झारखंड

View All
Published / 2025-02-15 20:27:37
किसान मेले के माध्यम से किसानों को मिलेगी कृषि क्षेत्र में विकसित नवाचारों की जानकारी : उपायुक्त

प्रमंडल स्तरीय किसान मेला-सह-प्रदर्शनी 19 फरवरी को पलामू के शिवाजी मैदान में 

मेला-सह-प्रदर्शनी को लेकर उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू के शिवाजी मैदान में 19 फरवरी 2025 को प्रमंडल स्तरीय किसान मेला-सह-प्रदर्शनी का आयोजन होगा। मेला-सह-प्रदर्शनी के सफल आयोजन को लेकर पलामू उपायुक्त शशि रंजन की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में बैठक हुई। उपायुक्त ने मेला-सह-प्रदर्शनी के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों को निदेशित किया। 

उपायुक्त ने कहा कि किसान मेला-सह-प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों को कृषि के क्षेत्र में विकसित नवाचारों की जानकारी मिले। इस दिशा में सक्रियता से तैयारी करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मेला में किसान एक-दूसरे किसानों द्वारा उत्पादित सब्जी एवं अन्य उत्पाद के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे। वहीं पशुपालक किसान भी उन्नत नस्ल के पशुओं के बारे में जान-समझ सकेंगे। 

सखी मंडल की महिलाएं भी दूसरे महिलाओं द्वारा किए जा रहे बेहतर कार्य के बारे में जागरूक व प्रज होंगी। मेला के माध्यम से किसान उन्नत खेती, कृषि के क्षेत्र में हो रहे नये प्रयोग एवं उपचारित बीज से उत्पादन को बढ़ावा दिए जाने आदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। वहीं कृषि एवं पशुपालन के क्षेत्र में विकसित तकनीक अपनाकर किसान अपनी आमदनी को बढ़ा सकेंगे। 

बैठक के प्रारंभ मे जिला कृषि पदाधिकारी दीपक कुमार ने मेला के आयोजन को लेकर की जा रही तैयारियों की जानकारी दी। उपायुक्त ने उन्हें मेला के बैहतर आयोजन का निर्देश दिया। वहीं जिला परिवहन पदाधिकारी जितेंद्र कुमार एवं जिला जनसंपर्क पदाधिकारी असीम कुमार को मेला के सफल आयोजन में सक्रियता से सहयोग करने का निर्देश दिया। 

किसान मेला-सह-प्रदर्शनी में विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच परिस्थितियों का वितरण भी किया जायेगा। वहीं 40 से अधिक स्टॉल लगाये जायेंगे। स्टॉल कृषि विभाग के साथ-साथ अन्य विभाग नाबार्ड, अग्रणी बैंक, कृषि विज्ञान केंद्र, क्षेत्रीय अनुसंधान केंद्र, ग्रामीण विकास, शहरी आजीविका मिशन, जेएसएलपीएस, पशुपालन इफ्को आदि विभागों के स्टॉल लगाये जाएंगे। 

स्टॉल के माध्यम से लोगों को संबंधित विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी जायेगी। वहीं मुख्य मंच से कृषि तथा पशुपालन के क्षेत्र में बेहतर करने वाले किसानों को सम्मानित किया जायेगा और लाभुकों को योजनाओं का लाभ मिलेगा।

बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी असीम कुमार, पलामू के जिला कृषि पदाधिकारी दीपक कुमार,  गढ़वा के जिला कृषि पदाधिकारी शिव शंकर प्रसाद, लातेहार के जिला कृषि पदाधिकारी अमृतेश सिंह, कृषि वैज्ञानिक प्रमोद कुमार, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी सहित अन्य विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे। 

Published / 2025-02-15 20:26:29
जोन्हा गौतमधारा जलप्रताप मनमोहक दृश्य : देवेंद्रनाथ महतो

टीम एबीएन, रांची। जेएलकेएम केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्रनाथ महतो ने 15 फरवरी को अनगड़ा प्रखंड के गौतमधारा जलप्रताप में आयोजित घूरती टुसू मेला एवं घूरती सतीघाट टुसू मेला में शामिल हुए। गौतमधारा जलप्रपात टुसू मेला में संबोधन करते हुए कहा कि झारखंड की खूबसूरत वादियों के बीच मौजूद है। 

जोन्हा को प्रकृति की असीम कृपा मिली है। यहां मौजूद हरियाली, घने जंगल, मनमोहक वादियां, खूबसूरत झरने संपूर्ण देश के लोगों का आकर्षण का केंद्र है। यहां आने वाले लोग मंत्रमुग्ध हो जाते हैं। घूरती सतीघाट टुसू मेला को संबोधित करते हुए कहा कि राढू नदी, कांची नदी और स्वर्णरेखा नदी त्रिसंगम सतीघाट प्रयागराज महाकुंभ जैसा तीर्थ स्थल है। 

सतीघाट पवित्र स्थल में प्रतिवर्ष हजारों लोग मकर स्नान के लिए आते हैं, यह स्थल झारखंड का धरोहर है। मौके पर जिला मीडिया प्रभारी रेहान अंसारी, जिला उपाध्यक्ष अनुज सिंह,  खगेन, सुकदेव, हरेश के अलावा अन्य लोग भी अपना विचार रखे।

Published / 2025-02-15 09:35:56
झारखंड के डॉ पीके मुखर्जी को मिला डॉ एसके जैन अवार्ड

  • वनस्पति सर्वेक्षण,पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन,भारत सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रम में किया गया सम्मानित
  • डॉ मुख़र्जी लोहरदगा निवासी पर्यावरणविद् और केओ कॉलेज गुमला वनस्पति विभागाध्यक्ष हैं

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। बंगाल के कोलकाता अलीपुर में स्थित धन्यधान्य सभागार में शुक्रवार को वनस्पति सर्वेक्षण,पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन,भारत सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रम में झारखंड के पर्यावरणविद् डॉ प्रसन्नेजीत मुखर्जी को डॉ एसके जैन अवार्ड से सम्मानित किया गया। डॉ प्रसन्नेजीत मुखर्जी लोहरदगा निवासी और गुमला कार्तिक उरांव कॉलेज वनस्पति विभागाध्यक्ष हैं।

डॉ मुखर्जी को लोक वनस्पति विज्ञान के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए 14 फरवरी को डॉ एस के जैन मेडल से सम्मानित किया गया। सोसाइटी ऑफ इनोबाटानिस्ट की सचिव डॉ मंजूषा श्रीवास्ता और भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण के निदेशक डा ए मऊ ने संयुक्त रूप से डॉ मुखर्जी को अवार्ड और प्रशस्ति  पत्र प्रदान किया।

उल्लेखनीय हैं कि डॉ मुखर्जी को यह सम्मान भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण की 136 स्थापना दिवस- सह- तृतीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी पादप वर्गीगी ,लोक वनस्पति विज्ञान , वनस्पति उद्यान और जैव विविधता संरक्षण विषय वस्तु भारतीय वनस्पतियों का बदलता परिमाण विजन 2047 विषयक व्याख्यान को खुब सराहना मिली।

फोटो संकेत : कोलकता में शुक्रवार को वनस्पति सर्वेक्षण,पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन,भारत सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रम में डॉ पीके मुखर्जी को दो मंजूषा और डॉक्टर ए मऊ सम्मानित करते।

Published / 2025-02-14 19:29:33
विमुक्त घुमंतु अर्धघुमंतु महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष बने केसर सिंह बगोरिया, सुभाष चौधरी प्रदेश युवा अध्यक्ष

टीम एबीएन, रांची। विमुक्त घुमंतु अर्ध घुमंतु महासंघ द्वारा प्रदेश स्तर पर कई पदों के लिए प्रत्यक्ष मतदान चुनाव प्रक्रिया के द्वारा प्रदेश अध्यक्ष के लिए चुनाव कराये, जिसमें मध्य प्रदेश के 52 जिलों के सभी जिला अध्यक्ष व जिला प्रभारी सहित विमुक्त घुमंतु अर्ध घुमंतु की 51 जातियों के लोगों ने प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव में भाग लिया। जिसमें इस सामाजिक चुनाव प्रक्रिया में सीहोर जिले के केशर सिंह बगोरिया को सर्वाधिक समर्थन प्राप्त हुआ और वह प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित हुए।

प्रदेश प्रवक्ता योगाचार्य महेश पाल ने बताया कि इस सामाजिक चुनाव प्रक्रिया के पश्चात भोपाल के बिलकिसगंज स्थित संस्कार इंटरनेशनल स्कूल में शपथ समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा, संत श्री 1008 महामंडलेश्वर दादू महाराज महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञान सिंह बघेल द्वारा लोकमाता देवी अहिल्या बाई जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर सपथ ग्रहण समारोह प्रारंभ किया। जिसमें निर्वाचित हुए केसर सिंह बगोरिया को विमुक्त घुमंतू अर्धघुमंतू जनजाति महासंघ के अध्यक्ष पद की शपथ एवं रामकृष्ण बघेल (भिंड), व मोनू धनगर को कार्यकारी अध्यक्ष पद की शपथ सुभाष चौधरी (उज्जैन) को प्रदेश युवा अध्यक्ष पद की शपथ संत श्री महामंडलेश्वर दादू महाराज व राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञान सिंह बघेल ने दिलायी। 

अध्यक्ष पद की शपथ लेते हुए श्री बगोरिया ने कहा कि मैं समाज के प्रति निष्ठा एवं महासंघ के अंतर्गत 51 जातियों के अधिकारों व उनको सामाजिक, शैक्षणिक, व्यावसायिक और राजनीतिक क्षेत्र में हिस्सेदारी दिलाने के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य करूंगा। राष्ट्र निर्माण में भी महासंघ हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा। इस शपथ समारोह में राष्ट्रीय कार्यकारिणी के प्रदेश उपाध्यक्ष जीएस धनगर, मधुसूदन धनगर, राजूसिंह बघेल, प्रदेश महिला अध्यक्ष बबली चौधरी, प्रदेश महिला प्रभारी सुनीता धनगर, प्रदेश उपाध्यक्ष उदय सिंह पाल, कोषाध्यक्ष यसबंत बघेल प्रदेश प्रबकता योगाचार्य महेश पाल, विद्यार्थी परिषद प्रदेश अध्यक्ष पंकज पाल, जिला जज नरसिंह बघेल सहित इस समारोह में मध्य प्रदेश के 52 जिले के जिला अध्यक्ष में जिला प्रभारी सहित काफी अधिक संख्या में लोग मौजूद रहे। गुना से महासंघ जिला अध्यक्ष डॉ रामकृष्ण बघेल भी शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन राजकुमार पाल ने किया। साथ ही सभी का आभार मधुसूदन धनगर ने जताया।

Published / 2025-02-14 19:24:22
झारखंड : राजधानी के मैजिक किचन में कभी खत्म नहीं होता खाना, जानें कहां...

रांची के जगन्नाथ मंदिर में जादुई किचन, यहां कभी खत्म नहीं होता खाना, हर दिन 1 हजार श्रद्धालु लेते प्रसाद

टीम एबीएन, रांची। रांची में एक ऐसा किचन है जिसे देखकर और इसके बारे में सुनकर आप हैरान रह जाएंगे। लोग इसे जादुई किचन कहते हैं, क्योंकि यहां जितना भी कम खाना बने, वह कभी खत्म नहीं होता।

यहां के लोगों का मानना है कि यह जगन्नाथ भगवान का आशीर्वाद है। ऐसा ही एक किचन पुरी के जगन्नाथ मंदिर में भी है, जहां पर श्रद्धालुओं का खाना कभी खत्म नहीं होता। उसी तरह रांची के जगन्नाथ मंदिर में भी एक किचन है। यहां के रसोइया शिवानंद बताते हैं कि जगन्नाथ मंदिर परिसर में भक्तों को प्रसाद देने के लिए एक बड़ा किचन बना हुआ है। यहां दिन में दो बार प्रसाद बनता है। चावल, दाल, सब्जी और खीर ये चार चीजें बनाई जाती हैं। यहां हर समय 100 से 150 श्रद्धालु खाते हुए नजर आ जायेंगे। दिन में 1000 से अधिक लोग यहां खाना खाते हैं। रसोइया शिवानंद बताते हैं कि खाना एक निश्चित मात्रा में ही बनता है, लेकिन इसके बावजूद आज तक ऐसा नहीं हुआ कि कोई श्रद्धालु बिना प्रसाद के वापस लौटा हो। एक बार भोग सुबह 9 बजे और एक बार 3 बजे बनता है। एक बार में 15 किलो चावल, 10 किलो दाल और 10 किलो खीर बनती है। 

बड़ी शुद्धता के साथ भगवान जगन्नाथ को प्रणाम कर खाना पकाया जाता है। उन्होंने बताया कि यहां का किचन भी काफी पवित्र है। ऐसा नहीं है कि कोई भी अंदर आ जाये। केवल दो से तीन रसोइया ही अंदर जाते हैं। हम सुबह स्नान करके भगवान की पूजा करते हैं और सफेद रंग की धुली हुई धोती पहनते हैं। फिर खाना बनाने से पहले एक बार फिर स्नान करते हैं। कोई भी बाहरी व्यक्ति या मंदिर का अन्य कर्मचारी किचन में प्रवेश नहीं कर सकता। रसोइया शिवानंद बताते हैं कि मैं पिछले 14 साल से इस किचन की जिम्मेदारी संभाल रहा हूं, लेकिन 14 साल में ऐसा कभी नहीं हुआ कि कोई भी श्रद्धालु यहां से खाली हाथ लौटा हो। आश्चर्य की बात यह है कि अंतिम श्रद्धालु के आते-आते खाना भी खत्म हो जाता है और सभी श्रद्धालु संतुष्ट होकर चले जाते हैं। आप भी यहां का भोग प्रसाद पाना चाहते हैं तो हर दिन सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक यहां आ सकते हैं।

Published / 2025-02-14 19:21:53
महाशिवरात्रि से पहले मिल जायेगी मंइयां सम्मान की राशि!

शिवरात्रि से पहले मिल सकती है मंईयां सम्मान योजना की राशि! एक साथ जारी होगी जनवरी और फरवरी की किस्त... जिलों को भेजा गया रिमांइडर

टीम एबीएन, रांची। झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की छठी किस्त को लेकर लाभुकों के बीच छायी हुई मायूसी अब दूर होने वाली है। दरअसल, मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत लाभुकों को जनवरी माह की राशि सभी जिलों से जांच रिपोर्ट आने के बाद मिलेगी। सरल भाषा में कहा जाये तो लाभुकों को जनवरी माह की राशि शिवरात्रि से पहले मिल सकती है। जानकारी के मुताबिक, विभाग जनवरी और फरवरी माह की राशि एक साथ जारी करने को लेकर काम कर रहा है। वहीं अभी कई जिलों में आवेदनों के सत्यापन का कार्य चल ही रहा है।

एक साथ आयेगी मंईयां सम्मान योजना की छठी और 7वीं किस्त!

वहीं, मंईयां सम्मान योजना की राशि को लेकर जिलों को रिमांइडर भेजा गया है। दरअसल, महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग को अभी तक जिलों से जांच रिपोर्ट नहीं मिली है, जिसको लेकर ही जिलों को रिमांइडर भी भेजा गया है। वहीं कहा जा रहा है कि, सभी जिलों से जांच रिपोर्ट आ जाती है तो शिवरात्रि से पहले ही उन लाभार्थियों के खाते में राशि हस्तांतरित हो सकता है, जिनका बैंक खाता आधार से लिंक हो गया है। यहां आपको ये भी बता दें कि, सरकार द्वारा छठी किस्त की राशि के लिए पूरी प्रक्रिया कर ली गयी थी लेकिन, योजना के सत्यापन के लिए चलाया गये अभियान के कारण छठी किस्त में देरी हो रही है। जिसके बाद उम्मीद है कि सरकार छठी और सातवीं किस्त की राशि एक ही साथ सभी महिलाओं के बैंक खाते में सीधे 5000 ट्रांसफर करेगी।

Published / 2025-02-14 19:20:48
देवघर : महाशिवरात्रि पर देखने लायक होगी बाबा की बारात...

  • देवघर में महाशिवरात्रि पर निकलेगी भव्य शिव बारात, जोर-शोर से हो रही तैयारियां

एबीएन न्यूज नेटवर्क, देवघर। देश भर में महाशिवरात्रि को लेकर भारी उत्साह है। सभी शिवालयों में शिव विवाह के आयोजन को लेकर जोर-शोर से तैयारियां चल रही है। वहीं झारखंड के देवघर में हर साल की तरह इस बार भी महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भव्य शिव बारात निकाली जायेगी।

पहली बार पर्यटन विभाग निकालेगा देवघर में शिव बारात मिली जानकारी के अनुसार, बता दें कि वर्ष 1994 से देवघर में शिवरात्रि के अवसर पर शिव बारात निकालने की परंपरा चली आ रही है। पहले यह आयोजन शिवरात्रि महोत्सव समिति के अध्यक्ष राजनारायण खवाड़े और बाद में सांसद निशिकांत दुबे की निगरानी में होता था, लेकिन इस साल पहली बार यह आयोजन झारखंड पर्यटन विभाग की देखरेख में किया जायेगा। वहीं मेले से प्राप्त राजस्व को जिले के विकास कार्यों में खर्च किया जायेगा।

बताया जा रहा है कि देवघर में महाशिवरात्रि को लेकर जोर शोर से तैयारियां करवायी जा रही हैं। इस बार शिव बारात की झांकी में श्रद्धालुओं को 12 ज्योतिर्लिंग के दर्शन करवाये जायेंगे। शिव बारात में कलाकारों द्वारा छउ नृत्य, फोक नृत्य से लेकर कई तरह के कार्यक्रम प्रस्तुत किए जायेंगे। बता दें कि इस साल महाशिवरात्रि फाल्गुन मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि यानी 26 फरवरी 2025 को महाशिवरात्रि का व्रत रखा जायेगा। शिव पुराण के अनुसार इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती के बीच विवाह भी संपन्न हुआ था। लोग पूरे विधि- विधान के साथ शिवालयों में जाकर पूजा करेंगे।

Published / 2025-02-14 19:17:35
पलामू : जनता के बीच पहुंची पलामू प्रशासन, समस्याओं का किया निदान

  • ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली एवं सड़क की समस्या होगी दूर : उपायुक्त
  • उपायुक्त शशि रंजन ने ग्रामीणों से की सीधी बात, किसी तरह की समस्या नहीं होने देने का दिया भरोसा
  • उपायुक्त एवं अन्य प्रशासनिक पदाधिकारियों ने 3 किलोमीटर से अधिक दूरी पैदल चलकर चुनहट वाटर फॉल में पर्यटन की संभावनाओं का? किया आकलन, सड़क की? समस्याओं को भी जाना
  • वृद्धजनों के बीच साड़ी-धोती एवं कंबल का किया गया वितरण
  • पर्यटन के रूप में विकसित होगा चुनहट वाटर फॉल, पर्यटकीय सुविधा का होगा विकास
  • अधिकारियों को अपने बीच पाकर उत्साहित थे ग्रामीण
  • बांसडीह खुर्द पंचायत के कोकाडु (चुनहट) में उपायुक्त ने लगाया जनता दरबार

एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू उपायुक्त शशि रंजन के साथ जिला, अनुमंडल, प्रखंड व अंचल के पदाधिकारी आज बांसडीह खुर्द पंचायत के कोकाडु (चुनहट) गांव पहुंचे। वहां जनता दरबार लगाकर आमजनों की जन समस्याओं को सुना और उसका निदान किया। कई मामलों का त्वरित निष्पादन किया गया। वहीं तत्काल निष्पादन योग्य नहीं रहने वाले मामलों को आगामी कुछ दिनों में निराकरण का भरोसा दिया।

उपायुक्त शशि रंजन द्वारा ग्रामीणों के बीच पहुंचकर जनता दरबार लगाये जाने के इस सकारात्मक प्रयास का स्थानीय लोगों में चर्चा का विषय बना रहा। लोगों ने जिला प्रशासन के इस प्रयास की सराहना करते नजर आये। उपायुक्त सहित अन्य पदाधिकारियों के समक्ष खुलकर अपनी समस्याएं रखी। उपायुक्त ने भी जनता से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को जाना और उसका निदान किया। स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं आमजनों ने गांव में बिजली की समस्याओं को दूर करने संबंधी बातें रखी। उपायुक्त ने बिजली विभाग के अभियंता से बात कर ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि अप्रैल माह तक गांव वासियों को निर्वाध बिजली आपूर्ति होने लगेगी। उन्होंने बिजली विभाग के अभियंता को प्राथमिकता के तहत गांव में बिजली आपूर्ति का निर्देश दिया। वहीं ग्रामीणों ने सड़क की? समस्या से उपायुक्त को अवगत कराया।

 उपायुक्त ने वन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर सड़क की समस्या को दूर करने का भरोसा दिया। ग्रामीणों ने आंगनबाड़ी केंद्र, उलमान 2 को गांव के सीमा क्षेत्र में बनने की बात उठाई। ग्रामीणों ने कहा कि गांव के सीमा क्षेत्र में आंगनबाड़ी का भवन बन रहा है, इसा निर्माण गांव के बीच में कराया जाए, तो बच्चे ज्यादा लाभान्वित होंगे। उपायुक्त ने इसके लिए भरोसा दिया और कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र उनके गांव के बीच में बनाए जाएंगे। वहीं ग्रामीणों की मांग पर उपायुक्त सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को नशा को छोड़ने की अपील की। कहा कि नशा से उनका और उनके परिवार को समस्या होती है। नशा से ग्रामीण को ही नुकसान हो रहा है। सभी को नशा मुक्ति की जानकारी दी गई। जनता दरबार के तहत एक बच्चे को जलने की शिकायत मिली। उपायुक्त ने सिविल सर्जन को बच्चे का तत्काल स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

जनता दरबार के तहत पांच बच्चों का अन्नप्राशन एवं पांच महिलाओं की गोद भराई की रश्म पूरी की गई। इसके अलावा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ दिया गया। वहीं वृद्धजनों के बीच साड़ी-धोती एवं कंबल का वितरण किया गया। साथ ही बच्चों के बीच स्टेशनरी आदि प्रदान किए गए। एक दिव्यांग को व्हील चेयर प्रदान किया गया। समाज कल्याण विभाग की ओर से पोषण प्रदर्शनी लगाया गया। उपायुक्त ने ग्रामीणों से जमीन की समस्याओं की भी जानकारी ली और उसका निदान का भरोसा दिया। पेंशन से संबंधित बातों पर उपायुक्त ने तत्काल पेंशन की प्रक्रिया करने का निदेश दिया।

ग्रामीणों द्वारा चुनहट वाटर फॉल को विकसित किए जाने की मांग को लेकर उपायुक्त सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों ने करीब 3 किलोमीटर से अधिक दूरी पैदल चलकर चुनहट वॉटर फॉल का दीदार किया। साथ ही क्षेत्र में सड़क की समस्याओं से अवगत हुए। उपायुक्त ने सड़क निर्माण का भरोसा दिया। साथ ही पर्यटन के दृष्टिकोण चुनहट वाटर फॉल को विकसित करने एवं यहां पर्यटकीय सुविधा बढ़ाने की बातें कही।

जनता दरबार में अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, सदर अनुमंडल पदाधिकारी सुलोचना मीणा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान, एनडीसी विक्रम कुमार, चैनपुर के अंचल अधिकारी चंद्रशेखर कुणाल सहित जिला एवं प्रखंड के अन्य पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के कर्मीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Page 428 of 1695

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse