टीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची के उद्यमी प्रभात टेकरीवाल की कंपनी मोनोलिथिश इंडिया लिमिटेड का आईपीओ गुरुवार को एनएसई में लिस्टिंग हो गया। होटल बीएनआर में आयोजित लिस्टिंग समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर और विशिष्ट अतिथि राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने घंटी बजाकर आईपीओ लिस्टिंग की घोषणा की।
इस अवसर पर अपने संबोधन में वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि झारखंड के लिए गौरव की बात है कि यहां के उद्यमी की कंपनी के आईपीओ का नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में लिस्टिंग हो गया। इससे कंपनी को कैपिटल मार्केट में एक प्लेटफार्म मिल गया। मुझे आशा है कि यह कंपनी आगे चलकर तेजी से विकास करेगा। उन्होंने कहा कि टैक्स की हिस्सेदारी में केंद्र सरकार का रवैया झारखंड के साथ सही नहीं है। केंद्र झारखंड को उसके हिस्से का पैसा नहीं दे रही है। जिससे कई योजनाएं प्रभावित हुई है।
वित्त मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का संकल्प है कि राज्य के ही टैक्स से झारखंड को आत्मनिर्भर बनाएंगे। ताकि केंद्र के आगे हाथ फैलाना नहीं पड़े। उन्होंने कहा कि लघु उद्योगों को सहयोग के मामले में बैंकों का प्रदर्शन बहुत खराब है, इसे बदलने की जरूरत है। वित्त मंत्री ने कहा कि मैं राज्य के उद्यमियों को विश्वास दिलाता हूं कि झारखंड सरकार उनके साथ है और बैंकों से भी आर्थिक मदद दिलाने में हर सहयोग करेगा।
उन्होंने कहा कि मोनोलिथिश कंपनी अच्छा कार्य कर रही है। झारखंड सरकार की ओर से इस कंपनी को हर प्रकार का सहयोग किया जायेगा। विशिष्ट अतिथि सांसद महुआ माजी ने कहा कि हम लोगों के लिए बहुत खुशी की बात है कि रांची के व्यवसायी के कंपनी का आईपीओ एनएसई में लिस्टिंग हुआ। कंपनी के प्रति ग्राहकों के प्यार को देखते हुए लगता है यह कंपनी तेजी से विकास की ओर अग्रसर होगा।
एनएसई के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट कृष्णन अय्यर ने कहा कि कैपिटल मार्केट में इस कंपनी का आना झारखंड के लिए अच्छी बात है। कंपनी का मुख्य ग्राहक देश के पूर्वी क्षेत्र के हैं। लिस्टिंग होने के बाद कंपनी को पूंजी एकत्र करने में लाभ होगा। जिसका फायदा ग्राहकों को भी मिलेगा। हेम सिक्योरिटीज के डायरेक्टर गौरव जैन ने कहा कि शुरुआती दौर में ही शेयर के लिए करीब 2 लाख आवेदन आ गये हैं। जो कंपनी के उज्जवल भविष्य को दर्शाती है।
कंपनी के सीएफओ प्रभात टेकरीवाल ने कहा कि कैपिटल मार्केट में आने का उद्देश्य कंपनी का तेजी से विकास करना और इससे जुड़े लोगों को ज्यादा से ज्यादा फायदा पहुंचाना। यह कार्य सभी के सहयोग से सफल हुआ है। यह कंपनी बंगाल में है, जिसका मुख्यालय रांची है।
कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर हर्ष टेकरीवाल ने बताया कि मोनोलिथिश इंडिया लिमिटेड औद्योगिक रिफ्रेक्टरी सामग्रियों के क्षेत्र में गुणवत्ता और विश्वसनीयता प्रदान करने के लिए समर्पित कंपनी है। हम विशेष रैमिंग मास के निर्माण और आपूर्ति में लगे हुए हैं। यह एक महत्वपूर्ण ऊष्मा इन्सुलेशन और अस्तर सामग्री है। जिसका उपयोग लोहा, इस्पात और ढलाई संयंत्रों में प्रेरण भट्टियों में एक रिफ्रेक्टरी सामग्री के रूप में किया जाता है।
हमारा उत्पाद टर्नस दक्षता और सुरक्षा बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हमारी कंपनी एकीकृत इस्पात विनिर्माण इकाइयों में एक महत्वपूर्ण स्थान रखती है। कंपनी देश में सबसे प्रतिष्ठित द्वितीयक इस्पात निर्माताओं में से एक है। कार्यक्रम में कृतिश टेकरीवाल, शर्मिला टेकरीवाल, प्रकाश टेकरीवाल एवं तारा देवी सहित कई उद्यमी उपस्थित थे।
टीम एबीएन, रांची। अग्रवाल युवा सभा, रांची द्वारा संचालित तीन नि:शुल्क चलंत प्याऊ, अग्रसेन धारा ने विगत 61 दिनों तक निरंतर नि:शुल्क सेवा प्रदान की है। इस सेवा ने पिछले 61 दिनों में निरंतर बारी-बारी से शहर के विभिन्न स्थानों में जाकर वहां के नागरिकों, दुकानदारों एवं राहगीरों को शीतल पेय जल, सत्तू पानी, ग्लूकोज पानी, आम पानी, रूह अफजा शर्बत एवं अन्य पेय पदार्थ की सुविधा उपलब्ध करायी है।
अध्यक्ष रौनक झुनझुनवाला ने बताया कि यह चलंत प्याऊ सेवा हमारे दानदाताओं के वंदनीय एवं सराहनीय प्रयास से विगत तीन वर्षों से अग्रवाल युवा सभा, रांँची द्वारा चलाया जा रहा है।
इस वर्ष अग्रसेन धारा ने 61 दिनों में श्रद्धानंद रोड, कुंजलाल स्ट्रीट, सोनार पट्टी, बारूद दुकान गली, नॉर्थ मार्केट रोड, ईस्ट मार्केट रोड, वेस्ट मार्केट रोड, प्यादा टोली, महावीर चौक, गांँधी चौक, बड़ा लाल स्ट्रीट, कोतवाली थाना, नागा बाबा खटाल, राजभवन, कचहरी रोड, पंडरा बाजार समिति, रवि स्टील पंडरा, रातु रोड, लालपुर अग्रसेन चौक, मेन रोड, सुजाता चौक, कांके रोड, हरमू रोड, सहजानंद चौक, आदि जगहों पर अपनी सेवा प्रदान की है।
अग्रसेन धारा प्रभारी मयूर पोद्दार, मोहित अग्रवाल, निशान अग्रवाल ने पूरी लगन और मेहनत के साथ इस सेवा को बहुत ही सुसज्जित ढंग से सजाते हुए आम लोगों के समक्ष रखा, जिसकी सभी ने खूब सराहना की। साथ ही हम तहे दिल से आभार प्रकट करते हैं हमारे समस्त दान-दाताओं का जिनके सहयोग से निरंतर 61 दिनों तक इस नि:शुल्क चलंत प्याऊ अग्रसेन धारा का सफल संचालन हो पाया।
साथ ही हम आभार प्रकट करते हैं इस चलंत प्याऊ अग्रसेन धारा के तीनों ठेले चालक का जिन्होंने नि:स्वार्थ भाव से निरंतर 61 दिनों तक राहगीरों को दोपहरी की तपती धूप में यह सेवा प्रदान की। अग्रवाल युवा सभा आने वाले दिनों में भी इस तरह के और भी सामाजिक कार्य करती रहेगी। उक्त जानकारी प्रवक्ता अरुण पोद्दार एवं मीडिया प्रभारी सुमित महलका ने दी।
टीम एबीएन, रांची। अखिल झारखंड अधिवक्ता संघ की एक बैठक आज न्यू बार भवन के प्रथम तल्ला पर संघ के महासचिव भरत चन्द्र महतो की अध्यक्षता में हुई। बैठक में आगामी 22 जून को आजसू पार्टी के द्वारा खेल गांव स्थित हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में मनाये जाने वाले बलिदान दिवस को सफल बनाने का निर्णय लिया गया।
इस अवसर पर संघ के प्रधान महासचिव भरत चन्द्र महतो ने कहा कि बलिदान दिवस को ऐतिहासिक रूप देना है। उन्होंने संघ से जुड़े अधिवक्ताओं को अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने का आग्रह किया। बैठक में रेखा वर्मा, अंजित कुमार, बी खंडित समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित थे।
टीम एबीएन, रांची। राष्ट्रीय युवा शक्ति के केंद्रीय अध्यक्ष उत्तम यादव ने कहा कि रातू रोड क्षेत्र के निवासियों की वर्षों पुरानी मांग और संघर्ष के बाद फ्लाईओवर का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है और अब समय आ गया है कि इस फ्लाईओवर का नाम रांची के वीर सपूत शहीद अभिषेक कुमार साहू के नाम पर रखा जाये।
उत्तम यादव ने कहा कि अभिषेक कुमार साहू ने 28 अक्टूबर 2020 को लेह-लद्दाख में मातृभूमि की सेवा करते हुए वीरगति प्राप्त की थी। यादव ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि शहीद अभिषेक कुमार साहू ओबीसी समाज से संबंध रखते थे और रातू रोड क्षेत्र की लगभग 85 प्रतिशत जनसंख्या ओबीसी समुदाय से है। पूरे झारखंड में अब तक ओबीसी समाज के किसी भी वीर सपूत के नाम पर कोई स्मृति चिह्न या संरचना नहीं है।
इस नामकरण से न केवल ओबीसी समाज को सम्मान मिलेगा, बल्कि यह नाम आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति और नशा मुक्त जीवन की प्रेरणा भी देगा। यादव ने कहा कि आज के युवाओं को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से बचाने के लिए राज्य सरकार विभिन्न स्तरों पर जागरूकता अभियान चला रही है। ऐसे में यदि फ्लाईओवर का नाम एक शहीद युवा के नाम पर रखा जाता है, तो यह युवाओं को एक सशक्त संदेश देगा और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेगा।
राष्ट्रीय युवा शक्ति के नेतृत्व में इस मांग को राज्य सरकार और राज्यपाल तक पहुंचाने के लिए एक लाख नागरिकों के हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की गयी है, ताकि रातू रोड क्षेत्र की जनता की भावनाओं को उचित सम्मान मिल सके। संवाददाता सम्मेलन में सोनू गुप्ता, आशीष विभूति, रौनक सिंह और रोहित यादव उपस्थित थे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू के समाहरणालय सभागार में प्रत्येक बुधवार को जनता दरबार का आयोजन किया जाता है। उपायुक्त समीरा एस. ने कहा कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का निराकरण करना है। इसके माध्यम से जनता को सीधा लाभ दिया जा रहा है। आम नागरिकों को सरकार की ओर से चलायी जा रही विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आ रही बाधाओं/ समस्याओं/ कठिनाइयों को दूर कर योग्य लाभुकों को सुगमतापूर्वक से लाभ पहुंचाना है।
उपायुक्त के जनता दरबार में विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में आम नागरिक पहुंचे थे। लोगों ने आवेदन देकर अपनी-अपनी समस्याओं से संबंधित जानकारी उपायुक्त को दी। जनता दरबार में 52 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त समीरा एस. ने आमनागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को स्थानांतरित किया।
उन्होंने पदाधिकारियों को हर मामले की गंभीरता से जांच कर निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई करते हुए आवेदनों का निष्पादन करने एवं आवेदकों को अद्यतन स्थिति से अवगत कराने तथा कृत कार्रवाई से कार्यालय को अवगत कराने का सख्त निर्देश दिया है। उपायुक्त के जनता दरबार में पंडवा प्रखंड निवासी ने अपनी बेटी इलाज के लिए राशन कार्ड में नाम जुड़वाने की गुहार लगायी।
उन्होंने कहा कि वह आर्थिक रूप से कमजोर परिवार का सदस्य हैं। उनकी बेटी को मेडिकल चेकअप की आवश्यता है। इसके लिए वह राशन कार्ड में बेटी का नाम अंकित कराना चाहती है। इसके लिए आनलाइन आवेदन भी किया गया है, परंतु लंबित है। उन्होंने बेटी का नाम राशन कार्ड में जुड़वाने का अनुरोध किया। उपायुक्त ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिला आपूर्ति पदाधिकारी को तत्परता के साथ नाम जोड़ने संबंधी कार्य करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में छतरपुर के ग्राम चिरू टोला भलही की प्रतिमा कुमारी एवं चैनपुर प्रखंड क्षेत्र के खौंराहा की कंचन देवी ने आंगनबाड़ी सेविका के पद पर चयन करने की मांग की। पाटन के करर गांव के बचन साव ने पुराना सर्वे के आम रास्ता अतिक्रमण मुक्त करने के संबंध में आवेदन दिया। पिपराटांड़ के ग्रामीणों ने झारभूमि में आनलाईन में नाम चढ़ाकर आनलाईन रसीद निर्गत कराने को लेकर आवेदन दिया।
चैनपुर प्रखंड के बरॉव गांव निवासी उर्मिला देवी अबुआ आवास की सूची में नाम दर्ज कराने का अनुरोध किया। इसके अलावा जनता दरबार में विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे आम नागरिकों ने आॅनलाईन रसीद कटवाने, दाखिल खारिज कराने, जमीन को कब्जा मुक्त कराने सहित अपनी-अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन दिया।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। जनजातीय कार्य मंत्रालय की ओर से 15 से 30 जून 2025 तक राष्ट्रव्यापी जागरूकता और लाभ अभियान के तहत अनुसूचित जनजाति/आदिम जनजाति लाभुकों को सरकार की लाभकारी योजनाओं से जोड़ने एवं सरकार की योजनाओं को लेकर जागरूक किया जा रहा है। इसके अंतर्गत आज पलामू जिले के सुदूरवर्ती पंचायतों में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से अनुसूचित जनजाति/आदिम जनजाति परिवारों को लाभ पहुंचाये गये। उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा गया। साथ ही योजनाओं को लेकर जागरूक किया गया, ताकि भविष्य में भी वे अपने हक-अधिकार के लिए आगे आयें।
पलामू जिला प्रशासन की ओर से नौडीहा बाजार प्रखंड के सुदूरवर्ती डगरा पंचायत सचिवालय भवन में लगाये गये शिविर में डगरा, रतनाग एवं चौखड़ा के ग्रामीणों ने भाग लिया और योजनाओं का लाभ लिया। शिविर में स्थानीय मुखिया, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी धर्मेन्द्र कुमार आदि उपस्थित थे।
मनातू प्रखंड के रंगेया पंचायत सचिवालय भवन में लगाये गये शिविर में चुनका, तोरियाडीह, रंगेया, राजखेता, गिरसिरी एवं कुंडीलपुर के ग्रामीणों ने भाग लिया और सरकार की योजनाओं को बारिकी से समझा। वहीं कई ग्रामीणों ने अपना आधार अद्यतन कराया। वहीं आयुष्मान के लिए रजिस्ट्रेशन कराया। साथ ही प्रधानमंत्री किसान निधि योजना से अच्छादित हुए। शिविर में मुखिया कुसमी देवी, मनातू प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी राज कुंवर, अंचल अधिकारी मदन कुमार सुमन, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी गौतम प्रसाद कश्यप आदि उपस्थित थे।
पाटन प्रखंड के सेमरी पंचायत सचिवालय भवन में भी शिविर का आयोजन किया गया। यहां आधार कार्ड, राशन कार्ड, आय, जाति, आवासीय प्रमाण पत्र, किसान क्रेडिट कार्ड संबंधी कार्यो का निष्पादन किया गया। वहीं ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिया गया। शिविर में मुखिया सुमतर देवी, प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार झा, पंचायत सचिव, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी अजीत कुमार मिश्रा, बीएओ राजेश पाठक, राजस्व उप निरीक्षक कन्हैया राम सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहकर लोगो को सरकार की योजनाओं से लाभान्वित किया।
पलामू उपायुक्त समीरा एस. पलामू वासियों से धरती आबा जन भागीदारी अभियान का लाभ लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी संबंधित प्रखंडों के पंचायतों में पहुंचकर योग्य एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दे रहे हैं। योजनओं के लाभ से व्यक्ति सबल हो रहे हैं।
धरती आबा जान भागीदारी अभियान के तहत 19 जून 2025 को पांकी प्रखंड के मदन, नावा बाजार के कुंभी कला, मेदिनीनगर सदर प्रखंड के सुआ, मनातू प्रखंड के पदमा, छतरपुर के रुदवा एवं रामगढ़ के चोरहट पंचायत भवन में शिविर का आयोजन किया जायेगा।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य डॉ तनुज ने रांची के बहुप्रतीक्षित रातू रोड फ्लाइओवर के उद्घाटन में हो रही देरी को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने इसे जनता के साथ सीधा धोखा और मजाक करार देते हुए कहा कि जब भाजपा की सरकार राज्य और केंद्र दोनों जगह थी, तब भी रांची में एक भी फ्लाइओवर जनता को समर्पित नहीं किया जा सका।
उन्होंने कहा कि रांचीवासियों ने वर्षों तक रातू रोड फ्लाइओवर की मांग की, लेकिन भाजपा के स्थानीय विधायक सीपी सिंह ने इसे बार-बार रोकने, डराने और टालने का प्रयास किया। कभी दुकानदारों को धमकाया गया कि फ्लाइओवर बनने से दुकानें बंद हो जायेंगी।
कभी बहाने बनाकर प्रोजेक्ट को फाइलों में दबा दिया गया। यह सब कुछ भाजपा की वोटबैंक राजनीति का हिस्सा था। जब राज्य में हेमंत सोरेन जी के नेतृत्व में सरकार बनी, तभी जाकर इस परियोजना को प्रशासनिक स्वीकृति मिली और कार्य जमीन पर शुरू हुआ। भले ही निर्माण एनएचएआई के जरिए हुआ हो, पर राज्य सरकार की भूमिका हर स्तर पर निर्णायक रही, जैसे:
बिना ढोल-नगाड़े, बिना पीआइ कैमरों की चमक-धमक के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची को एक नहीं, दो-दो फ्लाइओवर रिकॉर्ड समय में जनता को समर्पित कर दिये जनता की जरूरत के लिए, न कि दिखावे के लिए। लेकिन भाजपा की आदत रही है हर चीज का श्रेय लेने की बेचैनी। चाहे ट्रेन हो, सड़क हो या शौचालय — उद्घाटन करने के लिए प्रधानमंत्री को बुलाना इनकी जरूरत बन चुकी है। ऐसे में यह मानना मुश्किल नहीं कि बिना किसी केंद्रीय मंत्री की औपचारिक उपस्थिति, रातू रोड फ्लाइओवर जैसे महत्त्वपूर्ण प्रोजेक्ट को चालू करने की हिम्मत भी नहीं कर पा रहे हैं।
डॉ तनुज ने कहा कि झारखंड सरकार ने जमीन दी, विभागीय मंजूरियां दीं, तकनीकी और प्रशासनिक सहयोग भी दिया पर अब केवल इसलिए जनता को इंतजार करवाया जा रहा है क्योंकि भाजपा को दिल्ली से हुक्म चाहिए।
यह तो वही पुरानी भाजपा की शैली है आत्मनिर्भरता की बात करने वाले लोग असल में राजनीतिक फैसलों तक के लिए दिल्ली की तरफ देखते हैं। दुर्भाग्य यह है कि जब तक कोई मंत्री आकर फीता नहीं काटेंगे, तब तक रांची की जनता ट्रैफिक और तकलीफ में फंसी रहेगी।
झारखंड मुक्ति मोर्चा की मांग की है कि जनता की जरूरतों को राजनीतिक तमाशा बनाना बंद करें और बिना देरी के रातू रोड फ्लाइओवर आम जनता के लिए चालू करें।
टीम एबीएन, सिल्ली/ रांची। जेएलकेएम केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो सिल्ली विधान सभा क्षेत्र के हर समस्या का समाधान को लेकर निरंतर सक्रिय हैं। पिछले 12 वर्षों से सिल्ली आईटीआई कॉलेज निर्माण पूर्ण नहीं होने का मामला को रांची उपायुक्त मंजुनाथ भजंत्री तक पहुंचाया। जल्द अधूरे भवन निर्माण कार्य को पूर्ण कर अगले एक दो वर्षों सत्र में पढ़ाई प्रारंभ करने का मांग किया।
मौके पर देवेन्द्र नाथ महतो ने बताया कि श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग झारखंड सरकार के राज्य योजना औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं एवं अलाइडर भवन निर्माण अंतर्गत वृत्तीय वर्ष 2024 - 25 में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सिल्ली रांची के भवन निर्माण से संबंधित अतिरिक्त कार्य हेतु प्रदत प्राक्कलन कुल राशि 89,48,500/- नवासी लाख अड़तालिस हजार पांच सौ रुपए मात्र की प्रशासनिक एवं तकनीक स्वीकृति लगभग एक वर्ष पूर्व सितंबर 2024 में ही हो चुकी है।
लेकिन अभी तक पुन: निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुई है जिसके वजह से पढ़ाई भी शुरू नहीं हो पा रही है। इस योजना का कार्यान्वयन जिला अभियंता, रांची के द्वारा किया जा रहा है। ये दुर्भाग्य है कि एक आईटीआई कॉलेज भवन का निर्माण 12 वर्षों में पूर्ण नहीं हो पाया है।
मौके देवेन्द्र नाथ महतो ने उपायुक्त से मांग की है कि आईटीआई कॉलेज भवन निर्माण कार्य पुन: प्रारंभ करते हुए अगले एक दो साल बाद सत्र में पढ़ाई प्रारंभ हो और आस पास क्षेत्र के छात्रों को लाभ मिल सके। मौके पर उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री रांची जिला अभियंता को अतिशीघ्र कार्य प्रारंभ करते हुए पूर्ण करने का निर्देश दिया। मौके पर देवेंद्र नाथ महतो के साथ महावीर साहू, रविन्द्र, लालमोहन, रंजित भी उपस्थित थे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse