झारखंड

View All
Published / 2025-08-30 21:57:48
झारखंड में जल्द बनेगा 2200 बेड का किडनी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल : डॉ इरफान अंसारी

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में राज्य के स्वास्थ्य, आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने ऐतिहासिक घोषणा करते हुए कहा कि रांची में 2200 बेड का विश्व-स्तरीय किडनी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल स्थापित किया जायेगा। 

इस अस्पताल में किडनी प्रत्यारोपण सहित सभी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह हॉस्पिटल आस्टिन हॉस्पिटल एंड सर्विसेज आस्ट्रेलिया और झारखंड सरकार की साझेदारी से बनेगा। कंपनी के सीईओ और डॉ अंसारी के पुराने मित्र आंद्रेई कोल्मोगोरोव ने झारखंड में बड़े पैमाने पर निवेश का निर्णय लिया है।

Published / 2025-08-30 18:20:10
फाइलेरिया से बचाव के लिए पलामू में 93 प्रतिशत लोगों खायी दवा : सिविल सर्जन

पलामू में 15 से 30 अगस्त तक दो चरणों में चला फाइलेरिया उन्मूलन अभियान

फाइलेरिया उन्मूलन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सूचना भवन में मीडिया कार्यशाला आयोजित

पदाधिकारियों के साथ प्रेस/ मीडियाकर्मियों ने खाई फाइलेरिया रोधी गोली

एबीएन न्यूज नेटवर्क, मेदिनीनगर (पलामू)। मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एमडीए) अभियान को प्रभावी बनाने और फाइलेरिया उन्मूलन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए आज मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, पलामू की ओर से स्थानीय सूचना भवन सभागार में आयोजित कार्यशाला में मीडियाकर्मियों को फाइलेरिया के दवा सेवन के महत्व, बीमारी के लक्षण, बचाव के उपाय और सरकारी प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी गयी।

कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए सिविल सर्जन डॉ अनिल श्रीवास्तव ने कहा कि 15 से 25 तक अभियान का पहला चरण था। इस वर्ष की प्रगति का आकलन कर इस अभियान को आगे बढ़ाकर 26 से 30 अगस्त 2025 किया गया। इसका परिणाम यह हुआ कि 93% उपलब्धि हासिल किया है। उन्होंने फाइलेरिया से बचाव के लिए दवा खाने की अपील की। 

उन्होंने कहा कि पलामू में दवा खाने से लोगों को कोई परेशानी नहीं हुई। किसी के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं देखा गया। मामूली शिकायतें मिली, लेकिन जागरूकता से उसका निदान करने में सफलता मिली। सिविल सर्जन ने बताया कि फाइलेरिया सिर्फ पैर में ही नहीं होता, लेकिन ज्यादा पैर में होती है। क्योंकि पैर का संपर्क सीधा भूमि से रहने के कारण तापमान कम रहता है। इसलिए ज्यादा संभावनाएं पैर में होने का रहता है।

उन्होंने मीडियाकर्मियों से विशेष धन्यवाद दिया, जिनके माध्यम से लोगों में जागरूकता आई। पलामू बेहतर प्रदर्शन किया। माइक्रोबायोलॉजिस्ट मासूम ने 26 से 30 अगस्त के बीच चलाये जा रहे फाइलेरिया मुक्ति अभियान के द्वितीय चरण की जानकारी दी। उन्होंने अभियान के तहत फाइलेरिया की दवा को खाकर इसके फैलाव की कड़ी को तोड़ने पर बल दिया।

उन्होंने कहा कि फाइलेरिया मादा क्यूलेक्स मच्छर के काटने से होता है। यह फैलने वाली बीमारी है। फाइलेरिया से शरीर के अंगों में अपंगता आती है। आमलोग भी फाइलेरिया से ग्रसित व्यक्ति को हीन भावना से देखते हैं। जबकि ऐसा नहीं होना चाहिए। समाज द्वारा तिरस्कृत नहीं किया जाना चाहिए। फाइलेरिया पीड़ित व्यक्तियों को सहायता और करूणा की आवश्यकता होती है।

जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ असीम कुमार ने फाइलेरिया उन्मूलन के लिए किए गये प्रशासनिक प्रयास की जानकारी दी। साथ ही कार्यशाला में शिरकत कर रहे सभी मीडियाकर्मियों को धन्यवाद करते हुए कहा कि प्रेस/मीडियाकर्मियों के सहयोग से पलामू के लोगों में बेहतर जागरूकता आई है। सिविल सर्जन, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में प्रेस/ मीडियाकर्मियों ने फाइलेरिया रोधी गोली खायी।

कार्यक्रम का संचालन पिरामल फाउंडेशन की सृजनी चक्रवर्ती ने किया। मौके पर पिरामल फाउंडेशन के गांधी फैलो चक्रधर साहू आदि उपस्थित थे। सिविल सर्जन ने मीडियाकर्मियों के साथ द्विपक्षीय संवाद कर उनके सवालों का जवाब देते हुए उनकी जिज्ञासाएं शांत की।  प्रेस/मीडियाकर्मियों को एक पीपीटी के माध्यम से भी इसकी गहण जानकारी दी गयी। सभी मीडियाकर्मियों को फलदार पौधा से स्वागत कर पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में एपीआरओ बिजय कुमार ठाकुर, एपीआरओ अजीत तिवारी, गौरव कुमार, प्रेम कुमार, सतीश चौधरी, शशिकांत, चलीतर पाल, पप्पू कुमार, संजय कुमार आदि लगे थे। मौके पर बड़ी संख्या में प्रेस/मीडिया के सम्मानित प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

Published / 2025-08-30 18:15:57
कल से महिलाओं के खाते में आने लगेगी मंइयां सम्मान की राशि

कल से खाते में खटाखट आने लगेंगे पैसे, करम पर्व पर महिलाओं के खिल उठेंगे चेहरे 

टीम एबीएन, रांची। 3 सितंबर को करम पर्व मनाया जायेगा। करम पर्व से पहले झारखंड की महिलाओं को मंईयां सम्मान योजना के तहत 2500 रुपये की राशि मिलेगी। सूत्रों के हवाले से ये खबर सामने आ रही है। 

विभागीय सूत्रों के अनुसार, कल यानी 31 अगस्त से राशि ट्रांसफर की प्रक्रिया शुरू हो जायेगी। विभाग ने मंईयां योजना के लाभार्थियों के खातों में राशि भेजने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। उम्मीद की जा रही है कि अगले 2 से 3 दिनों में यह राशि महिलाओं के खातों में पहुंच जायेगी। 

बता दें कि इसी महीने में रक्षाबंधन से पहले जुलाई की किस्त भेजी गयी थी। सभी जिलों को राशि हस्तांतरण के लिए जरूरी प्रक्रिया पूरी कर करम पर्व से पहले राशि का भुगतान सुनिश्चित करने को कहा गया है। योजना की किस्त विभाग की गाइडलाइन और मापदंडों के आधार पर भेजी जायेगी।

Published / 2025-08-30 12:31:37
रामगढ़ : हाथियों ने एक को कुचला, मौत

  • रामगढ़ में हाथियों ने व्यक्ति को कुचला...मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने किया जमकर हंगामा

एबीएन न्यूज नेटवर्क, रामगढ़। रामगढ़ जिले में प्रसिद्ध रजरप्पा मंदिर को जोड़ने वाले राजमार्ग पर बीते शुक्रवार को हाथियों के एक झुंड ने एक व्यक्ति को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गयी। वन विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी के अनुसार, इस घटना से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं में भय व्याप्त हो गया है। व्यक्ति की पहचान गोला पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुरपा गांव निवासी मुस्ताक अंसारी (52) के रूप में हुई है। रामगढ़ के संभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) नीतीश कुमार ने बताया कि मानव-हाथी संघर्ष की घटना चितरपुर-रजरप्पा मंदिर राजमार्ग पर जनियामारा के पास हुई। 

घटना के बाद गुस्साये ग्रामीणों ने कई घंटों तक राजमार्ग अवरुद्ध किया, उन्होंने पीड़ित परिवार को अनुग्रह राशि देने और दृश्यता और सुरक्षा बढ़ाने की दृष्टि से राजमार्ग के किनारे स्ट्रीट-लाइट लगाने की मांग की।

एक वन अधिकारी ने कहा, घने वन क्षेत्र में लाइट लगाने से हाथियों की मुक्त आवाजाही प्रभावित हो सकती है, लेकिन मानव जीवन की रक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हम एक संतुलित दृष्टिकोण अपनाकर काम करेंगे जिससे मानव और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने बताया कि घटना के समय लगभग 15 हाथियों का झुंड क्षेत्र में घूमता देखा गया था। वन अधिकारियों ने बताया कि नियमानुसार पीड़ित परिजनों को 25,000 रुपये का अग्रिम अनुग्रह राशि दे दी गई है जबकि शेष 3.75 लाख रुपये दस्तावेजीकरण के बाद दिये जायेंगे।

Published / 2025-08-29 19:40:31
किताबी ज्ञान के साथ शारीरिक और मानसिक चरित्र का विकास जरूरी : शिल्पी नेहा तिर्की

  • किताबी ज्ञान के साथ शारीरिक - मानसिक - चरित्र का विकास जरूरी : शिल्पी नेहा तिर्की

टीम एबीएन, रांची। राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर डीएवी नंदराज पब्लिक स्कूल के प्रांगण में दो दिवसीय इंटर स्कूल स्पोर्ट्स कार्निवल 2025 का उदघाटन राज्य की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने आज किया।

हॉकी के जादूगर कहे जाने वाले मेजर ध्यानचंद के जन्म दिवस पर उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित करते हुए खेल की शुरुआत हुई।आर्य ज्ञान प्रचार समिति के द्वारा स्पोर्ट्स कार्निवल में तीन स्कूल के 600 छात्र हिस्सा ले रहे है। इस मौके मंत्री ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि देकर नमन किया।

Published / 2025-08-29 19:35:56
खूंटी : हाथियों के झुण्ड ने मां-बेटे को मार डाला

  • हाथियों के झुंड ने ध्वस्त किया घर, मलबे में दबा परिवार, मां-बेटे की दर्दनाक मौत

टीम एबीएन, खूंटी/रांची। झारखंड में जंगलों से सटे कई रिहायशी इलाकों में हाथियों के झुंड का भयावह तांडव देखने को मिल रहा है। हाथियों के द्वारा न सिर्फ खेतों में लगी किसानों के फसलों, बल्कि उनके आशियानों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। 

रांची से सटे खूंटी जिला के अंतर्गत कर्रा प्रखंड के जरियागढ़ थाना क्षेत्र में तो हाथियों के झुंड ने ऐसा उत्पात मचाया कि पूरे गांव में डर और दहशत का आलम हो गया है। यहां हाथियों के झुंड ने एक घर को ध्वस्त कर दिया। घर के अंदर मौजूद मां-बेटे की मौत हो गयी। जबकि, बेटी गंभीर रूप से घायल है। 

जरियागढ़ थाना क्षेत्र के बकसपुर गांव स्थित रेलवे स्टेशन टोली में बुधवार की देर रात एकाएक हाथियों का झुंड पहुंच गया। उन्होंने तांडव मचाते हुए पहले एक घर को ध्वस्त कर दिया, जिस कारण घर के अंदर सो रही एतवारी बरला और उनके लगभग 4 वर्षीय मासूम बेटे तुलसी बारला की घर के गिरे हुए मलबे में दबने के कारण मौत हो गयी।

जबकि इस हादसे में मृतक महिला की एक दूसरी बेटी जिसकी उम्र लगभग 8 वर्ष है, वह गंभीर रूप से घायल हो गयी। उसे स्थानीय लोगों के द्वारा इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। घर को ध्वस्त करने और मलबे में दबकर 2 लोगों की मौत होने के बाद भी हाथियों का तांडव जारी रहा। 

गांव के ही एक और घर के बाहर सो रही एक वृद्ध महिला को भी हाथियों ने अपनी सूंड से उठाकर पटक दिया। हालांकि, इस घटना में महिला को गंभीर चोट नहीं लगी और वह पूरी तरह सुरक्षित है। जानकारी के मुताबिक, रेलवे स्टेशन टोली के रहने वाले किसान डोडेया बारला के घर के बाहर हाथियों का एक झुंड पहुंचा।

उन्होंने घर की दीवार को धक्का मार-मार कर ध्वस्त कर दिया, जिस कारण घर के अंदर सो रहे तीन लोग दब गये। इसमें एतवारी बारला और 4 वर्षीय बेटे तुलसी बारला की मौत हो गयी। जबकि घर के अंदर सो रही उनकी 8 वर्षीय बेटी बांधनी बारला गंभीर रूप से घायल हो गयी। जिसे इलाज के लिए खूंटी जिला के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Published / 2025-08-29 19:31:00
भाजपा की करनी और कथनी में भारी फर्क : हेमंत सोरेन

  • BJP जो कहती है, वो करती नहीं, शिबू सोरेन को भारत रत्न देने की मांग पर बोले CM हेमंत

टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधानसभा के पूरक मॉनसून सत्र के आखिरी दिन विपक्ष पर विकास कार्यों में बाधा डालने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने सदन में भोजनावकाश के बाद अपने समापन भाषण में गुरुजी (शिबू सोरेन) को याद करते हुए तेलंगाना राज्य के निर्माण में उनके योगदान को बताया। 

उन्होंने कहा कि सरकार संघर्ष करने वाले साथियों के सपनों को पूरा करने के लिए काम कर रही है। उन्होंने बीजेपी शासित राज्यों में आदिवासियों और दलितों की स्थिति पर भी सवाल उठाए। कहा कि विपक्ष का एकमात्र उद्देश्य राजनीतिक फायदे उठाना है। वे बिना किसी मुद्दे के सरकार का विरोध करते हैं। उन्होंने विपक्ष पर संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया।

मुख्यमंत्री हेमंत ने कहा कि उनकी सरकार गांवों में रहने वाले लोगों के लिए काम करती है। शिबू सोरेन को भारत रत्न देने की मांग पर हेमंत सोरेन ने कहा कि केंद्र में बीजेपी की सरकार है। बीजेपी जो कहती है, वो करती नहीं है। उन्होंने लद्दाख के सोनम वांगचुक के संस्थान को नोटिस भेजने का भी जिक्र किया और कहा कि इस पर कभी भी बुलडोजर चलाया जा सकता है। 

मुख्यमंत्री सोरेन ने बीजेपी पर पीएम-सीएम को जेल भेजने वाले बिल के पीछे एजेंडा चलाने का आरोप लगाया। उन्होंने एसआईआर पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में वोट काटे जा रहे हैं। उन्होंने पिछले साल बिरसा मुंडा की जयंती पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को निमंत्रण देने और फिर कार्यक्रम रद्द करने का मुद्दा उठाया। 

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी खूंटी आए और कई योजनाओं की घोषणा की, लेकिन उन योजनाओं का क्या हुआ, यह कोई नहीं जानता। सोरेन ने कहा कि झारखंड के खनिजों से कई लोग अमीर बन गये, लेकिन झारखंड को क्या मिला? उन्होंने कहा कि झारखंड देश को पालता-पोसता है और खुद खोखला होता जा रहा है जहां यूरेनियम की खुदाई होती है, वहां बच्चे अपंग पैदा होते हैं। पीएम मोदी के कार्यालय से खदानों की नीलामी की निगरानी होती है।

सोरेन ने छत्तीसगढ़ के जंगलों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्रकृति से छेड़छाड़ के कारण ही इतनी बारिश हो रही है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों में लोग राम-राम नहीं, बचाओ-बचाओ बोल रहे हैं। झारखंड देश के बड़े पूंजीपतियों के विकास के लिए बड़ी कीमत चुका रहा है। सोरेन ने फ्लाईओवर के विरोध पर कहा कि इस बारिश में इसके बनने से कितना फायदा हुआ। उन्होंने रिम्स टू के विरोध पर भी बीजेपी को घेरा और कहा कि बीजेपी विरोध करने के लिए फंडिंग भी कर रही है। 

उन्होंने गुजरात में फर्जी राजनीतिक दलों के फंडिंग के मुद्दे की चर्चा की और कहा कि बीजेपी गुजरात में किस तरह काम कर रही है। उन्होंने भारी बारिश में गिर रहे पुलों पर भी बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने बीजेपी नेताओं को याद दिलाया कि वे झारखंड के विधायक हैं, दिल्ली- गुजरात के पूंजीपतियों के प्रतिनिधि नहीं।

Published / 2025-08-29 19:27:20
झारखण्ड : राज्य में फिर भारी बारिश का अलर्ट

टीम एबीएन, रांची। झारखण्ड में एक बार फिर भारी बारिश देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। रांची मौसम केंद्र के मुताबिक, आज से मानसून फिर से सक्रिय होगा। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव सक्रिय होगा और उसका विकराल रूप झारखंड में देखने को मिलेगा। 

इन तीन दिनों के लिए पूरे राज्य में येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है। मौसम विभाग ने बताया है कि शुक्रवार से फिर भारी बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं राज्य के 7 जिलों रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, पलामू और गढ़वा में भी भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है। 

अगले 4 दिनों तक तेज हवाओं के साथ वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। वहीं, आज के लिए रांची मौसम विभाग ने कोई खास अलर्ट जारी नहीं किया है। आज दिन में धूप और शाम में हल्की बारिश से मौसम सुहाना हो सकता है।

Page 268 of 1691

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse