टीम एबीएन, रांची। स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन एवं मारवाड़ी सहायक समिति, रांची द्वारा एक भव्य समारोह का आयोजन मारवाड़ी भवन, हरमू रोड, रांची स्थित प्रांतीय कार्यालय में किया गया। समारोह की शुरुआत झंडोत्तोलन से हुई, जिसे संयुक्त रूप से झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के प्रांतीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र अग्रवाल एवं रांची जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष सज्जन पाड़िया ने किया।
राष्ट्रीय ध्वज के फहराते ही उपस्थित जनसमूह ने राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति अपनी आस्था और समर्पण व्यक्त किया। इसके पश्चात सुरेश चंद्र अग्रवाल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि देशभक्ति, त्याग और कर्तव्यपरायणता की भावना को जीवित रखने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हमें स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।
रांची जिला अध्यक्ष सज्जन पाड़िया ने भी इस अवसर पर अपने विचार रखते हुए युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों को भी समझें और समाज की सेवा में स्वयं को समर्पित करें। उन्होंने सभी सदस्यों से अपील की कि एकता, समरसता और सेवा की भावना को अपनाकर संगठन को और अधिक सशक्त बनायें।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मारवाड़ी भवन परिसर में मारवाड़ी सहायक समिति के अध्यक्ष मनोज चौधरी द्वारा झंडोत्तोलन किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें यह याद दिलाने का अवसर है कि हमारे पूर्वजों ने किन कठिन संघर्षों के बाद यह आजादी दिलाई, जिसे हमें सहेजकर आगे बढ़ना है।
कार्यक्रम का संचालन प्रांतीय महामंत्री विनोद कुमार जैन ने की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रांतीय व जिला स्तरीय पदाधिकारी, सदस्यगण, महिला एवं युवा के प्रतिनिधि, समाजसेवी एवं नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने वीर शहीदों को पुष्पांजलि कर श्रद्धा सुमन अर्पितकर श्रद्धांजलि दी। वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत था और वन्दे मातरम् एवं भारत माता की जय के जयघोष से परिसर गूंज उठा। उक्त जानकारी झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन के संयुक्त महामंत्री सह प्रवक्ता संजय सर्राफ ने दी।
टीम एबीएन, रांची। बी आई टी मेसरा लालपूर यूनिट के तत्वावधान में आजादी के 79 स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया झंडोत्तोलन संस्थान के प्रभारी डॉ प्रणव कुमार ने किया इस अवसर पर उन्होंने संस्थान के आने वाले दिनों और पुरवर्ति कार्यो को छात्रों और शिक्षकों सहयोगी कर्मचारियों को बताया और देश के प्रति युवाओं की भागीदारी पर प्रकाश डाला।
झंडोत्तोलन के बाद ठरर के सदस्यों के द्वारा नाट्य और संगीत के माध्यम से समाज और देश में बढ़ते घटनाओं को नाट्यरूप देकर जागरूक करने के लिए प्रेरित किया इस आयोजन में एन एस एस के संयोजक डॉ अभय रंजन श्रीवास्तव डॉ संदीप नाथ शाहदेव डॉ प्रदीप मुंडा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आज के झंडोत्तोलन कार्यक्रम में शिक्षकों और कर्मचारियों में डॉ अमृता प्रियम, डॉ सोमनाथ मुखर्जी, सहायक कुलसचिव मनोज गिरि, डॉ तन्मय कुमार बनर्जी, डॉ श्रावणी मुखोपाध्याय, अजय कुमार, शांतनु सिन्हा, डॉ एन के सिंह, डॉ देवेश, डॉ मिली दत्ता, मनोज कुमार, बासुदेव सिंह, दीपक मिश्रा, डॉ आशुतोष मिश्र सहित सैकड़ों की संख्या में छात्रों ने भाग लिया।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त किया। राज्य के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का शुक्रवार रात राजधानी दिल्ली के सरिता विहार जसोला स्थित इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में अंतिम सांस ली।
उनके निधन से झारखंड में शोक की लहर दौड़ गयी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया एक्स पर शोक संदेश में लिखा, ऐसे छोड़ कर नहीं जाना था रामदास दा। अंतिम जोहार दादा।
रामदास सोरेन के पुत्र ने सोशल मीडिया के माध्यम से यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अत्यंत ही दुख के साथ यह बता रहा हूं कि मेरे पिताजी रामदास सोरेन जी अब हमारे बीच नहीं रहे। गौरतलब है कि शिक्षा मंत्री सोरेन दो अगस्त को जमशेदपुर स्थित अपने आवास पर बाथरूम में गिर गए थे।
जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आयी थी। उन्हें जमशेदपुर के अस्पताल में भर्ती किया गया था लेकिन हालत गंभीर देखते हुए दिल्ली रेफर किया गया। डॉक्टरों की ओर से बताया गया था कि उन्हें मस्तिष्काघात हुआ था जिससे उनके दिमाग ने काम करना बंद कर दिया था।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का निधन हो गया। नयी दिल्ली में इलाजरत श्री सोरेन का पार्थिव शरीर विशेष विमान से रांची लाया जायेगा जहां उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएयेगी। इसके बाद पार्थिव शरीर को सीधे सड़क मार्ग से उनके घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के घाटशिला-मऊभंडार ताम्र प्रतिभा मैदान लाकर अंतिम दर्शन के लिए रखा जयेगा।
राज्य के मंत्री रामदास सोरेन का पार्थिव शरीर रांची लाया गया। झामुमो और कांग्रेस के कई नेता हवाई अड्डे पहुंचे और पुष्पांजलि अर्पित की। रामदास सोरेन के निधन पर कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर ने कहा, ये दुखद खबर है हमारे लिए और पूरे राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है।
वह सीधे, सरल, शालीन और ईमानदार व्यक्ति थे और ईमानदारी से शिक्षा के क्षेत्र में काम कर रहे थे...वह प्रयास कर रहे थे कि कैसे शिक्षा में बेहतर सुधार हो...वह अचानक से गिर पड़े और फिर लंबे समय से अस्पताल में रहे और लेकिन उनकी निधन की खबर मिली तो निश्चित तौर से हम लोगों के लिए दुखद खबर है।
रामदास सोरेन के निधन पर भाजपा नेता प्रतुल शाह देव ने कहा, इस खबर ने बिल्कुल झकझोर के रख दिया है 12 दिन के भीतर झारखंड में दो बढ़े हमारे महापुरुषों का चले जाने बड़ी दुख की बात है, रामदास जी को झारखंड आंदोलन का स्तंभ माना जाता था ... उनका जाना बहुत बड़ी शून्यता छोड़कर गया है।
इससे पहले गुरू जी गए इनके जाने के बाद झारखंड पूरा मर्माहत था लेकिन ये दुख कम भी नहीं हुआ था कि एक बड़ा झटका और झारखंड को लगा है। बीजेपी दुख व्यक्त करती है और आशा व्यक्त करती है... रामदास जी बहुत बड़े इंसान थे 44 साल तक उन्होंने अपने विचारों को नहीं बदला था अलग राज्य के लिए हमेशा लड़े थे, पूरे झारखंड में आज शोक की लहर है...
बता दें कि रामदास सोरेन का दिल्ली के एक निजी अस्पताल में बीते शुक्रवार रात निधन हो गया। रामदास सोरेन को 2 अगस्त को आवास में बाथरूम में गिरने के बाद जमशेदपुर से राष्ट्रीय राजधानी के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सोरेन (62) की हालत गंभीर थी और जब से ही उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया था।
टीम एबीएन, रांची। एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग में धूमधाम से जन्माष्टमी का उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर ईईडीपी विभाग के बच्चों द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित किये गये। नन्हे-मुन्ने बालक बाल श्रीकृष्ण के रूप में सबका मन मोह रहे थे, वहीं प्यारी - प्यारी बालिकाएं राधारानी के वेश में सौंदर्य की छटा बिखेर रहीं थीं।
बाल गोपाल माखन चुरा रहे थे तो नन्हीं राधा रानी अपने नृत्य तथा अदाओं से सबको मंत्रमुग्ध कर रहीं थीं। छोटे - छोटे विद्यार्थियों ने जन्माष्टमी महोत्सव के अवसर पर पारंपरिक व्यंजनों का भी आनंद लिया।
प्राचार्य डॉ तापस घोष ने बाल गोपाल तथा राधारानी की मस्ती देखकर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि त्योहार न केवल जीवन की एकरसता को दूर करते हैं,बल्कि बच्चों को संस्कृति से भी जोड़ते हैं।
वे अपने देश के विविध त्योहारों के विषय में अनेक बातें जान पाते हैं; जैसे - कोई त्योहार क्यों और कैसे मनाया जाता है? उससे हमें क्या संदेश मिलता है? जन्माष्टमी का त्योहार मनाते हुए बच्चों की खुशी तथा उत्साह देखते ही बन रहा था।
टीम एबीएन, रांची। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री मंजुनाथ भजन्त्री ने आज दिनांक 16 अगस्त 2025 को झारखंड विधानसभा परिसर में माननीय मंत्री, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता तथा निबंधन विभाग, झारखण्ड सरकार, रामदास सोरेन के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
उपायुक्त ने अपने शोक संदेश में कहा कि रामदास सोरेन का असामयिक निधन झारखंड राज्य के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुखद घड़ी में धैर्य व शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
टीम एबीएन, रांची। डी ए वी पब्लिक स्कूल सीसीएल गांधीनगर में 79वें स्वतंत्रता का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के चेयरमैन सह सी सी एल रांची के वेलफेयर विभाग की जेनरल मैनेजर रेखा पांडेय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और विद्यालय की एन सी सी के बालचरों के द्वारा आकर्षक परेड का निरीक्षण भी किया।
मुख्य अतिथि ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे देश भक्तों ने आग की दरिया में कूदकर और गले में फांसी लगाकर देश को आजादी दिलाई है। हमें उनके सपनों को साकार करना होगा। पहले भारत ज्ञान,विज्ञान और आध्यात्म के क्षेत्र में उन्नत रहा था। पराधीनता की अवस्था में इसकी सर्वतोमुखी प्रगति स्थिर हो गयी थी किंतु आजादी के बाद हमारा विकास तीव्र हो रहा है।
हमारा लक्ष्य भारत को 2047 तक एक पूर्ण विकसित देश बनाना है यह तभी संभव होगा जब हम स्वयं से बढ़कर राष्ट्र को देखेंगे। प्राचार्य प्रदीप कुमार झा ने अपने संबोधन में कहा कि अंग्रेजों ने दीनहीन स्थिति में भारत को स्वतंत्र किया था। प्राकृतिक संसाधनों से लेकर आर्थिक दोहन से देश की स्थिति जर्जर हो गई थी। किंतु आज जमीन से लेकर अंतरिक्ष तक भारत की आवाज मुखरित हो रही है।
इस अवसर पर देशभक्ति की भावना को व्यक्त करने वाले अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी गई। गीत,नृत्य, वाद्यवादन, कविता वाचन आदि की सामूहित प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में निराकार आचार्या, ब्रजेशजी सिन्हा, सोमा घटक, के नलनी, गोविंद झा, कौशल कुमार, के रीना, के एन तिवारी, सत्यार्थ प्रकाश आदि शिक्षकों की सराहनीय भूमिका रही। कार्यक्रम का संचालन दसवीं के विद्यार्थी समृद्धि शाह, वैभवी, अस्मिता और उत्सव दुबे ने किया।
टीम एबीएन, रांची। डीएवी कपिल देव पब्लिक स्कूल कडरू रांची में 79वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से संपन्न हो गया। स्थानीय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष कपिल देव गिरि ने इस अवसर पर झंडोत्तोलन किया। झंडोत्तोलन के बाद विद्यालय के एनसीसी अधिकारी विवेक जायसवाल के निर्देशन में एनसीसी कैडेट्स और बच्चों ने तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद विद्यालय की बैंड पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर अपने स्वागत भाषण में डीएवी झारखंड जोन बी के सहायक क्षेत्रीय अधिकारी सह विद्यालय के प्राचार्य के प्राचार्य एमके सिन्हा ने कहा कि शिक्षा की शुरूआत घर से होती है, प्रकृति से होती है। श्री सिन्हा ने अभिभावकों से तिरंगे की शान को सदा बनाये रखने की अपील की।
प्राचार्य ने प्रसिद्ध क्रांतिकारी भगत सिंह की जीवनी सुनाई और अभिभावकों से शहीदों की कहानी अपने बच्चों से सुनाने की अपील की, ताकि वे जान सकें कि आजादी हमें कितनी कुबार्नी के बाद मिली। श्री सिन्हा ने कहा कि विज्ञान और तकनीक का प्रयोग सीखने के लिए होना चाहिए। मोबाइल का दुरुपयोग रोकने का प्रयास होना चाहिए।
प्राचार्य ने आगंतुकों का स्वागत पुष्प गुच्छ देकर किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति नृत्य और नृत्य नाटिका निशानी उल्लेखनीय रहे। इन दोनों कार्यक्रमों को दर्शकों ने खूब सराहा। मौके पर मुख्य अतिथि एवं एलएमसी चेयरमैन कपिल देव गिरि ने विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रसन्नता जतायी।
स्वतंत्रता दिवस समारोह पर विद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारियों, अभिभावकों के अलावा डॉ बी सी अधिकारी, कृष्ण कुमार, अखिलेश कुमार, बिनोद कुमार, अवधेश कुमार, आशुतोष गिरि, ब्रजेश उपाध्याय समेत कई अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद थे। सभा का संचालन बारहवीं की छात्रा शैली केसरी और शालिजा ने किया। उक्त जानकारी डीएवी कपिल देव पब्लिक स्कूल कडरू रांची के प्रेस प्रभारी आलोक इंद्र गुरु ने दी।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse