झारखंड

View All
Published / 2025-03-05 20:52:37
धनबाद : तेतुलमारी वेस्ट मोदीडीह से बड़े पैमाने पर कोयले की अवैध माइनिंग

एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद/ रांची। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिलाध्यक्ष रत्नेश कुमार ने झारखंड डीजीपी को पत्र लिखकर कहा है कि तेतुलमारी वेस्ट मोदीडीह में कोयला तस्कर सूरज यादव, राजाराम यादव बड़े पैमाने पर अवैध मुहाने बना कर कर रहे हैं। कोयला का अवैध कारोबार से बीसीसीएल और राज्यस्व का काफी नुकसान हो रहा है। लेकिन फिर भी कोयला का अवैध कारोबार नहीं रूक रहा है। 

छापेमारी क्यों नहीं की जा रही है। इसमें सीआईएसएफ की भी मिलीभगत है। कोयला तस्कर मजदूरों से अवैध मुहाने से कोयला निकलवाकर एक जगह जमा करवाते हैं। फिर रात्रि में उसे गाड़ियों में लोड करवाकर मंडियों में भेजा जाता है। उन्होंने अपने स्तर से जांच कराकर कोयला तस्करी पर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है ताकि भ्रष्टाचार पर अंकुश लग सके।

Published / 2025-03-05 20:51:07
अंतरराज्यीय समन्वय से विधि व्यवस्था संधारण में मिलेगी सफलता : उपायुक्त

स्थानीय सर्किट हाउस में अंतरराज्यीय जिला समन्वय समिति की बैठक 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू के स्थानीय सर्किट हाउस में आज अंतरराज्यीय समन्वय समिति की बैठक हुई। इसमें पलामू एवं औरंगाबाद के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं अन्य वरीय पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में आसन्न पर्व-त्योहार, आसन्न नगर निकाय चुनाव, आसन बिहार विधानसभा आम चुनाव, सीमावर्ती क्षेत्रों में मादक पदार्थ, शराब, स्प्रीट, आग्नेयास्त्र आदि प्रतिबंधित सामग्री/वस्तुओं की आवाजाही, नक्सली गतिविधि, ओवरलोड एवं बिना चालान बालू, पत्थर एवं अन्य खनिजों का परिवहन, नक्सली गतिविधियों आदि की रोकथाम को लेकर कड़े कदम उठाते हुए आपसी समन्वय से छापेमारी अभियान चलाकर कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया। 

दोनों जिलों के जिलाधिकारियों द्वारा अंतरराज्यीय समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करने का निर्णय लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को संयुक्त अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने का निदेश दिया गया। दोनों जिलों के सभी संबंधित विभागों एवं सीमावर्ती क्षेत्र के अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी को संयुक्त अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों की रोकथाम तथा संलिप्त व्यक्ति एवं असमाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

झारखंड के पलामू जिले के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक एवं औरंगाबाद जिले जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में संयुक्त अभियान चलायी जायेगी। होली के पूर्व तक अवैध शराब, स्प्रीट को लेकर संयुक्त अभियान चलाकर प्रतिबंध लगाने के लिए सक्रिय व सकारात्मक प्रयास किये जायेंगे।  

पर्व-त्योहारों के मद्देनजर निकलने वाली जुलूस के निर्धारित मार्ग का संयुक्त रूप से सत्यापन करने एवं संवेदनशील स्थानों पर वीडियोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया। इसके लिए अभी से ही सकारात्मक दृष्टिकोण से प्रयास करने हेतु निदेशित किया गया। साथ ही बालू एवं अन्य खनिजों की आवाजाही, माल ढुलाई पर जीएसटी का भुगतान किये जाने संबंधी विशेष रणनीति के तहत कार्य करने की सहमति बनी। 

बैठक में इनकी रही उपस्थिति 

बैठक में पलामू उपायुक्त शशि रंजन, औरंगाबाद के जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री, पलामू की पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन, औरंगाबाद के पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहू, पलामू के वन प्रमंडल पदाधिकारी सत्यम कुमार, औरंगाबाद के वन पदाधिकारी, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार,  छतरपुर अनुमंडल पदाधिकारी आशीष गंगवार, हुसैनाबाद अनुमंडल पदाधिकारी गौरांग महतो, औरंगाबाद के अनुमंडल पदाधिकारी, पलामू एवं औरंगाबाद के परिवहन पदाधिकारी, छतरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मेदिनीनगर सदर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, हुसैनाबाद के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, उत्पाद अधीक्षक, जिला खनन पदाधिकारी सहित सीमावर्ती थानों के थाना प्रभारी आदि उपस्थित रहे।

Published / 2025-03-05 20:50:06
छतरपुर में कैंप कार्यालय 6 को, आमजनों की समस्याएं दूर करेंगे विभागीय अधिकारी

कैंप कार्यालय का अधिकाधिक लाभ उठायें स्थानीय लोग : उपायुक्त 

कैंप कार्यालय से आम लोगों को होगा सीधा लाभ 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। उपायुक्त शशि रंजन की पहल पर पलामू में अनुमंडल स्तर पर कैंप कार्यालय का अधिष्ठापन किया जा रहा है। पहला कैंप कार्यालय हुसैनाबाद अनुमंडल कार्यालय परिसर में 27 फरवरी 2025 को आयोजित किया गया। जबकि दूसरा कैंप कार्यालय 6 मार्च 2025 को छतरपुर अनुमंडल कार्यालय परिसर में आयोजित होगा। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। उपायुक्त शशि रंजन ने कैंप कार्यालय के दौरान जिले के विभिन्न विभागों के सभी पदाधिकारियों को कैंप कार्यालय में पहुंचने का निदेश दिया है। 

उन्होंने कहा है  कि कैंप कार्यालय में लोगों को विभिन्न सेवाएं प्रदान की जाएगी। पदाधिकारी आमलोगों की समस्याएं सुनेंगे एवं उसका त्वरित समाधान करेंगे। त्वरित समाधान योग्य मामले नहीं रहने की स्थिति में निर्धारित समयावधि में समस्याओं का निष्पादन करेंगे और इसके लिए संबंधित व्यक्ति को अवगत करायेंगे। 

उन्होंने कहा कि कैंप कार्यालय के अधिष्ठान से जिला स्तरीय प्रशासनिक पदाधिकारी लोगों के नजदीकी अनुमंडल में ही समस्याएं सुनकर निदान कर रहे हैं। लोग जिला में जाने से बच पा रहे हैं। इससे उनका अर्थ और समय दोनों की बचत हो रही है, जिसका वह अपने उत्थान में उपयोग कर पायेंगे। उन्होंने कहा कि कैंप कार्यालय के दौरान विकास योजनाओं की भी समीक्षा होगी। इससे संबंधित अनुमंडल क्षेत्र के विकास योजनाओं के प्रगति का आकलन होगा। 

वहीं संबंधित विभागों को पदाधिकारियों के क्षेत्र भ्रमण से संचालित योजनाओं का भौतिक सत्यापन हो सकेगा और कमियों को दूर करने एवं विकास कार्यों को गति देने में मदद मिलेगी। विदित हो कि प्रत्येक माह के द्वितीय गुरुवार को छतरपुर अनुमंडल कार्यालय परिसर में कैंप कार्यालय का आयोजन किया जाना है। 

वहीं प्रत्येक माह के चतुर्थ गुरुवार को हुसैनाबाद अनुमंडल कार्यालय परिसर में कैंप कार्यालय अधिष्ठापित होना है। मार्च माह में द्वितीय गुरुवार को अवकाश घोषित है। ऐसे में उपायुक्त के स्तर पर प्रथम गुरूवार को ही कैंप कार्यालय आयोजित किए जाने का निर्णय लिया गया है। इसी के तहत छतरपुर अनुमंडल कार्यालय परिसर में 6 मार्च 2025 को 11 बजे से कैंप कार्यालय अधिष्ठापन की तैयारी की गई है। 

कैंप कार्यालय में कई सेवाएं करायी जायेगी उपलब्ध 

उपायुक्त शशि रंजन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि संबंधित कैंप कार्यालय में पहुंचकर किसी भी सरकारी योजना का लाभ, शिकायत या समस्या का समाधान अवश्य करायें। कैंप कार्यालय में कई सेवाएं उपलब्ध कराई जायेगी। इसमें मुख्य रूप से परियोजनाओं एवं योजनाओं की भूमि चिन्हित, हस्तकत एवं विवाद समाधान किया जायेगा। 

वहीं वन भूमि के बदले अन्य भूमि/ सरकारी भूमि स्थानांतरण, बिजली बिल संबंधी शिकायतों का समाधान, पेयजल समस्याओं का निराकरण किया जायेगा। इसके अलावा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों को लाभान्वित किया जायेगा। 

वहीं इससे संबंधित शिकायतों का त्वरित निष्पादन कर आमजनों को सरकार की योजनाओं से अच्छादित करने का कार्य होगा। उन्होंने कहा कि कैंप कार्यालय के माध्यम से मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना, झारखंड मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना, अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना, अबुआ आवास योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना, किसान क्रेडिट कार्ड योजना, सर्जन पेंशन योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, हरा राशन कार्ड, बिरसा सिंचाई कूप संवर्द्धन योजना, गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड आदि योजनाओं से योग्य लाभुकों को लाभ प्रदान किया जायेगा।

Published / 2025-03-04 21:20:23
नयी दिल्ली में झारखंड का जलवा, झूम रहे लोग

टीम एबीएन, रांची। चार मार्च को दिल्ली में आयोजित लाइन मैन दिवस इवेंट में जेवीएनएल रांची मुख्यालय में पदस्थापित एसडीओ संजय कुमार महतो के नेतृत्व में झारखंड राज्य  का प्रदर्शन  अव्वल रहा। इस अवसर पर झारखंड को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैडल, प्रशस्ति पत्र और मोमेंटों से सम्मानित किया गया। 

उल्लेखनीय है कि  नई दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर में केंद्र सरकार के ऊर्जा मंत्रालय के निर्देश पर चार मार्च को लाइन मेन दिवस मनाया जाना था जिसमे झारखण्ड राज्य से चार सदस्यीय टीम  एसडीओ संजय कुमार महतो के नेतृत्व में दिल्ली गयी थी। 

इस टीम में आरएमसीएच रंची में पदस्थापित लाइन मेन आलोक कुमार सिन्हा, धनबाद एमआरटी में पदस्थापित रंजीत महतो और पीएमसीएच धनबाद में पदस्थापित  थॉमस चांपिया शामिल थे। एसडीओ श्री महतो ने बताया कि इस महत्वपूर्ण इवेंट में पूरे देश के हर राज्य से कम से कम 400 प्रतिभागी शमिल हुए थे, जिसमें झारखण्ड राज्य  का प्रर्दशन अव्वल रहा। 

इस पूरे दौरे पर ऊर्जा मंत्रालय में अवर निदेशक के पद पर पदस्थापित भारतीय प्रशासनिक सेवा के पदाधिकारी  सुमन कुमार  को झारखंड टीम की  देखरेख का जिम्मा दिया गया था। झारखंड का नाम गौरवान्वित करने ने इनका अहम योगदान रहा।

Published / 2025-03-04 21:19:38
विहिप बाल्मीकि के नगर संरक्षक अशोक साहू की मां का निधन, शोक

सैकड़ों नम आंखों ने दी अंतिम विदाई 

टीम एबीएन, रांची। विश्व हिंदू परिषद बाल्मीकि नगर के संरक्षक अशोक साहू की माता शहोदरा देवी की निधन कल संध्या लगभग 9 बजे अपने पैतृक निवास बड़ागाई में हो गया। इनका उम्र लगभग 70 वर्ष था। यह अपने दो पुत्र-पुत्रवधू, दो पुत्री एवं दामाद सहित दर्जनों पोता-पोती एवं सगे संबंधियों को छोड़कर विदाई ली। 

आज उनका अंतिम संस्कार बड़ागांई मुक्तिधाम में पूर्वाह्न 11:30 बजे किया गया। अंतिम संस्कार के लिए मुखाग्नि कनिष्ठ पुत्र रोहित साहू ने दिया। बड़ागांई मुक्तिधाम में विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्र सहमंत्री डॉ वीरेंद्र साहू ने भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए कहा शहोदरा देवी एक सामाजिक एवं धार्मिक महिला थी। 

जिसके असमय निधन हो जाने से समाज एवं गांव को अपूरणीय क्षति हुई है। आज इनका अंतिम विदाई में सैकड़ो आंखें नम थी। अंतिम संस्कार के बाद बड़ागांई मुक्तिधाम में उनके आत्मा के शांति के लिए शांति प्रार्थना की गयी।

Published / 2025-03-04 21:18:40
पलामू में व्यावसायिक खेती को मिलेगा बढ़ावा : डीडीसी

उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू में व्यवसायिक खेती को बढ़ावा देने को लेकर उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद आज अपने कार्यालय वेश्म में कृषि विभाग एवं अन्य संबद्ध विभाग के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने पलामू में विभिन्न प्रकार की हो रही व्यवसायिक खेती की विस्तृत जानकारी ली। साथ ही उन्होंने मल्टीपल फॉर्मिंग के लिए किसानों को प्रेरित करने का निर्देश दिया। 

उन्होंने कहा कि कृषि एवं अन्य संबद्ध विभागों के समन्वय व सामूहिक प्रयास से पलामू कृषि के क्षेत्र में बेहतर कर सकेगा। उन्होंने वन-डिस्ट्रिक्ट वन-प्रोडक्ट की तर्ज पर वन-ब्लॉक वन-प्रोडक्ट को विकसित करने के लिए बेहतर कदम उठाने की दिशा में कार्य करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि किसानों को पारंपरिक खेती से ज्यादा मुनाफा व्यवसायिक खेती में है। 

इसलिए उन्हें जागरूक एवं प्रेरित करते हुए आवश्क सुविधा प्रदान किये जाने की आवश्कता है। उपविकास आयुक्त ने कलस्टर स्तर पर खेती को बढ़ावा दिये जाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि कलस्टर स्तर पर खेती को बढ़ावा मिलने से किसानों को आसानी से बाजार उपलब्ध हो सकेगा। साथ ही कृषि उत्पादन का बेहतर मुनाफा मिल सकेगा। 

उन्होंने जिला कृषि पदाधिकारी, जिला गव्य विकास पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, उद्यान पदाधिकारी आदि कृषि विभाग से संबद्ध अन्य विभागों के पदाधिकारियों को अपने स्तर से संबद्ध किसानों का डेटा-बेस तैयार करने एवं किसानों का रजिस्ट्रेशन कराने निर्देश दिया। साथ ही सरकार की योजनाओं से अच्छादित करने का निर्देश दिया। 

उन्होंने कहा कि कौन-कौन से किसान किस खेती से जुड़े हैं, उनका डेटा-बेस तैयार होने से व्यवसायिक खेती को बढ़ावा देने में सहुलियत होगी। उप विकास आयुक्त ने पलामू के किसानों द्वारा स्ट्रॉबेरी, अमरूद, ड्रैगन फ्रूट, संतरा, आम, मौसंबी आदि की खेती किये जाने की जानकारी प्राप्त करते हुए उनके मुनाफे का आकलन करने का निर्देश दिया।  

बैठक में जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला गव्य विकास पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी ,जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी,  क्षेत्रीय अनुसंधान केन्द्र, चियांकी के वरिष्ठ वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक, जेएसएलपीएस के डीपीएम, एलडीएम सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Published / 2025-03-04 19:04:35
पलामू : जेल में मृत मिला सजायाफ्ता

आजीवन कारावास की सजा काट रहा कैदी झारखंड जेल में पाया गया मृत, मर्डर केस में था आरोपी 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। झारखंड के मेदिनीनगर केंद्रीय कारागार में आजीवन कारावास की सजा काट रहा 34 वर्षीय एक कैदी मंगलवार को सुबह मृत पाया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि शबीर अंसारी नामक कैदी का शव उसकी बैरक से सटे बाथरूम में मिला। 

जेलर आशीष कुमार सिन्हा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया है। जेलर ने कहा कि जांच शुरू कर दी गयी है। अंसारी गढ़वा जिले के रमना का निवासी था और 2023 से आजीवन कारावास की सजा काट रहा था।

Published / 2025-03-04 19:00:58
बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन को बढ़ावा : संजय सर्राफ

टीम एबीएन, रांची। झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के प्रांतीय प्रवक्ता सह रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त महामंत्री संजय सर्राफ ने कहा है कि झारखंड सरकार द्वारा पेश की गई आम बजट अगर बजट की सारी अनुशंसाएं पूर्ण रूप से लागू हो जाती है तो यह बजट आर्थिक विकास और सामाजिक कल्याण के संतुलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। 

बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन में बढ़ावा देना, महिलाओं की उन्नति के लिए कई योजनाएं, तथा इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट, टूरिज्म डेवलपमेंट, झारखंड स्टूडेंट रिसर्च इनोवेशन पॉलिसी के प्रस्ताव को लागू करने से युवाओं को शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में अवसर मिलेंगे। 

स्टेट टेक्नोलॉजी पार्क की अनुसंधान, नवाचार नीति व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विश्वविद्यालय तीन जिलों में तकनीकी यूनिवर्सिटी, 7 जिलों में मेडिकल कॉलेज खोलने तथा वाल्मीकि छात्रवृत्ति योजना एक अच्छा पहल है। 

बजट में नए निवेश और औद्योगिक क्षेत्र में इंफ्रा डेवलपमेंट का प्रावधान करना, राज्य में नये निवेश, रोजगार सृजन, पर्यटन विकास की दिशा में योजनाओं को क्रियान्वित कराने का उद्देश्य स्वागतयोग्य है। आगामी वर्ष में 20 हजार करोड़ रुपये के निवेश की बात कही गयी है।

Page 416 of 1695

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse