झारखंड

View All
Published / 2025-02-05 20:57:28
बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट देश में एक नयी शुरुआत : हेमंत सोरेन

टीम एबीएन, रांची/ बंगाल। आज मुझे बंगाल ग्लोबल बिजनेस कार्यक्रम में शामिल होने का मौका मिला है और निश्चित रूप से मुझे बहुत सारी चीजें यहां समझने को मिलेगी तथा जितने मेहमान यहां देश-विदेश से आये हैं उन सभी के साथ भी मुलाकात करने का मौका मिलेगा। बंगाल और झारखंड का साझा इतिहास, विरासत और परंपरा रही है। दोनों राज्यों में बहुत सारी समानता ऐसी है कि समझ पाना कठिन हो जाता है कि झारखंड और बंगाल में फर्क क्या है। झारखंड में एमएसएमई, टूरिज्म, माइनिंग, सोलर, टेक्सटाइल आदि क्षेत्रों में बहुत संभावनाएं हैं। आने वाले दिनों में पूर्वी भारत में आर्थिक विकास को गति देने के लिए आदरणीय ममता दीदी के साथ झारखण्ड आगे बढ़ने का सार्थक प्रयास करेगा। आप सभी का झारखंड में हार्दिक स्वागत है, जोहार। उक्त बातें राज्य के मुखिया हेमंत सोरेन ने कही। वे बुधवार को पश्चिम बंगाल में आयोजित बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट के दौरान लोगों को संबोधित कर रहे थे।

आगे उन्होंने कहा कि बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट के भव्य आयोजन के लिए और हमें यहां आमंत्रित करने के लिए बंगाल की मुख्यमंत्री ममता दीदी को धन्यवाद देता हूं, जोहार करता हू। साथ ही यहां देश और दुनिया के अलग-अलग जगहों से आए उद्योग जगत के सभी लोगों का भी हार्दिक अभिनंदन करता हू। मुझे लगता है यह देश में एक नयी शुरुआत है जहां देश के अंदर एक राज्य दूसरे राज्यों के साथ मिलकर देश की नींव को मजबूत रखने के लिए आगे बढ़ रहा है। इस अवसर पर ममता दीदी को अनेक-अनेक बधाई देता हूं।

Published / 2025-02-05 20:56:46
मांडर : ट्रक ने बाइक को कुचला, दो की मौत

टीम एबीएन, मांडर/ रांची। रांची में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है, मांडर थाना क्षेत्र के मालटोटी पुल के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार युवक और युवती को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गयी। मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी ऐश्वर्या और देवदास मंडल के रूप में हुई है। दोनों सेंट्रल यूनिवर्सिटी फ झारखंड के छात्र थे। यह हादसा तब हुआ जब वे दोनों कॉलेज जा रहे थे। 

मांडर थाना प्रभारी राहुल ने बताया कि सड़क हादसे में सेंट्रल यूनिवर्सिटी के दो छात्रों की मौत हो गयी है, मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। लोगों ने बताया कि बाइक पर सवार सेंट्रल यूनिवर्सिटी के दोनों छात्र पुल के पास बने डायवर्सन से गुजर रहे थे, इसी दौरान एक मालवाहक ट्रक ने दोनों को पीछे से कुचल दिया। दोनों छात्रों की मौके पर ही मौत हो गयी। 

हादसा इतना भीषण था कि छात्रों की बाइक पूरी तरह से टूटकर बर्बाद हो गयी। घटना के बाद ट्रक का ड्राइवर और खलासी भाग गये। सेंट्रल यूनिवर्सिटी से मिली जानकारी के अनुसार हादसे में मरने वाले दोनों लोगों में से ऐश्वर्या पश्चिम बंगाल के हावड़ा की रहने वाली है जबकि देवदास बंगाल के सुंदरबन का रहने वाला है। 

दोनों मांडर में मकान किराये पर लेकर रहते थे और वहां से रोजाना सेंट्रल यूनिवर्सिटी में क्लास करने आते थे। देवदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पीएचडी कर रहा था जबकि ऐश्वर्या जियो इंफॉर्मेटिक्स में एमएससी कर रही थी। 

मांडर थाना प्रभारी राहुल कुमार ने बताया कि घटना के बाद सेंट्रल यूनिवर्सिटी के छात्र काफी आक्रोशित हैं और उन्हें शांत कराया जा रहा है। मृतक के परिजनों को मामले की जानकारी दे दी गई है।

Published / 2025-02-05 20:52:50
दोहरे हत्याकांड से नगड़ी में बवाल, लोग सड़कों पर

नगड़ी डबल मर्डर : जमीन विवाद में हत्या की आशंका, हिरासत में कई लोग 

टीम एबीएन, नगड़ी/ रांची। मंगलवार की रात रांची के नगड़ी में हुए दोहरे हत्याकांड को जमीन विवाद के चलते अंजाम दिये जाने की बात सामने आ रही है। हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए रांची एसएसपी ने एसआईटी का गठन किया है। रांची के नगड़ी में हुए दोहरे हत्याकांड के सिलसिले में रांची पुलिस की टीम आधा दर्जन लोगों से पूछताछ कर रही है। 

रांची एसएसपी चंदन सिन्हा खुद मामले पर नजर रखे हुए हैं। आपको बता दें कि मंगलवार की शाम करीब सात बजे स्कूटी सवार दो अपराधियों ने नगड़ी थाना क्षेत्र के कतरपा गांव में बुधराम मुंडा और मनोज कच्छप की गोली मारकर हत्या कर दी। दोनों मृतक चाचा-भतीजा हैं। अब तक की जांच के अनुसार जमीन विवाद के चलते दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। 

ताबड़तोड़ छापामारी कर रही रांची पुलिस 

डबल मर्डर केस की गुत्थी सुलझाने के लिए रांची पुलिस को जो भी सुराग मिल रहा है, उसके आधार पर तुरंत ताबड़तोड़ छापेमारी भी की जा रही है। रांची के सीनियर एसपी चंदन सिन्हा ने बताया कि दोहरे हत्याकांड मामले में कई लोगों को हिरासत में लिया गया है, सभी से पूछताछ की जा रही है। जमीन से लेकर आपसी रंजिश तक हर एंगल से जांच की जा रही है। 

क्या बोली मृतक की बहन 

रिम्स में मौजूद मृतक मनोज की बहन प्रीति ने बताया कि वह घर में खाना खा रही थी। इसी दौरान गोली चलने की आवाज सुनाई दी। जब वह दौड़कर वहां पहुंची, तो बुधराम मुंडा और मनोज कच्छप दोनों जमीन पर पड़े थे। आनन-फानन में दोनों को अस्पताल लाया गया, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। 30 वर्षीय मनोज कच्छप और 32 वर्षीय बुधराम मुंडा चाचा-भतीजा थे। 

प्रीति के अनुसार हत्यारों ने बमुश्किल तीन से चार मिनट में दोनों को गोली मार दी और भाग गये। ऐसा लग रहा है जैसे वे काफी समय से दोनों की रेकी कर रहे थे। जैसे ही सरस्वती पूजा विसर्जन की भीड़ कम हुई, मनोज और बुधराम को गोली मार दी गयी।

Published / 2025-02-04 21:03:36
नगर आयुक्त की मेहरबानी से आज भी जमे हुए हैं पुराने जेई

धनबाद नगर निगम कार्यालय में हो रहे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की मांग 

मुख्य सचिव झारखंड सरकार को  लिखा पत्र

एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद/ रांची। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिलाध्यक्ष रत्नेश कुमार ने मुख्य सचिव झारखंड सरकार को पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने कहा है कि धनबाद नगर निगम कार्यालय में हो रहे भ्रष्टाचार पर ध्यान दिया जाये। उनका कहना है कि नगर आयुक्त की मेहरबानी से आज भी पुराने जेई जमे हुए हैं। जबकि पुराने जेई को कांटेक्ट बेसिस पर रखा गया है। 

नया सरकारी जेई आ चुके हैं नगर निगम कार्यालय में। जो-जो नया जेई आये हैं, जिस-जिस विभाग से उन सभी जेई को उस विभाग का प्रभार नहीं दिया गया है। और नगर आयुक्त अपने कुछ पुराने जेई को कांटेक्ट बेसिस पर रख कर काम करवा रहे हैं। जबकि प्राइवेट कॉन्टैक्ट पर जो काम कर रहे हैं पुराने जेई आज लगभग कितने सालों से जमे हुए हैं। 

आखिर बड़ी-बड़ी योजना की जांच का जिम्मा प्राइवेट जेई को नहीं है। क्योंकि सरकारी जेई का यह दायित्व बनता है, पर इन लोग से अभी भी काम लिया जा रहा है। जो सरकारी जेई है अभी भी उनको कोई भी क्षेत्र की जांच करने का जिम्मा नहीं दिया जाता है। जबकि नगर आयुक्त को प्राइवेट जेई को आखिर क्यों कार्यालय में रखे हुए हैं। इनसे नगर आयुक्त को क्या लाभ मिल रहा है? उन्होंने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

Published / 2025-02-04 21:01:30
सरायकेला : बेपटरी हुई मालगाड़ी, सेवाएं बाधित

सरायकेला में फिर हुआ रेल हादसा, मालगाड़ी हुई बेपटरी, आवागमन बाधित

एबीएन न्यूज नेटवर्क, सरायकेला/ रांची। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत राजखरसावां रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार को सुबह करीब साढ़े दस बजे एक मालगाड़ी की तीन बोगियां बेपटरी हो गयीं। चाईबासा (डंगवापोशी) राजखरसावां रेल खंड में लाइन नंबर 5 पर मालगाड़ी बेपटरी हुई।

हालांकि, मालगाड़ी बेपटरी होने से कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन उस रेल लाइन पर आवागमन बाधित है। इसकी सूचना मिलते ही चक्रधरपुर रेल मंडल के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ट्रैक को दुरुस्त कराने में जुटे हैं। मालगाड़ी के बेपटरी होने के कारणों का पता नहीं चल सका है। 

मालगाड़ी बेपटरी होने की जानकारी मिलने के बाद रेलवे के अधिकारी से लेकर आरपीएफ और अन्य कर्मी घटना स्थल पर पहुंचे और डिरेल हुई मालगाड़ी के डिब्बों को हटाकर ट्रैक को दुरुस्त करने में जुट गये हैं। बेपटरी हुई मालगाड़ी को पटरी पर लाने के लिए युद्धस्तर पर काम जारी है।

Published / 2025-02-04 20:59:12
मानव सेवा माधव सेवा, तुम सेवा से पाओगे पार...

पीड़ित मानव सेवा के पावन तीर्थ रांची के सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम में भोजन का वितरण

टीम एबीएन, रांची। परमहंस डा० संत शिरोमणी श्री श्री 108 स्वामी सदानंद महाराज के सान्निध्य में श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के तत्वावधान में एक वर्ष से चल रहे पीड़ित मानव सेवा के पावन तीर्थ स्थल मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम पुंदाग के प्रांगण में सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम (सत्य-प्रेम सभागार) रांची में आज मंगलवार 4 फरवरी को समाज के धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं एवं एमआरएस श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के पदाधिकारीगण एवं ट्रस्ट के सदस्यों के सौजन्य से आश्रम में रह रहे 37 मंदबुद्धि दिव्यांग निराश्रित प्रभु जी एवं आश्रम में रहकर उनकी सेवा करने वाले सेवादार साथियों के बीच अन्नपूर्णा सेवा भोजन प्रसादी का विधिवत आश्रम के किचन में भोजन बनवाकर भोजन खिलाया गया। 

अपना घर आश्रम के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि 26 जनवरी 2025 से 4 फरवरी तक 10 दिनों में लगभग 2240 निराश्रित प्रभुजी एवं उनकी देखभाल करने वाले सेवादार साथियों के बीच अन्नपूर्णा सेवा भोजन प्रसाद का वितरण किया गया। इस पुनीत कार्य को विनीत रशमी अग्रवाल, अजय जैन, निर्मल छावनिका, निलेश ट्विंकल छावनिका, विधा देवी अग्रवाल, नीलम अग्रवाल, शशी केडिया, दीपक खेतान, नरेश डालमिया, मनोज कविता चौधरी एवं शिला मुरारका के सौजन्य से सभी निराश्रित प्रभुजी को भोजन प्रसादी खिलाकर सेवा की गई। 

सभी ने ट्रस्ट के सदस्यों को बहुत बहुत धन्यवाद एवं अपना अमूल्य आशीर्वाद दिया। अन्नपूर्णा सेवा के पुनीत कार्य में ट्रस्ट के अध्यक्ष डुंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष निर्मल जालान, राजेन्द्र प्रसाद अग्रवाल, सचिव मनोज कुमार चौधरी, संस्था के वरिष्ठ सदस्य पुर्णमल सर्राफ, सुरेश अग्रवाल, सज्जन पाडिया, नंद किशोर चौधरी, संजय सर्राफ, विशाल जालान, पवन कुमार पोद्दार, ओमप्रकाश सरावगी सहित अन्य सदस्यगण उपस्थित थे।

Published / 2025-02-04 20:58:00
उच्च शिक्षा मंत्री सुदीव्य सोनू से मिले कई कांग्रेसी

बंधु तिर्की के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस का शिष्टमंडल उच्च शिक्षा मंत्री सुदीव्य सोनू से

टीम एबीएन, रांची। झारखंड सरकार के पूर्व शिक्षा मंत्री व प्रदेश कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की के नेतृत्व में आज प्रदेश कांग्रेस का शिष्टमंडल उच्च शिक्षा मंत्री सुदीव्य सोनू से उनके आवासीय कार्यालय में जाकर विश्वविद्यालय में हो रहे नीट बेस असिस्टेंट प्रोफेसर की गलत तरीके से नियुक्ति के संबंध में अपनी बातों को रखा। 

श्री तिर्की ने कहा कि जो विश्वविद्यालयों में नियुक्ति हो रही है उसकी प्रक्रिया सही नहीं है जेपीएससी ने जो मापदंड तैयार किया था उस आधार पर नियुक्ति नहीं हो रही है, जिसकी वजह से झारखंड के बाहर के लोगों का विश्वविद्यालय के नीट बेस असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए बड़े पैमाने पर नियुक्ति होना तय है। 

विश्वविद्यालय ने जो शॉट लिस्ट किया है, उसमें राज्य के बाहर के लोगों का बड़े पैमाने पर नाम आया है। जिसको लेकर राज के लोगों में रोष है। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा मंत्री से मिलकर हर एक बिंदु पर बात किया। राज्य के लोगों की भावनाओं से अवगत कराया। मंत्री ने तत्काल प्रभाव से नियुक्ति को रोकने का आदेश उच्च शिक्षा सचिव को दिया।

Published / 2025-02-04 20:54:44
बालवाडीह में बनेगा भव्य राम मंदिर

बालवाडीह में भव्य राम मंदिर निर्माण हेतू भूमिपूजन, कलश यात्रा में 1 हजार महिलाएं हुई शामिल

टीम एबीएन, रांची। अयोध्या में विशाल राम मंदिर के निर्माण के एक वर्ष पूरा होने के अवसर पर सेवा विभाग विश्व हिंदू परिषद झारखंड ने अनेक कार्यक्रम निर्धारित किये हैं। इसी श्रृंखला में 11 स्थानों पर विशाल टुसू मेला का आयोजन किया गया। प्रत्येक मेले में 20 से 30 हजार ग्रामीणों का विशाल जनसमूह भागीदार बना। 

मेले में आये सैंकड़ों चौड़ल समूह को शाल ओढ़ा कर सम्मानित किया गया और श्रीरामचरितमानस की एक-एक प्रति उपहार में प्रदान की गयी। इसी क्रम में पहले मंदिर निर्माण कार्यक्रम के अंतर्गत बसंत पंचमी के दिन ग्राम बालवाडीह पंचायत जाड़ेया प्रखंड सोनहातू में एक भव्य राम मंदिर के निर्माण का शिलान्यास किया गया। 

इस अवसर पर लगभग 1000 महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली और राडू नदी व स्वर्ण रेखा नदी के संगम स्थल से अभिषेक हेतु स्नान ध्यान के पश्चात पवित्र जल कलश में लेकर चार किलोमीटर पैदल चलकर सभी जलूस की शक्ल में बलवाडीह राम मंदिर निर्माण स्थल स्थान पर पहुंचे। कलश यात्रा के आगे आगे भक्तवेदांत विद्याभवन कुटाम के 50 से अघिक बाल ब्रह्मचारी अपने गुरु स्वामी सुबल दास जी संकीर्तन कर रहे थे, निर्माण स्थल पर हजारों ग्रामीणों के बीच वैदिक मंत्रोच्चार के साथ स्वामी सुबल दास ने पूजा की और गुरुकुल के बच्चों ने भव्य हरी कीर्तन किया। 

रांची से आये प्रकाश बजाज व कृष्ण कुमार गाड़ोदिया ने मधुर कंठ से ग्रामीणों के साथ भजन प्रस्तुत किये। विश्व हिंदू परिषद सेवा विभाग के प्रांतीय सह संयोजक अशोक कुमार अग्रवाल एवं प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि सेवा विभाग से इस वर्ष सिल्ली, बुंडू, सोनहातू, राहे, तमाड़ और ईचागढ़ प्रखंडों में 5 से अधिक श्री राम मंदिर निर्माण और 5 से अधिक गुरुकुल आश्रम के लिए भूमि उपलब्ध कराने की योजना है। 

इस काम को गति देने और पूरे पंचपरगना क्षेत्र को रामभक्ति में सराबोर करने के लिए 201 से अधिक 15 से 21 रामभक्तों को लेकर रामायण मंडलियों के गठन का प्रयास किया जा रहा है। पहले चरण में उपरोक्त पांचो प्रखंडों के 104 से अधिक ग्रामों से चयनित और गठित रामायण मंडलियों के बीच एक-एक बड़े आकार की तुलसीदास श्रीरामचरितमानस की प्रति, उसको रखकर पढने के लिए बड़े आकार का रेहल व लाल ओर पीले रंग के पापलीन कपड़े का बंधना वितरित किया गया। 

ग्रामीणों के उत्साह को देखते हुए संख्या 501 मंडलियों के गठन तक बढ़ायी जा सकती है। स्वामी सुबल दास जी ने भक्तिवेदांत विद्याभवन के प्रमुख स्वामी गदाधर जी की ओर से बताया कि गुरुकुलों को व्यवहारिक शिक्षा के साथ-साथ वैदिक शिक्षा बच्चों को नि:शुल्क दी जाये यही उद्देश्य है। यदि क्षेत्र में पांच स्थान उपलब्ध होने पर गुरुकुल आश्रम की स्थापना भक्ति वेदांत विद्या भवन के माध्यम से की जायेगी।

नैतिक और व्यवहारिक शिक्षा के साथ-साथ वैदिक शिक्षा पद्धति से बच्चों के जीवन में उच्च संस्कारों का समावेश हो और सभी बच्चे जीवन के हर क्षेत्र में बढ़ सके यही लक्ष्य है। अभी तक कुटाम (गोला-सिल्ली रोड़) स्थित आश्रम में 392 बच्चे निबंधित हो चुके हैं। 

देश में चल रहे भक्ति वेदांत विद्याभवन के 17 से अधिक आश्रमों में रहकर शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, वैदिक शिक्षा के साथ-साथ उनका झारखंड बोर्ड के अनुरूप भी शिक्षा दी जा रही है। एडमिशन के लिए कक्षा 5 अथवा 11 वर्ष का होना अनिवार्य है। उक्त जानकारी विश्व हिंदू परिषद सेवा विभाग के प्रांतीय सह संयोजक अशोक कुमार अग्रवाल और प्रवक्ता संजय सर्राफ ने दी।

Page 435 of 1695

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse