झारखंड

View All
Published / 2025-06-05 18:48:40
मरीजों को अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों के लाभ से स्वस्थ होगा पलामू : आयुक्त

समयबद्धता के साथ जांच रिपोर्ट मिलने से बेहतर इलाज संभव  

मरीजों का ससमय बेहतर इलाज एवं जांच सभी की जिम्मेवारी 

इमरजेंसी के मरीजों की इलाज एवं जांच में बरतें पूरी तत्परता 

कोरवा जनजाति की बेलवंती देवी एवं 700 ग्राम के नवजात शिशु के साथ अन्य मरीजों का जाना कुशलक्षेम 

प्रमंडलीय आयुक्त ने किया मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निरीक्षण 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर, (पलामू)। मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में बेहतर संसाधन उपलब्ध है। सिटी स्कैन, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड एवं विभिन्न प्रकार के रक्त परीक्षण की व्यवस्था के साथ-साथ नवजात शिशुओं की देखभाल के लिए स्पेशल न्यू बोर्न केयर यूनिट है। अस्पताल में उपलब्ध इन बेहतर संसाधनों का लाभ यहां आने वाले मरीजों को मिलने से स्वस्थ पलामू की परिकल्पना साकार होगा। 

इसके लिए यहां आने वाले मरीजों का ससमय इलाज एवं जांच केन्द्रों द्वारा जांच संबंधी रिपोर्ट समयबद्धता से मिलने से बेहतर इलाज संभव हो सकेगा। इसके लिए यहां कार्यरत चिकित्सक एवं चिकित्साकर्मियों को समन्वय के साथ मरीजों के इलाज हेतु सेवा भावना रखनी होगी। मरीजों का ससमय बेहतर इलाज एवं जांच सभी की जिम्मेवारी है, इसे सभी अत्यावश्यक समझें। ये बातें प्रमंडलीय आयुक्त अंजनी कुमार मिश्रा ने कही। वे आज मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (सदर अस्पताल) का निरीक्षण कर रहे थे। 

आयुक्त ने सभी को अस्पताल में आ रहे मरीजों का ससमय इलाज करने, जांच केंद्रों के स्वास्थ्यकर्मियों को जांच संबंधी रिपोर्ट शीघ्रताशीघ्र देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट समय से मिल जाने से चिकित्सकों को इलाज में सहूलियत होगी। वहीं मरीजों को खतरे से बाहर निकाला जा सकता है। जांच के लिए मरीज अस्पताल से बाहर जाने को मजबूर नहीं होंगे। उन्होंने इमरजेंसी के मरीजों की इलाज एवं जांच में पूरी तत्परता बरतने का निर्देश दिया। 

उन्होंने जांच कर रहे स्वास्थ्यकर्मियों को रात्री में भी (24 घंटे) जांच की व्यवस्था करने का निर्देश दिया, ताकि इमरजेंसी में आये मरीजों का ससमय जांचोपरांत इलाज कराया जा सके। उन्होंने कहा कि जांच में विलंब होने से मरीजों को खतरा होने की संभावना बनी रहती है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना सभी की जिम्मेवारी है।  

आयुक्त विभिन्न वार्डों/विभागों की गहणता से निरीक्षण किया और वस्तु स्थिति से अवगत हुए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को कोई परेशानी नहीं हो, इसका सभी ख्याल रखें। उन्होंने मेडाल के जांच केंद्र,   रक्त जांच केन्द्र, एक्स-रे, सिटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड केंद्र आदि का भी निरीक्षण किया। इसके अलावा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य यूनिट, प्रसूति एवं स्त्री रोग ओपीडी, टीकाकरण केंद्र, चाइल्ड ओपीडी, पोस्ट आपरेटिव वार्ड, प्रसूति आपरेशन कक्ष परिसर, मैटरनिटी वार्ड, स्पेशल न्यू बोर्न केयर यूनिट एवं जीएनएम कॉलेज भवन में अवस्थित मेडिसिन ओपीडी, नेत्र ओपीडी, जेनरल सर्जरी, आर्थो ओपीडी, न्यूरो सर्जरी विभाग, कॉर्डियोलॉजी आदि विभागों, वार्डों एवं ओपीडी का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया।  

आयुक्त ने नेत्र ओपीडी में अपना नेत्र जांच भी कराया। उपनिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं ने भी आंख जांच करवायी। उन्होंने गढ़वा जिले के रमकंडा प्रखंड अंतर्गत चेटे गमहरिया निवासी कोरवा जनजाति की बेलवंती देवी से एवं अन्य मरीजों से मिलकर उनका कुशलक्षेम जाना। 

बेलवंती की डिलेवरी हुई है और जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। आयुक्त ने एसएनसीयू में एडमिट नवजात बच्चों को भी देखा। विशेषकर 700 ग्राम के शिशु के स्वास्थ्य संबंधी विस्तृत जानकारी दी। नवजात शिशुओं का केयर कर रहे स्वास्थ्यकर्मियों एवं चिकित्सकों से नवजात बच्चों के संबंध में कुशलक्षेम जाना एवं उनका विशेष ध्यान रखने का निदेश दिया। उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की सेवा भावना को सराहा।  

आयुक्त ने भर्ती मरीजों के लिए नाश्ता एवं खाने की व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मरीजों को मेन्यू के अनुसार, समय के साथ पौष्टिक नाश्ता खाना उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।  वृहत निरीक्षण के पूर्व उन्होंने अधीक्षक कार्यालय में मेदिनीराय मेडिकल कालेज एवं अस्पताल के प्राचार्य, उप निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं, सिविल सर्जन, अधीक्षक, डीपीएम, हॉस्पिटल मैनेजर आदि के साथ बैठक कर स्वास्थ्य सुविधाएं, सफाई, जांच आदि सुविधाओं की जानकारी ली। 

निरीक्षण के दौरान आयुक्त के सचिव बिजय वर्मा, मेदिनीराय मेडिकल कालेज एवं अस्पताल के प्राचार्य पीएन महतो, उप निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ संतोष श्रीवास्तव, सिविल सर्जन डॉ अनिल सिंह, अधीक्षक डॉ अजय कुमार, डॉ आरके रंजन, डीपीएम स्वास्थ्य, हॉस्पिटल मैनेजर सुनीत श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।

Published / 2025-06-05 18:47:01
एसआर डीएवी पुंदाग में मना विश्व पर्यावरण दिवस समारोह

टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग के प्रशस्त प्रांगण में धूमधाम से विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया। इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस का थीम प्लास्टिक प्रदूषण से मुक्ति रखी गयी है। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ तापस घोष ने  कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मेकॉन के पूर्व एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर कल्याण मुखर्जी, विशिष्ट अतिथि जवाहर कला केंद्र की प्राचार्या लीली मुखर्जी तथा जवाहर कला केंद्र की सदस्य शारदा घोष, वरिष्ठ शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों के साथ मिलकर विद्यालय के प्रशस्त प्रांगण में वृक्षारोपण करके पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। 

उन्होंने बताया कि पूरा विश्व जिस ग्लोबल वार्मिंग की समस्या से जूझ रहा है, उसका एक मात्र समाधान वृक्षारोपण है। इसलिए हम सबको अपने आसपास अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना चाहिए एवं इसी के साथ अपने कर्तव्य का इतिश्री न समझकर वर्ष भर उनकी देखभाल भी करनी चाहिए। 

उन्होंने यह भी कहा कि भले सरकार की ओर से प्लास्टिक बैग तथा प्लास्टिक से बनी अन्य कुछ चीजों के उपयोग पर रोक लगा दी गयी है, पर आम जनता के सहयोग के बिना यह अभियान सफल नहीं हो सकता। हम सबको प्लास्टिक से बनी चीजों से बैग आदि से परहेज करना चाहिए । शांतिपाठ के साथ कार्यक्रम समाप्त हुआ।

Published / 2025-06-05 18:46:19
डीएवी बरियातु में लोगों ने लिया संकल्प : पर्यावरण की रक्षा, उत्तरदायित्व हमारा

टीम एबीएन, रांची। विश्व पर्यावरण दिवस पर डीएवी पब्लिक स्कूल  बरियातु के प्रशस्त प्रांगण में इसकी हरीतिमा को और भी उन्नत करते हुए औषधीय पौधे लगाये गये। आज विद्यालय प्रबंधन  समिति की अध्यक्षा सुशीला गुप्ता और आर्य प्रादेशिक प्रतिनिधि सभा के मानद आजीवन सदस्य शत्रुघ्न लाल गुप्ता ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। इस अवसर पर पारिस्थितिक क्लब के सदस्य, शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारी उपस्थित थे।  

प्राचार्य संजय कुमार मिश्रा ने कहा कि पर्यावरण का समुचित संरक्षण हमारी जरूरत या बाध्यता नहीं अपितु हमारा सामूहिक उत्तरदायित्व है। हमारा जीवन प्रकृति की गोद में पलता है। यदि प्राकृतिक संसाधनों और उसके उपयोग के साथ यथोचित सामंजस्य नहीं रखा गया तो जीवन में असंतुलन उत्पन्न हो जायेगा। इसका परिणाम वैश्विक ऊष्मीकरण और जलवायु परिवर्तन के रूप में स्पष्ट परिलक्षित होता है।  

विश्व पर्यावरण दिवस के इस वर्ष का थीम है बीट प्लास्टिक पौल्युशन। प्लास्टिक के अधिकाधिक उपयोग से प्राकृतिक स्रोत, जैसे नदियां, सागर , झील, वायु आदि और प्राकृतिक छटाएं, जैसे पर्वत, नदियों और सागर के तट, उर्वर भूमि आदि प्रदूषित हो रहे हैं। इससे मानसिक और शारीरिक क्षमता का क्षय हो रहा है। डीएवी प्रबंधन द्वारा सतत पर्यावरण की रक्षा हेतु प्लास्टिक के उपयोग नहीं करने के प्रति विद्यार्थियों को सचेत किया जाता रहा है। 

इस अवसर पर कक्षा तीन से नवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने आभाषी माध्यम से विद्यालय द्वारा आयोजित पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम में भाग लिया। इसमें उन्होंने स्लोगन, कविता वाचन, निबंध लेखन और चित्रकला द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस और उसके उद्देश्यों पर आधारित अपने विचारों को प्रस्तुत किया।

Published / 2025-06-04 20:32:38
पलामू : कारीमाटी घाटी में ट्रक-आॅटो की टक्कर, एक की मौत, 13 गंभीर

पलामू में बड़ा हादसा, कारीमाटी घाटी में ट्रक-आॅटो की जोरदार टक्कर;1 की मौत....13 घायल 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, पलामू। झारखंड के पलामू में आज यानी बुधवार एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दरअसल यहां एक ट्रक ने आॅटो में टक्कर मार दी। जिससे इस घटना में 1 व्यक्ति की मौत हो गई और 13 लोग जख्मी हो गये। 

तिलक समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे सभी 

जानकारी के अनुसार, घटना पांकी-बालूमाथ मुख्य सड़क के कारीमाटी घाटी में घटित हुई है। मृतक शख्स की पहचान 45 वर्षीय बीरेंद्र राम के रूप में हुई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि कुल 14 लोग दो आटो में सवार होकर तिलक समारोह में जा रहे थे। 

इस दौरान पीछे से कोयला लदा ट्रक ने दोनों आटो को टक्कर मार दी। जिससे इस हादसे में 1 शख्स की मौत हो गई जबकि 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

Published / 2025-06-04 20:30:52
डॉक्टरों की कमी से जूझ रहा लोयाबाद हॉस्पिटल

  • लोयाबाद क्षेत्रीय चिकित्सालय में डॉक्टर की सुविधाओं नहीं रहने से मरीज हो रहे परेशान, नहीं हो रहा है मरीजों का इलाज 

टीम एबीएन, रांची। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने धनबाद उपयुक्त को पत्र लिखते हुए कहा कि बीसीसीएल सिजुआ का लोयाबाद क्षेत्रीय चिकित्सालय में डाक्टरों की सुविधाएं नहीं होने से मरीजों को काफी परेशानी हो रही है। मरीजों का नहीं हो पा रहा है इलाज। मजदूर अस्पताल में चिकित्सकीय सुविधाओं के लिए घंटो अस्पताल में बैठे रहते हैं। 

वर्षों से डाक्टर बढ़ाने की मांग की जा रही है जैसे कि डेंटल और आंख के डॉक्टर की मांग की जा रही है। लेकिन इसपर मुख्यालय का ध्यान नही है। मरीजों के आंख और दांत के इलाज के लिए 20 से 25 किलोमीटर दूर सीएचडी जाना पड़ता है। जबकि यहां डेंटल और आंख के सारे इंस्टूमेंट मौजूद है लेकिन फिर भी मरीज इलाज से वंचित है, एक्सरे मशीन और टेक्नीशियन के बाद भी यहां मजदूरो का एक्सरे नहीं होती है कि मरीज बाहर बाजार से एक्सरे कराकर काम चला रहे हैं। 

करीब 20 लाख की मशीन अस्पताल में मौजूद है। टेक्निशयन को महीने में हजारों रुपये सैलेरी भुगतान कर रही है फिर एक्सरे नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है कि अस्पताल के सुविधाओं में लगातार कमी हो रही है। चिकित्सको को यहां से हटाया जा रहा है। बाकी आंख और हड्डी एवं दांत के डॉक्टर नही रहने से विभाग बंद पड़ा है। इलाज के लिए मजदूर भटकते रहते हैं। कोलियरी क्षेत्र के आसपास में आंख और हड्डी रोग के डॉक्टर का होना अनिवार्य है। 

अस्पताल की बिजली व्यवस्था भी खराब है। बिजली जाते ही अस्पताल अंधेरे में तब्दील हो जाता है। जनरेटर वर्षों से नही है, चिकित्सक अक्सर अंधेरे में मरीजों का उपचार करते है ओर अस्पताल का पैथोलॉजी मशीन छह माह से खराब है। इससे क्लोस्ट्रोल यूरिक एसिड, सीरम क्रेटीन, हीमोग्लोबिन आदि की जांच बंद है। इसलिए आपसे अनुरोध है कि आप अपने स्तर से लोयाबाद क्षेत्रीय चिकित्सालय में डॉक्टर की सुविधा ओर अस्पताल में हरेक चीज की सुविधा उपलब्ध करने की कृपा करेंगे ताकि मजदूर मरीजो का इलाज हो सके।

Published / 2025-06-04 20:29:56
अपनी जिम्मेदारियां समझें पदाधिकारी : उपायुक्त

तत्परता के साथ कार्य करेंगे, तो राजस्व संग्रहण में आयेगी प्रगति 

निर्धारित समय सीमा में राजस्व मामलों का निराकरण करायें सुनिश्चित 

दाखिल खारिज के लंबित मामलों की स्थिति में लायें सुधार 

बैठक में पूरी तैयारी के साथ पहुंचे अंचल अधिकारी 

पलामू उपायुक्त ने की राजस्व से संबंधित समीक्षा 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। उपायुक्त समीरा एस आज समाहरणालय सभागार में राजस्व से संबंधित समीक्षा बैठक की। उन्होंने राजस्व संग्रहण एवं राजस्व मामलों के निराकरण की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी लक्ष्य का ठीक से असेसमेंट करते हुए, लक्ष्य के अनुरूप कार्य करना सुनिश्चित करें।  उन्होंने राजस्व संग्रहण की दिशा में अधिकारियों को पूरी तत्परता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को राजस्व से संबंधित मामलों के निराकरण हेतु पूरी तत्परता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी मामले आम नागरिकों के हितों से सीधे जुड़े होते हैं, इसलिए इससे संबंधित मामलों का निष्पादन निर्धारित समयावधि में किया जाना आवश्यक है। 

उन्होंने कहा कि जनता दरबार में अधिकांश मामले भूमि से जुड़े दाखिल खारिज, सीमांकन, रसीद कटाने आदि से ही संबंधित आ रहे हैं। एक ही भूमि का दो-दो रैयतों के नाम से रसीद कटने की भी शिकायत मिली है। ऐसे में अंचल अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों को समझें और ठीक से कर्तव्य निर्वहन करना सुनिश्चित करें। अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को हिदायत करें। लापरवाही या अनदेखी नहीं करें। 

ऐसे कृत्य में किसी की संलिप्तता पायी गयी, तो भविष्य में समस्या होगी। भूमि संबंधी विवाद नहीं हो इसके लिए सक्रियता से कार्य करें।  उन्होंने तत्परता के साथ भूमि संबंधी मामलों का निराकरण करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से हिदायत दिया कि कार्य में किसी तरह की बाधा या विलंब नहीं होनी चाहिए। इससे संबंधित शिकायत आती है, तो  आप खुद समझेंगे।  

उपायुक्त समीरा एस ने दाखिल खारिज एवं भूमि सीमांकन के लंबित मामलों का निष्पादन कर स्थिति में सुधार लाने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने अंचल अधिकारियों से एक-एक कर अंचल से संबंंधित कार्यो की अद्यतन स्थिति से अवगत हुई तथा भूमि संबंधी लंबित आवेदनों पर अंचल अमीन के साथ बैठक कर उचित निर्णय लेने का निर्देश भी दिया। उपायुक्त ने अंचल अधिकारियों को कार्य में प्रगति लाने एवं पूर्व तैयारी कर बैठक में भाग लेने का सख्त निर्देश दिया। बैठक में अपर समाहर्ता कुंदन कुमार सहित जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी उपस्थित थे।

Published / 2025-06-04 20:28:48
कल राजभवन पहुंच जायेगी खतियानी पदयात्रा

दुमका से खतियानी पदयात्रा कल राजभवन तक पहुंचकर खतियानी महाधरना में होगी तब्दील

टीम एबीएन, रांची। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा उपाध्यक्ष अमित मंडल ने प्रेस को जानकारी दी है कि 15 मई को संथाल परगना के दुमका से शुरू हुई खतियानी पदयात्रा के अंतिम दिन केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो के नेतृत्व में 5 जून 2025 को सुबह 10 बजे बूटी मोड़ रांची से शुभारंभ करते हुए राजभवन तक पहुंचेगी। 

उसके बाद धरना स्थल डॉ जाकिर हुसैन पार्क परिसर में महाधरना दिया जायेगा। तत्पश्चात राज्यपाल को मांग पत्र सौंपा जायेगा। खतियानी पदयात्रा के माध्यम से खतियान आधारित स्थानीय नीति, नियोजन नीति, रोजगार नीति, उद्योग नीति, विस्थापन नीति, पुनर्वास नीति, जाति जनगणना, सरना धर्म कोड, पेशा कानून की मांग रखी गयी है।

Published / 2025-06-04 14:07:55
लातेहार : खेत से महिला का शव बरामद

  • लातेहार में महिला का मर्डर, गोली मार उतारा मौत के घाट; खेत में मिला शव

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लातेहार। जिले में एक सनसनीखेज वारदात की खबर सामने आ रही है। दरअसल यहां सोमवार देर रात एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गयी।

वहीं इस वारदात ने पूरे क्षेत्र में दहशत पैदा कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, घटना सदर थाना क्षेत्र के परसही पंचायत के भगनटोला गांव की है। मृतक महिला की पहचान सुलेखा देवी के रूप में हुई है। 

बताया जा रहा है कि आज यानी मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने सुलेखा का शव खेत में पड़ा देखा। इसके बाद लोगों ने  पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। साथ ही शव के पास से खाने के बर्तन और चटाई भी बरामद की।

पुलिस ने बताया कि सुलेखा देवी की गोली मारकर हत्या की गई है। हालांकि वारदात को अंजाम दिए जाने के पीछे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। फिलहाल पुलिस वारदात की गहनता से जांच कर रही है।

Page 335 of 1691

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse