एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। मारवाड़ी युवा मंच अपनी जनसेवा और सहयोग को लेकर लगातार काम करती रही है। मंच के नए अध्यक्ष के रूप में सर्व सम्मति से निखिल सर्राफ को चयनित किया गया। निवर्तमान प्रांतीय संयोजक एवं पूर्व अध्यक्ष जय प्रकाश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि मंच संविधान के अनुसार प्रत्येक वर्ष चुनाव करा कर नया अध्यक्ष नियुक्त किया जाता है। इस बार सर्वसम्मति से निखिल सर्राफ को निर्विरोध अध्यक्ष मनोनित किया गया।
निवर्तमान अध्यक्ष अभिषेक पोद्दार का कार्यकाल समाप्त हो गया, अभिषेक पोद्दार के कार्यकाल में निखिल सर्राफ शाखा कोषाध्यक्ष के रूप में मंच को अपना भरपूर सहयोग दिया था। नव नियुक्त अध्यक्ष के नेतृत्व में जल्दी ही एक बैठक बुला कर संगठन विस्तार कर जनसेवा के कार्यक्रमों को गति देने का काम किया जाएगा।
अध्यक्ष नियुक्त होने पर मंच के जय प्रकाश शर्मा, अभिषेक पोद्दार, अनुराग पोद्दार, चंदन राजगढ़िया, निशांत सर्राफ, आशीष पोद्दार, शैलेश पोद्दार, शुभम शर्मा, रितेश चौधरी, मयंक मोदी, मनीष राजगढ़िया, अपूर्व पोद्दार, कन्हैया राजगढ़िया, अभिषेक बंका, यश मित्तल, रूपेश चौधरी, गोकुल मित्तल,विक्रांत सर्राफ, आशीष अग्रवाल, विकास सर्राफ, सूरज शर्मा, हर्ष बंका, अतुल सर्राफ सहित अन्य सभी सदस्यों ने अपनी शुभकामनाएं और बधाई दी है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोहरदगा स्थित साहू भवन में प्रख्यात समाजसेवी एवं जनसेवा के लिए समर्पित रहे राय साहब बलदेव साहू की पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनायी गयी।
मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना एवं हवन में भाग लिया तथा राय साहब बलदेव साहू के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन से हुआ। उपस्थित लोगों ने राय साहब बलदेव साहू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया।
वक्ताओं ने कहा कि राय साहब बलदेव साहू ने अपना पूरा जीवन समाज सेवा, शिक्षा, जनकल्याण और सामाजिक समरसता को समर्पित किया। उनके द्वारा किये गये कार्य आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राय साहब बलदेव साहू के आदर्श, सेवा भाव और समाज के प्रति समर्पण की भावना सदैव लोगों का मार्गदर्शन करती रहेगी।
उन्होंने कहा कि समाज को उनके बताए मार्ग पर चलकर आपसी भाईचारा, सहयोग और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे महान व्यक्तित्वों की पुण्यतिथि केवल उन्हें याद करने का अवसर नहीं होती, बल्कि उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लेने का भी दिन होता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने राय साहब बलदेव साहू के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को साझा किया और उनके सामाजिक योगदान की सराहना की। सभी ने उनके दिखाए मार्ग पर चलने तथा समाज हित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि सभा का वातावरण पूरी तरह श्रद्धा, सम्मान और आध्यात्मिक भावनाओं से ओत-प्रोत रहा।
मौके पर विधायक प्रतिनिधि निशिथ जायसवाल, आलोक राय, कैलाश केशरी, हिमांशु केशरी सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक एवं परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने राय साहब बलदेव साहू को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड प्रदेश मोमिन कॉन्फ्रेंस की प्रदेश स्तरीय बैठक बुधवार को रांची स्थित अंजुमन प्लाजा में प्रदेश अध्यक्ष आबिद अली की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में अल्पसंख्यकों के अधिकार, शिक्षा, सुरक्षा, राजनीतिक भागीदारी एवं रोजगार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए सर्वसम्मति से 11 सूत्रीय प्रस्ताव पारित किये गये।
बैठक में महान स्वतंत्रता सेनानी स्व. अब्दुल कयूम अंसारी को मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित करने, झारखंड में मदरसा बोर्ड का शीघ्र गठन करने तथा झारखंड विधानसभा से पारित मॉब लिंचिंग विधेयक को तत्काल लागू करने की मांग की गयी। साथ ही अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्थानों के लिए संविधान के अनुच्छेद 30 के अनुरूप शासी निकाय संबंधी स्पष्ट नियमावली बनाने की भी मांग उठायी गयी।
इसके अतिरिक्त अल्पसंख्यकों को आबादी के अनुपात में राजनीतिक प्रतिनिधित्व, युवाओं के लिए रोजगार एवं कौशल विकास, सरकारी रिक्त पदों पर शीघ्र बहाली, प्रधानमंत्री के 15 सूत्री कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन तथा एसआईआर एवं आगामी जनगणना को लेकर व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
बैठक का संचालन प्रदेश महासचिव मुफ्ती अब्दुल्लाह अजहर कासमी ने किया। बैठक में राष्ट्रीय महासचिव सगीर अंसारी, अब्दुल्लाह अंसारी, नसीम अंसारी, प्रो. जावेद अंसारी, अब्दुल जब्बार अंसारी, शमीम अख्तर आजाद, जहांगीर अंसारी, रेशमा खातून, हाजी सिकंदर अंसारी, शहबाज अहमद, आशिक अंसारी, मोहम्मद फारूक, सयूम अंसारी, अब्दुल सलाम, मोहम्मद गुलरेज, शेरावत हुसैन सहित संगठन के अनेक पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाग लिया तथा सभी प्रस्तावों का सर्वसम्मति से समर्थन किया।
बैठक के अंत में निर्णय लिया गया कि पारित सभी 11 प्रस्तावों का मांग-पत्र राज्य एवं केंद्र सरकार को भेजा जायेगा तथा उनके समर्थन में पूरे झारखंड में व्यापक जन-जागरण अभियान चलाया जायेगा। उक्त जानकारी झारखंड प्रदेश मोमिन कॉन्फ्रेंस के आबिद अली (70047 85095) ने दी।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने बुधवार को राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। मुख्यमंत्री आवास में हुई इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच विभिन्न विकासात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। विशेष रूप से लोहरदगा के बीएस कॉलेज स्थित क्रिकेट स्टेडियम के विकास, उसमें फ्लड लाइट लगाने की योजना तथा जिले में पर्यटन स्थलों के समग्र विकास को लेकर गंभीर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू के पुत्र हर्षित साहू भी उपस्थित थे। मुलाकात के दौरान धीरज प्रसाद साहू ने मुख्यमंत्री का ध्यान लोहरदगा के खेल एवं पर्यटन क्षेत्र की संभावनाओं की ओर आकर्षित करते हुए कहा कि जिले में पर्याप्त संसाधन और प्रतिभाएं मौजूद हैं। यदि आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जाये तो लोहरदगा राज्य के प्रमुख खेल एवं पर्यटन केंद्रों में अपनी अलग पहचान बना सकता है।
धीरज प्रसाद साहू ने मुख्यमंत्री से बीएस कॉलेज स्थित क्रिकेट स्टेडियम में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने विशेष रूप से स्टेडियम में फ्लड लाइट लगाने, खिलाड़ियों के लिए बेहतर ड्रेसिंग रूम, दर्शक दीर्घा, अभ्यास सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक खेल संसाधनों के विकास पर जोर दिया। उनका कहना था कि इन सुविधाओं के विकसित होने से स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी का अवसर मिलेगा और जिले में खेल संस्कृति को नई दिशा मिलेगी।
इसके अलावा बैठक में लोहरदगा के पर्यटन स्थलों के विकास पर भी चर्चा हुई। धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक महत्व वाले कई स्थल आज भी अपेक्षित विकास की प्रतीक्षा कर रहे हैं। यदि इन स्थानों का योजनाबद्ध तरीके से विकास किया जाए तो पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे और जिले की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
मुलाकात के बाद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक पहल का भरोसा दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य सरकार लोहरदगा के विकास से जुड़े इन महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर शीघ्र कार्रवाई करेगी।
वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा, धीरू बाबू मेरे अभिभावक हैं। उनके कार्यों के लिए मैं हमेशा तैयार हूं। जिन योजनाओं पर चर्चा हुई है, उनका विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) बनाकर उपलब्ध कराया जाए, ताकि नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।
मुख्यमंत्री के इस सकारात्मक आश्वासन से लोहरदगा के खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों में नयी उम्मीद जगी है। माना जा रहा है कि यदि प्रस्तावित योजनाओं को मंजूरी मिलती है तो बीएस कॉलेज क्रिकेट स्टेडियम आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा और जिले में खेल गतिविधियों को नया विस्तार मिलेगा। साथ ही पर्यटन स्थलों के विकास से लोहरदगा की पहचान राज्य के प्रमुख पर्यटन जिलों में भी स्थापित हो सकेगी।
इस शिष्टाचार मुलाकात को राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विकास से जुड़े मुद्दों पर हुई सकारात्मक चर्चा से यह संकेत मिला है कि राज्य सरकार लोहरदगा के खेल, पर्यटन और आधारभूत संरचना के विकास को प्राथमिकता देने की दिशा में गंभीरता से आगे बढ़ सकती है। स्थानीय लोगों को अब इन प्रस्तावों के धरातल पर उतरने का इंतजार रहेगा।
टीम एबीएन, रांची। जिले के पंडरा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने दिनदहाड़े एक बंद फ्लैट को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना पंडरा ओपी क्षेत्र के इटकी रोड स्थित डार्लिंग आर्केड अपार्टमेंट की है, जहां बदमाश लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गये।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने बंद फ्लैट का ताला तोड़कर करीब 15 लाख रुपये के जेवरात और 10 लाख रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। जिला के पुटकी क्षेत्र में कथित अवैध कोयला कारोबार को धड़ले से जारी है। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिलाध्यक्ष रत्नेश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर झारखंड पुलिस, धनबाद पुलिस, विधायक रागिनी सिंह और सीआईएसएफ को टैग करते हुए कार्रवाई की मांग की है।
रत्नेश कुमार का आरोप है कि एरिया-07 के बंद पड़े एसटीजी आउटसोर्सिंग क्षेत्र से कथित रूप से अवैध खनन कर बड़े पैमाने पर कोयला निकाला जा रहा है। उनका कहना है कि इस कोयले को करकेंद टीओपी के पीछे जंगल में संचालित एक कथित अवैध डिपो में जमा किया जाता है और बाद में रात के समय ट्रकों के माध्यम से भट्ठे तक भेजा जाता है।
उन्होंने ये भी कहा कि सोमवार को अवैध डिपो में छापेमारी हुई थी और कोयला भी जब्त हुआ था, लेकिन इसके बावजूद कथित अवैध कारोबार नहीं रूका। आरोप है कि मजदूरों के जरिए बंद आउटसोर्सिंग से कोयला निकालकर उसकी खरीद-बिक्री की जा रही है, जिससे बीसीसीएल और सरकार के राजस्व को भारी नुकसान पहुंच रहा है।
रत्नेश कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि करकेंद टीओपी के पीछे जंगल में संचालित कथित अवैध डिपो में कोयले की तौल के लिए कांटा लगाया गया है, जहां खुलेआम साइकिल और स्कूटर से लाए गए कोयले की खरीद-बिक्री और भंडारण किया जाता है। इसके बाद रात में ट्रकों के जरिए कोयला विभिन्न भट्टों तक भेजा जाता है।
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर छापेमारी के बाद भी यह कथित अवैध डिपो किसके संरक्षण में संचालित हो रहा है। साथ ही उन्होंने डीजीपी महोदय ओर एसएसपी महोदय से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, हुसैनाबाद (पलामू)। हुसैनाबाद प्रखंड के उर्दवार मंजूराहा पंचायत अंतर्गत सरहु गांव में मंगलवार को जंगल से भटककर एक हिरण गांव पहुंच गया। खेत की ओर भटकने के दौरान आवारा कुत्ते उसे दौड़ा रहे थे।
ग्रामीणों ने समय रहते स्थिति को देखा और हिरण को कुत्तों के चंगुल से सुरक्षित बचाकर अपने पास लाया तथा उसे पानी पिलाया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पंचायत की मुखिया पूनम देवी को दी। इसके बाद मुखिया प्रतिनिधि सनोज राजवंशी उर्फ छोटू ने लठेया प्रभारी फॉरेस्टर पंकज कुमार को जानकारी दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सरहु गांव पहुंची, जहां ग्रामीणों ने हिरण को वन विभाग के हवाले कर दिया। लठेया प्रभारी फॉरेस्टर पंकज कुमार ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा हिरण को सौप दिया गया है। फिलहाल चिकित्सक से उसकी स्वास्थ्य जांच व इलाज कराई जा रही है। जांच व इलाज के बाद उसे सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया जाएगा।
हिरण को वन विभाग को सौपने में संतोष सिंह, देवेंद्र सिंह, कुंदन सिंह, सुदेश पासवान, संतोष कुमार सिंह, विशाल सिंह, बन्टेश सिंह, अनुज सिंह, अजित रजवार, मुरारी सिंह, मनोज सिंह, पप्पू कुमार और सुरेंद्र सिंह सहित अन्य लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई। ग्रामीणों की सतर्कता और वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से हिरण की जान बच गई और वह फिर से जंगल में पहुंच सकेगी।
टीम एबीएन, रांची। मोराबादी के एदलहातू स्थित श्री महामृत्युंजय महादेव मंदिर के स्थापना वर्षगांठ महोत्सव का कार्यक्रम 1 जुलाई से प्रारंभ हो जायेगा। परमपूज्य श्री जीयर स्वामी जी महाराज (बिहार) के सान्निध्य में आयोजित इस कार्यक्रम की कलश यात्रा 1 जुलाई को निकाली जायेगी। इस दौरान 1 से 8 जुलाई तक श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह ज्ञान महायज्ञ आयोजित होगा।
1 से 7 जुलाई तक शाम 4 बजे से कथा प्रवचन होगी। 8 जुलाई को भंडारा का महाप्रसाद वितरण होगा। इस दौरान प्रतिदिन नित्य प्रात: वेद पाठ होंगे। सभी कार्यक्रम परमपूज्य श्री देवेंद्र आचार्य जी महाराज (गया, बिहार) के मुखारबिंद से संपन्न होगा। मौके पर आयोजन समिति के सक्रिय सदस्य सुधीर सिंह ने बताया कि एदलहातू का श्री महामृत्युंजय महादेव मंदिर इलाके का प्रसिद्ध धर्मस्थल बनता जा रहा है।
स्थापना काल से ही इसके स्थापना दिवस पर हर वर्ष भव्य आयोजन बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता रहा है। इस बार भी कार्यक्रम को लेकर वाटर प्रूफ पंडाल बनाया गया है। उन्होंने क्षेत्र के सभी लोगों को सादर आमंत्रित कर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse