टीम एबीएन, रांची। झारखंड के कई हिस्सों में मंगलवार सुबह से हल्की से मध्यम वर्षा हो रही है, इस बीच चार जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। भारत मौसम विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
आईएमडी ने बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां जिले के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। एक अधिकारी ने बताया कि पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, खूंटी, रांची और गुमला के लिए 24 सितंबर सुबह साढ़े आठ बजे से 25 सितंबर सुबह साढ़े आठ बजे तक के लिए और छह जिलों के लिए 25 सितंबर सुबह साढ़े आठ बजे से 26 सितंबर सुबह साढ़े आठ बजे तक के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उपनिदेशक अभिषेक आनंद ने कहा कि झारखंड में अगले तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और दक्षिणी एवं मध्य हिस्सों के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है।
उन्होंने कहा, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण मौसम खराब है। झारखंड में 25 सितंबर को व्यापक बारिश होने की संभावना है। रांची में मंगलवार सुबह से हल्की से मध्यम वर्षा हो रही है और बुधवार को तेज बारिश होने की संभावना है। अधिकारियों ने बताया कि एक जून से 22 सितंबर के बीच राज्य में सामान्य से 18 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गयी।
इस अवधि में पूर्वी राज्य में सामान्य 970 मिमी की तुलना में 1,143 मिमी वर्षा हुई। अधिकारी ने बताया कि पूर्वी सिंहभूम जिले में सर्वाधिक 53 प्रतिशत अधिशेष वर्षा दर्ज की गई, सरायकेला-खरसावां में 48 प्रतिशत और रांची में 46 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई। हालांकि, पाकुड़ जिले में 22 सितंबर तक सामान्य से 28 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गयी।
टीम एबीएन, रांची। मेकॉन चौक पर नई गैन्ट्री का निर्माण किया गया है, लेकिन पुरानी गैन्ट्री अब तक नहीं हटाई गई है। दोनों गैन्ट्री मात्र 5 मीटर की दूरी पर स्थित हैं, जिसके कारण नई गैन्ट्री का दृश्य पुराने गैन्ट्री से बाधित हो रहा है। इसका असर यात्रियों पर पड़ रहा है, जिन्हें दिशा-निर्देश पढ़ने और समझने में दिक्कत आ रही है।
पुरानी गैन्ट्री की हालत बेहद खराब हो चुकी है। पूरे ढांचे में जंग लग गया है और पोल व नट-बोल्ट भी कमजोर हो चुके हैं। यह किसी भी समय दुर्घटना का कारण बन सकता है।
नई गैन्ट्री एल एंड टी द्वारा लगाई गई है, जिसमें नई दिशा और दूरी की सही जानकारी दी गई है। वहीं पुरानी गैन्ट्री में पुराने व गलत दिशा-निर्देश प्रदर्शित हो रहे हैं। उदाहरण के तौर पर, हाईकोर्ट बाईं दिशा में दिखाया गया है जबकि वर्तमान में हाईकोर्ट धुर्वा में स्थानांतरित हो चुका है। ऐसी गलत सूचनाएं यात्रियों को भ्रमित कर रही हैं।
पुरानी गैन्ट्री को हटाने का काम भी एल एंड टी को दिया गया है, लेकिन अभी तक इसे हटाया नहीं गया है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठन के प्रदेश संगठन सचिव बसंत चौहान ने झारखंड डीजीपी को पत्र लिखकर कहा है कि पुटकी थाना क्षेत्र अंतर्गत इकरार मियां का अवैध लोहा गोदाम चल रहा है। कबाड़ की आड़ में अवैध लोहा खपाया जाता है। जब से इकरार मियां का अवैध लोहा गोदाम का संचालन हुआ है तबसे क्षेत्र में बड़े पैमाने पर लोहा की चोरी हो रही है।
आये दिन लोहा की चोरी बढ़ती जा रही है, जैसे कि बीसीसीएल क्षेत्रों में बंद पड़े खदान एवं स्टोर भवन में रखे लोहे व भारी वाहनों के पार्ट्स पुर्जे चोर चोरी कर उक्त अवैध सामान इकरार मियां के अवैध गोदाम में खपाया जाता है। जहां से गोदाम संचालक संग्रह माल ऊंचे दर पर बिहार/बंगाल के लौह भट्ठियों में भेजता है।
अगर जल्द ही इकरार मियां के अवैध गोदाम पर रोक नहीं लगायी गयी तो ऐसे ही क्षेत्रों में लोहा की चोरी होती रहेगी। बतातें चलें कि यहां जोरों पर फल फूल रहे अवैध लोहे के कारोबार के कारण इस अवैध कारोबार पर अबतक लगाम नहीं लग पा रही है। जिससे यहां इकरार मियां के लोहे का यह अवैध गोरखधंधा निर्बाध रूप व धड़ल्ले से जारी है। उन्होंने अपने स्तर से संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, रामगढ़। जिले में बस और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गयी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि बस और ट्रक बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गयी। जोरदार टक्कर के कारण बस में बैठे करीब 12 से अधिक यात्री घायल हो गये। इसके साथ ही टक्कर की वजह से ट्रक चालक बुरी तरह फंस गया, जिसे दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और फिर उसे सदर अस्पताल भेजा गया।
जानकारी के मुताबिक हादसा रामगढ़ बोकारो मार्ग के छत्तर मांडू के पास हुआ है। बोकारो से रामगढ़ की ओर से जा रही बस, ट्रक से टकरा गयी। घटना की जानकारी मिलने के बाद, रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सड़क दुर्घटना में कई यात्रियों के साथ-साथ चालक समेत बस कंडक्टर घायल हुए हैं।
करीब डेढ़ घंटे बाद ट्रक में फंसे घायल चालक को निकाला गया। हालांकि ड्राइवर की स्थिति काफी नाजुक बताई जा रही है। इधर सड़क दुर्घटना की वजह से दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतार लग गयी, जिसकी वजह से पुलिस को जाम हटाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
जानकारी के मुताबिक ट्रक में कोयला लदा हुआ था जिसकी वजह से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाने में देरी हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना काफी भीषण थी। जोरदार आवाज के साथ दोनों गाड़ियां आमने-सामने भीड़ गयी थी।
लोगों के द्वारा शीशा तोड़कर किसी तरह बस में सवार यात्रियों और उसके चालक और बस कंडक्टर को निकालकर सदर अस्पताल भेजा गया है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, गिरिडीह। जिले में बीते रविवार को हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया। तेज बारिश के दौरान गांधी चौक के पास खेल रहे दो वर्षीय मासूम नाले में गिर गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग और पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
हालांकि, रात 11 बजे के बाद प्रशासन ने अभियान रोक दिया, जिससे परिजनों और स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। शनिवार को बड़ी संख्या में लोग बड़ा चौक पर जुटकर सड़क जाम कर दिया। लोग प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते रहे और आरोप लगाया कि जिला प्रशासन मासूम की जान बचाने में गंभीर नहीं था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले में गिरने जैसी घटना किसी के भी साथ हो सकती है, लेकिन समय पर त्वरित कार्रवाई नहीं होने के कारण बच्चे की जान बचाई नहीं जा सकी। कई घंटों के बाद बच्चे का शव घटना स्थल से करीब एक किलोमीटर दूर खेत से बरामद किया गया।
मासूम का नाम नहीं बताया गया है, लेकिन वह मंगरोडीह निवासी दिलीप ठाकुर का पुत्र था। दिलीप ठाकुर अपने परिवार के साथ दुर्गा पूजा बाजार आया हुआ था, तभी उनका दो साल का बच्चा नाले में गिर गया।
स्थानीय मनोज सिंह, रामाशीष सिंह और बिंदु झा ने बताया कि प्रशासन ने घटना को हल्के में लिया। नाले की सफाई और उस पर ढक्कन लगाने जैसे एहतियाती कदम समय पर नहीं उठाये गये। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो और भी बड़े आंदोलन किये जायेंगे।
दूसरी ओर, प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, लेकिन जनता का गुस्सा प्रशासन की चुप्पी से और बढ़ता जा रहा है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, जामताड़ा। जिले में सोमवार को एक बड़ी घटना टल गयी, जब हावड़ा-नई दिल्ली रेल मार्ग पर टाटा 18184 सुपरफास्ट ट्रेन की एक बोगी में अचानक आग लग गयी। घटना जामताड़ा के कालाझरिया रेलवे ट्रैक के पास हुई, जिससे ट्रेन में सवार यात्री घबरा गये और बोगियों से कूदने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इंजन से जुड़ी तीसरी बोगी से अचानक धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं। लोको पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत ट्रेन रोक दी और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। रेलवे स्टाफ ने तत्काल फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग पर काबू पाया।
मौजूद रेलवे अधिकारी के मुताबिक, बोगी के अंडर-गियर से चिंगारी उठने के कारण आग लगी थी। लगभग 45 मिनट तक ट्रेन रुकी रही और स्थिति नियंत्रण में आने के बाद उसे दोबारा रवाना किया गया।
जामताड़ा स्टेशन पर पहुंचने के बाद ट्रेन की पूरी तकनीकी जांच की गई। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि घटना की विस्तृत जांच की जा रही है और यात्रियों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जायेगी।
टीम एबीएन, रांची। कर्बला चौक स्थित गुलशन हॉल में झारखंड साहित्य संगम की राज्य स्तरीय बैठक सम्पन्न हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार एवं शायर नसीर अफसर ने की और संचालन एम.जे. अजहर ने किया। बैठक में सर्वसम्मति से झारखंड साहित्य संगम की नई राज्य स्तरीय कमिटी का गठन किया गया।
इसके अतिरिक्त संस्थापक संरक्षक के रूप में नसीर अफसर तथा संरक्षक के रूप में सैयद गुफरान असरफी, डॉ. वासुदेव प्रसाद, डॉ. अंजेश कुमार, अहमद बद्र, डॉ. इकबाल हुसैन, सियाराम सरस और हसीब अख्तर को नामित किया गया।
राज्य समन्वयक अमीन रहबर ने कहा कि साहित्य संगम मील का पत्थर साबित होगा। यह ऐतिहासिक क्षण है, जो झारखंड ही नहीं, पूरे भारत की साहित्यिक धरोहर को नई दिशा देगा। उन्होंने बताया कि संगठन के प्रमुख उद्देश्य होंगे -
कार्यक्रम में यह संकल्प लिया गया कि साहित्य संगम केवल एक साहित्यिक संगठन नहीं, बल्कि एक भारत श्रेष्ठ भारत की सांस्कृतिक धारा को आगे बढ़ाने वाला मजबूत मंच बनेगा। साहित्यकारों, लेखकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों को जोड़ते हुए विकसित भारत @2047 की परिकल्पना को साकार करना संगठन का सर्वोच्च लक्ष्य होगा।
बैठक में राज्यभर से जुड़े दर्जनों कवि, साहित्यकार और शिक्षाविद् उपस्थित थे। इनमें प्रमुख डॉ. वासुदेव प्रसाद, बरकतुल्लाह बरकत, एम.जे. अकबर, डॉ. अंजेश, मो. इरफान, मो. फिरोज, संतोष शर्मा, मो. मुख्तार, अनूप कुमार, एस.एम. बादर वकर, मो. मेरजुल हक, मो. बरकत आलम, मो. मंजर हुसैन, एस. होदा इत्यादि रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। धन्यवाद ज्ञापन राज्य समन्वयक अमीन रहबर ने किया।
टीम एबीएन, रांची। हजारीबाग जिला बड़कागांव प्रखंड गोंदलपुरा कोल ब्लॉक अंतर्गत मेसर्स अडानी पावर कोल ब्लॉक के खिलाफ पिछले 12/04/2023 से आंदोलनरत रैयत ग्रामीण जेएलकेएम केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ महतो के नेतृत्व में विजय कुमार साहू, विनय कुमार, वैद्यनाथ राय, मुजीबुरहमान अंसारी, कमलेश कुमार सिंह, अरुण कुमार सात सदस्य प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
मौके पर देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि 40% खनिज संपदा वाले झारखंड राज्य में बिना ग्राम सभा और स्थानीय रैयतों के सहमति के बिना अवैध खनन कार्य पर रोक लगाया जाय। अडानी, अंबानी, टाटा, बिड़ला झारखंड को बपौती न समझें अन्यथा झारखंड से बाहर का रास्ता दिखाया जायेगा। पूंजीपतियों के मनमानी के वजह से ही झारखंडी मूलवासी पलायन के लिए मजबूर हैं अब बर्दास्त नहीं किया जायेगा।
साथ ही उन्होंने बताया कि हजारीबाग जिला बड़कागांव प्रखंड गोंदलपुरा में कोल खनन को लेकर मेसर्स अडानी इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को आवंटित लगभग 551 एकड़ रैयती जमीन, लगभग 542 एकड़ वनभूमि तथा लगभग 173 एकड़ गैर मैजरुआ जमीन है कुल लगभग 1268 एकड़ जमीन पर अवैध तरीके से कोल खनन करने का प्रस्ताव है जिसका ग्राम सभा और स्थानीय रैयतों से सहमति भी नहीं लिया गया है। ग्रामीण के संवैधानिक आवाज को कुचलने के लिए निर्दोष फर्जी मुकदमा किया जा रहा है, 6 निर्दोष ग्रामीण को जेल भी भेजा जा चुका है।
साथ ही उन्होंने बताया कि राज्यपाल से ज्ञापन के माध्यम से मांग की गयी कि गोंदलपुरा क्षेत्र बहु फसलें उपजाऊ क्षेत्र हैं, घनी जंगल क्षेत्र में हाथी के अलावा अन्य वन्य जीवजंतु और मनुष्य का जीवन अस्त व्यस्त हो जायेगा इसीलिए ग्रामीण के सहमति के बैगर अवैध खनन करने वाले कंपनी पर रोक लगायी जाये। राज्यपाल संतोष गंगवार ने मामला को गंभीरता से लेते हुए कहा कि मामले का समाधान को लेकर राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार को लिखित रूप से अवगत करायेंगे।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse