झारखंड

View All
Published / 2026-02-04 21:31:05
लोहरदगा : वार्ड आठ से अविनाश कौर ने किया नामांकन

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। लोहरदगा नगर परिषद क्षेत्र में भ्रष्टाचार मुक्त वार्ड नंबर 8 हमारा है और हमें अपने वार्ड वासियों पर गर्व है। उक्त बातें अविनाश कौर ने कही। वार्ड 8 की प्रत्याशी अविनाश कौर ने आज अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के पश्चात प्रेस मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 10 साल से मैं वार्ड पार्षद हूं और उस बीच में 2019 में कोरोना काल भी आया। 

लगभग 2 साल चुनाव टल गया और  2 साल बाद चुनाव हो रहा है, लेकिन हमने अपने कार्यकाल में सैकड़ों आवास योजना का लाभ गरीबों, जरूरतमंदों को दिलाया। लेकिन कोई भी लाभार्थी यह नहीं कह सकता है कि हमने उनसे घूस लिया। दूसरा सबका साथ और सबका विकास अविनाश कौर का यही प्रयास के तर्ज पर हमने काम किया। जात-पात को किनारे करते हुए हमने सबका विकास किया है। चाहे वह आवास योजना हो, नाली हो, स्ट्रीट लाइट हो, जलमीनार हो, चापाकल हो, नाली हो, रोड का निर्माण हो, स्लैब का निर्माण हो, पेंशन योजना हो चाहे वृद्धा पेंशन हो, दिव्यांग पेंशन हो, मंईयां सम्मान योजना हो, या महिला मंडल को रोजगार दिलाने के लिए कोई भी योजना हो, नये राशन कार्ड बनवाने का कार्य हो।

हमने सभी तरह की योजना के लिए हमेशा काम किया है और भ्रष्टाचार मुक्त वार्ड रखा है। पिछले 10 सालों से नगर परिषद में भ्रष्टाचार के खिलाफ जोरदार विरोध किया। आंदोलन भी किया है और हमने अपने वार्ड में पिछले 22 सालों से जहां बिजली के खंभे नहीं थे, कवर तार नहीं थे, जहां स्ट्रीट लाइट नहीं लगी थी, सभी योजनाओं का हमने कार्य कराया है और निस्वार्थ भाव से सेवा की है। 

उसके अलावा सड़क, नाली, सफाई, यह रोजाना कार्य है जो हम लोग 10 साल तक कराते रहे हैं और आने वाले समय में अपने वार्ड में जहां पानी सप्लाई पाइपलाइन नहीं बिछी है वहां पाइपलाइन लगवाने का प्रयास करूंगी और पिछले कार्यकाल में हमारे वार्ड 8 में जहां-जहां पाइपलाइन नहीं हैं, इसके लिए आवाज उठायी थी, उसका डीपीआर राज्य सरकार को चला गया है। 

आने वाले कार्यकाल में सभी जगह पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू हो जायेगा और हमारे वार्ड में 2 सड़कें ऐसी है जिसको हमने पारित कराया था। चुनाव खत्म होने के पश्चात शीघ्र उन सड़कों पर भी काम शुरू हो जायेगा। जहां-जहां नाली में स्लैब नहीं है, उसको लगाने की प्राथमिकता हमारी है। पिछले कार्यकाल में बिजली के तीन नये ट्रांसफार्मर लगवाया है। 

हमारा उद्देश्य जन सेवा करनी है। हमने सभी तरह के सरकारी लाभ वार्ड वासियों को दिलाने का प्रयास किया और वार्ड नंबर 8 की जनता  हमेशा हमारे साथ खड़ी रही है और आगे भी खड़ी रहेगी, यह पूर्ण विश्वास है। आज हमने नामांकन किया है और उम्मीद है और उम्मीद ही नहीं भरोसा की वार्ड 8 नंबर की  जनता हमें विजयी बनायेगी। इस बार विजयी होने के बाद इस वार्ड को आदर्श वार्ड के रूप में स्थापित करना मेरी पहली प्राथमिकता होगी। 

आज नामांकन के मौके पर प्रस्तावक अरुण कुमार, समर्थक रेणू सिंह के अलावा कंवलजीत सिंह, कुणाल वर्मा, राजू यादव, सत्येंद्र शर्मा, राहुल कुमार, राजेश शर्मा, संजीव शर्मा, सोहन साहू, करमन सिंह, जितेंद्र सिंह सहित वार्ड वासी उपस्थित थे।

Published / 2026-02-04 21:30:01
लोहरदगा : आजसू नेता राजेंद्र लोहरा ने किया नप अध्यक्ष के लिए नामांकन

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। आजसू पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ता राजेंद्र लोहरा ने आज लोहरदगा नगर परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव में अपना नामांकन किया। आजसू पार्टी ने उन्हें अपना पूर्ण समर्थन देते हुए लोहरदगा आजसू पार्टी के सभी पदाधिकारी उनके नामांकन में साथ उपस्थित होकर उनका हौसला बढ़ाया। 

आजसू पार्टी ने अंतिम समय पर नामांकन कर सबको अचंभित कर दिया। लोहरदगा नगर परिषद में व्याप्त भ्रष्टाचार आवास योजना में लूट इन सभी बिंदुओं पर गहन विचार करते हुए राजेंद्र लोहरा को समर्थन दिया। 

राजेंद्र लोहरा को विजय बनाने के लिए आजसू पार्टी लोहरदगा नगर क्षेत्र के सभी धार्मिक संगठन, व्यवसायी संगठन एवं सामाजिक संगठनों से जनसंपर्क अभियान चलाकर विकसित लोहरदगा नगर के लिए आजसू के पक्ष में मतदान करने की अपील करेगी। उक्त जानकारी आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव सूरज अग्रवाल ने दी।

Published / 2026-02-04 21:24:27
गुरुजी के बिना मना झामुमो को स्थापना दिवस

झामुमो का स्थापना दिवस आज, गोल्फ मैदान में भव्य आयोजन; सीएम हेमंत सोरेन पत्नी कल्पना सहित होंगे शामिल 

टीम एबीएन, धनबाद/ रांची। आज धनबाद में झामुमो के 54वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुआ हूं। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आप सभी का हार्दिक आभार और जोहार। झारखंड के वीर शहीद अमर रहें! वीर दिशोम गुरु शिबू सोरेन अमर रहें! जय झारखंड! 

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के स्थापना दिवस समारोह को लेकर तैयारियां पूरी कर चुका था। धनबाद के गोल्फ मैदान में भव्य आयोजन की तैयारी हुई थी। समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत पार्टी के कई बड़े नेता शामिल हुए। 

5 हजार से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था 

झारखंड मुक्ति मोर्चा का स्थापना दिवस समारोह इस बार भव्य तरीके से मनाया गया। धनबाद स्थित गोल्फ मैदान में विशाल और आकर्षक पंडाल तैयार किया गया था, जहां करीब 5 हजार से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था थी। समारोह की तैयारियों को लेकर बीते मंगलवार को गोल्फ मैदान में झामुमो जिला कमेटी की एक अहम बैठक आयोजित की गयी थी। 

जिसका नेतृत्व सचेतक सह टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो ने किया। बैठक में पार्टी समर्थित प्रत्याशी चंद्रशेखर अग्रवाल, जिलाध्यक्ष लखी सोरेन, जिला सचिव मन्नू आलम समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

कार्यक्रम में सीएम हेमंत सोरेन हुए शामिल 

मथुरा प्रसाद महतो ने बताया कि स्थापना दिवस समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, गांडेय विधायक कल्पना सोरेन सहित पार्टी के सभी मंत्री और विधायक शामिल हुए। इससे पहले उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री का आगमन दोपहर करीब 3 बजे होगा और वे शाम 5 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर रहेंगे।

इस दौरान मुख्यमंत्री समारोह को संबोधित भी करेंगे। बैठक में महानगर कमेटी के जिलाध्यक्ष मंटू चौहान और केंद्रीय प्रवक्ता डॉ. नीलम मिश्रा मौजूद नहीं थीं। वहीं, बैठक में वरीय उपाध्यक्ष महानगर, वरिष्ठ नेता देबू महतो, मदन महतो, रति लाल टुडू समेत अन्य नेता उपस्थित थे। 

बीते मंगलवार देर रात तक गोल्फ मैदान में तैयारियां जारी रहीं। इसी दौरान डीएसपी विधि-व्यवस्था नौशाद आलम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मौके पर जिलाध्यक्ष लखी सोरेन, जिला सचिव मन्नू आलम, उपाध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह, प्रवक्ता समीर रवानी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Published / 2026-02-04 21:17:12
निकाय चुनाव में दिख रही भाजपा आरएसएस की एकता में अनेकता...

झारखंड नगर निकाय चुनाव में हुए बड़े खेल, भाजपा और आरएसएस में निकले कई बागी, चला दल बदल का सिलसिला 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में चल रहे नगर निकाय चुनाव भले ही औपचारिक रूप से दलीय आधार पर नहीं हो रहे हों। लेकिन राजनीति का असर इन चुनावों में साफ नजर आ रहा है। चुनाव चिह्न भले ही पार्टियां नहीं दे रही हैं, पर प्रत्याशियों को समर्थन देकर वे अपनी मौजूदगी दर्ज करा रही हैं। इसी वजह से इस बार नगर निकाय चुनाव भी दलबदल से अछूता नहीं रहा है। 

राज्य के अलग-अलग राजनीतिक दलों ने नगर निगमों में महापौर और नगर परिषद व नगर पंचायतों में अध्यक्ष पद को लेकर खास रणनीति बनायी। कई दलों ने जिलाध्यक्षों से संभावित उम्मीदवारों के नाम मंगवाये और आपसी मंथन के बाद समर्थन देने का फैसला किया। समर्थन पाने की होड़ में कई नेताओं ने पार्टी बदलने से भी परहेज नहीं किया। 

पार्टी ने संजीव अग्रवाल को समर्थन देने की घोषणा की 

धनबाद नगर निगम इसका बड़ा उदाहरण है। यहां के पूर्व मेयर और बीजेपी नेता चंद्रशेखर अग्रवाल ने नामांकन के पहले ही दिन पर्चा भर दिया था, जबकि बीजेपी ने उस समय किसी को समर्थन देने का फैसला नहीं किया था। बाद में पार्टी ने संजीव अग्रवाल को समर्थन देने की घोषणा कर दी। इसके बाद चंद्रशेखर अग्रवाल ने तुरंत झामुमो की सदस्यता ले ली। 

झामुमो विधायक के भाई को पार्टी में किया गया शामिल 

एक अन्य मामले में भाजपा ने झामुमो विधायक दशरथ गगरई के भाई विजय गगरई को पार्टी में शामिल किया और बाद में उन्हें समर्थन भी दिया। इससे राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गयी। रांची नगर निगम में भी स्थिति कुछ ऐसी ही रही। बीजेपी ने महापौर पद के लिए रोशनी खलखो को समर्थन देने का निर्णय लिया। लेकिन इससे पहले ही पार्टी के एसटी मोर्चा के मीडिया प्रभारी और कार्यालय मंत्री राजेंद्र मुंडा अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल कर चुके थे। 

देवघर नगर निगम में देखने को मिला उलटफेर 

देवघर नगर निगम में भी उलटफेर देखने को मिला। बीजेपी ने महापौर पद के लिए रीता चौरसिया को समर्थन देने का फैसला किया, जबकि पार्टी के ही नेता बाबा बलियासे ने भी नामांकन भर दिया। पहले चर्चा थी कि पार्टी बाबा बलियासे को समर्थन दे सकती है। इन सभी घटनाओं से साफ है कि दलीय चुनाव न होने के बावजूद नगर निकाय चुनाव पूरी तरह राजनीति से जुड़े हुए हैं। समर्थन, रणनीति और दलबदल ने इन चुनावों को रोचक बना दिया है।

Published / 2026-02-03 21:20:16
उपायुक्त ने शादी की 20वीं वर्षगांठ पर की पहाड़ी बाबा की पूजा-अर्चना, मांगा सुख-समृद्धि का वरदान

टीम एबीएन, रांची। रांची पहाड़ी मंदिर विकास समिति के अध्यक्ष सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने अपनी शादी की 20वीं वर्षगांठ के मौके पर पत्नी संग पहाड़ी बाबा के दरबार में पहुंचे, जहां उन्होंने पहाड़ी बाबा की  पूरे विधि-विधान पूर्वक लघु रूद्राभिषेक कर अपने और अपने परिवार के संग राज्य की जनता के कुशल मंगल की कामना की। 

पूजा के सभी अनुष्ठान मंदिर के पुजारी संत कबीर दास, पिंटू बाबा, सुबोध बाबा ने मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न कराये। मौके पर उपायुक्त ने महाशिवरात्रि को लेकर पहाड़ी मंदिर में की जा रही तैयारियोंं की जानकारी समिति के सदस्यों से ली। 

इसके साथ कई दिशा-निर्देश दिये। मौके पर समिति के सचिव सह एसडीओ कुमार रजत, आनंद गाड़ोदिया, मदन पारीक, कोषापाल, अंकित सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Published / 2026-02-03 21:19:36
रांची : वार्ड 46 से किरण तिवारी ने किया नामांकन

क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान का लिया संकल्प 

टीम एबीएन, रांची। आगामी नगर निगम चुनाव के अंतर्गत वार्ड संख्या 46 से सामाजिक कार्यकर्ता किरण तिवारी ने मंगलवार को विधिवत रूप से अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पूर्व उन्होंने अपने आवास से प्रस्थान कर श्रीराम जानकी तपोवन मंदिर में पूजा-अर्चना की। तत्पश्चात समाहरणालय पहुंचकर शांतिपूर्ण एवं नियमानुसार नामांकन प्रक्रिया पूर्ण किया। 

नामांकन प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद किरण तिवारी ने श्री राम जानकी तपोवन मंदिर के महंत ओमप्रकाश शरण जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। नामांकन के उपरांत उन्होंने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट करते हुए कहा कि वार्ड में नालियों की नियमित सफाई एवं जल निकासी की गंभीर समस्या, स्वच्छ पेयजल आपूर्ति की अनियमितता, सड़क, स्ट्रीट लाइट एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति आम नागरिकों के लिए लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई है। 

उन्होंने यह भी कहा कि वार्ड में कचरा प्रबंधन एवं स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने, महिलाओं की सुरक्षा एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने, तथा युवाओं के लिए खेल, शिक्षा एवं रोजगार से जुड़े अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता है। 

किरण तिवारी ने जनता को आश्वस्त किया कि यदि उन्हें वार्ड की सेवा का अवसर प्राप्त होता है, तो वे वार्ड 46 को स्वच्छ, सुरक्षित, सशक्त एवं विकासशील बनाने के लिए पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगी। नामांकन के दौरान क्षेत्र में सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण देखने को मिला। 

नामांकन के लिए जाते समय एवं पश्चात कई स्थानीय नागरिक अपने-अपने घरों से बाहर निकलकर आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं देते हुए उनका उत्साहवर्धन करते नजर आये। क्षेत्र में बने सकारात्मक माहौल से आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर नागरिकों में बढ़ती जागरूकता और सहभागिता के संकेत मिल रहे हैं।

Published / 2026-02-03 18:23:38
अपने स्वाभिमान के प्रति सजग है आदिवासी समाज : बाबूलाल मरांडी

आदिवासी समाज अपने स्वाभिमान, पहचान और अधिकारों को लेकर सजग हो रहा है : बाबूलाल मरांडी 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने दुमका में सीएम हेमंत सोरेन के भाषण पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। श्री मरांडी ने आज कहा कि आदिवासी समाज अपने स्वाभिमान, पहचान और अधिकारों को लेकर सजग हो रहा है।

उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर लिखा, @ हेमंत सोरेन जेएमएमजी, झारखंड के आदिवासी आपकी जागीर नहीं हैं कि उन्हें जब चाहें, जहां चाहें ले जाकर राजनीतिक भीड़ का हिस्सा बना दिया जाये। झारखंड के आदिवासी उन बेबश विधायकों की तरह नहीं हैं जिन्हें बसों में भरकर रायपुर भेज दिया जाये। 

चंद करोड़ रुपये में आदिवासी समाज की भावनाओं और झारखंड आंदोलन को बेचने वाले अपने पिता की दकियानूसी सोच से बाहर निकलिये। आदिवासी समाज अपने स्वाभिमान, पहचान और अधिकारों को लेकर सजग हो रहा है।

Published / 2026-02-03 18:21:27
रांची : मेयर के लिए झामुमो ने दिया अंतु तिर्की को समर्थन

झारखंड नगर निकाय चुनाव: भाजपा ने रोशनी तो कांग्रेस ने रामा खलखो पर चला दांव, झामुमो ने अंतु तिर्की को दिया समर्थन 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में प्रस्तावित नगर निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी रणनीति स्पष्ट कर दी है। भले ही नगर निकाय चुनाव औपचारिक रूप से गैर-दलगत आधार पर कराये जा रहे हों, लेकिन भाजपा ने बैकडोर समर्थन के जरिए अपने पसंदीदा उम्मीदवारों को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। पार्टी ने राज्य के विभिन्न नगर निगम और नगर परिषद क्षेत्रों में मेयर पद के लिए समर्थित प्रत्याशियों के नाम तय कर दिये हैं।

रांची नगर निगम में मेयर पद के लिए भाजपा ने रोशनी खलखो के नाम पर मुहर लगायी है। वहीं हजारीबाग नगर निगम से सुदेश चंद्रवंशी, चास नगर निगम से अविनाश कुमार, धनबाद नगर निगम से संजीव अग्रवाल और मधुपुर नगर निगम से नीति कुमारी को पार्टी का समर्थन प्राप्त होगा। 

इसके अलावा चक्रधरपुर से डॉ. विजय गागराई, गढ़वा से कंचन जायसवाल, दुमका से अमिता रक्षित, गोड्डा से नारायण मंडल, बुंडू से राजेश उरांव, आदित्यपुर से प्रभाषिणी कलुंडिया और मानगो नगर निगम से संध्या सिंह को मेयर पद के लिए भाजपा समर्थित उम्मीदवार बनाया गया है। 

शहरी राजनीति में सरगर्मी तेज 

सूत्रों के अनुसार भाजपा संगठन इन प्रत्याशियों के पक्ष में चुनावी समन्वय और रणनीतिक सहयोग करेगा। पार्टी का फोकस शहरी विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता और नागरिक सेवाओं को प्रमुख चुनावी मुद्दों के रूप में सामने रखने पर रहेगा। नगर निकाय चुनाव को लेकर भाजपा की इस रणनीति से शहरी राजनीति में सरगर्मी तेज हो गयी है। 

अब यह देखना अहम होगा कि पार्टी समर्थित उम्मीदवार मतदाताओं का भरोसा कितना हासिल कर पाते हैं। वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और कांग्रेस ने भी मेयर पद के लिए बैकडोर रणनीति के तहत अपने-अपने समर्थित प्रत्याशियों को मैदान में उतार दिया है। 

कांग्रेस ने प्रदेश कांग्रेस महिला अध्यक्ष रामा खलखो को मेयर पद के लिए समर्थन देने का निर्णय लिया है, जबकि झामुमो ने अंतु तिर्की को अपना समर्थित उम्मीदवार घोषित किया है।

Page 28 of 1567

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse