झारखंड

View All
Published / 2026-03-27 21:55:33
फर्जी कॉल कर अस्पताल बंद कराने की धमकी, पैसे की मांग

झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी ने जारी किया अलर्ट 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में आयुष्मान भारत मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना से जुड़े अस्पतालों को फर्जी कॉल कर धमकाने और पैसे मांगने का मामला सामने आया है। इस मामले में अस्पताल प्रबंधन द्वारा नेशनल इंश्योरेंस कंपनी को ईमेल कर शिकायत की गयी है, जिसके बाद मामला झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी तक पहुंचा है। इस संबंध में सोसाइटी के द्वारा अस्पताल प्रबंधन से ऐसे झांसे में ना आने की अपील की गयी है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार मुंधड़ा हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि वरुण मुंधड़ा ने शिकायत में बताया कि 25 मार्च 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे उन्हें एक फोन कॉल आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम अजय अग्रवाल (फोन नंबर 9336118197) बताया और खुद को पीएमजेएवाई का नोडल आॅफिसर बताते हुए कहा कि वह स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव के अधीन काम करता है। 

फोन करने वाले व्यक्ति ने कहा कि अस्पताल के खिलाफ 256 पेज की शिकायत प्राप्त हुई है, जिसकी जांच के लिए केंद्रीय टीम अस्पताल आने वाली है। इसके बाद उसने शिकायत की कॉपी दिलाने और मामला मैनेज करने के नाम पर खर्चा पानी की मांग की और पैसे आॅनलाइन ट्रांसफर करने के लिए कहा। 

अस्पताल प्रबंधन को मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों और नेशनल इंश्योरेंस कंपनी को दी गयी। नेशनल इंश्योरेंस कंपनी ने इस मामले को गंभीर बताते हुए झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी को ईमेल लिखकर जांच और आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। 

इस संबंध में झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी के कार्यकारी निदेशक श्री छवि रंजन ने सभी अस्पतालों और आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति अधिकारी बनकर इस तरह का फोन करे, धमकाए या पैसे की मांग करे तो उसके झांसे में नहीं आएं और तुरंत इसकी सूचना तथ्यों के साथ नामकुम स्थित झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी को दें। उन्होंने कहा कि इस तरह के फर्जी कॉल करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी। स्वास्थ्य विभाग ने भी अस्पतालों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध कॉल की सूचना तुरंत निकटतम थाने को देने को कहा है। 

Published / 2026-03-27 21:03:23
रांची : रामनवमी पर श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में दिखा भक्ति और श्रद्धा का अनुपम संगम

टीम एबीएन, रांची। रांची पुंदाग स्थित श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में रामनवमी के पावन अवसर पर भक्ति और श्रद्धा का अनुपम संगम देखने को मिला। इस अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर धर्म लाभ अर्जित किया। 

कार्यक्रम के दौरान श्री राधा रानी का अलौकिक एवं आकर्षक श्रृंगार जड़ित आभूषणों से किया गया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। सुसज्जित मंदिर परिसर में भक्ति भाव से ओतप्रोत वातावरण के बीच भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें भक्तों ने भाव-विभोर होकर भाग लिया।इस अवसर पर महाप्रसाद के रूप में खिचड़ी भोग को विधिवत रूप से पुजारी पंडित अरविंद पांडे द्वारा अर्पित किया गया। 

भोग के उपरांत सैकड़ों श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद एवं शीतल गुलाब शरबत का वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और आस्था के साथ प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर परिसर को विशेष रूप से हनुमान जी के ध्वजों से सजाया गया था, जिससे वातावरण और भी आध्यात्मिक एवं उत्सवमय हो उठा। हर ओर जय श्री राम के उद्घोष गूंजते रहे, जिससे श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा। 

ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता संजय सर्राफ ने इस अवसर पर सभी श्रद्धालुओं को रामनवमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और समाज में धर्म, आस्था एवं एकता के संदेश को आत्मसात करने का आह्वान किया।इस आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ किया, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का भी सुंदर संदेश दिया।

Published / 2026-03-27 21:02:23
लोहरदगा : महाअष्टमी पर कला समिति रघुनंदन लेन ने करायी भव्य अस्त्र-शस्त्र चालन प्रतियोगिता

पूर्व डिप्टी चेयरमैन बलराम साहू बतौर मुख्य अतिथि हुए शामिल 

धार्मिक एकता का मंच है कला समिति : बलराम साहू 

ऐसे पारंपरिक आयोजन समाज में एकता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करते हैं: किशुन महतो 

धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम युवाओं को सही दिशा देने का कार्य करते हैं: दिवाकर पाठक 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। रामनवमी महा अष्टमी के पावन अवसर पर कला समिति रघुनंदन लेन द्वारा भव्य अस्त्र-शस्त्र चालन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय और उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व डिप्टी चेयरमैन बलराम साहू, विशिष्ट अतिथि किशुन महतो, दिवाकर पाठक, कुमार अभिषेक एवं अतिथि उमेश कास्यकार, रितेश साहू, निश्चय वर्मा, रितेश कुमार, रुद्र कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में रामभक्तों, अखाड़ा समितियों और स्थानीय युवाओं की भागीदारी से आयोजन स्थल पूरी तरह राममय हो गया। कार्यक्रम का मंच संचालन अजय कुमार प्रजापति ने किया, जिन्होंने पूरे आयोजन को व्यवस्थित और आकर्षक ढंग से संचालित किया। 

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं समस्त अतिथियों द्वारा बजरंगबली की पूजा-अर्चना के साथ की गई। पूजा के उपरांत मुख्य अतिथि बलराम साहू एवं विशिष्ट अतिथि किशुन महतो के द्वारा पारंपरिक लाठी खेल कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया। इसके बाद विभिन्न अखाड़ा समितियों ने पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र चालन, लाठी, तलवार, डंडा एवं बाजा-गाजा के साथ अपने कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। युवाओं ने अनुशासन, साहस और समर्पण के साथ अपनी प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और रामनवमी की परंपरा को जीवंत रूप प्रदान किया। 

प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न अखाड़ा समितियों के बीच सीनियर एवं जूनियर वर्ग में मुकाबला आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी कला, अनुशासन और पारंपरिक युद्ध कौशल का प्रदर्शन किया। सीनियर वर्ग, जूनियर वर्ग तथा बाजा प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को अपनी संस्कृति और परंपरा से जोड़ना तथा समाज में एकता और भाईचारे का संदेश देना रहा। 

मुख्य अतिथि पूर्व डिप्टी चेयरमैन बलराम साहू ने अपने संबोधन में कहा कि रामनवमी का पर्व हमारी आस्था और परंपरा का प्रतीक है और इस प्रकार के आयोजन समाज में एकता, अनुशासन और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र और समाज की असली ताकत है, इसलिए युवाओं को सकारात्मक सोच के साथ अपनी संस्कृति और परंपरा को आगे बढ़ाने का कार्य करना चाहिए। उन्होंने कला समिति रघुनंदन लेन के प्रयासों की सराहना करते हुए सभी लोगों से शांति, भाईचारा और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की। 

विशिष्ट अतिथि किशुन महतो ने कहा कि ऐसे पारंपरिक आयोजन समाज में एकता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करते हैं तथा युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि रामनवमी जैसे पर्व हमें आपसी प्रेम, भाईचारा और अनुशासन का संदेश देते हैं और इस प्रकार के आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं। 

वहीं विशिष्ट अतिथि दिवाकर पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम युवाओं को सही दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं को अपनी परंपरा और संस्कृति से जोड़ना बहुत आवश्यक है, ताकि समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो सके और आने वाली पीढ़ी अपनी विरासत को समझ सके। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए समिति के सभी सदस्यों को बधाई दी। 

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों और विजेताओं को सम्मानित किया गया तथा रामनवमी महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अखाड़ा समितियों, अतिथियों, युवाओं और स्थानीय लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कला समिति रघुनंदन लेन के सदस्यों ने कहा कि आगे भी इस तरह के भव्य और सांस्कृतिक आयोजन लगातार किए जाएंगे, ताकि समाज में एकता, भाईचारा और परंपरा की भावना मजबूत बनी रहे। आयोजन शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Published / 2026-03-27 20:59:18
श्री सनातन पंचायत ने निकाली 251 राम ध्वज के साथ शोभायात्रा

टीम एबीएन, रांची। सनातन महापंचायत के नेतृत्व में पंडरा, बजरा सहित विभिन्न अखाड़ा से पिस्का मोड़ विश्वनाथ मंदिर परागण से 251 झंडों के साथ निकाली गई शोभायात्रा  तपोवन मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना कर पुन: वापस अपने अखाड़े में पहुंची। प्रत्येक साल की भांति इस साल भी 251 ध्वज के साथ बाजे गाजे एवं करतब दीखाते हुए अस्त्र-शस्त्र का संचालन करते हुए रातू रोड से महावीर चौक प्राचीन महावीर मंदिर होते हुए फिरायालाल होते हुए तपोवन मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना किया पूजा अर्चना के बाद अपने सभी ध्वज को लेकर पुन: वापस अखाड़ा में पहुंचे। इस शोभा यात्रा का नेतृत्व श्री सनातन महापंचायत के मुख्य संयोजक ललित नारायन ओझा ने किया साथ मे केन्द्रीय संयोजक संजय कुमार जयसवाल, दीपक ओझा ने किया। 

श्री सनातन महापंचायत के इस विशाल शोभा यात्रा में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, रांची के लोकप्रिय विधायक सी पी सिंह, केंद्रीय अनुसूचित जनजाति के केंद्रीय सदस्य डॉ आशा लकड़ा मुख्य रूप से शामिल हुई। शोभायात्रा और रामनवमी महोत्सव के ऐतिहासिक बनाने के लिए सनातन महापंचायत के संग विभिन्न अखाड़ों के रामभक्तों ने उत्साह और उमंग के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए। 

आज मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के भक्त हजारों हजार की संख्या में गाजे बाजे, तलवार, ध्वज लेकर शोभा यात्रा में शामिल हुए। कई धार्मिक व सामाजिक संस्थाओ के द्वारा शोभायात्रा का स्वागत, अभिनंदन किया गया। शोभायात्रा में शामिल राम भक्तों ने श्री राम के जयकारों व वीर बजरंगबली के नारों के साथ तपोवन मंदिर में पहुंचकर भगवान श्री राम के दर्शन का लाभ लिया। 

शोभायात्रा में मुख्यरूप से ललित कुमार ओझा, संजय कुमार जायसवाल, शशांक राज, संजय मिनोचा, कृपा शंकर सिंह, मंतोष सिंह, मुकेश पांडे, दीपक ओझा, विशाल पांडेय, नीतीश भारद्वाज, संजय कुमार, बब्बन बैठा, अटल पांडेय, विवेक कुमार, अशोक यादव, अमित चौधरी, प्रमोद सारस्वत, राजकुमार पाठक, मुकेश सिंह, युवराज पासवान, मंटू दुबे, रंधीर रजक, संजीत सिंह, सत्यजीत सिंह, अमिताभ धीरज, बाबू पाठक, आकाश चतुर्वेदी, राजू ओझा, रमाशंकर तिवारी, उमेश साहू, सुभाष साहू, श्याम चौधरी, संतोष सिंह, नकुल तिर्की, राजू रजक, राम लगन राम, मृत्युंजय पाठक, ब्रजेश शर्मा, सोनू कुमार, शुभम जायसवाल, अमित ओझा, राजकुमार जायसवाल, सूरज साहू, विशाल साहू, काशीनाथ महतो, प्रवीण मिश्रा  सहित सैकड़ों रामभक्त शामिल थे। उक्त जानकारी मीडिया प्रमुख प्रमोद सारस्वत ने दी।

Published / 2026-03-27 20:58:29
51 महावीर पताकाओं के साथ तपोवन मंदिर पहुंची बड़ागांई मुख्य अखाड़ा की शोभायात्रा

बड़ागांई मुख्य अखाड़ा बेलटंगरा से 11 बजे निकली श्रीरामनवमी महोत्सव की भव्य, पारंपरिक एवं ऐतिहासिक शोभा यात्रा 

51 महावीरी पताकाओं के साथ पहुंचे तपोवन मंदिर 

टीम एबीएन, रांची। श्री रामनवमी महोत्सव के पावन अवसर  पर श्री श्री पंचदेव मंदिर बेलटंगरा बड़ागाँई स्थित मुख्य अखाड़ा बेल टंगरा में आज प्रात: 6:00 से ही श्रीहनुमान जी के साथ-साथ अन्य देवी- देवताओं सहित अन्य सभी मंदिरों में पूजन अर्चन किया गया।  महावीर मंडल बड़ागाँई के अध्यक्ष डॉ बिरेन्द्र साहु, मंत्री बस कुमार साहू, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार सहित श्री महावीर मंडल बडागांई के सभी पदाधिकारियों के संयुक्त नेतृत्व में 11 बजे श्री रामनवमी महोत्सव की भव्य, पारंपरिक व ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली गई। 

मुख्य अखाड़ा बेलटंगरा से निकलकर शोभा यात्रा गांव के सभी घरों के सामने बने महावीरी चबूतरो से महावीरी पताकाओं को लेकर गाजे- बाजे, अस्त्र -शस्त्र के साथ गगनभेदी जयकारा लगाते पूरे ग्राम भ्रमण किये। राम भक्तों का उत्साह देखते ही बन रही थी। हाथों में अस्त्र-शस्त्र एवं महावीर पताकायें और बाजे-गाजे के साथ पैरों का थिरकन। सभी श्रीरामभक्त हनुमान जी की तरह मस्त नाचते - जयकारा लगाते दिखाई पड़ रहे थे।  

शोभा यात्रा संपूर्ण ग्राम भ्रमण करते हुए 2:00 बजे बड़गांई चौक पहुंची। 2:30 सुनील कुमार बॉबी, सत्यम सत्यदर्शी, सुनील सिंह के नेतृत्व में बारियातू हाउसिंग कॉलोनी, प्रकाश चंद्र सिंहा के नेतृत्व में जोड़ा तालाब, 3:00 बजे राजकिशोर प्रसाद के नेतृत्व में स्टाफ क्वार्टर, सुनील शर्मा के नेतृत्व में  मेडिकल चौक, अमित यादव के नेतृत्व में हरिहर सिंह रोड, अर्जुन मुंडा के नेतृत्व में खजुरिया टोली, प्रकाश गोप बल्लू एवं रामायण सोनी के नेतृत्व में करमटोली चौक पहुंची जो बड़ागाँई मुख्य शोभायात्रा में शामिल होते चले गये। शोभा यात्रा जेल चौक होते हुए 5:00 बजे फिरालाल चौक एवं 6:30 बजे निवारण पर स्थित तपोवन मंदिर पहुंची। 

वापसी में शोभा यात्रा तपोवन मंदिर से करम टोली चौक पहुंची। 8:00 बजे बड़ागांई के लिए प्रस्थान किया। मार्ग में महिलाएं महावीरी पताकों के वापसी पूजन के साथ साथ राम भक्तों का स्वागत के लिए खड़ी थी। 10:00 बजे बेलटंगरा स्थित श्री श्री पंचदेव मंदिर में गांव की महिलाओं ने भी महावीरी पताकों पूजन अर्चन कर सभी रामभक्तों का पांव धोकर आशीर्वाद प्राप्त किये। 

शोभा यात्रा में डॉ जीवाधन प्रसाद, शेखर साहू, मनीष साहू, रामदास साहू, रमेश तिर्की, बैजनाथ महतो, विनोद महतो, बलशाय महतो, रामदास महतो, कालीचरण साहू, बनू पाहन, नेपाल महतो, रामचंद्र साहू, महेश साहू, रंजीत साहू, जीतराम साहू, अशोक साहू, सुदेश साहू, बिगलू उरांव, फागु प्रसाद, कामेश्वर प्रसाद, अखिलेशवर प्रसाद, प्रकाश साहू, धनसू साहू, नागेश्वर साहू, बालक लोहरा, बालेश्वर लोहरा, गोवर्धन साहू, गोपाल प्रमाणिक, रामसेवक लोहरा, सागर साहू, बलित महतो, अर्जुन महतो, गणेश महतो, पंचम महतो, नकुल महतो, प्रताप साहू, संजय साहू, दिलीप पहन, आमोद तिर्की, सुनील पहान, रामधनी साहू , संजय महतो, रमेश महतो, अशोक तिर्की, अजय महतो, रोहित साहू, बसंत साहू, दिनेश साहू, अरविंद साहू, दीपक साहू, विजय साहू, डब्लू नायक, प्रेम लोहरा,धीरन साहू, उमेश साहू, बसंत साहू, रामलाल महतो, पवन साहू, रामानंद साहू, नरेश साहू, विकास कुमार, शिव प्रसाद साहू, राजेश साहू, मनोहर साहू, सोनू साहू, प्रेम कुमार सहित हजारों की संख्या में श्रीरामभक्त शामिल थे। उक्त जानकारी श्रीमहावीर मंडल, बड़ागांई, रांची के मंत्री बस कुमार साहू (9631209285) ने दी।

Published / 2026-03-27 20:57:15
ऐतिहासिक रही महावीर मंडल पूर्वी क्षेत्र की शोभा यात्रा जुलूस

टीम एबीएन, रांची। श्री महावीर मंडल पूर्वी क्षेत्र की शोभा यात्रा जुलूस इस बार काफी भव्य एवं ऐतिहासिक रहा। इस बाबत प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्वी क्षेत्र के अध्यक्ष रमेश सिंह कार्यकारी अध्यक्ष बजरंग वर्मा मुख्य संरक्षक बसंत दास ने बताया कि शोभायात्रा की तैयारी पूरी कर ली गयी थी। 

पूर्वी क्षेत्र में रहने वाले 50 से भी अधिक महावीर मंडल और अखाड़े धारी साथ में चलेंगे श्री महावीर मंडल पूर्वी क्षेत्र का जुलूस 1979 से स्वर्गीय शिव पासवान ने स्थापना की थी। तब से लगातार जुलूस निकलता रहा है। इस बार सैनी कॉलोनी से जुलूस निकाल कर लालपुर होते हुए तपोवन मंदिर निवारण गया। जुलूस का आकर्षण केंद्र उड़ीसा का ताशा पार्टी 200 से अधिक महिला एवं हजारों की संख्या में भक्तगण रहे। 

रमेश सिंह ने बताया कि अनुशासन तरीके से पूर्वी क्षेत्र का जुलूस 3 बजे निकला। इसका नेतृत्व रमेश सिंह, बजरंग वर्मा, बसंत दास, राजू राम, संतोष महतो, युवराज पासवान, अर्जुन यादव, दीपू पासवान, अभय कुमार सिंह, महेंद्र जायसवाल, अर्जुन यादव, रणधीर सिंह, कालूराम बाबू, घनश्याम सिंह, पप्पू वर्मा, सुशील केसरी, महेश सिंह, संजय वर्मा, दिनेश सिंह आदि ने किया।

Published / 2026-03-26 20:58:23
मजदूरों पर हो रहे शोषण को इंटक यूनियन नहीं करेगा बर्दाश्त : आलोक साहू

हिंडालको कंपनी को प्रशासन का कोई डर नहीं, हिंडालको मानवता को शर्मसार कर रहा है 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। हिंडालको द्वारा संचालित लोहरदगा डंपिंग यार्ड में कल एक मजदूर बिंदेश्वर लोहरा का काम के दौरान मौत हो गयी थी। इसकी जानकारी मिलते ही इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) के जिलाध्यक्ष आलोक साहू आज हेसल डंपिंग यार्ड पहुंचकर पार्थिव शरीर को नमन करते हुए इंटक की ओर से गहरी संवेदना प्रकट किये। 

मौके पर वहां पर उपस्थित मजदूरों ने बताया कि कल 11 बजे बिंदेश्वर लोहरा का डंपिंग यार्ड में मौत हो गयी, लेकिन 24 घंटा बीत जाने के बावजूद अभी तक मृतक के परिजनों को समुचित मुआवजा एवं अन्य सुविधा दिलाने हेतु हिंडालको कंपनी से कोई पहल नहीं किया है। मजदूर का बॉडी अभी डंपिंग यार्ड में ही मौजूद है।

साथ ही मजदूरों ने बताया कि यहां कंपनी द्वारा मजदूरों को कोई सुविधा नहीं मिलता ना मजदूरों के लिए शेड निर्माण कराया गया है न ही मेडिकल, पेयजल, हेलमेट ग्लास, गुड़, शौचालय की व्यवस्था है। मौके पर इंटक अध्यक्ष आलोक कुमार साहू ने कहा कि मजदूरों के ऊपर हो रहे शोषण को इंटक यूनियन बर्दाश्त नहीं करेगा। 

मजदूर का लाश अभी डंपिंग यार्ड में पड़ा है लेकिन हिंडालको कंपनी समुचित मुआवजा दिलाने के लिए कोई पहल नहीं कर रही है जो मानवता को शर्मसार करने वाला है। श्री साहू ने मजदूरों के समक्ष से ही लोहरदगा उपायुक्त से वार्ता कर कहा कि हिंडालको ने अभी तक मजदूर का मुआवजा दिलाने की कोई पहल नहीं कर तानाशाह बनी हुई है। 

प्रशासन का कोई डर हिंडालको कंपनी को नहीं है। उन्होंने शीघ्र मजदूर के परिवारों को समुचित मुआवजा दिलाने की मांग की। साथ ही श्री साहू ने अनुमंडल पदाधिकारी, श्रम अधिकारी लोहरदगा एवं हिंडालको पदाधिकारी से भी वार्ता कर मामला को शीघ्र समाधान करने को कहा। श्री साहू ने कहा कि डंपिंग यार्ड में कोई सुविधा मजदूरों को नहीं दिया जा रहा है। 

रामनवमी पूजा के बाद इंटक यूनियन मजदूरों से मिलकर उनकी समस्याओं का निदान करने का प्रयास करेगा। उपायुक्त ने श्री साहू को बताया कि हिंडालको सारी हठधर्मिता पार कर गयी है। हिंडाल्को मामला को नहीं निपटारा करता है तो हिंडालको पर प्राथमिकी भी दर्ज करवाया जायेगा। मौके पर कांग्रेस नेता रफीक अंसारी सहित काफी संख्या में मजदूर उपस्थित थे।

Published / 2026-03-26 20:57:15
वर्तमान हालात के मद्देनजर केंद्र सरकार पर भड़के लोहरदगा सांसद

संकट है तो सच बताइये, देश को गुमराह करना बंद कीजिये : सुखदेव भगत 

न समय-सीमा, न रोडमैप... आखिर सरकार छुपा क्या रही है? 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, दिल्ली/लोहरदगा। लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत ने राष्ट्रीय संकट की स्थिति को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पहलगाम में हुई घटना के समय पूरा देश और विपक्ष सरकार के साथ मजबूती से खड़ा था, लेकिन वर्तमान हालात में सरकार की कार्यशैली गंभीर सवालों के घेरे में है। 

सांसद भगत ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि देश आज एक बड़े संकट का सामना कर रहा है, बावजूद इसके सरकार लगातार यह दावा कर रही है कि कोई संकट नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि मिडल ईस्ट में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के मुद्दे पर सरकार ने अब तक कोई तय समय-सीमा क्यों नहीं बतायी है। उनके अनुसार, जमीनी स्थिति और सरकारी दावों में स्पष्ट अंतर दिखाई दे रहा है, जो चिंताजनक है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर कोई ठोस योजना सामने नहीं रख पा रही है। संकट के समय पारदर्शिता और स्पष्ट रणनीति बेहद जरूरी होती है, लेकिन सरकार इस दिशा में विफल नजर आ रही है। सुखदेव भगत ने कहा कि देश के नागरिक हमेशा देश के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहते हैं और हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार रहते हैं, लेकिन उन्हें सच्चाई से अवगत कराना सरकार की जिम्मेदारी है। 

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सरकार को अपनी अल्पकालिक नीति, जिसमें तत्काल उठाये जाने वाले कदम शामिल हों, और दीर्घकालिक रणनीति, जिसमें देश को आगे किस दिशा में ले जाना है, दोनों को स्पष्ट रूप से जनता के सामने रखना चाहिए। उन्होंने अंत में कहा कि देश के सामने वास्तविक स्थिति प्रस्तुत करना समय की मांग है, ताकि लोग सही जानकारी के आधार पर स्थिति को समझ सकें और सरकार के साथ मजबूती से खड़े रहें।

Page 25 of 1606

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse