगिता में पूरे राज्य सहित राजधानी के लोग भी भाग लेंगे और पतंग महोत्सव का पूर्ण आनंद लेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रतिदिन बैठकों का दौरा चल रहा है जिसमें नमो पतंग महोत्सव से जुड़े अजय मारू, कुणाल आजमानी, प्रमोद सारस्वत, राज वर्मा, रविंद्र मोदी, संजय सिंह, नीरज चौधरी, रमाशंकर बगड़िया, संतोष सेठ, अमित चौधरी, मनीष लोधा, सुबेश पांडेय, संजय पांडेय सहित सैकड़ों की संख्या में समिति के सदस्य आयोजन को सफल बनाने में लगे हुए हैं। उक्त जानकारी आयोजन समिति के सदस्य प्रमोद सारस्वत ने दी।

Published / 2025-01-04 18:28:56
जमशेदपुर : आटो चालक की हत्या के तीन आरोपी गिरफ्तार

झारखंड में आटो रिक्शा चालक की हत्या के आरोप में 3 लोग गिरफ्तार, आरोपियों के पास से पिस्टल और कारतूस बरामद 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, जमशेदपुर। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के सोनारिया इलाके में एक आटो रिक्शा चालक की हत्या में कथित तौर पर शामिल 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि 30 वर्षीय व्यक्ति की पुरानी रंजिश के चलते गुरुवार को गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल ने संवाददाताओं को बताया कि जांच के दौरान एकत्र साक्ष्यों के आधार पर पुलिस की एक टीम ने 2 आरोपियों को डोबो पुल के पास से गिरफ्तार किया, जबकि एक अन्य को एक मंदिर के पास से पकड़ा गया। कौशल ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल, कारतूस, दो मोबाइल फोन और एक बिना पंजीकरण वाला दोपहिया वाहन बरामद किया है। 

शुरूआती जांच में पता चला है कि हत्या का कारण पुरानी दुश्मनी थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक आटो चालक एक शांत स्वभाव का व्यक्ति था और उसकी किसी के साथ कोई बड़ी दुश्मनी नहीं थी। हालांकि, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

Published / 2025-01-04 18:27:48
राज्यवासियों को ठग रही है हेमंत सरकार : बाबूलाल मरांडी

हेमंत सरकार झारखंड के किसानों को ठगने और हतोत्साहित करने का काम कर रही: बाबूलाल मरांडी

टीम एबीएन, रांची। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार पर निशाना साधा है। मरांडी ने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार झारखंड के किसानों के साथ वादाखिलाफी कर उन्हें ठगने का काम कर रही है। बाबूलाल मरांडी ने पार्टी कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए कहा कि सरकार झारखंड के किसान प्रोत्साहित करने की बजाय उन्हें ठगने का काम कर रही है। 

उन्होंने कहा कि सरकार ने 3200 में किसानों से धान की खरीद करने का वादा किया था। सरकार उन बातों को भूलकर मात्र 2400 में किसानों से धान की खरीद कर रही है और यही नहीं जो धान की खरीदी हो रही है उसमें भी किसानों से नमी और अन्य चीजों के नाम पर कटौती कर रही है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि यह सरकार अपने वादे से 800 कम मूल्य पर प्रदेश के किसानों से धान की खरीद कर उन्हें ठगने का काम कर रही है।

उन्होंने सरकार से मांग की है कि सरकार झारखंड के किसानों से धान की खरीद 3200 में करें और लैम्प्स और अन्य धान खरीद केंद्रों पर जो किसानों के धान में नमी को लेकर कटौती की जा रही है उस पर भी रोक लगाये।

Published / 2025-01-04 18:26:28
श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम मंदिर का उद्घाटन 5 जनवरी को

स्वामी सदानंद जी महाराज विश्व शांति, सर्वधर्म समभाव, राष्ट्रीय एकता, समरसता, सुसंस्कार निर्माण और सतत जनजागृति के लिए प्रेरणा पुंज के किए कार्य

टीम एबीएन, रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने कहा है कि 5 जनवरी को पुंदाग रांची मे राज्य का सबसे बड़ा श्री राधा- कृष्ण का मंदिर का उद्घाटन परमहंस भागवत भास्कर डॉ संत शिरोमणि श्री श्री 1008 स्वामी सदानंद जी महाराज करेंगे। यह भव्य मंदिर स्वामी सदानंद जी महाराज के अथक प्रयास एवं गुरुजी राधिका दास जी महाराज के आशीर्वाद से 8 वर्षों में बनकर तैयार हुआ है। 

श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के संस्थापक एवं संरक्षक परम श्रद्धेय स्वामी सदानंद जी महाराज का जन्म भिवानी जिले के छोटे से गांव जुई कलां में खंडेलवाल ब्राह्मण परिवार में आयुवेर्दाचार्य पिता बजलाल व मामला शिवबाई को कोख से 01 अगस्त 1945 को हुआ। इनके पिताजी एक प्रसिद्ध आयुर्वेदाचार्य थे जिनसे उपचार के लिए लगभग 500 गांवों से लोग इलाज करवाने आते थे। स्वामी जी के बचपन का नाम मानु था। 

प्रारंभिक शिक्षा गांव में ही करने के बाद युवावस्था में विद्या ग्रहण करने के पश्चात शिक्षक का दायित्व संभाला। 1962 में उनकी पहली नियुक्ति हिसार जिले के गांव पाबड़ा के सरकारी स्कूल में हुई। इसी दौरान राष्ट्र सेवा की भावना से प्रभावित होकर स्वामी सदानन्द जी देश सेवा के लिए सेना में भर्ती हो गये। देश की सीमा पर दुश्मनों से मातृभूमि की रक्षा करते हुए भारतीय संतों की आदर्श जीवनशैली से प्रभावित होकर संतों की श्रेणी में आने की सोचने लगे। 

बाल्यावस्था से ही श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर जूई, भिवानी में प्रार्थना सभा में प्रतिदिन भाग लिया करते थे, जहां श्रीकृष्ण प्रणामी पथ में दीक्षित संत श्री राधिकादास जी के तुम सेवा से पाओगे पार, इस आदर्श वाक्य से प्रभावित होकर धार्मिक क्षेत्र में पदार्पण किया। अपने गुरु के आदर्शमय जीवन से प्रभावित होकर अपने जीवन को सदा सर्वदा के लिए आध्यात्मिक सेवा एवं जन-कल्याण कार्यों में समर्पित कर दिया। 

राधिकादास महाराज जी से प्रभावित होकर उनसे मंत्रदीक्षा प्राप्त की तथा उन्होंने शिष्य की प्रतिभा और कर्तव्य निष्ठा आध्यात्मिक लग्न को देखकर अपने गुरू मंगलदास जी महाराज के पास आध्यात्मिक अध्ययन के लिए कालिमपोंग (पश्चिम बंगाल) भेज दिया तथा 1972 में बंसत पंचगी के दिन सिलीगुडी मंदिर में वैराग्यवेश प्रदान करते हुए सदानन्द नामकरण किया एवं गले में तुलसी की माना पहनाकर श्रीमद भागवत कथा करने के लिए आदेश दिया। तत्पश्चात ये न केवल भारतवर्ष अपितु विदेशों में भी आज तक 2226 श्रीमद् भागवत कथा कर चुके है। 

वर्ष 1972 में गुरु राधिकादास महाराज जी ने अपने शिष्य के रूप में कर्मनिष्ठा को देखते हुए उनका नामकरण सदानंद के रूप में किया। स्वामी जी ने 8 हजार निर्धन कन्याओं का विशेष रूप से सिलीगुड़ी (पश्चिम बंगाल), रांची (झारखंड), भिवानी, हिसार, सिरसा, फतेहाबाद (हरियाणा) में सामूहिक विवाह जैसा पुनीत कार्य अपने कर कमलों से पूर्ण किया है। गोवंश सरंक्षण के लिए लगभग 113 गौशालाओं के निर्माण कार्य से 80 हजार बेसहारा गायों व नंदियों को आश्रय देने का पुण्य कार्य किया है। 

स्वामी जी के तत्वावधान में 1 लाख पौधे रोपित किये जा चुके है। 01 लाख 35 हजार पोलियोग्रस्त रोगियों का निरीक्षण करके 35000 रोगियों का आपरेशन करवाया एवं 45000 कैलीपर्स वितरण भी करवाया। भिवानी, हिसार, सिरसा, फतेहाबाद (हरियाणा), सिलीगुडी, कलकत्ता (पश्चिम बंगाल), रायगढ़ (छतीसगढ़), कानपुर (उत्तरप्रदेश) एवं पटना (बिहार) में बेसहारा महिलाओं के लिए आश्रम बनाकर मानवत्ता की सेवा कर रहे सदानंद महाराज जी को मानव सेवा का अग्रदूत कहा जाये चो अतिशयोक्ति न होगी। 

सैनिक से संत बने स्वामी सदानंद महाराज जी भारतीय सेना, थैलेसीमिया और कैंसर पीडितो के लिए अब 121 रक्तदान शिविरों के माध्यम से 19500 यूनिट रक्त एकत्रित करके भी मानवता की सेवा कर चुके है। स्वामी जी ने समाज में बेसहारा, मंदबुद्धि व्यक्तियों के लिए विभिन्न सदगुरु कृपा अपना घर आश्रमों की स्थापना की और उनके भोजन एवं दवाइयों की व्यवस्था का सदप्रयास भी किया है। उन्होंने नारी शक्ति के उत्थान के लिए विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों का शुभारंभ भी किया है। 

उन्होंने विश्वशांति, सर्वधर्म समभाव, राष्ट्रीय एकता, समरसता, सुसंस्कार निर्माण और सतत जनजागृति के लिए प्रेरणा पुंज का कार्य किया है। स्वामी जी के सान्निध्य में नैतिक मूल्यों के विकास के लिए विभिन्न आध्यात्मिक केन्द्रों की स्थापना हुई है। प्रधानमंत्री के आह्वान पर स्वामी जी ने भारत को टीबीमुक्त अभियान के तहत 200 मरीजों को गोद लिया और उनका इलाज भी करवाया। 

कोविड-19 महामारी के दौरान स्वामी जी ने प्रधानमन्त्री राहत कोष, भारत सरकार को 1 करोड 25 लाख 25 हजार 525 रुपये तथा हरियाणा, उत्तरप्रदेश, छत्तीसगढ़ एवं पश्चिम बंगाल को कोविड राहत कोष हेतु मुख्यमंत्रियों को 11-11 लाख रुपये का आर्थिक सहयोग दिया। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर नेपाल नरेश द्वारा स्वामी जी को प्रबल गोरखादक्षिणबाहु पुरस्कार से सम्मानित किया गया है तथा गतवर्ष बंसी लाल विश्वविद्यालय, भिवानी (हरियाणा) द्वारा उनके जन-कल्याण कार्यों एवं राष्ट्रनिर्माण में अद्वितीय योगदान को ध्यान में रखकर डॉक्टर की मानद उपाधि से अंलकृत किया गया है।

सांस्कृतिक मंच के सौजन्य से आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा के पूर्व मुख्यमन्त्री द्वारा स्वामी सदानंद जी को मां सरस्वती सम्मान से सम्मानित किया। सांप्रदायिक सौहार्द, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रीय एकता के लिए समर्पित संत सदानंद जी को सर्वधर्म समन्वय भारतीय आदर्श संस्कृति के लिए न केवल भारत में अपितु भूटान, सिंगापुर, हॉगकॉग, अमेरिका व नेपाल आदि देशों में भी सेवा प्रकल्पों को संचालित करने के कारण राष्ट्रीय संत की उपाधि से विभूषित किया जा चुका है। 

स्वामी जी के सान्निध्य में बहुत सी जनकल्याणकारी ट्रस्ट कार्य कर रही है, जिनमें स्वामी सदानंद प्रणागी गौ-सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट (रजि.) फतेहाबाद, हरियाणा, श्रीकृष्ण प्रणामी जन-कल्याण ट्रस्ट (रजि.). भिवानी, और स्वामी सदानन्द चैरीटेबल ट्रस्ट (रजि.), दिल्ली सुचारू रूप से चल रही है। उक्त जानकारी श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।

Published / 2025-01-04 18:23:40
मजदूरों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं करेंगे : सांसद सुखदेव भगत

हिंडाल्को को हर हाल में मजदूरों को देना होगा रोजगार, मजदूरों के साथ न्याय होगा

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। ट्रक अनलोडिंग मजदूर संघ के सैकड़ों मजदूरों ने आज लोहरदगा के सांसद सुखदेव भगत के आवास पहुंचकर उनसे मुलाकात की। मजदूरों ने सांसद को बताया कि हम लोग अनलोडिंग स्टेशन में विगत 17 वर्षों से काम कर रहे हैं, जिससे हम लोगों का भरण पोषण होता है। हिंडालको कंपनी गत दो माह से अनलोडिंग स्टेशन में ट्रकों का परिचालन बंद कर दी है। जिसके कारण हम सबों के समक्ष भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी है। मजदूरों ने सांसद से सभी मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की।

मौके पर सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि वह मजदूरों के साथ हैं। मजदूरों के साथ हो रहे अन्याय को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। मजदूरों को न्याय मिलेगा। श्री भगत ने कहा कि विगत 17 वर्षों से सैकड़ों ट्रक मजदूर काम कर रहे हैं जिससे हजारों लोगों का भरण पोषण हो रहा है। दो माह से हिंडाल्को के द्वारा ट्रकों का परिचालन बंद करने से मजदूरों के समक्ष भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी है। जनप्रतिनिधि होने के नाते मजदूरों को न्याय दिलाना उनका दायित्व है। 

हिंडाल्को एक ओर रोपवे से बॉक्साइट का ढुलाई कर रही है लेकिन ट्रकों के द्वारा बॉक्साइट का ढुलाई लोहरदगा स्टेशन में नहीं कर रही है अगर ट्रकों से प्रदूषण होता है तो रोपवे से भी प्रदूषण होगा। हिंडाल्को के दोहरे नीति को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। मजदूरों के हक हुकुम के लिए वे मजदूरों के साथ है। हिंडाल्को का हर हाल में मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराना होगा।

मौके पर मनोज सोन तिर्की, अनिल उरांव, विनोद उरांव, प्रेमचंद महतो, प्रदीप उरांव, नीलमणि तिग्गा, सुधा उरांव, ललिता उरांव, रवि महली, बुधमन टोप्पो, विमला उरांव, फुलमनी  उरांव, सुगी उरांव, धर्मदेव  उरांव, ननका अंसारी, निवेश उरांव, रोपा उरांव, मनोज भगत, आलोक कुमार साहू, नेसार अहमद, साजिद अहमद चंगू, जगदीप भगत, सोनू कुरैशी सहित सैकड़ों मजदूर उपस्थित थे।

Published / 2025-01-03 21:39:49
पूर्व सीएम रघुवर से मिले कई दिग्गज, दी बधाई

टीम एबीएन, रांची। झारखंड सरकार के पूर्व मुख्यमंत्री उड़ीसा के पूर्व राज्यपाल भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेता माननीय रघुवर दास को नववर्ष की शुभ अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ राजाराम महतो ने बधाई दी। साथ में पद्मश्री छुटनी महतो, ज्ञानेश्वर सिंह, भूदेव चंद्र महतो, परमानंद महतो एवं छुटनी माता के सुपुत्र भी उपस्थित थे।

Published / 2025-01-03 18:38:50
पलामू : नेशनल हाइवे पर बस-ट्रक की भिड़ंत में तीन की मौत

पांच लोगों की हालत गंभीर 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के कसियाडीह में नेशनल हाइवे 75 पर यात्री बस एवं ट्रक में भीषण टक्कर हुई है। हादसे में ट्रक ड्राइवर समेत 3 की मौत हो गयी है। वहीं इस दुर्घटना में 5 लोग गंभीर रूप से जख्मी हैं। दुर्घटना के बाद यात्री बस का ड्राइवर काफी देर तक फंसा रहा था। सभी जख्मी को इलाज के लिए स्थानीय अस्पतालमें भर्ती करवाया गया। 

जेपीएस नामक यात्री बस पलामू के डालटनगंज से रांची जा रही थी। इसी क्रम में सतबरवा थाना क्षेत्र के कसियाडीह में सामने से आ रहे ट्रक से भीषण टक्कर हो गई। शुक्रवार को पलामू में अत्यधिक ठंड पड़ रही है और धुंध भी काफी अधिक ह। धुंध के कारण यह दुर्घटना हुई है। 

सतबरवा के थाना प्रभारी अंचित कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी जख्मी को इलाज के लिए भर्ती करवाया गया ह। घायलों में से दो की मौत इलाज के दौरान हो गयी। अब तक तीन लोगों की हादसे में मौत हो गयी। पुलिस पूरे मामले में आगे की छानबीन कर रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी और सभी जख्मी को अस्पताल पहुंचाया है। 

थाना प्रभारी ने बताया कि गंभीर रूप से जख्मी लोगों को इलाज के लिए बाहर भेजने की तैयारी की जा रही है। जख्मी सभी यात्री पलामू के रहने वाले हैं और वे रांची जा रहे थे। एक यात्री का पैर कट के पूरी तरह से अलग हो गया है। पलामू से बड़ी संख्या में प्रतिदिन अहले सुबह बस रांची जाती है। जिस इलाके में यह दुर्घटना हुई है वहां तीखा मोड़ है और विजिबिलिटी काफी कम है। 

हादसे में जिनकी मौत हुई है उनके नाम हैं रियासत मियां, पुष्पेंद्र कुमार और शशि पांडेय। रियासत मियां पलामू के सतबरवा के मुक्ता गांव का रहने वाला था, जबकि पुष्पेंद्र कुमार यूपी के एटा का रहने वाला था।

Page 458 of 1695

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse