झारखंड

View All
Published / 2025-03-08 22:12:38
जेएलकेएम ने ईईएफ मैदान में मनाया अंतराष्ट्रीय महिला दिवस

जयराम और देवेंद्रनाथ महतो ने महिला सशक्तिकरण पर प्रकाश डाला 

टीम एबीएन, रांची। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस राज्य भर में बड़ा ही धूमधाम से मनाया गया। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा द्वारा आज शनिवार को टाटीसिलवे ईईएफ मैदान में सभा संपन्न किया गया। सभा में भारी भीड़ और जोश देखने को मिला। महिलाओं के हक अधिकार और मजबूती का संकल्प लिया गया।

मैदान में विभिन्न खेलकूद व क्षेत्रीय सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। सभा के मुख्य अतिथि डूंमरी विधायक जयराम महतो ने संबोधन करते हुए कहा कि राज्य में महिला सशक्तिकरण अति आवश्यक है। नारी शक्ति के साथ ही हम अपने संगठन और राज्य को मजबूत कर सकते हैं। नारी को सम्मान और आरक्षण मिलना चाहिए। 

वही विशिष्ट अतिथि में पहुंचे संगठन के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्रनाथ महतो ने कहा कि झारखंड के ऐतिहासिक आंदोलन में महिलाओं का अहम योगदान रहा है। वर्तमान नवनिर्माण झारखंड में भी महिलाओं को अपने हक अधिकार के लिए आगे बढ़ना होगा।   

वही सभा संयोजक मोहरी देवी ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य रूप से दमयंती मुंडा, बेबी कुमारी, मोहरी देवी,पार्वती कुमारी, आलोक उरांव,जलेश्वर मार्शल, अयुब अलि, विमल महतो, रुपेश विराठ, सुमित खतियाणी, जितेंद्र महतो आदि पदाधिकारी सक्रिय रहे।

Published / 2025-03-08 22:07:23
महिलाओं का आदर सम्मान हर हाल में होना ही चाहिए : डॉ दीपक प्रसाद

टीम एबीएन, गुमला। झारखंड कला सांस्कृतिक शोध संस्थान, रंगमंडल एवं नाट्य अकादमी के तत्वावधान में कार्तिक उरांव महाविद्यालय, शिक्षा संकाय के प्रांगण में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रशिक्षु शिक्षणार्थियों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व, इसके उद्देश्यों और समाज में महिलाओं के प्रति सम्मानजनक दृष्टिकोण के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी गई। 

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, झारखंड कला सांस्कृतिक शोध संस्थान के महासचिव, प्रख्यात साहित्यकार, रंगकर्मी एवं प्राध्यापक डॉ दीपक प्रसाद ने अपने ज्ञानवर्धक विचारों से सभी प्रशिक्षार्थियों को लाभान्वित किया। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, समाज में महिलाओं की भूमिका और उनके प्रति आदरभाव रखने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। 

इस अवसर पर प्रशिक्षुओं को बताया गया कि महिलाओं के प्रति सकारात्मक व्यवहार अपनाने और लैंगिक समानता को प्रोत्साहित करने से ही समाज में वास्तविक परिवर्तन लाया जा सकता है। कार्यक्रम में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और संवाद सत्रों के माध्यम से महिलाओं की उपलब्धियों और अधिकारों पर प्रकाश डाला गया। 

संस्थान के सभी सदस्यों एवं उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस आयोजन ने न केवल महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया, बल्कि समाज को एक नयी दिशा देने की प्रेरणा भी प्रदान की।

Published / 2025-03-08 22:05:46
झारखंड : अगले पांच दिनों में बढ़ने वाली है गर्मी

जानें अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में गर्मी बढ़ने वाली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम केंद्र रांची ने यह जानकारी दी है। मौसम केंद्र ने कहा है कि झारखंड में जल्द ही मौसम करवट लेने वाला है। अब तक लोगों को सुबह-शाम ठंड लग रही थी। दिन में गर्मी थी। अब तापमान में बढ़ोतरी होने वाली है, जिससे मौसम बदल जायेगा। मौसम केंद्र के मुताबिक, अगले 5 दिन में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी, जिससे झारखंड में गर्मी बढ़ेगी। 

मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि झारखंड में कई दिनों से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कभी गिरावट आ रही थी, तो कभी बढ़ोतरी हो रही थी। रविवार 9 मार्च 2025 को राज्य के दक्षिणी हिस्से में आंशिक बादल छाये रहेंगे। हालांकि, राज्य के अन्य हिस्सों में आसमान साफ रहेगा। मौसम शुष्क बना रहेगा। 

सोमवार 10 मार्च 2025 को राज्य के दक्षिणी (सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा), मध्य (रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी और रामगढ़) और उत्तर-पूर्वी (देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, गिरिडीह और धनबाद) हिस्से में आंशिक बादल छाये रहने का अनुमान है। 

उत्तर-पश्चिमी भागों (पलामू, गढ़वा, लातेहार, कोडरमा, लोहरदगा और चतरा) में आसमान साफ रहेगा। इस दौरान मौसम शुष्क ही रहेगा। 11 मार्च 2025 को मौसम में थोड़ा परिवर्तन होने की उम्मीद है। इस दिन प्रदेश में आसमान साफ रहेगा। मौसम शुष्क रहेगा। बुधवार 12 मार्च 2025 को मौसम में फिर थोड़ा बदलाव होगा। आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। हालांकि, बारिश होने की कोई संभावना नहीं है।

Published / 2025-03-08 21:14:40
आखिर कितनी जान लेगी झारखंड सरकार : बाबूलाल मरांडी

कोयले के अवैध व्यापार में कितने निर्दोष की जान लेगी झारखंड सरकार, बाबूलाल मरांडी का बड़ा निशाना 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने अपराधियों द्वारा एनटीपीसी हजारीबाग के डीजीएम की अपराधियों द्वारा गोली मारकर हत्या किये जाने पर राज्य सरकार पर बड़ा निशाना साधा है। 

हेमंत सोरेन ने अपराधियों को उकसा कर कोयला कारोबार में खूनी संघर्ष का आगाज कर दिया 

मरांडी ने कहा कि हजारीबाग में एनटीपीसी कोयला परियोजना के डीजीएम गौरव कुमार की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना से स्तब्ध हूं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा जिस प्रकार भड़काऊ बयान देकर कोयला कारोबार को प्रभावित करने की धमकी दी गई, उसके बाद से अपराधियों के हौसले और बुलंद हैं। 

मरांडी ने कहा कि कल 7 मार्च को रांची में एक कोयला कारोबारी के ऊपर जानलेवा हमले के बाद भी पुलिस सचेत नहीं हुई। अंतत: अपराधियों ने एक युवा होनहार अधिकारी की जान ले ही ली। मरांडी ने कहा कि हेमंत सोरेन ने अपराधियों को उकसा कर कोयला कारोबार में खूनी संघर्ष का आगाज कर दिया है। न जाने कोयले के काले कारोबार में कितने निर्दोष लोगों की जान लेगी यह सरकार? 

हेमंत सोरेन सबसे पहले कोयले की चोरी बंद कराएं

मरांडी ने कहा कि झारखंड में धनबाद, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, चतरा के इलाके से प्रतिदिन हजारों ट्रक कोयले की चोरी सरकारी तंत्र् के संरक्षण में हो रही है, जिसके वसूली का पैसा नीचे से ऊपर तक बंट रहा है। यदि इस चोरी पर रोक नहीं लगी, तो इसी तरह रोज हत्याएं होंगी, निर्दोष लोगों की जानें जाती रहेंगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के लिए यह उपयुक्त समय है कि सबसे पहले वे कोयले की चोरी बंद करायें। 

अपराधियों को पकड़ने के लिए एसआईटी बनाकर कार्रवाई करना अच्छी बात है, लेकिन इससे भी जरूरी है कि कोयला चोरी पर अंकुश लगाने के लिये ईमानदार अधिकारियों के नेतृत्व में एसआईटी बनाया जाए क्योंकि जबतक रक्षक ही भक्षक बने रहेंगे तब तक कोयला चोरी और इसको लेकर हो रहे अपराध पर अंकुश कैसे लगेगा? मरांडी ने कहा कि राज्य के डीजीपी तत्काल कोयला कारोबार के सुरक्षित संचालन के लिए सभी परियोजना अधिकारियों, कर्मचारियों और व्यवसायियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

Published / 2025-03-08 21:13:33
महिलाओं के सशक्तिकरण और कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध : हेमंत सोरेन

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर सीएम हेमंत ने दी शुभकामनाएं 

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शुक्रवार को झारखंड विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में झारखंड विधानसभा की महिला विधायकों ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने सभी महिला मंत्री एवं विधायकगणों को अंतररष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी।  

महिला सशक्तीकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध 

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड विधानसभा में आपकी उपस्थिति मात्र से ही नारी शक्ति को बल मिलता है। सत्ता पक्ष हो या विपक्ष, आप सभी सदन में महिलाओं की सुरक्षा, स्वावलंबन और सशक्तिकरण की आवाज हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधी आबादी की भागीदारी से ही देश, राज्य और समाज के सर्वांगीण विकास का रास्ता खुलता है। हमारी सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। इस दिशा में झारखंड मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना जैसी कई योजनाओं के माध्यम से आधी आबादी को सशक्त बनाया जा रहा है।  

महिलाओं ने हर क्षेत्र में रोशन किया राज्य का नाम 

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे इस बात का गर्व है कि झारखंड की महिलाओं ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर आर्थिक, सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेल समेत अनेकों क्षेत्र में विशिष्ट उपलब्धियां हासिल कर राज्य का नाम रोशन किया है। आज महिलाएं हर क्षेत्र में एक नया मुकाम हासिल कर रही हैं। महिलाएं अपने मंजिल और मुकाम को हासिल करने में कामयाब हों, इसके लिए सरकार पूरा सहयोग करने को तैयार है। एक बार फिर आप सभी को अंतररष्ट्रीय महिला दिवस की बहुत-बहुत बधाई। 

इस अवसर पर मंत्री दीपिका पांडेय, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक कल्पना सोरेन, विधायक डॉ नीरा यादव, विधायक लुइस मरांडी, विधायक सविता महतो, विधायक रागिनी सिंह, विधायक ममता देवी, विधायक पूर्णिमा दास साहू, विधायक श्वेता सिंह और विधायक मंजू कुमारी मौजूद थीं।

Published / 2025-03-08 21:12:26
झारखंड : आपके खाते में आयी मंइयां सम्मान की राशि? जानें किन्हें मिलेंगे पैसे...

मार्च में इन महिलाओं के खाते में आयेगी मंईयां सम्मान योजना की राशि 

टीम एबीएन, रांची। आज यानी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों के बैंक खाते में राशि भेजने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी और होली तक सभी महिलाओं के खाते में राशि आ जायेगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड विधानसभा में यह जानकारी दी।  

40 लाख महिलाओं का हो चुका है सत्यापन 

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सदन में कहा कि विभिन्न जिलों से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार अब तक 40 लाख महिलाओं का सत्यापन हो चुका है। शेष लाभुकों के सत्यापन का कार्य भी चल रहा है। जिनका सत्यापन हो चुका है उनके खाते में यह राशि होली से पहले चली जायेगी। सीएम हेमंत सोरेन ने आगे कहा कि मंईयां सम्मान योजना सड़क किनारे हड़िया बेचने वाली महिलाओं के लिए शानदार है, लेकिन सूचना मिल रही है कि कुछ महिलाएं फिर से इस काम लगी है। उन्होंने कहा कि वे इसके पीछे की वजह जानने की कोशिश करेंगे। सीएम ने कहा कि हाड़िया को आदिवासी देवी-देवताओं को चढ़ाये जाने की परंपरा रही है, लेकिन इसे सड़क के किनारे बेचने की संस्कृति नहीं है।  

बता दें कि आज यानी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के लाभुकों के बैंक खाते में राशि भेजने की प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। खास बात ये है कि महिला लाभुकों को जनवरी और फरवरी माह की राशि एक साथ दी जायेगी जिससे लाभुकों के बैंक खाते में कुल 5000 रुपये आयेंगे। महिला एवं बाल विकास तथा सामाजिक सुरक्षा विभाग ने बीते शुक्रवार को 2 माह की राशि के भुगतान के लिए बिल ट्रेजरी को भेज दिया। 

पूरे राज्य में 5 लाख से अधिक फर्जी लाभुक होने की आशंका  

जानकारी हो कि सरकार ने दिसंबर 2024 में राशि वितरण के बाद सभी जिलों को लाभुकों का सत्यापन करने का निर्देश दिया था। योजना के तहत लाभुक को झारखंड का निवासी होना, आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, राशन कार्ड और आधार लिंक बैंक खाता अनिवार्य था। दिसंबर तक सरकार ने आधार लिंक खाते की शर्त से छूट दी थी, लेकिन जनवरी से यह अनिवार्य हो गया, जिससे कई लाभुकों को राशि नहीं मिल सकी। 

अभी भी कई लाभुकों के बैंक खाते आधार से लिंक नहीं हैं। ऐसे में विभाग ने राशन कार्ड के आधार पर राशि ट्रांसफर करने का प्रस्ताव तैयार किया है। राज्य में अब तक 40 लाख से अधिक राशन कार्ड का सत्यापन हो चुका है। वहीं दिसंबर 2024 में 56.61 लाख लाभुकों को योजना का लाभ दिया गया था, लेकिन अब इस संख्या में कमी आ सकती है। 

पलामू प्रमंडल में करीब 2 लाख फर्जी लाभुक मिले, वहीं पूरे राज्य में 5 लाख से अधिक फर्जी लाभुक होने की आशंका है। सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि होली से पहले सही लाभुकों को राशि मिल जाये। सत्यापन के बाद जो लोग अयोग्य पाए गए हैं, उन्हें योजना से बाहर कर दिया जायेगा।

Published / 2025-03-08 21:10:56
वेस्ट मोदीडीह में सूरज और राजाराम यादव कवार रहे हैं कोयला का अवैध कारोबार

एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद/ रांची। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिलाध्यक्ष रत्नेश कुमार ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कहा है कि तेतुलमारी वेस्ट मोदीडीह से बड़े पैमाने पर कोयला की अवैध माइनिंग की जा रही है। इसके लिए कई अवैध मुहाने बनाये गये हैं। मजदूरों के द्वारा कोयला निकलवाकर एक जगह जमा कर रात्रि में कोयले की अवैध मंडियों में भेज कर मालामल हो रहे हैं। 

कोयला तस्कर सूरज यादव और राजाराम यादव बीसीसीएल को राज्यस्व का काफी नुकसान पहुंचा रहे हैं। आखिर वेस्ट मोदीडीह में छापेमारी कब होगा? कोयला तस्कर सूरज यादव ओर राजाराम यादव पर कार्रवाई कब होगी। कोयले के इस अवैध कारोबार में सीआईएसएफ की भी मिलीभगत से इनकार नहीं किया जा सकता है। 

आसपास में सीआइएसएफ कैंप रहने के बावजूद खुलेआम कोयले की अवैध तस्करी जारी है, लेकिन कोई कार्रवाई तक नहीं हो रही है। श्री कुमार ने पहले भी कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गयी है। इसलिए उन्होंने अपने स्तर से जांच कराकर कोयला के अवैध कारोबार पर रोक लगाने की मांग की है ताकि भ्रष्टाचार पर अंकुश लग सके।

Published / 2025-03-08 21:09:46
आदि शक्ति श्री जीण माता प्रचार समिति ने रांची में धूमधाम से निकाली शोभा यात्रा

टीम एबीएन, रांची। आदि शक्ति श्री जीण माता प्रचार समिति के तत्वावधान में शनिवार को भव्य शोभायात्रा के साथ दो दिवसीय 15वां वार्षिकोत्सव शुरू हो गया।  शनिवार को दोपहर 2 बजे अपर बाजार के लक्ष्मी नारायण मंदिर से शोभायात्रा प्रारंभ हुई। यहां से वंशीधर अडुकिया लेन, बड़ा लाल स्ट्रीट, रांची एक्सप्रेस गली, साबू रिक्शा चौक, जैन मंदिर, सरस्वती मार्केट, शहीद चौक, गांधी चौक, मारवाड़ी टोला, दिल्ला ब्रदर, चुरूवाला रोड, कार्ट सराय रोड, शनि मंदिर, हरमू रोड होते हुए वार्षिकोत्सव स्थल मारवाड़ी भवन पहुंची।शोभायात्रा में 501 महिलाएं, पुरुष युवतिया जीण निशान लिए चल रहे थे। जीण धाम से पधारे आनंद पाराशर एवं भागलपुर से राहुल सोनी ने अपनों भजनों से गंगा की लहर बरसा दी।  

शोभयात्रा में चले रहे जीण निशानों का माहेश्वरी सभा, ब्राह्मण सभा, गीता जोशी, रांची एक्सप्रेस लेन के भक्तजन, राहुल सिंघानिया, प्रदीप शर्मा, विनायका एजेंसीज, महावीर शर्मा, मारवाड़ी सहायक समिति, भागचंद पोद्दार, बजाज हार्डवेयर, चिरंजीलाल बजाज, रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन, जीण माता सेवा संघ, अग्रवाल युवा मंच, मारवाड़ी युवा मंच, अग्रवाल सभा, जीण माता मंदिर प्रचार समिति, अग्रवाल सभा, संदीप अग्रवाल एवं जीण भक्तों  ने पुष्प बरसाकर स्वागत किया। शोभायात्रा का नेतृत्व सहयोगी संस्था मारवाड़ी युवा मंच राची शाखा ने किया। 

कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यक्ष ओम प्रकाश अग्रवाल, उपाध्यक्ष विजय पालड़ीवाल, सचिव नारायण विजयवर्गीय, कोषाध्यक्ष बजरंग सोमानी, सह सचिव प्रदीप शर्मा, संदीप शर्मा, विनय अग्रवाल, गौरव पालड़ीवाल, आनंद अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, संदीप, मनोज चौधरी, रमेश सोमानी, सुनीता मित्तल, कविता सोमानी, ऋतु शर्मा, संगीता अग्रवाल, ऊषा शर्मा, मंजू शर्मा, शीतल अग्रवाल, सुधा गोयनका आदि सदस्य सहयोग कर रहे है। उक्त जानकारी समिति के सचिव नारायण विजयवर्गीय ने दी।

Page 413 of 1695

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse