एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रीति किस्कू आज समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में जिले के सभी सहायक गोदाम प्रबंधक और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान आपूर्ति पदाधिकारी ने माह मार्च 2025 का राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) से आच्छादित लाभुकों और ग्रीन राइस वितरण की समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान उन्होंने आगामी पर्व-त्यौहार के मद्देनजर खाद्यान्न वितरण कार्य में प्रगति लाने का निर्देश दिया। साथ ही ई-केवाईसी शत प्रतिशत कराने और सोना-सोबरन धोती-साड़ी वितरण योजना अंतर्गत वस्त्रों का वितरण भी 31 मार्च तक अनिवार्य रूप से करने का निर्देश दिया।
बैठक में सभी सहायक गोदाम प्रबंधकों को गोदाम संचालन प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी उपलब्ध करायी गयी। आपूर्ति पदाधिकारी ने गोदाम में अनाज का बेहतर रखरखाव करने एवं रजिस्टर को अद्यतन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि 5 अप्रैल के बाद वे खुद गोदाम का औचक निरीक्षण करेंगी और उसकी अद्यतन स्थिति की जानकारी लेंगी।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। जिला समाज कल्याण विभाग की ओर से आज पलामू जिला में कार्यरत आंगनबाड़ी सेविकाओं, महिला पर्यवेक्षिकाओं एवं प्रखंड समन्वयक को स्मार्ट फोन प्रदान किया गया। महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग द्वारा एक ओर जहां रांची में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री द्वारा स्मार्टफोन प्रदान किया गया। वहीं पलामू के समाहरणालय सभागार में आयोजित एक सादे समारोह में उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद ने पोषण अभियान के तहत प्रतीकात्मक रूप से आंगनबाड़ी सेविकाओं, महिला पर्यवेक्षिका एवं पोषण अभियान से जुड़े प्रखंड समन्वयक को स्मार्टफोन एवं उससे जुड़े सामग्री प्रदान किया।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि आंगनबाड़ी सेविकाओं, पर्यवेक्षिकाओं एवं प्रखंड समन्वयक को आधुनिक सूचना तंत्र से जोड़ने के लिए सरकार का यह बड़ा प्रयास है। स्मार्ट फोन मिलने से आंगनबाड़ी से संबंधित रिपोर्ट प्रतिदिन जिला और विभाग को साझा करने में आसानी होगी। उन्होंने कहा कि स्मार्ट फोन मिलने से आंगनबाड़ी सेविका, पर्यवेक्षिकाएं अपने काम को और बेहतर बनाएंगे। उन्होंने सभी से अपने कार्य-दायित्वों का सरल, सुलभ एवं इमानदारी पूर्वक निर्वहन कर समार्टफोन दिए जाने के उद्देश्यों को पूर्ण करने की बातें कही।
उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्रों को समय से खोलने, बच्चों को षिक्षा प्रदान करने, उन्हें पौष्टिक पोषाहार उपलब्ध कराने एवं जरूरी फोटोग्राफ और प्रतिदिन की रिपोर्ट विभाग के अधिकृत प्लेटफॉर्म (पोषण ट्रैकर) पर साझा करने का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट फोन मिलने से पोषण ट्रैकर में डाटा इंट्री करने, फेस आथेंटिकेशन और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के क्रियान्वयन में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कार्य कर जिला एवं राज्य में अपना नाम रोशन करें।
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान ने कहा कि जिले में 2625 आंगनबाड़ी सेविका, 30 पर्यवेक्षिका एवं 1 प्रखंड समन्वयक हैं। सरकार के निदेशानुसार इन सभी को स्मार्टफोन, डस्ट प्रूफ पाउच, बैक कवर, टेम्पर्ड ग्लास एवं एडॉप्टर उपलब्ध कराया गया है। स्मार्टफोन मिलने से सभी डिजिटल रूप से सक्षम बन सकेंगी। वहीं प्रत्येक दिन की गतिविधियां विभाग को आसानी से साझा कर सकेंगी। कार्यक्रम में माननीय विधायक के प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। उपायुक्त सह जिला जल एवं स्वच्छता समिति के अध्यक्ष शशि रंजन के निदेश पर आज समाहरणालय सभागार में नगर आयुक्त जावेद हुसैन की अध्यक्षता में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग अंतर्गत संचालित योजना यथा स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं जल जीवन मिशन के कार्य की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की गयी।
समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद तथा पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता सह जिला जल एवं स्वच्छता समिति के सदस्य सचिव कामेश्वर गुप्ता आदि उपस्थित थे। नगर आयुक्त ने समीक्षा के दौरान सभी योजनाओं की अद्यतन प्रगति की जानकारी ली। साथ ही योजनाओं को ससमय पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्य में षिथिलता बरतने वाले एजेंसियों के खिलाफ आर्थिक दण्ड लगाते हुए ब्लैक लिस्ट करने संबंधी कार्रवाई की चेतावनी दी।
नगर आयुक्त ने निमिया ग्रामीण जलापूर्ति योजना, मझिगांवा ग्रामीण जलापूर्ति योजना एवं तोलरा बहु ग्रामीण जलापूर्ति योजना की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जतायी। उन्होंने संबंधित कार्यकारी एजेंसी के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गर्मी के मद्देनजर जलापूर्ति योजनाओं के कार्य प्रगति में तेजी लाते हुए पूर्ण कराना सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को जलापूर्ति की जा सके।
उन्होंने कहा कि गर्मी के दिनों में पेयजल संकट गहराता है। योजनाएं पूर्ण नहीं होने से क्षेत्र में पेयजलापूर्ति में समस्या आयेगी। टैंकर से जलापूर्ति करनी होगी। ऐसे में नगर निगम एवं स्थानीय प्रशासन को अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा। ससमय योजनाओं को पूर्ण होने से अतिरिक्त वित्तीय भार से बचा जा सकता है। ऐसे में कार्य में प्रगति लाकर शीघ्र पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत चल रहे ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन के तहत ओडीएफ प्लस आदर्श पंचायत के रूप में पंचायतों को मॉडल पंचायत बनाने का निर्धारित लक्ष्य के विरूद्ध कार्य में प्रगति लाने का भी निर्देश दिया। उन्होंने शत प्रतिशत गांवों को फाइव स्टार श्रेणी में ओडीएफ प्लस घोषित किये जाने का लक्ष्य प्राप्त करना सुनिश्चित करने हेतु ठोस पहल करने का निर्देश दिया। साथ ही प्रखंड स्तरीय प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई एवं गोबर गैस प्लॉट का निर्माण कार्य कराने का निर्देश कार्यपालक अभियंता को दिया। बैठक में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कर्मी एवं जलापूर्ति योजना का निर्माण कार्य करा रही एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
टीम एबीएन, धनबाद। झारखंड के धनबाद में भीषण सड़क हादसा हो गया जिसमें 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गये हैं। वहीं, हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। मामला जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के बीच बाजार के समीप जीटी रोड का है। बताया जा रहा है कि पिकअप, कार, ट्रक और इको वाहन कुल 4 वाहनों में जोरदार भिड़ंत हुई।
सभी वाहन कोलकाता लेन पर निरसा की और जा रहे थे। इसी दौरान बीच बाजार के समीप ईको वाहन द्वारा अचानक ब्रेक मारने पर पीछे से आ रही सभी वाहन अनियंत्रित होकर एक दूसरे से टकरा गए। इस दौरान घटनास्थल पर चीख पुकार और अफरातफरी मच गयी।
हादसे में 9 लोग हुए गंभीर रूप से घायल हो गये हैं। घायलों को एसएनएमएमसीएच अस्पताल ले जाया गया जहां सभी का इलाज चल रहा है। सभी घायल लोग बिहार के गया एवं बंगाल के बताये जा रहे हैं। पुलिस द्वारा बचाव कार्य करते हुए वाहनों में दबे सभी 9 लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
टीम एबीएन, रांची। महावीर चौक स्थित श्री दुर्गा मंदिर ट्रस्ट रांची में आज 12:30 बजे श्री महावीर मंडल केंद्रीय समिति के अध्यक्ष श्री जयसिंह यादव की अध्यक्षता में अति आवश्यक बैठक बुलाई गई बैठक में श्री रामनवमी महोत्सव को लेकर महोत्सव को सफल बनाने के लिए कई सुझाव आये और निर्णय पर चर्चा हुई। अध्यक्ष जय सिंह यादव ने आये हुए सभी सदस्यों सहित पदाधिकारियो का स्वागत किया।
उन्होंने मंडल के सदस्यों को कहा कि आने वाले समय में श्री रामनवमी महोत्सव हम सभी बड़े धूमधाम से मनाएंगे इस महोत्सव को सफल बनाने के लिए 27 और 28 को पदाधिकारियो के संग अरगोड़ा, पुनदाग , बजरा ,आई टी आई, हेहल, पंडरा, कांके हातमा बस्ती ,धावनगर, गांधीनगर, बांध गाड़ी , बढ़गाई,बरियातू ,लोआड़ीह, चुटिया और लालपुर सहित कई अन्य क्षेत्रों का दौरा करते हुए सभी अखाड़ाधारी व मंडल से मिलेंगे।
उनके हर समस्या का निदान करने का प्रयास किया जाएगा। श्री रामनवमी महोत्सव के सफल आयोजन के लिए कार्यकारिणी सदस्यों का गठन 29/ 3 /2025 को किया जाएगा । साथ ही टोला प्रभारी की भी नियुक्ति की जाएगी। सरहुल पूजा पर निकाली जाने वाली सरहुल शोभायात्रा का पूर्व की भांति मेन रोड में श्री महावीर मंडल शिविर लगाकर अतिथियों का स्वागत किया जाएगा।
इस अवसर पर मारवाड़ी ब्राह्मण सभा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अशोक पुरोहित को बैठक में अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया साथ ही साथ की ननकू तिर्की ,अशोक वर्मा, राज किशोर प्रसाद, सुनील रंजन सहाय, को भी अंग वस्त्र देकर अपने क्षेत्र के प्रतिनिधित्व करने पर सम्मानित किया गया।
बैठक में मुख्य रूप से अध्यक्ष जय सिंह यादव, उपाध्यक्ष पवन गुप्ता, राहुल सिंहा चंकी, मंत्री सुभाष साहू, कोषाध्यक्ष प्रमोद सारस्वत, उप मंत्री उदय रविदास, बलराम प्रसाद, संतोष गुप्ता, प्रचार मंत्री सुनील वर्मा, अंकेक्षक प्रेम सिंह निवर्तमान मंत्री दीपक ओझा, राकेश सिंह ,राजू यादव शंकर साहू, अशोक यादव ,संजय पोद्दार,बिंदुल वर्मा,ललित नारायण ओझा ,संजय जयसवाल सहित कई सदस्य उपस्थित थे।
बैठक का संचालन मंत्री सुभाष साहू ने किया वहीं कोषाध्यक्ष प्रमोद सारस्वत ने बैठक के सफल आयोजन के लिए सभी को धन्यवाद दिया।
टीम एबीएन, रांची। रांची के कांके थाना क्षेत्र में पूर्व जिला परिषद सदस्य अनिल टाइगर को अपराधियों ने गोली मार दी है। गोली उनके सिर में लगी है। उनकी हालत गंभीर है। उन्हें रिम्स में भर्ती कराया गया है। ये घटना कांके थाना क्षेत्र के कांके चौक की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।
वारदात से आक्रोशित लोगों ने कांके चौक जाम कर दिया है। रांची के कांके चौक पर दिनदहाड़े अपराधियों ने अनिल टाइगर को गोली मार दी और चलते बने। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अनिल टाइगर को इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया। कांके चौक पर हमेशा भीड़ रहती है।
इसके बावजूद अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया और आराम से निकल गये। स्थानीय लोगों की मानें तो बुधवार की दोपहर 3:50 बजे अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया। झारखंड के डीजीपी अनुराग गुप्ता विधि-व्यवस्था को लेकर बैठक कर रहे हैं और अपराधियों ने दिनदहाड़े धांय-धांय कर अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी।
पुलिस एक केस की गुत्थी सुलझा नहीं पाती कि अपराधी दूसरी वारदात को अंजाम दे देते हैं। बीजेपी नेता और कांके महावीर मंडल अध्यक्ष अनिल टाइगर को सरेआम गोली मारकर अपराधियों ने पुलिस की टेंशन फिर बढ़ा दी है।
टीम एबीएन, रांची। विश्व हिंदू परिषद सेवा विभाग एवं श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रांतीय प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा है कि 30 मार्च से चैत्र नवरात्र की शुरुआत हो रही है, जो हिन्दू कैलेंडर के अनुसार नववर्ष की शुरुआत भी मानी जाती है। यह समय विशेष रूप से मां दुर्गा की उपासना, शक्ति की आराधना और आत्मिक उन्नति का होता है।
चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 29 मार्च को शाम 4.27 बजे से लेकर 30 मार्च को दोपहर 12.49 बजे तक रहने वाली है।उदिया तिथि के चलते, चैत्र नवरात्र की शुरुआत 30 मार्च को होगी और इसका समापन 6 अप्रैल को होगा। नवरात्रि का अर्थ है- नौ रातें, जिसमें मां दुर्गा के नौ अलग-अलग स्वरूपों की आराधना होती है।
चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से प्रारंभ होकर यह पर्व नौ दिन तक चलता है, जो भारतवर्ष में विभिन्न स्थानों पर अत्यंत श्रद्धा और धूमधाम से मनाया जाता है। नवरात्र का पर्व शक्ति की पूजा का प्रतीक है, जिसमें देवी दुर्गा के नौ रूपों की उपासना की जाती है। पहले दिन से लेकर नौवें दिन तक हर दिन एक देवी के रूप की पूजा की जाती है।
इन रूपों में माँ शैलपुत्री, माँ ब्रह्मचारिणी, माँ चंद्रघंटा, माँ कुष्मांडा, माँ स्कंदमाता, माँ कात्यायनी, माँ कालरात्रि, माँ महागौरी और माँ सिद्धिदात्री प्रमुख हैं। प्रत्येक देवी के रूप में विशिष्ट ऊर्जा और शक्ति का वास माना जाता है, और इनकी उपासना से भक्तों को मानसिक शांति, आत्मविश्वास तथा जीवन में हर तरह की समृद्धि प्राप्त होती है।
चैत्र नवरात्र का महत्व न केवल धार्मिक दृष्टिकोण से बल्कि सामाजिक दृष्टिकोण से भी विशेष है। बल्कि यह हमारे जीवन में आत्मविश्वास शक्ति और शांति लाने का काम भी करता है यह पर्व समाज को एकजुट करता है और नारी शक्ति के प्रतीक रूप में देवी दुर्गा की पूजा का महत्व बढ़ाता है इसके माध्यम से हम अपने जीवन को सकारात्मक ऊर्जा और साहस का संचार कर सकते हैं।
यह पर्व विशेष रूप से नववर्ष की शुरुआत के रूप में मनाया जाता है, जहां लोग अपने जीवन को नए दृष्टिकोण से जीने का संकल्प लेते हैं। नवरात्र के दौरान व्रत, उपवास, पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और संकल्पों का आयोजन होता है। विशेष रूप से इस समय व्रति लोग सात्विक आहार, योग और ध्यान का पालन करते हैं, जिससे शरीर और मन की शुद्धि होती है।
नवरात्र के दौरान अनेक स्थानों पर देवी दुर्गा की भव्य प्रतिमाओं की पूजा की जाती है। यह समय धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी होता है, जहाँ लोग देवी के गुणों का गुणगान करते हैं और उनका आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए सामूहिक रूप से पूजा करते हैं।
इस दौरान विशेष रूप से गरबा, डांडिया और अन्य पारंपरिक नृत्य-गायक संगीत कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। चैत्र नवरात्र का पर्व एक अद्भुत अवसर है, जब हम अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए देवी दुर्गा से आशीर्वाद मांगते हैं। यह पर्व जीवन में अच्छाई, शक्ति, समृद्धि और आत्मविश्वास की स्थापना करने का संदेश देता है।
टीम एबीएन, रांची। अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला मंच के बसंत मेले के दूसरे दिन 26 मार्च को महिलाओं ने जमकर खरीदारी की। स्टॉल में सुबह से ही काफी रौनक लगी हुई थी। सारी स्टॉल वाली बहने काफी खुश नजर आ रही थी । हाथ से बने हुए सामानों की लोगों ने काफी तारीफ की। हाथ के बने हुए केक, पेस्टी, चॉकलेट पॉप्स बच्चों और महिलाओं को काफी पसंद आए, लड्डू गोपाल की पोशाक एवं गहनों की महिलाओं ने खूब सराहना की।
शाम को गणगौर के उपलक्ष्य में बहू बेटियों का सिंधारा किया गया, जिसमें सृजन शाखा की बहू बेटियों ने गणगौर के उपलक्ष्य में एक नृत्य नाटिका की, पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में महिलाएं राजस्थानी गीतों पर नृत्य किया जिससे वातावरण पूरी तरह रंगीन और खुशहाल हो गया। महिलाओं ने एक दूसरे को सिंधारा अर्पित किया और साथ ही बसंत के मौसम का आनंद लिया।
इस मौके पर सभी ने एकजुट होकर पारिवारिक और सामाजिक संबंधों को मजबूत किया और पुराने रीति रिवाज को जीवित रखा। इस अवसर पर कई गेम्स का आयोजन हुआ तथा गेम्स में जीते सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। बहनों ने लजीज व्यंजनो का लुत्फ उठाया। सभी बहनों ने खूब मस्ती की। सृजन शाखा की अध्यक्ष नेहा सरावगी अपनी टीम के साथ उपस्थित थी।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में रूपा अग्रवाल, अलका सरावगी, मधु सर्राफ, उर्मिला पाड़िया, अनुसूया नेवटिया, रीना सुरेखा, गीता डालमिया, बीना मोदी, मंजू केडिया, प्रीती बंका, मंजू गाड़ोदिया, प्रीती पोद्दार, छाया अग्रवाल, सीमा पोद्दार, सरिता मोदी, सुनीता सरावगी, सीमा टाटिया, सरिता अग्रवाल, प्रीति अग्रवाल, लक्ष्मी पाटोदिया ,प्रीति फोगला,शोभा हेतमसरिया, करुणा अग्रवाल,मीना अग्रवाल, कमला विजयवर्गीय, ललिता नारसरिया, सहित अन्य सदस्यों का भरपूर सहयोग रहा। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी रीना सुरेखा ने दी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse