टीम एबीएन, रांची। झारखंड में आदिवासी और कुड़मी समुदाय के बीच तनातनी अब और तेज हो गयी है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर बयानबाजी और कानूनी कार्रवाई करके अपनी-अपनी बात मजबूती से रख रहे हैं। फिलहाल विवाद शांत होने का नाम नहीं ले रहा है।
रविवार को आदिवासी समाज की प्रमुख और पूर्व खो-खो खिलाड़ी ज्योत्सना करकेटा ने जेएलकेएम की नेत्री बेबी महतो पर एसटी थाना में मामला दर्ज करवाया। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में यह सिलसिला और बढ़ेगा तथा राज्य के हर जिले के एसटी थाने में इसी तरह के मुकदमे दर्ज कराये जायेंगे।
जेएलकेएम के प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र महतो ने आदिवासी पक्ष की आपत्ति पर सवाल उठाते हुए कहा कि हमारी मांग पूरी तरह संवैधानिक है। हम भारत सरकार से अपने हक की बात कर रहे हैं। इसमें आदिवासियों को क्यों तकलीफ हो रही है, यह समझ से बाहर है।
उन्होंने दावा किया कि कुर्मी समाज पहले से आदिवासी सूची में शामिल था, लेकिन केंद्र सरकार ने बाद में उन्हें गैर-सरकारी सूची में डाल दिया। हाल ही में कुर्मी समाज ने रेल रोको आंदोलन किया था, जिसे महतो ने पूरी तरह सफल बताया। उनका कहना है कि यह लड़ाई आरक्षण के लिए नहीं, बल्कि संरक्षण के लिए है।
इधर, आदिवासी मूलवासी बचाओ संघ के कार्यकारी अध्यक्ष सूरज टोप्पो ने स्पष्ट चेतावनी दी कि कुर्मियों को अनुसूचित जनजाति (एसटी) में शामिल करने की किसी भी कोशिश का जोरदार विरोध होगा। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज अपने आरक्षण और पहचान की रक्षा के लिए सड़क पर उतरेगा। टोप्पो ने घोषणा की कि जल्द ही उग्र आंदोलन की तैयारी पूरी कर ली जाएगी। साथ ही कुर्मी समाज से अपील की कि वे अपनी मांगें संवैधानिक दायरे में ही रखें।
कुर्मी समाज का दावा है कि वे पहले से ही आदिवासी सूची में थे, लेकिन उन्हें बाहर कर दिया गया। वे केंद्र सरकार से फिर से एसटी में शामिल करने की मांग कर रहे हैं। वहीं आदिवासी समाज का मानना है कि यदि कुर्मी समुदाय को एसटी सूची में शामिल किया गया तो उनका आरक्षण और अधिकार प्रभावित होगा।
झारखंड की राजनीति में यह विवाद अब बड़ा मुद्दा बन चुका है। कुर्मी समाज जहां आंदोलन तेज करने की रणनीति बना रहा है, वहीं आदिवासी समाज भी आरक्षण बचाओ के नारे के साथ सड़क पर उतरने को तैयार है। दोनों पक्षों के बीच यह संघर्ष आने वाले दिनों में राज्य के सामाजिक और राजनीतिक माहौल को और गरमा सकता है।
टीम एबीएन, रांची। झारखंड की राजधानी रांची में दुर्गा पूजा को लेकर बीते रविवार को एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर रांची पुलिस और केंद्रीय बलों ने शहर के सभी संवेदनशील इलाकों में एक साथ फ्लैग मार्च किया। इसका मकसद न केवल सुरक्षा का परिचय देना था, बल्कि समाज में एकता, भाईचारे और धार्मिक सहिष्णुता का संदेश भी देना था।
फ्लैग मार्च अल्बर्ट एक्का चौक से शुरू होकर मेन रोड होते हुए कर्बला चौक तक पहुंचा। इसके बाद कर्बला चौक से चर्च रोड, काली मंदिर रोड होते हुए उन सभी जगहों से पुलिस का काफिला गुजरा जहां पहले कभी सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बनी थी।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने रुककर थानेदारों को सुरक्षा के लिए जरूरी निर्देश दिये और आसपास के इलाकों की व्यवस्था का भी जायजा लिया। जिला प्रशासन ने जनता से साफ संदेश दिया कि दुर्गा पूजा प्रेम, शक्ति और संस्कृति का पर्व है, जो सभी धर्मों और समुदायों में सौहार्द बढ़ाने का अवसर है। किसी भी हाल में यदि कोई व्यक्ति सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जायेगी।
सुरक्षा के मद्देनजर पूरे शहर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशील इलाकों में निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन और कंट्रोल रूम सक्रिय रखा गया है ताकि किसी भी असामाजिक गतिविधि पर तुरंत नियंत्रण पाया जा सके।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें, शांति बनाये रखें और त्योहार को मिलकर मनायें। प्रशासन ने यह भी कहा कि दुर्गा पूजा केवल देवी की शक्ति की आराधना ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, प्रेम और मानवता का भी उत्सव है। इसलिए हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह त्योहार को सम्मान और सुरक्षा के साथ मनायें।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, बोकारो। झारखंड में भारतीय इस्पात प्राधिकार लिमिटेड (सेल) की इकाई बोकारो स्टील प्लांट के एसएमएस-2 सेक्शन में हॉट मेटल चार्जिंग के दौरान बड़ा हादसा हो गया। इस दौरान 3 कर्मचारियों पर भारी मात्रा में हॉट मेटल गिर गया, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गये।
प्लांट के संचार प्रमुख मणिकांत धान ने बताया कि बोकारो स्टील प्लांट के एसएमएस -2 विभाग के मिक्सर से क्रेन द्वारा कन्वर्टर में चार्ज करने के लिए लैडल में मेटल ले जाने के दौरान संभवत: किसी मैकेनिकल फॉल्ट के कारण लैडल से कुछ गर्म मेटल छलक कर जमीन पर गिर गया जिसकी वजह से पास में काम कर रहे 3 ठेका कर्मी को बर्न इंजूरी हुई।
तीनों ठेका कर्मियों को तुरंत बोकारो जनरल अस्पताल ले जाया गया और उनका उपचार वरीय चिकित्सक की देख -रेख में शुरू कर दिया गया। प्रबंधन ठेका कर्मियों के सर्वोत्तम इलाज के लिए प्रयासरत है।
टीम एबीएन, रांची। दिनांक 28 सितंबर को राष्ट्रीय आह्वान के तहत फोरम आफ सिविल पेंशनर्स एसोसिएशन झारखंड की प्रेस वार्ता बीएस एन एल यूनियन कार्यालय, टेलीफोन एक्सचेंज,रांची में आयोजित की गयी।
पेंशन अधिनियम में ड्राकोनियन संशोधन एवं 8वें केंद्रीय वेतन आयोग के गठन में अप्रत्याशित विलंब को लेकर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों विशेष कर साधन कुमार सिन्हा, एम जेड खान, विजय पासवान, विनोद कुमार और शिव सेवक पाठक आदि ने प्रेस को संबोधित करते हुए ये बातें कही।
चिंता व्यक्त करते हुए कहा गया कि इस अधिनियम को सांसद के माध्यम से निरस्त कराये जाने की जरूरत है क्योंकि इस अधिनियम के प्रभावी होने स 33 लाख से अधिक सिविल पेंशनर्स को 8वें वेतन आयोग के लाभ से वंचित कर दिया जाएगा।
इस अधिनियम को लेकर जुलाई से आंदोलन किया जा रहा है। पहले चरण में 24 जुलाई को शहीद चौक पर मानव श्रृंखला बनाई गई थी जिसमें केंद्रीय पेंशनर्स एसोसिएशन सहित बड़ी संख्या में बैंक,बी एस एन एल और राज्य सरकार के पेंशनर्स भी शामिल हुए।
दूसरे चरण में 25 अगस्त को राज्य स्तरीय कन्वेंशन का आयोजन किया गया जिसमें झारखंड के पेंशनर्स शामिल हुए और 2 सितंबर को राज्यपाल से भेंट कर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल द्वारा 2 सूत्री मांगों पर आधारित ज्ञापन सौंपा गया।
तीसरे चरण में माननीय सांसद संजय सेठ से एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल के द्वारा 13 सितंबर को भेंट कर ज्ञापन सौंपा गया। चौथे चरण में आज दिनांक 28 सितंबर को प्रेस वार्ता आयोजित की गई।
पांचवें और अंतिम चरण में दिल्ली में इन मुद्दों को लेकर जंतर मंतर पर 10 अक्तूबर को धरना दिया जाएगा जिसमें एम जेड खान राज्य सचिव के नेतृत्व में झारखंड से एक दर्जन प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। आज की प्रेस वार्ता में त्रिलोकी नाथ साहू, देवचरण साहू, नूर मोहम्मद, एस एस पाठक, सजन कुमार राम और बचनू साहू आदि उपस्थित थे।
टीम एबीएन, रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा 2 अक्टूबर, गुरुवार को विजयादशमी के पावन अवसर पर श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर, पुंदाग में भव्य देवी शक्ति अस्त्र-शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
इस पावन कार्यक्रम की जानकारी देते हुए ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एवं प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि 2 अक्टूबर विजयादशमी के दिन अपराह्न- 2 बजे मंदिर परिसर में विधिवत वैदिक मंत्रोच्चारण एवं पूजन-अर्चना के साथ शक्ति स्वरूपा देवी मां के विविध अस्त्र-शस्त्रों की आराधना की जायेगी।
पूजन उपरांत श्रद्धालुओं को प्रतीकात्मक रूप से 151 तलवारों का वितरण किया जाएगा, जो धर्म, साहस और सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश देगा। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर खिचड़ी भोग महाप्रसाद का भी आयोजन किया गया है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का अनुरोध किया है।
टीम एबीएन, रांची। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के स्थानीय सेवा केन्द्र चौधरी बगान, हरमू रोड में नवरात्रि के अवसर पर चैतन्य देवियों की झांकी सजाई गई एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित आदित्य मल्होत्रा, अध्यक्ष फेडरेशन झारखंड चेंबर आफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उदघाटन करते हुए कहा भटके हुए पथभ्रष्ट इंसान को देवियों ही सन्मार्ग पर लाती हैं।
आध्यात्मिक शिक्षा के द्वारा अभी आसुरी वृतियों का संहार, मानव का उद्धार व नवयुग के निर्माण का कार्य हो रहा है। विश्व की गली सड़ी व्यवस्था में आतंकवाद के भयानक कीटाणु पैदा हो गये हैं व मानवीय सृष्टि की कहानी पाटाक्षेप पर पहुंची लगती है। पूजा अग्रवाल, अध्यक्ष मारवाड़ी युवा मंच समर्पण शाखा ने कहा नारी शक्ति अबला नहीं, बल्कि शिव शक्ति है, विकारों से तप्त धरती को हरा भरा करने वाली है।
तेजी से बदलते हुए वर्तमान समय की और इशारा करते हुए उन्होंने कहा जैसे दुर्गा हर संकटकाल में सबकी रक्षक बनी, वैसे शिव से शक्ति लेकर दशावी दुर्गा समान तेजस्वी बन उग्रवाद, आतंकवाद व हिंसा से त्रस्त सृष्टि को नयी दिशा दें। रात्रि में देवियों का सुमिरन जागरण करना वास्तव में ज्ञान प्रकाश पाने के लिए उनको आवाहन करने की यादगार है।
अजय सिन्हा, चीफ मैनेजर सीएमपीडीआई ने कहा आज आवश्यकता इसी बात की है कि शाब्दिक स्तुति के साथ-साथ हम खुद से भी ज्ञानवान तेजस्वी व शक्तिवान बनें। भारत की पवित्र माताओं ब्रह्म कन्याओं ने अनेक प्रकार से आसुरीयता में डुबे जनमानस का कल्याण किया इसीलिए उनकी पूजा एक नहीं नों-नौ रूपों से हो रही है।
सुनील गुप्ता, पूर्व एजीएम एसबीआई ने कहा दुर्गा से शक्ति सभी मांगते हैं जो मन के अंदर बैठे रावण पर विजय पाने के लिए जरूरी है। भारत की अपनी जो भी समस्याएं हों लेकिन अनंत: इस देवभूमि से ही सभी को समाधान मिलेगा।
पूर्व प्रोफेसर कृष्ण कुमार दुबे ने कहा कि इस देवभूमि में सोलह हजार एक सौ आठ पूर्ण रुपेण समर्पित ब्रह्माकुमारी बहनों का काफिला विश्व भर में नैतिकता की मशाल जला रहा है जिनके अथक पुरूषार्थ से यह दुनियों शीघ्र बदलकर सुखमय बनेगी। इन शीतला देवियों की तपस्या आतंकवाद व हिंसा की गरजना को समाप्त करेगी।
एसबीआई के चीफ मैनेजर आलोक रंजन ने कहा कि जब तक हम अपने मन से दुर्गुणों रुपी रावण के दस सिरों का अन्त नहीं करेंगे मर्यादित रामराज्य नहीं आ सकता। आतंकवाद, उग्रवाद, हिंसा, ईर्ष्या-द्वेष व काम, क्रोध, मोह, लोभ अहंकार ही दस सिर है, जो बार-बार समाज के शरीर पर पनप जाते हैं।
डॉ वंदना राय समाजसेवी ज्ञान योग और अंखड ब्रह्मचार्य की दिव्य शक्ति की प्रचंड हुंकार से ही यह विश्व व्यापी रावण धराशायी होगा। रावण को इस मायानगरी पर राम का विजय ध्वज फहराने का समय अब निकट है।
सदाननंद जी डीएजीआई एजी आफिस ने कहा व्यवस्था के परिवर्तन को सहज रूप से पार करने के लिए अब राजयोग के प्रयोग से संस्कार परिवर्तन करना होगा। सतयुग में प्रवेश रुढ़ीवादी पुरातन पंथों से नहीं हो सकता। सद्भावना की सद्बहार से सतयुगी दुनिया शीघ्र आयेगी।
केंद्र संचालिका ब्रह्माकुमारी निर्मला बहन ने कहा एक बड़ी बिडम्बना की बात है कि आज लोग देवियों की भक्ति तो करते हैं, परंतु शक्ति प्राप्त नहीं करते। अचरज कोई और नहीं थे बल्कि दुर्गुणों से भरेपूर मानव ही थे। उन्होंने कहा पुण्य भूमि भारत में सतयुग और त्रेतायुग में देवी देवताओं का राज्य था। दुर्गुणों रूपी असुरों के द्वारा उस राज्य को छीनने पर ही शिव परमात्मा ने प्रजापिता ब्रह्मा कन्याओं को योग व ज्ञान की शक्ति दी है जिससे विकारों रूपी असुरों का संहार होगा। अब वह दिन दूर नहीं जब योगबल की आत्मिक विजय के सम्पन्न होते ही आसुरी शक्तियां परस्पर युद्धों से स्वयं को नष्ट करेगी व दैवी प्रकृति के लोग विजयी होंगे।
कार्यक्रम में मिट्टी की प्रतिमा की तरह भाव-भंगिमा प्रस्तुत करने वाली चेतन बहनों के दुर्गा की झांकी साथ-साथ जीती-जागती देवियों की झांकी ब्रह्माकुमारी चौधरी बागान, हरमू रोड ने प्रस्तुत की।
ज्ञातव्य हो कि चौधरी बागान, हरमू रोड में राजयोग का प्रशिक्षण प्रति दिन प्रात: 7:30 बजे से 11 बजे तक एवं संध्या 3:30 बजे से 7 बजे तक नि:शुल्क दिया जाता है। उक्त जानकारी प्रजापिता ब्रह्माकुमारी विवि की केन्द्र प्रशासिका ब्रह्माकुमारी निर्मला ने दी। उन्होंने कहा कि नया युग आध्यात्मिक युग होगा। पवित्रता ही सुख शांति की जननी हैं हर कीमत पर इसकी रक्षा करना अपना सर्वप्रथम कर्तव्य हैं।
टीम एबीएन, रांची। दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर रांची शहर में सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज, दिनांक 28 सितंबर 2025 को अनुमंडल पदाधिकारी (सदर), रांची, उत्कर्ष कुमार, पुलिस अधीक्षक (नगर), रांची, पारस राणा तथा पुलिस उपाधीक्षक (शहर), सदर ने रांची शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर फ्लैग मार्च निकाला।
इस फ्लैग मार्च का उद्देश्य त्योहार के दौरान शांति और सुरक्षा बनाये रखना, जनता में विश्वास जगाना, और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन की तैयारियों को प्रदर्शित करना था। फ्लैग मार्च के दौरान प्रमुख क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती और गश्त की समीक्षा की गयी।
अनुमंडल पदाधिकारी उत्कर्ष कुमार ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान रांची शहर में शांति और सौहार्द बनाये रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। हमारी टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं ताकि नागरिक सुरक्षित और निश्चिंत होकर त्योहार मना सकें।
पुलिस अधीक्षक (नगर) पारस राणा ने बताया कि शहर के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और चौक-चौराहों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपील की है ताकि दुर्गा पूजा का यह उत्सव शांति और उत्साह के साथ संपन्न हो।
टीम एबीएन, लोहरदगा। लोहरदगा संसदीय क्षेत्र के बिशनपुर, मांडर, मसमानो, बयासी, मनहो, टाकू इत्यादि गांवों के अनेक ग्रामीण आज लोहरदगा सांसद के आवास पहुंचकर सांसद से मिलकर सड़क, पुल, सरनाघेराव, धूमकुड़िया भवन का निर्माण, ट्रांसफार्मर, मैदान समतलीकरण, पेंशन जैसी अनेक समस्याओं से अवगत कराते हुए उसके निराकरण की मांग की।
मौके पर सांसद ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं का निदान करना उनकी पहली प्राथमिकता है। जनता जिस उम्मीद से उन्हें सांसद बनाया है उस उम्मीद पर खरा उतारने का काम करेंगे। अपने संसदीय क्षेत्र के अनेक समस्याओं को संसद में उठाया है।
सितंबर माह में दर्जनों जले ट्रांसफार्मर के स्थान पर नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया गया है। प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं को निदान किया जा रहा है। सांसद ने मौके पर अनेक ग्रामीणों की समस्याओं को निराकरण किये।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse