एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। बरवा टोली निवासी साहू परिवार की शिक्षिका एवं उनके एक बहन और भाई (तीन सदस्यों) की सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन पर आजसू पार्टी शोक संवेदना प्रकट करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित करती है।
भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें यह कामना करती है। इस दुख के घड़ी में परिवार के सदस्यों को भगवान धैर्य प्रदान करें यह कामना करती है।
इनके अकाल मृत्यु पर भगवान अपने श्री चरणों में जगह दे यह प्रार्थना करती है। उक्त बातें आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव सूरज अग्रवाल ने कही।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। शहरी क्षेत्र के मिशन चौक के समीप कल रात्रि बजे एक तेज रफ्तार बॉक्साइट ट्रक ने स्कूटी सवार तीन लोगों को रौंद दिया जिसमें दो बच्चियों का मौके पर मौत हो गई और एक बच्चे का रांची ले जाने के क्रम में मृत्यु हो गई।
आए दिन लोहरदगा में ट्रक लोगों को अपने चपेट में लेती रहती हैं परंतु पैसे के बल पर हिंडालको अपना पल्ला झाड़ देती है क्या इस तीहरे हत्या का हिंडालको कंपनी या ट्रक ड्राइवर,खलासी या फिर ट्रक यूनियन के लोग जिम्मेवारी लेंगे इतनी बड़ी घटना लोहरदगा में घट गई लेकिन परिवार के सदस्यों के प्रति हिंडालको कंपनी का कोई संवेदना नहीं है।
आए दिन ट्रकों के कारण सड़क जाम होती रहती है जिसका उदाहरण है हेसल डंपिंग यार्ड हिंडालको करोड़ों रुपए की बॉक्साइट ले जाने के लिए लोगों को मौत दे रही है एक ओर जिला प्रशासन बाजार के दिनों में सोमवार एवं शुक्रवार को भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित करती है।
शाम 7 बजे के बाद ट्रकों का परिचालन शुरू होता है लेकिन रफ्तार पर रोक नहीं लगा पा रही है उसके बाद ट्रक ड्राइवर बॉक्साइट अनलोड करने के लिए और पहाड़ जल्दी पहुंच कर बॉक्साइट लोड लेने के लिए तेज रफ्तार से गाड़ी चलाते हैं कई ड्राइवर शराब के नशे में वाहन का परिचालन करते हैं या फिर अपने खलासी को ड्राइव करने के लिए वाहन दे देते हैं जिसका परिणाम होता है कि सड़क पर लोग कुचले जाते है।
एक ओर जिला प्रशासन नशा मुक्ति अभियान चलाकर दिखावा कर रही है दूसरी ओर लोग नशे में वाहन चलाकर लोगों का जीवन समाप्त कर रहे है क्या यह ड्रंक एंड ड्राइव का मामला है या नहीं? ट्रक के ऊपर प्रशासन प्राथमिकी दर्ज कर देती है लेकिन इस पूरे मामला का मुख्य अभियुक्त हिंडालको कंपनी के ऊपर प्राथमिकी दर्ज नहीं होता है।
पीड़ित परिवार से मेरा निवेदन है कि आप हिंडाल्को के ऊपर भी प्राथमिकी दर्ज करें हिंडाल्को कंपनी सड़क सुरक्षा के नाम पर ड्रामा बाजी करती रहती है और दूसरी ओर ट्रक से कुचलकर लोगों को मौत दे रही है कंपनी के यहां बैठे हुए लाट साहबों एवं लतखोरों को लोहरदगा की जनता के दुख तकलीफ से कोई लेना-देना नहीं है।
एक कहावत है अपना काम बनता तो भाड़ में जाए जनता इसी को चरितार्थ हिंडालको कंपनी करते आ रही है लेकिन यहां के जनप्रतिनिधि भौकाल मचाने वाले सांसद, विधायक जिला परिषद,नगर परिषद के नेताओं के कान में आवाज नहीं पहुंच रही है।
फिर चुनाव आएगा नेता जात धर्म के नाम पर अपना उल्लू सीधा करेंगे और जनता को मरने के लिए छोड़ देंगे अगर इन 5 वर्षों का आंकड़ा निकाला जाए तो लोहरदगा में बॉक्साइट ट्रकों के द्वारा सैकड़ो परिवार को उजाड़ दिया गया है और हिंडाल्को कंपनी चंद पैसे देकर कई लाश खरीद चुकी है।
यही स्थिति बनी रही तो हिंडालको कंपनी लोहरदगा को कब्रिस्तान बनाकर अपने ट्रकों का परिचालन करती रहेगी और मुनाफा कमाते रहेगी इसलिए अब लोहरदगा की जनता को खुद जिम्मेवारी लेते हुए हिंडाल्को के ऊपर लगातार प्राथमिकी दर्ज करनी होगी ताकि हिंडाल्को के लतखोर और लाट साहबों को औकात पता चले।
टीम एबीएन, रांची। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा की हार के बाद झारखंड की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस प्रभारी के. राजू द्वारा राजद पर गठबंधन प्रत्याशी को वोट नहीं देने का आरोप लगाए जाने के बाद राजद ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
राजद के पोलिंग एजेंट भोला प्रसाद यादव, विधायक दल के नेता सुरेश पासवान, प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव और मंत्री संजय प्रसाद यादव ने संयुक्त रूप से कांग्रेस के आरोपों को निराधार और दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। राजद विधायक दल के नेता सुरेश पासवान ने कहा कि कांग्रेस को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने भीतर झांकना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि राजद के सभी चार विधायकों ने गठबंधन प्रत्याशी प्रणव झा को ही वोट दिया था।
श्री पासवान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रभारी के. राजू स्वयं इस चुनाव में खेला करने के लिए जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि राजद पर आरोप लगाकर कांग्रेस अपनी विफलता छिपाने की कोशिश कर रही है। साथ ही राहुल गांधी से के. राजू को झारखंड प्रभारी पद से हटाने की मांग भी की।
प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने कहा कि कांग्रेस की वर्तमान स्थिति उसके नेताओं की कार्यशैली और बयानों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जनता लगातार कांग्रेस से दूरी बना रही है और पार्टी को आत्ममंथन करने की जरूरत है।
राजद के पोलिंग एजेंट भोला प्रसाद यादव ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का स्पष्ट निर्देश था कि गठबंधन प्रत्याशी प्रणव झा को जिताना है। उन्होंने दावा किया कि मतदान के दौरान सभी राजद विधायकों ने उन्हें अपना वोट दिखाया था, जिससे वह पूरी तरह संतुष्ट थे।
मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि राजद ने कभी किसी सहयोगी दल के साथ विश्वासघात नहीं किया है। कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोप पूरी तरह झूठे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों पर सार्वजनिक बयानबाजी के बजाय गठबंधन के मंच पर चर्चा होनी चाहिए।
लोकसभा याचिका समिति की बैठक शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग के होटल माय फेयर में समिति के चेयरपर्सन चंद्र प्रकाश जोशी की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजन किया गया।
जिसमें समिति के सदस्यगण, वित्तीय संस्थाओं व बैंकों के प्रमुख प्रतिनिधि के अलावा मुख्य रूप से लोहरदगा लोकसभा के माननीय सांसद सुखदेव भगत शामिल हुए। बैठक में सांसद सुखदेव भगत ने कहा की संसद की याचिका समिति की बैठक जनता की शिकायतों , महत्वपूर्ण विधेयकों और व्यापक जनहित के मामलों की जांच के लिए आयोजित की जाती है।
यह समिति सदन के सदस्यों से मिलकर बनती है और प्राप्त याचिकाओं या अभ्यावेदनों पर विचार विवश करने के बाद समिति सीधे अपनी रिपोर्ट संसद को सौपती है, उन्होंने याचिकाकर्ताओं की समस्याओं पर उचित समाधान करने पर जोर दिए। बैठक में समिति ने एमएमएमई क्षेत्र के लिए बनी योजनाओं और ढांचे के सही से क्रियान्वयन न होने के मामलों में विस्तृतसमीक्षा की गई।
साथ ही साथ छोटे और मध्यम उद्यमियों को बैंकों से ऋण और अन्य वित्तीय सहायता प्राप्त करने में हो रही दिक्कतों को दूर करने पर जोर दिया गया। समिति ने इस मामले की जांच जारी रखने और याचिकाकर्ताओं की चिताओं को उचित समाधान के लिए संसद और सरकार के सर्वोच्च स्तर पर ले जाने का निर्णय लिया।
टीम एबीएन, रांची। आर्य प्रादेशिक प्रतिनिधि सभा, झारखंड के तत्वावधान में एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल पुंदाग, रांची में साइबर सुरक्षा एवं नो नशा नेशन (नशा मुक्ति) अभियान का शुभारंभ सम्मानित अतिथि साइबर क्राइम डीएसपी प्रदीप कुमार, डीएवी पब्लिक स्कूल, रांची, जोन बी के सहायक क्षेत्रीय अधिकारी एमके सिन्हा, साइबर इंस्पेक्टर पंकज कुमार, रोहित कुमार, निर्मल कुमार महतो तथा विद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर तापस घोष के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित करके किया गया।
प्राचार्य डॉ तापस घोष ने सभी सम्मानित अतिथि गण को पौधा भेंट करके उनका औपचारिक स्वागत किया। इस अभियान के तहत विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा एवं नो नशा नेशन के बारे में विशेष जानकारी दी गई।
इस जागरूकता अभियान के तहत साइबर क्राइम डीएसपी प्रदीप कुमार ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने इंटरनेट के माध्यम से होने वाले विभिन्न अपराध एवं धोखाधड़ी के बारे में विस्तृत जानकारी दी तथा उनके रोकथाम के उपायों के बारे में भी बताया।
साथ ही साइबर इंस्पेक्टर श्री पंकज कुमार ने नो नशा नेशन (नशा मुक्ति) के तहत नशा से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार पूर्वक बताया। उन्होंने कहा कि आजकल की युवा पीढ़ी गलत संगति या लालच की जाल में फंसकर नशे के गिरफ्त में आ जाते हैं जिससे उनका भविष्य अंधकारमय हो सकता है। साइबर इंस्पेक्टर ने नशा से बचने की नसीहत एवं उपायों के बारे में बताया।
इस अवसर पर डीएवी. पब्लिक स्कूल झारखंड जोन- बी के एआरओ .श्री एम.के .सिन्हा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आर्य युवा समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन में पूरे देश में नो नशा नेशन (नशा मुक्ति) अभियान चलाया जा रहा है।
जिसकी शुरुआत हरियाणा से हुई।इसके तहत हरियाणा के लाखों युवाओं ने नशा को न अपनाने का संकल्प लिया । इसी प्रकार अन्य राज्यों में भी इस अभियान को आंदोलन की तरह चलाया जाएगा। झारखंड में भी एस.आर. डीएवी.पब्लिक स्कूल, पुंदाग, राँची से इस जागरूकता अभियान का शुभारंभ हुआ और पूरे झारखंड में इसे आंदोलन की तरह चलाया जाएगा।
डीएवी. सीएमसी. के परम श्रद्धेय प्रधान (पद्मश्री से सम्मानित) आर्य रत्न श्री पूनम सूरी जी के कथनानुसार ईश्वर मानव बनाते हैं तथा डीएवी. उनमें मानवता भरता है। युवा ही देश की असली संपत्ति हैं, उनके जागरूक होने से ही विकसित भारत की संकल्पना साकार हो पाएगी।नशा मुक्त भारत ही विकसित भारत का आधार बनेगा। शांतिपाठ के साथ सभा समाप्त हुई।
टीम एबीएन, रांची। नगर विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत कनीय अभियंताओं की नियुक्ति प्रक्रिया में हो रहे लंबे विलंब को लेकर अभ्यर्थियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज विभागीय प्रधान आप्त सचिव से मुलाकात की। इस दौरान अभ्यर्थियों ने झारखंड अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड में नियुक्ति प्रक्रिया को हो रही अत्यधिक देरी पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए शीघ्र नियुक्ति की मांग की।
अभ्यर्थियों ने आवेदन सौंपते हुए बताया कि झारखंड सरकार के संकल्प संख्या-2304 दिनांक 27.04.2018 तथा पत्रांक 4967 के आलोक में विभिन्न शहरी स्थानीय निकायों में संविदा आधारित कनीय अभियंताओं के कुल 141 पदों (सिविल-93, विद्युत-23 एवं यांत्रिक-25) पर नियुक्ति हेतु विज्ञापन जारी किया गया था। किंतु विज्ञापन प्रकाशित होने के लगभग आठ वर्ष बाद भी नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो सकी है।
उन्होंने कहा कि आवेदन शुल्क के रूप में प्रत्येक अभ्यर्थी से ₹2000 की राशि ली गई थी, बावजूद इसके नियुक्ति प्रक्रिया अब तक अधूरी है। इससे हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने विभाग से अविलंब नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण कर योग्य अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान करने का आग्रह किया।
प्रधान आप्त सचिव संजय कुमार सिंह ने अभ्यर्थियों की बातों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा JUIDCO Ltd. में शीघ्र सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया। मुलाकात करने वाले शिष्टमंडल में संजय कुमार, तपेश्वर यादव एवं शेखर मंडल शामिल थे।
टीम एबीएन, रांची। हमर अधिकार मंच, झारखंड के सचिव एवं आरटीआई कार्यकर्ता चन्द्रदेव कुमार वर्णवाल चंदू द्वारा राज्य सूचना आयुक्त के पद पर चयनित अभ्यर्थियों की योग्यता, अनुभव, उपलब्धियों एवं चयन प्रक्रिया से संबंधित अभिलेखों की प्रमाणित प्रतियां सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के तहत मांगी गई थीं।
उल्लेखनीय है कि कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग, झारखंड सरकार द्वारा जारी विज्ञापन के आधार पर राज्य सूचना आयुक्त के पद हेतु प्राप्त आवेदनों में से पांच अभ्यर्थियों के नाम नियुक्ति के लिए माननीय राज्यपाल महोदय को भेजे जाने की जानकारी सार्वजनिक हुई थी।
लोकतांत्रिक व्यवस्था में पारदर्शिता और जनविश्वास को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से चयनित अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता, व्यापक ज्ञान, अनुभव, प्रतिष्ठा, वर्तमान व्यवसाय, उपलब्धियों तथा आवेदन के साथ संलग्न प्रमाण-पत्रों की प्रमाणित प्रतियां मांगी गई थीं। विभाग द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर सूचना उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण नियमानुसार प्रथम अपील दायर की गई।
इस संबंध में प्रथम अपीलवाद संख्या- 20/2026 की सुनवाई आज दिनांक 19 जून 2026 को प्रथम अपीलीय प्राधिकारी श्री अमर कुमार, संयुक्त सचिव सर्वप्रथम आपके लिए प्राधिकारी के कार्यालय, प्रोजेक्ट भवन, रांची में आयोजित हुई।
सुनवाई के दौरान स्थिति अत्यंत निराशाजनक रही। प्रथम अपीलीय प्राधिकारी के पूर्व निर्देश के बावजूद संबंधित डीम्ड जन सूचना पदाधिकारी न तो मांगी गई सूचना उपलब्ध करा सके और न ही आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत कर सके। पहले संचिका अपने पास नहीं होने की बात कही गई, फिर यह कहा गया कि संबंधित फाइल माननीय राज्यपाल महोदय के कार्यालय में है।
इसके बाद बुलाए गए अन्य विभागीय पदाधिकारी ने भी यही तर्क दोहराया, जबकि दिनांक 10 जून 2026 को ही चार सूचना आयुक्तों की नियुक्ति का अधिसूचना कार्मिक विभाग ने जारी किया है, तब यहां सवाल यह उठता है कि यदि संचिका लोकभवन में है तो फिर उस संचिका के आधार पर कार्मिक विभाग ने अधिसूचना कैसे जारी कर दी और अब जब उसी संचिका से जुड़ी सूचना मांगी जा रही है तो उक्त संचिका का राज्यपाल कार्यालय, लोक भवन में होने का बहाना बनाकर सूचना को रोका जा रहा है।
सुनवाई के दौरान प्रथम अपीलीय प्राधिकारी द्वारा मौखिक रूप से यह भी कहा गया कि राज्य सूचना आयुक्तों के शपथ ग्रहण के बाद सूचना उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि सूचना का अधिकार अधिनियम में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है कि नियुक्ति अथवा शपथ ग्रहण तक चयन प्रक्रिया से संबंधित अभिलेखों को रोका जाए, विशेषकर तब जब मांगी गई सूचना सार्वजनिक हित और पारदर्शिता से सीधे जुड़ी हो।
हमर अधिकार मंच के अध्यक्ष दीपेश निराला का मानना है कि राज्य सूचना आयुक्त का पद स्वयं सूचना के अधिकार और पारदर्शिता की रक्षा से जुड़ा हुआ संवैधानिक महत्व का पद है। ऐसे पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया जितनी अधिक पारदर्शी होगी, जनता का विश्वास लोकतांत्रिक संस्थाओं में उतना ही मजबूत होगा, जैसा कि अंजलि भारद्वाज बनाम भारत संघ और नमित शर्मा बनाम भारत संघ के मामलों में सुप्रीम कोर्ट ने भी कहा है।
दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस विभाग पर पारदर्शिता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी है, वही विभाग सूचना उपलब्ध कराने में टालमटोल करता दिखाई दिया और मांगी गई सूचना उपलब्ध कराने के बजाय अपीलकर्ता को लगभग 220 किलोमीटर दूर गिरिडीह से रांची बुलाकर केवल औपचारिक सुनवाई की गई।
यदि विभाग के पास अभिलेख उपलब्ध नहीं थे अथवा सूचना देने की तैयारी नहीं थी, तो सुनवाई की तिथि निर्धारित करने और अपीलकर्ता को उपस्थित होने के लिए बाध्य करने का कोई औचित्य नहीं था।
यह न केवल सूचना के अधिकार अधिनियम की भावना के विपरीत है, बल्कि आम नागरिकों के समय, श्रम और संसाधनों की भी अनदेखी है। हमर अधिकार मंच इस मामले में सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत उपलब्ध कानूनी उपायों का उपयोग करते हुए आगे की कार्रवाई करेगा तथा राज्य सूचना आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग को जारी रखेगा।
टीम एबीएन, रांची। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून रविवार को प्रातः 6 बजे डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद महाराज जी के पावन सानिध्य में एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम स्थित श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर परिसर में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम में निवास कर रहे 50 से अधिक निराश्रित, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को योग प्रशिक्षक अरविंद पांडेय द्वारा विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया जाएगा।
साथ ही योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी भी दी जाएगी। कार्यक्रम का उद्देश्य आश्रमवासियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा योग के माध्यम से उन्हें बेहतर स्वास्थ्य एवं सकारात्मक जीवन दृष्टि प्रदान करना है।
ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित रखने की एक प्राचीन भारतीय जीवन पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से तनाव में कमी आती है तथा व्यक्ति स्वस्थ एवं ऊर्जावान बना रहता है।योग सत्र के उपरांत सभी आश्रमवासियों के बीच जूस एवं पौष्टिक आहार का वितरण किया जाएगा।
ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि यह आयोजन सेवा, स्वास्थ्य और मानव कल्याण की भावना को समर्पित है तथा इसके माध्यम से समाज के उपेक्षित वर्गों तक योग का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse