टीम एबीएन, रांची। झारखंड में शराब के दामों में कमी की जा सकती है। एक्साइज विभाग ने फैसला लिया है कि शराब के ऊपर वैट घटाकर 5 फीसदी कर दिया जाये।
मौजूदा समय में शराब के ऊपर 75 फीसदी वैट लागू है। वित्त विभाग ने भी एक्साइज को अनुमति प्रदान कर दी है। वैट कम होने के बाद शराब के दामों में काफी कमी आ जायेगी। उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने शराब के दाम कम किए जाने को लेकर पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि पड़ोसी राज्यों में वैट काफी कम है, जिसकी वजह से झारखंड को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। शराब के दाम कम किए जाने का प्रस्ताव जल्द कैबिनेट में लाया जायेगा। कैबिनेट से मंजूरी मिलते ही शराब के दाम कम हो जाएंगे, सरकार मानकर चल रही है कि वैट घटने से राजस्व में अच्छी खासी बढ़ोतरी होगी।
बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल में शराब पर कम वैट लागू है। ऐसे में झारखंड में शराब महंगी होने के कारण लोग बाहरी राज्यों से खरीदारी करते हैं। इससे झारखंड को नुकसान उठाना पड़ता है।
ऐसे में सरकार नया प्रस्ताव ला रही है। सरकार को उम्मीद है कि दाम कम करने से शराब की बिक्री में इजाफा होगा। सरकार को 4500 करोड़ रुपये सालाना राजस्व इकट्ठा होने का अनुमान है। वित्त वर्ष 2024-25 की बात करें तो सरकार ने 2700 करोड़ रुपये का राजस्व जुटाया था।
4 महीनों में जुटाया 1400 करोड़ का राजस्व
पिछले 4 महीनों की ही बात करें तो झारखंड सरकार 1400 करोड़ का राजस्व जुटा चुकी है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद शराब के दाम काफी कम हो जायेंगे। अनुमान के मुताबिक जो शराब की बोतल अब 5000 रुपये की है, वैट घटने के बाद उसके दाम 3200 रुपये रह जायेंगे। फिलहाल यह प्रस्ताव कैबिनेट में लाया जायेगा।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के प्रमुख राजनीतिक दल झामुमो का 13वां महाधिवेशन आज से प्रारंभ हुआ, जो कल तक चलेगा। इस महाधिवेशन में पूरे झारखंड से झामुमो के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे हैं।
खास बात यह है कि झारखंड के साथ-साथ महाधिवेशन में 8 से अधिक राज्यों से, जहां पार्टी कार्य कर रही है, 3500 से अधिक प्रतिनिधि भी भाग ले रहे हैं। महाधिवेशन की शुरुआत पार्टी सुप्रीमो शिबू सोरेन द्वारा की गई, जो झारखंड को अलग राज्य बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रसिद्ध हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी मां रूपी सोरेन और धर्मपत्नी कल्पना सोरेन भी उपस्थित थीं।
महाधिवेशन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा आंदोलन से उपजी हुई पार्टी है। झारखंड को बिहार से अलग करने के लिए झामुमो का गठन किया गया था। गुरुजी (शिबू सोरेन) के नेतृत्व में जब आंदोलन की रूपरेखा तैयार हो रही थी, तब झारखंड के विभिन्न इलाकों से लोग बड़ी संख्या में इस आंदोलन को समर्थन देने के लिए आते थे।
गुरुजी के साथ कई लोगों ने अपना सब कुछ बलिदान किया। त्याग और समर्पण के माध्यम से झारखंड को एक अलग राज्य के रूप में पहचान मिली, लेकिन हमें यह स्वीकार करना दुखद है कि झारखंड कई वर्षों तक उन लोगों के हाथों में रहा जिनका आदिवासियों और मूलनिवासियों से कोई संबंध नहीं था। उन्होंने सिर्फ झारखंड को लूटने का काम किया।
कार्यक्रम में विधायक कल्पना सोरेन, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, केंद्रीय महासचिव विनोद पांडे, केंद्रीय महासचिव और प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य, सांसद विजय हांसदा, पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर और पार्टी के कई अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, गढ़वा। गढ़वा जिले में एक बार फिर बड़ा हादसा हुआ है। तालाब में डूबने से एक साथ 4 बच्चों की मौत हो गयी।
इस घटना के बाद से गांव में कोहराम मच गया है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना गढ़वा थाना क्षेत्र के उड़सुगी गांव की है। विस्तृत समाचार की प्रतीक्षा है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, देवघर। देवघर में चोरों ने एक फ्लैट में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। दरअसल यहां चोर एक बंद फ्लैट का ताला तोड़कर 50 लाख नकद और कीमती आभूषण चुराकर फरार हो गये। वहीं चोरी की इस बड़ी घटना ने पूरे इलाके के लोगों में दहशत का माहौल कायम कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, घटना जिले के नगर थाना क्षेत्र पुराना तीन नंबर फांड़ी मुहल्ले स्थित साईं पंचानन एन्क्लेव की है।
चोरी की ये घटना उक्त स्थान पर रहने वाले व्यवसायी विमल अग्रवाल के घर पर हुई है। बताया जा रहा है कि जब चोरों द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया गया उस वक्त घर पर कोई मौजूद नहीं था। फ्लैट मालिक विमल अग्रवाल अपने काम पर थे जबकि घर के अन्य सदस्य विवाह समारोह में शामिल होने के लिए शहर से बाहर गए हुए थे।
पीड़ित शख्स ने बताया कि चोर अलमारी से करीब 50 लाख रुपये नकद, हीरे और सोने के कीमती आभूषण लेकर रफू चक्कर हो गये। वहीं इस संबंधी पीड़ित ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मौके पर पहुंच घटना की गहनता से तफ्तीश शुरू कर दी है। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज खंगाल चोरों की पहचान की जा रही है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, हजारीबाग। हजारीबाग से एक सनसनीखेज वारदात की खबर निकलकर सामने आ रही है। दरअसल यहां बेखौफ बदमाशों ने आज यानी मंगलवार को दिनदिहाड़े एक पेट्रोल पंप के मैनेजर की हत्या कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना हजारीबाग जिले के इचाक सिझुआ गांव की है। मृतक शख्स की पहचान शंकर कुमार के रूप में हुई है जो कि सल्फरनी पेट्रोल पंप का मैनेजर था। मैनेजर बैंक में पैसा जमा करने जा रहा था। इसी दौरान अपराधी रास्ते में पहले से ही घात लगाए बैठे हुए थे।
अपराधियों ने मैनेजर की गोली मारकर हत्या कर दी। जिससे मैनेजर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं खौफनाक वारदात को अंजाम दे अपराधी भाग गए। आशंका जताई जा रही है कि लूटपाट के इरादे से वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि वास्तविक सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही सामने आयेगी।
इधर घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल में भेजा। वहीं पुलिस हादसे की छानबीन में जुट गई और आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया हैं। साथ ही पुलिस ने कहा इस घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
टीम एबीएन, रांची। आज रांची कैथोलिक महाधर्मप्रांत में क्रिज्म मिस्सा बलिदान अर्पित किया गया। इस क्रिज्म मिस्सा बलिदान की अगुवाई रांची कैथोलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने किया और पवित्र तेलों की आशीष की।
कैथोलिक विश्वासियों के लिए क्रिज्म मिस्सा एक विशेष धर्मविधि होती है। इस धर्मविधि मिस्सा बलिदान के दौरान तीन प्रकार के तेल; पवित्र विलेपन का तेल, बीमारों का तेल एवं दीक्षार्थियों का तेल की आशीष की जाती है। साथ ही सभी पुरोहितों इस क्रिज्म मिस्सा बलिदान में धर्मप्रांत के धर्माध्यक्ष के प्रति अपनी आज्ञाकारिता एवं अभिषेक के वक्त पुरोहित द्वारा किया गया प्रतिज्ञा का नवीनीकरण करते हैं।
इस क्रिज्म मिस्सा बलिदान की अगुवाई रांची कैथोलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने की। अपने धर्मोपदेश में उन्होंने कहा पीड़ितों एवं जरूरतमंदों की सेवा में अपने जीवन को समर्पित करना ही वास्तविक अर्थ में पुरोहिताई है। दूसरों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना ही कलीसिया का उद्देश्य है। इन तेलों की आशीष की जाती है ताकि हम इसके द्वारा चंगाई के मिशन कार्य को आगे बढ़ाये।
इस दौरान उन्होंने लोगों के प्रति किए गए अपने गलतियों के लिए क्षमा की याचना करते हुए अपने लिए एवं सभी पुरोहितों के लिए प्रार्थना करने की विशेष अर्जी की। महाधर्माध्यक्ष ने पुरोहितों को उनकी जिम्मेदारी का निर्वाहन करने में सभी से साथ देने का भी अनुरोध किया। मिस्सा बलिदान के दौरान बीमारों के तेल की आशीष की गयी। मिस्सा के अंत में पवित्र विलेपन
एवं दीक्षार्थियों के तेल की आशीष के साथ क्रिज्म मिस्सा बलिदान समाप्त हुआ। सभी पुरोहितगण ने एक दूसरे को शुभकामनाएं एवं बाधाएं दीं और अपने गंतव्य स्थान के लिए प्रस्थान किया। इस क्रिज्म मिस्सा बलिदान में रांची कैथोलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद, रांची येसु धर्मसंघ के प्रोविंशियल फा अजीत कुमार खेस्स, संत मारिया गिरजाघर के पल्ली पुरोहित फा आनंद डेविड खलखो, फा वीरेंद्र खलखो, फा प्रफुल तिग्गा, फा बिपिन कंडुलना, फा रॉबर्ट मिंज के अलावा 150 अन्य पुरोहितगण धर्मबंधुगण, धर्मबहनें एवं हजारों ख्रीस्त विश्वासी शामिल हुए।
टीम एबीएन, रांची। आज रांची कैथोलिक महाधर्मप्रांत के सभी पुरोहितों एवं धर्मबहनों के लिए पास्का पर्व के लिए आध्यात्मिक तैयारी का दिन आयोजित किया गया। रांची कैथोलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद की अगुवाई में यह दिन संपन्न हुआ, जिन्होंने सिनेड का संक्षिप्त ब्योरा प्रस्तुत किया एवं सभी को अपने प्रवचन द्वारा आध्यात्मिक तैयारी के लिए आमंत्रित किया।
रांची कैथोलिक महाधर्मप्रांत के सभी पुरोहितों एवं धर्मबहनों को आज महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने एक दिन के सेमिनार एवं आध्यात्मिक तैयारी को आमंत्रित किया। उन्होंने सिनेड के दस्तावेज का ब्यौरा संक्षिप्त रूप में प्रस्तुत किया। इसके द्वारा कलीसिया को एकता, सहभागिता एवं मिशन जैसे गुणों में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
साथ ही टूटते परिवार एवं युवाओं में सोशल मीडिया के बढ़ते दुष्प्रभाव पर भी चिंता व्यक्त की। इस समस्या के समाधान के लिए एक साथ मिलकर कार्य करने पर सभी पुरोहितों एवं धर्मबहनों ने अपनी सहमति दी। इसके पश्चात पवित्र साक्रमेंत की आराधना की गयी।
फा बिपिन पानी ने पापस्वीकार संस्कार के लिए सभी को अपने प्रवचन द्वारा तैयार किया। पास्का पर्व के लिए आयोजित इस आध्यात्मिक तैयारी के दिन महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद, संत मारिया गिरजाघर के पल्ली पुरोहित फा आनंद डेविड खलखो के अलावा 204 पुरोहितगण एवं धर्मबहनें शामिल हुए।
टीम एबीएन, रांची। भाजपा का अंबेडकर सम्मान अभियान का आज दूसरा दिवस था। कल पूरे प्रदेश में पार्टी के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सांसद, विधायकगण द्वारा बाबा साहब की प्रतिमा की साफ सफाई करते हुए संध्या में दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया गया था।
आज बाबा साहब अंबेडकर की जयंती पूरे प्रदेश में पार्टी ने मनायी।
प्रदेश मुख्यालय सहित सभी जिलों में बूथ स्तर पर बाबा साहब के चित्रों एवं प्रतिमा पर माल्यार्पण करके श्रद्धांजलि अर्पित की गयी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने धनबाद स्थित अंबेडकर चौक में बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए उन्हें नमन किया।
श्री मरांडी ने इस अवसर पर कहा कि भारत रत्न बाबा साहब भीमराव अंबेडकर इस देश के संविधान निर्माता ही नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माता रहे।
कहा कि संविधान के माध्यम से बाबा साहब ने देश गरीब, वंचित समाज को ताकत दी। साथ ही संविधान में राष्ट्रीय एकात्मता को मजबूत करने पर भी जोर दिया।
कहा कि बाबा साहब ने अनुसूचित जाति जनजाति समाज के सर्वांगीण विकास, उनके सामाजिक आर्थिक उन्नयन के लिए आरक्षण का प्रावधान किया। वहीं राष्ट्रीय एकात्मकता को कमजोर करने वाले धारा 370 और धर्म आधारित आरक्षण का प्रबल विरोध किया।
श्री मरांडी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और आज की इंडी गठबंधन बाबा साहब के विचारों पर कुठाराघात कर रही। कांग्रेस पार्टी ने बाबा साहब के विचारों की अवमानना करते हुए कश्मीर के लिए धारा 370 का प्रावधान अस्थायी व्यवस्था के बहाने करा दिया।
कहा कि आज कांग्रेस की सरकार धर्म आधारित आरक्षण लागू करने पर जोर दे रही। पिछड़ा वर्ग का आरक्षण काटकर मुस्लिम समाज को दे रही।
कहा कि कांग्रेस पार्टी ने बाबा साहब का लगातार अपमान किया। वे वर्षों तक भारत रत्न से वंचित रहे। दिल्ली में उनकी समाधि के लिए कांग्रेस सरकार ने एक गज जमीन भी उपलब्ध नहीं कराये थे।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने बाबा साहब अम्बेडकर को हमेशा सम्मान दिया। भारत रत्न का सम्मान भाजपा समर्थित वीपी सिंह सरकार ने दिया।
कहा कि आज मोदी सरकार बाबा साहब से जुड़े पांच स्थानों को पंच तीर्थ के रूप में विकसित कर रही है। बाबा साहब की जयंती पर राष्ट्रीय अवकाश की घोषणा मोदी सरकार ने की। कहा कि अंत्योदय का विचार ही बाबा साहब के विचार रहे जिसपर मोदी सरकार लगातार आगे बढ़ रही।
इधर, भाजपा प्रदेश कार्यालय में अनुसूचित जाति मोर्चा के द्वारा बाबा साहब के चित्रों पर माल्यार्पण का कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें प्रदेश कोषाध्यक्ष दीपक बंका, शिवपूजन पाठक, राकेश भास्कर, पवन साहू, योगेंद्र लाल, राजीव लाल, रंजन पासवान, राजेंद्र पासवान, सुबोधकांत, गोविंद बाल्मीकि, योगेंद्र पासवान, पीयूष सरकार, बलवीर सलूजा सहित अन्य उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse