एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू में निषिद्ध मादक पदार्थों के विरूद्ध जागरूकता अभियान चल रहा है। 10 जून से 26 जून तक यह अभियान चलेगा। जागरूकता अभियान के तहत पलामू उपायुक्त समीरा एस० ने नशे की रोकथाम को लेकर समेकित पहल करने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि व्यक्ति स्वयं मादक पदार्थों का सेवन नहीं करें। नशे से कोई सरोकार नहीं रखें। इससे समाज में बदनामी के साथ-साथ पूरा परिवार बर्बाद होता है। मादक द्रव्यों के सेवन से भविष्य अंधकारमय हो जाता है।
पलामू उपायुक्त समीरा एस के निर्देशानुसार तिथिवार जारी कार्ययोजना के अनुसार कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका द्वारा कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। वहीं माध्यमिक/ उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। साथ ही विभिन्न पंचायतों के गांवों में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के एलईडी वैन के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।
जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों तथा सार्वजनिक स्थलों पर मंगलवार की शाम रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। मौके पर स्थानीय ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं एवं अभिभावकों को नशा एवं मादक पदार्थों के दुरुपयोग से होने वाले दुषरिणामों के बारे में जागरूक किया गया। चौपाल के दौरान उपस्थित लोगों को नशा न करने, दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने तथा एक स्वस्थ, सशक्त और नशामुक्त समाज की स्थापना में योगदान देने की शपथ दिलायी गयी। वहीं बुधवार के भी परिचर्चा, रैली एवं शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जिले के विभिन्न विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों ने प्रभातफेरी निकाली, साइकिल जुलूस निकाला और सामूहिक रूप से अपने पोषक क्षेत्र में रह रहे लोगों के घर-घर जाकर नशा से होने वाले नुकसान के बारे में जानकारी देते हुए इसे छोड़ने की अपील की। इसके साथ-साथ ही लोगों को शपथ दिलायी गयी। नगर निकाय क्षेत्रों में भी जागरूकता का कार्यक्रम किया गया।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से एलईडी वैन के माध्यम से लोगों को विभिन्न प्रखंडों के पंचायत एवं सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्र एवं नगर निकाय क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाया गया। लोगों को लघु फिल्म के माध्यम से मादक पदार्थों के दुरुपयोग के दुष्परिणाम तथा इससे बचने के उपाय आदि की जानकारी दी गयी। वहीं लोगों के बीच पंपलेट का वितरण किया गया, जो मादक पदार्थों के सेवन नहीं करने एवं उसके दुरूपयोग के दुष्परिणाम तथा इससे बचाव के उपायों पर आधारित है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार से ट्वीट कर ठेकेदार पर कार्यवाई की मांग की है। उन्होंने लिखा है कि बाघमारा क्षेत्र अंतर्गत जमुनिया नदी के नवनिर्मित पुल उद्घाटन से पहले की दरार पड़ने लगी है।
एप्रोच रोड का गार्डवाल भी पूरी तरह से ढह चुका है। ठेकेदार की लापरवाही से नवनिर्मित पुल में उद्घाटन से पहले की दरार पड़ गयी है। ठेकेदार ने घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया है। जिसकी वजह से नवनिर्मित पुल के एक हिस्से में दरार पड़ चुकी है, जिससे कभी भी एक बड़ा हादसा हो सकता है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि ठेकेदार पर आवश्यक कार्रवाई करें। क्योंकि ठेकेदार ने सरकार को गुमराह कर के भारी चूना लगाया है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)।पलामू उपायुक्त समीरा एस० के निदेश पर अनुसूचित जनजाति/आदिम जनजाति लाभुकों को सरकार की लाभकारी योजनाओं से जोड़ने एवं सरकार की योजनाओं के संबंध में जागरूक करने के उद्देश्य से जिले में 15 से 30 जून 2025 तक राष्ट्रव्यापी जागरूकता और लाभ अभियान चलाया जा रहा है।
जनजातीय कार्य मंत्रालय की ओर से चलाये जा रहे अभियान के तहत आज पलामू के चार प्रखंड के पंचायतों में शिविर का आयोजन किया गया। पांकी प्रखंड के हुताई पंचायत, मनातू प्रखंड के डुमरी, विश्रामपुर के बघमनवा, चैनपुर प्रखंड के भड़गावां पंचायत में शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर के माध्यम से अनुसूचित जनजाति/आदिम जनजाति परिवारों को लाभ पहुंचाये गये। उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। साथ ही योजनाओं को लेकर जागरूक किया गया। विभिन्न विभागों के द्वारा लगाए गए स्टॉल के माध्यम से लोगों को केंद्र एवं राज्य सरकार के द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी सभी ग्रामीणों को दी गई।
डालटनगंज सदर प्रखंड के झाबर के सभाकक्ष में पंचायत स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी जागो महतो ने की। मौके पर मुखिया संगीता देवी, पंचायत सचिव रौशन कुमार, सहित मनीष कुजूर, नीतीश कुमार, बीएओ ज्योति रंजन, बीपीओ अमन कुमार आदि उपस्थित रहे।
मनातू प्रखंड के ग्राम पंचायत डुमरी के पंचायत भवन में आयोजित धरती आबा जन भागीदारी अभियान के शिविर में मुखिया, मनातू के प्रखंड विकास पदाधिकारी राजकुंवर सिंह, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी गौतम प्रसाद कश्यप,पंचायत सचिव, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित हुए। इसके अलावा चैनपुर के भड़गावां, विश्रामपुर के बघमनवा में भी शिविर का आयोजन किया गया।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर केंद्र की मदद से चलने वाली विभिन्न योजनाओं में भ्रष्टाचार और लूटखसोट का आरोप लगाया है।
सोमवार को दुमका में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार विकास योजनाओं के लिए जो राशि झारखंड को देती है, राज्य की सरकार उसका उपयोग कर उपयोगिता प्रमाण पत्र तक नहीं भेज पा रही है। यही वजह है कि केंद्र को ऐसी योजनाओं की अगली किस्तों का भुगतान रोकना पड़ता है।
मरांडी ने कहा, केंद्र सरकार लूटने के लिए पैसा नहीं भेज सकती है। राज्य सरकार अगर अपनी जिम्मेदारी निभाएगी तो अगली किस्तें स्वतः जारी हो जाएंगी। नेता प्रतिपक्ष ने राज्य की विधि-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल खड़े किये।
उन्होंने कहा कि झारखंड में हाल के महीनों में कई आतंकियों को गिरफ्तार किया गया। केंद्रीय जांच एजेंसियों की जांच में उजागर हुआ है कि राज्य में कई स्थानों पर आतंकी संगठन अपनी गतिविधियां चला रहे हैं। यह राज्य की सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था के लिए बेहद गंभीर मामला है।
मरांडी ने कहा कि जिस पुलिस पर राज्य की सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा है, उसका मुखिया सरकार ने ऐसे व्यक्ति को बनाकर रखा है, जिसका आईपीएस के रूप में कार्यकाल 30 अप्रैल को ही समाप्त हो चुका है। आज की तारीख में झारखंड में डीजीपी के पद पर अनुराग गुप्ता को अवैध रूप से तैनात किया गया है। यहां तक कि एसीबी और सीआईडी का प्रमुख भी उन्हें ही बनाकर रखा गया है। यह पूरी तरह गैरकानूनी है।
भाजपा नेता ने सत्ता पक्ष के लोगों पर बालू, कोयला और पत्थर लूट में संलिप्त होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अब तो राज्य में कोई किसी की जमीन पर कब्जा कर ले रहा है और कोई सुनने वाला नहीं है। पाकुड़ के कोयला खदानों से जो लोडिंग होती है, उसकी ट्रांसपोर्टिंग से लेकर रैक तक में राज्य सरकार के परिवारवालों ने कब्जा जमा रखा है।
टीम एबीएन, रांची। भाकपा माले ने 9 जुलाई को घोषित देशव्यापी मजदूर विरोधी चार श्रम कोडों के खिलाफ हड़ताल को सफल बनाने का निर्णय लिया है।
यह निर्णय मंगलवार को संपन्न हुई दो दिवसीय राज्य कमेटी की बैठक में लिया गया। बैठक में पार्टी के सभी जनसंगठनों की सदस्यता में तेजी से वृद्धि करने का निर्णय लिया गया। आंदोलन को तेज करने और सभी जनसंगठनों के सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
साथ ही सितंबर माह तक पार्टी सभी जिला सम्मेलन संपन्न करने का निर्णय लिया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि 21 जुलाई से 28 जुलाई तक जुलाई अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के दौरान सदस्यता अभियान को तेज किया जाएगा और ब्रांच कमेटियों का निर्माण किया जाएगा।
भाकपा माले ने पेसा कानून और सरना कोड को अविलंब लागू करने की मांग को लेकर आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया। बैठक में सामाजिक-राजनीतिक और आरटीआई कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता ली। पार्टी नेताओं ने उनका स्वागत किया और कहा कि पार्टी जनपक्षीय संघर्ष को और तेज करेगी।
टीम एबीएन, रांची / दिल्ली। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने पिता और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल पहुंचे। शिबू सोरेन वर्तमान में स्वास्थ्य कारणों से अस्पताल में भर्ती हैं।
अपने पिता से मुलाकात के अलावा, हेमंत सोरेन के दिल्ली प्रवास के दौरान इंडिया गठबंधन के कई नेताओं से मुलाकात करने की संभावना है। हालांकि उनकी वापसी की तारीख अभी तक निश्चित नहीं है, लेकिन अनुमान लगाया जा रहा है कि वे 2 दिनों तक दिल्ली में रह सकते हैं।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, सिमडेगा। सिमडेगा के रहने वाले तीन दोस्तों की बर्थडे पार्टी से लौटते समय दर्दनाक हादसे में मौत हो गई है। एक युवक का बर्थडे था और वह अपने दो दोस्तों के लेकर गुमला जिले के तपकरा डैम गए थे। दिनभर तीनों दोस्तों ने जमकर बर्थडे का सेलिब्रेशन किया और शाम को एक ही बाइक पर सवार होकर घर लौटने के लिए निकल गये।
इसी बीच एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें दो दोस्तों की मौके पर ही और एक की इलाज के दौरान मौत हो गई। सिमडेगा जिले के कोलेबिरा थाना क्षेत्र में रहने वाले तीन दोस्त सोमवार को गुमला जिले के तपकरा डैम बर्थडे सेलिब्रेट करने के लिए गए थे, जहां तीनों ने दिनभर पार्टी की। शाम के समय तीनों दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर होकर घर लौट रहे थे।
इसी बीच कोलेबिरा और गुमला को जोड़ने वाली एनएच 143 पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार की थी कि वह कई फीट दूर जाकर गिरे। इस दौरान मौके पर ही सूरज बाघवार और अमृत बाघवार की मौत हो गई। वहीं, तीसरा युवक मोनू टेटे गंभीर रूप से घायल हो गया है।
मोनू को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची कोलेबिरा थाने की पुलिस ने तीन युवकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामले की जांच की शुरू कर दी है। घटना के बाद से ही मृतकों के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार के खिलाफ भाजपा का विरोध प्रदर्शन सोमवार को पूरे राज्य में व्यापक रूप से देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सभी जिलों के अंचल कार्यालयों के समक्ष विरोध प्रदर्शन कर राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार और जनविरोधी कार्यशैली के गंभीर आरोप लगाए।
रांची के हेहल अंचल कार्यालय में भाजपा के प्रदेश महामंत्री बालमुकुंद सहाय के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता एकत्र हुए और मुख्य गेट के सामने धरना देकर जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान भाजपा महिला मोर्चा सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पोस्टर-बैनर लेकर सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि हेमंत सरकार के शासनकाल में सरकारी कार्यालयों में व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार फैला है।
जाति प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, म्यूटेशन व अन्य योजनाओं जैसे मंईयां सम्मान योजना का लाभ भी बिना रिश्वत के नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने जनकल्याणकारी योजनाओं को भी लूट-खसोट का माध्यम बना दिया है।
भाजपा नेता रमेश सिंह ने कहा, राज्य सरकार ईमानदारी से काम करे वरना जनता अगला रास्ता दिखाएगी। अगर सरकार नहीं चेती, तो हम सड़कों से लेकर सदन तक आंदोलन को तेज करेंगे। वहीं धरना प्रदर्शन के चलते कई अंचल कार्यालयों में विकास कार्य बाधित रहे।
इस विरोध कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गई थी। रांची समेत अन्य जिलों में भी इसी तरह के प्रदर्शन आयोजित किए गए। प्रदर्शन में भाजपा नेत्री शोभा यादव, सिमन सिंह, प्रतुलनाथ शहदेव, मनोज मिश्रा सहित कई स्थानीय और राज्यस्तरीय नेता शामिल रहे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse