झारखंड

View All
Published / 2025-09-20 20:58:55
महाराजा अग्रसेन जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, नगर हुआ भक्तिमय

टीम एबीएन, रांची। अग्रवाल सभा रांची ने आज महाराजा अग्रसेन जयंती के पावन अवसर पर एक भव्य शोभायात्रा निकाली। अग्रवाल युवा सभा के सफल संचालन में यह शोभायात्रा अग्रसेन भवन से आरंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों बंशीधर अडूकिया रोड, बड़ा लाल स्ट्रीट, साबू रिक्शा चौक, जैन मंदिर रोड, शहीद चौक, सुभाष चौक, कुंजलाल स्ट्रीट, गांधी चौक, अप्पर बाजार,  नॉर्थ मार्केट रोड, ईस्ट गोला रोड, कोर्ट सराय रोड से भ्रमण करते हुए पुन: अग्रसेन भवन में जाकर संपन्न हुई। 

आयोजन में पूरे समाज की भागीदारी और श्रद्धा ने इस दिवस को एक ऐतिहासिक अवसर में बदल दिया। सुबह से ही अग्रसेन भवन प्रांगण में भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। महिलाओं ने पारंपरिक राजस्थानी पोशाकों में वहीं पुरुष केसरिया साफा और पारंपरिक वस्त्रों में नजर आए। युवाओं की टोलियां समाज के गौरवशाली इतिहास को जीवंत करती झांकियों के साथ नाचते-गाते चल रही थीं। 

शोभायात्रा में महाराजा अग्रसेन जी की आकर्षक झांकी का मुख्य आकर्षण रहा, जिसमें उनके जीवन के प्रमुख प्रसंगों-जैसे एक ईंट, एक रुपया की नीति, समानता, सहयोग और सामाजिक समरसता के मूल्यों को सुंदरता से दशार्या गया था। झांकियों के साथ-साथ भजन मंडलियों की मधुर भजनों की प्रस्तुति ने माहौल को आध्यात्मिक और भक्तिमय बना दिया। भजन जागरण के दौरान कई भजनों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर किया। 

भजनों में- अग्रसेन महाराज की महिमा अपरंपार, किया समाज को एक सूत्र में तैयार... ध्यान लगाओ अग्रसेन का, जिसने पथ दिखाया मानवता, सेवा, समता का दीप जलाया... धरती बोले, अंबर बोले-अग्रसेन महाराज अमर रहें... शोभायात्रा के मार्ग में रांची नगर की विभिन्न सामाजिक एवं  स्वयंसेवी संगठनों ने जगह-जगह सेवा शिविर लगाये। इन शिविरों में यात्रियों के लिए शीतल जल, शरबत, नाश्ता और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था की गयी। समाज के युवाओं ने पूरे मार्ग में अनुशासन बनाए रखा और पर्यावरण की रक्षा हेतु साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया। 

शोभायात्रा जैसे-जैसे नगर की सड़कों से गुजरी, हर जगहों  में श्रद्धालु पुष्पवर्षा से स्वागत करते दिखे। रथों की सजावट, भक्ति गीतों की मधुर धुनें, ढोल-नगाड़ों की गूंज और जयघोषों की आवाज से रांची शहर में भक्ति, गौरव और उत्सव का अद्भुत संगम देखने को मिला। अंतत: यात्रा का समापन अग्रसेन भवन में हुआ, जहां महाराजा अग्रसेन जी की पूजा-अर्चना और आरती की गयी। जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में अग्रवाल सभा के सभी पदाधिकारी, युवा सभा, महिला समिति एवं समस्त समाजजनों ने उल्लेखनीय योगदान दिया। 

यह शोभायात्रा न केवल महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों को जनमानस तक पहुंचाने में सफल रही, बल्कि समाज में एकता, सेवा और परोपकार की भावना को भी पुन: जागृत किया। अग्रवाल सभा द्वारा महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह 22 सितंबर को हर्षोल्लास के साथ मनायी जायेगी। 

शोभा यात्रा में-प्रमोद कुमार अग्रवाल, कमल कुमार केडिया, विनोद कुमार जैन, नंदकिशोर पाटोदिया, सज्जन पाड़िया, मनोज चौधरी, अनिल अग्रवाल, अशोक नारसरिया, पवन पोद्दार, अमर अग्रवाल, चंडी प्रसाद डालमिया, संजय सर्राफ, निर्मल बुधिया, रौनक झुनझुनवाला, विशाल पाड़िया, नरेश बंका, रमाशंकर बगड़िया, विजय खोवाल, जितेश अग्रवाल, विनोद टिंबडेवाल, राजकुमार मित्तल, शिवभाव सिंहका, सौरभ बजाज, रमेश खेमका, अशोक लाठ, सुनील पोद्दार, राम बांगड़, रोहित पोद्दार, सनी टिंबडेवाल, प्रमोद बगड़िया, अजय डीडवानिया, विकास अग्रवाल, संकेत चौधरी, अनिल कुमार अग्रवाल, सुनील केडिया, भरत बगड़िया, आशीष अग्रवाल, दीपक गोयनका, रोहित सरावगी, चेतन पोद्दार, राहुल अग्रवाल, तरुण सराफ, विवेक जिंदल, एस रायका, टिंकू अग्रवाल, मनीष बगड़िया, मनीष खेमका, किशन पोद्दार, किशन अग्रवाल, आकाश अग्रवाल, मधु सर्राफ, रीना सुरेखा विनीता सिंघानिया, सीमा टांटिया, प्रीति पोद्दार, छाया अग्रवाल, नीलम अग्रवाल, सीमा पोद्दार, उर्मिला पाड़िया, पूजा ढांढा, सहित सैकड़ो की संख्या महिलाएं पुरुष शामिल थे। उक्त जानकारी अमर अग्रवाल और जयंती संयोजक ने दी।

Published / 2025-09-20 20:56:47
21 को पुराने विधानसभा सभागार में रणनीति बनायेंगे विधायक सुरेश बैठा

कांग्रेस विधायक सुरेश बैठा की पहल, झारखंड में एससी आयोग गठन को लेकर 21 सितंबर को बैठक 

टीम एबीएन, रांची। कांके विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक सुरेश बैठा ने झारखंड में अनुसूचित जाति आयोग के गठन और उससे जुड़े लंबित मुद्दों को लेकर बड़ा कदम उठाया है। इसी क्रम में वे 21 सितंबर (रविवार) को पुराने विधानसभा सभागार में अनुसूचित जाति की राज्य स्तरीय बैठक आयोजित करेंगे। इस बैठक में कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के राजू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

शनिवार को आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए विधायक बैठा ने कहा कि झारखंड में अनुसूचित जाति आयोग का गठन तो हो गया है, लेकिन अब तक सदस्यों की नियुक्ति नहीं हुई है। इसी तरह परामर्शदात्री काउंसिल और वित्त निगम का भी गठन नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि झारखंड की लगभग 17 प्रतिशत आबादी अनुसूचित जाति वर्ग से है, जबकि उन्हें केवल 10 प्रतिशत आरक्षण ही मिल रहा है। प्रदेश में फिलहाल केवल 23 छात्रावास हैं, जबकि हर जिले में छात्रावास खोले जाने की जरूरत है। 

विधायक बैठा ने कहा कि अनुसूचित जाति आयोग, परामर्शदात्री काउंसिल और वित्त निगम का गठन शीघ्र किया जाये। आरक्षण अनुपात को आबादी के हिसाब से बढ़ाया जाये। सभी जिलों में अनुसूचित जाति छात्रावासों की संख्या बढ़ायी जाये। अनुसूचित जाति समाज की सामाजिक और राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित की जाये। विगत 5-10 वर्षों के बजट आवंटन और खर्च का आडिट सामाजिक/महालेखाकार से कराया जाये। जिन लोगों के पास जाति प्रमाण पत्र नहीं है, उनका डेटा सामान्य वर्ग में दर्ज हो रहा है, जिसे तत्काल सुधारा जाये।

सुरेश बैठा ने कहा कि 2024 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित दो सीटों पर चुनाव लड़ा और दोनों जीते। जबकि कुल आरक्षित सीटें 9 प्रतिशत हैं, ऐसे में इनकी संख्या बढ़ाने की जरूरत है। साथ ही, कांग्रेस को पिछले 35 वर्षों से उपेक्षित पलामू संसदीय क्षेत्र में भी चुनावी तैयारी करनी चाहिए।

विधायक ने चेतावनी दी कि यदि सरकार और संगठन ने इन मुद्दों पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया, तो अनुसूचित जाति वर्ग की एक पूरी पीढ़ी सामाजिक, राजनीतिक और शैक्षिक अवसरों से वंचित रह जायेगी।

Published / 2025-09-20 20:54:03
एसटीजी आउटसोर्सिंग से बड़े पैमाने पर हो रहा कोयले का अवैध कारोबार

टीम एबीएन, रांची। अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने झारखंड डीजीपी को पत्र लिखकर कहा कि पुटकी क्षेत्र अंतर्गत पीबी एरिया के गोपालीचक कोलियरी द्वारा संचालित एसटीजी आउटसोर्सिंग कंपनी से कोयले का अवैध कारोबार बड़े पैमाने पर जारी है। 

एसटीजी कंपनी प्रबंधक और स्थानीय सीआईएफ की मिलीभगत से अवैध कोयला तस्करी धड़ले से जारी है। इस अवैध कोयला तस्करी से बीसीसीएल को कंगाल कर खुद माला मल होने में लगे हुए हैं एसटीजी प्रबंधक और कोयला तस्कर। इस अवैध कारोबार से पुटकी के थाना प्रभारी की भी छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। 

यही नहीं कोयला तस्कर प्रशासन को गुमराह करके कोयला काअवैध कारोबार को अंजाम दे रहे हैं। कोयला माफिया एसटीजी आउटसोर्सिंग से अवैध उत्खनन कर साइकिल और गाड़ियों से अवैध कोयला को एक जगह जमा कर रात्रि में हाइवा में लोडकर गोयल भट्ठा कपुरिया (महुदा) में खपाया जा रहा है। अवैध खनन एवं भंडारण पर कब लगेगा रोक, कब होगा अवैध कारोबार पर रोकथाम। 

आखिर क्यों नहीं हो रहा कोयला माफिया पर कार्रवाई। अगर जल्द कोयला माफिया पर कार्यवाई नहीं किया गया तो ऐसे ही खुलेआम अवैध कारोबार जारी रहेगा। बीसीसीएल ऐसे ही कंगाल होते रहेगा ओर राजस्व को नुकसान पहुंचाते रहने कोयला तस्कर, अपने स्तर से संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की कृपा करेंगे।

Published / 2025-09-20 16:32:42
विनय कुमार बने केंद्र सरकार की हिंदी सलाहकार समिति के सदस्य

टीम एबीएन, रांची। केन्द्र सरकार ने बिहार तथा झारखंड के वरिष्ठ पत्रकार और राष्ट्रीय समाचार एजेंसी यूनीवार्ता, यूनाइटेड न्यूज ऑफ इंडिया के बिहार-झारखंड के समन्वयक विनय कुमार को केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति का सदस्य मनोनीत किया है।

इस समिति के अध्यक्ष केंद्रीय वस्त्र मंत्री हैं। मंत्रालय के उप महानिदेशक अखिलेश कुमार द्वारा जारी संकल्प के अनुसार मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति का पुनर्गठन किया गया है। इस समिति में केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह पदेन अध्यक्ष हैं जबकि केंद्रीय वस्त्र राज्य मंत्री समिति के उपाध्यक्ष हैं। इस समिति में लोकसभा और राज्यसभा के कई सदस्यों के अलावा भारतीय प्रशासनिक सेवा के सचिव तथा अध्यक्ष स्तर के अधिकारी भी बतौर सदस्य शामिल हैं।

गौरतलब है कि  साढ़े तीन दशकों से अधिक समय से बिहार और झारखंड में कई दैनिक समाचार पत्रों के अलावा राष्ट्रीय समाचार एजेंसी यूनीवार्ता, यूएनआई, हिंदुस्थान समाचार के ब्यूरो प्रमुख व विशेष संवाददाता के रूप में कार्य कर चुके श्री कुमार ने इसके पूर्व भी केंद्र सरकार के उपभोक्ता मामले खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण, ग्रामीण विकास, इस्पात मंत्रालय समेत कई मंत्रालयों की विभिन्न समितियों के सदस्य के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

इन्होंने सूरीनाम में आयोजित सातवें विश्व हिंदी सम्मेलन को भी एक पत्रकार के रूप में कवर किया था। श्री कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन पर जो विश्वास व्यक्त किया गया है, उस पर वे पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करेंगे। ज्ञातव्य है कि विनय कुमार जमुई जिले के खैरा प्रखंड के खैरा गांव के रहने वाले हैं।

Published / 2025-09-20 12:06:57
कुड़मी समाज के रेल रोको अभियान से कई जगह रेलवे ट्रैक जाम

  • झारखंड: कुड़मी समाज का रेल रोको आंदोलन, आदिवासी दर्जा की मांग, कई जगह रेलवे ट्रैक जाम

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में कुड़मी समाज ने खुद को आदिवासी का दर्जा दिए जाने की अपनी पुरानी मांग को लेकर रेल रोको आंदोलन 20 सितंबर से शुरू कर दिया है। आदिवासी कुड़मी समाज मंच के आह्वान पर शनिवार सुबह से ही राज्य के कई जिलों में कुड़मी समाज के लोग रेलवे ट्रैक पर उतर आए और रेल परिचालन को पूरी तरह ठप कर दिया।

जानकारी के मुताबिक रांची के पास स्थित राय रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में कुड़मी समाज के लोग ट्रैक पर बैठकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, गिरिडीह के पारसनाथ और बोकारो के चंद्रपुरा में भी सैंकड़ों आंदोलनकारियों ने रेलवे लाइनों को जाम कर दिया है, जिससे इस रूट पर चलने वाली ट्रेनों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। 

कुड़मी मंच ने इस आंदोलन को ऐतिहासिक बनाने का दावा किया है। योजना के मुताबिक, झारखंड के अलावा पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी लगभग 100 स्टेशनों पर रेल सेवाएं पूरी तरह ठप करने का लक्ष्य रखा गया है। इस आंदोलन के लिए गांवों के स्तर पर बड़े पैमाने पर प्रचार-प्रसार और जनसंपर्क अभियान चलाया गया था।

रांची जिले के मुरी, राय, टाटीसिलवे और मेसरा जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों को भी बाधित करने की तैयारी कर रखी है, ताकि सरकार पर उनकी मांगों को मानने का दबाव बनाया जा सके। इस बड़े विरोध प्रदर्शन को देखते हुए रेलवे और प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये  हैं। रेलवे ट्रैक और स्टेशनों पर आरपीएफ  जीआरपी, और राज्य पुलिस बल की भारी तैनाती की गयी है।

अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि रेलवे परिचालन बाधित करने या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया जायेगा और उनसे नुकसान की भरपाई भी की जायेगी। इसके अलावा, आंदोलन पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

Published / 2025-09-19 20:46:03
ऐ गोलू हिया आवा... ने डालटनगंज स्टेशन पर मचायी हलचल

रेलवे स्टेशन पर यात्री कर रहे थे ट्रेन का इंतजार, तभी स्पीकर से महिला ने कही ऐसी बात, हैरान हो गये लोग 

टीम एबीएन, पलामू / रांची। रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की आवाजाही को लेकर अनाउंसमेंट होता रहता है। अब एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें कुछ अजीबोगरीब अनाउंसमेंट सुनाई देता है। इसके बाद रेलवे स्टेशन पर हलचल मच जाती है। यह वायरल वीडियो झारखंड के डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन का है, जहां अनाउंसमेंट में आवाज आती है, ऐ गोलू हिया आवा...। 

डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों के कानों तक यह आवाज पहुंचती है, तो लोग हैरान हो जाते हैं। कुछ लोगों के हंसने तो कुछ यात्रियों के बात करने की आवाज भी कैमरे में कैद हो जाती है। अब वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है और लोग जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की आवाजाही को लेकर अनाउंसमेंट होता रहता है। अब एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें कुछ अजीबोगरीब अनाउंसमेंट सुनाई देता है। इसके बाद रेलवे स्टेशन पर हलचल मच जाती है। यह वायरल वीडियो झारखंड के डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन का है, जहां अनाउंसमेंट में आवाज आती है, ऐ गोलू हिया आवा।

डाल्टनगंज रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों के कानों तक यह आवाज पहुंचती है, तो लोग हैरान हो जाते हैं। कुछ लोगों के हंसने तो कुछ यात्रियों के बात करने की आवाज भी कैमरे में कैद हो जाती है। अब वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहा है और लोग जमकर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

वीडियो पर लोग अपनी-अपनी राय रख रहे हैं। कुछ लोगों को यह वीडियो काफी मजेदार लग रहा है, तो वहीं कई लोग इसे मां की मासूमियत से जोड़कर देख रहे हैं। अब यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। 

Published / 2025-09-19 20:40:51
डिफेंस एक्सपो ने युवाओं में बढ़ाया देशभक्ति का जज्बा

रांची में डिफेंस एक्सपो का आगाज: राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन; युवाओं में बढ़ेगा देशभक्ति का जज्बा

टीम एबीएन, रांची। रांची के खेलगांव स्थित टाना भगत इंडोर स्टेडियम में शुक्रवार को डिफेंस एक्सपो का शुभारंभ राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने संयुक्त रूप से किया। मौके पर प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान, पूर्वी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल आरसी तिवारी और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय सेठ भी मौजूद रहे। तीन दिवसीय यह प्रदर्शनी 21 सितंबर तक चलेगी। 

पहले ही दिन बड़ी संख्या में लोग एक्सपो को देखने पहुंचे। अपने संबोधन में जनरल अनिल चौहान ने कहा कि भारत की रक्षा शक्ति लगातार मजबूत हो रही है। मेक इन इंडिया के तहत भारत रक्षा उत्पादन का निर्यात भी कर रहा है। उन्होंने हाल ही में सफल रहे आॅपरेशन सिंधु का भी उल्लेख किया। 

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय सेठ ने कहा कि इस एक्सपो का मुख्य उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति की भावना जगाना और उन्हें रक्षा सेवाओं की ओर आकर्षित करना है। उन्होंने कहा कि आज युवा अधिकतर मेडिकल और इंजीनियरिंग जैसे क्षेत्रों की ओर जा रहे हैं, जबकि सेना जैसे गौरवपूर्ण क्षेत्र में भी अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने बताया कि एक्सपो के अंतिम दिन राजधानी के स्कूली बच्चों के लिए विशेष रूप से प्रदर्शनी दिखाने की व्यवस्था की गयी है। 

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि झारखंड में रक्षा क्षेत्र को मजबूत बनाने की अपार संभावनाएं हैं। यहां यूरेनियम जैसे महत्वपूर्ण खनिज उपलब्ध हैं, जो परमाणु ऊर्जा और रक्षा क्षेत्र में उपयोगी हैं। उन्होंने रांची स्थित एचईसी का जिक्र करते हुए कहा कि यह कारखाना कभी भारत की सबसे बड़ी औद्योगिक धरोहरों में से एक था, जिसने उपग्रह से लेकर परमाणु ऊर्जा क्षेत्र तक में अहम योगदान दिया। 

अफसोस की बात है कि आज यह उद्योग हाशिये पर चला गया है। सीएम ने भरोसा दिलाया कि सरकार नये-पुराने सभी उद्योगों को प्रोत्साहित कर रही है और इस दिशा में काम जारी रहेगा। राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा कि यह प्रदर्शनी केवल रक्षा उत्पादन का प्रदर्शन नहीं, बल्कि भारत की आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास का प्रतीक है। 

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया अभियान के तहत भारत आज 92 देशों को रक्षा उत्पाद निर्यात कर रहा है। उन्होंने चंद्रयान-3, आदित्य एल-1 मिशन और आपरेशन सिंधु की सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि भारत वैश्विक मंच पर नयी ताकत के रूप में उभर रहा है।

Published / 2025-09-19 20:39:15
इरबा : केमिकल फैक्ट्री में आग से चारों ओर धुआं-धुआं

केमिकल फैक्टरी में अचानक लगी भीषण आग, तेज धमाके के साथ उठी आग की लपटें; मची अफरातफरी 

टीम एबीएन, रांची। रांची के इरबा इलाके में शुक्रवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गयी, जब एक केमिकल फैक्टरी में अचानक भीषण आग लग गयी। सुबह करीब 9 बजे आसपास के लोगों ने फैक्टरी से धुआं उठता देखा, तभी तेज धमाके के साथ आग की लपटें निकलनी शुरू हो गयीं। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी फैक्टरी को अपनी चपेट में ले लिया। 

आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग अपनी-अपनी जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकल आये। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आसपास के इलाकों को खाली कराया और लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया। फैक्टरी के पास बने कई छोटे-छोटे मकान भी खतरे में आ गए, लेकिन समय रहते लोगों को बाहर निकाल लिया गया। 

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। घंटों की मशक्कत के बाद भी आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका था। आग इतनी भीषण थी कि दूर-दूर तक धुएं का गुबार देखा जा सकता था। फायर ब्रिगेड के कर्मी लगातार आग बुझाने की कोशिश में जुटे रहे। 

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पहले फैक्टरी से धुआं निकलता दिखा और फिर अचानक जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद फैक्टरी की खिड़कियां और दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गयीं। हादसे की वजह से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिर भी फैक्टरी को आग से भारी नुकसान हुआ है। लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। 

प्रशासन और पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। आग लगने की असली वजह का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक अनुमान लगाया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट या किसी केमिकल रिएक्शन की वजह से यह भीषण हादसा हुआ। जांच टीम फैक्टरी के कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से सैंपल भी लिए जा रहे हैं। इलाके के लोग अब भी दहशत में हैं। फिलहाल प्रशासन ने आसपास के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें।

Page 250 of 1689

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse