झारखंड

View All
Published / 2025-09-28 18:43:02
श्री राधा- कृष्ण मंदिर में अन्नपूर्णा महाप्रसाद में 2 हजार से भी अधिक श्रद्धालुओं ने किया प्रसाद ग्रहण

भजन- संध्या में मनमोहक भजनों में भक्तगण खूब झूमे 

टीम एबीएन, रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग में श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम में 229वां श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद भंडारा का आयोजन किया गया। आज का श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा भंडारे का वितरण समाजसेवी कैलाश चंद्र गोयल धर्मपत्नी सीता गोयल अपने पुत्र नरेश कुमार गोयल के जन्म दिवस के उपलक्ष्य पर एवं उनके परिवार नीतू गोयल, अरनव गोयल, अंशिका गोयल के सौजन्य से आयोजित किया गया। 

अन्नपूर्णा महाप्रसाद का विधिवत भोग दोपहर 12:30 बजे मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार पांडे द्वारा लगाई गई, तत्पश्चात मंदिर परिसर में उपस्थित दो हजार से भी अधिक श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। आज के महाप्रसाद में मेवायुक्त केसरिया खीर, पुड़ी आलू चना टमाटर मिश्रित सब्जी, वेजिटेबल पुलाव, आलू चिप्स आदि का वितरण किया गया। 

तत्पश्चात भजन- संध्या के कार्यक्रम में ट्रस्ट के भजन गायको द्वारा कृष्ण दरबार में अपने मनमोहक सुमधुर भजनों की अमृत गंगा का रसपान कराते हुए श्रोताओं को खूब झुमाया। श्री राधा कृष्ण के जयकारा से पूरा वातावरण कृष्णमय एवं भक्तिमय बन गया। तत्पश्चात सामूहिक रूप से महाआरती की गयी। 

ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि संस्था द्वारा श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम श्री राधा कृष्ण मंदिर परिसर में आज अन्नपूर्णा महाप्रसाद एवं भजन संध्या में आज सुबह से ही श्रद्धालुओं का भीड़ लगा रहा। तथा भगवान श्री राधा कृष्ण मंदिर मे 5 हजार से भी अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किये। आज मंदिर में रांची के अलावे झारखंड के कई जिलों से आए सैकड़ो श्रद्धालुओं ने मंदिर का दर्शन किये। श्रद्धालुगण भव्य आकर्षक एवं अनूठा मंदिर को देखकर मंत्र मुग्ध होकर उत्साहित हो रहे थे। 

मौके पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, पूरणमल सर्राफ, सुरेश अग्रवाल, सुरेश भगत, विष्णु सोनी, संजय सर्राफ, पवन पोद्दार, धीरज गुप्ता, अशोक ठाकुर, आशीष कुमार,सत्यम कुमार,सुधीर कुमार, सुरज कुमार मुरली प्रसाद, हरीश कुमार, परमेश्वर साहू, महेश वर्मा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष उपस्थित थे। 

Published / 2025-09-27 21:13:53
धनबाद : इंदू आउटसोर्सिंग के प्रोजेक्ट आफिसर पर गोलीबारी

धनबाद में दिनदहाड़े गोलीबारी से हड़कंप, कंपनी के अधिकारी पर बदमाशों ने की फायरिंग 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। झारखंड का धनबाद शहर शनिवार (27 सितंबर) सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने एक कंपनी के प्रोजेक्ट आफिसर गोपाल रेड्डी की कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें गोपाल रेड्डी को गोली लगी और उन्हें आनन फानन में धनबाद स्थित अशर्फी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है। 

बताया जा रहा है कि प्रोजेक्ट आफिसर गोपाल रेड्डी नवरात्र को लेकर आॅफिसर जाने से पहले मुनीडीह काली मंदिर दर्शन के लिए गये थे। मंदिर से निकलते ही जैसे उनकी कार आगे बढ़ी अज्ञात बाइक सवार अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। घटना मुनीडीह थाना क्षेत्र के डीएवी स्कूल रोड स्थित काली मंदिर के पास की बताई जा रही है। 

मुनीडीह काली मंदिर के पास चार रास्ते हैं। घटना के बाद अपराधी किस तरफ फरार हुआ, इसकी जानकारी पुलिस को नहीं मिल पा रही है। सुबह का वक्त होने के कारण लोग भी काफी कम थे। बताया जाता है कि हाल के दिनों में ही गोपाल रेड्डी ने एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट के रूप में इंदू आउटसोर्सिंग में योगदान दिया है। 

पूरे इलाके में फैल गई है सनसनी 

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी लॉ एंड आर्डर नौशाद आलम मौके पर पहुंचे और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी। दुर्गा पूजा को लेकर जहां लोगों में उत्साह है वहीं दिन दहाड़े हुई इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस जहां अपराधियों की धरपकड़ के लिए तलाश में जुट गई है तो वहीं आम लोग कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

दिन दहाड़े हुई इस गोलीबारी की घटना पर धनबाद के डीएसपी लॉ एंड आॅर्डर नौशाद आलम ने बताया कि सुबह 9:30 के करीब यह घटना हुई है। फिलहाल प्रोजेक्ट आफिसर गोपाल रेड्डी का इलाज चल रहा है। इस घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Published / 2025-09-27 21:12:11
झारखंड : 12 को मोरहाबादी से उलगुलान करेंगे कुड़मी

कुड़मी का एसटी मांग के विरोध में 12 अक्तूबर को मोरहाबादी मैदान से उलगुलान, आदिवासी संगठन का एलान 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड में कुडमी समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) सूची में शामिल करने की मांग के खिलाफ आदिवासी संगठनों का विरोध तेज हो गया है। केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की ने सिरमटोली सरना स्थल पर आयोजित बैठक में केंद्र सरकार को चेतावनी दी कि यदि कुडमी को एसटी दर्जा दिया गया तो आदिवासी समाज के सामने अस्तित्व का संकट खड़ा हो जाएगा और उन्हें झारखंड छोड़ना पड़ सकता है। 

आदिवासी हक और संस्कृति पर खतरा अजय तिर्की ने कहा कि कुडमी की मांग आदिवासी समाज के हक और अधिकारों पर हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासियों की परंपरा और संस्कृति को मिटाने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। 

वहीं आदिवासी नेता ग्लैडसन डुंगडुंग ने ऐतिहासिक तथ्य पेश करते हुए कहा कि कुडमी 17वीं सदी में बिहार से झारखंड आए थे और 1872 से 1931 तक अलग वर्ग में दर्ज थे। उन्होंने दावा किया कि टीआरआई की रिपोर्ट को केंद्र सरकार पहले ही खारिज कर चुकी है। डुंगडुंग ने कुडमी समुदाय पर आदिवासी स्वशासन और पेसा कानून को कमजोर करने का भी आरोप लगाया।  

5 अक्तूबर की रैली स्थगित, 12 अक्तूबर को शक्ति प्रदर्शन 

केंद्रीय सरना समिति के नेता रूपचंद तिर्की ने बताया कि पर्व-त्योहारों के कारण 5 अक्तूबर को प्रस्तावित रैली स्थगित कर दी गई है। अब यह महारैली 12 अक्तूबर को रांची के मोरहाबादी मैदान में होगी, जहां आदिवासी समाज संवैधानिक तथ्यों के साथ अपनी ताकत का प्रदर्शन करेगा। 

कुडमी समाज को संवैधानिक तरीके से मांग रखने की सलाह बाहा लिंडा ने कुडमी समुदाय से मर्यादित बयानबाजी करने और अपनी मांग को संवैधानिक तरीके से रखने की अपील की। 

उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केंद्र सरकार से है और देश व राज्य को बचाने की जिम्मेदारी भी केंद्र के पास है। बैठक में प्रकाश हंस, मुन्ना मिंज, सचिन कच्छप, निरज कुमार सोरेन, बबलु उरांव, सुरज टोप्पो, मुन्ना उरांव सहित कई आदिवासी नेता मौजूद थे।

Published / 2025-09-27 21:10:02
रांची : 2500 से अधिक पुलिसकर्मी संभालेंगे शहर की सुरक्षा व्यवस्था

रांची में दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 2500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात 

टीम एबीएन, रांची। जिले में बीते शुक्रवार से सभी बड़े पंडाल श्रद्धालुओं के लिए खोल दिये गये हैं, जहां बड़ी संख्या में भक्त-जन उमड़ रहे हैं। इस भीड़ को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये हैं, ताकि पर्व शांति और सुरक्षा के साथ मनाया जा सके। 

इस बार दुर्गा पूजा के दौरान कुल मिलाकर लगभग 2500 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किये गये हैं। इनमें जिला पुलिस के साथ-साथ जैप, रैप, सीआरपीएफ और रैफ भी शामिल हैं। हर पंडाल और आसपास के इलाकों में पुरुष और महिला पुलिसकर्मी तैनात हैं, जो मनचलों, उचक्कों और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रख रहे हैं। 

सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी ऐसे संदिग्धों को तुरंत पहचानकर पकड़ेंगे। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा टीमों को लगाया गया है। शाम के बाद भी पुलिस चौक-चौराहों और मैदानों मंत सतत गश्त करेगी। शहर के सुनसान इलाकों में भी पेट्रोलिंग जारी रहेगी, ताकि कहीं भी किसी श्रद्धालु को परेशानी न हो। 

रांची एसएसपी राकेश रंजन स्वयं सड़कों पर पेट्रोलिंग कर रहे हैं और पीसीआर टीमों को दिशा-निर्देश दे रहे हैं। श्रीरंजन ने थानों को स्पष्ट आदेश दिया है कि दुर्गा पूजा के दौरान माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। राजधानी के प्रमुख पंडालों के आस-पास आसमान से ड्रोन निगरानी भी की जाएगी, ताकि किसी भी असामाजिक गतिविधि पर नजर रखी जा सके।

सभी डीएसपी और थानेदारों को भी विशेष निर्देश दिए गए हैं कि वे सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह सख्त बनाएं। वहीं एसएसपी राकेश रंजन ने कहा, दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सोशल मीडिया और असामाजिक तत्वों पर हमारी पैनी नजर रहेगी। माहौल बिगाड़ने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जायेगा।

Published / 2025-09-27 21:09:04
रांची : धुर्वा में धूमधाम से होगा रावण दहन

रांची के एचईसी धुर्वा में धूमधाम से होगा विजयादशमी रावण दहन समारोह, सीएम हेमंत सहित कई नेता होंगे शामिल 

टीम एबीएन, रांची। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं विजयादशमी रावण दहन समिति के मुख्य संरक्षक आलोक कुमार दुबे ने बताया कि इस वर्ष भी परंपरा के अनुसार 2 अक्टूबर को शालीमार बाजार, एचईसी धुर्वा में भव्य विजयादशमी रावण दहन समारोह आयोजित होगा। 

यह समारोह 1968 से निरंतर चल रहा है और झारखंड एवं रांची का सबसे पुराना रावण दहन मंच है, जिसमें हर साल लाखों की संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। इस महत्वपूर्ण आयोजन में रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन कर असत्य, अहंकार एवं अन्याय पर सत्य और धर्म की विजय का संदेश दिया जाता है। दूबे ने बताया कि यह आयोजन धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक एकता का प्रतीक है। 

उन्होंने कहा कि रावण दहन समारोह में आयोजित आतिशबाजी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन की भव्यता को और बढ़ा देते हैं। समिति के अध्यक्ष संजीत यादव और पदाधिकारियों ने झारखंड सरकार की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पा नेहा तिर्की एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी से मुलाकात कर उन्हें रावण दहन समारोह में आमंत्रित किया। 

दोनों मंत्रियों ने कार्यक्रम में शामिल होने की सहमति दी है। इसके अलावा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, मंत्री दीपिका पांडे सिंह और लोहरदगा विधायक डॉ रामेश्वर उरांव सहित कई विशिष्ट अतिथियों को भी समारोह में आमंत्रित किया जा रहा है। दूबे ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन सुविधाओं को पूर्ण रूप से सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। 

उन्होंने बताया कि हालांकि बारिश का मौसम आयोजकों के लिए चुनौतीपूर्ण है, लेकिन प्रशासन और समिति के संयुक्त प्रयास से इस बार का रावण दहन समारोह और भी भव्य रूप से आयोजित होगा। सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति की ओर से 28 सितंबर को डोरंडा छप्पन सेट में मां दुर्गा का पट खोलने का पावन कार्य और पूजा पंडाल का उद्घाटन भी किया जायेगा। 

यह आयोजन भी श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना में भाग लेने के लिए आमंत्रित करता है। दूबे ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे परिवार सहित इस पवित्र अवसर पर शामिल होकर विजयादशमी के धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संदेश को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि यह त्यौहार असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है और इससे समाज में एकता और सछ्वावना बढ़ती है।

Published / 2025-09-27 09:35:45
सीएम हेमंत सोरेन ने किया दो पूजा पंडालों का उद्घाटन

  • CM ने पूजा पंडालों का किया अनावरण, मां दुर्गा से की राज्य की खुशहाली की प्रार्थना

टीम एबीएन, रांची। शारदीय नवरात्र के शुभ अवसर पर राजधानी रांची के दुर्गा पूजा पंडालों में भक्ति और आस्था का माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को रातु रोड स्थित आरआर स्पोर्टिंग क्लब के भव्य पंडाल का विधिवत् अनावरण किया।

इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा के दरबार में शीश नवाकर राज्यवासियों की सुख, समृद्धि, प्रगति और खुशहाली की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने हरमू स्थित पंच मंदिर दुर्गा पूजा समिति के पंडाल का भी अनावरण किया। यहां उन्होंने देवी दुर्गा के चरणों में मत्था टेककर समस्त झारखंडवासियों की उन्नति और मंगलकामना की।

दुर्गा पूजा पंडालों में लोगों की भीड़ उमड़ी रही और मुख्यमंत्री के साथ लोग भी मां दुर्गा की आराधना में शामिल हुए। आयोजन समितियों ने पंडालों को आकर्षक थीम और भव्य सजावट से सुसज्जित किया है, जिससे श्रद्धालुओं और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

Published / 2025-09-27 08:57:17
झारखंड : दो सड़क हादसे में छह की मौत

  • झारखंड में दो अलग-अलग सड़क हादसों में छह लोगों की मौत, तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

टीम एबीएन, रांची। झारखंड के ईस्ट सिंहभूम और गिरिडीह में शुक्रवार को दो सड़क हादसों में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह हादसे ईस्ट सिंहभूम के बहारागोरा और गिरिडीह के बड़किटंड में हुए।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार की सुबह ईस्ट सिंहभूम जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-18 पर झरिया मोड़ के पास कोलकाता से जमशेदपुर जा रही एक कार भारी वाहन के पिछले हिस्से से टकरा गई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। उनके शव को कुचल गई कार से बाहर निकाला गया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए घाटशिला उप-प्रभागीय अस्पताल भेजा गया।

गिरिडीह के एसपी विमल कुमार ने बताया कि गिरिडीह-धनबाद मुख्य मार्ग पर बड़किटंड जंगल के पास एक यात्री वाहन तेज रफ्तार ट्रक से टकरा गया, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा गया है। घायल लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

Published / 2025-09-26 20:38:36
सांसद संजय सेठ करेंगे गोंदा टाऊन के पूजा पंडाल का उद्घाटन

टीम एबीएन, रांची। श्री श्री दुर्गा पूजा समिति गोंदा टॉउन काँके रोड पूजा पंडाल पंचमी तिथि को भारत के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ जी के द्वारा  उद्धघाटन किया जाएगा इस बार समिति ने दिल्ली के लोटस टेंपल का प्रारूप बनाया है।

आज मंदिर प्रांगण में राज्यसभा सांसद आदित्य साहु के सांसद निधि से निर्मित सामुदायिक भवन का विधिवत पूजन के पूजा के भंडारे के लिए समिति के ट्रस्टी जयंत नाथ शाहदेव, सचिव राजेश रजक, अध्यक्ष नकुल तिर्की, नीतीश प्रियदर्शी, जयेश शाहदेव की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।

जिसमें पूजा कमिटी के रमेन्द्र कुमार, विश्वनाथ सरकार, रमेश सिंह , राजीव वर्मा , राजू रजक, सहित समिति के सभी सदस्यों के साथ साथ क्षेत्र के भक्त उपस्थित हुए।

Page 245 of 1689

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse