टीम एबीएन, रांची। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का विश्वकर्मा नगर के रविस्टील, झिरी और राधा नगर के संयुक्त बस्तियों में पथ संचलन कार्यक्रम संपन्न हुआ।
विजयादशमी से पूर्व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आज 02/10/2025 अक्टूबर के सायं पथ संचलन का आयोजन किया गया। मशालों और घोष की गूंज के साथ पूर्ण गणवेश में अनुशासित पंक्तियों में बढ़ते स्वयंसेवकों ने पूरे शहर में एकात्मभाव और संगठन का संदेश दिया।
पथ संचलन कमड़े आश्रम से निकल कर राँची डाल्टेनगंज मुख्य मार्ग होते हुए पंडरा कृषि बाजार से वापस होकर अपने निर्धारित स्थान कमड़े आश्रम में आकर समाप्त हुआ। भारी बारिश में भी पाँच किलोमीटर लंबे मार्ग से होते हुए पथ संचलन सम्पन्न हुआ।
नगर वासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भारत माता की जय, वंदे मातरम् बोलकर स्वयंसेवकों का स्वागत किया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तर पूर्व क्षेत्र कार्यकारणी सदस्य श्रीमान अजय जी ने उद्बोधन में कहा कि यह केवल संघ का शताब्दी वर्ष नहीं बल्कि संपूर्ण हिंदू समाज का शताब्दी वर्ष है। उन्होंने समाज को एकजुट होकर आगामी विजयादशमी उत्सवों में भाग लेने का आह्वान किया। उक्त जानकारी विश्वकर्मा नगर के नगर कार्यवाह रमेश चौबे ने दी।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, हजारीबाग। शहर से लगभग 15 किलोमीटर दूर पेलावल के पास स्थित छड़वा डैम का जलस्तर बारिश के कारण खतरे के निशान को पार कर गया है। अत्यधिक बारिश के कारण डैम का पानी ओवरफ्लो हो रहा है।
इतना ही नहीं डैम का फाटक भी क्षतिग्रस्त हो गया है। जिस कारण भयावह स्थिति उत्पन्न हो गई है। वहीं स्थानीय लोगों की लापरवाही भी देखने को मिल रही है। लोग मछली पकड़ने के लिए सैकड़ों की संख्या में डैम के पास जुट गए हैं। स्थिति को देखते हुए प्रशासनिक टीम तैनात की गई है और लोगों को वहां से खदेड़ा जा रहा है।
डैम का जलस्तर पिछले दो दिनों के भारी बारिश के कारण खतरे के निशान को पार कर गया है। हजारीबाग में रुक-रुककर बारिश भी हो रही है। बीते दो दिनों में बारिश ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिया है। स्थिति यह है कि छड़वा डैम का पानी ओवरफ्लो हो रहा है। एक फाटक भी क्षतिग्रस्त हो गया है। जिसके कारण पानी का बहाव अत्यधिक तेज हो गया है।
आसपास के इलाकों में लोग दहशत में है। जलस्तर कम नहीं हुआ तो छड़वा डैम का अन्य फाटक भी क्षतिग्रस्त हो गया है। वहीं जिला प्रशासन की की टीम छड़वा डैम के आसपास तैनात की गई है और लोगों को सावधानी बरतने के लिए कहा गया है।
स्थान: टाटी सिल्वे,रांची, झारखंड
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, रांची महानगर (आरा बस्ती – विक्रमादित्य नगर) द्वारा संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर विजयदशमी उत्सव का आयोजन सरला बिरला विश्वविद्यालय परिसर, टाटीसिलवे में किया गया।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में संघ के विभाग प्रचारक मंटू जी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने की, वहीं नगर संघ चालक श्री शंकर प्रसाद साहू भी कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अपने उद्बोधन में श्री मंटू जी ने कहा कि संघ की यात्रा चार अवस्थाओं उपेक्षा, विरोध, सहयोग तथा अब सहभाग से गुजरकर शताब्दी वर्ष में प्रवेश कर चुकी है। यह सहभाग अब समाज के व्यापक स्तर पर सकारात्मक परिवर्तन लाएगा।
उन्होंने बताया कि आगामी 15-20 वर्षों तक संघ पांच प्रमुख विषयों पर विशेष कार्य करेगा:
1. सामाजिक समरसता
2. कुटुंब प्रबोधन
3. स्व (आत्मनिर्भरता, स्वदेशी सोच)
4. पर्यावरण संरक्षण
5. नागरिक कर्तव्यों की जागरूकता
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों, समाज के प्रबुद्ध जनों और क्षेत्रीय नागरिकों की उपस्थिति रही।
टीम एबीएन, रांची। राष्ट्रीय स्वयंसेवक रांची महानगर के श्रीराम नगर द्वारा संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर विजयदशमी उत्सव का आयोजन शास्त्री मैदान, चुटिया में किया गया।
मुख्य वक्ता नगर के पूर्व संघ चालक गिरधारी महतो ने अपने उद्बोधन में कहा कि संघ की यात्रा प्रभु श्रीराम के वनवास की तरह रही, जैसे राम ने वनवासियों को साथ लेकर लंका विजय प्राप्त की।
वैसे ही संघ ने समाज को साथ लेकर सनातन संस्कृति और हिन्दू समाज को अपना आधार माना है। उन्होंने कहा कि शताब्दी वर्ष में यह सहभाग समाज में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर संघ चालक श्री रामलखन जी ने की। बड़ी संख्या में स्वयंसेवक, प्रबुद्धजन और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
एबीएन सेंट्रल डेस्क। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत तमाम नेताओं ने आज गुरुवार को गांधी जयंती के अवसर पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। ये सभी लोग सुबह-सुबह राजघाट पहुंचे और श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर पीएम मोदी ने कहा कि राष्ट्रपिता के आदर्शों ने मानव इतिहास की दिशा बदल दी और वे भारत को प्रगति के पथ पर अग्रसर करते रहेंगे।
इससे पहले सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में, प्रधानमंत्री ने लिखा कि गांधीजी ने दिखाया कि कैसे साहस और सादगी महान परिवर्तन के साधन बन सकते हैं, उन्होंने लोगों को सशक्त बनाने के आवश्यक साधन के रूप में सेवा और करुणा की शक्ति में विश्वास पैदा किया।
उन्होंने आगे लिखा कि गांधी जयंती प्रिय बापू के असाधारण जीवन को श्रद्धांजलि देने का दिन है, जिनके आदर्शों ने मानव इतिहास की दिशा बदल दी। उन्होंने दिखाया कि कैसे साहस और सादगी महान परिवर्तन के साधन बन सकते हैं। वे सेवा और करुणा की शक्ति को लोगों को सशक्त बनाने के अनिवार्य साधन मानते थे। पोस्ट में लिखा कि हम एक विकसित भारत के निर्माण के अपने अभियान में उनके बताए मार्ग पर चलते रहेंगे।
एबीएन न्यूज नेटवर्क, इटखोरी। दुर्गा पूजा पर्व के शुभ अवसर पर ग्राम कटुवा (इटखोरी) में बिरहोर परिवार को मिठाई देकर सम्मानित किया गया।
इनमें शिक्षक सह समाजसेवी विशेश्वर यादव, डॉ. दुलार ठाकुर प्राचार्य, सन्यासी योग गुरु शंकराचार्य, समाजसेवी देव कुमार बाबू, डॉ. अनिल सिंह प्रोफ़ेसर समेत कई अन्य लोग उपस्थित थे।
मौके पर शिक्षक श्री यादव ने कहा कि जरूरतमंदों की मदद कर के अनंत खुशी मिलती है।
एबीएन न्यूज नेटवर्क हुसैनाबाद। पलामू जिला के हुसैनाबाद उत्तरी क्षेत्र के जिप सदस्य एसपी मेहता उर्फ राजू कुमार मेहता ने उत्तरी जिप क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों का भ्रमण कर माँ दुर्गा की आराधना की। उन्होंने बेलबीघा पंचायत, दंगवार, बराही धाम, देवरी कला और देवरी खुर्द पंचायत के सोनपुरवा एवं बलिविगहा में स्थापित प्रतिमाओं के समक्ष माथा टेककर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
इस दौरान जिप सदस्य ने कहा कि सभी पंचायत प्रतिनिधि, पंसस और मुखिया आपसी भाईचारे और एकता के साथ कदम से कदम मिलाकर जनता की सेवा करें। साथ ही उन्होंने विजयादशमी की शुभकामनाएँ भी क्षेत्रवासियों को दीं।
देवरी खुर्द पंचायत अंतर्गत सोनपुरवा और बलिविगहा में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों का उद्घाटन जिप सदस्य राजू मेहता, मुखिया ममता देवी, देवरी कला के पंसस अजित सिंह व देवरी ओपी प्रभारी बबलू कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। यहाँ पर नाटक मंचन के माध्यम से सांस्कृतिक माहौल देखने को मिला।
मौके पर दंगवार के मुखिया अमरेंद्र ठाकुर, बेलबिगहा की मुखिया अनंती देवी, उदय यादव, राजकुमार, धर्मेंद्र मेहता, रामराज मेहता, विनय मेहता, राकेश मेहता, सुदामा मेहता, प्रभात कुमार, मोहन मेहता, सेंडर मेहता, सतेंद्र मेहता, विकास चौधरी, संजय गुप्ता, विनोद चौधरी, राजेंद्र चौधरी, विजय चौधरी, संदीप चौधरी, दीपक चौधरी, रविंद्र पासवान समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
टीम एबीएन, रांची। राजधानी रांची में पुलिस सुरक्षा को चुनौती देते हुए कुछ लोगों ने एक रिसॉर्ट में जमकर फायरिंग की, यह घटना रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित एक रिसॉर्ट में हुई, जहां एक महिला जिला परिषद सदस्य के पति और उसके दोस्तों ने हर्ष फायरिंग कर दहशत फैला दी।
रांची के नगड़ी इलाके में हर्ष फायरिंग का मामला सामने आया है, जिला परिषद सदस्य के पति ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर तीन लाइसेंसी हथियारों से हर्ष फायरिंग की।
फायरिंग से आसपास के लोग दहशत में आ गए, इसी बीच किसी ने नगड़ी पुलिस को सूचना दी। नगड़ी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न केवल फायरिंग में इस्तेमाल किए गए तीन हथियारों को जब्त कर लिया, बल्कि इसमें शामिल चार लोगों को भी हिरासत में लिया।
रांची ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि पूरी घटना हर्ष फायरिंग से जुड़ी हुआ है, कुछ लोगों ने रिसॉर्ट को पार्टी के लिए बुक किया था। इसी बीच, मंगलवार देर रात बजरंग महतो और उसके तीन साथियों ने लाइसेंसी हथियारों से फायरिंग की।
घटना की सूचना मिलते ही नगड़ी थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और चारों को हिरासत में ले लिया, फायरिंग में इस्तेमाल किया गया हथियार भी जब्त कर लिया गया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse