एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। 18 पड़ाह हेंदेहस का तीन दिवसीय क्षेत्रीय विशु सेंदरा का आयोजन भुट खाड़ पेसरार में 18 पड़ाह वेल विफाई उरांव की अध्यक्षता में की गयी। इस बैठक के मुख्य अतिथि केंद्रीय वेल लक्ष्मीनारायण भगत ने कहा कि विशु सेंदरा ही हमारा आदिवासी समाज का सुप्रीम कोर्ट है। इस बैठक के माध्यम से ही आदिवासी समाज मे कुरीति को दूर किया जाता है।
बैठक में ही नियम कानून बनता है जिसे गांव के अलावा समाज के लोगों को मानना पड़ता है। इसी नियम की तहत आज पेसा कानून नियमावली बनायी गयी है। वेल लक्ष्मीनारायण भगत ने कहा कि आज के समय में पढ़े लिखे आदिवासी समाज के युवाओं को आगे आना होगा और समाज मे फैली कुरीति को दूर कर समाज के लोगों को विकास में मुख्य भूमिका निभाना होगा।
इस बैठक में कोड़ा पड़ाह वेल (नगर) जगदीप भगत, बुदेश्वर उरांव, शिवशंकर टाना भगत, उदय भगत, बुद्धिमन भगत, बिकराम भगत, दिलेश्वर भगत, राजधानी, उरांव, बलित उरांव, सुदित उरांव, बलदेव उरांव, विश्वनाथ उरांव, सुखदेव उरांव, शत्रुधन उरांव, विरेंदर उरांव, नंदकेसवार उरांव आदि सैकड़ों 18 पड़ह के लोग उपस्थित थे।
टीम एबीएन, रांची। जिला के श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में जैन धर्म के प्रथम तीर्थंकर श्री आदिनाथ भगवान के जन्म एवं तप कल्याणक के पावन अवसर पर अभिषेक, शांतिधारा एवं पूजन के पश्चात 1 अप्रैल 2026 से आयोजित होने वाले पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के लिए वेदी शिलान्यास किया गया। नवीन वेदी शिलान्यास के शुभ अवसर स्वर्ण शिला, रजत शिला आदि के माध्यम से भक्तों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया।
संपूर्ण कार्यक्रम परम पूज्य मुनि श्री प्रमाण सागर जी महाराज के मंगल आशीर्वाद से प्रतिष्ठाचार्य बाल ब्रह्मचारी श्री अभय भैया जी के सानिध्य में संपूर्ण समाज की उपस्थिति में संपन्न हुआ। प्रात: कालिन अभिषेक पूजन के उपरांत 7.45 बजे से विधिपूर्वक समस्त क्रियाएं हुई।
प्रथम वेदी शिलान्यासकर्ता स्नेहप्रभा, संजय कुमार, अजय कुमार, विजय कुमार, पांड्या परिवार एवं द्वितीय वेदी शिलान्यासकर्ता अशोक कुमार, अजीत कुमार, सेठी परिवार को यह सौभाग्य प्राप्त हुआ। इस अवसर पर अरविंद शास्त्री, अंकित शास्त्री, समाज के अध्यक्ष प्रदीप बाकलीवाल, मंत्री जीतेन्द्र छाबड़ा, संजय पांड्या, पूरणमल सेठी, सौरभ विनायक्या, चेतन पाटनी, टिकमचंद छाबड़ा, अशोक सेठी, आकाश सेठी, हेमन्त सेठी, संदीप दगड़ा और कई लोग मौजूद थे। यह जानकारी मीडिया प्रभारी राकेश काशलीवाल ने दी।
टीम एबीएन, रांची। मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के बीच पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की कमी को लेकर अफवाहें फैल रही हैं। इन अफवाहों के कारण झारखंड के गढ़वा जिले में लोग घबराकर बड़ी मात्रा में ईंधन खरीदने लगे हैं। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
जिले में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की कमी की अफवाह फैलने के बाद कई पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर लोगों की भारी भीड़ देखी जा रही है। जैसे ही कमी की खबरें फैलनी शुरू हुईं, लोग ज्यादा मात्रा में पेट्रोल, डीजल और गैस जमा करने के लिए पंपों और गोदामों पर पहुंचने लगे।
स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। एसडीएम ने कई पेट्रोल पंपों पर छापेमारी कर वहां की स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन की इस कार्रवाई से पंप संचालकों में हड़कंप मच गया।
इस मामले पर गढ़वा के उपायुक्त (डीसी) ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा न करें। डीसी ने कहा कि मिडिल ईस्ट में युद्ध जरूर चल रहा है, लेकिन देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि देश में इन जरूरी ईंधनों का करीब आठ सप्ताह का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। इसलिए लोगों को घबराने या जरूरत से ज्यादा खरीदारी करने की जरूरत नहीं है।
डीसी ने चेतावनी दी कि अगर कोई व्यक्ति पेट्रोल, डीजल या एलपीजी गैस का अवैध रूप से भंडारण करते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने कहा कि आपदा जैसी स्थिति में मुनाफा कमाने या मौका तलाशने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जायेगा।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। जिले के सतबरवा प्रखंड के बोहिता गांव में बीते बुधवार को आयोजित भोज के बाद गुरुवार सुबह तक 150 से अधिक लोग बीमार हो गए। लोगों को उल्टी, दस्त, चक्कर और कमजोरी जैसी शिकायतें हुई। घटना की जानकारी के अनुसार, बोहिता गांव निवासी हरिशंकर शर्मा के पुत्र लवकुश शर्मा के घीढ़री कार्यक्रम के बाद गांव में भोज रखा गया था। भोज में ग्रामीणों ने पूड़ी, बुंदिया और सब्जी खायी।
बताया जा रहा है कि जिन लोगों ने पूड़ी और बुंदिया खायी, उनमें अधिक लोग बीमार हुए, जबकि कुछ लोगों को सब्जी खाने के बाद भी उल्टी-दस्त की शिकायत हुई। गांव निवासी सुदेश्वर सिंह ने बताया कि गुरुवार सुबह कुछ लोग शौच के लिए खेत गए तो उन्हें चक्कर और कमजोरी महसूस हुई। इसके बाद धीरे-धीरे गांव के कई घरों से बीमार होने की खबरें आने लगीं और बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हो गये।
स्थानीय लोगों ने करीब 9-10 बजे सुबह बीमार लोगों को उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय पोखरपार टोला बोहिता में इकट्ठा कर इलाज शुरू किया। वहां 100 से अधिक लोग इलाज के लिए पहुंचे। घटना की सूचना मिलने पर पलामू के सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। उन्होंने गंभीर मरीजों को मेदिनीनगर भेजने और बाकी लोगों का इलाज स्कूल परिसर में ही करने का निर्देश दिया। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाइयां और मेडिकल किट उपलब्ध कराने को कहा।
चार एंबुलेंस मौके पर पहुंच चुकी थीं और गंभीर मरीजों को अस्पताल भेजा जा रहा था। भाजपा नेता अवधेश सिंह चेरो, विधायक प्रतिनिधि अजय उरांव, महेश यादव और समाजसेवी आशिष सिन्हा भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। सिविल सर्जन ने बताया कि फूड प्वाइजनिंग के कारणों की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि यह किस कारण से हुई।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने ट्वीट कर लिखा कि लोयाबाद के कनकनी कोलियरी मे संचालित राम अवतार आउटसोर्सिंग द्वारा ओबी डंप के दौरान भरी मात्रा में धूलकण उड़ रहा है, दिन पर दिन इतना ज्यादा प्रदूषण फैल रहा है कि लोग तरह तरह की बीमारियों से ग्रसित होते जा रहे है।
अगर समय रहते इसपर रोक नहीं लगाया गया तो राम अवतार आउटसोर्सिंग ऐसे ही अपनी मनमानी करते रहेगी और लोयाबाद के जनता बीमारियों के शिकार होते रहेगी।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के 12वें दिन आज सदन में डुमरी विधायक जयराम महतो ने बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का मुद्दा उठाया। जयराम महतो ने कहा कि कई जगह ट्रांसफार्मर जलने या तार खराब होने के बाद लंबे समय तक बिजली बहाल नहीं हो पाती। इससे आम लोगों को काफी परेशानी होती है।
उन्होंने सरकार से शिकायत व्यवस्था और समय सीमा स्पष्ट करने की मांग की। श्री महतो ने यह भी कहा कि उपभोक्ताओं को यह स्पष्ट नहीं होता कि ट्रांसफार्मर जलने, तार टूटने या अन्य तकनीकी खराबी की स्थिति में वे शिकायत कहां करें।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में अगले दो दिनों तक मौसम अपेक्षाकृत शांत और साफ रहने वाला है। मौसम विभाग के पूवार्नुमान के मुताबिक 13 और 14 मार्च को राज्य में आसमान मुख्यत: साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान लोगों को बारिश या आंधी-तूफान से राहत मिलेगी।
हालांकि इसके बाद 15 मार्च से मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिलेगा। विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और मेघ गर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया है कि 15 मार्च से 18 मार्च के बीच कई इलाकों में गरज के साथ तेज हवा 30 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकती है और कुछ स्थानों पर वज्रपात की भी आशंका है। खासकर उत्तर-पूर्वी और मध्य झारखंड के जिलों में मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला पर हुए हमले के प्रयास घटना पर कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे गंभीर सुरक्षा चूक बताया है और पूरे मामले की गहन जांच की मांग की है। दरअसल, बुधवार (11 मार्च 2026) की शाम जम्मू के ग्रेटर कैलाश इलाके में एक शादी समारोह के दौरान फारूक अब्दुल्ला पर फायरिंग की घटना सामने आई।
उस समय वे एक विवाह समारोह में शामिल होकर बाहर निकल रहे थे। इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि यह घटना स्पष्ट रूप से एक गंभीर सुरक्षा चूक को दशार्ती है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति इतने करीब तक पहुंच जाता है, तो यह सुरक्षा एजेंसियों की व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। सांसद भगत ने कहा कि यह निश्चित रूप से सुरक्षा में बड़ी चूक है।
किसी व्यक्ति का इतने करीब तक पहुंच जाना चिंताजनक है। मेरा मानना है कि आरोपी का मानसिक परीक्षण भी कराया जाना चाहिए और सुरक्षा एजेंसियों को पूरे मामले की बिंदुवार समीक्षा करनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।
उन्होंने यह भी कहा कि देश के वरिष्ठ नेताओं की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। भगत ने मांग की कि सुरक्षा एजेंसियां घटना की पूरी सच्चाई सामने लाएं और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse