झारखंड

View All
Published / 2025-03-06 20:49:11
झारखण्ड : 2-3 डिग्री गिरेगा पारा, बारिश के भी आसार

  • झारखंड में बदलेगा मौसम, इस दिन से फिर बढ़ेगी ठंड
  • क्या बारिश के भी हैं आसार?

टीम एबीएन, रांची। उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी और बारिश का असर झारखंड में भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार होली से पहले झारखंड के मौसम में परिवर्तन की संभावना है। 

इस दौरान अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। जिससे राज्य के विभिन्न हिस्सों में ठंड बढ़ेगी। मौसम विभाग की मानें तो इस दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम शुष्क रहेगा लेकिन आसमान में बादल छाएं रहेंगे। जिससे ठंड महसूस होगी।

Published / 2025-03-06 20:42:57
बाबूलाल बने भाजपा विधायक दल के नेता, होंगे नेता प्रतिपक्ष

  • बाबूलाल मरांडी सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल के नेता चुने गये

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष होंगे। गुरुवार को केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में बाबूलाल मरांडी को भाजपा विधायक दल का नेता चुन लिया गया। केंद्रीय पर्यवेक्षक भूपेंद्र यादव ने इसकी घोषणा की। 

भूपेंद्र यादव ने सर्वसम्मति से बाबूलाल मरांडी को भाजपा विधायक दल का नेता घोषित किया। उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी ने झारखंड के गरीबों के जीवन में परिवर्तन लाने के लिए लंबा संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार की विकास योजनाओं को उनके नेतृत्व में झारखंड के विधायक उन्हें धरातल पर उतारने में अपनी भूमिका निभायेंगे।

सबसे पहले केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर बाबूलाल मरांडी का अभिनंदन किया। इसके बाद लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने फूलों का गुलदस्ता देकर उनका अभिनंदन किया। फिर बारी-बारी से भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें फूलों की माला और गुलदस्ता भेंट की। पार्टी के विधायकों ने भी बाबूलाल मरांडी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Published / 2025-03-06 20:28:22
कैंप कार्यालय का अच्छा अनुभव, लोग हो रहे लाभान्वित : उपायुक्त

  • छतरपुर अनुमंडल भवन में संचालित हुआ कैंप कार्यालय, 450 से अधिक आवेदन हुए प्राप्त, स्थानीय लोगों ने रखी समस्याएं
  • कैंप कार्यालय में लगी रही फरियादियों की भीड़, उपायुक्त ने खुद लोगों की समस्याओं का किया निराकरण

एबीएन न्यूज नेटवर्क, छतरपुर/मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू उपायुक्त शशि रंजन की पहल पर आज जिला प्रशासन का कैंप कार्यालय छतरपुर अनुमंडल कार्यालय भवन में अधिष्ठापन किया गया। कैंप कार्यालय को लेकर अनुमंडल कार्यालय भवन में दिन भर गमगहमी रही। स्थानीय लोग उत्साह पूर्वक इस कैंप में पहुंचे और पदाधिकारियों के समक्ष खुलकर अपनी समस्याएं रखी। 

कैंप कार्यालय के अंतर्गत जिले के सभी विभागों के पदाधिकारी अपने-अपने कार्यालय स्थापित कर ग्रामीणों की आवेदन प्राप्त की। उनकी समस्याओं से अवगत होते हुए उसका निदान हेतु पहल किया।  कैंप कार्यालय में फरियादियों की भीड़ लगी रही। उपायुक्त शशि रंजन ने खुद 80 से अधिक आवेदनों को प्राप्त कर लोगों की समस्याओं से अवगत हुए और उसका निदान हेतु संबंधित पदाधिकारी को निर्देशित किया। 

कैंप कार्यालय के दौरान 450 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त शशि रंजन ने कहा कि कैंप कार्यालय का अच्छा अनुभव रहा है। प्रथम पाली में लोगों की समस्याओं से अवगत होते हुए पदाधिकारी क्षेत्र भ्रमण कर संचालित योजनाओं एवं गतिविधियों को देखा। उसकी अद्यतन स्थिति से अवगत हुए। कमियों को दूर करने हेतु ठोस पहल की जा रही है। वहीं दिन के दूसरी पहर भी ग्रामीणों की समस्या सुनी जा रही है, और उसका निदान का प्रयास हो रहा है ।

इसके अलावा उपायुक्त की अध्यक्षता में ही दिनभर की गतिविधियों की समीक्षा की गई, ताकि विकास कार्यों को गति मिल सके। उपायुक्त ने कहा कि विकासात्मक कार्यों के लिए भूमि चिन्हित करने की कार्रवाई भी हो रही है। उन्होंने कहा कि कैंप कार्यालय का अच्छा अनुभव रहा है। लोगों के सकारात्मक फीडबैक भी प्राप्त हो रहे हैं। कैंप कार्यालय का सीधा लाभ आमजनों को मिल रहा है। उन्होंने स्थानीय लोगों से कैंप कार्यालय का अधिकाधिक लाभ उठाने का अपील की है। 

उपायुक्त ने विभिन्न विभागों द्वारा स्थापित किए गये कार्यालय का निरीक्षण कर कार्य निष्पादन की गतिविधियों की जानकारी ली। वहीं उपायुक्त ने अनुमंडल कार्यालय भवन के विभिन्न शाखाओं का भी निरीक्षण कर व्यवस्थित रूप से दस्तावेजों एवं संचिकाओं का रखरखाव करने, पुरानी आलमारी को कंडम घोषित करने आदि का निदेश दिया।

कैंप कार्यालय में विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी आमजनों से उनकी समस्याएं सुनी और उसका निष्पादन किया। उपायुक्त खुद एक-एक कर 80 से अधिक लोगों से मिले। उनकी समस्याओं को सुना और उनके आवेदन पत्र प्राप्त कर संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को स्थानांतरित किया। कई मामलों में अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण कर शिकायत संबंधित आवेदन के आलोक में स्थल का भौतिक सत्यापन कर यथोचित लाभ पहुंचाने का निर्देश दिया। 

उपायुक्त के कैंप कार्यालय में डाली गांव निवासी लल्लू राम ने अबुआ आवास में मजदूरी भुगतान के संबंध में आवेदन दिया। इस पर उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को इसका सत्यापन कर मजदुरी भुगतान हेतु निदेश दिया। छतरपुर निवासी अजय कुमार ने  अपनी भूमि का लगान निर्धारण कर खतियानी रैयत के नाम से सरकारी रसीद निर्गत करने का अनुरोध किया। बारा निवासी विजय प्रजापति ने झार सेवा के साइट पर ऑनलाइन खतियान दर्ज कर लगान रसीद निर्गत करने की मांग की।  

अभिषेक कुमार ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र हेतु आवेदन दिया। नवडीहा खजुरी के खेन्द्रा निवासी वीरेंद्र कुमार सिंह ने बंदोबस्त भूमि पर सिंचाई टंकी निर्माण करने के संबंध में आपत्ति जताते हुए सिंचाई टंकी के निर्माण कार्य पर रोक लगाने संबंधी आवेदन दिए। कपिल देव यादव ने मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना अंतर्गत ऋण उपलब्ध करने का अनुरोध किया। इसके अलावा 450 से अधिक स्थानीय लोगों ने कैंप कार्यालय में आवेदन देकर योजनाओं का लाभ लेने हेतु अनुरोध किया। 

कैंप कार्यालय में अन्य कई सेवाएं उपलब्ध कराई गई। इसमें मुख्य रूप से परियोजनाओं एवं योजनाओं की भूमि चिन्हित, हस्तकत एवं विवाद समाधान किया गया। वहीं वन भूमि के बदले अन्य भूमि/ सरकारी भूमि स्थानांतरण, बिजली बिल संबंधी शिकायतों का समाधान, पेयजल समस्याओं का निराकरण किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना, झारखंड मुख्यमंत्री मंईया सम्मान योजना, अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना, अबुआ आवास योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना, किसान क्रेडिट कार्ड योजना, सर्जन पेंशन योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, हरा राशन कार्ड, बिरसा सिंचाई कूप संवर्द्धन योजना आदि योजनाओं से योग्य लाभुकों को लाभान्वित किए जाने की पहल की गई। 

उपायुक्त सहित अन्य पदाधिकारियों ने कई मामलों का त्वरित निष्पादन किया गया। साथ ही कई मामलों को निर्धारित अवधि में निदान का भरोसा दिलाया। कैंप कार्यालय में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मीगण एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Published / 2025-03-06 20:22:35
सिर्फ मुख्यालय में नहीं रहें पदाधिकारी, क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं की लें जानकारी: उपायुक्त

  • पदाधिकारी क्षेत्र में कैंप लगाकर अपने विभाग से संबंधित समस्याओं का करें निदान
  • तालाब या अन्य जलाशयों के किनारे बसे आदिम जनजाति गांवों की सूची होगी तैयार, मछली पालन की दिशा में बनेगा कार्ययोजना
  • छतरपुर में आयोजित कैंप कार्यालय के दौरान उपायुक्त ने विभागीय पदाधिकारियों के साथ की बैठक
  • उपायुक्त ने स्कूल भवन का भी किया निरीक्षण

एबीएन न्यूज नेटवर्क, छतरपुर/मेदिनीनगर (पलामू)। उपायुक्त शशि रंजन ने कहा कि पदाधिकारी सिर्फ मुख्यालय में नहीं रहें। क्षेत्र भ्रमण कर संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन एवं चल रही गतिविधियों की जानकारी प्राप्त करें और कार्य प्रगति में सकारात्मक भूमिका निभाएं। साथ ही सभी विभागीय पदाधिकारी क्षेत्र में कैंप लगाकर अपने-अपने विभाग से संबंधित समस्याओं को सुनें और उसका निष्पादन कर योग्य लाभुकों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करना सुनिश्चित करें। इसके अलावा सभी पदाधिकारी अपने विभाग से संबंधित पुरानी गाड़ी की सूची तैयार कर कंडम घोषित कराने के लिए जिला परिवहन पदाधिकारी को पत्र सौंपेंगे। उपायुक्त छतरपुर अनुमंडल कार्यालय भवन में आयोजित कैंप कार्यालय के दौरान अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए उक्त निर्देश दिये।

उपायुक्त ने कहा कि सेवा के अधिकार अधिनियम के तहत तय समय तक सेवा नहीं उपलब्ध कराने वाले पदाधिकारी एवं कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उनपर जुर्माना लगाया जाएगा और जुमाने की राशि संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी के वेतन से कोषागार द्वारा कटौती की जाएगी।

उपायुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों से कैंप कार्यालय के दौरान क्षेत्र भ्रमण की जानकारी ली और कमियों से अवगत हुए। उन्होंने विभागीय समन्वय से कमियों को दूर करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर आम जनता को समस्या नहीं होनी चाहिए। उपायुक्त ने कैंप कार्यालय के दौरान प्राप्त आवेदनों को हाथों-हाथ संबंधित पदाधिकारियों को सौंपते हुए ठोस पहल करते हुए कार्य प्रगति से अवगत कराने का निर्देश दिया।

बटाने डैम में केज कल्चर विकसित करने की कार्ययोजना होगी तैयार

उपायुक्त ने मत्स्य विभाग की समीक्षा करते हुए बटाने डैम में केज कल्चर विकसित करते हुए मत्स्य पालन की दिशा में कार्य योजना तैयार करने का निर्देश दिया। साथ ही तालाब या अन्य जलाशयों के किनारे स्थित आदिम जनजाति गांवों की सूची तैयार कर मछलीपालन के लिए कार्य योजना तैयार करने का निर्देश दिया। साथ ही लाभुक समिति का गठन कर आदिम जनजाति परिवार के सदस्यों को मछली पालन हेतु प्रेरित करने का निर्देश दिया।

छतरपुर में बस स्टैंड के लिए चिन्हित होगी भूमि, सर्किट हाउस भी बनाने की होगी पहल

छतरपुर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी द्वारा नगर परिषद क्षेत्र में चल रही योजनाओं की जानकारी दी। उपायुक्त ने छतरपुर में बस स्टैंड के लिए स्थल चिन्हित करने का निर्देश दिया। साथ ही हरिहरगंज बाजार में सड़क जाम से निजात दिलाने के लिए सड़क पर स्थित कुछ पोल को किनारे शिफ्ट करने का निर्देश दिया, ताकि सड़क जाम से निजात मिल सके।‌ उपायुक्त ने छतरपुर अनुमंडल क्षेत्र में सर्किट हाउस बनाने हेतु आवश्यक पहल करने का निदेश दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि पुस्तकालय भवन का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराया जाए।

स्कूल भवन की गुणवत्ता पर ग्रामीणों ने उठाई सवाल, उपायुक्त ने गठित की कमेटी

उपायुक्त के समक्ष स्थानीय ग्रामीणों ने स्तरोन्नत उच्च विद्यालय, सिलदाग के भवन की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की। बैठक में उपायुक्त ने स्कूल भवन की गुणवत्ता की जांच करने के लिए कमेटी बनाई है। कमेटी विद्यालय की गुणवत्ता की जांच करेगी और इसके बनने में लगे लागत को संवेदक से वसूली करने की कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त शशि रंजन ने खुद भी विद्यालय का निरीक्षण किया एवं उसके भवन को देखा। स्कूल भवन तक पहुंच पथ भी नहीं बनी पाई गई। ग्रामीणों ने उपायुक्त को अवगत कराया कि यह विद्यालय कुछ माह पूर्व ही बनी है।

नियम का उल्लंघन करने वाले  क्रशर का लाइसेंस होगा रद्द

उपायुक्त ने बैठक में जिला खनन पदाधिकारी द्वारा क्षेत्र भ्रमण के  स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कैंप कार्यालय के दौरान आज वे 13 क्रशर की जांच की। कुछ में गड़बड़ियां पाई गई है। उपायुक्त ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नियम का उल्लंघन करने वाले क्रशर का लाइसेंस रद्द किए जाने की कार्रवाई करने का निर्देश दिया।  

उपायुक्त ने मुख्य रूप से गव्य विकास विभाग, कृषि विभाग, उद्यान विभाग, पशुपालन विभाग, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग, कल्याण विभाग, आपूर्ति विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा की।

बैठक में उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद, अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, छतरपुर अनुमंडल पदाधिकारी आशीष गंगवार सहित जिला, अनुमंडल, प्रखंड तथा अंचल के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Published / 2025-03-06 20:16:05
पलामू : कैंप कार्यालय के दौरान उपायुक्त ने क्षेत्र भ्रमण कर जाना योजनाओं के क्रियान्वयन की हकीकत

  • आदिम जनजाति बहुल गांव डुन्डुर पहुंचे उपायुक्त, स्कूल एवं फैसिलिटी भवन का किया निरीक्षण
  • विद्यार्थियों को किया प्रोत्साहित, पांचवीं कक्षा में अध्ययनरत छात्रा को कस्तूरबा विद्यालय में नामांकन का निर्देश
  • राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, डुन्डुर के विद्यार्थियों के बीच स्टेशनरी व कॉपी का किया वितरण
  • आदिम जनजाति परहिया परिवार के सदस्यों से की बात, धोती साड़ी का हुआ वितरण
  • उपायुक्त ने मध्याह्न भोजन खाकर उसकी गुणवत्ता की जांच की

एबीएन न्यूज नेटवर्क, छतरपुर/डुन्डुर/मेदिनीनगर (पलामू)। छतरपुर अनुमंडल कार्यालय परिसर में आज आयोजित कैंप कार्यालय के दौरान उपायुक्त शशि रंजन क्षेत्र भ्रमण कर सरकार की ओर से संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन की हकिकत को जाना। उपायुक्त आदिम जनजाति बहुल डुन्डुर गांव पहुंचे। टेढ़े-मेढ़े, पक्की-कच्ची सड़क को पार पर उपायुक्त राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय डुन्डुर का निरीक्षण किया। 

इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत की और उन्हें पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित किया। इतना ही नहीं उपायुक्त ने पांचवी कक्षा में अध्यनरत अनुप्रिया कुमारी को उनके पढ़ाई के प्रति जज्बे को देखकर कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में नामांकन हेतु संबंधित पदाधिकारी को निर्देशित किया। 

उन्होंने छात्रा के अभिभावक किसान विनय यादव से भी बातचीत कर अनुप्रिया का नामांकन कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में कराने व बच्चों की पढ़ाई को अहमियत देने की सलाह दी। उपायुक्त ने छात्राओं से गुणा एवं पहाड़ा पूछा। उनसे ब्लैक बोर्ड पर लिखवाकर पढ़ाई में उनकी रूचि का आकलन किया। 

उन्होंने छात्राओं को कॉपी, पेंशिल आदि स्टेशनरी एवं टॉफी का वितरण कर उन्हें पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित किया। उपायुक्त ने स्कूल में अध्यापन कार्य कर रहे शिक्षक से विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं अनुपस्थिति संबंधी जानकारी ली। उपायुक्त ने मध्याह्न भोजन खाकर उसकी गुणवत्ता की जांच की।

इसके अलावा उपायुक्त ने विद्यालय परिसर में एकत्र आदिम जनजाति परिवार के सदस्यों से उनकी समस्याओं से अवगत हुए। उन्हें मिलने वाले आवास, खाद्यान्न/राशन आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि आदिम जनजाति परिवार के सदस्यों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से शत प्रतिशत अच्छादित करना सुनिश्चित करें।

उपायुक्त ने आदिम जनजातियों परिवार के लिए बने फैसिलिटी भवन का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति से अवगत हुए। साथ ही फैसिलिटी भवन को मेंटनेंस में रखते हुए उसका लाभ लेने की अपील की।

विदित हो कि डुन्डुर गांव में आदिम जनजाति (परहिया) परिवार के करीब 50 घर हैं और 63 राशन कार्डधारी हैं। परहिया परिवार के सदस्यों ने उपायुक्त को बताया कि उन्हें नियमित राशन मिलता है और प्रशासन की ओर से बीच-बीच में उनकी हालचाल भी दी जाती है। समस्या होने पर सहयोग मिलता रहा है।

उपायुक्त के निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, छतरपुर अनुमंडल पदाधिकारी आशीष गंगवार, प्रमुख उर्मिला कुमारी, आपूर्ति पदाधिकारी प्रीति किस्कू सहित अन्य वरीय पदाधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Published / 2025-03-06 18:20:23
फाल्गुन माह में श्री श्याम प्रभु की पूजा अर्चना का विशेष महत्व

  • श्याम प्रभु के आशीर्वाद से भक्तों के जीवन में सुख- शांति, समृद्धि का होता है वास : संजय सर्राफ

टीम एबीएन, रांची। श्री श्याम ध्वजा पदयात्रा समिति के प्रवक्ता सह रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त महामंत्री संजय सर्राफ ने कहा है कि फाल्गुन माह में श्री श्याम प्रभु की पूजा अर्चना का विशेष महत्व होता है। 

फाल्गुन माह की शुक्ल पक्ष की एकादशी भगवान श्री कृष्ण के भक्तों के लिए अत्यंत पवित्र एवं मंगलमय होता है। क्योंकि यह दिन श्याम प्रभु की उपासना का एक महत्त्वपूर्ण अवसर होता है। फाल्गुन माह की शुक्ल एकादशी 10 मार्च को है इस दिन को श्याम एकादशी भी कहा जाता है,और इस दिन भक्त श्री श्याम प्रभु की विशेष पूजा-अर्चना करते हैं। 

भक्तों में विशेष श्रद्धा देखने को मिलती है,क्योंकि श्याम प्रभु की कृपा पाने के लिए यह एक अत्यंत उत्तम समय होता है। जो अपने जीवन में किसी प्रकार की कठिनाई, मानसिक तनाव या आर्थिक समस्या से जूझ रहे होते हैं। श्री श्याम प्रभु की पूजा करने से सभी कष्टों का निवारण होता है और भक्तों के जीवन में सुख- शांति का वास होता है। श्री खाटू श्याम प्रभु भगवान श्री कृष्ण के अवतार माने जाते हैं। उनकी पूजा विशेष रूप से राजस्थान के खाटू धाम में की जाती है, जो श्री श्याम के प्रमुख तीर्थ स्थलों में से एक है। 

देश के सभी श्री श्याम मंदिरों में श्री श्याम जी के उत्सव उल्लास पूर्वक मनाया जाता है खाटू श्याम का जन्म कंस वध के बाद हुआ था,जब कंस के अत्याचारों से बचने के लिए यदुवंशी श्री कृष्ण ने कंस का वध किया था। इसके बाद, श्री कृष्ण ने खाटू में प्रकट होकर वहाँ के ब्राह्मणों के साथ दिव्य उपस्थिति दर्ज कराई, जो आज तक खाटू में दर्शन के रूप में उनकी महिमा को प्रमाणित करती है। कहा जाता है कि खाटू श्याम के दर्शन करने से व्यक्ति के जीवन के समस्त दुःख-दर्द दूर हो जाते हैं, और उसकी सभी इच्छाएँ पूरी होती हैं। 

श्याम प्रभु अपने भक्तों से असीम प्रेम करते हैं और उनकी हर समस्या का समाधान अपने चरणों में देते हैं। वे श्री कृष्ण के रूप में भक्तों की मनोकामनाओं को पूरी करने वाले और उनकी रक्षा करने वाले माने जाते हैं। फाल्गुन माह मे शुक्ल एकादशी के दिन खाटू श्री श्याम के सभी मंदिरो में विशेष पूजा-अर्चना और भजन- कीर्तन का आयोजन होता है।

श्री श्याम के प्रति श्रद्धा रखने वाले भक्त यह मानते हैं कि जो भी इस दिन सच्चे मन से श्याम बाबा का ध्यान करता है, उसकी हर मनोकामना पूरी होती है और उसे जीवन में सुख-समृद्धि का अनुभव होता है यह दिन भक्तों के लिए श्री श्याम प्रभु की भक्ति जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाती है, और उनके आशीर्वाद से भक्तों के जीवन में समृद्धि और आशीर्वाद का वास होता है। 

इस दिन लगाएं खाटू श्याम जी के चरणों में अपनी अरदास, हर परेशानी का निकलेगा हल ऐसा माना जाता है कि खाटू श्याम जी हारे हुए व्यक्ति का सहारा बनाकर उसे दुखों से उभारते हैं। इन्हें तीन बाण धारी हारे का सहारा शीश का दानी और लख्तादार भी कहा जाता है। तथा हारे का सहारा कहलाते हैं माना जाता है कि जो भी भक्त बाबा के चरणों में पूरे श्रद्धाभाव से अपनी मनोकामना लेकर पहुंचता है वह जरूर पूरी होती है। 

राजस्थान के सीकर मे स्थित खाटू श्री श्याम मंदिर सहित देश के सभी खाटू श्याम मंदिरों की मान्यता काफी बढ़ी है। रोजाना हजारों की संख्या में भक्त यहां दर्शन करने पहुंचते हैं। तथा कुछ खास मौकों पर तो बाबा के दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है। खाटू श्याम जी की कथा महाभारत युद्ध से जुड़ी हुई है। 

असल में भीम के पौत्र और घटोत्कच के पुत्र बर्बरीक हैं। कई मान्यताओं के अनुसार उन्हें भगवान कृष्ण का कलयुगी अवतार भी माना जाता है। कथा के अनुसार, बर्बरीक भी महाभारत के युद्ध में भाग लेना चाहते थे। तब उनकी माता ने उन्हें यह कहते हुए युद्ध में जाने की अनुमति दी कि, तुम हारे का सहारा बनना‌। 

भगवान श्रीकृष्ण जानते थे कि बर्बरीक जिस तरफ से युद्ध लड़ेंगे वही पक्ष युद्ध जीत जाएगा। वहीं कौरव हारने की स्थिति में थे। इसलिए भगवान कृष्ण ने एक ब्राह्मण का रूप धारण कर बर्बरीक से उनका शीश, दान के रूप में मांग लिया। बाद में बर्बरीक जी का बलिदान देखकर भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें कलयुग में स्वयं के नाम से पूजे जाने का आशीर्वाद दिया। इसलिए आज बर्बरीक जी खाटू श्याम के नाम से प्रसिद्ध है।

Published / 2025-03-05 22:47:36
हेमंत कैबिनेट की बैठक 12 को

  • हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में 12 मार्च को होगी झारखंड कैबिनेट की बैठक

टीम एबीएन, रांची। झारखंड कैबिनेट की बैठक अगले सप्ताह होगी। बुधवार (12 मार्च 2025) को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में कैबिनेट की बैठक झारखंड मंत्रालय (प्रोजेक्ट भवन) के मंत्रिपरिषद कक्ष में होगी।

मंत्रिपरिषद की बैठक सुबह 11 बजे से होगी। मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) ने बुधवार (5 मार्च 2025) को यह सूचना दी है। कैबिनेट की बैठक में कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी जायेगी।

Published / 2025-03-05 21:02:37
झारखंड को जल्द मिलेगा नेता प्रतिपक्ष

भाजपा ने भूपेंद्र यादव और के लक्ष्मण नियुक्त किया पर्यवेक्षक 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार के गठन के करीब तीन महीने बाद राज्य को नेता प्रतिपक्ष अब जल्द मिल जायेगा। झारखंड विधानसभा में बीजेपी विधायक दल का नेता चुनने के लिए भूपेंद्र यादव और के लक्ष्मण को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। सूत्रों के मुताबिक झारखंड के लिए नियुक्त किये गये पर्यवेक्षक गुरुवार को रांची जा सकते हैं। 

झारखंड भाजपा विधायक दल की बैठक के लिए भूपेंद्र यादव और के लक्ष्मण रांची जायेंगे। बताया जा रहा है कि गुरुवार (06 मार्च) शाम को विधायक दल की बैठक हो सकती है। इसमें चर्चा के बाद विधायक दल के नेता का चयन किया जायेगा। 

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने की घोषणा 

मौजूद समय में भूपेंद्र यादव केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में वन और पर्यावरण मंत्री हैं। वहीं, डॉ के लक्ष्मण ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं और सांसद भी हैं। इस संबंध में बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने घोषणा की है। इस बारे में प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस बारे में जानकारी दी गयी है। 

बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए मुख्य विपक्षी दल 

अरुण सिंह ने एक बयान में कहा कि बीजेपी के संसदीय बोर्ड ने झारखंड विधानसभा में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और पार्टी के ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद के लक्ष्मण को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। झारखंड में विधानसभा चुनाव पिछले साल नवंबर में हुए थे। बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए प्रदेश में मुख्य विपक्षी दल है। 

उधर, झारखंड विधानसभा में बुधवार (05 मार्च) को राज्य बजट पर वाद-विवाद के बीच प्रमुख विपक्षी दल बीजेपी के विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया। इसके बाद भाजपा के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने सदन के बाहर मीडिया से बात करते हुए स्पीकर रबींद्रनाथ महतो पर विपक्ष के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि स्पीकर मनमाने तरीके से सदन चलाना चाहते हैं।

Page 415 of 1695

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse