एबीएन न्यूज नेटवर्क, हुसैनाबाद पलामू। अंचल थाना क्षेत्र के महुआरी गांव में बीते दिनों कच्ची सड़क निर्माण कार्य के दौरान एक ही परिवार के दो पक्षों में झड़प का मामला प्रकाश में आया है
इस सबन्ध में महुआरी गांव निवासी महेंद्र कुमार सिंह ने 26 तारीख को सड़क निर्माण कार्य के दौरान मारपीट और फायरिंग का आरोप लगाते हुए थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि उनके गांव महुआरी में जिला परिषद से मिट्टी-मोरम सड़क का निर्माण स्वीकृत हुआ था। कार्य प्रगति पर था।
26 तारीख को जब वे काम करवा रहे थे, तभी बद्री नारायण सिंह अपने दोनों पुत्र निखिल कुमार सिंह, गौरव और भाई प्रदीप सिंह, प्रमोद सिंह, अशोक सिंह समेत मनीष व अन्य लोग कट्टा, राइफल, बंदूक और लाठी लेकर साइट पर पहुंचे। एवं ट्रैक्टर के ड्राइवर को गाली-गलौज कर भगा दिया और मिट्टी गिराने से रोक दिया। विरोध करने पर मारपीट पर उतारू हो गए और राइफल-बंदूक से फायरिंग शुरू कर दी।
जान बचाने के लिए महेंद्र कुमार सिंह भागकर रणजीत सिंह के घर में छिपे। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे इस सबन्ध में उन्होंने उचित न्याय व जबरन काम को बाधित करने व हत्या के नियत से फायरिंग करने अन्य धाराओं में मुक़दमा दर्ज कराया हैं उन्होंने आगे बताया कि घटना से मैं दहशत में हूं।
इस सबन्ध में थाना प्रभारी को पूरी घटना की जानकारी दे दी गई है। इधर थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर मार पीट व फायरिंग करने का आरोप लगाया हैं आवेदन के आधार मानते हुए दोनों पक्षों के तरफ से मुकदमा दर्ज कर लिया गया पुलिस पूरी घटना की जांच कर रही हैं अगर फाइरिंग व गोली चलाने की बात सामने आएगी तो विधि सम्मत कार्रवाई होगी व लाइसेंस रद्द भी कराया जाएगा।
टीम एबीएन, रांची। पुंदाग स्थित श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर परिसर में श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट एवं ए.आर. हेल्थ केयर पॉलीक्लिनिक एंड डायग्नोस्टिक के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा परामर्श शिविर का सफल आयोजन किया गया।
शिविर में क्षेत्र के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांचों का लाभ उठाया। शिविर के दौरान कुल 70 लोगों के ब्लड शुगर, रक्तचाप (बीपी), कोलेस्ट्रॉल एवं वजन की निःशुल्क जांच की गई। जांच के उपरांत वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सुरेंद्र प्रसाद ने सभी मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया।
उन्होंने उपस्थित लोगों को संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि प्रारंभिक जांच से अनेक गंभीर बीमारियों का समय रहते पता लगाया जा सकता है और उनका प्रभावी उपचार संभव है।
स्वास्थ्य जांच कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में रविंद्र कुमार, अरुण कुमार एवं विकास पासवान की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी सेवाओं की उपस्थित लोगों ने सराहना की। ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि शिविर के प्रति लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने जांच कराकर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट भविष्य में भी समाजहित में ऐसे जनकल्याणकारी स्वास्थ्य एवं सेवा कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सके।
इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, मनोज चौधरी, सज्जन पाड़िया, पूरणमल सर्राफ, सुरेश अग्रवाल, पुजारी अरविंद पांडे, मधुसूदन जाजोदिया, संजय सर्राफ, शिव भगवान अग्रवाल, नंदकिशोर चौधरी, अंजनी अग्रवाल, अरविंद अग्रवाल, विष्णु सोनी, प्रभास गोयल, सुरेश चौधरी, पवन कुमार अग्रवाल, सुरेश भगत, पवन कुमार पोद्दार, ज्ञान प्रकाश शर्मा सहित अनेक गणमान्य सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने इस प्रकार के स्वास्थ्य जागरूकता एवं जनसेवा कार्यक्रमों को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए ट्रस्ट की पहल की सराहना की।
टीम एबीएन, रांची। पुंदाग स्थित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम में श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट की एक महत्वपूर्ण बैठक ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में ट्रस्ट द्वारा संचालित विभिन्न धार्मिक एवं सेवा गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से विचार-विमर्श कर आवश्यक निर्णय लिए गए। बैठक का प्रमुख विषय आगामी गुरु पूर्णिमा महोत्सव एवं संत शिरोमणि स्वामी सदानंद जी महाराज के रांची आगमन की तैयारियां रहीं।
सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 19 जुलाई को स्वामी सदानंद जी महाराज के रांची आगमन पर श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में भव्य स्वागत किया जाएगा। एवं गुरु जी का प्रवचन एवं श्री कृष्ण कथा का भव्य कार्यक्रम होगा। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गईं।बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर परिसर में भव्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत विशेष पूजा-अर्चना, गुरु वंदना, भजन-कीर्तन, सामूहिक आरती तथा प्रसाद वितरण जैसे आध्यात्मिक आयोजन होंगे। इसके अतिरिक्त 2 अगस्त को स्वामी सदानंद जी महाराज के जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष उत्सव का आयोजन करने का भी निर्णय लिया गया। इस अवसर पर धार्मिक अनुष्ठानों के साथ श्रद्धालुओं के लिए विविध आध्यात्मिक एवं सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में ट्रस्ट द्वारा संचालित सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम, श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर तथा श्री कृष्ण प्रणामी गौशाला में संचालित सेवा कार्यों की भी समीक्षा की गई। इन संस्थाओं के माध्यम से चल रही धार्मिक, सामाजिक एवं मानवीय सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई तथा सेवा गतिविधियों के विस्तार का संकल्प लिया गया।
ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि बैठक में ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल निर्मल जालान, मनोज चौधरी, सज्जन पाड़िया, पूरणमल सर्राफ,सुरेश अग्रवाल, मधुसूदन जाजोदिया, संजय सर्राफ, शिव भगवान अग्रवाल,नंदकिशोर चौधरी, अंजनी अग्रवाल,अरविंद अग्रवाल, विष्णु सोनी, प्रभास गोयल, सुरेश चौधरी,पवन कुमार अग्रवाल, सुरेश भगत, पवन पोद्दार, ज्ञान प्रकाश शर्मा, सहित ट्रस्ट के अनेक सदस्यगण उपस्थित थे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। अपराधियों पर नकेल कसने के लिए धनबाद पुलिस एक्शन में है। वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देश पर शनिवार को धनसार थाना क्षेत्र के बरमसिया टोपी के पास एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस ने आने-जाने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर सघन जांच की। ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी, इंश्योरेंस, पॉल्यूशन सर्टिफिकेट समेत सभी कागजात खंगाले गए।
जांच के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष निगरानी रखी गई। बिना कागजात या संदिग्ध हालत में मिले वाहनों पर कार्रवाई की तैयारी है।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और वाहन चलाते समय सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखने की अपील की।
पुलिस का कहना है कि अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने, असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिले भर में यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
एसएसपी का एंटी क्राइम अभियान सराहनीय है। पर सिर्फ कागज चेक करने से अपराध नहीं रुकेगा। हथियार, ड्रग्स और वांटेड अपराधियों की तलाश भी होनी चाहिए। बरमसिया जैसे संवेदनशील इलाके में शाम ढलते ही पुलिस की गश्त बढ़े, तभी जनता को असली सुरक्षा का एहसास होगा। जनता भी सहयोग करे, नियम तोड़े नहीं।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। जिले के पुटकी क्षेत्र अंतर्गत करकेंद टीओपी के पीछे स्थित जंगल में कथित रूप से अवैध कोयला डिपो संचालित कर बड़े पैमाने पर अवैध कोयला कारोबार चलाया जा रहा है जहां प्रतिदिन अवैध कोयला भंडारण कर रात्रि में ट्रकों ओर हाईवे के माध्यम से बाहर मंडियों में भेजा जाता है ।
इस अवैध कोयला कारोबार के वजह से थाना प्रभारी की भी छवि को धूमिल करने का प्रयास करते आ रहे कोयला माफिया। जिसको लेकर अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने सोशल मीडिया x पर झारखंड सरकार, धनबाद पुलिस, झारखंड पुलिस विधायक रागिनी सिंह को ट्वीट कर अवैध कोयला तस्करी पर रोक लगाने की मांग की।
उन्होंने लिखा कि यहां बड़े पैमाने पर अवैध रूप से कोयले का भंडारण और कारोबार किया जा रहा है। रत्नेश कुमार ने पुलिस एवं CISF को इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा अवैध गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। जिला इन दिनों हादसों का जिला बना हुआ है हिंडालको द्वारा संचालित ट्रकों में बैठे यमराज ने आज फिर से बक्शीडीपा से शुक्र बाजार के बीच में एक मोटरसाइकिल चालक JH 08K- 4580 को ट्रक चालक JH08C- 1776 से अपने चपेट में लेते कुचलने का प्रयास किया लेकिन एक कहावत है जागो राखे साईया मार सके ना कोई।
भगवान ने मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति को बचा लिया है क्या शहर में घुसने वाले हाई स्पीड गाड़ीयो पर जिला प्रशासन नियंत्रण कर पाएगी या नहीं? क्योंकि हिंडालको कंपनी शहर को शमशान कब्रिस्तान बनाने पर तुली हुई है और लोहरदगा हिंडालको कंपनी में ऊंचे कुर्सी पर बैठे हुए लाटसाहब को कोई लेना-देना नहीं है।
लोहरदगा की जनता को अब राजनीति से ऊपर उठकर अपने शहर को बचाने के लिए अपने लोगों को सुरक्षित रखने के लिए खुद से आगे आना पड़ेगा और लतखोर हिंडाल्को के खिलाफ में आंदोलन का मुहिम चलाना पड़ेगा कब तक हम सभी मरते रहेंगे और मुआवजे के नाम पर थोड़ा बहुत रकम परिवार को दिलाते रहेंगे क्योंकि आज कई वर्षों से हम लोग सुनते आ रहे हैं कि बाईपास बन रहा है बाईपास बन रहा है ठीक है बाईपास का काम प्रारंभ हुआ है।
लेकिन क्या बाईपास बनने से पूर्व लोहरदगा के सैकड़ो लोगों को शहादत देनी पड़ेगी तब कहीं जाकर बाईपास बनेगा क्योंकि जनप्रतिनिधि कान में तेल डालकर सोए हुए हैं और हिंडाल्को के रस की चासनी में डूबे हुए हैं कुंभकरण को भी जगाने के लिए ढोल नगाड़ा बजाना पड़ता था अब जनता को ढोल नगाड़ा लेकर निकलना होगा। जागो लोहरदगा की सोई हुई जनता जागो।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। कोयला चोरी की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कोयला मंत्रालय ने भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। मंत्रालय को प्राप्त शिकायतों के बाद मामले में कार्रवाई शुरू कर दी गई है और संबंधित क्षेत्रों में हो रही कथित कोयला चोरी की जानकारी मांगी गई है।
बीसीसीएल सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने इस मामले को काफी गंभीरता से लेते हुए पहले ही सार्वजनिक रूप से इस मामले को उठा रहे है। सूत्रों के अनुसार, मंत्रालय को हाल के दिनों में कोयला चोरी और अवैध कारोबार से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुई थीं।
शिकायतों में बीसीसीएल के कुछ कोलियरियों और आउटसोर्सिंग परियोजनाओं के आसपास बड़े पैमाने पर कोयले की अवैध निकासी का आरोप लगाया गया है। इसके बाद मंत्रालय ने बीसीसीएल प्रबंधन को पूरे मामले की जांच कर तथ्यात्मक रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
मंत्रालय ने रिपोर्ट में कोयला चोरी की घटनाओं, रोकथाम के लिए उठाए गए कदमों, सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका संबंधी जानकारी भी मांगी है। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए तैयार की गई कार्ययोजना का ब्योरा देने को कहा गया है।
कोयलांचल में कोयला चोरी और अवैध खनन का मामला अब केवल स्थानीय समस्या नहीं रह गया है। यह मुद्दा कोयला मंत्रालय से लेकर संसद और राज्य की राजनीति तक पहुंच चुका है। केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी, केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी समेत कई जनप्रतिनिधि सार्वजनिक रूप से इस समस्या पर चिंता जता चुके हैं।
विभिन्न आकलनों के अनुसार धनबाद क्षेत्र में हर वर्ष करीब 4,500 करोड़ रुपये मूल्य के कोयले की अवैध निकासी हो रही है, जिससे केंद्र सरकार, बीसीसीएल और देश की अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। यह आकलन सरकार व कंपनी के लिए चिंता का विषय बन गया है।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया है कि आउटसोर्सिंग परियोजनाओं और अवैध खनन स्थलों से प्रतिदिन बड़े पैमाने पर कोयले की निकासी हो रही है।
उनके अनुसार लगभग 50 आउटसोर्सिंग परियोजनाओं और 50 से अधिक अवैध खनन स्थलों से रोज 400 से अधिक वाहन निकलते हैं। इसके माध्यम से प्रतिदिन 25 से 30 हजार टन कोयले की अवैध ढुलाई और बिक्री की जा रही है। उन्होंने इसे राष्ट्रीय संपत्ति की खुली लूट करार दिया है।
इधर, बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल भी कई अवसरों पर स्वीकार कर चुके हैं कि कंपनी के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध खनन और कोयला चोरी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। उनका कहना है कि कोयला चोरी केवल कंपनी का नुकसान नहीं है, बल्कि इससे देश के राजस्व को भी क्षति पहुंचती है।
कोयला चोरी रोकने के लिए बीसीसीएल हर वर्ष करीब 500 करोड़ रुपये सुरक्षा व्यवस्था पर खर्च करती है। इस राशि में सीआईएसएफ के लगभग 3,000 जवानों का वेतन, सुरक्षा उपकरण और अन्य सुविधाएं शामिल हैं।
इसके बावजूद विशाल खनन क्षेत्र और संगठित गिरोहों की सक्रियता के कारण चुनौती बनी हुई है। सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि सीआईएसएफ को कई अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा भी संभालनी पड़ती है, जिससे संसाधनों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है।
बीसीसीएल ने हाल के वर्षों में ड्रोन निगरानी, डिजिटल सर्विलांस, जीपीएस आधारित ट्रैकिंग और अन्य तकनीकी उपायों को बढ़ावा दिया है। कंपनी के स्तर पर प्रतिदिन अवैध खनन और कोयला चोरी से जुड़े मामलों का रिकॉर्ड भी तैयार किया जा रहा है। इसके बावजूद अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह रोक नहीं लग पाई है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के तीन जिलों में 24 घंटों के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से तीन महिलाओं समेत कम से कम चार लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, आकाशीय बिजली गिरने से लोहरदगा जिले में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि लातेहार और कोडरमा जिलों में एक-एक व्यक्ति की जान चली गयी।
अधिकारियों के अनुसार, लोहरदगा में अलग-अलग स्थानों पर दो महिलाओं की मौत हुई, जबकि छह अन्य लोग झुलस गये। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान कुरू थाना क्षेत्र के सलगी गांव की घुरती उरांव (48) और बगरू थाना क्षेत्र के चरहू गांव की आसीदा खातून (40) के रूप में हुई है।
कुरू के थाना प्रभारी अजीत कुमार ने बताया कि उरांव अपने पति और बेटे के साथ खेत में काम कर रही थीं, तभी उन पर आकाशीय बिजली गिर गयी। उन्होंने कहा कि इस घटना में उनका पति और बेटा भी घायल हो गये, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बगरू के थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि खातून गांव में बकरियां चरा रही थीं, तभी वह आकाशीय बिजली की चपेट में आ गयीं। पुलिस के अनुसार तिसिया नयाटोली में एक मकान में शरण लेने के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से तीन महिलाओं समेत चार लोग झुलस गये तथा उनका इलाज लोहरदगा सदर अस्पताल में जारी है।
पुलिस के मुताबिक लातेहार जिले में बालूमाथ थाना क्षेत्र के पिंडराकोम गांव में 14 वर्षीय एक किशोरी की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गयी। पुलिस का कहना है कि कोडरमा थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव में 26 वर्षीय सोनी कुमारी की गुरुवार को पेड़ के नीचे शरण लेने के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गयी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 27 जून से अगले पांच दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का पूवार्नुमान जताया है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse