झारखंड

View All
Published / 2025-09-12 18:56:17
पाकुड़ : हथियारबंद अपराधियों ने सीएसपी संचालक से लूटे सात लाख

  • हथियारबंद बदमाशों ने CSP संचालक से लूटे 7 लाख; आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

एबीएन न्यूज नेटवर्क, पाकुड़। जिले में दिनदहाड़े एक बड़ी लूट की घटना हुई है। पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के सिंगारसी पंचायत के पकलो गांव के पास एसबीआई के सीएसपी संचालक रंजीत भगत को तीन हथियारबंद बदमाशों ने रास्ता रोककर लाखों की रकम और कीमती सामान छीन लिया।

मिली जानकारी के मुताबिक, रंजीत भगत रोज की तरह सुबह अपने मोटरसाइकिल से सीएसपी केंद्र जा रहे थे, तभी बोका मोड़ के पास दो बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने उनका रास्ता रोका। बदमाशों ने धमकी देते हुए सात लाख रुपए, उनका लैपटॉप और बाइक लूट ली। 

पुलिस ने बताया कि बदमाशों ने पहले से रंजीत की आवाजाही की रेकी की थी। लूट के बाद आरोपी लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के दसगोड़ा की ओर फरार हो गए। पुलिस ने तलाशी अभियान में बदमाशों की एक बाइक और पीड़ित की बाइक बरामद कर ली है। आरोपी अभी भी जंगलों में छिपे हैं। पुलिस ने बताया कि ग्रामीणों की मदद से जंगल की घेराबंदी कर शिकंजा कस रही है। जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

Published / 2025-09-12 18:53:04
युवा समाजसेवी सह छात्रनेता कलीम मिरदाहा का सड़क दुर्घटना में निधन

  • युवाओ के बीच शोक का लहर
  • छात्र विकास परिषद,एन एस यू आई, अभाविप, आजसू समेत सभी छात्र संगठनों ने किया शोक व्यक्त

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। जिले के सेन्हा थाना अंतर्गत बरही के समीप सड़क दुर्घटना में युवा समाजसेवी एवं छात्रनेता कलीम मिरदाहा का देहांत हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से श्री मिरदाहा को आनन- फानन में लोहरदगा सदर अस्पताल लाया गया जहां से प्राथमिक उपचार के पश्चात बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया था। हालांकि कलीम मिरदाहा की रास्ते में ही मौत हो गई। 

भंडरा थाना क्षेत्र के सोरन्दा बांध टोली निवासी कलीम मिरदाहा अपने घर से लोहरदगा आ रहे थे इसी दौरान बरही के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से कलीम गंभीर रूप से घायल हो गए, पश्चात सदर अस्पताल लोहरदगा में प्राथमिक इलाज के पश्चात रांची रिम्स रेफर किया गया। किन्तु रास्ते मे ही कलीम का निधन हो गया।

श्री मिरदाहा के निधन पर  रामाधार पाठक, जनक प्रजापति, अंकित मित्तल, निश्चय वर्मा, विनय उरांव जान्हवी कंचन गोयल, अंकित साहू,अभाविप, एन एस यू आई, आजसू समेत  बी एस कालेज के शिक्षक शिक्षकेतर कर्मचारियों एवं जिला के प्रबुद्धजनों ने शोक व्यक्त किया।

Published / 2025-09-12 18:49:05
AISMJWA ने सौंपा ज्ञापन, संपादक पर हुए हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

**

एबीएन न्यूज नेटवर्क, बोकारो। बीते दिनों निजी चैनल लाइव इलेवन के संपादक शमशेर आलम के साथ असामाजिक तत्वों द्वारा की गई मारपीट, अभद्र व्यवहार व जान से मारने की धमकी के मामले को लेकर आज क्षेत्र के पत्रकारों ने एकजुट होकर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ), बेरमो को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन सौंपते समय ए आई एस एम के बोकारो जिला अध्यक्ष प्रशांत कुमार सिन्हा, सचिव शिव शंकर नोनिया ने कहा कि 8 सितंबर की रात्रि संपादक आलम के साथ दरगाह मोहल्ला, खेतको में हुई घटना न केवल शर्मनाक है, बल्कि पत्रकारों की स्वतंत्रता और सुरक्षा पर सीधा हमला है।

आरोपियों द्वारा आई-कार्ड तोड़ना, नगद लूटना, कपड़े फाड़ने का प्रयास करना और घातक हथियार से धमकाना गंभीर अपराध है। ए आई एस एम ने मांग की कि पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी करे और पीड़ित संपादक को सुरक्षा उपलब्ध कराए। साथ ही, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

पत्रकारों ने बताया कि यदि आरोपियों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलनात्मक कदम उठाने को बाध्य होंगे।
इस अवसर पर एसडीओ व एसडीपीओ, बेरमो ने पत्रकारों को भरोसा दिलाया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान पत्रकार प्रशांत सिन्हा, सुभाष कटियार, शिव शंकर नोनिया, दिलीप ठाकुर, शमशेर आलम, समरुद्दीन अंसारी, प्यारेलाल, मोहम्मद सेराज, बीरेंद्र प्रसाद, रमेंद्र कुमार सिन्हा, शैलेश चंद्र, रतन कुमार सिन्हा व अन्य मौजूद रहे और उन्होंने घटना की निंदा करते हुए कहा कि पत्रकारों पर हमला लोकतंत्र की आवाज दबाने का प्रयास है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Published / 2025-09-12 18:47:03
झारखंड स्टेट आरोग्य समिति की शासी परिषद की बैठक संपन्न

  • लंबे समय से अस्पतालों के लंबित भुगतान का मार्ग प्रशस्त
  • स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में बड़ा कदम

टीम एबीएन, रांची। झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी की शासी परिषद की बैठक आज दिनांक 12 सितंबर 2025 को विकास आयुक्त श्री अविनाश कुमार की अध्यक्षता में विकास आयुक्त सभागार में आयोजित की गई। इस बैठक में स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी संस्थाओं को और बेहतर बनाने हेतु कई अहम निर्णय लिए गए।

प्रमुख एजेंडे और लिए गए निर्णय इस प्रकार रहे:

111 अस्पतालों के लंबित भुगतान का निर्णय
212 अस्पतालों के दावों पर चर्चा की गई। आपको बता दें कि 111 अस्पतालों का भुगतान पिछले 1 वर्ष से जांच के कारण लंबित था। जांच के दौरान जिन अस्पतालों में कोई त्रुटि नहीं पाई गई, उनके भुगतान का निर्णय लिया गया। जिन अस्पतालों में त्रुटियाँ पाई गईं, उनमें एनएचए के दिशानिर्देशों के अनुसार समीक्षा उपरांत भुगतान का निर्णय लिया गया।

विभिन्न पदों के सृजन पर सहमति
कई नई योजनाओं के संचालन हेतु मानव संसाधन की आवश्यकता पर बल दिया गया। इसी क्रम में नए पदों के सृजन का प्रस्ताव बैठक में लाया गया।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण द्वारा प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी
परिषद को वय वंदना योजना MoRTH (सड़क दुर्घटना में त्वरित चिकित्सकीय सहायता) और SMILE (ट्रांसजेंडर के लिए विशेष) योजना से अवगत कराया गया।

गैर-सूचीबद्ध मल्टी सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों में उपचार

देश भर के कई ऐसे मल्टी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल हैं जो सूचीबद्ध नहीं हैं। ऐसे चिन्हित अस्पतालों में वास्तविक दर पर इलाज के उपरांत बीमा कंपनी को अग्रिम राशि देकर भुगतान की व्यवस्था पर चर्चा की गई। साथ ही लाभुकों को सीजीएचएस दर पर प्रतिपूर्ति देने पर भी विचार किया गया।

राज्य के बाहर प्रतिष्ठित अस्पतालों में इलाज
राज्य के बाहर स्थित प्रतिष्ठित अस्पतालों में उपचार के उपरांत भुगतान की व्यवस्था कॉर्पस फंड से सुनिश्चित करने पर भी विचार किया गया।

बैठक में उपस्थित सदस्य

  • अविनाश कुमार – अध्यक्ष, शासी परिषद एवं विकास आयुक्त
  • अजय कुमार सिंह – उपाध्यक्ष, शासी परिषद एवं अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य विभाग
  • डॉ. नेहा अरोड़ा – कार्यकारी निदेशक, झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी

समिति के महाप्रबंधक

वित्त विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, योजना एवं विकास विभाग, महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के प्रतिनिधि

कार्यकारी निदेशक का वक्तव्य:

कार्यकारी निदेशक डॉ. नेहा अरोड़ा ने बताया कि सभी जिलों से जांच रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है और रिपोर्ट संतोषजनक है। जिलों से प्राप्त रिपोर्टों के अतिरिक्त डॉक्टरों की टीम द्वारा प्रत्येक अस्पताल का गहन अन्वेषण किया गया। अन्वेषण के उपरांत भुगतान करने अथवा एनएचए के निर्देशानुसार कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया, जिसे जीबी द्वारा अनुमोदित किया गया। इससे मरीजों को बेहतर सुविधा मिलेगी और संबंधित अस्पताल भी सुचारू रूप से कार्य कर सकेंगे।

Published / 2025-09-12 18:21:21
तेरापंथ युवक परिषद् रांची 17 को रांची में 8-10 जगह पर लगायेगा रक्तदान शिविर

प्रेस  रिलीज

*तेरापंथ युवक परिषद् रांची के द्वारा 17 सितंबर को रांची मे 8-10 जगह पर रक्तदान शिविर लगाया जायेगा*

*अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद (अभातेयुप) अपने 61वें स्थापना दिवस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस के शुभ अवसर पर 17 सितंबर को दुनिया का सबसे बड़ा रक्तदान अभियान चला रहा हैं!अभातेयुप केंद्र सरकार के सहयोग से "रक्तदान अमृत महोत्सव 2.0" आयोजित कर रहा हैं! केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय, रेल मंत्रालय, युवा मामले और खेल मंत्रालय भी इस अभियान से जुड़े हैं!*
*अभातेयुप के तत्वाधान मे तेरापंथ युवक परिषद रांची के द्वारा रांची जिले मे 8-10 जगह पर रक्तदान शिविर 17 सितंबर को सभी संस्थाओं के साथ मिलकर लगाया जाएगा! तेरापंथ युवक परिषद रांची के द्वारा इस बार 1000 यूनिट रक्तदान करवाने का लक्ष्य रखा गया हैं!* 
*माननीय रांची सांसद श्री संजय सेठ के सहयोग से उनके आवास पर शिविर, राष्ट्रीय युवा सेवा वाहिनी के सहयोग से विश्वविद्यालयों, रेलवे के सहयोग से RPF कैंप,अन्य संस्थानो एवं ब्लड बैंक के सहयोग से आईआईएम रांची, सेवा सदन, मोशन क्लासेस लालपुर एवं वाईबीएन यूनिवर्सिटी आदि मे शिविर लगाये जा रहे हैं! रिम्स ब्लड बैंक, सदर हॉस्पिटल, हेल्थ पॉइंट हॉस्पिटल,नागरमल मोदी सेवा सदन ब्लड बैंक एवं उनके डॉक्टर्स, तकनीकी टीम आदि का रक्तदान संग्रहित करने मे सहयोग रहेगा!*
*तेरापंथ युवक रांची परिषद के साथ श्री जैन श्वेताम्बर ओसवाल संघ रांची, श्री तेरापंथी सभा रांची, साधूमार्गी जैन संघ रांची, तेरापंथ महिला मण्डल आदि के संयुक्त सहयोग से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक रक्तदान करवाया जा सके!*
*तेयुप के अध्य्क्ष अमित बैंगानी, रक्तदान के संयोजक  एवं समन्वयक विशाल दस्सानी, ललित सेठिया, विकाश नाहाटा ने बताया कि पुरे झारखण्ड मे 17 सितम्बर को 30-40 शिविर एक साथ लगाए जायेंगे तथा रांची मे लगभग 10 शिविर लगाये जायेंगे*

*विदित हो कि अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद (अभातेयुप) अपने 61वें स्थापना दिवस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दी जन्मदिवस 17 सितंबर को दुनिया का सबसे बड़ा रक्तदान अभियान चला रहा हैं! इसके तहत दुनिया के 75 देशों में 7,500 से अधिक रक्तदान शिविर लगाये जा रहे है। इस दौरान पुरे विश्व मे 3 लाख यूनिट रक्तदान कराने का लक्ष्य रखा गया है! अभियान को सफल बनाने के लिए 50,000 से अधिक युवा कार्यकर्ता अभी जुटे हैं। दिल्ली में बने राष्ट्रीय का नियंत्रण कक्ष से देश-विदेश में आयोजित सभी रक्तदान शिविरों पर नजर रखी जाएगी। अभियान को सफल बनाने के लिए देशभर में एक साथ साइक्लोथॉन आयोजित किये जा रहे हैं। केंद्रीय युवा एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया इस साइक्लोथॉन की कमान संभाल रहे हैं। अभियान के माध्यम से नशामुक्त युवा भारत का संकल्प भी दिलाया जाएगा। अभातेयुप की विज्ञप्ति के अनुसार, कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तथा कच्छ से लेकर कटक तक देशभर में अभियान को लेकर अभी से प्रचार-प्रचार किये जा रहे हैं!*

*अभातेयुप के राष्ट्रीय अध्यक्ष रमेश डागा के अनुसार 17 सितंबर को 4000 रक्त बैंक, 5000 डॉक्टर्स, 25 हजार टेक्नीशियन और एक लाख स्वयंसेवक इस सेवा अभियान से जुड़ेंगे। रक्तदान मानवता का महायज्ञ है। इसे साधु-संतों, धर्माचार्यों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और धर्मगुरुओं ने अपना समर्थन दिया है। केंद्रीय स्वास्थ्य, रेल, युवा मामले और खेल मंत्रालय भी इस अभियान से जुड़े हैं। स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने सभी राज्यों को इसमें भागीदारी सुनिश्चित करने का पत्र भी लिखा है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, अश्विनी वैष्णव, पीयूष गोयल समेत अनेक नेता इस अभियान को सफल बनाने के लिए अपना सहयोग दे रहे हैं। रक्तदान के लिए कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में प्रेरक सत्र और जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसमें बड़ी संख्या में युवा अपनी भागीदारी सुनिश्चित करवाना चाह रहे हैं।*

*ऐसा पहली बार है, जब किसी भारतीय संगठन के आह्वान पर देश के अलावा 75 अन्य देशों में रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा और एक नया रिकॉर्ड बनाया जायेगा!*
*विदित हो कि प्रत्येक वर्ष 17 सितम्बर को अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद (अभातेयुप) द्वारा पुरे विश्व भर मे  रक्तदान शिविर लगाया जाता हैं! 2022 मे पुरे विश्व भर मे 2 लाख 50 हज़ार यूनिट का संग्रहण हुआ था जो कि गिनीज बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड मे शामिल हैं। 

 

ब्लड कैंप कोऑर्डिनेटर रांची के सुरेश जैन 

Published / 2025-09-12 13:47:51
हिंदी दिवस भाषा का गौरव और सांस्कृतिक पहचान : संजय सर्राफ

टीम एबीएन, रांची। हिंदी साहित्य भारती के उपाध्यक्ष सह झारखंड अभिभावक मंच के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा है कि हर वर्ष  को पूरे भारत में हिंदी दिवस मनाया जाता है। यह दिन न केवल हमारी राजभाषा हिंदी को सम्मान देने का अवसर है, बल्कि देशवासियों को अपनी मातृभाषा के महत्व को समझने और उसे सम्मानित करने की प्रेरणा भी देता है।

हिंदी दिवस मनाने की शुरुआत 14 सितंबर 1949 को हुई थी, जब संविधान सभा ने हिंदी को भारत की राजभाषा के रूप में स्वीकार किया। यही कारण है कि इस ऐतिहासिक दिन को यादगार बनाने के लिए हर साल हिंदी दिवस मनाया जाता है। इसके पीछे एक महत्वपूर्ण उद्देश्य यह था कि देश की स्वतंत्रता के बाद, हमें एक ऐसी भाषा की आवश्यकता थी जो जनमानस से जुड़ी हो, जिसे आम जनता सहज रूप से समझ और बोल सके। 

हिंदी उस समय देश की एक बड़ी आबादी द्वारा बोली और समझी जाती थी, अतः इसे राजभाषा का दर्जा दिया गया। हिंदी भाषा की जड़ें हमारी सांस्कृतिक विरासत में गहराई से जुड़ी हुई हैं। यह केवल एक संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि एक समृद्ध साहित्य, कविता, संगीत और दर्शन की भाषा है। कबीर, तुलसीदास, प्रेमचंद, महादेवी वर्मा, हरिवंश राय बच्चन जैसे साहित्यकारों ने हिंदी को अपनी रचनाओं के माध्यम से अमर कर दिया। 

आज के वैश्वीकरण के युग में जहाँ अंग्रेज़ी का प्रभाव बढ़ रहा है, ऐसे समय में हिंदी दिवस हमें यह याद दिलाता है कि हमें अपनी भाषा और संस्कृति को सहेजने की आवश्यकता है। हिंदी को सिर्फ सरकारी दस्तावेज़ों या भाषणों तक सीमित रखना पर्याप्त नहीं, बल्कि इसे जन-जीवन, शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और डिजिटल दुनिया में भी सशक्त बनाना आवश्यक है।

देशभर में इस दिन विभिन्न शैक्षणिक, सामाजिक और सरकारी संस्थानों में निबंध, कविता, वाद-विवाद, लेखन प्रतियोगिताएँ एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनका उद्देश्य हिंदी भाषा के प्रति प्रेम और जागरूकता बढ़ाना होता है। हिंदी दिवस भारत की आधिकारिक भाषाओं में से एक हिंदी भाषा के लिए समर्पित दिन है।

यह भारत की सांस्कृतिक और भाषाई पहचान की आधारशिला है। यह दिन भारत की संविधान सभा द्वारा देवनागरी लिपि में लिखी गयी हिंदी को भारत गणराज्य की आधिकारिक भाषा के रूप में अपनाने के फैसले की सालगिरह का प्रतीक है। 

हिंदी दिवस का उद्देश्य भाषा के बारे में जागरूकता बढ़ाना और उस क्षण को याद करना है, जब इसे भारत की आधिकारिक भाषाओं में से एक के रूप में अपनाया गया था।हिंदी दिवस का इतिहास भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के शुरुआती दिनों से जुड़ा है। 

वर्ष 1918 में हिंदी के विद्वानों के एक समूह ने राष्ट्र में हिंदी के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए हिंदी साहित्य सम्मेलन का गठन किया। इस सम्मेलन ने हिंदी को भारत की आधिकारिक भाषा के रूप में अपनाने में प्रमुख भूमिका निभायी। 

स्वतंत्रता के बाद भारत की संविधान सभा ने 14 सितंबर, 1949 को देवनागरी लिपि में लिखी हिंदी को आधिकारिक भाषा के रूप में स्वीकार किया. इसके बाद 14 सितंबर, 1953 को आधिकारिक रूप से पहली बार राष्ट्रीय हिंदी दिवस मनाया गया। 

हिंदी दिवस केवल एक तिथि नहीं, बल्कि यह हमारी भाषायी अस्मिता, राष्ट्रभक्ति और संस्कृति की रक्षा का प्रतीक है। आइए, इस अवसर पर हम सभी संकल्प लें कि हिंदी के प्रचार-प्रसार में अपनी सक्रिय भूमिका निभायेंगे।

Published / 2025-09-12 13:05:37
रांची : खेलगांव में मंदिर जा रही छात्रा को स्कूल बस ने कुचला, मौत

  • रांची में स्कूल बस का कहर, मंदिर जा रही छात्रा को रौंदा

टीम एबीएन, रांची। सुबह-सुबह रांची में एक दुखद घटना घटी है। खेलगांव में आज सुबह करीब पौने सात बजे स्कूल बस ने एक स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी पर सवार छात्रा की मौके पर ही मौत हो गयी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कूल बस तेज रफ्तार में थी और खेलगांव के पास अचानक स्कूटी को टक्कर मार दी। लोगों ने बताया कि टक्कर के बाद छात्रा स्कूटी समेत सड़क पर गिर पड़ी और बस उसे कुचलते हुए निकल गयी। हादसे में बस का चक्का हेलमेट पहनी छात्र के सिर पर चढ़ गया जिससे छात्रा की मौके पर ही मौत हो गयी। 

बच्ची के पिता का नाम श्याम है और वह लालपुर के डिस्टलरी बाजार में मछली बेचने का कार्य करते हैं। हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया और हंगामा करने लगे। खेलगांव थाना प्रभारी ने लोगों को समझा बूझकर सड़क से हटाया है।

इस दौरान कई स्कूली बसें जाम में फंसी रहीं। स्कूटी सवार एक लड़की की सड़क हादसे में मौत हुई है। जिसके बाद लोगों ने अक्रोशित होकर सड़क जाम कर दिया और हंगामा करने लगे। लोगों को समझा बुझा कर शांत कराया गया है।

Published / 2025-09-11 22:03:16
रांची : डीसी-एसएसपी ने जानी पूजा पंडालों की बारीकियां

टीम एबीएन, रांची। आज वरीय पुलिस अधीक्षक रांची चंदन कुमार सिन्हा के साथ संयुक्त रूप से रांची शहर के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रांची के प्रमुख पूजा पंडालों जैसे रातु रोड, गौशाला रोड, बकरी बाजार, झंडा चौक डोरंडा, काली बाड़ी, जिला स्कूल, एवं अन्य स्थानों का जायजा लिया गया। 

पूजा समितियों के सदस्यों को दुर्गा पूजा 2025 के आयोजन के लिए सुरक्षा, सुविधा, और व्यवस्था से संबंधित कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिये गये। सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित हो  सभी पूजा पंडालों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिए गए। पंडालों में अग्नि सुरक्षा (फायर सेफ्टी) के लिए सभी आवश्यक उपाय सुनिश्चित किए जाएं।  

प्रवेश और निकास व्यवस्था  श्रद्धालुओं की सुविधा और भीड़ प्रबंधन के लिए प्रत्येक पंडाल में अलग-अलग एंट्री गेट और एग्जिट गेट की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।  विद्युत व्यवस्था  दुर्गापूजा पंडालों में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए जेनरेटर की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। 

साथ ही, विद्युत तारों और उपकरणों की सुरक्षा जांच पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।  सहयोग और समन्वय  पूजा समितियों को जिला प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता के लिए संपर्क में रहने का निर्देश दिया गया। पंडालों के आसपास यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए भी विशेष उपाय किए जाएंगे। 

वरीय पुलिस अधीक्षक, चंदन कुमार सिन्हा ने पूजा समितियों से अपील की कि वे भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था में जिला प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें। पंडालों के आसपास यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए भी विशेष उपाय किए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें  सभी पूजा समितियों से अपील की कि वे श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

 ताकि दुर्गा पूजा का यह पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित, और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो। जिला प्रशासन ने कहा है कि दुर्गा पूजा 2025 के आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी और पूजा समितियों को हर संभव सहायता जिला प्रशासन द्वारा प्रदान की जायेगी।

Page 256 of 1690

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse