झारखंड

View All
Published / 2025-07-10 22:06:34
नहीं रहे पूर्व मंत्री ददई दुबे, शोक

टीम एबीएन, रांची। झारखंड सरकार में पूर्व मंत्री और वरिष्ठ नेता चंद्रशेखर दुबे (ददई दुबे) का निधन हो गया है। जानकारी के अनुसार उन्होंने नयी दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन पर सीएम हेमंत सोरेन ने गहरा दुख जताया है। 

उन्होंने कहा कि लंबे समय तक राजनीति में सक्रिय रहते हुए स्व ददई दुबे ने लोगों के हक-अधिकार के लिए हमेशा आवाज उठाते रहे। उनका निधन राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। मरांग बुरु दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दु:ख की यह घड़ी सहन करने की शक्ति दे।

Published / 2025-07-10 20:55:23
रांची में पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की 27वीं बैठक

सीएम हेमंत सोरेन ने गृह मंत्री अमित शाह का किया स्वागत 

टीम एबीएन, रांची। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक हुई, जिसमें झारखंड को विशेष सहायता और योजनाओं की मंजूरी की उम्मीद थी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बैठक में चार पूर्वी राज्यों झारखंड, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के लगभग 70 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी भी इसमें शामिल हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि इस बैठक के लिए शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है।

एक अधिकारी ने बताया, गृह मंत्री की अध्यक्षता में रांची में होने वाली पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं। सोरेन ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पावन धरती झारखंड के रांची में आयोजित 27वीं पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता हेतु माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी का स्वागत किया। 

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि झारखंड सरकार सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (पीएसयू) पर बकाया 1.36 लाख करोड़ रुपये की कोयला राशि का मुद्दा उठा सकती है जबकि बिहार सीमावर्ती राज्यों के साथ जल बंटवारे से जुड़े मुद्दे उठा सकता है। उन्होंने बताया कि बिहार दोनों राज्यों के बीच संपत्ति विभाजन से संबंधित मुद्दों को भी उठा सकता है, जिनमें से कई 15 नवंबर 2000 को झारखंड के गठन के बाद से अभी तक अनसुलझे हैं। 

झारखंड आदिवासियों के लिए एक अलग सरना धार्मिक संहिता की मांग भी उठा सकता है। हेमंत सोरेन सरकार इस संबंध में पहले ही राज्य विधानसभा में एक प्रस्ताव पारित कर केंद्र को भेज चुकी है। एक अधिकारी ने बताया कि इसके अलावा, झारखंड यह मांग भी कर सकता है कि कोयला धारक क्षेत्र (अर्जन और विकास) अधिनियम में संशोधन कर यह प्रावधान जोड़ा जाए कि खनन कार्य पूरा होने के बाद कंपनियां, राज्य सरकार को जमीन वापस करें। 

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि सोरेन के अलावा, झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मंत्री दीपक बिरुआ, मुख्य सचिव अलका तिवारी, प्रमुख सचिव (गृह) वंदना दादेल और पुलिस महानिदेशक अनुराग गुप्ता बैठक में भाग ले रहे हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने पिता एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के इलाज के सिलसिले में लगभग 15 दिन से दिल्ली में थे लेकिन बैठक में भाग लेने के लिए वह बुधवार देर रात रांची लौट आये। 

अधिकारी ने बताया कि बिहार का प्रतिनिधित्व मंत्री विजय चौधरी और सम्राट चौधरी कर रहे हैं जो बुधवार को यहां पहुंच गए। उन्होंने बताया कि ओडिशा के प्रतिनिधिमंडल में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और उपमुख्यमंत्री प्रवती परिदा शामिल हैं। पश्चिम बंगाल का प्रतिनिधित्व मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य कर रही हैं। यह बैठक पहले 10 मई को होनी थी, लेकिन उस समय भारत-पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण हालात को देखते हुए इसे स्थगित कर दिया गया था।

रांची में आयोजित पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ये माँगे रखी

पर्यटन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर जोर

  • आदिवासी सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के साथ पर्यटन को बढ़ावा देने का सुझाव।
  • MSME के माध्यम से रोजगार सृजन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में मजबूती की बात।
  • मैयां सम्मान योजना के तहत 18-50 वर्ष की महिलाओं को ₹2500 मासिक सहायता देने की योजना का जिक्र।

खनन और राजस्व संबंधी मांगें

  • कोल कंपनियों से ₹1.40 लाख करोड़ की बकाया राशि की शीघ्र वसूली।
  • DMFT नीति में संशोधन और PSU में स्थानीयों को प्राथमिकता देने की मांग।
  • बंद पड़ी खदानों के सुरक्षित बंदीकरण (Mines Closure) पर जोर।

शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान

  • ट्राइबल यूनिवर्सिटी की स्थापना के लिए केंद्र से सहयोग की अपील।
  • RIMS-2 और नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना में केंद्र सरकार से भागीदारी की उम्मीद।
  • SC/ST/OBC छात्रों के लिए छात्रवृत्ति योजनाओं में विस्तार और केंद्र की सहायता की मांग।

कनेक्टिविटी और अधोसंरचना विकास पर फोकस

  • साहेबगंज-रांची एक्सप्रेसवे और रांची मेट्रो परियोजना का प्रस्ताव।
  • रेलवे नेटवर्क विस्तार और लंबित योजनाओं को जल्द पूरा करने की अपील।
  • रामरेखा धाम को रामायण सर्किट और बौद्ध स्थलों को बौद्ध सर्किट से जोड़ने की मांग।

गरीबी उन्मूलन और सामाजिक सहायता योजनाएं

  • प्रधानमंत्री आवास और मनरेगा की मजदूरी दरें महंगाई के अनुरूप बढ़ाने का अनुरोध।
  • पेंशन योजनाओं में केंद्र का अंशदान ₹1000 मासिक करने की अपील।
  • गरीब परिवारों के लिए 15 लाख तक का स्वास्थ्य बीमा कवर देने की योजना।

पर्यावरण और जल प्रबंधन

  • दामोदर नदी को नमामि गंगे योजना में शामिल करने की मांग।
  • सिंचाई परियोजनाओं के लिए केंद्र से साझेदारी की अपेक्षा।

संविधानिक अधिकार और संघीय ढांचे पर चिंता

  • CBA एक्ट में संशोधन का विरोध और खनन के बाद भूमि का नियंत्रण राज्य को देने की अपील।
  • COMFED, होटल अशोक और अन्य संपत्तियों के बंटवारे पर नीति निर्धारण की जरूरत बताई।

Published / 2025-07-10 20:50:26
गुरु पूर्णिमा पर्व पर श्री राधा-कृष्ण मंदिर में हुई विशेष पूजा

महाप्रसाद वितरण के बाद भजन- कीर्तन में कृष्ण राधा के भजनों पर श्रद्धालु खूब थिरके 

टीम एबीएन, रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग में श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम मे गुरु पूर्णिमा पर्व बड़े ही श्रद्धा पूर्वक एवं धार्मिक आस्था के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर श्री राधा कृष्ण जी का भव्य अलौकिक श्रृंगार विशेष पूजा-अर्चना, महाभोग प्रसाद, भजन- कीर्तन एवं सामूहिक महाआरती का आयोजन किया गया। 

महाप्रसाद में 101 किलो ग्राम की केसरिया मेवा युक्त खीर का भोग भगवान श्री राज श्याम जी को विधिवत भोग पुजारी अरविंद पांडे द्वारा लगाया गया। तथा पूरे विधि विधान से पूजा- अर्चना एवं आरती की गई। मंदिर परिसर में उपस्थित दो हजार भी अधिक श्रद्धालुओं के बीच अन्नापूर्णा महाप्रसाद भोग का वितरण किया गया। 

तत्पश्चात भजन-कीर्तन में ट्रस्ट के भजन गायक मनीष सोनी, निर्मल जालान, सज्जन पाड़िया ने अपने मनमोहक सुमधुर भजनों से श्रोताओं को खूब झुमाया। तथा पूरा वातावरण को कृष्णमय एवं भक्तिमय बना दिया। इस अवसर पर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने कहा कि गुरु पूर्णिमा का पर्व बेहद पवित्र और आध्यात्मिक महत्व का दिन माना जाता है। 

यही दिन व्यास पूर्णिमा और वेदव्यास जयंती के रूप में श्रद्धा से मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि यह दिन आत्मिक विकास, आत्म संयम और श्रम की योग्यता को निखारने की प्रेरणा देता है, यह पर्व हमें स्मरण कराता है कि जहां तक हमने देखा है वह केवल गुरु की छाया है और जहां तक देखना है वह गुरु के अनुग्रह दीप्त पथ पर चलना है। हम सभी गुरुओं का सम्मान करें जो दीपक की भांति हमें हर अंधकार से रास्ता दिखाते हैं। 

मौके पर डुंगरमल अग्रवाल, निर्मल जालान, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, मनोज चौधरी, पूरणमल सर्राफ, सज्जन पाड़िया, संजय सर्राफ, शिवभगवान अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, मधु जाजोदिया, विशाल जालान, नंद किशोर चौधरी, सुनील पोद्दार, अरविंद अग्रवाल, विष्णु सोनी, पवन पोद्दार, निर्मल मानपुरिया, आनंद अग्रवाल, विधा देवी अग्रवाल, शोभा जालान, कविता गाड़ोदिया, रमा डोकानिया, बिमला जालान, संतोष देवी अग्रवाल, रश्मी जालान, निकिता जालान, निलम गोयल, अमिता जालान, बबीता मानपुरिया, उत्सव पोद्दार सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष उपस्थित थे। उक्त जानकारी श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।

Published / 2025-07-10 20:49:40
सड़क चौड़ीकरण को लेकर समुचित मुआवजा मांग के लिए रैयतों की बैठक

टेलिफोनिक वार्ता में देवेंद्रनाथ महतो ने दिया आंदोलन का अल्टीमेटम 

टीम एबीएन, राहे/ रांची। अनगड़ा-राहे (एमडीआर-21) प्रोजेक्ट से सड़क चौड़ीकरण व मजबूतीकरण का कार्य पूर्ण हो चुका है। लेकिन अभी तक किसी भी रैयत को मुआवजा भुगतान नहीं हो सका है। इस पर विस्थापितों व रैयतों ने नाराजगी जाहिर किया है। समुचित मुआवजा के मांग को लेकर आज सताकी में ग्राम सभा बैठक हुई। बैठक में संताकी मौजा और कोतांटोली मौजा के लोग शामिल हुए। 

बैठक में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के विधानसभा पूर्व प्रत्याशी देवेंद्रनाथ महतो भी पहुंचे। ग्रामीणों से कागजी निरीक्षण के साथ चर्चा-परीचर्चा हुआ। मौके पर देवेंद्रनाथ महतो ने जिला भूवर्जन पदाधिकारी एवं स्थानीय राहे अंचलाधिकारी से टेलीफोनिक वार्ता कर आंदोलन का अल्टीमेटम देते हुए विस्थापितों को समुचित मुआवजा की मांग की। 

संगठन के प्रखंड अध्यक्ष सुभाषचंद्र महतो ने जानकारी देते हुए कहा कि इस सड़क चौड़ीकरण में फिलहाल 4,485 रुपये प्रति डिसमिल दी जाने की नोटिस जारी किया गया है। जबकि वर्तमान सरकारी दर के अनुसार से 22000 रुपये प्रति डिसमिल मुआवजा राशि होनी चाहिए। 

आज की इस बैठक में स्थानीय मुखिया पांडुराम मुंडा, सुभाष चंद्र महतो, अशोस संवासी, सहचरी देवी, दुर्लभ महतो, प्रीति कुमारी, रमेश महतो, पारसनाथ मुंडा, प्रफुल्य महतो आदि विस्थापित रैयत मौजूद रहे।

Published / 2025-07-10 20:48:26
विश्व प्रसिद्ध देवघर श्रावणी मेले का उद्घाटन होते ही उमड़ी लोगों की भारी भीड़

बाबा के दर्शन और जलाभिषेक को देवघर पहुंचे कांवरियां और श्रद्धालु 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के देवघर में विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला का विधिवत उद्घाटन कर दिया गया। राज्य के पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार, श्रम मंत्री संजय यादव और पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काट कर मेले का उद्घाटन किया। 11 जुलाई से देवघर का विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला शुरू हो रहा है, जहां अब श्रद्धालु सुल्तानगंज से दुम्मा द्वार होते हुए देवघर के बाबा धाम मंदिर में जलाभिषेक करने सीधे पहुंच सकेंगे। 

मौके पर विधायक सुरेश पासवान, विधायक देवेंद्र कुंवर, विधायक उदय शंकर सिंह, डीसी नमन प्रियेश लकड़ा, एसपी एपी डुंगडुंग, सीडीओ रवि कुमार, डीडीसी पीयूष सिंहा, एनडीसी शैलेश कुमार, एसडीपीओ अशोक सिंह, पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख, जेएमएम संजय शर्मा सहित कई गणमान्य मौजूद थे। 

एआई के माध्यम से श्रद्धालुओं के पास पहुंचेगी सुविधा 

श्रावणी मेला के उद्घाटन के मौके पर मंत्री सुदिव्य कुमार ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हर वर्ष की तुलना में इस वर्ष सबसे खास इंतजाम किए गए हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से श्रद्धालुओं को सुविधा मुहैया करायी जायेगी। मंत्री सुदिव्य कुमार ने आगे कहा कि किसी भी बड़े सफल आयोजन का संचालन तभी होता है जब समाज और स्थानीय लोगों की मदद मिले, इसलिए उन्होंने देवघर वासियों से अपील करते हुए कहा कि लोगों के साथ बेहतर व्यवहार बनाकर रखें। 

अगले साल तक दो फ्लाईओवर की मिलेगी सुविधा: मंत्री सुदिव्य कुमार 

मंत्री ने बताया कि अगले सावन को लेकर भी उनके मन में कई तैयारियों की योजना है। देवघर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अगले साल तक दो फ्लाईओवर का निर्माण करवाने को लेकर अधिकारियों से चर्चा की गयी है। उन्होंने कहा कि इस मेले के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री को भी आना था लेकिन रांची में केंद्रीय गृह मंत्री के नेतृत्व में होने वाली बैठक में शामिल होने की वजह से वह नहीं आ पाये। 

दूर-दूर से आते हैं श्रद्धालु : दीपिका पांडे सिंह 

पंचायती एवं राज मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने कहा कि श्रावणी मेले में जो इंतजाम जिला प्रशासन के द्वारा किए गए हैं, उसकी जितनी भी प्रशंसा की जाये वो कम है। उन्होंने कहा कि झारखंड के सबसे बड़े आयोजनों में श्रावणी मेला का नाम आता है। इस मेले में आसपास के राज्यों के लोग ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के श्रद्धालु यहां आस्था के साथ पहुंचते हैं। इसलिए राज्य सरकार का यह प्रयास है कि बेहतर व्यवस्था के माध्यम से देश दुनिया से आए लोगों की नजर में झारखंड की अच्छी छवि बनी रहे। 

स्थानीय लोग बनाते हैं आयोजन को सफल : संजय यादव 

वहीं कार्यक्रम में पहुंचे श्रम मंत्री संजय यादव ने कहा कि सिर्फ देवघर ही नहीं बल्कि पूरे संथाल क्षेत्र के लोग इस मेले से लाभान्वित होते हैं। इसलिए साल में एक बार आने वाले इस मेले का इंतजार पूरे क्षेत्र के लोग करते हैं। इस मेले को सफल बनाकर देवघर और आसपास के लोग अपनी सभ्यता का परिचय दें।

वैदिक मंत्र उच्चारण के साथ हुई विधिवत पूजा

दुम्मा द्वार का फीता काटने से पहले तीनों मंत्री समेत जिला प्रशासन के सभी अधिकारियों ने मंदिर के तीर्थ पुरोहितों के साथ वैदिक मंत्रों का उच्चारण के साथ विधिवत पूजा अर्चना की। वहीं दुम्मा द्वार से प्रवेश करने वाले श्रद्धालुओं के साथ पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार, श्रम एवं उद्योग मंत्री संजय यादव ने बम बम बोले का नारा लगाया।

Published / 2025-07-09 21:09:13
झारखंड : वाई-फाई से युक्त होंगे सभी सरकारी अस्पताल

मरीज और उनकी अटेंडेंट को मुफ्त मिलेगा 

मरीजों और अटेंडेंट्स को होगा लाभ, स्वास्थ्य जानकारी तक मिलेगी आसान पहुंच 

टीम एबीएन, रांची। राज्य सरकार ने सभी सरकारी अस्पतालों को मुफ्त वाई-फाई सुविधा से युक्त करने का बड़ा फैसला लिया है। इस नयी पहल के तहत अस्पतालों में इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके साथ आने वाले परिजनों को मुफ्त इंटरनेट सेवा उपलब्ध करायी जायेगी, जिससे वे स्वास्थ्य संबंधी जानकारी, सरकारी योजनाएं और अन्य डिजिटल सेवाओं तक आसानी से पहुंच बना सकें। सरकार की ओर से बीएसएनएल सभी अस्पतालों में वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध करायेगी। 

स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि यह पहल डिजिटल हेल्थकेयर की दिशा में राज्य सरकार का एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि यह सुविधा मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुरू की जा रही है, जिससे उन्हें अस्पताल में प्रतीक्षा के दौरान उपयोगी जानकारी हासिल करने में सहायता मिलेगी। 

श्री सिंह ने बताया कि 1 महीने के भीतर राज्य के सभी जिला अस्पतालों में वाई-फाई की सुविधा चालू हो जाएगी। 6 महीने के भीतर सभी सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) और पीएचसी (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र) भी इस सुविधा से लैस कर दिये जायेंगे। उन्होंने कहा, यह पहल मरीजों को एक डिजिटल सपोर्ट सिस्टम प्रदान करने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। 

अब अस्पताल परिसर में बैठकर भी लोग स्वास्थ्य पोर्टल्स, जानकारी पूर्ण वेबसाइट्स और सरकारी योजनाओं से जुड़ सकेंगे। सरकार की यह योजना न केवल मरीजों की जागरूकता बढ़ाने में मददगार साबित होगी, बल्कि अस्पतालों में पारदर्शिता और सेवा की गुणवत्ता में भी सुधार लाने का कार्य करेगी।

Published / 2025-07-09 21:05:13
देवेंद्रनाथ महतो के आंदोलन स्थल से जारी हुआ बकाया लंबित मानदेय

जेईपीसी आउटसोर्सिंग कर्मी बरसात में भींगते हुए पदयात्रा से पहुंचे कंपनी कार्यालय 

लिखित पांच सूत्री मांगों पर सहमति के साथ आंदोलन स्थगित 

टीम एबीएन, रांची। राज्य में शिक्षा की व्यवस्था लचर है। शिक्षा कर्मी अपने मांगों को लेकर नाराज हैं। झारखंड शिक्षा परियोजना पर्षद के अंतर्गत संचालित मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मी ने आज आंदोलन किया। अपने वेतन, कार्य दिवस व विभिन्न मांगों को लेकर आज आउटसोर्सिंग कंपनी कार्यालय का घेराव किया। 

झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्रनाथ महतो नेतृत्व में पदयात्रा करते हुए फ्रंटलाइन एनसीआर बिजनेस सॉल्यूशन कंपनी कार्यालय तक पहुंचे। भारी बरसात में चडरी तालाब से कंपनी कार्यालय तक महापुरुषों की जय घोष करते हुए मानव श्रृंखला से पहुंचे। घंटों तक कंपनी कार्यालय गेट का घेराव किया। कंपनी प्रबंधन मुर्दाबाद... राज्य सरकार होश में आओ... के नारे लगाते रहे। 

देर शाम को कंपनी कार्यालय में सक्षम पदाधिकारीयों के साथ वार्ता हुई। वार्ता में आउटसोर्सिंग कंपनी के महाप्रबंधक अश्विनी सिंह, एच आर आइसा परवीन, एरिया मैनेजर आशुतोष रंजन के साथ देवेंद्रनाथ महतो ने आउटसोर्सिंग कर्मियों के बीच वार्ता किया। लंबी संघन बातचीत के बाद एक महीना के तत्काल पेमेंट भुगतान  के साथ निम्न पांच सूत्री मांगों पर लिखित सहमति बनी- 

  1. प्रत्येक माह पेमेंट के 5 दिन के अंदर ईमेल या व्हाट्सएप में पेमेंट स्लिप दिया जायेगा तथा जून 2025 का 13 जुलाई 2025 तक सभी कर्मियों का पेमेंट स्लिप दिया जायेगा।  
  2. 19 जून 2025 तक सुरक्षा प्रहरी, माली और सफाई कर्मियों का SOP उपलब्ध कराया जायेगा। जिसमें सभी कर्मियों के कार्य दिवस स्पष्ट होंगे। 
  3. गिरिडीह जिला के कार्यरत कर्मियों का एक माह का वेतन राशि भुगतान किया गया।  
  4. 19 जुलाई 2025 तक मई 2025 एवं 29 जुलाई 2025 तक जून 2025 का भुगतान कर दिया जायेगा।  
  5. प्रत्येक माह का वेतन अगला माह के 5 से 7 तारीख तक भुगतान कर दिया जायेगा। 

बताते चलें कि राज्य में संचालित 80 उत्कृष्ट विद्यालय के पीड़ित आउटसोर्सिंग कर्मी इससे पूर्व झारखंड शिक्षा परियोजना पर्षद निदेशक एवं फ्रंटलाइन आउटसोर्सिंग कंपनी प्रबंधक को लिखित ज्ञापन दे चुके थे। इसके बाद भी उनके मांगो सहमति नहीं बन सकी थी। जो आज के आंदोलन में लिखित सहमति बनी। 

आज के आंदोलन में गौतम महतो, प्रदीप उरांव, जागेश्वर महतो, बसंती देवी, बिहारी हेंब्रम, प्रेस महतो, अरविंद कुमार, वर्षा देवी, लालेश्वर महतो, ललिता कुमारी आदि सैकड़ो आउटसोर्सिंग कर्मी मौजूद रहे।

Published / 2025-07-09 16:07:22
फ्रंटलाइन एजेंसी के साथ देवेंद्रनाथ महतो की वार्ता जारी

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के अनुबंधकर्मी अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। देवेंद्रनाथ महतो भरी बरसात में पदयात्रा करते हुए फ्रंटलाइन एजेंसी कार्यालय के समक्ष धरना में बैठे हैं।

भारी भीड़ के बीच फ्रंटलाइन एजेंसी के महाप्रबंधक अश्विनी कुमार के साथ देवेंद्रनाथ महतो का वार्ता जारी है।

आंदोलनकारियों के समर्थन में अनुबंध कर्मियों की भारी भीड़ के बीच देवेंद्रनाथ महतो फ्रंटलाइन NCR बिजनेस सोल्यूशन कंपनी के महा प्रबंधक अश्वनी सिंह एवं एच आर आइशा परवीन के साथ वार्ता चल रही है।

Page 308 of 1691

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse