टीम एबीएन, रांची। कर्मचारी राज्य बीमा निगम, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय भारत सरकार के द्वारा रांची के नामकुम में 220 बिस्तरों वाले ई एस आई सी अस्पताल, रांची का आज उद्घाटन हुआ। पूरी इलाज में सुख सुविधा से संपन्न अस्पताल के खुलने से रांची जिला के आसपास के कर्मचारियों को इलाज करवाने में राहत महसूस होगी।
काफी दिनों से रांची में चेंबर ने और सांसद व रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने यह मांग रखी थी। डॉक्टर मनसुख मांडविया और ई एस आई सी के महानिदेशक अशोक कुमार सिंह को धन्यवाद देते हैं कि इनके अथक प्रयास से यहअस्पताल राज्य के कर्मचारियों के लिए इलाज में अमृत का वरदान रहेगा। उक्त जानकारी इएसआइसी के प्रमोद कुमार सारस्वत ने दी।
टीम एबीएन, रांची। लुर्द की माता मरियम गिरजाघर समलोंग में पुण्य गुरुवार को प्रभु के अंतिम भोज एवं यूखरिस्त की स्थापना का स्मरण दिवस पर धर्मविधि का आयोजन किया गया जिसमें पल्ली पुरोहित फादर मैक्सिमस टोप्पो ने धर्मविधि पूर्ण किया।
अपने उपदेश में फादर मैक्सी ने प्रभु यीशु के द्वारा मानव जाति के प्रति प्रेम का विस्तार से समझाते हुए एक दूसरे को प्रेम करने तथा सहयोग करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर फादर मैक्सी ने पल्ली के यूनिटों से चयनित बारह चेलों के पैर धोये।
जिसमें फादर बनार्बास और फादर आनंद लकड़ा ने सहयोग किया। इस अवसर पर पल्ली के बड़े बुजुर्ग युवक युक्तियां और बच्चे शामिल हुए।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद आज समाहरणालय के ब्लॉक-सी स्थित सभागार में पंचायती राज से संबंधित सभी योजनाओं की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त ने मनरेगा द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), अबुआ आवास योजना, प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना, बिरसा सिंचाई कूप आदि विभिन्न योजनाओं की प्रगति की प्रखंडवार गहणता से समीक्षा की। साथ ही लक्ष्य के अनुरूप शत प्रतिशत कार्य कराने का निर्देश दिया।
इस दौरान उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संबंधी योजनाओं के क्रियान्वयन में शिथिलता बरने वाले पंचायत सचिव एवं रोजगार सेवकों पर कार्रवाई की चेतावनी दी। वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारियों को कार्य के प्रति गंभीर रहकर प्रगति लाने का निदेश दिया।उप विकास आयुक्त ने तत्परता के साथ कैंप का आयोजन कर एक सप्ताह में योजनाओं के क्रियान्वयन का निदेश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में शिथिलता नहीं चलेगी। कार्यों में सक्रियता दिखाते हुए मनरेगा एवं आवास संबंधी योजानाओं के कार्य में प्रगति लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कार्य को लंबित नहीं रखें।
उन्होंने कहा कि मनरेगा अंतर्गत मानव दिवस सृजन एवं योजना अभिलेखों का अंतिमीकरण के कार्य में पंचायत स्तर से शिथिलता बरतने से सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्य की प्राप्ति की दिशा में बेहतर प्रदर्शन करने में समस्या आ रही है। मनरेगा अंतर्गत मानव दिवस सृजन की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की और मानव दिवस सृजन करने में सुधार लाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि मनरेगा के कार्यों को करने के लिए वर्तमान में मौसम अनुकूल है। मनरेगा के कार्यों में गति लाकर बरसात पूर्व तक पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि वैसे प्रखंड जिनका एक अप्रैल से 15 अप्रैल तक शून्य प्रगति है। इसके संबंधित ग्राम रोजगार सेवक को चिन्हित कर कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने पीडी जेनरेशन पर फोकस करने का भी निर्देश दिया।
उप विकास आयुक्त ने पुरानी लंबित योजनाओं की समीक्षा के क्रम में कार्य में प्रगति लाकर पूर्ण कराते हुए अविलंब मनरेगा सॉफ्ट में बंद करने का निर्देश दिया।
उप विकास आयुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), अबुआ आवास योजना एवं प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना अंतर्गत योजनाओं की स्वीकृति एवं लाभुकों को एफटीओ के माध्यम से किस्त भुगतान तथा योजना पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि एम आर इश्यू में शिथिलता नहीं बरतें। उन्होंने एमआर इश्यू करने का निर्देश दिया।
उन्होंने निर्धारित लक्ष्य के विरूद्ध शत प्रतिशत लाभुकों का निबंधन, जीयोटैग एवं आवास स्वीकृति का निर्देश दिया। साथ ही आवास प्लस 2.0 अंतर्गत सर्वे का कार्य पूर्ण कर अच्छादन प्रमाण पत्र समर्पित करने का निर्देश दिया। उन्होंने आवास योजना की स्वीकृति के आकड़ों पर प्रकाश डालते हुए आवास योजना स्वीकृत करने का निर्देश दिया।
उप विकास आयुक्त ने आवास कोर्डिनेटर एवं जेएसएलपीएस के बीपीएम को आवास योजना को लेकर सर्वे कार्य शत प्रतिशत पूर्ण कराने का निर्देश दिया, ताकि योग्य लाभुक आवास योजना के अच्छादन से नहीं छूटे।
अबुआ आवास योजना अंतर्गत भुगतान किए गये लाभुकों का आवास पूर्ण कराते हुए जीयो टैग करने का निर्देश दिया। उन्होंने इसमें भी एमआर इश्यू करने का निर्देश दिया।
उप विकास आयुक्त द्वारा जानकारी दी गयी है कि अबुआ आवास योजना अन्तर्गत आवास निर्माण कार्य में प्रगति लाने तथा आवास निर्माण के लिए लाभुक को ससमय किस्त की राशि भुगतान करने की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए ग्रामीण विकास विभाग, झारखंड, रांची द्वारा बेनिफिशियरी लेवल जियो टैग ऐप तैयार किया गया है। इसके माध्यम से आवास निर्माण की प्रगति के अनुसार लाभुक स्वयं अपने निमार्णाधीन आवास का जियोटैग कर सकेंगे।
इस एप्प को गुगल प्ले स्टोर अथवा अबुआ आवास योजना के पोर्टल से डाउनलोड किया जा सकता है। डाउनलोड के पश्चात मोबाईल में इसे इन्टॉल करने के क्रम में लाभुक के माबाईल में ओटीपी प्राप्त होगा। इसके लिए सभी लाभुकों को अपना मोबाईल नंबर प्रखंड लॉगईन में अपडेट करना अनिवार्य होगा। लाभुक द्वारा स्वयं से किये गये जियोटैग को पंचायत सेवक द्वारा सात दिनों के अन्दर स्थल सत्यापन करते हुए जियोटैग को अप्रुव अथवा रिजेक्ट (कारण सहित) करना है।
उप विकास आयुक्त ने बिरसा सिंचाई कूप के कार्यों में गति लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन पीपीओ द्वारा कार्य में शिथिलता बरती जाएगी, उनके विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने अभियान चलाकर बिरसा सिंचाई कूप पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उप विकास आयुक्त ने बिरसा हरित ग्राम योजना की कार्य प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने मई तक कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
उप विकास आयुक्त ने पूरे जिले में प्रधानमंत्री आवास, अबुआ आवास, पीएम- जनमन आवास आदि के लंबित लाभुकों के लिए पंचायत स्तरीय जनता दरबार के आयोजन को जारी रखने का निर्देश दिया, ताकि आवास संबंधी लाभुकों की समस्याओं को सुनने एवं लंबित योजनाओं में प्रगति लाने संबंधी उद्देश्यों को पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि ऐप के माध्यम से संबंधित व्यक्ति खुद भी अपने घर का जीयो टैग कर सकता है।
समीक्षा बैठक में वीडियो कान्फ्रेंसिंग में आनलाइन माध्यम से प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं समाहरणालय सभागार में परियोजना पदाधिकारी मनरेगा जिला प्रशिक्षण समन्वयक, आवास जिला समन्वयक, आवास योजना, मनरेगा के जिला कोर्डिनेटर, प्रखंड कोर्डिनेटर, बीपीओ, जेएसएलपीएस के बीपीएम आदि उपस्थित थे।
टीम एबीएन, रांची। आज दिनांक 17/4/2025 दिन गुरुवार को देवस्थान सेब्बो में स्तंभ संस्था ने एक दिवसीय एक कदम नवजीवन की ओर सेनेटरी पैड महत्व एवं मुफ्त वितरण कार्यक्रम के तहत प्रतिज्ञा की कीर्ति और विदिशा ने मासिक धर्म से संबंधित विभिन्न जानकारियां दी।
सेनेटरी पैड का इस्तेमाल एवं उसे नष्ट कैसे करें, इसकी भी जानकारी दी। इस दौरान शरीर को स्वस्थ रखने हेतु किस तरह का पौष्टिक आहार ग्रहण करना चाहिए एवं इससे समाज में फैली भ्रांतियां को दूर करने एवं लोगों को जागरूक करने की भी बातें बतायी। कार्यक्रम में सेवंथ सॉफ्ट सैनिटरी के प्रदीप ने किशोरियों एवं महिलाओं के बीच सेनेटरी पैड का वितरण किया।
कार्यक्रम में अपर हटिया के थेथर टोली, गनयोर टोली, गिरजा टोली, सेंबो के गागीटोली, बारीडीह, परसा टोली की 10 वर्ष से 40 वर्ष तक की 54 किशोरी एवं महिलाएं सम्मिलित रही। धन्यवाद ज्ञापन संस्था के सचिव कुणाल शर्मा ने किया।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिलाध्यक्ष रत्नेश कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि धनबाद शहर में कांग्रेस पार्टी के प्रदर्शन के दौरान रणधीर वर्मा चौक पे प्रेस से जुड़े लोगों पर हमला हुआ, जिसमें कई पत्रकार चोटिल हो गये।
कांग्रेस गुटों की झड़प में पत्रकारों पर हमला हुआ था और यह घटना कांग्रेस के जिला कार्यकारी अध्यक्ष राशिद रजा अंसारी के पुत्र और उनके भाइयों के बीच आपसी झगड़े के दौरान हुई। मारपीट की कवरेज कर रहे पत्रकारों पर हमला कर उनके मोबाइल छीन लिये गये।
श्री कुमार ने पत्रकारों पर हुए हमले की कड़ी शब्दों में निंदा की। इसे लोकतंत्र पर हमला करार देते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही कांग्रेस के ऐसे लोगों को पार्टी से हटाने की भी मांग की। क्योंकि ऐसे लोगों की वजह से ही कांग्रेस का अस्तित्व खत्म होता जा रहा है।
इसके अलावे उन्होंने सरकार से पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की भी सिफारिश की है। उन्होंने कहा कि हमलावरों की तुरंत गिरफ्तारी करने की कार्रवाई भी की जाये ताकि पत्रकारों के लिए सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित किया जाये।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, कोडरमा। झारखंड में हाथियों का आतंक रुकने का नाम ही नहीं ले रहा है। आये दिन हाथी किसी न किसी की जान लेने में तुले हुए हैं। हाथियों के नाम से भी लोगों में दहशत का माहौल है। वहीं, कोडरमा में हाथियों का झुंड पहुंच गया है।
मामला जिले के झुमरी तिलैया नगर परिषद के वार्ड नंबर 28 का है। बताया जा रहा है कि यहां हाथियों का झुंड घूम रहा है। हाथियों का झुंड यहां खूब उत्पात मचा रहा है। मडुआटांड और यदुटांड़ इलाके में हाथियों के झुंड ने गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया।
हाथियों ने कई घरों की दीवारें तोड़ दीं। हाथियों के झुंड से गांव के लोग दहशत में आ गये हैं। हाथियों ने 400 केले के पौधे खा लिये हैं। डर के मारे ग्रामीण घर छोड़ने को मजबूर हो गये।
टीम एबीएन, रांची। केंद्र सरकार द्वारा लाया गया वक्फ बोर्ड नया कानून देश की राजनीति में हलचल पैदा कर चुका है। दरअसल, मोदी सरकार द्वारा वक्फ बोर्ड के कार्यों पर संशोधन करने के लिए एक नया कानून लाया गया है, जो कि देश भर में चर्चा का विषय बन चुका है।
बता दें कि वक्फ नया कानून लागू होने के बाद मुस्लिम समुदाय अपना विरोध व्यक्त कर रहा है। वहीं, विपक्षी दल भाजपा पर निशाना साधते हुए नजर आ रहे हैं। वक्फ बोर्ड पर लाए गए नए कानून पर झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक मंत्री हफीजुल हसन ने बयान देते हुए कहा था कि संविधान हमारे हाथों में है और शरीयत हमारे दिल में।
उन्होंने सख्त तेवर अपनाते हुए कहा था, मुसलमान पहले शरीयत उसके बाद संविधान को महत्व देते हैं और केंद्र सरकार ज्यादा भड़काये नहीं। मंत्री ने कहा था, अगर ऐसा हुआ तो सड़कों पर मारकाट तक हो सकती है। मंत्री हफीजुल हसन के इस बयान पर राज्य में सियासत गरमा चुकी है।
भाजपा मंत्री द्वारा दिए गए बयान पर जोरदार विरोध व्यक्त कर रही है। आज भाजपा द्वारा आक्रोश मार्च निकालकर मंत्री हफीजुल हसन द्वारा दिये गये बयान का जमकर विरोध किया गया। आक्रोश मार्च के दौरान काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा द्वारा निकाले गये आक्रोश मार्च में भाजपा के तमाम बड़े नेताओं ने अपने हाथों में संविधान की किताब लेकर पहुंचे। भाजपा नेताओं का आरोप है, झारखंड सरकार के मंत्री हफीजुल हसन ने सिर्फ और सिर्फ संविधान का अपमान करने का काम किया है। आक्रोश मार्च के बाद भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात कर मामले की जानकारी दी।
टीम एबीएन, रांची। ख्रीस्त विश्वासियों के लिए यह सप्ताह विशेष धर्मविधि एवं पुण्य का सप्ताह है। इसी सप्ताह के शुक्रवार को गुड फ्राइडे मनाया जायेगा। गुड फ्राईडे की महत्ता बताते हुए रांची कैथोलिक महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने आज रांची रातु रोड में स्थित आकाशवाणी रेडियो के मुख्यालय के स्टूडियो में गुड फ्राईडे का संदेश रिकॉर्ड किया।
खजूर रविवार के साथ ख्रीस्त विश्वासियों के लिए पुण्य सप्ताह आरंभ हो गया है। रविवार को सभी विश्वासियों ने अपने हाथों में खजूर डाली ले कर प्रभु येसु के यरूशलेम में प्रवेश करने का स्मरण किया एवं जुलूस निकाल कर प्रभु येसु का जय जयकार किया। सोमवार को संत मरिया गिरजाघर में विंसेंट आईंद द्वारा क्रिज्म मिस्सा की अगुवाई की गई जिसमें तीन प्रकार के तेल की आशीष की गयी।
गुरुवार अर्थात 17 अप्रैल 2025 को प्रभु येसु के सबसे बड़े प्रेम का चिह्न की यादगारी मनायी जायेगी। इस दिन प्रभु येसु ने गुरु होकर भी अपने चेलों के पैर धोयें और पवित्र परमप्रसाद एवं पुरोहिताई संस्कार की स्थापना की। शुक्रवार को अर्थात 18 अप्रैल 2025 को गुड फ्राइडे मनाया जायेगा जब प्रभु येसु ने मानव जाति के मुक्ति के लिए क्रूस पर अपना बलिदान दिया।
इसी गुड फ्राईडे की महत्ता बताते हुए आज रांची महाधर्मप्रांत के महाधर्माध्यक्ष विंसेंट आईंद ने रांची आकाशवाणी रेडियों में अपना संदेश रिकॉर्ड किया। इस संदेश का सीधा प्रसारण रांची आकाशवाणी द्वारा गुड फ्राइडे के दिन 18 अप्रैल, 2025 को प्रात: 10:30 बजे किया जायेगा।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse