झारखंड

View All
Published / 2025-08-14 18:34:02
हजारीबाग : झड़प मामले में 33 से ज्यादा लोगों पर केस

हजारीबाग में झड़प मामले में 330 से अधिक लोगों के खिलाफ प्राथमिकी, नई कोयला खनन परियोजना को लेकर हुआ था बवाल 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग जिले में ग्रामीणों, राष्ट्रीय ताप विद्युत निगम (एनटीपीसी) के अधिकारियों और प्रशासन के बीच झड़प के सिलसिले में 250 अज्ञात व्यक्तियों सहित 335 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस ने यह जानकारी दी।  

झड़प में 12 लोग घायल हुए थे 

पुलिस ने बताया कि मंगलवार को एक नयी कोयला खनन परियोजना पर बैठक के दौरान असहमति के बाद हुई झड़प में कम से कम 12 लोग घायल हो गये थे। बरकागांव के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) पवन कुमार ने बताया कि प्राथमिकी क्षेत्राधिकारी (सीओ) मनोज कुमार ने दर्ज कराई है। एसडीपीओ ने बताया कि घटना की जांच चल रही है और तदनुसार कार्रवाई की जायेगी। 

अधिकारियों ने बताया कि यह बैठक भूमि अधिग्रहण और मुआवजे जैसे मुद्दों पर चर्चा के लिए बुलायी गयी थी, क्योंकि एनटीपीसी बादाम में नयी कोयला खनन परियोजना शुरू करने वाली है। ग्रामीणों के एक वर्ग ने दावा किया था कि बैठक का स्थान अंतिम समय में बदल दिया गया था। अधिकारियों ने बताया कि हजारीबाग के उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह और पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने बुधवार को घटनास्थल पर मौजूद हैं और स्थिति अब नियंत्रण में है।

Published / 2025-08-13 20:26:08
गांव की मिट्टी में खुशबू और हरियाली की ठंडक : हेमंत सोरेन

बेटे में झलकती है पिता की परछाई, जैसे वो आज भी साथ हों 

जल- जंगल - जमीन से है गहरा नाता, यह केवल प्राकृतिक संसाधन नहीं, बल्कि झारखंड की आत्मा हैं 

गांव और प्रकृति से जुड़ी हैं बचपन की यादें 

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज पैतृक गांव नेमरा में सादगीपूर्ण अंदाज में गांव की गलियों और पगडंडियों पर घूमते नजर आये। इस दौरान उन्होंने कहा कि गांव की मिट्टी में खुशबू और हरियाली की ठंडक है। मुख्यमंत्री ने कहा- गांव का विकास ही राज्य के विकास की असली नींव है। 
नेमरा गांव के रास्तों पर चलते हुए, किसानों से मिलते हुए, जल-जंगल-जमीन के मुद्दों पर बोलते हुए — हर जगह मुख्यमंत्री में पिता की विरासत जीवित दिखाई देती है। 

यह रिश्ता केवल खून का नहीं, बल्कि विचारों, सिद्धांतों और सेवा के संकल्प का है। झारखंड की धरती अपनी प्राकृतिक सुंदरता, घने जंगलों, कल-कल बहती नदियों और हरे-भरे खेतों के लिए जानी जाती है। इस धरती के सच्चे बेटे और वर्तमान मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन को प्रकृति से गहरा लगाव है। यह लगाव केवल शब्दों में नहीं, बल्कि उनके जीवनशैली और नीतियों में साफ दिखाई देता है। 

गांव के प्राकृतिक वातावरण में पले-बढ़े मुख्यमंत्री आज भी अपने व्यस्त राजनीतिक जीवन में प्रकृति के साथ समय बिताना नहीं भूलते। इसी क्रम में आज मुख्यमंत्री अपने पैतृक गांव नेमरा में सादगीपूर्ण अंदाज में गांव की गलियों और पगडंडियों पर घूमते हुए नजर आए। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से बातचीत की और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना। 

बेटे में झलकती है पिता की परछाई 

मुख्यमंत्री को लोग सिर्फ राज्य का मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि अपने पिता दिशोम गुरु दिवंगत शिबू सोरेन जी की परछाई के रूप में भी देखते हैं। चाहे ग्रामीण इलाकों का दौरा हो, गरीब और वंचितों की समस्याएं सुनना हो या जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाना — हर कार्य में गुरुजी की सोच और आदर्श साफ झलकते हैं।

जनसेवा, सरल स्वभाव और लोगों से गहरे जुड़ाव की वही विरासत, जिसे गुरुजी ने दशकों तक निभाया, आज मुख्यमंत्री अपने कार्यों से आगे बढ़ा रहे हैं। मुख्यमंत्री के व्यक्तित्व में वही सादगी, वही संघर्ष और वही अटूट समर्पण झलकता है, जिसने गुरुजी को लोगों के दिलों में अमर कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके जीवन का हर कदम पिता की सीख और आशीर्वाद से प्रेरित है। गुरुजी ने सिखाया कि राजनीति का अर्थ केवल सत्ता नहीं, बल्कि जनता की सेवा और अधिकारों की रक्षा है। 

जल, जंगल और जमीन से है गहरा जुड़ाव 

मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने कहा कि जल, जंगल और जमीन राज्य की पहचान और अस्तित्व का आधार हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार इन तीनों संसाधनों के संरक्षण और संवर्धन को अपनी प्राथमिकता में रखकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यह केवल प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा का विषय नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित और समृद्ध झारखंड बनाने का संकल्प है। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड की संस्कृति, परंपरा और आजीविका जल, जंगल और जमीन से अभिन्न रूप से जुड़ी है। 

यही कारण है कि राज्य सरकार जल संरक्षण, वनों की रक्षा और भूमि अधिकार सुनिश्चित करने के लिए कई योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड की असली पहचान उसकी प्राकृतिक संपदा और सांस्कृतिक धरोहर है। सरकार जल संरक्षण, वन संरक्षण और भूमि अधिकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए यह धरती हरी-भरी और जीवनदायी बनी रहे। 

गांव और प्रकृति से जुड़ी हैं बचपन की यादें 

मुख्यमंत्री का बचपन गांव की गोद में बीता, जहां सुबह की ठंडी हवा, खेतों की हरियाली और नदी की कलकल ध्वनि उनका रोज का साथी था। इसी वातावरण में पला-बढ़ा मन आज भी प्रकृति की गोद में सुकून पाता है। मुख्यमंत्री का सपना है कि झारखंड आने वाली पीढ़ियों के लिए भी उतना ही हरा-भरा, स्वच्छ और जीवनदायी बना रहे जितना यह आज है। वे मानते हैं कि विकास तभी सार्थक है, जब वह पर्यावरण और स्थानीय संस्कृति के साथ तालमेल बिठाए। 

मुख्यमंत्री का मानना है कि जल, जंगल और जमीन केवल प्राकृतिक संसाधन नहीं, बल्कि झारखंड की आत्मा हैं। ये लोकगीतों, त्योहारों और पारंपरिक रीति-रिवाजों में रचे-बसे हैं। इसलिए, इनके संरक्षण को सांस्कृतिक संरक्षण के रूप में भी देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि गांव का विकास राज्य के सर्वांगीण विकास की बुनियाद है और हमारी सरकार ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Published / 2025-08-13 20:24:24
धनबाद : जोगता क्षेत्र के काले कारोबार पर नहीं हैं किसी की नजर

एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने जोगता क्षेत्र अंतर्गत चल रहे अवैध कोयला कारोबार की निष्पक्ष जांच कराने की मांग सोशल मीडिया  के माध्यम से झारखंड मुख्यमंत्री, झारखंड पुलिस, धनबाद पुलिस, एवं अन्य पदाधिकारियों से किया है। उन्होंने लिखा है कि निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की कृपा प्रदान करें।

Published / 2025-08-13 20:23:56
आयुष्मान भारत योजनाओं की समीक्षा के दौरान अपर मुख्य सचिव ने दिये अहम निर्देश

ई-केवाईसी और पारदर्शी अस्पताल चयन पर विशेष जोर 

आयुष्मान के तहत अस्पतालों के इंपैनल्मेंट हेतु हर माह होगी बैठक 

टीम एबीएन, रांची। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने आज अपने कार्यालय में आयुष्मान भारत मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना, मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना तथा राज्यकर्मी स्वास्थ्य सुरक्षा योजना की समीक्षा बैठक की। बैठक में झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी की कार्यकारी निदेशक डॉ. नेहा अरोड़ा, विभाग के अपर सचिव विद्यानंद शर्मा पंकज, एवं टाटा एआईजी, डेलोइट तथा एनआईसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। 

अपर मुख्य सचिव ने योजनाओं के बेहतर कार्यान्वयन हेतु कई निर्देश दिये। उन्होंने  ई-केवाईसी प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि लाभार्थियों को बिना विलंब योजना का लाभ मिल सके। इसके लिए सहियाओं को ई-केवाईसी में सहयोग हेतु अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि (इंसेंटिव) प्रदान करने का प्रस्ताव कैबिनेट को भेजा जायेगा। 

आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत अस्पतालों के इंपैनलमेंट के लिए प्रत्येक माह बैठक आयोजित करने और पारदर्शी चयन प्रक्रिया सुनिश्चित करने का उन्होंने निर्देश दिया।  

अपर मुख्य सचिव ने मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी उपचार योजना को अबुआ स्वास्थ्य योजना में सम्मिलित करने के निर्देश दिए, जिससे गंभीर रोगों से ग्रसित नागरिकों को व्यापक कवरेज मिल सके। दोनों योजनाओं के तहत उपलब्ध पैकेजों की समीक्षा और संशोधन हेतु डीआईसी को निर्देशित किया गया है। 

राज्यकर्मी स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत बेहतरीन अस्पतालों को इंपैनल करने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया गया। श्री सिंह ने कहा कि इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी हितधारकों को समन्वित प्रयास करने होंगे ताकि झारखंड के नागरिकों को सुलभ, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें। बैठक के दौरान टाटा एआईजी, डेलोइट तथा एनआईसी के प्रतिनिधियों ने तकनीकी सहयोग तथा डिजिटल प्रक्रियाओं के सरलीकरण संबंधी सुझाव भी साझा किये। 

झारखंड सरकार की यह पहल राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने और योजनाओं के प्रभाव को जमीनी स्तर तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रस्तावित संशोधनों और नवाचारों से लाभार्थियों को अधिक सुविधा और सुरक्षा मिलने की उम्मीद है।

Published / 2025-08-13 20:22:15
कान्हाचट्टी : तिरंगा यात्रा में शामिल हुए कई विद्यालयों के स्कूली बच्चे और शिक्षाकर्मी

एबीएन न्यूज नेटवर्क, कान्हाचट्टी/ चतरा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर  रामनगर उच्च विद्यालय, बीके उच्च विद्यालय, उत्क्रमित मध्य विद्यालय कान्हाचट्टी के अलावे कई स्कूल के छात्र-छात्राएं बुधवार को तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। 

तिरंगा यात्रा रामनगर हाई स्कूल से निकलकर कान्हा चट्टी बाजार होते हुए खाप एवं राजपुर थाना परिसर होते हुए पुन: कान्हाचट्टी के सायल बगीचा में आकर इसका समापन किया गया। इस अवसर पर स्कूल के सैकड़ों छात्र-छात्राएं शामिल थी। 

यह आयोजन भाजपा कार्यकर्ताओं ने हर घर तिरंगा को लेकर प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी निकाला। छात्र-छात्राओं की आवाज में तिरंगा यात्रा के दौरान देश भक्ति गाने गूंजते रहे। सभी बच्चों एवं बच्चियों में काफी उत्साह देखा गया, जिसमें मुख्य अतिथि जिला परिषद उपाध्यक्ष बिरजू तिवारी, शिक्षक बिशेश्वर यादव, लोकेश कुमार दांगी, प्रदीप पासवान, प्रकाश राम, गोपी चंद राम समेत हजारों की संख्या में बच्चे एवं देश प्रेमियों ने भाग लिया।

Published / 2025-08-13 17:05:53
स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गर्व और प्रतिबद्धता का पर्व : संजय सर्राफ

टीम एबीएन, रांची। अंतरराष्ट्रीय हिंदी साहित्य भारती रांची के उपाध्यक्ष सह झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय संयुक्त महामंत्री संजय सर्राफ ने कहा है कि हर वर्ष 15 अगस्त को हम भारतवासी स्वतंत्रता दिवस को गर्व, उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाते हैं। यह दिन केवल ब्रिटिश शासन से मुक्ति का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह भारत के स्वतंत्र अस्तित्व, आत्मनिर्भरता और लोकतांत्रिक मूल्यों की स्थापना का उत्सव भी है। 

इस वर्ष हम 79 वां स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं, जो हमें हमारे गौरवशाली अतीत की याद दिलाने के साथ-साथ भविष्य के लिए नयी दिशा में प्रेरित करता है। 15 अगस्त 1947 को भारत ने लगभग दो शताब्दियों की गुलामी से मुक्ति प्राप्त की थी। यह स्वतंत्रता असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और अथक संघर्ष का परिणाम थी। 

महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, रानी लक्ष्मीबाई जैसे अनगिनत वीरों ने देश को स्वतंत्र कराने हेतु अपने प्राणों की आहुति दी। यह दिन उन सभी नायकों को नमन करने का दिन है।15 अगस्त को पूरे देश में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है, राष्ट्रगान गाया जाता है और देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। 

दिल्ली के लाल किले से प्रधानमंत्री का राष्ट्र के नाम संबोधन इस दिन का मुख्य आकर्षण होता है। यह भाषण न केवल बीते वर्ष की उपलब्धियों को रेखांकित करता है, बल्कि भविष्य की योजनाओं और चुनौतियों का भी संकेत देता है। इस वर्ष में भारत ने कई क्षेत्रों में ऐतिहासिक प्रगति की है- डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत अभियान, चंद्रयान-3 और गगनयान जैसी अंतरिक्ष उपलब्धियाँ, हरित ऊर्जा की ओर बढ़ते कदम, और वैश्विक मंच पर भारत की सशक्त उपस्थिति। 

आज का भारत केवल एक उभरती अर्थव्यवस्था नहीं, बल्कि सांस्कृतिक, तकनीकी और कूटनीतिक दृष्टि से भी एक सशक्त राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी है। एक नागरिक के रूप में हमें अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए-जैसे कानून का पालन, पर्यावरण की रक्षा, शिक्षा को बढ़ावा देना और सामाजिक सौहार्द बनाये रखना। 

आज की पीढ़ी को यह समझना होगा कि देशभक्ति केवल नारों में नहीं, बल्कि अपने कर्मों और योगदान में झलकनी चाहिए। स्वतंत्रता दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि एक अवसर है-देश के प्रति अपने कर्तव्यों को दोहराने का, देश को और बेहतर बनाने का। 2025 का यह स्वतंत्रता दिवस हमें यह स्मरण कराता है कि आज की स्वतंत्रता, कल के बलिदानों की देन है, और भविष्य की उन्नति, आज की मेहनत पर निर्भर है।

Published / 2025-08-13 15:37:29
श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में भव्य आयोजन

टीम एबीएन, रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित रांची के पुंदाग स्थित श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर मे 16 अगस्त को श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व अत्यंत धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जायेगा। इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में भागीदारी की उम्मीद है। 

ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि मंदिर को विशेष रूप से रंग-बिरंगी विद्युत रोशनियों, फूलों और पारंपरिक सजावट से सुसज्जित किया जा रहा है। जन्माष्टमी की पूर्व संध्या से ही भजन-कीर्तन, संकीर्तन और प्रभु श्रीकृष्ण के बाल लीलाओं का गुणगान आरंभ हो जाएगा, जो रातभर चलेगा। 

भक्तों द्वारा झूले में विराजमान बाल गोपाल को झुलाया जायेगा, जिसे "झूलन महोत्सव" के रूप में मनाया जायेगा। रात्रि 12 बजे श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की आरती की जायेगी और ठाकुर जी को छप्पन भोग अर्पित किया जायेगा। इसके उपरांत प्रसाद वितरण होगा। ट्रस्ट के भजन गायकों एवं महिला समिति द्वारा सुंदर भजन प्रस्तुत किये जायेंगे। 

ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने सभी श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। इस आध्यात्मिक आयोजन से न केवल भक्तों को प्रभु की भक्ति में लीन होने का अवसर मिलेगा, बल्कि यह पर्व सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समृद्धि का प्रतीक भी बनेगा। उक्त जानकारी श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।

Published / 2025-08-13 15:33:49
हुसैनाबाद : पंचायत की उन्नति और विकास के लिए प्रखंड स्तरीय कार्यशाला

गांव और पंचायत में 9 बिंदुओं पर सतत विकास लक्ष्य 2030 तक 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, हुसैनाबाद/ पलामू। पीएआई सूचकांक के द्वारा पंचायत को 9 बिंदुओं पर विकास का पैमाना में अवल दर्जा प्राप्त करने को लेकर प्रखंडस्तरीय कार्यशाला का आयोजन प्रखंड सभागार में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख राजकुमारी देवी, बीडीओ सुनील वर्मा, मुखिया ममता देवी सरिता देवी, श्रवण राम आदि पंचायत प्रतिनिधियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। 

कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर अनूप कुमार ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पंचायती राज भारत सरकार ने देश भर 2 लाख 50 हजार पंचायतों के प्रगतिशील बनाने व उसके पैमाना क्या है? उसके लिए क्या क्या करना है? उस विषय आधारित चर्चा की। 

वहीं बीडीओ सुनील वर्मा ने बताया कि यह कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायत को गरीब मुक्त, बेहतर आजीविका, स्वस्थ पंचायत, बाल अनुकूल पंचायत, स्वास्थ्य व हरित पंचायत, आत्मनिर्भर, महिलाओं का विकास, समाजिक रूप से न्याय संगत सुरक्षित सुशाशन युक्त पंचायत, महिला अनुकूल पंचायत आदि आधार भूत संरचनाओं के विकास का लक्ष्य रखा गया हैं। 

प्रखंड प्रमुख राजकुमारी देवी ने कहा कि यह विकास का पैमाना पंचायतों के जनप्रतिनिधियों उत्कृष्टता व बेहतर प्रदर्शन करने के लिए किया जा रहा। आप सभी प्रतिनिधि मिल कर अपने पंचायत को नंबर वन कैसे बनाये इन बातों को सीखना है और 9 बिंदुओं पर यह कार्य को सफलता पूर्वक कर अपने क्षेत्र का नाम रौशन करना है तभी पंचायती राज व पंचायत सरकार का मूल अवधारणा जनता तक पंहुचेगी। 

मौके पर मुखिया अमरेंद्र ठाकुर, नरेश पासवान, विजय राम, विनोद सिंह, सुषमा सिंह, हुसैनाबाद प्रखंड के सभी सम्मानित पंचायत समिति एवं मुखिया तथा प्रखंड के बीपीएम आदि कर्मी मौजूद थे।

Page 283 of 1691

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse