एबीएन न्यूज नेटवर्क, देवघर। झारखंड में क्राइम की घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही है। आये दिन प्रदेश से अपराध की नयी-नयी घटनाएं सामने आ रही है। अपराधियों के हौसले इतने ज्यादा बुलंद हो गये हैं कि अब वह अपराध करने से बिल्कुल भी पीछे नहीं हट रहे हैं। ऐसा ही एक मामला देवघर जिले से सामने आया है, जहां कुछ बदमाशों ने बम मारा कर एक प्रिंसिपल की हत्या कर दी। वहीं, आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गये।
देवघर के मधुपुर थाना क्षेत्र के तहत आने वाले पिपरासोल गांव के पास कुछ अज्ञात बदमाशों ने एक प्रिंसिपल की बम मारकर हत्या कर दी। महुआ डाबर माध्यमिक स्कूल के प्रिंसिपल संजय कुमार दास स्कूल से अपनी बाइक पर सवार होकर किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान घात लगाये बैठे बदमाशों ने उनपर बम से हमला कर दिया है, जिससे उनकी मौके पर दर्दनाक तरीके से मौत हो गयी। बम के धमाके की आवाज से इलाके में इलाके में हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि एक व्यक्ति खून से लथपथ पड़ा हुआ था। प्रिंसिपल को तुरंत नजदीकी अस्पताल में पहुंचा गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामले की जानकारी होते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि वह आरोपियों की तलाश में जुट गई है। जानकारी देते हुए उप-मंडल पुलिस अधिकारी (मधुरपुर) सत्येंद्र प्रसाद ने बताया कि मामले की जांच के लिए एक टीम का गठन किया गया है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। दुबियाखांड़ में आयोजित दो दिवसीय राजकीय आदिवासी विकास महाकुंभ मेला आज संपन्न हो गया। मेला के दूसरे व अंतिम दिन संस्कृति कार्यक्रमों के नाम रहा। पारंपरिक परिधान में आदिवासी महिला-पुरूष कलाकारों गीत-संगीत, नृत्य आदि सांस्कृतिक कार्यक्रमों से समा बांधा। मांदर की थाप पर लोग झूमते रहे।
मेला समापन के मौके पर विभिन्न क्षेत्रों में सामाजिक सरोकार रखने वाले व्यक्तियों को मेला आयोजन समिति एवं जिला प्रशासन की ओर से मोमेंटो, शॉल व गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही मेला आयोजन समिति के सदस्यों को भी सामाजिक सरोकार के तहत सम्मानित किया गया। मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष अर्जुन सिंह, सचिव हृदयानंद सिंह, बहादुर सिंह, अवधेश सिंह, निर्मल सिंह नीरज सिंह, अजीत सिंह, उमेश सिंह, शैलेंद्र सिंह सहित सामाजिक सरोकार रखने वाले सैकड़ो लोगों को सम्मानित किया गया। वहीं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को भी सम्मान प्रदान किए गए। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग ले रहे कलाकारों को भी सम्मानित किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में नि:शुल्क कार्य कर रहे वेलफेयर सोसाइटी के सदस्यों को भी सम्मानित किया गया। मेला के लेकर लोगों में काफी उत्साह था।
इधर, दो दिवसीय मेला में जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों को दिया गया। साथ ही योजनाओं से संबंधित पंपलेट एवं बुकलेट का वितरण किया गया, ताकि, इसके अध्ययन से लोग योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त कर उससे लाभान्वित हो सकें। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगाए गए स्लॉट में चिकित्सकों द्वारा लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई और जरूरतमंद व्यक्तियों को आवश्यक दवाइयां उपलब्ध करायी गयी।
मेला को सफल बनाने में जिला प्रशासन के वरीय एवं कनीय पदाधिकारियों के साथ-साथ मेला आयोजन समिति के सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। मेला के सफल व शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर उपायुक्त शशि रंजन ने सभी को धन्यवाद करते हुए आभार जताया है। उन्होंने कहा है कि राजकीय आदिवासी विकास महाकुंभ मेला का प्रतिवर्ष विस्तार होगा। इस मेले की पहचान राष्ट्रीय फलक पर पहुंचाने को लेकर स्थानीय जिला प्रशासन सजगता से कार्य कर रही है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिलाध्यक्ष रत्नेश कुमार ने झारखंड डीजीपी को पत्र लिखकर कहा कि अंगारपथरा ओपी क्षेत्र के गजलीटांड़ व कांटापहाड़ी में बड़े पैमाने पर अवैध कोयला खनन कर तस्करी किया जा रहा है। अवैध खनन के कारण भू-धंसान की स्थिति उत्पन्न हो रही है।
अंगारपथरा अंतर्गत गजलीटांड़ के बंद खदान में जिला प्रशासन व स्थानीय प्रशासन को गुमराह कर दर्जनों अवैध मुहाने बनाकर हर रोज अवैध रूप से दर्जनों ट्रक में लोड करके अवैध भट्ठे में भेजा जाता है। नहीं थम रहा है कोयला का अवैध तस्करी। कोयला माफिया खुलेआम कर रहे कोयला तस्करी। लेकिन फिर भी नहीं हो रही कोई कार्रवाई।
जिससे कोयला माफिया का मनोबल बढ़ते जा रहा है और क्षेत्र में बड़े पैमाने पर कोयला की चोरी की जा रही है, जिससे बीसीसीएल पर राजस्व को काफी नुकसान पहुंच रही है। अगर जल्द कोयला तस्करी पर कार्रवाई नहीं की गयी तो अंगारपथरा अंतर्गत गजलीटांड़ में ऐसे ही जोरों शोरों से कोयला का अवैध तस्करी होते रहेगी और इससे कोयले की तस्करी में बीसीसीएल, सीआईएसएफ की मिली भगत रहती है। उन्होंने डीजीपी से अपने स्तर से संज्ञान लेकर अंगारपथरा अंतर्गत गजलीटांड़ में चल रहे कोयला का अवैध कारोबार पर रोक लगाने की मांग करते हुए भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की मांग की है।
टीम एबीएन, रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग में श्री राधा-कृष्ण मंदिर में माघ पूर्णिमा पर्व के अवसर पर आज विशेष पूजा-पाठ एवं आरती का आयोजन किया गया। पुजारी अरविंद पांडे ने भगवान श्री राज श्याम जी को विधिवत पूजा-अर्चना कर भोग लगाया तथा पूरे विधि विधान से पूजा का अनुष्ठान संपन्न कराया। तत्पश्चात सामूहिक रूप से आरती की गयी एवं प्रसाद वितरण किया गया।
आज माघ पूर्णिमा के अवसर पर श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम मे श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा, ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया माघ पूर्णिमा के अवसर पर आज विशेष पूजा- पाठ किया गया। भजन- कीर्तन मे सदस्यों द्वारा गाये सुमधुर भजनों में भक्तजन खूब झूमे। माघ पूर्णिमा का सनातन धर्म में विशेष महत्व माना गया है।
यह पर्व पूर्णिमा जगत के पालनहार भगवान विष्णु को समर्पित होता है। इस अवसर पर भगवान विष्णु संग लक्ष्मी जी की प्रार्थना करने से सुख और सौभाग्य में वृद्धि होती है। आज बहुत घरों में सत्यनारायण भगवान की कथा पूजा की गयी। मान्यता है कि भगवान विष्णु ने माघ पूर्णिमा के दिन मत्स्य अवतार धारण किया था इसलिए यह पूर्णिमा बेहद खास मानी गयी है।
प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में आज अमृत स्नान किया गया। उन्होंने कहा कि आज हजारों की संख्या में श्रद्धालु श्री कृष्ण राधा मंदिर पहुंचे, तथा भव्य मंदिर के शीश महल में विराजमान भगवान श्री राधा -कृष्ण, श्रीमद् भागवत गीता ग्रंथ, भगवान का वस्त्र, मोर मुकुट, मुरली की पूजा अर्चना किया,मंदिर में श्री कृष्ण की जन्म से लेकर महाभारत तक की झांकियां मुख्य आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
रांची का श्री राधा कृष्ण मंदिर धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया है। उक्त जानकारी श्री कृष्णा प्रणाम सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।
टीम एबीएन, रांची। डीएवी कपिलदेव पब्लिक स्कूल कडरू रांची में आज स्वामी दयानन्द सरस्वती जी की 201वीं जयंती मनायी गयी। मौके पर विद्यालय में विशेष हवन का आयोजन किया गया। डीएवी झारखंड जोन बी के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी व डीएवी कपिल देव पब्लिक स्कूल कडरू के प्राचार्य एमके सिन्हा ने इस अवसर पर स्वामी दयानन्द सरस्वती जी के चित्र पर पुष्प अर्पित किये।
बाद में हवन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हवन कार्यक्रम में वर्ग ग्यारह, नवम और वर्ग आठ के बच्चों ने भाग लिया। हवन के बाद बच्चों ने स्वामी दयानन्द सरस्वती जी की जीवनी पर प्रकाश डाला और उनकी तरह समाजसेवी, मनीषी और त्यागी बनने पर जोर दिया।
मौके पर प्राचार्य एमके सिन्हा ने कहा कि स्वामी दयानंद सरस्वती जी बहुत बड़े समाज सुधारक थे। उन्होंने पूरी मानव जाति को एक दृष्टि से देखा। श्री सिन्हा ने बताया कि वे बहुत सौभाग्यशाली हैं, उन्हें पिछले वर्ष दयानन्द सरस्वती जी के 200 वें जन्मदिन पर पर टंकारा जाने का मौका मिला था। श्री सिन्हा ने स्वामी दयानन्द सरस्वती के योगदान को याद किया। प्राचार्य ने कहा कि स्वामी दयानन्द सरस्वती पूरे समाज का उत्थान चाहते थे और इसलिए बालक और बालिकाओं, दोनों की शिक्षा पर जोर दिया।
मौके पर अरुण कुमार मंडल, पी सारंगी, आनंद गोपाल, सीएस ठाकुर, एआई गुरु, रुद्र कांत झा, सीमा कुमारी सिंह, के दत्ता, एस के झा समेत कई अन्य शिक्षक शिक्षिका व बच्चे मौजूद थे। उक्त जानकारी डीएवी कपिल देव पब्लिक स्कूल कडरू रांची के आलोक इंद्र गुरु ने दी।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, तमाड़। शहर में तीन अपराधियों ने दिनदहाड़े पांच लाख रुपये लूट लिये। लूट की वारदात को एसबीआई के सीएससी संचालक के तमाड़ सेंटर पर अंजाम दिया गया है।
सीएससी संचालक शिवचरण महतो ने बताया कि वह हर दिन की तरह बुधवार को सेंटर खोल कर अंदर बैठे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन अपराधी उनके सेंटर में आ धमके और आते ही उन्होंने सबसे पहले सेंटर का दरवाजा बंद कर दिया। फिर उनके साथ मारपीट करते हुए काउंटर में रखे करीब पांच लाख रुपये लूट लिये और मौके से फरार हो गये।
शिवचरण ने बताया कि अपराधियों के भागने के बाद वह तुरंत तमाड़ थाने पहुंचे और पुलिस को मामले की पूरी जानकारी दी, हालांकि जब तक पुलिस की टीम मौके पर पहुंचती तीनों अपराधी फरार हो चुके थे। मामले में शिवचरण के बयान पर एफआईआर दर्ज की गयी है। लूटपाट की वारदात को अंजाम देने वाले अपराधियों की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
पुलिस की टीम सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की तलाश कर रही है। इसके अलावा रांची-टाटा रोड से गुजरने वाली सभी सड़कों पर चेकपोस्ट स्थापित कर तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है। रांची के ग्रामीण एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि अज्ञात अपराधियों ने सीएससी में लूट की वारदात को अंजाम दिया है। जानकारी मिलने पर पुलिस अपराधियों की तलाश में जुटी हुई है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)।अवैध परिवहन को लेकर जिला परिवहन पदाधिकारी जितेंद्र कुमार ने वाहनों का सघन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान अवैध परिवहन करते 8 वाहनों को जब्त किया गया। जब्त 5 वाहनों को पण्डवा थाना एवं 3 वाहनों को टीओपी 2 थाना को सौंपा गया। वाहन को संबंधित थाना परिसर में ही रखा गया है । इन ओवरलोड वाहनों पर गिट्टी /पत्थर एवं अन्य मैटेरियल लोड थे।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया गया कि यह अभियान व्यवसायिक वाहनों द्वारा अवैध रूप से किए जा रहे परिवहन के विरूद्ध चलाया जा रहा है। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। जांच अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी के साथ उनके कार्यालय कर्मी शामिल रहे।
टीम एबीएन, रांची। डी ए वी पब्लिक स्कूल सीसीएल गांधीनगर में युगपुरुष महर्षि दयानंद की 201वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर विशेष प्रार्थना सभा सह यज्ञ का आयोजन किया गया जिसमें छात्रों के साथ शिक्षक भी सम्मिलित हुए। श्री निराकार आचार्य ने महर्षि के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राष्ट्र और समाज के लिए कुछ लोग ही अपने जीवन को समर्पित कर देते हैं।
इन कुछ लोगों में महर्षि दयानंद का स्थान अन्यतम है। पाखंड, कुरीतियों, छुआछूत आदि से भारत वर्षों से त्रस्त था और ऊपर से गुलामी का दंश भी झेल रहा था। ऐसी विषम परिस्थिति में भारत की पवित्र भूमि पर एक युग पुरुष का अवतरण हुआ था। इन्होंने समाज को सत्य का आईना दिखाया था।
विद्यालय के वरीय शिक्षक वैद्यनाथ मिश्र ने छात्रों को संबोधित करते हुए राष्ट्र उत्थान में ऋषि के प्रयासों की चर्चा की। इस अवसर पर उनके चित्र पर छात्रों एवं शिक्षकों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम को सफल बनाने में पूर्णचंद्र आर्य, के नलिनी, सोमा घटक, कविता मुखर्जी, गोविंद झा, कौशल कुमार आदि की भूमिका रही।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse